रचना समय’ की इस प्रस्तुति में वरिष्ठ आलोचक प्रोफ़ेसर रवि रंजन द्वारा रघुवीर सहाय की ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ कविता का पाठ-विश्लेषण प्रकाशित किया जा रहा है। आलेख में कविता को लोकतंत्र, सत्ता, भाषा और स्मृति के परस्पर संबंधों के काव्यात्मक पाठ के रूप में देखते हुए यह विश्लेषण इस कविता को उसके तत्कालीन राजनीतिक सन्दर्भों से आगे ले जाकर भारतीय लोकतांत्रिक जीवन की सत्ता-संरचनाओं, संस्थागत संवेदनहीनता, भाषा के क्षरण और स्मृति की राजनीति के विविध प्रसंग में पढ़ता है। विभिन्न वैचारिक दृष्टियों से संवाद करते हुए लिखित इस आलोचना में कविता को किसी एक आलोचनात्मक सिद्धांत तक महदूद करने के बजाय उसके भीतर सक्रिय मानवीय और नैतिक बेचैनी को केंद्र में रखा गया है।

इस अर्थ में प्रोफ़ेसर रवि रंजन का यह आलेख रघुवीर सहाय की इस कविता के एक महत्त्वपूर्ण पुनर्पाठ के साथ-साथ हमारे वर्तमान सार्वजनिक जीवन की आलोचनात्मक पड़ताल भी है।

-हरि भटनागर 

 

‘आत्महत्या के विरुद्ध’: भारतीय लोकतंत्र, सत्ता और स्मृति का काव्यात्मक समाजशास्त्र  :  रवि रंजन

  

      रघुवीर सहाय की ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ समकालीन हिन्दी कविता की उन चुनिन्दा रचनाओं में एक है, जो अपने समय का केवल कलात्मक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं करती, बल्कि उसके सामाजिक, राजनीतिक और नैतिक अंतर्विरोधों की बहुस्तरीय व्याख्या भी करती है। यह कविता किसी एक घटना, विचारधारा या ऐतिहासिक क्षण की प्रतिक्रिया नहीं है; यह स्वतंत्रता-प्राप्त भारत में लोकतांत्रिक जीवन की उस जटिल संरचना का काव्यात्मक प्रतिलेख है, जिसमें सत्ता, भाषा, संस्थाएँ, मीडिया, संस्कृति, स्मृति और साधारण मनुष्य के अनुभव एक-दूसरे में गुंथे हुए दिखाई देते हैं। इसीलिए ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ को केवल एक राजनीतिक कविता या व्यवस्था-विरोधी वक्तव्य मानना उसके व्यापक अर्थ-संसार को सीमित कर देना होगा। यह कविता उस सामाजिक यथार्थ की खोज करती है जहाँ लोकतंत्र की संस्थाएँ मौजूद हैं, पर नागरिक की आवाज़ क्षीण होती जाती है; सार्वजनिक भाषा जीवित है, पर उसका नैतिक आशय रिक्त होता जाता है; स्मृतियाँ निर्मित होती हैं, पर मनुष्य विस्मृत होता जाता है।

इस कविता को ‘काव्यात्मक समाजशास्त्र’ की संज्ञा देना उपयुक्त प्रतीत होता है। वजह यह कि समाजशास्त्र सामान्यतः सामाजिक संरचना, सामाजिक संस्था, सामाजिक संबंध और व्यवहार का विश्लेषण करता है, जबकि कविता अनुभव, संवेदना और भाषा के माध्यम से उन्हीं संरचनाओं के भीतर छिपे हुए मानवीय अर्थों को उद्घाटित करती है। रेजिना हीविट (Regina Hewitt) की पुस्तक ‘द पॉसिबिलिटीज़ ऑफ़ सोसाइटी: पोएटिक सोशियोलॉजी’ (The Possibilities of Society: Poetic Sociology, 1997) के हवाले से यह बात और स्पष्ट रूप से कही जा सकती है। अपनी इस पुस्तक में वे समाजशास्त्र की  सीमा को रेखांकित करती हुई तर्क देती हैं कि ‘काव्यात्मक समाजशास्त्र’ (Poetic Sociology) रूपकों (Metaphors), आख्यानात्मक कहानियों (Narratives), और काव्यात्मक संवेदनशीलता को एक अध्ययन-पद्धति के रूप में अपनाता है। इसके माध्यम से सामाजिक जीवन और मानवीय अनुभवों का कहीं अधिक सूक्ष्म और गहरा अध्ययन संभव हो पाता है। दूसरे शब्दों में, समाजशास्त्र जहाँ समाज के केवल बाह्य ढांचे और तथ्यात्मक स्वरूप को मापता है, वहीं ‘काव्यात्मक समाजशास्त्र’ समाज के भीतर निहित मानवीय संवेदनाओं, आत्मीय बोध और अर्थ-निर्माण (Meaning & Feelings) की प्रक्रियाओं को समझने की एक संवेदनशील कोशिश है।

रघुवीर सहाय की यह कविता इन दोनों क्षेत्रों के बीच एक सृजनात्मक सेतु का निर्माण करती है। वह समाजशास्त्र की तरह आधुनिक भारतीय समाज की संस्थाओं, सत्ता-संबंधों, वर्गीय विभाजनों, सांस्कृतिक वर्चस्व, सार्वजनिक क्षेत्र और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की पड़ताल करती है, किन्तु उसका उपकरण आँकड़े या सिद्धांत नहीं, बल्कि काव्यात्मक अनुभव है। यहाँ समाजशास्त्रीय सत्य संवेदना के माध्यम से उद्घाटित होता है और कविता सामाजिक यथार्थ को उसके सबसे सूक्ष्म मानवीय रूप में अभिव्यक्त करती है।

इस कविता में आए अस्पताल, विश्वविद्यालय, अकादमी, नगरनिगम, समाचारपत्र, आकाशवाणी, संपादकीय, प्रशासन और राजनीतिक मंच केवल संस्थाएँ नहीं हैं; वे आधुनिक भारतीय लोकतंत्र की सामाजिक संरचना के सक्रिय घटक हैं। इन्हीं संस्थाओं के बीच साधारण नागरिक का जीवन घटित होता है और इन्हीं के भीतर उसकी उपस्थिति धीरे-धीरे अदृश्य भी होती जाती है। कविता इस अदृश्यता को सिर्फ़ राजनीतिक विफलता के रूप में नहीं देखती; वह इसे एक गहरे सामाजिक और सांस्कृतिक संकट के रूप में पहचानती है। इसलिए उसका सरोकार सत्ता के परिवर्तन से अधिक उस सामाजिक संवेदना की पुनर्स्थापना से है जिसके बिना कोई भी लोकतांत्रिक व्यवस्था केवल औपचारिक संरचना बनकर रह जाती है।

रघुवीर सहाय की रचना-दृष्टि की एक बड़ी विशेषता यह है कि वे समाज को सतह के ऊपर से नहीं, भीतर से पढ़ते हैं। वे इतिहास के बड़े आख्यानों के बजाय साधारण मनुष्य के जीवन में छिपे हुए सामाजिक सत्य को खोजते हैं। उनकी कविता बार-बार उन चेहरों की ओर लौटती है जिन्हें सार्वजनिक जीवन भूल चुका है—हताश लड़का, रामलाल, मज़दूर, मिस्त्री, बच्चा, कस्बे का नागरिक। ये पात्र केवल करुणा के विषय नहीं हैं; ये आधुनिक भारतीय समाज की वास्तविक सामाजिक संरचना के प्रतिनिधि हैं। इन्हीं के माध्यम से कविता यह सवाल उठाती है कि लोकतंत्र की संस्थाएँ वास्तव में किसके लिए कार्य करती हैं, सार्वजनिक भाषा किसकी आवाज़ बनती है और इतिहास किन लोगों को याद रखता है।

‘आत्महत्या के विरुद्ध’ का एक विशिष्ट पक्ष यह भी है कि इसमें समाज का विश्लेषण किसी एक आलोचनात्मक पद्धति तक सीमित नहीं रहता। सत्ता का प्रश्न भाषा से जुड़ता है, भाषा स्मृति से, स्मृति नैतिकता से, नैतिकता लोकतंत्र से, लोकतंत्र मीडिया से और मीडिया संस्कृति से। इस प्रकार कविता आधुनिक समाज के विविध आयामों को एक समग्र अनुभव के रूप में प्रस्तुत करती है। यही कारण है कि इसे मार्क्सवादी आलोचना, सत्ता-विमर्श, अस्तित्ववाद, नैतिक दर्शन, स्मृति अध्ययन, समाजशास्त्र, लोकतंत्र-विमर्श, मनोविश्लेषण, सबाल्टर्न अध्ययन, सांस्कृतिक अध्ययन, उत्तर-औपनिवेशिक दृष्टि और मीडिया अध्ययन जैसे अनेक आलोचनात्मक नज़रिए  से पढ़ा जा सकता है। इन सभी दृष्टियों के बावजूद कविता किसी सिद्धांत का उदाहरण बनकर नहीं रह जाती; वह अपने स्वतंत्र काव्यात्मक सत्य को बनाए रखती है।

प्रस्तुत आलेख का उद्देश्य ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ कविता का इसी व्यापक परिप्रेक्ष्य में पुनर्पाठ है। यहाँ कविता का विश्लेषण केवल उसके वैचारिक प्रतिपाद्य तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि यह समझने का प्रयास किया गया है कि रघुवीर सहाय किस प्रकार काव्य-भाषा के माध्यम से आधुनिक भारतीय लोकतंत्र के समाजशास्त्र की रचना करते हैं। यह समाजशास्त्र संस्थाओं का उतना नहीं, जितना मनुष्यता का समाजशास्त्र है; सत्ता का उतना नहीं, जितना उसके भीतर दबे हुए नागरिक का; इतिहास का उतना नहीं, जितना विस्मृति का; और राजनीति का उतना नहीं, जितना नैतिक उत्तरदायित्व का । इस दृष्टि से ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ केवल अपने समय का काव्यात्मक दस्तावेज़ नहीं है, बल्कि भारतीय लोकतंत्र के सामाजिक आत्मालोचन का एक दुर्लभ काव्यात्मक प्रतिरूप भी है, जो आज भी उतनी ही तीव्रता के साथ हमारे सार्वजनिक जीवन, हमारी भाषा और हमारी सामूहिक संवेदना से प्रश्न करता है।

कविता का मूलपाठ प्रस्तुत है :

आत्महत्या के विरुद्ध

समय आ गया है जब तब कहता है संपादकीय

हर बार दस बरस पहले मैं कह चुका होता हूँ कि समय आ गया है।

एक ग़रीबी, ऊबी, पीली, रोशनी, बीवी

रोशनी, धुंध, जाला, यमन, हरमुनियम अदृश्य

डब्बाबंद शोर

गाती गला भींच आकाशवाणी

अंत में टडंग।

 

अकादमी की महापरिषद की अनंत बैठक

अदबदाकर निश्चित कर देती है जब कुछ और नहीं पाती

तो ऊब का स्तर

एक सीली उँगली का निशान डाल दस्तख़त कर

तले हुए नाश्ते की तेलौस मेज़ पर।

नगरनिगम ने त्योहार जो मनाया तो जनसभा की

मंथर मटकता मंत्री मुसद्दीलाल महंत मंच पर चढ़ा

छाती पर जनता की

वसंती रंग जानते थे न पंसारी न मुसद्दीलाल

दोनों ने राय दी

कंधे से कंधा भिड़ा ले चलो

पालकी।

कल से ज़्यादा लोग पास मँडराते हैं

ज़रूरत से ज़्यादा आस-पास ज़रूरत से ज़्यादा नीरोग

शक से कि व्यर्थ है जो मैं कर रहा हूँ

क्योंकि जो कह रहा हूँ उसमें अर्थ है।

 

कल मैंने उसे देखा लाख चेहरों में एक वह चेहरा

कुढ़ता हुआ और उलझा हुआ वह उदास कितना बोदा

वही था नाटक का मुख्य पात्र

पर उसकी ठस पीठ पर मैं हाथ रख न सका

वह बहुत चिकनी थी।

लौट आओ फिर उसी खाते-पीते स्वर्ग में

पिटे हुए नेता, पिटे अनुचर बुलाते हैं

मार फड़फड़ाते हैं पंख साल दो साल गले बँधी घंटियाँ

पढ़ी-लिखी गर्दनें बजाती हैं फिर उड़ जाता है विचार

हम रह जाते हैं अधेड़

कुछ होगा कुछ होगा अगर मैं बोलूँगा

न टूटे न टूटे तिलिस्म सत्ता का मेरे अंदर एक कायर टूटेगा टूट

मेरे मन टूट एक बार सही तरह

अच्छी तरह टूट मत झूठमूठ ऊब मत रूठ

मत डूब सिर्फ टूट जैसे कि परसों के बाद

वह आया बैठ गया आदतन एक बहस छेड़कर

गया एकाएक बाहर ज़ोरों से एक नक़ली दरवाज़ा

भेड़कर

दर्द दर्द मैंने कहा क्या अब नहीं होगा

हर दिन मनुष्य से एक दर्जा नीचे रहने का दर्द

गरजा मुस्टंडा विचारक—समय आ गया है

कि रामलाल कुचला हुआ पाँव जो घसीटकर

चलता है अर्थहीन हो जाए।

छुओ

मेरे बच्चे का मुँह

गाल नहीं जैसा विज्ञापन में छपा

ओंठ नहीं

मुँह

पता चला जान का शोर डर कोई लगा

नहीं—बोला मेरा भाई मुझे पाँव-तले

रौंदकर, अंग्रेज़ी।

 

कितना आसान है पागल हो जाना

और भी जब उस पर इनाम मिलता है।

नक़ली दरवाज़े पीटते हैं जवान हाथों को

काम सर को आराम मिलता है : दूर

राजधानी से कोई कस्बा दुपहर बाद छटपटाता है

एक फटा कोट एक हिलती चौकी एक लालटेन

दोनों, बाप मिस्तरी, और बीस बरस का नरेन

दोनों पहले से जानते हैं पेंच की मरी हुई चूड़ियाँ

नेहरू-युग के औज़ारों को मुसद्दीलाल की सबसे बड़ी देन

अस्पताल में मरीज़ छोड़कर आ नहीं सकता तीमारदार

दूसरे दिन कौन बताएगा कि वह कहाँ गया

निष्कासित होते हुए मैंने उसे देखा था

जयपुर-अधिवेशन जब समेटा जा रहा था

जो मजूर लगे हुए थे कुर्सी ढोने में

उन्होंने देखा एक कोने में बैठा है

अजय अपमानित

वह उसे छोड़ गए

कुर्सी को

सन्नाटा छा गया

कितना आसान है नाम लिखा लेना

मरते मनुष्य के बारे में क्या करूँ क्या करूँ मरते मनुष्य का

अंतरंग परिषद से पूछकर तय करना कितना

आसान है कितनी दिलचस्प है नेहरू की

आशंसा पाटिल की भर्त्सना की कथा

कितनी घुटन के अंदर घुटन के

अंदर घुटन से कितनी सहज मुक्ति

कितना आसान है रख लेना अपने पास अपना वोट

क्योंकि प्रतिद्वंद्वी अयोग्य है

अत्याचारी हत्या किए जाए जब तक कि स्वर्णधूलि

स्वर्णशिखर से आकर आत्मा के स्वर्णखंड

किए जाए

गोल शब्दकोश में अमोल बोल तुतलाते

भीमकाय भाषाविद हाँफते डकारते हँकाते

अँगरेज़ी की अवध्य गाय

घंटा घनघनाते पुजारी जयजयकार

सरकार से क़रार ज़ारी हज़ार शब्द रोज़

क़ैद

रोज़ रोज़ एक और दर्द एक क्रोध एक बोध

और नापैद

कल पैदा करना होगा भूखी पीढ़ी को

आज जो अनाज पेट भरता है

लो हम चले यह रक्खे हैं उर्वरक संबंधी

कुछ विचार

मुन्न से बोले विनोबा से जैनेंद्र दिल्ली में बहुत बड़ी लपसी

पकाई गई युद्ध से बदहवास

जनता के लिए लड़ो या न लड़ो

भारत पाकिस्तान अलग-अलग करो

फिर मरो कढ़िल कर

भूल जाओ

राजनीति

अध्यापक याद करो किसके आदमी हो तुम

याद करो विद्यार्थी तुम्हें आदमी से

एक दर्जा नीचे

किसका आदमी बनना है—दर्द?

दर्द, ख़ैराती अस्पताल में डॉक्टर ने कहा वह मेरा काम नहीं

वह मुसद्दी का है

वहीं भेजता है मुझे लिखकर इसे अच्छा करो

जो तुम बीमार हो तुमने उसे ख़ुश नहीं किया होगा

अब तुम बीमार हो तो उसे ख़ुश करो

कुछ करो

उसने कहा लोहिया से लोहिया ने कहा

कुछ करो

ख़ुश हुआ वह चला गया अस्पताल में भीड़

भौचक भीड़ धाँय धाँय

सौ हज़ार लाख दर्द आठ-दस क्रोध

तीन चार बंद बाज़ार भय भगदड़ गर्द

लाल

छाँह धूप छाँह, नहीं घोड़े बंदूक़

धुआँ ख़ून ख़त्म चीख़

कर हम जानते नहीं

हम क्या बनाते हैं

जब हम दफ़नाते हैं

एक हताश लड़के की लाश बार-बार

एक बेबसी

थोड़ी-सी मिटती है

फिर करने लगती है भाँय-भाँय

समय जो गया है उसके सन्नाटे में राष्ट्रपति

प्रकटे देते हुए सीख समाचारपत्र में छपी

दुधमुँही बच्ची खाती हुई भीख

खिसियाते कुलपति

मुसद्दीलाल

घिघियाते उपकुलपति

एक शब्द कहीं नहीं कि वह लड़का कौन था

क्या उसके बहनें थीं

क्या उसने रक्खे थे टीन के बक्से में अपने अजूबे

वह कौन-कौन से पकवान

खाता था

एक शब्द कहीं नहीं एक वह शब्द जो वह खोज

रहा था जब वह मारा गया।

सन्नाटा छा गया

चिट्ठी लिखते-लिखते छुटकी ने पूछा

‘क्या दो बार लिख सकते हैं कि याद

आती है?’

‘एक बार मामी की एक बार मामा की?’

‘नहीं, दोनों बार मामी की’

‘लिख सकती हो ज़रूर बेटी’, मैंने कहा

समय आ गया है।

दस बरस बाद फिर पदारूढ़ होते ही

नेतराम, पदमुक्त होते ही न्यायाधीश

कहता है—समय आ गया है—

मौका अच्छा देखकर प्रधानमंत्री

पिटा हुआ दलपति अख़बारों से

सुंदर नौजवानों से कहता है गाता बजाता

हारा हुआ देश।

समय जो गया है

मेरे तलुवे से छनकर पाताल में

वह जानता हूँ मैं।

  -रघुवीर सहाय

 

‘आत्महत्या के विरुद्ध’ हिन्दी कविता में उस नैतिक बेचैनी का कवित्वपूर्ण दस्तावेज़ है जहाँ आत्महत्या का सवाल किसी अकेले व्यक्ति की मनोदशा  का सवाल नहीं रह जाता, बल्कि पूरे सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक जीवन की विफलताओं का रूपक बन जाता है। कविता का शीर्षक इस अर्थ में विडम्बना का बोध पैदा करता है। यहाँ कवि किसी उपदेशात्मक मुद्रा में आत्महत्या के विरुद्ध खड़ा नहीं है, बल्कि उन परिस्थितियों के विरुद्ध खड़ा है जो मनुष्य को धीरे-धीरे आत्मिक मृत्यु की ओर धकेल देती हैं। कविता का असली प्रतिपक्ष मृत्यु नहीं, बल्कि वह व्यवस्था है जो मनुष्य की संवेदना, उसकी भाषा, उसके श्रम, उसकी स्मृति और उसके प्रतिरोध की क्षमता का लगातार क्षरण करती रहती है।

कविता की शुरुआती पंक्तियाँ—“समय आ गया है जब तब कहता है संपादकीय / हर बार दस बरस पहले मैं कह चुका होता हूँ कि समय आ गया है”—पूरे पाठ का वैचारिक स्वर निर्धारित करती हैं। ‘समय आ गया है जैसे वाक्यांश सार्वजनिक जीवन की घिसी हुई नैतिक घोषणा बन चुके हैं। संपादकीय, नेता, बुद्धिजीवी और संस्थाएँ हर संकट के समय यही वाक्य दोहराती हैं, पर उनके भीतर कोई वास्तविक ऐतिहासिक चेतना नहीं होती। कवि कहता है कि जो बात आज सार्वजनिक घोषणाओं में कही जा रही है, उसे वह बहुत पहले महसूस कर चुका था। यहाँ कवि इतिहास की उस संवेदनात्मक गति की ओर संकेत करता है जिसे संस्थाएँ हमेशा देर से पहचानती हैं। भाषा और अनुभव के बीच यही दूरी पूरी कविता में बार-बार उभरती है।

इसके बाद कविता अचानक कई बिखरे हुए शब्दों की शृंखला में प्रवेश करती है—“एक ग़रीबी, ऊबी, पीली, रोशनी, बीवी / रोशनी, धुंध, जाला, यमन, हरमुनियम अदृश्य / डब्बाबंद शोर…”। यह दृश्य पहली नज़र में असंगत लगता है, किन्तु यही असंगति आधुनिक जीवन की संरचना है। वस्तुएँ, भावनाएँ, संगीत, घरेलू जीवन, मीडिया और कृत्रिम शोर एक-दूसरे में उलझ गए हैं। डब्बाबंद शोर रेडियो और जनसंचार माध्यमों का ऐसा रूपक है जहाँ जीवन की वास्तविक ध्वनियाँ गायब हैं और उनकी जगह तैयारशुदा ध्वनियाँ ले चुकी हैं। “गाती गला भींच आकाशवाणी” में गला भींच अभिव्यक्ति का अर्थ केवल प्रसारण की यांत्रिकता नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति का दमन भी है। आकाशवाणी गा रही है, किन्तु उसका गला दबा हुआ है। इस तरह आवाज़ मौजूद है, स्वर नहीं।

कविता में अकादमी की बैठक, महापरिषद, दस्तख़त, तली हुई मेज़, नगरनिगम, मंत्री और मंच जैसे प्रसंग केवल संस्थागत जीवन का ब्यौरा नहीं हैं। ये उस नौकरशाही और सांस्कृतिक सत्ता का चेहरा हैं जो रचनात्मकता को फ़ाइलों और प्रस्तावों में बदल देती है। “ऊब का स्तर” निर्धारित करने वाली अकादमी एक तीखा व्यंग्य है। जो संस्थाएँ संस्कृति की रक्षा के लिए बनी थीं, वे ऊब का प्रशासन करने लगी हैं। “सीली उँगली का निशान” और “तेलौस मेज़” जैसे बिंब संस्थाओं के नैतिक क्षय को दृश्य रूप देते हैं। यहाँ कविता किसी विचारधारा का नारा नहीं देती; वह वस्तुओं के वर्णन से व्यवस्था की आत्मा को उजागर करती है।

मुसद्दीलाल’ कविता का केंद्रीय चरित्र है। यह कोई एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सत्ता, अवसरवाद और औसत दर्जे की राजनीतिक मानसिकता का प्रतीक है। वह बार-बार अलग-अलग प्रसंगों में लौटता है। कभी मंत्री के रूप में, कभी अस्पताल के संदर्भ में, कभी भाषा, शिक्षा और प्रशासन के बीच। उसका नाम ही व्यंग्यपूर्ण है। उसमें कोई वीरता या करिश्मा नहीं; वह सत्ता का साधारण कर्मचारी है, किन्तु उसी साधारणता में व्यवस्था की वास्तविक शक्ति छिपी हुई है। कविता यह दिखाती है कि इतिहास केवल बड़े नेताओं से नहीं बनता; छोटे-छोटे प्रशासकीय चरित्र भी समाज की नियति निर्धारित करते हैं।

कल से ज़्यादा लोग पास मँडराते हैं… / शक से कि व्यर्थ है जो मैं कर रहा हूँ / क्योंकि जो कह रहा हूँ उसमें अर्थ है”—ये पंक्तियाँ कवि की सामाजिक स्थिति को उद्घाटित करती हैं। यहाँ एक विचित्र उलटबाँसी है। लोग इसलिए संशय करते हैं कि कविता में अर्थ है। अर्थ स्वयं संदेह का कारण बन गया है। ऐसी व्यवस्था में निरर्थकता स्वीकार्य है, सार्थकता संदिग्ध। यह आधुनिक सार्वजनिक जीवन की गहरी आलोचना है जहाँ विचार को ख़तरे की वस्तु समझा जाने लगता है।

कविता में लाख चेहरों में एक वह चेहरा बार-बार लौटने वाले सामान्य मनुष्य का चेहरा है। वह उदास है, उलझा हुआ है, “नाटक का मुख्य पात्र” है, लेकिन उसकी पीठ इतनी चिकनी है कि कवि उस पर हाथ नहीं रख पाता। यहाँ चिकनाहट दूरी का रूपक है। मनुष्य और मनुष्य के बीच आत्मीय स्पर्श की संभावना समाप्त हो रही है। आधुनिक जीवन में लोग एक-दूसरे के इतने निकट हैं कि आत्मीय नहीं रह गए। यह दृश्य सामाजिक अलगाव का मार्मिक चित्र बन जाता है।

कविता का एक निर्णायक क्षण है—“न टूटे न टूटे तिलिस्म सत्ता का / मेरे अंदर एक कायर टूटेगा ।” यहाँ प्रतिरोध का आरम्भ बाहर नहीं, भीतर से होता है। कवि सत्ता के तत्काल पतन की घोषणा नहीं करता। वह पहले अपने भीतर बैठे भय, समझौते और कायरता को तोड़ना चाहता है। “मेरे मन टूट एक बार सही तरह” में आत्मविनाश नहीं, आत्मशुद्धि की आकांक्षा है। कविता का शीर्षक भी इसी बिंदु पर अपना गहरा अर्थ ग्रहण करता है। आत्महत्या के विरुद्ध होना पहले भीतर के कायर की मृत्यु स्वीकार करना है, अपने जीवित विवेक को बचाना है।

हर दिन मनुष्य से एक दर्जा नीचे रहने का दर्द”—यह पूरी कविता की केंद्रीय अनुभूति में से एक है। यह केवल आर्थिक शोषण का वर्णन नहीं है। यहाँ मनुष्य की गरिमा का लगातार अवमूल्यन हो रहा है। नागरिक, विद्यार्थी, अध्यापक, मरीज़, मज़दूर—सभी किसी-न-किसी रूप में मनुष्य होने से नीचे धकेले जा रहे हैं। मनुष्य की जगह भूमिका बची है, व्यक्ति की जगह पद, और जीवन की जगह व्यवस्था।

कवि बार-बार बच्चे की ओर लौटता है—“छुओ / मेरे बच्चे का मुँह / गाल नहीं… / मुँह। विज्ञापन की कृत्रिम दुनिया में बच्चे का चेहरा भी बाज़ार की वस्तु बन गया है। कवि कहता है कि उसके गाल या होंठ नहीं, उसका मुँह छुओ। यानी उसकी वास्तविक उपस्थिति को पहचानो। विज्ञापन मनुष्य का बाहरी रूप बेचता है, कविता उसके जीवित अस्तित्व को बचाती है।

कितना आसान है पागल हो जाना / और भी जब उस पर इनाम मिलता है। यह पंक्ति सामाजिक विडम्बना का तीखा बयान है। यहाँ पागलपन सिर्फ़ मानसिक अवस्था नहीं; व्यवस्था के अनुकूल हो जाना भी एक प्रकार का पागलपन है। जब विवेक छोड़ देने पर पुरस्कार मिलने लगें, तब समझदार बने रहना कठिन हो जाता है। कविता में नक़ली दरवाज़े, जवान हाथ, राजधानी से दूर कस्बा, फटा कोट, लालटेन, मिस्त्री और नेहरू-युग के औज़ार—ये सभी विकास की उस कहानी पर प्रश्नचिह्न हैं जो काग़ज़ पर तो आगे बढ़ती है, ज़मीन पर नहीं।

अस्पताल, विश्वविद्यालय और अधिवेशन के प्रसंग एक साझा नैतिक विफलता की ओर संकेत करते हैं। निष्कासित व्यक्ति, अपमानित अजय, कुर्सियाँ ढोते मज़दूर और सन्नाटा—ये सब मिलकर बताते हैं कि संस्थाएँ मनुष्य को नहीं, प्रक्रिया को बचाती हैं। “उन्होंने देखा… वह उसे छोड़ गए / कुर्सी को में व्यंग्य और करुणा साथ-साथ उपस्थित हैं। कुर्सी मनुष्य से अधिक सुरक्षित है।

कविता में भाषा का प्रश्न भी लगातार उपस्थित रहता है। “अँगरेज़ी की अवध्य गाय”,हज़ार शब्द रोज़ क़ैद” और “भीमकाय भाषाविद” जैसी पंक्तियाँ भाषा की राजनीति को सामने लाती हैं। भाषा यहाँ केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं, सत्ता का औज़ार है। शब्दकोश में शब्द सुरक्षित हैं, जीवन में उनका अर्थ समाप्त हो रहा है। भाषाविद शब्दों को बचा रहे हैं, मनुष्य की आवाज़ नहीं। इसीलिए कविता बार-बार अर्थ, शब्द और मौन के रिश्ते पर लौटती है।

दर्द, ख़ैराती अस्पताल में डॉक्टर ने कहा वह मेरा काम नहीं / वह मुसद्दी का है”—यहाँ प्रशासनिक अमानवीयता अपने सबसे नग्न रूप में दिखाई देती है। बीमारी चिकित्सा का विषय नहीं रह जाती; वह सत्ता-संबंधों का हिस्सा बन जाती है। डॉक्टर, नेता, विचारक और कार्यकर्ता सभी ‘कुछ करो कहते हैं, किन्तु कोई उस मनुष्य तक नहीं पहुँचता जो सचमुच पीड़ा में है। यह ‘कुछ करो एक खोखला नारा बन जाता है।

कविता का सबसे करुण प्रसंग उस हताश लड़के की लाश है। कवि उसकी मृत्यु का विवरण नहीं देता। वह यह पूछता है कि वह लड़का कौन था, उसकी बहनें थीं या नहीं, उसके टीन के बक्से में क्या रखा था, उसे कौन-से पकवान पसंद थे, वह कौन-सा शब्द खोज रहा था। यही सवाल कविता की नैतिक ऊँचाई निर्मित करते हैं। समाचारपत्र मृत्यु को सूचना बना देता है; कविता उसे जीवन लौटाती है। वह व्यक्ति की जीवनी, उसकी स्मृतियों और उसकी अपूर्ण इच्छाओं को फिर से सामने लाती है। किसी मनुष्य को समझना उसके मरने के कारण जान लेना नहीं, उसके जीने के तरीक़े को समझना है।

अंतिम दृश्य में छुटकी का प्रश्न—“क्या दो बार लिख सकते हैं कि याद आती है?”—पूरी कविता का भावात्मक प्रतिपक्ष रचता है। सार्वजनिक जीवन की निर्ममता के बीच एक बच्ची भाषा में प्रेम की पुनरावृत्ति चाहती है। “दोनों बार मामी की”—यह आग्रह भाषा की आत्मीयता को पुनर्स्थापित करता है। जहाँ राजनीतिक भाषा झूठ से भर गई है, वहाँ बच्चे की भाषा अभी भी विश्वास से भरी हुई है। कवि का उत्तर—“लिख सकती हो ज़रूर बेटी”—मानवीय संबंधों की पुनर्प्राप्ति का क्षण है।

इसके बाद फिर वही वाक्य लौटता है—“समय आ गया है।” किन्तु अब उसका अर्थ बदल चुका है। पहले यह सत्ता और संपादकीय का खोखला उद्घोष था; अब यह कवि की नैतिक पुकार है। अंत में “समय जो गया है / मेरे तलुवे से छनकर पाताल में / वह जानता हूँ मैं”—इन पंक्तियों में समय का अनुभव ऐतिहासिक भी है और देहगत भी। समय केवल कैलेंडर में नहीं बीतता; वह मनुष्य के शरीर, स्मृति और विवेक से होकर गुजरता है। ‘तलुवे से छनकर का बिंब इस अनुभव को मूर्त बना देता है। समय को पैरों के नीचे महसूस करने वाला कवि इतिहास का दर्शक नहीं, उसका यात्री है।

इस कविता का शिल्प भी उतना ही अर्थवान है जितना उसका कथ्य। इसमें कोलाज, विखंडित वाक्य, संवाद, नारे, समाचार, निजी आत्मालाप, व्यंग्य, करुणा और स्मृति एक-दूसरे में घुलते रहते हैं। कविता किसी रैखिक आख्यान का पालन नहीं करती, क्योंकि जिस समाज को वह व्यक्त करती है, उसकी संरचना भी खंडित है। रघुवीर सहाय इस विखंडन को शैलीगत प्रयोग भर नहीं बनाते; वे उसे आधुनिक भारतीय जीवन की संवेदनात्मक संरचना के रूप में प्रस्तुत करते हैं।

इस प्रकार ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ किसी एक व्यक्ति को मृत्यु से रोकने वाली कविता नहीं, बल्कि मनुष्य की चेतना, उसकी भाषा, उसकी करुणा और उसके प्रतिरोध को जीवित रखने का काव्यात्मक प्रयत्न है। यह कविता बताती है कि आत्महत्या का विरोध केवल जीवन का समर्थन नहीं, बल्कि उन सामाजिक व्यवस्थाओं का प्रतिरोध भी है जो मनुष्य को धीरे-धीरे अपने ही अस्तित्व से निर्वासित कर देती हैं। रघुवीर सहाय का आग्रह यही है कि मनुष्य अपने भीतर के भय, समझौते और जड़ता को तोड़े, क्योंकि वही टूटन जीवन की ओर लौटने की पहली शर्त है।

इस कविता की ख़ासियत यह है कि यह केवल राजनीतिक व्यंग्य या सामाजिक आलोचना के बजाय आधुनिक भारतीय समाज के नैतिक, सांस्कृतिक, भाषिक, मनोवैज्ञानिक और अस्तित्वगत संकट का बहुस्तरीय दस्तावेज़ है। इसलिए इस पर अनेक आलोचनात्मक और सामाजिक-दार्शनिक नज़रिए से गहराई के साथ विचार करना ज़रूरी है। अगर रेमंड विलियम्स की ‘अनुभूति की संरचना’, ग्राम्शी के प्रभुत्व-सिद्धांत, फूको के सत्ता-विमर्श, कामू के  अस्तित्ववाद, लेविनास के नैतिक दर्शन, हाल्बवैक्स और रिकोर के स्मृति-विमर्श, बोरदियू के सांकेतिक हिंसा-सिद्धांत, हाबर्मास के सार्वजनिक क्षेत्र, स्पिवाक के सबाल्टर्न विमर्श तथा भारतीय काव्यशास्त्र के ध्वनि-सिद्धांत आदि के मद्देनज़र इस कविता पर विचार करें तो यह सिर्फ़ राजनीतिक व्यंग्य नहीं रह जाती, बल्कि आधुनिक भारतीय समाज की नैतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक आलोचना के रूप में सामने आती है। कहने की ज़रूरत नहीं है कि इनमें कई दृष्टियाँ एक-दूसरे की पूरक हैं ।

‘आत्महत्या के विरुद्ध’ को मार्क्सवादी आलोचना के नज़रिए से पढ़ने पर स्पष्ट होता है कि यह कविता किसी एक राजनीतिक व्यवस्था की आलोचना नहीं करती, बल्कि उस समूची सामाजिक संरचना को उद्घाटित करती है जिसमें राज्य, संस्कृति, भाषा, ज्ञान, मीडिया और लोकतांत्रिक संस्थाएँ मिलकर प्रभुत्व का ऐसा तंत्र निर्मित करती हैं, जिसके भीतर मनुष्य धीरे-धीरे अपनी ऐतिहासिक चेतना, नैतिक स्वतंत्रता और प्रतिरोध की क्षमता खोने लगता है। यह कविता वर्ग-संबंधों की प्रत्यक्ष चर्चा कम करती है, किन्तु उन वैचारिक प्रक्रियाओं को उजागर करती है जिनके बिना किसी भी वर्गीय प्रभुत्व का स्थायित्व संभव नहीं होता। इस अर्थ में यह कविता आर्थिक आधार (Base) से अधिक अधिरचना (Superstructure) के भीतर सक्रिय सत्ता-तंत्रों का विश्लेषण करती है और यहीं इसकी वैचारिक गहराई निहित है।

कविता की शुरुआत ही सार्वजनिक भाषा की आलोचना से होती है—“समय आ गया है जब तब कहता है संपादकीय / हर बार दस बरस पहले मैं कह चुका होता हूँ कि समय आ गया है।” यहाँ ‘संपादकीय’ केवल समाचारपत्र का लेख नहीं है; वह वैचारिक उत्पादन का माध्यम है। मार्क्स ने ‘जर्मन विचारधारा’ में कहा था कि प्रत्येक युग के प्रभुत्वशाली विचार, प्रभुत्वशाली वर्ग के विचार होते हैं। रघुवीर सहाय इस प्रक्रिया को भारतीय लोकतांत्रिक संदर्भ में पहचानते हैं। ‘समय आ गया है जैसे वाक्य सत्ता की भाषा में नैतिकता का आभास उत्पन्न करते हैं, जबकि वे वास्तविक परिवर्तन को टालने का उपकरण बन जाते हैं। संपादकीय की भाषा जनता को सक्रिय नहीं करती; वह उसे प्रतीक्षा में रखती है। कवि इसलिए कहता है कि जिस समय का उद्घोष आज संस्थाएँ कर रही हैं, उसकी अनुभूति वह बहुत पहले कर चुका था। यहाँ कवि की संवेदना इतिहास की आधिकारिक भाषा से आगे चलती है।

जॉर्ज लुकाच ने आधुनिक पूँजीवादी समाज की एक केंद्रीय विशेषता ‘वस्तुकरण’ (Reification) को माना था।उनके अनुसार ‘वस्तुकरण’ का अर्थ केवल वस्तुओं का बाज़ार में बिकना नहीं है; इसका अर्थ यह भी है कि मनुष्य स्वयं वस्तु की तरह व्यवहार करने लगता है और सामाजिक संबंध यांत्रिक हो जाते हैं। कविता में यह वस्तुकरण कई रूपों में मौजूद है। “डब्बाबंद शोर”, “गाती गला भींच आकाशवाणी”, “ऊब का स्तर”, “सीली उँगली का निशान”,तेलौस मेज़—ये सभी बिंब बताते हैं कि जिन्दगी की हलचल प्रशासनिक, यांत्रिक और बाज़ारू संरचनाओं में बदल चुकी है। ध्वनि अब अनुभव नहीं, उत्पाद है; संस्कृति अब सृजन नहीं, प्रबंधन है; हस्ताक्षर अब नैतिक निर्णय नहीं, प्रशासनिक औपचारिकता हैं। मनुष्य की चेतना धीरे-धीरे वस्तुओं की चेतना में बदल रही है।

लुकाच ने यह भी कहा था कि वस्तुकरण मनुष्य को सामाजिक समग्रता (Totality) से काट देता है। रघुवीर सहाय की कविता इसी टूटन को अनेक बिखरे हुए दृश्यों के माध्यम से व्यक्त करती है। कविता का विखंडित शिल्प सिर्फ़ शैलीगत प्रयोग नहीं है। यह उस सामाजिक यथार्थ का कलात्मक रूप है जिसमें व्यक्ति अपनी जीवन-स्थितियों के समग्र अर्थ को पहचानने में असमर्थ होता जा रहा है। पाठक को एक साथ अकादमी, नगरनिगम, अस्पताल, विश्वविद्यालय, रेडियो, मंत्री, समाचारपत्र, बच्चा, मज़दूर और आत्महत्या के प्रसंग दिखाई देते हैं। पहली नजर में वे असंबद्ध प्रतीत होते हैं, पर मार्क्सवादी अर्थ में वे एक ही सामाजिक संरचना के विभिन्न आयाम हैं। कविता पाठक को इस समग्रता की पहचान करने के लिए विवश करती है।

एंतोनियो ग्राम्शी की प्रभुत्व (Hegemony) की अवधारणा इस कविता को समझने की सबसे उपयोगी कुंजी है। ग्राम्शी के अनुसार शासक वर्ग केवल दमन के बल पर शासन नहीं करता; वह सहमति (Consent) का निर्माण भी करता है। यह सहमति शिक्षा, धर्म, मीडिया, संस्कृति, साहित्य और बौद्धिक संस्थाओं के माध्यम से निर्मित होती है। कविता में बार-बार आने वाली संस्थाएँ—अकादमी, महापरिषद, नगरनिगम, विश्वविद्यालय, समाचारपत्र, आकाशवाणी—इसी सांस्कृतिक प्रभुत्व की संस्थाएँ हैं। वे जनता पर प्रत्यक्ष हिंसा नहीं करतीं; वे जनता की चेतना का निर्माण करती हैं।

अकादमी की महापरिषद की अनंत बैठक / … ऊब का स्तर” जैसी पंक्तियाँ इसी प्रभुत्व का व्यंग्यात्मक चित्र हैं। अकादमी रचनात्मकता का संरक्षण करने के बजाय ऊब का प्रशासन कर रही है। संस्कृति जीवित अनुभव का क्षेत्र न रहकर संस्थागत प्रक्रिया बन गई है। ग्राम्शी ने पारंपरिक बुद्धिजीवियों और जैविक बुद्धिजीवियों (Organic Intellectuals) में फ़र्क किया है। कविता में मौजूद अकादमिक संरचना पारंपरिक बुद्धिजीवियों की उस दुनिया का प्रतिनिधित्व करती है जो जनता से कट चुकी है। इसके विपरीत कवि स्वयं एक जैविक बुद्धिजीवी की भूमिका निभाता है। वह सत्ता की भाषा नहीं बोलता, बल्कि उस अनुभव को शब्द देता है जिसे प्रभुत्वशाली संस्थाएँ दबा देती हैं।

‘मुसद्दीलाल’ इसी प्रभुत्व का प्रतिनिधि चरित्र है। वह किसी विशेष राजनीतिक दल का नेता नहीं, बल्कि राज्य की संरचना के भीतर उपस्थित औसत, अवसरवादी और आत्मसंतुष्ट प्रशासक का प्रतीक है। उसकी शक्ति उसके औसत वैचारिक स्तर में है। वह किसी बड़ी वैचारिक बहस का पात्र नहीं; वह रोज़मर्रा के प्रशासनिक जीवन का सामान्य चेहरा है। ग्राम्शी के शब्दों में प्रभुत्व की वास्तविक सफलता इसी सामान्यीकरण में होती है। जब अन्याय सामान्य लगने लगे, जब औसतपन ही प्रशासनिक दक्षता समझा जाने लगे, तब प्रभुत्व अपनी सबसे स्थायी अवस्था प्राप्त कर लेता है।

लुई अल्थूसर की ‘विचारधारात्मक राज्य-उपकरण’ या ‘आइडियोलोजिकल स्टेट अपरेटस’ (Ideological State Apparatuses) की अवधारणा इस कविता के संस्थागत संसार को और अधिक स्पष्ट करती है। अल्थूसर ने बताया था कि राज्य केवल पुलिस, सेना और न्यायालय जैसे दमनकारी उपकरणों से नहीं चलता; वह विद्यालय, परिवार, मीडिया, धर्म, संस्कृति और साहित्य जैसी वैचारिक संस्थाओं के माध्यम से नागरिकों का निर्माण करता है। कविता में इन संस्थाओं की लगभग पूरी शृंखला उपस्थित है। विद्यालय और विश्वविद्यालय विद्यार्थियों और अध्यापकों को मनुष्य नहीं, किसी ‘का आदमी’ बनने की शिक्षा देते हैं—“अध्यापक याद करो किसके आदमी हो तुम / याद करो विद्यार्थी तुम्हें आदमी से / एक दर्जा नीचे / किसका आदमी बनना है। यह पंक्ति अल्थूसर की ‘वैचारिक ग्रहणशीलता’ (Interpellation) की अवधारणा को मूर्त रूप देती है। व्यक्ति स्वतंत्र नागरिक के रूप में नहीं, बल्कि सत्ता द्वारा पुकारे गए ‘विषय’ (Subject) के रूप में निर्मित होता है।

अस्पताल भी चिकित्सा का स्थल न रहकर प्रशासनिक तंत्र का हिस्सा बन जाता है—“डॉक्टर ने कहा वह मेरा काम नहीं / वह मुसद्दी का है। यहाँ चिकित्सा का निर्णय चिकित्सकीय नहीं, राजनीतिक है। विश्वविद्यालय ज्ञान का केंद्र न रहकर पदानुक्रम का केंद्र बन जाता है। समाचारपत्र मृत्यु को सूचना में बदल देता है। आकाशवाणी स्वर को नियंत्रित करती है। भाषा का शब्दकोश शब्दों को जीवित रखने के बजाय उन्हें क़ैद करता है। अल्थूसर के अनुसार वैचारिक राज्य-उपकरण व्यक्ति को इस प्रकार प्रशिक्षित करते हैं कि वह प्रभुत्वशाली व्यवस्था को स्वाभाविक मानने लगे। कविता बार-बार इस समान्यीकरण को तोड़ती है।

कविता में मीडिया का चित्रण विशेष ध्यान देने योग्य है। गाती गला भींच आकाशवाणी”, “संपादकीय, “समाचारपत्र में छपी दुधमुँही बच्ची खाती हुई भीख, और अंत में हताश लड़के के बारे में एक शब्द तक न होना—ये सभी प्रसंग बताते हैं कि सूचना और सत्य एक ही चीज़ नहीं हैं। मीडिया कुछ  को दृश्य बनाता है और कुछ को अदृश्य। समाचारपत्र उस लड़के की मृत्यु की ख़बर दे सकता है, किन्तु उसके जीवन का अर्थ नहीं बता सकता। कविता पूछती है—क्या उसकी बहनें थीं? क्या उसने टीन के बक्से में अपने अजूबे रखे थे? उसे कौन-से पकवान पसंद थे? वह कौन-सा शब्द खोज रहा था? ये सवाल इतिहास की वैकल्पिक पद्धति निर्मित करते हैं। मार्क्सवादी सांस्कृतिक आलोचना के लिए यह बिंदु निर्णायक है, क्योंकि इतिहास केवल घटनाओं से नहीं, मनुष्यों के अनुभवों से बनता है।

यहीं रेमंड विलियम्स की ‘अनुभूति की संरचना’ (Structure of Feeling) की अवधारणा विशेष रूप से प्रासंगिक हो जाती है। विलियम्स का मानना था कि प्रत्येक ऐतिहासिक काल में कुछ ऐसी अनुभूतियाँ, बेचैनियाँ, आकांक्षाएँ और तनाव उपस्थित रहते हैं जिन्हें औपचारिक संस्थाएँ अभी भाषा नहीं दे पातीं। वे साहित्य और कला में पहले प्रकट होते हैं। ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ कविता ऐसी ही सामाजिक अनुभूति का जीवंत दस्तावेज़ है। कविता में कोई एक केंद्रीय घटना नहीं है, फिर भी हर दृश्य के भीतर एक व्यापक असंतोष, घुटन, अपमान और नैतिक थकान का अनुभव मौजूद है। यही वह ‘अनुभूति की संरचना’ है जिसे सांख्यिकीय आँकड़े, सरकारी रिपोर्टें और राजनीतिक घोषणाएँ कभी दर्ज नहीं कर सकतीं।

हर दिन मनुष्य से एक दर्जा नीचे रहने का दर्द इस अनुभूति की सबसे सघन अभिव्यक्ति है। यह केवल आर्थिक शोषण का बयान नहीं है। यहाँ मनुष्य अपनी गरिमा से वंचित हो रहा है। लोकतंत्र मौजूद है, चुनाव मौजूद हैं, संस्थाएँ मौजूद हैं, किन्तु मनुष्य अपने ही समाज में क्रमशः कम मनुष्य होता जा रहा है। विलियम्स के अनुसार साहित्य ऐसी ही ऐतिहासिक संवेदनाओं को पकड़ता है जिन्हें अभी विचारधारा की स्पष्ट भाषा प्राप्त नहीं हुई होती। रघुवीर सहाय का कवि इन्हीं अस्पष्ट लेकिन तीव्र अनुभूतियों को वाणी देता है ।

कितना आसान है पागल हो जाना / और भी जब उस पर इनाम मिलता है”—यह काव्यपंक्ति प्रभुत्व की मनोवैज्ञानिक सफलता को व्यक्त करती है। व्यवस्था केवल आज्ञाकारिता नहीं चाहती; वह ऐसी मानसिकता भी पैदा करती है जिसमें विवेकहीनता पुरस्कृत होने लगती है। मार्क्सवादी दृष्टि से यह ‘झूठी चेतना’ (False Consciousness) की स्थिति है। व्यक्ति अपने वास्तविक हितों के विरुद्ध सोचने और व्यवहार करने लगता है। सत्ता अब सिर्फ़ बाहर नहीं रहती; वह व्यक्ति के भीतर प्रवेश कर जाती है।

इसीलिए कविता का सबसे गहरा प्रतिरोध भी भीतर से आरम्भ होता है—“मेरे अंदर एक कायर टूटेगा। यह पंक्ति मार्क्सवादी आलोचना को नैतिक आयाम प्रदान करती है। सामाजिक परिवर्तन केवल बाहरी संस्थाओं को बदलने से संभव नहीं; उसके लिए उस वैचारिक संरचना को भी तोड़ना आवश्यक है जो मनुष्य के भीतर घर कर चुकी है। ग्राम्शी जिस प्रतिप्रभुत्व (Counter-hegemony) की बात करते हैं, उसका आरम्भ भी चेतना के इसी परिवर्तन से होता है।

कविता के अंत में हताश लड़के का प्रसंग पूरी मार्क्सवादी बहस को मानवीय धरातल पर ले आता है। वर्ग, राज्य, प्रभुत्व, विचारधारा—इन सबका अंतिम प्रभाव एक मनुष्य के जीवन पर पड़ता है। कविता उस लड़के को किसी वर्गीय आँकड़े में नहीं बदलती। वह उसकी निजी दुनिया खोजती है। यही वह क्षण है जहाँ रघुवीर सहाय की संवेदना मार्क्सवाद में बहुविध विवेचित किसी कठोर आर्थिक नियतिवाद से अलग दिखाई देती है। उनके लिए मनुष्य इतिहास का साधन नहीं, इतिहास का उद्देश्य है।

‘आत्महत्या के विरुद्ध’ कविता केवल राजनीतिक व्यंग्य नहीं है। यह आधुनिक भारतीय लोकतंत्र की वैचारिक संरचना, सांस्कृतिक प्रभुत्व, संस्थागत अमानवीयता, मिथ्या चेतना, वस्तुकरण और ऐतिहासिक अनुभूति का बहुआयामी चित्रण प्रस्तुत करती है। रघुवीर सहाय यह दिखाते हैं कि मनुष्य की पराजय केवल आर्थिक अभाव से नहीं होती; उसकी पराजय तब होती है जब भाषा खोखली हो जाती है, संस्थाएँ संवेदना से रिक्त हो जाती हैं, संस्कृति प्रशासन में बदल जाती है और नागरिक अपने ही अनुभव पर भरोसा करना छोड़ देता है। इसलिए यह कविता वर्ग-संघर्ष की प्रत्यक्ष घोषणा न होकर उस वैचारिक भूमि का अनावरण करती है जहाँ वर्गीय प्रभुत्व स्वयं को स्वाभाविक, नैतिक और अपरिहार्य सिद्ध करने का प्रयास करता है । कविता उसी स्वाभाविकता को अस्वीकार करते हुए मनुष्य की आलोचनात्मक चेतना को पुनः सक्रिय करती है।

मिशेल फूको के ‘सत्ता-विमर्श’ के आलोक में रघुवीर सहाय की ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ पर विचार करने से यह स्पष्ट होता है कि यह कविता सत्ता को सिर्फ़ सरकार, मंत्री, पुलिस या प्रशासन तक सीमित करके नहीं देखती। इसके विपरीत, यह उन सूक्ष्म और अदृश्य प्रक्रियाओं को उजागर करती है जिनके माध्यम से सत्ता मनुष्य की भाषा, स्मृति, इच्छा, व्यवहार, ज्ञान और आत्मबोध का निर्माण करती है। फूको का आग्रह था कि आधुनिक समाज में सत्ता केवल निषेधात्मक (Repressive) नहीं होती; वह उत्पादक (Productive) भी होती है। वह मनुष्य को केवल दबाती नहीं, बल्कि उसे एक विशेष प्रकार का नागरिक, विद्यार्थी, बुद्धिजीवी, लेखक और पाठक भी बनाती है। रघुवीर सहाय की कविता इसी उत्पादक सत्ता के जाल का गहरा कलात्मक आख्यान है। कविता में बार-बार आने वाली संस्थाएँ—आकाशवाणी, अकादमी, विश्वविद्यालय, अस्पताल, समाचारपत्र, नगरनिगम और प्रशासन—दरअसल उन अनुशासनात्मक संरचनाओं का प्रतिनिधित्व करती हैं जिनकी चर्चा फूको ने ‘डिसिप्लिन एंड पनिश’ (Discipline and Punish) और ‘द हिस्ट्री ऑफ़ सेक्सुअलिटी’ (The History of Sexuality) जैसी कृतियों में की है।

कविता की शुरुआत में ही कहा गया है—“समय आ गया है जब तब कहता है संपादकीय / हर बार दस बरस पहले मैं कह चुका होता हूँ कि समय आ गया है। पहली नज़र में यह पत्रकारिता पर व्यंग्य प्रतीत होता है, किन्तु फूको की दृष्टि से देखें तो यहाँ ‘सत्य’ के उत्पादन (Production of Truth) का सवाल मौजूद है। फूको का कहना था कि प्रत्येक समाज अपने ‘सत्य की सत्ता’ (Regime of Truth) का निर्माण करता है। फ़ूको के शब्दों में सत्य स्वयं में स्वतंत्र सत्ता नहीं है; उसे संस्थाएँ, विशेषज्ञ, मीडिया और ज्ञान-व्यवस्था वैधता प्रदान करते हैं। समाज में कौन-सी बात ‘सत्य’ मानी जाएगी और कौन-सी ‘असत्य’, यह निष्पक्ष नहीं होता। प्रत्येक समाज में ज्ञान, सत्ता (Power), और नियमों का एक ऐसा ढांचा होता है जो यह तय करता है कि किस विचार को प्रामाणिक या “सत्य” स्वीकार किया जाए। कविता में बतलाया गया है कि अख़बारों का संपादकीय यह तय करता है कि समाज को कब यह महसूस करना चाहिए कि ‘समय आ गया है’। अर्थात् अनुभव पहले नहीं, उसकी संस्थागत घोषणा पहले मान्य होती है। कवि इस व्यवस्था को उलट देता है। वह कहता है कि उसने यह बात दस वर्ष पहले महसूस कर ली थी। यहाँ निजी अनुभव संस्थागत सत्य से अधिक विश्वसनीय सिद्ध होता है। यही वह बिंदु है जहाँ कविता ज्ञान और सत्ता के गठजोड़ पर प्रश्नचिह्न लगाती है।

फूको के अनुसार आधुनिक सत्ता का एक बड़ा उपकरण भाषा है। भाषा केवल विचार व्यक्त नहीं करती; वह सामाजिक वास्तविकता का निर्माण भी करती है। ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ में भाषा का संकट लगातार मौजूद है। “गाती गला भींच आकाशवाणी” इस संदर्भ में ख़ास तौर पर उल्लेखनीय है। आकाशवाणी बोल रही है, किन्तु उसका गला भींचा हुआ है। इसका अर्थ सिर्फ़ सेंसरशिप नहीं है। यहाँ भाषा ख़ुद अनुशासित हो चुकी है। स्वर मौजूद है, पर स्वतंत्र अभिव्यक्ति पर पहरे लगे हैं । फूको कहते हैं कि सत्ता का मक़सद सिर्फ़ चुप कराना नहीं, बल्कि यह निर्धारित करना भी है कि कौन बोलेगा, किस भाषा में बोलेगा, किस विषय पर बोलेगा और किस प्रकार बोलेगा। आकाशवाणी का ‘गला भींचा हुआ होना इसी अनुशासित भाषा का रूपक है।

इसी क्रम में कविता की पंक्ति—“हज़ार शब्द रोज़ क़ैद”—फूको के ज्ञान-सत्ता संबंध को और अधिक स्पष्ट करती है। शब्दों को क़ैद करना केवल अभिव्यक्ति पर नियंत्रण नहीं है; यह अर्थ-निर्माण की प्रक्रिया पर अधिकार स्थापित करना है। फूको का मानना है कि शब्दकोश, अभिलेखागार, विश्वविद्यालय, न्यायालय और चिकित्सा-व्यवस्था मिलकर यह तय करते हैं कि कौन-सा ज्ञान वैध है और कौन-सा अवैध। कविता में ‘भीमकाय भाषाविद’, ‘अँगरेज़ी की अवध्य गाय और हज़ार शब्द रोज़ क़ैद का प्रसंग भाषा की इसी संस्थागत राजनीति की ओर संकेत करता है। भाषा यहाँ संवाद का माध्यम नहीं रह जाती; वह नियंत्रण का उपकरण बन जाती है। शब्द जीवित अनुभव से कटकर संस्थागत संपत्ति बन जाते हैं।

फूको के सत्ता-विमर्श में अनुशासन (Discipline) की अवधारणा केंद्रीय है। अनुशासन का अर्थ केवल सज़ा देना नहीं, बल्कि शरीरों और व्यवहारों को इस प्रकार प्रशिक्षित करना है कि व्यक्ति स्वयं सत्ता की अपेक्षाओं के अनुसार आचरण करने लगे। कविता में अस्पताल, विश्वविद्यालय और अकादमी इसी अनुशासनात्मक सत्ता के केंद्र हैं।

अस्पताल के प्रसंग में कविता की पंक्ति है—“डॉक्टर ने कहा वह मेरा काम नहीं/वह मुसद्दी का है।” यहाँ चिकित्सा विज्ञान रोगी की पीड़ा से अधिक प्रशासनिक आदेश का पालन करता है। फूको ने ‘द बर्थ ऑफ़ क्लिनिक’ (The Birth of the Clinic) में बताया है कि आधुनिक चिकित्सा केवल उपचार की प्रणाली नहीं, बल्कि शरीर को देखने, वर्गीकृत करने और नियंत्रित करने की व्यवस्था भी है। रघुवीर सहाय के यहाँ रोगी व्यक्ति नहीं, प्रशासनिक फ़ाइल बन जाता है। डॉक्टर चिकित्सा का प्रतिनिधि नहीं, सत्ता की शृंखला का एक अधिकारी बन जाता है। पीड़ा का समाधान चिकित्सकीय विवेक से नहीं, प्रशासनिक अनुमति से निर्धारित होता है।

इसी प्रकार कविता में विश्वविद्यालय के प्रसंग में पंक्तियाँ हैं —“अध्यापक याद करो किसके आदमी हो तुम/याद करो विद्यार्थी तुम्हें आदमी से/एक दर्जा नीचे/किसका आदमी बनना है।मिशेल फूको की दृष्टि के तहत यह आधुनिक शिक्षा-व्यवस्था की अनुशासनात्मक प्रकृति का सटीक चित्र है। विद्यालय और विश्वविद्यालय ज्ञान के लोकतांत्रिक केंद्र नहीं रह जाते; वे आज्ञाकारी नागरिकों का निर्माण करते हैं। शिक्षा व्यक्ति को स्वतंत्र नहीं करती, बल्कि उसे वर्गीकृत, नियंत्रित और उपयोगी बनाती है। यहाँ ‘आदमी’ होना पर्याप्त नहीं; किसी ‘का आदमी’ होना आवश्यक बना दिया गया है। पहचान स्वायत्त नहीं रहती; वह सत्ता-संबंधों के भीतर निर्मित होती है।

अकादमी का चित्र भी इसी अनुशासनात्मक संरचना का हिस्सा है—“अकादमी की महापरिषद की अनंत बैठक…/तो ऊब का स्तर… यहाँ संस्कृति का संस्थानीकरण दिखाई देता है। फूको ने ज्ञान और संस्थाओं के संबंध पर बल देते हुए कहा था कि ज्ञान कभी निष्पक्ष नहीं होता। प्रत्येक ज्ञान-संस्था सत्ता-संबंधों का हिस्सा होती है। कविता में अकादमी सृजनात्मकता का संरक्षण नहीं करती; वह संवेदना का वर्गीकरण करती है। ‘ऊब का स्तर’ निर्धारित करना वस्तुतः अनुभूति पर संस्थागत नियंत्रण स्थापित करना है। यह तय करना कि कौन-सा अनुभव वैध है और कौन-सा नहीं, सत्ता का सूक्ष्म कार्य है।

कविता में समाचारपत्र और आकाशवाणी की भूमिका भी फूको के ‘डिस्कोर्स’ (Discourse) सिद्धांत से जुड़ती है। फूको के अनुसार विमर्श (Discourse) केवल भाषा नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्था और शक्ति का संयुक्त रूप है। कविता में समाचारपत्र एक लड़के की मृत्यु की सूचना देता है, लेकिन उसके जीवन का कोई विवरण नहीं देता। कवि सवाल करता है—“एक शब्द कहीं नहीं कि वह लड़का कौन था/क्या उसके बहनें थीं/क्या उसने रक्खे थे टीन के बक्से में अपने अजूबे…/ एक शब्द कहीं नहीं एक वह शब्द/जो वह खोज रहा था जब वह मारा गया।” यहाँ अनुपस्थित शब्द ही कविता का नैतिक केंद्र बन जाता है। समाचारपत्र के विमर्श में जो व्यक्ति के बारे में सूचना है; कविता के विमर्श में वह स्मृति, संबंध और अनुभव है। फूको के अनुसार प्रत्येक विमर्श कुछ बातों को कहने योग्य बनाता है और कुछ को चुप करा देता है। रघुवीर सहाय उस मौन को सुनने की कोशिश करते हैं जिसे आधिकारिक विमर्श लगातार दबा देता है।

कविता में ‘मुसद्दीलाल’ का चरित्र भी फूको की सत्ता की अवधारणा से नए अर्थ ग्रहण करता है। अगर मार्क्सवादी दृष्टि में वह वर्गीय राज्य का प्रतिनिधि है, तो फूको की दृष्टि से वह सत्ता का कोई केंद्रीय शासक नहीं, बल्कि सत्ता-तंत्र की एक कड़ी है। फूको ने स्पष्ट कहा था कि सत्ता किसी एक व्यक्ति के पास संचित वस्तु नहीं है; वह संबंधों के जाल (Network of Relations) में संचरित होती है। मुसद्दीलाल इसलिए प्रभावशाली है कि उसके माध्यम से सत्ता अनेक संस्थाओं में प्रवाहित होती है। वह अस्पताल में भी उपस्थित है, प्रशासन में भी, भाषा में भी और राजनीति में भी। उसका प्रभाव किसी निजी  क्षमता से नहीं, बल्कि उस सत्ता-नेटवर्क से आता है जिसका वह हिस्सा है।

फूको का कहना है कि आधुनिक सत्ता मनुष्य की आत्म-चेतना को भी नियंत्रित करती है। इस दृष्टि से कविता की पंक्तियाँ—“मेरे अंदर एक कायर टूटेगा/मेरे मन टूट एक बार सही तरह—विशेष अर्थ ग्रहण करती हैं। सत्ता केवल बाहर नहीं रहती; वह भीतर भी बस जाती है। भय, आत्म-सेंसरशिप, समझौता और मौन—ये सब सत्ता के आंतरिक रूप हैं। कवि किसी बाहरी क्रांति की घोषणा नहीं करता; वह अपने भीतर जमी हुई सत्ता को तोड़ना चाहता है। यह फूको की उस धारणा से मेल खाता है कि जहाँ सत्ता है, वहीं प्रतिरोध भी उपस्थित होता है, और प्रतिरोध की शरुआत व्यक्ति की आत्म-चेतना से होता है।

कविता में शरीर का प्रश्न भी बार-बार उभरता है—“रामलाल कुचला हुआ पाँव”, “मेरे बच्चे का मुँह”, “गला भींच”, “पाँव-तले रौंदकर”, “मरते मनुष्य”, “लाशआदि । फूको ने आधुनिक सत्ता को ‘शरीरों की राजनीति’ (Politics of the Body) कहा था। सत्ता शरीरों को नियंत्रित करती है, उन्हें उपयोगी बनाती है, घायल करती है, वर्गीकृत करती है और आवश्यक होने पर उन्हें अदृश्य भी कर देती है। कविता में शरीर केवल जैविक उपस्थिति नहीं; वह सत्ता के हस्तक्षेप का स्थल है। कुचला हुआ पाँव सिर्फ़ दुर्घटना नहीं, सामाजिक संरचना का चिह्न है। बच्चे का ‘मुँह’ विज्ञापन के सौंदर्यशास्त्र के विरुद्ध जीवित मनुष्य की उपस्थिति है। लाश सत्ता की विफलता का सबसे ठोस प्रमाण है।

फूको ने अभिलेखागार (Archive) को भी सत्ता का महत्त्वपूर्ण उपकरण माना था। अभिलेखागार केवल दस्तावेज़ों का संग्रह नहीं; वह यह भी तय करता है कि क्या याद रखा जाएगा और क्या भुला दिया जाएगा। कविता का अंतिम हिस्सा इसी विस्मृति की राजनीति का प्रतिरोध करता है। समाचारपत्र उस लड़के की पहचान मिटा देता है, लेकिन कविता उसके जीवन की अनुपस्थित कथा को खोजती है। इस प्रकार कविता वैकल्पिक अभिलेखागार का निर्माण करती है। वह इतिहास की हाशिए पर छूट गई ज़िंदगियों को भाषा प्रदान करती है।

इस समूचे परिप्रेक्ष्य में ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ फूको के सत्ता-विमर्श के समानांतर एक सशक्त काव्यात्मक प्रतिरूप बनकर सामने आती है। यह कविता सत्ता को केवल संसद, सरकार या मंत्री के रूप में नहीं देखती; यह दिखाती है कि सत्ता भाषा में रहती है, समाचार में रहती है, विश्वविद्यालय में रहती है, अस्पताल में रहती है, अकादमी में रहती है, शब्दकोश में रहती है और अंततः मनुष्य की चेतना में भी अपना घर बना लेती है। इसलिए इस कविता में आत्महत्या का विरोध केवल जीवन का समर्थन नहीं है; वह उन सूक्ष्म अनुशासनात्मक व्यवस्थाओं के विरुद्ध प्रतिरोध है जो मनुष्य को इतना नियंत्रित कर देती हैं कि वह अपनी ही आवाज़, अपनी ही स्मृति और अपने ही अनुभव पर विश्वास करना छोड़ देता है। रघुवीर सहाय की कविता इसी खोई हुई मानवीय स्वायत्तता की पुनर्प्राप्ति का काव्यात्मक प्रयत्न है। यहाँ प्रतिरोध का अर्थ सत्ता पर केवल बाहरी हमला नहीं, बल्कि उन अदृश्य संरचनाओं को पहचानना है जिनके भीतर आधुनिक मनुष्य का व्यक्तित्व निर्मित और नियंत्रित होता है। यही वजह है कि यह कविता फूको के विचारों के साथ संवाद करती हुई आधुनिक भारतीय लोकतांत्रिक समाज की सूक्ष्म सत्ता-व्यवस्थाओं का दुर्लभ और दूरदर्शी कलात्मक विश्लेषण प्रस्तुत करती है।

‘आत्महत्या के विरुद्ध’ को अगर अस्तित्ववादी दर्शन के निकष पर परखा जाए, तो स्पष्ट होता है कि यह कविता आत्महत्या को केवल एक सामाजिक या मनोवैज्ञानिक घटना के रूप में नहीं देखती, बल्कि उसे मनुष्य की अस्तित्वगत स्थिति से जोड़कर समझती है। कविता का शीर्षक ही इस अर्थ में गहरे दार्शनिक संकेत से भरा हुआ है। यह आत्महत्या के विरुद्ध कोई नैतिक उपदेश नहीं है, बल्कि उन समस्त ऐतिहासिक, राजनीतिक और मानसिक परिस्थितियों के विरुद्ध खड़ा होने का आह्वान है जो मनुष्य को अपने अस्तित्व से विमुख कर देती हैं। यही कारण है कि इस कविता का संवाद आल्बेयर कामू, जाँ-पॉल सार्त्र और कार्ल यास्पर्स जैसे अस्तित्ववादी चिंतकों के साथ स्वाभाविक रूप से स्थापित होता है।

अल्बेयर कामू ने ‘द मिथ ऑफ़ सिसिफ़स’ का आरम्भ इस कथन से किया था कि दर्शन का पहला और सबसे गंभीर प्रश्न आत्महत्या का प्रश्न है। उनका आशय यह था कि यदि जीवन निरर्थक है, तो मनुष्य क्यों जिए? रघुवीर सहाय की कविता भी इसी विचारभूमि पर खड़ी दिखाई देती है, किन्तु वह इसका उत्तर सामाजिक और नैतिक अनुभव के भीतर खोजती है। कविता का शीर्षक स्वयं यह संकेत करता है कि आत्महत्या का विरोध जीवन के उत्सव का नारा भर नहीं है। उसका अर्थ है उस निरर्थकता का प्रतिरोध करना जो मनुष्य पर थोपी जाती है। कामू के यहाँ संसार की निरर्थकता (Absurdity) और मनुष्य की जीवन के अर्थ की आकांक्षा के बीच जो टकराव है, वही टकराव रघुवीर सहाय की कविता में आधुनिक भारतीय समाज की राजनीतिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों के भीतर घटित होता है।

कामू के अनुसार निरर्थकता का अनुभव संसार की चुप्पी से पैदा होता है, जबकि रघुवीर सहाय के यहाँ निरर्थकता का अनुभव संसार की चुप्पी से नहीं, बल्कि उसके शोर से पैदा होता है। कविता में सार्वजनिक जीवन निरंतर घोषणाओं, भाषणों, नारों, संस्थागत गतिविधियों और वैचारिक शब्दाडंबर से भरा हुआ है, किन्तु इस शोर के भीतर मनुष्य का वास्तविक जीवन अनुपस्थित है। इस प्रकार कविता यह बताती है कि आधुनिक समाज में निरर्थकता मौन से नहीं, बल्कि कृत्रिम वाचालता से भी उत्पन्न हो सकती है। यह बिंदु कामू की अवधारणा का भारतीय सामाजिक यथार्थ के संदर्भ में एक नया विस्तार प्रस्तुत करता है।

कामू ने आत्महत्या को निरर्थकता का समाधान नहीं माना। उनके अनुसार मनुष्य को निरर्थकता के बावजूद जीवन को स्वीकार करना चाहिए और विद्रोह (Revolt) के माध्यम से अपनी गरिमा बनाए रखनी चाहिए। रघुवीर सहाय की कविता का केंद्रीय आग्रह भी यही है। कविता में प्रतिरोध किसी राजनीतिक नारे के रूप में नहीं आता, बल्कि आत्म-परिवर्तन की प्रक्रिया के रूप में सामने आता है। कवि बाहरी सत्ता को चुनौती देने से पहले अपने भीतर जमे हुए भय, समझौते और नैतिक दुर्बलताओं से संघर्ष करता है। यही कारण है कि कविता में निर्णायक क्षण किसी सत्ता के पतन का नहीं, बल्कि भीतर की कायरता के टूटने का है। यह वही अस्तित्ववादी क्षण है जहाँ मनुष्य अपने चुनाव के लिए ख़ुद जबाबदेह बनता है।

सार्त्र ने कहा था कि मनुष्य का कोई पूर्वनिर्धारित ‘सार’ (Essence) नहीं होता; मनुष्य अपने चुनावों से ख़ुद को निर्मित करता है। उनके प्रसिद्ध कथन—‘सार अस्तित्व का पूर्वर्ती है’ (Existence precedes essence)—का अर्थ यही है कि मनुष्य पहले अस्तित्व में आता है और बाद में अपने कर्मों से अपनी पहचान बनाता है। रघुवीर सहाय की कविता इस विचार के बहुत निकट दिखाई देती है। कविता में व्यक्ति किसी स्थिर नैतिक पहचान के साथ उपस्थित नहीं होता। वह लगातार अपने समय, अपनी भाषा, अपने भय और अपनी जिम्मेदारियों के बीच स्वयं को निर्मित करता है। इसलिए कविता में नैतिकता कोई तैयार मूल्य नहीं है; वह निरंतर अर्जित की जाने वाली स्थिति है।

सार्त्र ने ‘आत्म-प्रवंचना’ (Bad Faith) की अवधारणा प्रस्तुत करते हुए कहा था कि मनुष्य प्रायः अपनी स्वतंत्रता से बचने के लिए स्वयं को परिस्थितियों का क़ैदी घोषित कर देता है। रघुवीर सहाय की कविता इस आत्म-प्रवंचना को अनेक रूपों में पहचानती है। कविता का सामाजिक संसार ऐसे व्यक्तियों से भरा हुआ है जो अपनी नैतिक जिम्मेदारी से बचने के लिए संस्था, पद, नियम और प्रक्रिया के पीछे छिप जाते हैं। अधिकारी, बुद्धिजीवी, चिकित्सक, राजनेता और सांस्कृतिक प्रतिनिधि सभी अपने निर्णयों को किसी बाहरी व्यवस्था का नतीजा बताकर ख़ुद को मासूम साबित करना चाहते हैं। अस्तित्ववादी नज़रिए से यह वही स्थिति है जहाँ व्यक्ति अपनी स्वतंत्रता का त्याग करके ‘व्यवस्था का पुर्जा’ (Cog in the machine) बन जाता है।

इसके विपरीत कवि स्वयं किसी भी प्रकार की नैतिक छूट स्वीकार नहीं करता। वह अपनी भूमिका को भी कठघरे में खड़ा करता है। कविता का आत्मालाप इस बात का प्रमाण है कि कवि अपने भीतर मौजूद भय, निष्क्रियता और समझौतों से भी संघर्ष करता है। यही अस्तित्ववादी ईमानदारी या प्रामाणिकता (Authenticity) है। सार्त्र के अनुसार प्रामाणिक मनुष्य वही है जो अपने चुनावों की पूरी जिम्मेदारी स्वीकार करे। रघुवीर सहाय के यहाँ भी प्रतिरोध का पहला चरण आत्म-आलोचना है, न कि केवल व्यवस्था की आलोचना।

‘अक्षीय युग’ या ‘अक्ष-युग’ (Axial Age) की अवधारणा के जनक प्रसिद्ध जर्मन-स्विस मनोचिकित्सक (Psychiatrist) और अस्तित्ववादी दार्शनिक कार्ल यास्पर्स (Karl Jaspers :1883–1969) के नज़रिए से देखें तो यह कविता ‘सीमांत परिस्थितियों’ (Boundary Situations) का दस्तावेज़ भी है। यास्पर्स ने कहा था कि मनुष्य मृत्यु, पीड़ा, संघर्ष, अपराधबोध और विफलता आदि कुछ ऐसी स्थितियों से अवश्य गुज़रता है जिनसे बचा नहीं जा सकता। इन्हीं सीमांत परिस्थितियों में मनुष्य अपने वास्तविक अस्तित्व का अनुभव करता है। ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ में मृत्यु केवल जैविक घटना नहीं है। पूरी कविता मृत्यु की छाया में घटित होती है। आत्महत्या, अपमान, सामाजिक पराजय, नैतिक विघटन और निरंतर उपस्थित असफलता—ये सभी सीमांत परिस्थितियाँ हैं जिनके भीतर मनुष्य अपने अस्तित्व का अर्थ खोजने के लिए विवश होता है।

यास्पर्स ने यह भी कहा था कि सीमांत परिस्थितियाँ मनुष्य को तोड़ती नहीं, बल्कि यदि वह उनका सामना करे तो उसके अस्तित्व को अधिक प्रामाणिक बना सकती हैं। रघुवीर सहाय की कविता इसी संभावना को बचाती है। यहाँ टूटना विनाश नहीं है; वह आत्मिक पुनर्जन्म की प्रक्रिया है। भीतर की जड़ता, भय और नैतिक निष्क्रियता का विघटन ही मनुष्य को अधिक सचेत बनाता है। इसलिए कविता में टूटन का रूपक नकारात्मक न होकर रचनात्मक अर्थ ग्रहण करता है।

अस्तित्ववादी दर्शन का एक केंद्रीय प्रश्न स्वतंत्रता और उत्तरदायित्व का संबंध है। सार्त्र के अनुसार मनुष्य स्वतंत्र होने के लिए अभिशप्त है, क्योंकि वह अपने चुनावों से बच नहीं सकता। रघुवीर सहाय की कविता में भी स्वतंत्रता का प्रश्न राजनीतिक अधिकारों से आगे बढ़कर नैतिक उत्तरदायित्व का प्रश्न बन जाता है। कविता यह नहीं पूछती कि सत्ता कैसी है; वह यह भी पूछती है कि व्यक्ति सत्ता के सामने कैसा व्यवहार करता है। क्या वह अपने विवेक को बचा पाता है? क्या वह अपने समय के प्रति उत्तरदायी है? क्या वह दूसरों के दुख को पहचानता है? इस प्रकार कविता स्वतंत्रता को केवल अधिकार नहीं, बल्कि नैतिक दायित्व के रूप में प्रस्तुत करती है।

कामू के विद्रोही मनुष्य (The Rebel) की अवधारणा भी यहाँ उल्लेखनीय है। कामू के लिए विद्रोह केवल सत्ता-विरोध के बजाय मनुष्य की गरिमा की रक्षा का माध्यम था। रघुवीर सहाय का कवि भी इसी अर्थ में विद्रोही है। उसका विद्रोह क्रोध या हिंसा से संचालित नहीं है। वह मनुष्य की गरिमा, स्मृति और संवेदना की रक्षा करना चाहता है। कविता बार-बार उन साधारण मनुष्यों की ओर लौटती है जिन्हें इतिहास, राजनीति और मीडिया भुला देते हैं। यह लौटना अस्तित्ववादी करुणा का संकेत है। मनुष्य की विशिष्टता को बचाना ही विद्रोह का पहला कार्य है।

कविता में बार-बार दिखाई देने वाली संस्थाएँ—अस्पताल, विश्वविद्यालय, अकादमी, मीडिया और प्रशासन—अस्तित्ववादी दृष्टि से उस दुनिया का निर्माण करती हैं जिसे सार्त्र ने वस्तुकरण (Objectification) के रूप में देखा था। इन संस्थाओं के भीतर व्यक्ति धीरे-धीरे एक फ़ाइल, एक पद, एक रोगी, एक मतदाता या एक समाचार में बदल जाता है। उसकी अद्वितीयता समाप्त हो जाती है। रघुवीर सहाय इस प्रक्रिया का प्रतिरोध करते हैं। वे मनुष्य को उसकी निजी स्मृतियों, संबंधों और अनुभवों के साथ पुनः स्थापित करते हैं। इसीलिए कविता किसी मरने वाले व्यक्ति के बारे में उसकी निजी दुनिया के प्रश्न उठाती है। वह आँकड़े के स्थान पर व्यक्ति को पुनर्स्थापित करती है।

कामू ने लिखा था कि निरर्थकता को पहचानना जीवन से पलायन का कारण नहीं, बल्कि अधिक सजग होकर जीने का कारण होना चाहिए। यही बात रघुवीर सहाय की कविता में भी दिखाई देती है। कविता निराशा से आरम्भ होकर आशावाद पर समाप्त नहीं होती; वह निरर्थकता के भीतर भी नैतिक सजगता की संभावना खोजती है। यह संभावना किसी धार्मिक सांत्वना या ऐतिहासिक नियति से नहीं आती; यह मनुष्य के अपने विवेक से आती है। यही अस्तित्ववादी नैतिकता का मूल तत्त्व है।

इस कविता की एक और ख़ासियत यह है कि यहाँ अस्तित्ववाद सामाजिक यथार्थ से अलग नहीं होता। यूरोपीय अस्तित्ववाद पर यह आरोप लगाया गया कि वह व्यक्ति की चिंता में समाज को भूल जाता है, किन्तु रघुवीर सहाय इस विभाजन को स्वीकार नहीं करते। उनके यहाँ व्यक्ति की अस्तित्वगत बेचैनी सामाजिक संरचनाओं से उत्पन्न होती है। अकेलापन, निरर्थकता, भय और आत्महत्या की संभावना किसी अमूर्त दार्शनिक संकट के परिणाम नहीं हैं; वे राजनीतिक, सांस्कृतिक और संस्थागत अनुभवों से निर्मित होते हैं। इस प्रकार कविता अस्तित्ववाद और सामाजिक आलोचना के बीच एक रचनात्मक संवाद स्थापित करती है।

इस दृष्टि से ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ कविता अस्तित्ववाद का भारतीय दृष्टिकोण से पुनर्पाठ भी है। यह कामू के निरर्थक संसार, सार्त्र की स्वतंत्रता और उत्तरदायित्व तथा यास्पर्स की सीमांत परिस्थितियों को भारतीय लोकतांत्रिक समाज के अनुभवों के भीतर रूपांतरित करती है। कविता यह बताती है कि आत्महत्या का वास्तविक प्रतिपक्ष केवल जीवित रहना नहीं, बल्कि अपने विवेक, अपनी नैतिक स्वतंत्रता और अपने मानवीय उत्तरदायित्व को बचाए रखना है। मनुष्य की हार तब नहीं होती जब वह पीड़ा से गुजरता है; उसकी वास्तविक हार तब होती है जब वह अपने चुनाव की क्षमता, अपने प्रतिरोध की चेतना और अपने भीतर उपस्थित नैतिक साहस को खो देता है। रघुवीर सहाय की कविता इसी खोती हुई मानवीय सत्ता को फिर से हासिल करने की रचनात्मक  कोशिश का दास्तान है। यहाँ जीवन का अर्थ किसी अंतिम सत्य में नहीं, बल्कि उस सतत नैतिक संघर्ष में निहित है जिसके द्वारा मनुष्य हर दिन ख़ुद को  इंसान साबित करता है।

नैतिक दर्शन की दृष्टि से ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ पर गौर करने से ज़ाहिर होता है कि यह कविता राजनीति, सत्ता या सामाजिक विडम्बनाओं की आलोचना भर नहीं करती; उसका मूल आग्रह मनुष्य के प्रति नैतिक उत्तरदायित्व को पुनः स्थापित करना है। यह कविता बार-बार उस प्रश्न पर लौटती है कि जब समाज की संस्थाएँ, विचारधाराएँ और सार्वजनिक भाषाएँ मनुष्य को पहचानना बंद कर देती हैं, तब कविता किसकी ओर देखती है। उसका उत्तर है—वह उस अकेले, उपेक्षित, अपमानित और अनाम मनुष्य की ओर लौटती है जिसकी उपस्थिति आधुनिक सार्वजनिक जीवन में लगातार धुँधली होती जा रही है। इस अर्थ में यह कविता मनुष्य को किसी वर्ग, पद, पहचान, विचारधारा या आँकड़े के रूप में नहीं, बल्कि एक अद्वितीय नैतिक उपस्थिति के रूप में देखती है।

कविता का पूरा विन्यास इसी नैतिक तनाव पर टिका है। एक ओर संस्थाओं, घोषणाओं, भाषणों, समितियों, समाचारों और प्रशासन का विशाल संसार है; दूसरी ओर कुछ ऐसे साधारण मनुष्य हैं जिनकी उपस्थिति बार-बार इस संस्थागत संसार को अस्थिर करती है। कवि का ध्यान कभी उस उदास चेहरे पर टिकता है जो भीड़ में खो गया है, कभी कुचले हुए पाँव वाले साधारण आदमी पर, कभी बच्चे के चेहरे पर और अंततः उस हताश लड़के पर जिसकी मृत्यु के बाद भी कोई उसके जीवन के बारे में कुछ नहीं जानना चाहता। यही क्रम कविता को सामाजिक आलोचना से आगे ले जाकर नैतिक चिंतन का रूप देता है।

नैतिक दर्शन का एक मूल आग्रह यह है कि मनुष्य को साधन नहीं, अपने आप में मूल्य माना जाए। रघुवीर सहाय की कविता इसी सिद्धांत को कलात्मक रूप देती है। आधुनिक व्यवस्था व्यक्ति को लगातार उसकी उपयोगिता के आधार पर पहचानती है। वह मतदाता है, कर्मचारी है, रोगी है, विद्यार्थी है, अभियुक्त है, समाचार है, आँकड़ा है; लेकिन वह मनुष्य नहीं रह जाता। कविता इस वस्तुकरण का प्रतिरोध करती है। वह बार-बार उन क्षणों की तलाश करती है जहाँ व्यक्ति अपनी सामाजिक भूमिका से बाहर निकलकर एक जीवित मनुष्य के रूप में दिखाई देता है।

कविता का वह प्रसंग, जहाँ कवि भीड़ के भीतर एक उदास चेहरे को पहचानता है, इसी नैतिक दृष्टि का केंद्र है। वह चेहरा किसी नायक का नहीं, किसी प्रसिद्ध व्यक्ति का नहीं, बल्कि एक ऐसे साधारण मनुष्य का है जो अपनी पीड़ा में अकेला है। कवि उसे भीड़ का हिस्सा बनाकर नहीं छोड़ देता। वह उस एक चेहरे पर ठहरता है। यहाँ चेहरा केवल शारीरिक आकृति नहीं है; वह दूसरे मनुष्य की ऐसी उपस्थिति है जो कवि से उत्तरदायित्व की माँग करती है। आधुनिक समाज की सबसे बड़ी त्रासदी यही है कि हम भीड़ को देखते हैं, व्यक्ति को नहीं। कविता हमारे इस देखने की आदत को बदलने पर ज़ोर देती है। वह संख्या को व्यक्ति में बदल देती है।

इसीलिए कविता में बार-बार साधारण मनुष्य लौटता है। वह कोई ऐतिहासिक नायक नहीं है, बल्कि वही है जिसे सार्वजनिक जीवन सबसे पहले भुला देता है। कवि उसकी ओर लौटकर यह स्थापित करता है कि किसी समाज की नैतिकता का आकलन इस आधार पर नहीं किया जाना चाहिए कि वह अपने ताकतवर लोगों के साथ कैसा व्यवहार करता है, बल्कि इस आधार पर कि वह अपने सबसे कमज़ोर और सबसे अनाम लोगों को कितना देख पाता है।

कविता के अंतिम हिस्से में यह नैतिक दृष्टि अपनी सबसे मार्मिक अभिव्यक्ति प्राप्त करती है। एक हताश लड़के की मृत्यु के बाद कवि उन प्रश्नों को उठाता है जिन्हें कोई समाचारपत्र, कोई सरकारी रिपोर्ट और कोई राजनीतिक वक्तव्य ज़रूरी नहीं समझता। वह यह नहीं पूछता कि उसकी मृत्यु किस विचारधारा के कारण हुई, न ही वह उसे किसी नारे में बदल देता है। वह पूछता है—क्या उसकी बहनें थीं? उसे कौन-से पकवान पसंद थे? उसने अपने टीन के बक्से में क्या सँभालकर रखा था? वह कौन-सा शब्द खोज रहा था?

ये सवाल देखने में छोटे लग सकते हैं, किन्तु यही कविता की सबसे बड़ी नैतिक शक्ति हैं। ये प्रश्न मनुष्य को उसकी निजी दुनिया में वापस ले जाते हैं। आधुनिक सार्वजनिक जीवन मनुष्य की मृत्यु को सूचना बना देता है; कविता उसे स्मृति में बदल देती है। समाचार सिर्फ़ मौत दर्ज करता है; कविता जीवन की अनुपस्थिति दर्ज करती है। यह अंतर ही नैतिक और अनैतिक दृष्टि का अंतर है।

यहीं करुणा का प्रश्न भी सामने आता है। करुणा का अर्थ यहाँ दया नहीं है। कविता किसी पीड़ित व्यक्ति पर ऊपर से कृपा नहीं करती। वह उसके जीवन को उसके अपने अनुभवों के साथ समझने का प्रयास करती है। वह उसे बोलने का अवसर देती है, भले ही वह अब जीवित न हो। इस प्रकार कविता करुणा को सक्रिय नैतिक सहभागिता में बदल देती है। करुणा यहाँ भावुकता नहीं, बल्कि दूसरे मनुष्य के जीवन को उसकी संपूर्णता में स्वीकार करने की क्षमता है।

इसी संदर्भ में यह कविता आधुनिक राजनीतिक जीवन की एक गहरी आलोचना भी करती है। सार्वजनिक भाषा में मनुष्य धीरे-धीरे गायब होता जाता है। वहाँ योजनाएँ हैं, घोषणाएँ हैं, भाषण हैं, आँकड़े हैं, लेकिन मनुष्य का चेहरा नहीं है। कविता इस अनुपस्थिति को लगातार रेखांकित करती है। वह दिखाती है कि जब भाषा मनुष्य से कट जाती है, तब नैतिकता भी समाप्त होने लगती है। इसलिए कविता का संघर्ष केवल सत्ता से नहीं है; वह भाषा की उस अमानवीयता से भी है जो व्यक्ति को केवल एक श्रेणी में बदल देती है।

बच्चे का प्रसंग भी इसी नैतिक संवेदना से जुड़ा हुआ है। कवि बच्चे को विज्ञापन की वस्तु की तरह नहीं देखना चाहता। वह उसके वास्तविक अस्तित्व को छूने का आग्रह करता है। यह आग्रह बाज़ार द्वारा निर्मित कृत्रिम सौंदर्य के विरुद्ध जीवित मनुष्य की गरिमा का आग्रह है। बच्चा भविष्य का प्रतीक होने के कारण महत्त्वपूर्ण नहीं है; वह इसलिए महत्त्वपूर्ण है क्योंकि वह अभी ख़ुद एक स्वतंत्र और अद्वितीय जीवन है।

कविता में बार-बार यह अनुभव उभरता है कि आधुनिक संस्थाएँ मनुष्य को उसकी विशिष्टता से वंचित कर देती हैं। अस्पताल रोगी को रोग में बदल देता है, विश्वविद्यालय विद्यार्थी को अनुशासन में, प्रशासन नागरिक को फ़ाइल में और समाचारपत्र मनुष्य को घटना में। कविता इन सभी प्रक्रियाओं का प्रतिरोध करती है। वह हर बार व्यक्ति की अद्वितीयता को पुनः स्थापित करती है। यही उसकी नैतिक प्रतिबद्धता है।

इस संदर्भ में कविता की भाषा भी ध्यान देने योग्य है। रघुवीर सहाय बड़े नैतिक घोषणापत्र नहीं लिखते। वे छोटे-छोटे विवरणों के माध्यम से मनुष्य को पुनः उपस्थित करते हैं। किसी की बहनों का स्मरण, किसी के प्रिय भोजन की चर्चा, किसी के टीन के बक्से का उल्लेख—ये सभी विवरण बताते हैं कि मनुष्य की पहचान उसके सार्वजनिक परिचय से नहीं, बल्कि उसके निजी संसार से बनती है। यही वह संसार है जिसे सत्ता, इतिहास और मीडिया सबसे पहले मिटा देते हैं, और कविता सबसे पहले बचाती है।

कविता का शीर्षक भी इस नैतिक दृष्टि से नया अर्थ ग्रहण करता है। ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ होना केवल किसी व्यक्ति को मरने से रोकना नहीं है। इसका अर्थ है उस सामाजिक और नैतिक वातावरण का विरोध करना जो मनुष्य को धीरे-धीरे यह विश्वास दिला देता है कि उसका जीवन किसी के लिए अर्थपूर्ण नहीं है। जब किसी व्यक्ति को यह महसूस होने लगता है कि उसकी अनुपस्थिति से कोई फ़र्क नहीं पड़ेगा, तब समाज पहले ही अपनी नैतिक विफलता स्वीकार कर चुका होता है। कविता इसी विफलता के ख़िलाफ़ खड़ी होती है।

रघुवीर सहाय इसीलिए किसी अमूर्त मानवतावाद की बात नहीं करते। उनका मनुष्य हमेशा एक ठोस मनुष्य है—उसका चेहरा है, उसका शरीर है, उसके संबंध हैं, उसकी स्मृतियाँ हैं, उसकी इच्छाएँ हैं और उसका अपमान भी है। कविता इस ठोस मनुष्य को बचाने की कोशिश करती है। वह यह मानने से इनकार करती है कि किसी आदमी को सिर्फ़ उसकी सामाजिक भूमिका या सियासी पहचान से समझा जा सकता है।

इस दृष्टि से ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ आधुनिक हिन्दी कविता में नैतिक संवेदना का एक विलक्षण दस्तावेज़ है। यह कविता बताती है कि किसी समाज की नैतिकता की परीक्षा उसके बड़े आदर्शों से नहीं, बल्कि इस बात से होती है कि वह अपने सबसे साधारण मनुष्य को कितना याद रखता है। यदि किसी मृत युवक के बारे में यह पूछने वाला भी कोई नहीं बचा कि उसे क्या पसंद था, वह किसे याद करता था और किस शब्द की तलाश में था, तो संकट केवल उस युवक का नहीं, पूरे समाज की नैतिक चेतना का है। रघुवीर सहाय की कविता इसी खोती हुई नैतिक चेतना को पुनः जागृत करती है। वह हमें संदेश देती है कि मनुष्य को सचमुच देखना ही नैतिकता का पहला कदम है, और किसी मनुष्य की अद्वितीयता को बचाए रखना ही कविता का सबसे गहरा मानवीय दायित्व है।

‘आत्महत्या के विरुद्ध’ को ‘स्मृति अध्ययन’ की दृष्टि से पढ़ने पर यह स्पष्ट होता है कि यह कविता केवल राजनीतिक विडम्बनाओं का आख्यान नहीं है, बल्कि स्मृति और विस्मृति के बीच चलने वाले उस गहरे संघर्ष का दस्तावेज़ भी है, जिसमें किसी समाज का नैतिक चरित्र निर्मित होता है। यह कविता बार-बार इस प्रश्न की ओर लौटती है कि किसी राष्ट्र, किसी लोकतंत्र या किसी संस्कृति की स्मृति में कौन लोग सुरक्षित रखे जाते हैं और कौन लोग धीरे-धीरे इतिहास, समाचार और सार्वजनिक चेतना से मिटा दिए जाते हैं। इस दृष्टि से यह कविता विस्मृति के विरुद्ध स्मृति का सृजनात्मक प्रतिरोध है।

स्मृति अध्ययन से जुड़े दार्शनिकों का एक मूल विचार यह है कि स्मृति केवल व्यक्ति के मस्तिष्क में सुरक्षित रहने वाली निजी अनुभूति नहीं होती; वह सामाजिक रूप से निर्मित होती है। अमूमन सामाजिक संस्थाएँ मिलकर यह निर्धारित करती हैं कि किन घटनाओं को याद रखा जाएगा और किन्हें भुला दिया जाएगा। विवेच्य कविता इसी चयनात्मक स्मृति की प्रक्रिया को चुनौती देती है। वह दिखाती है कि सार्वजनिक जीवन की स्मृति अक्सर सत्ता, उपलब्धियों, नेताओं और औपचारिक घटनाओं को सुरक्षित रखती है, जबकि साधारण मनुष्यों के जीवन, उनके दुख, उनके अपमान और उनके अधूरे स्वप्न धीरे-धीरे सामूहिक स्मृति से बाहर कर दिए जाते हैं।

कविता का पूरा विन्यास इस चयनात्मक विस्मृति के विरुद्ध निर्मित होता है। इसमें समाचारपत्र, संपादकीय, अकादमी, अधिवेशन, विश्वविद्यालय, राजनीतिक मंच और सरकारी तंत्र लगातार उपस्थित हैं। ये सभी संस्थाएँ स्मृति का निर्माण भी करती हैं और उसका नियमन भी। वे यह तय करती हैं कि कौन-सी घटना इतिहास बनेगी और कौन-सी घटना अगले दिन की ख़बरों के नीचे दब जाएगी। रघुवीर सहाय इन संस्थाओं द्वारा निर्मित स्मृति पर विश्वास नहीं करते। वे उसके समानांतर एक ऐसी काव्यात्मक स्मृति का निर्माण करते हैं जो उन लोगों को खोजती है जिन्हें आधिकारिक इतिहास ने अप्रासंगिक मान लिया है।

यहीं से कविता का नैतिक स्वर स्मृति का स्वर बन जाता है। पूरी कविता में कवि का ध्यान बार-बार उन साधारण मनुष्यों की ओर जाता है जिनकी  सार्वजनिक जीवन में कोई स्थायी जगह नहीं है। वे नायक नहीं हैं, इतिहास-पुरुष नहीं हैं, सत्ता के प्रतिनिधि नहीं हैं। वे ऐसे लोग हैं जो समाज की संरचना को अपने श्रम, अपने दुख और अपने मौन से बनाए रखते हैं, किन्तु जिनके बारे में इतिहास बहुत कम बोलता है। कविता इन उपेक्षित ज़िंदगियों को याददाश्त का हिस्सा बनाने की कोशिश करती है।

इस संदर्भ में कविता का अंतिम प्रसंग निर्णायक है। एक हताश लड़का मर चुका है। समाचार में उसकी मृत्यु है, लेकिन उसका जीवन नहीं है। कवि यहीं से अपना प्रतिरोध आरम्भ करता है। वह मौत की वजह से ज़्यादा उस व्यक्ति के जीवन की अनुपस्थित जीवन-संदर्भ को खोजता है। यहाँ कविता इतिहास के औपचारिक ढाँचे को अस्वीकार करती है। आधिकारिक इतिहास व्यक्तियों को उनकी सामाजिक भूमिका के आधार पर दर्ज करता है; कविता उन्हें उनकी मानवीय उपस्थिति के आधार पर याद रखती है। वह यह मानने से इनकार करती है कि किसी इंसान की ज़िन्दगी सिर्फ़ उसकी मौत की ख़बर में समा सकती है। इस प्रकार कविता इतिहास की नहीं, स्मृति की भाषा बोलती है।

‘स्मृति अध्ययन’ में यह माना गया है कि इतिहास और स्मृति एक-दूसरे के समानार्थी नहीं हैं। इतिहास प्रायः वस्तुनिष्ठता, क्रम और दस्तावेज़ों पर बल देता है, जबकि स्मृति अनुभव, आत्मीयता और संबंधों से निर्मित होती है। रघुवीर सहाय की कविता इस अंतर को बहुत सूक्ष्म ढंग से व्यक्त करती है। समाचारपत्र तथ्य देता है; कविता अनुभव को बचाती है। दस्तावेज़ मृत्यु को दर्ज करता है; कविता जीवन की अनुपस्थिति को दर्ज करती है। इतिहास यह बताता है कि क्या हुआ; कविता पूछती है कि वह मनुष्य कौन था जिसके साथ यह हुआ। यही सवाल कविता को स्मृति का दस्तावेज़ बनाता है।

कविता में बार-बार लौटने वाले साधारण चेहरे भी इसी स्मृति-दृष्टि का हिस्सा हैं। भीड़ में दिखाई देने वाला उदास चेहरा केवल एक व्यक्ति नहीं है; वह उस पूरे वर्ग का प्रतिनिधि है जिसे समाज प्रतिदिन देखता तो है, पर याद नहीं रखता। आधुनिक जीवन में चेहरों की संख्या बढ़ती जाती है और पहचान घटती जाती है। स्मृति का संकट भी यहीं से शुरू होता है। कविता इस संकट का प्रतिरोध करती है। वह भीड़ को फिर से व्यक्तियों में बदलती है। वह अनाम को नाम नहीं देती, बल्कि उसकी अनामता को भी एक नैतिक अनुभव बना देती है।

इसी प्रकार बच्चे का प्रसंग भी याददाश्त की सियासत से जुड़ा हुआ है। कवि बच्चे को किसी विज्ञापन की छवि में नहीं देखना चाहता। विज्ञापन स्मृति का बाज़ारीकरण करता है। वह ऐसी छवियाँ बनाता है जो वास्तविक जीवन को विस्थापित कर देती हैं। कविता इस कृत्रिम स्मृति का विरोध करती है। वह जीवित अनुभव को पुनः स्थापित करती है। यहाँ स्मृति दृश्य की नहीं, स्पर्श की है; छवि की नहीं, संबंध की है।

कविता में बार-बार आने वाला ‘सन्नाटा’ भी स्मृति का एक रूपक है। सन्नाटा सिर्फ़ ध्वनि का अभाव नहीं है। वह उन जिंदगियों की चुप्पी मौन है जिन्हें किसी ने दर्ज नहीं किया। जब अधिवेशन समाप्त हो जाता है, जब कुर्सियाँ उठ जाती हैं, जब भीड़ चली जाती है, तब जो सन्नाटा बचता है, वही इतिहास की सबसे बड़ी रिक्ति है। कविता इसी ख़ालीपन को भरने का प्रयास करती है। वह उन आवाज़ों को सुनती है जिन्हें सार्वजनिक जीवन सुनना नहीं चाहता।

स्मृति अध्ययन का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि विस्मृति कभी निष्क्रिय प्रक्रिया नहीं होती। समाज कई बार जानबूझकर भूलता है। भूलना भी सत्ता का एक उपकरण हो सकता है। रघुवीर सहाय की कविता इस योजनाबद्ध विस्मृति को पहचानती है। वह दिखाती है कि राजनीतिक भाषण, संपादकीय, संस्थागत चर्चाएँ और सार्वजनिक घोषणाएँ मनुष्य की वास्तविक पीड़ा को धीरे-धीरे अदृश्य बना देती हैं। बड़ी घटनाएँ छोटी ज़िंदगियों को निगल जाती हैं। कविता इसी असंतुलन को ठीक करती है। वह इतिहास की परिधि पर पड़ी ज़िन्दगी को केंद्र में ले आती है।

यही वजह है कि कविता में स्मृति केवल अतीत का पुनर्स्मरण नहीं, बल्कि नैतिक प्रतिरोध का माध्यम बन जाती है। किसी व्यक्ति को याद रखना उसके पक्ष में खड़ा होना है। उसे भूल जाना केवल स्मृति की कमी नहीं, बल्कि नैतिक असफलता भी है। कविता इसीलिए मृत युवक की जीवनी खोजती है। वह उसके जीवन की उन छोटी-छोटी बातों को बचाना चाहती है जो किसी सरकारी अभिलेख में कभी दर्ज नहीं होंगी, लेकिन जिनके बिना उसका मनुष्य होना अधूरा रह जाएगा।

कविता का अंतिम घरेलू प्रसंग—जहाँ एक बच्ची पत्र लिखते हुए पूछती है कि क्या किसी को दो बार याद किया जा सकता है—इस पूरे स्मृति-विमर्श को एक नए स्तर पर पहुँचा देता है। सार्वजनिक जीवन जहाँ स्मृति को औपचारिक बना देता है, वहीं यह घरेलू दृश्य स्मृति को आत्मीयता में बदल देता है। यहाँ ‘याद’ कोई ऐतिहासिक श्रेणी नहीं, बल्कि संबंध का जीवित अनुभव है। बच्ची का सवाल इस बात का सबूत है कि स्मृति का सबसे गहरा रूप भावनात्मक निकटता से बनता है, न कि अभिलेखों से। कविता इसी आत्मीय स्मृति को सार्वजनिक विस्मृति के विरुद्ध खड़ा करती है।

व्यापक सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य में देखें, तो यह कविता एक वैकल्पिक स्मृति की संस्कृति का निर्माण करती है। यह स्मारकों, घोषणाओं और सरकारी इतिहास के बजाय आम लोगों की ज़िन्दगी, उनकी आवाज़, उनके दुख और उनकी छोटी-छोटी इच्छाओं को स्मृति का आधार बनाती है। इस अर्थ में कविता इतिहास के नीचे दबे हुए अनुभवों का पुनरुद्धार करती है। वह कहती है कि किसी समाज की वास्तविक स्मृति उसके महान व्यक्तियों में नहीं, बल्कि उन अनगिनत साधारण मनुष्यों में सुरक्षित रहती है जिनके बिना कोई इतिहास संभव नहीं होता।

इस प्रकार यह रचना स्मृति और विस्मृति के संघर्ष की एक विलक्षण काव्यात्मक व्याख्या प्रतीत होती है। कविता बताती है कि मनुष्य की मृत्यु से भी अधिक भयावह उसकी स्मृति का लोप है। जब कोई समाज अपने साधारण नागरिकों के जीवन को याद रखना बंद कर देता है, तब वह केवल व्यक्तियों को नहीं खोता, वह अपनी नैतिक चेतना भी खो देता है। रघुवीर सहाय इस नैतिक संकट के विरुद्ध कविता को स्मृति का आश्रय बनाते हैं। उनकी कविता उन जिंदगियों का अभिलेख तैयार करती है जिन्हें इतिहास ने दर्ज नहीं किया, उन चेहरों को पहचानती है जिन्हें भीड़ ने ढँक दिया, और उन आवाज़ों को सुरक्षित रखती है जिन्हें सार्वजनिक भाषा ने मौन में बदल दिया। इसीलिए यह कविता स्मृति को अतीत की पुनरावृत्ति नहीं, बल्कि मनुष्यता की रक्षा का सृजनात्मक और नैतिक कर्म सिद्ध करती है।

समाजशास्त्रीय दृष्टि से ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ को पढ़ने पर यह स्पष्ट होता है कि यह कविता किसी एक राजनीतिक घटना या किसी विशेष शासन-व्यवस्था की आलोचना नहीं करती, बल्कि आधुनिक समाज की उस संरचना का सूक्ष्म विश्लेषण करती है जिसमें संस्थाएँ धीरे-धीरे मनुष्य से अधिक महत्त्वपूर्ण हो जाती हैं। कविता का मूल प्रश्न यह नहीं है कि सत्ता किसके हाथ में है, बल्कि यह है कि आधुनिक सामाजिक संस्थाएँ मनुष्य के जीवन को किस प्रकार संचालित, नियंत्रित और अंततः अमानवीय बना देती हैं। इस अर्थ में यह कविता आधुनिक समाज की संरचना, उसके संगठन, उसकी भाषा, उसकी सांस्कृतिक संस्थाओं और उसके दैनिक जीवन की ऐसी समाजशास्त्रीय व्याख्या प्रस्तुत करती है, जो सिर्फ़ राजनीतिक आलोचना तक सीमित नहीं रहती, बल्कि सामाजिक संबंधों के भीतर व्याप्त गहरे विघटन को भी उजागर करती है।

कविता में बार-बार अस्पताल, विश्वविद्यालय, अकादमी, समाचारपत्र, प्रशासन, नगरनिगम और संसद जैसी संस्थाएँ सामने आती हैं। पहली नज़र में ये लोकतांत्रिक समाज की आवश्यक संस्थाएँ प्रतीत होती हैं, किन्तु रघुवीर सहाय इनके काम करने के ढंग पर सवाल उठाते हैं। इन संस्थाओं का संकट केवल भ्रष्टाचार या अयोग्यता नहीं है। समस्या इससे कहीं अधिक गहरी है। वे धीरे-धीरे ऐसे यांत्रिक तंत्रों में बदल गई हैं जिनका उद्देश्य मनुष्य की सहायता करना नहीं, बल्कि अपनी प्रक्रिया को बनाए रखना रह गया है। व्यक्ति वहाँ एक जीवित मनुष्य के रूप में उपस्थित नहीं होता; वह एक प्रकरण, एक पद, एक आवेदन, एक रोगी, एक विद्यार्थी या एक समाचार बन जाता है।

आधुनिक नौकरशाही पर विचार करते हुए मैक्स वेबर (Max Weber) ने लिखा है कि तर्कसंगत संगठन समाज को अधिक व्यवस्थित अवश्य बनाता है, किन्तु वही व्यवस्था धीरे-धीरे मनुष्य को नियमों और प्रक्रियाओं की ऐसी दुनिया में बंद कर देती है जहाँ संवेदना का स्थान समाप्त होने लगता है। वेबर का मानना है कि नौकरशाही की सबसे बड़ी ताकत उसकी ‘तटस्थता और निर्वैयक्तिकता’ (Impersonality) होती है। लेकिन कालान्तर में यही बात उसकी सबसे बड़ी कमजोरी बन जाती है। जब व्यवस्था पूरी तरह नियमों पर चलने लगती है, तो उसमें से दया, प्रेम, व्यक्तिगत संवेदना और मानवीय मूल्यों का लोप होने लगता है और वही व्यवस्था एक दिन “लोहे का पिंजरा” (Iron Cage of Rationality) बन जाती है जिसमें मनुष्य एक बेजान ‘पुर्जा’ (cog in the machine) बनकर रह जाता है।

रघुवीर सहाय की कविता इसी विडम्बना को बेहद सूक्ष्मता से पकड़ती है। अस्पताल में चिकित्सकीय निर्णय प्रशासनिक अधिकार के अधीन हो जाता है। विश्वविद्यालय ज्ञान का नहीं, पदानुक्रम का केंद्र बन जाता है। समाचारपत्र सूचना देता है, पर मनुष्य की पहचान नहीं बचा पाता। अकादमी संस्कृति का विकास नहीं करती, बल्कि उसकी प्रशासनिक निगरानी करती है। इन सभी प्रसंगों में व्यक्ति की समस्या का समाधान नहीं होता; केवल प्रक्रिया पूरी होती है। कविता इसी प्रक्रिया-प्रधान समाज की आलोचना करती है।

यहाँ आधुनिक संस्थाएँ अपने घोषित उद्देश्य से धीरे-धीरे दूर होती चली जाती हैं। शिक्षा का लक्ष्य स्वतंत्र विवेक नहीं रह जाता, संस्कृति का लक्ष्य रचनात्मकता नहीं रह जाता, चिकित्सा का लक्ष्य करुणा नहीं रह जाता और पत्रकारिता का लक्ष्य सत्य नहीं रह जाता। प्रत्येक संस्था अपने भीतर एक ऐसा औपचारिक ढाँचा विकसित कर लेती है जिसमें मनुष्य की उपस्थिति लगातार गौण होती जाती है। कविता इसी अमानवीय संस्थानीकरण का दस्तावेज़ है।

समाजशास्त्रीय दृष्टि से कविता की एक ख़ासियत यह है कि वह संस्थाओं की आलोचना करते हुए भी मनुष्य को कभी नज़रों से ओझल नहीं होने देती। संस्थाएँ जितनी विशाल होती जाती हैं, कविता उतनी ही बार साधारण मनुष्य की ओर लौटती है। यह लौटना आकस्मिक नहीं है। यह आधुनिक सामाजिक संरचना के विरुद्ध एक वैचारिक प्रतिरोध है। कविता मानो यह कहती है कि यदि किसी संस्था का विस्तार मनुष्य की गरिमा को नष्ट कर रहा है, तो उस संस्था की सफलता भी एक सामाजिक विफलता है।

कविता का अकादमी और भाषा संबंधी प्रसंग भी इस संदर्भ में महत्त्वपूर्ण है। सांस्कृतिक संस्थाएँ सामान्यतः ज्ञान, साहित्य और कला के संरक्षण का दावा करती हैं, किन्तु कविता यह दिखाती है कि कई बार यही संस्थाएँ संस्कृति को जीवित अनुभव से काटकर प्रतिष्ठा, पद और औपचारिकता में बदल देती हैं। यहाँ संस्कृति सृजन का क्षेत्र नहीं रहती; वह सामाजिक प्रतिष्ठा अर्जित करने का माध्यम बन जाती है।

यहीं सांस्कृतिक पूँजी का मुद्दा सामने आता है। आधुनिक समाज में केवल आर्थिक पूँजी ही मनुष्य की स्थिति निर्धारित नहीं करती; भाषा, शिक्षा, सांस्कृतिक अभिरुचि, संस्थागत मान्यता और बौद्धिक प्रतिष्ठा भी सामाजिक शक्ति का निर्माण करती हैं। फ्रांसीसी समाजशास्त्री पियरे बोर्दिये (Pierre Bourdieu) ने ही समाजशास्त्र में सांस्कृतिक पूँजी‘ (Cultural Capital / Capital culturel) का प्रसिद्ध सिद्धांत प्रतिपादित करते हुए पारम्परिक मार्क्सवादी विचारों से हटकर कहा था कि समाज में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए केवल पैसा ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक संसाधन भी उतने ही महत्वपूर्ण होते हैं। बोर्दिये का मानना था कि जो वर्ग पहले से समृद्ध है, वह अपनी ‘सांस्कृतिक पूँजी’ को अपनी अगली पीढ़ी को स्वाभाविक रूप से सौंप देता है (जैसे- अच्छी भाषा, अभिजात संस्कृति, बेहतरीन स्कूलों में शिक्षा)। इसके कारण समाज में असमानता बनी रहती है और उच्च वर्ग का दबदबा कायम रहता है।

विवेच्य कविता में अकादमी, भाषाविद, विश्वविद्यालय और सार्वजनिक भाषा का व्यंग्यात्मक चित्रण इसी सांस्कृतिक सत्ता की आलोचना है। ज्ञान यहाँ मुक्त नहीं है; वह प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ है। भाषा संवाद का माध्यम कम और प्रभुत्व का माध्यम अधिक बन जाती है। जो भाषा जनता के अनुभव से दूर है, वही अधिक प्रतिष्ठित मानी जाती है। इस प्रकार संस्कृति भी सामाजिक असमानता के पुनरुत्पादन का उपकरण बन जाती है।

कविता यह भी संकेत करती है कि हिंसा केवल शारीरिक नहीं होती। कई बार सामाजिक प्रतिष्ठा, भाषा, ज्ञान और सांस्कृतिक मानकों के माध्यम से भी मनुष्य को अपमानित किया जाता है। जब किसी व्यक्ति की भाषा को अशुद्ध घोषित किया जाता है, जब उसकी संवेदना को अपरिष्कृत कहा जाता है, जब उसकी सांस्कृतिक दुनिया को महत्त्वहीन मान लिया जाता है, तब यह प्रत्यक्ष हिंसा नहीं दिखाई देती, लेकिन उसके परिणाम उतने ही गहरे होते हैं। कविता इस अदृश्य हिंसा की शिनाख्त करती है। वह दिखाती है कि साधारण मनुष्य केवल आर्थिक रूप से ही नहीं, सांस्कृतिक रूप से भी वंचित किया जाता है।

यही कारण है कि कविता में भाषा का प्रश्न इतना महत्त्वपूर्ण बन जाता है। शब्द केवल अभिव्यक्ति के साधन नहीं हैं; वे सामाजिक प्रतिष्ठा और शक्ति के भी माध्यम हैं। जब शब्द जीवित अनुभव से कट जाते हैं और केवल संस्थागत अधिकार के अधीन रह जाते हैं, तब भाषा मनुष्य की नहीं, सत्ता की भाषा बन जाती है। कविता इस प्रक्रिया का लगातार प्रतिरोध करती है। वह सार्वजनिक भाषा के खोखलेपन के सामने जीवन के वास्तविक अनुभव को रखती है।

आधुनिक समाज का एक विचित्र लक्षण यह है कि उसमें संबंध अधिक अस्थिर और असुरक्षित होते जाते हैं। बाहरी रूप से समाज अधिक जुड़ा हुआ दिखाई देता है, लेकिन मनुष्य के भीतर अकेलापन, असुरक्षा और विखंडन बढ़ता जा रहा है। विवेच्य कविता इसी असुरक्षा से निर्मित पूरे वातावरण को उजागर करती है जिसमें लोग एक-दूसरे के बीच रहते हुए भी एक-दूसरे से कटे हुए हैं। आज समाज में संस्थाएँ तो खड़ी हैं, पर उनमें अपनापन और संवेदना गायब है। लोग एक-दूसरे से बातें तो करते हैं, लेकिन अपनी बात या भावनाएँ सही मायनों में पहुँचा नहीं पाते। बाहरी दुनिया में हलचल और व्यस्तता बहुत है, पर अंदर से इंसान अकेला और खोखला महसूस कर रहा है।

यही आधुनिक जीवन की वह तरलता है जिसमें कोई संबंध स्थायी नहीं रह जाता। व्यक्ति अपने कार्यस्थल, अपने सामाजिक संबंधों, अपनी पहचान और यहाँ तक कि अपने नैतिक विश्वासों तक में असुरक्षा अनुभव करता है। कविता में यह अनुभव प्रत्यक्ष रूप से व्यक्त नहीं किया गया, बल्कि पूरे वातावरण में व्याप्त है। हर दृश्य अस्थिर है। कोई ठोस आधार दिखाई नहीं देता। व्यवस्था है, पर भरोसा नहीं है। समाज है, पर समुदाय नहीं है। नागरिक हैं, पर आत्मीय संबंध नहीं हैं। यह विघटन आधुनिक जीवन की सबसे गहरी त्रासदियों में से एक है।

कविता में बार-बार साधारण चेहरों की ओर लौटना इसी विघटन का प्रतिरोध है। कवि किसी अमूर्त समाज की बात नहीं करता; वह व्यक्ति को उसके संबंधों में पहचानना चाहता है। इसलिए अंतिम प्रसंग में वह उस हताश लड़के के बारे में ऐसी बातें पूछता है जिनका किसी सरकारी अभिलेख से कोई संबंध नहीं है। उसे यह जानना ज़्यादा ज़रूरी लगता है कि उसके अपने लोग कौन थे, उसे क्या पसंद था, उसके निजी सपने क्या थे। ऐसे प्रश्न सिर्फ़ भावुकता की उपज नहीं हैं; वे आधुनिक समाज के संबंध-विहीन होते जाने के विरुद्ध खड़े हैं। वे यह याद दिलाते हैं कि मनुष्य का वास्तविक जीवन संस्थागत परिचयों में नहीं, बल्कि उसके आत्मीय संबंधों में बसता है।

समाजशास्त्रीय दृष्टि से यह कविता आधुनिक सार्वजनिक जीवन की एक और बड़ी विडम्बना की ओर संकेत करती है। समाज जितना अधिक संगठित होता गया, उतना ही व्यक्ति अकेला होता गया। संस्थाओं का विस्तार हुआ, लेकिन मानवीय निकटता सिकुड़ती गई। सूचना का प्रवाह बढ़ा, लेकिन एक मनुष्य दूसरे मनुष्य को कम पहचानने लगा। सांस्कृतिक गतिविधियाँ बढ़ीं, पर संस्कृति का मानवीय अर्थ कम होता गया। कविता इन सभी विरोधाभासों को अलग-अलग सिद्धांतों के रूप में नहीं, बल्कि एक ही सामाजिक अनुभव के विविध रूपों के रूप में प्रस्तुत करती है।

रघुवीर सहाय का महत्त्व इस बात में है कि वे आधुनिक समाज की आलोचना करते हुए किसी आदर्श अतीत का निर्माण नहीं करते। वे यह नहीं कहते कि पहले सब कुछ बेहतर था। उनका आग्रह केवल इतना है कि यदि आधुनिकता मनुष्य की गरिमा, उसकी स्मृति, उसकी भाषा और उसके संबंधों को नष्ट कर रही है, तो उस आधुनिकता की पुनर्समीक्षा आवश्यक है। वे व्यवस्था-विरोधी होने के कारण संस्थाओं की आलोचना नहीं करते; वे संस्थाओं की आलोचना इसलिए करते हैं क्योंकि वे मनुष्य के मूल उद्देश्य से दूर चली गई हैं।

‘आत्महत्या के विरुद्ध’ कविता वस्तुत: आधुनिक समाज का एक गहन समाजशास्त्रीय संश्लिष्ट चित्र प्रस्तुत करती है। यह कविता दिखाती है कि अमानवीयता केवल दमनकारी राजनीति से पैदा नहीं होती; वह नौकरशाही की औपचारिकता, सांस्कृतिक प्रतिष्ठानों की विशिष्टता, भाषा की सत्ता, सामाजिक असमानताओं, संबंधों की अस्थिरता और संस्थागत उदासीनता से भी जन्म लेती है। रघुवीर सहाय इन सभी प्रक्रियाओं को एक-दूसरे से जोड़कर देखते हैं। इसलिए उनकी कविता किसी एक संस्था की आलोचना नहीं करती, बल्कि आधुनिक सामाजिक संरचना के भीतर फैलती हुई उस संवेदनहीनता को उजागर करती है जो धीरे-धीरे मनुष्य को स्वयं अपने जीवन से पराया बना देती है। इसी कारण ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ केवल सामाजिक व्यवस्था की आलोचना के बजाय मनुष्यता को पुनः सामाजिक जीवन के केंद्र में स्थापित करने का एक गहरा समाजशास्त्रीय और मानवीय घोषणापत्र बन जाती है।

युर्गन हैबरमास (Jürgen Habermas) के ‘सार्वजनिक क्षेत्र का संरचनात्मक रूपांतरण’ (The Structural Transformation of the Public Sphere) के सिद्धांत के तहत ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ पर नज़र दौड़ाने से ज़ाहिर होता है कि यह कविता लोकतंत्र के औपचारिक ढाँचे की नहीं, बल्कि उसकी आत्मा के संकट की कविता है। यहाँ चुनाव, संसद, समाचारपत्र, विश्वविद्यालय, अकादमी, प्रशासन और सार्वजनिक संस्थाएँ उपस्थित तो हैं, पर वे उस मानवीय संवाद का निर्माण नहीं कर पा रही हैं जो किसी लोकतांत्रिक समाज की आधारशिला होता है। कविता का सबसे गहरा प्रश्न यही है कि यदि लोकतंत्र में बोलने के लिए इतने मंच उपलब्ध हैं, तो फिर मनुष्य की वास्तविक आवाज़ लगातार क्यों ग़ायब होती जा रही है? यदि सार्वजनिक जीवन इतना सक्रिय दिखाई देता है, तो फिर साधारण नागरिक का अनुभव सार्वजनिक चेतना में स्थान क्यों नहीं पाता? इस प्रकार कविता लोकतंत्र की संस्थागत उपस्थिति और लोकतांत्रिक अनुभव के बीच उत्पन्न हो चुकी गहरी दूरी का विश्लेषण करती है।

आधुनिक लोकतांत्रिक समाज के संबंध में यह विचार प्रस्तुत किया गया था कि लोकतंत्र केवल संवैधानिक व्यवस्था नहीं है; वह एक ऐसे सार्वजनिक क्षेत्र पर आधारित होता है जहाँ नागरिक समानता के आधार पर विचारों का आदान-प्रदान करें, सत्ता से सवाल पूछें और तर्कपूर्ण संवाद के माध्यम से सार्वजनिक निर्णयों को प्रभावित करें। इस दृष्टि से लोकतंत्र की शक्ति संसद में कम और नागरिक संवाद में अधिक निहित होती है। रघुवीर सहाय की कविता इसी सार्वजनिक क्षेत्र के विघटन का साक्ष्य प्रस्तुत करती है। कविता में संवाद का स्थान घोषणा ने, विचार-विमर्श का स्थान संपादकीय भाषा ने, सार्वजनिक सहभागिता का स्थान संस्थागत औपचारिकताओं ने और नागरिक की जीवंत आवाज़ का स्थान प्रशासनिक वक्तव्यों ने ले लिया है ।

कविता के शुरू में ही संपादकीय की भाषा पर किया गया व्यंग्य इस संकट की ओर संकेत करता है। संपादकीय को समाज के विवेक का प्रतिनिधि होना चाहिए, किन्तु कविता बतलाती है कि कैसे वह पूर्वनिर्मित वाक्यों और विलंबित नैतिक घोषणाओं का माध्यम बन जाता है। वह जनता के अनुभव को स्वर देने के बजाय यह निर्धारित करता है कि जनता को क्या और कब अनुभव करना चाहिए। सार्वजनिक क्षेत्र का यही विघटन कविता का पहला बड़ा समाज-राजनीतिक संकेत है। संवाद अब नीचे से ऊपर नहीं आता; वह ऊपर से नीचे भेजा जाता है। नागरिक की अनुभूति सार्वजनिक विमर्श का स्रोत नहीं रह जाती; वह महज़ उसका उपभोक्ता बन जाता है।

यही कारण है कि कविता में बार-बार भाषा के खोखलेपन की चर्चा आती है। सार्वजनिक जीवन शब्दों से भरा हुआ है, लेकिन उन शब्दों में अनुभव नहीं है। भाषण हैं, घोषणाएँ हैं, समितियाँ हैं, प्रस्ताव हैं, समाचार हैं, परंतु उनके भीतर जीवित मनुष्य अनुपस्थित है। लोकतंत्र की सबसे बड़ी विडम्बना यहीं दिखाई देती है। बोलने की मात्रा बढ़ गई है, लेकिन सुनने की क्षमता समाप्त होती जा रही है। संवाद का स्थान प्रसारण ने ले लिया है। कविता इसी एकतरफ़ा संप्रेषण की आलोचना करती है।

आकाशवाणी का प्रसंग भी इसी संदर्भ में महत्त्वपूर्ण है। उसका काम समाज की विविध आवाज़ों को सार्वजनिक करना होना चाहिए, लेकिन कविता में वह स्वयं दबे हुए स्वर का प्रतीक बन जाती है। यह केवल अभिव्यक्ति की आज़ादी का सवाल नहीं है। इससे भी अधिक महत्त्वपूर्ण यह है कि सार्वजनिक माध्यम अब बहुस्वरता का प्रतिनिधित्व नहीं करते। वे नागरिकों के बीच संवाद स्थापित करने के बजाय एक आधिकारिक भाषा का विस्तार करते हैं। परिणामस्वरूप लोकतंत्र का सार्वजनिक क्षेत्र धीरे-धीरे संचार का क्षेत्र तो रह जाता है, किन्तु संवाद का क्षेत्र नहीं रह पाता।

इसी प्रकार कविता में समाचारपत्र का चित्रण केवल पत्रकारिता की आलोचना नहीं है। समाचारपत्र सार्वजनिक स्मृति और सार्वजनिक विवेक का निर्माण करता है। यदि वही किसी आदमी की ज़िन्दगी को सिर्फ़ एक छोटी-सी सूचना में बदल दे, उसकी मृत्यु दर्ज करे पर उसके जीवन को भुला दे, तो इसका अर्थ है कि लोकतांत्रिक सार्वजनिक क्षेत्र ने अपने सबसे मूल नैतिक दायित्व को खो दिया है। कविता इस विफलता को गहरे मानवीय स्तर पर उजागर करती है। वह दिखाती है कि सार्वजनिक जीवन में उपस्थित होना और सार्वजनिक रूप से पहचाना जाना दो अलग-अलग बातें हैं। साधारण नागरिक लोकतंत्र में मौजूद तो है, पर उसकी वास्तविक उपस्थिति सार्वजनिक चेतना से अनुपस्थित है।

लोकतांत्रिक समाज का एक और आधार यह माना गया है कि नागरिक संस्थाएँ सत्ता और समाज के बीच सेतु का कार्य करें। विश्वविद्यालय, अकादमी और सांस्कृतिक संस्थाएँ केवल ज्ञान का उत्पादन न करें, बल्कि आलोचनात्मक विवेक को भी विकसित करें। रघुवीर सहाय इस कविता में बतलाते हैं कि कैसे ज़्यादातर संस्थाएँ अपने मक़सद से भटक चुकी दिखाई देती हैं। विश्वविद्यालय स्वतंत्र चिंतन का नहीं, औपचारिक अनुशासन का केंद्र बन जाता है। अकादमी रचनात्मकता के बजाय संस्थागत प्रतिष्ठा का प्रतीक बन जाती है। सांस्कृतिक जीवन सामाजिक चेतना का विस्तार करने के बजाय अपने ही ढाँचों में सीमित हो जाता है। नतीजतन सार्वजनिक क्षेत्र का वह आलोचनात्मक चरित्र समाप्त होने लगता है जो लोकतंत्र को ज़िंदा रखता है।

कविता का एक उल्लेखनीय पहलू यह भी है कि वह राजनीति की आलोचना करते हुए राजनीति की ज़रूरत से इनकार नहीं करती। इसके विपरीत, वह राजनीति के मूल उद्देश्य की याद दिलाती है। राजनीति का वास्तविक अर्थ साझा सार्वजनिक जीवन का निर्माण है—ऐसा जीवन जहाँ मनुष्य एक-दूसरे को देख सकें, सुन सकें और समान गरिमा के साथ उपस्थित हो सकें। कविता दिखाती है कि आधुनिक लोकतंत्र में यही साझा संसार विघटित हो गया है। लोग एक ही समाज में रहते हैं, पर उनके बीच अनुभवों की साझेदारी समाप्त होती जा रही है। संस्थाएँ मौजूद हैं, लेकिन सार्वजनिक आत्मीयता अनुपस्थित है।

इस विघटन का सबसे स्पष्ट प्रमाण कविता में बार-बार उपस्थित साधारण मनुष्य हैं। उन्हें लोकतंत्र के केंद्र में होना चाहिए , पर वे उसके हाशिए पर पहुँच गए हैं। कवि जब भीड़ के भीतर एक अकेले चेहरे पर ठहरता है, जब किसी घायल व्यक्ति की ओर लौटता है, जब किसी बच्चे की मौजूदगी को बचाता है, या जब एक मृत युवक के जीवन के बारे में ऐसे प्रश्न उठाता है जिनका उत्तर किसी सरकारी अभिलेख में नहीं मिलेगा, तब वह केवल करुणा व्यक्त नहीं कर रहा होता। वह लोकतंत्र की मूल अवधारणा की पुनर्स्थापना कर रहा होता है। प्रकारांतर से वह यह कह रहा है कि सार्वजनिक संसार की वास्तविक इकाई संस्था नहीं, मनुष्य है।

यहीं कविता लोकतंत्र की नैतिक सीमाओं की ओर भी संकेत करती है। केवल मतदान, संसद और संवैधानिक प्रक्रियाएँ किसी समाज को लोकतांत्रिक नहीं बनातीं। यदि सार्वजनिक जीवन में साधारण नागरिक की आवाज़ अदृश्य हो जाए, यदि उसकी पीड़ा सार्वजनिक विमर्श का हिस्सा न बने, यदि उसका जीवन सिर्फ़ आँकड़ों में सिमट जाए, तो लोकतंत्र अपनी आत्मा खोने लगता है। कविता इसी आत्मा की खोज करती है।

कविता में बार-बार उपस्थित विखंडन भी सार्वजनिक क्षेत्र के टूटने का रूपक है। समाज अनेक संस्थाओं में विभाजित है, लेकिन उनके बीच कोई जीवंत  संबंध नहीं बचा। प्रशासन अपनी भाषा बोलता है, मीडिया अपनी, विश्वविद्यालय अपनी और राजनीति अपनी। इन सबके बीच साधारण मनुष्य का अनुभव कहीं खो जाता है। सार्वजनिक क्षेत्र का अर्थ विभिन्न अनुभवों का मिलन होता है, किन्तु कविता बतलाती है कि आज कैसे वे अनुभव समानांतर संसारों में बँट गए हैं। इसीलिए संवाद असंभव होता जा रहा है।

कविता का अंतिम घरेलू प्रसंग इस पूरे संकट का सबसे गहरा उत्तर प्रस्तुत करता है। जहाँ सार्वजनिक भाषा विफल हो जाती है, वहाँ एक बच्ची का साधारण पत्र मनुष्यता को बचा लेता है। यह प्रसंग बेहद महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि यह दिखाता है कि सार्वजनिक संसार का पुनर्निर्माण केवल राजनीतिक संस्थाओं से नहीं होगा; वह मानवीय संबंधों, आत्मीय संवाद और स्मृति की पुनर्स्थापना से होगा। लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति भी अंततः इन्हीं मानवीय संबंधों से आती है।

इस प्रकार ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ लोकतंत्र की संस्थागत संरचना की अपेक्षा उसकी नैतिक और संवादात्मक संरचना की अधिक गहरी पड़ताल करती है। यह कविता पाठक को महसूस कराती है कि लोकतंत्र तब संकट में पड़ता है जब सार्वजनिक भाषा अनुभव से कट जाती है, जब संवाद प्रचार में बदल जाता है, जब नागरिक की आवाज़ प्रशासनिक भाषा के नीचे दब जाती है, जब संस्थाएँ समाज की सेवा करने के बजाय स्वयं अपने अस्तित्व का औचित्य सिद्ध करने लगती हैं और जब साझा सार्वजनिक संसार की जगह समानांतर, असंबद्ध और संवेदनहीन संरचनाएँ ले लेती हैं।

रघुवीर सहाय का महत्त्व इस बात में है कि वे इस विघटन का केवल शोक नहीं मनाते। वे कविता के माध्यम से एक वैकल्पिक सार्वजनिक क्षेत्र का निर्माण करते हैं। उनकी कविता स्वयं वह स्थान बन जाती है जहाँ साधारण मनुष्य बोल सकता है, जहाँ उसकी स्मृति सुरक्षित रह सकती है, जहाँ उसकी पीड़ा केवल निजी घटना न रहकर सामूहिक नैतिक अनुभव बन जाती है। इस अर्थ में ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ लोकतंत्र की आलोचना भर नहीं है; वह लोकतांत्रिक चेतना की पुनर्स्थापना का भी एक सृजनात्मक प्रयास है। कविता हमें यह याद दिलाती है कि लोकतंत्र की वास्तविक कसौटी संस्थाओं की संख्या नहीं, बल्कि यह है कि क्या उनमें अब भी किसी अनाम, साधारण और उपेक्षित मनुष्य की आवाज़ सुनाई देती है। यदि वह आवाज़ अनुपस्थित है, तो लोकतंत्र की सबसे बड़ी विफलता वहीं से आरम्भ होती है।

मनोविश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ का विश्लेषण करते हुए प्रतीत होता है कि यह कविता केवल सामाजिक यथार्थ का चित्रण नहीं करती, बल्कि उस सामूहिक मानसिक संसार का भी अनावरण करती है जिसे आधुनिक समाज अपनी संस्थाओं, राजनीति, भाषा और सांस्कृतिक व्यवहारों के भीतर निर्मित करता है। यह कविता मनुष्य के बाहरी जीवन से अधिक उसके भीतरी संसार की विडम्बनाओं को समझने का प्रयास करती है। यहाँ भय केवल राजनीतिक नहीं है, अपराधबोध केवल नैतिक नहीं है, पागलपन केवल चिकित्सकीय नहीं है और आत्महत्या केवल एक व्यक्तिगत निर्णय नहीं है। ये सभी आधुनिक सामाजिक जीवन की ऐसी मानसिक अवस्थाएँ हैं, जो सामूहिक अनुभव का हिस्सा बन चुकी हैं। इसलिए इस कविता को आधुनिक भारतीय समाज के सामूहिक मनोविज्ञान का एक गहरा तहज़ीबी दस्तावेज़ भी कहा जा सकता है।

कविता का शीर्षक विशेष महत्त्व रखता है। आत्महत्या यहाँ केवल शरीर के नष्ट होने का प्रश्न नहीं है। पूरी कविता यह संकेत करती है कि मनुष्य बहुत पहले अपने भीतर मरना शुरू कर देता है। उसका आत्मविश्वास, उसका नैतिक साहस, उसकी आलोचनात्मक चेतना, उसकी संवेदना और उसका प्रतिरोध क्रमशः क्षीण होते जाते हैं। जब मनुष्य अपने ही अनुभव पर विश्वास खो देता है, तब आत्महत्या केवल एक अंतिम घटना रह जाती है; उसका मानसिक आरम्भ बहुत पहले हो चुका होता है। कविता इसी आंतरिक विघटन की प्रक्रिया का अन्वेषण करती है।

पूरी कविता में एक ऐसा वातावरण निर्मित होता है जिसमें बेचैनी लगातार उपस्थित है, पर उसका कोई स्पष्ट कारण दिखाई नहीं देता। सार्वजनिक जीवन सक्रिय है, संस्थाएँ काम कर रही हैं, समाचार प्रसारित हो रहे हैं, सभाएँ आयोजित हो रही हैं, किंतु इन सबके बीच एक गहरा मानसिक रिक्ति-बोध व्याप्त है। यही वह स्थिति है जहाँ आधुनिक मनुष्य बाहरी रूप से सामान्य दिखाई देता है, पर भीतर से लगातार टूट रहा होता है। कविता इस भीतरी टूटन को किसी एक पात्र की समस्या नहीं बनाती; वह इसे पूरे समाज की मानसिक संरचना के रूप में प्रस्तुत करती है।

कविता में बार-बार लौटने वाला भय इसी सामूहिक मानसिक संरचना का सबसे महत्त्वपूर्ण संकेत है। यह भय प्रत्यक्ष हिंसा का भय नहीं है। व्यक्ति को हर समय कोई जेल में डालने या दंडित करने वाला दिखाई नहीं देता, फिर भी वह आज़ाद नहीं है। वह बोलने से पहले रुकता है, सोचने से पहले डरता है, विरोध करने से पहले ख़ुद को समझा लेता है। इस प्रकार भय बाहरी शक्ति से अधिक भीतर की आदत बन चुका है। कविता इस आंतरिकीकृत भय को रेखांकित करती है। यही कारण है कि उसका सबसे बड़ा संघर्ष बाहरी शत्रु से नहीं, भीतर बैठे हुए भय से है।

इस संदर्भ में कविता का वह आत्मस्वीकृतिपूर्ण क्षण महत्त्वपूर्ण लगने लगता है जहाँ कवि अपने भीतर की कायरता से सामना करता है। यह स्वीकारोक्ति किसी निजी दुर्बलता की स्वीकारोक्ति नहीं है। यह आधुनिक मनुष्य की सामूहिक मनोदशा की पहचान है। समाज सिर्फ़ बहादुर लोगों से नहीं बना होता; वह उन असंख्य लोगों से भी बना होता है जो भीतर से भयभीत हैं, लेकिन अपने भय को सामान्य जीवन की आदत बना चुके हैं। कविता इसी सामान्यीकृत कायरता को तोड़ना चाहती है। इसलिए उसका संघर्ष नैतिक होने के साथ-साथ मनोवैज्ञानिक भी है।

मनोविश्लेषण यह मानता है कि मनुष्य का व्यक्तित्व केवल उसकी चेतन इच्छाओं से निर्मित नहीं होता; उसके भीतर दबी हुई इच्छाएँ, भय, स्मृतियाँ और अस्वीकार किए गए अनुभव भी सक्रिय रहते हैं। रघुवीर सहाय की कविता में भी अनेक ऐसे अनुभव हैं जो सीधे नहीं बोले जाते, बल्कि वातावरण, संकेतों और बिंबों के माध्यम से उपस्थित होते हैं। पूरी कविता में जो बेचैनी फैली हुई है, वह किसी एक घटना का परिणाम नहीं है। वह उन असंख्य दबे हुए अनुभवों का संचय है जिन्हें समाज ने कभी व्यक्त होने का अवसर नहीं दिया।

यही कारण है कि कविता में कई बार भाषा टूटती हुई दिखाई देती है। वाक्य अचानक रुक जाते हैं, दृश्य बदल जाते हैं, अनुभव खंडित रूप में सामने आते हैं। यह सिर्फ़ आधुनिकतावादी शिल्प नहीं है। यह उस मानसिक विखंडन का कलात्मक रूप है जिसमें चेतना किसी एक स्थिर केंद्र पर टिक नहीं पाती। मनुष्य के भीतर अनेक असंपूर्ण अनुभव एक साथ सक्रिय रहते हैं। कविता उसी अस्थिर मानसिक प्रवाह को भाषा का रूप देती है।

‘भाँय-भाँय’ जैसा ध्वन्यात्मक बिंब इस दृष्टि से विशेष रूप से उल्लेखनीय है। यह केवल किसी स्थान का सन्नाटा नहीं है। यह भीतर की रिक्तता का श्रव्य रूप है। बाहर शोर हो सकता है, लेकिन मनुष्य के भीतर एक ऐसा ख़ालीपन पैदा हो चुका है जहाँ कोई अर्थ नहीं बचता। आधुनिक जीवन की यही मानसिक वीरानी कविता के अनेक प्रसंगों में दिखाई देती है। यह रिक्तता इसलिए अधिक भयावह है कि वह दिखाई नहीं देती। मनुष्य अपने दैनिक कार्य करता रहता है, पर भीतर से लगातार अर्थहीनता का अनुभव करता रहता है।

कविता में पागलपन का प्रसंग भी बहुत गहरे मनोवैज्ञानिक अर्थ ग्रहण करता है। यहाँ पागल होना किसी रोग का नाम नहीं है। यह उस सामाजिक स्थिति का संकेत है जहाँ मनुष्य और व्यवस्था के बीच का संबंध इतना अस्वाभाविक हो चुका है कि सामान्य बने रहने के लिए भी असामान्य समझौते करने पड़ते हैं। कविता इसी विडम्बना को सामने लाती है कि ऐसी परिस्थितियों में विवेकहीनता को पुरस्कार मिलने लगता है और संवेदनशीलता बोझ बन जाती है। इससे यह स्पष्ट होता है कि समाज की मानसिक संरचना स्वयं विकृत हो चुकी है।

मनोविश्लेषण का एक उल्लेखनीय पहलू अपराधबोध का अध्ययन भी है। कविता में अपराधबोध प्रत्यक्ष रूप से व्यक्त नहीं होता, लेकिन उसकी उपस्थिति लगातार महसूस होती है। कवि स्वयं को भी इस संकट से बाहर नहीं रखता। वह व्यवस्था की आलोचना करते हुए अपनी भूमिका पर भी प्रश्न उठाता है। यह आत्मालोचन केवल नैतिक ईमानदारी नहीं है; यह उस दबी हुई जिम्मेदारी का उद्भव भी है जिसे मनुष्य लंबे समय तक टालता रहा है। कविता का आत्मसंवाद इसी कारण विश्वसनीय बनता है। कवि  दूसरों के दोष गिनाकर स्वयं को निर्दोष सिद्ध नहीं करता ।

पूरी कविता में एक और महत्त्वपूर्ण मानसिक प्रक्रिया दिखाई देती है—वह है आक्रामकता का दमन। समाज में अन्याय है, अपमान है, असमानता है, लेकिन उसका प्रतिरोध बहुत कम दिखाई देता है। इसका अर्थ यह नहीं कि आक्रोश समाप्त हो गया है। वह भीतर दबा हुआ है और धीरे-धीरे आत्मविनाश में बदल रहा है। जब मनुष्य अन्याय के वास्तविक स्रोत पर प्रहार नहीं कर पाता, तब उसकी आक्रामकता ख़ुद उसी के ख़िलाफ़ मुड़ने लगती है। यही वह स्थिति है जहाँ आत्महत्या केवल व्यक्तिगत निर्णय नहीं रह जाती; वह सामाजिक रूप से उत्पन्न मानसिक ऊर्जा का उलटा प्रवाह बन जाती है। कविता इस भयावह प्रक्रिया को चिह्नित करती है।

आधुनिक मनुष्य की स्वतंत्रता भी इस कविता का एक महत्त्वपूर्ण मनोवैज्ञानिक प्रश्न है। अमूमन यह माना जाता है कि स्वतंत्रता मनुष्य की सबसे बड़ी आकांक्षा है, किन्तु आधुनिक समाज का अनुभव कई बार इसके विपरीत दिखाई देता है। स्वतंत्र होना उत्तरदायित्व स्वीकार करना भी है, और उत्तरदायित्व अनेक लोगों को भयभीत करता है। इसलिए वे सुरक्षित अधीनता को स्वतंत्रता से अधिक सुविधाजनक मान लेते हैं। उल्लेखनीय है कि राजेन्द्र यादव ने ‘ग़ुलामी का आनन्द और स्वत्रंता के ख़तरे’ विनिबन्ध में इस विसंगति का गहरा विवेचन किया है।  कविता बार-बार ऐसे पात्रों और स्थितियों को सामने लाती है जहाँ व्यक्ति अपनी नैतिक स्वतंत्रता छोड़कर संस्थाओं, आदेशों, पदों और प्रक्रियाओं के पीछे छिप जाता है। वह स्वयं निर्णय नहीं लेना चाहता; वह चाहता है कि कोई और उसके स्थान पर निर्णय ले। इस प्रकार अधीनता धीरे-धीरे मानसिक सुविधा में बदल जाती है।

इसी संदर्भ में कविता का सबसे महत्त्वपूर्ण प्रतिरोध सामने आता है। कवि यह स्वीकार नहीं करता कि मनुष्य हमेशा भय का बंदी बना रहेगा। वह भीतर की जड़ता को तोड़ने की बात करता है। यह टूटन किसी बाहरी क्रांति का परिणाम नहीं है; यह आत्मिक साहस का परिणाम है। मनोविश्लेषणात्मक दृष्टि से देखें तो यह दमन से मुक्ति का क्षण है। जो भय लंबे समय से भीतर दबा हुआ था, वही अब चेतना में आकर परिवर्तन की संभावना बनता है।

कविता में बच्चे की मौजूदगी भी मनोवैज्ञानिक दृष्टि से अर्थपूर्ण है। बच्चा यहाँ केवल भविष्य का प्रतीक नहीं है। वह उस निष्कलुष चेतना का प्रतिनिधि है जो अभी तक सामाजिक दमन और मानसिक समझौतों से पूरी तरह आक्रांत नहीं हुई। इसी कारण कविता बार-बार बच्चे की ओर लौटती है। वह उसके भीतर उस मानवीय संभावना को देखती है जिसे वयस्क समाज खो चुका है।

अंतिम प्रसंग में मृत युवक के जीवन के बारे में उठाए गए प्रश्न भी मनोविश्लेषणात्मक अर्थ ग्रहण करते हैं। वे सिर्फ़ याददाश्त के सवाल नहीं हैं; वे उस व्यक्तित्व को पुनर्निर्मित करने का प्रयास हैं जिसे समाज ने केवल उसकी मृत्यु तक सीमित कर दिया। किसी व्यक्ति को उसके संबंधों, उसकी पसंद, उसकी छोटी-छोटी इच्छाओं और उसके अधूरे शब्दों के माध्यम से याद करना वस्तुतः उसके आंतरिक संसार को पुनः जीवित करना है। कविता यही करती है। वह मनुष्य को उसकी मृत्यु से नहीं, उसके मानस से पहचानती है।

इस प्रकार ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ आधुनिक समाज के सामूहिक मानस का एक विलक्षण चित्रण प्रस्तुत करती है। यह कविता दिखाती है कि सामाजिक संकट केवल आर्थिक, राजनीतिक या संस्थागत नहीं होते; वे धीरे-धीरे मनुष्य के भीतर घर बना लेते हैं। भय स्वभाव बन जाता है, मौन आदत बन जाता है, समझौता विवेक का स्थान ले लेता है, दबी हुई आक्रामकता आत्मविनाश में बदल जाती है और स्वतंत्रता का दायित्व अधीनता की सुविधा के सामने पराजित होने लगता है। रघुवीर सहाय इस पूरी मानसिक संरचना को असाधारण सूक्ष्मता से पहचानते हैं। इसलिए उनकी कविता केवल बाहरी व्यवस्था का प्रतिरोध नहीं करती; वह मनुष्य के भीतर जमे हुए उस अदृश्य मनोवैज्ञानिक कारागार को भी तोड़ना चाहती है जिसने आधुनिक नागरिक को धीरे-धीरे अपने ही अस्तित्व से अपरिचित बना दिया है। यही कारण है कि ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ का वास्तविक संघर्ष मृत्यु के विरुद्ध नहीं, बल्कि उस मानसिक पराजय के विरुद्ध है जो मनुष्य को जीते-जी अपने जीवन से विमुख कर देती है।

सबाल्टर्न अध्ययन, सांस्कृतिक अध्ययन और उत्तर-औपनिवेशिक दृष्टि के संयुक्त परिप्रेक्ष्य में अगर इस कविता को पढ़ा जाए, तो यह स्पष्ट होता है कि यह कविता केवल सत्ता की आलोचना नहीं करती, बल्कि उस पूरी सांस्कृतिक संरचना का विश्लेषण करती है जिसके भीतर कुछ आवाज़ें लगातार सुनी जाती हैं और कुछ आवाज़ें लगातार दबा दी जाती हैं; कुछ अनुभव इतिहास का हिस्सा बनते हैं और कुछ अनुभव इतिहास के बाहर छोड़ दिए जाते हैं; कुछ भाषाएँ प्रतिष्ठा प्राप्त करती हैं और कुछ अदृश्य बना दी जाती हैं। इस अर्थ में कविता आधुनिक भारतीय समाज में सत्ता, संस्कृति और भाषा के अंतर्संबंधों की गहरी पड़ताल करती है।

कविता का सबसे उल्लेखनीय पहलू यह है कि उसका केंद्र कभी भी सत्ता का प्रतिनिधि नहीं बनता। सत्ता के पात्र उपस्थित अवश्य हैं, लेकिन कविता की संवेदना बार-बार उन लोगों की ओर लौटती है जो सार्वजनिक जीवन के किनारों पर रहते हैं। हताश लड़का, रामलाल, मज़दूर, मिस्त्री, कस्बे का जीवन, बच्चा, साधारण नागरिक—ये सभी ऐसे चरित्र हैं जिनके बिना समाज का वास्तविक इतिहास नहीं बन सकता, लेकिन जिनकी उपस्थिति आधिकारिक इतिहास में लगभग अनुपस्थित रहती है। कविता इन्हें दया के पात्र बनाकर प्रस्तुत नहीं करती; वह इनके माध्यम से इतिहास की संरचना पर सवाल उठाती है।

यहीं गायत्री चक्रवर्ती स्पिवाक द्वारा उठाया गया सबाल्टर्न विमर्श का सबसे केंद्रीय प्रश्न सामने आता है—क्या समाज के सबसे हाशिए पर स्थित मनुष्य वास्तव में ख़ुद बोल पाते हैं, या उनके स्थान पर हमेशा कोई दूसरा बोलता है? ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ कविता का उत्तर इस प्रश्न को मार्मिक ढंग से सामने लाता है। पूरी कविता में साधारण मनुष्य बहुत कम बोलता है; उसके बारे में अधिक बोला जाता है। संपादकीय बोलता है, नेता बोलता है, अकादमी बोलती है, डॉक्टर बोलता है, भाषाविद बोलता है, समाचारपत्र बोलता है, लेकिन जिन लोगों के जीवन पर ये सारे निर्णय प्रभाव डालते हैं, उनकी अपनी आवाज़ लगातार अनुपस्थित रहती है।

यह अनुपस्थिति कविता की सबसे बड़ी राजनीतिक खोज है। यहाँ मौन किसी व्यक्ति की चुप्पी नहीं है; वह सत्ता-संबंधों द्वारा निर्मित मौन है। साधारण मनुष्य इसलिए मौन नहीं है कि उसके पास अनुभव नहीं हैं; वह इसलिए मौन है क्योंकि उसकी भाषा सार्वजनिक भाषा का हिस्सा नहीं बन पाती। कविता इसी मौन को सुनने का प्रयास करती है।

कविता में हताश लड़के का प्रसंग इस दृष्टि से निर्णायक है। उसकी मृत्यु के बाद पूरा सार्वजनिक तंत्र उसके जीवन को एक सूचना में बदल देता है। लेकिन कविता उस सूचना को स्वीकार नहीं करती। वह उसके जीवन की उन बातों को खोजती है जो किसी सरकारी अभिलेख या समाचार में कभी नहीं आएँगी। यह खोज केवल भावनात्मक नहीं है; यह इतिहास-लेखन की पद्धति पर प्रश्न है। कविता यह मानने से इनकार करती है कि किसी मनुष्य का जीवन-सन्दर्भ सिर्फ़ केवल उसकी मृत्यु की सूचना में अँट सकता है। वह उसके संबंधों, उसकी स्मृतियों, उसकी छोटी-छोटी इच्छाओं और उसकी निजी दुनिया को इतिहास का हिस्सा बनाना चाहती है। यही वह बिंदु है जहाँ कविता हाशिए के मनुष्य को केवल विषय नहीं, बल्कि इतिहास का वास्तविक केंद्र बनाती है।

कविता के रामलाल का चरित्र भी इसी अर्थ में उल्लेखनीय है। वह किसी विचारधारा का प्रतिनिधि नहीं, बल्कि उस सामान्य श्रमिक जीवन का प्रतीक है जिसे समाज प्रतिदिन देखता है, लेकिन कभी वास्तव में पहचानता नहीं। उसका कुचला हुआ शरीर केवल व्यक्तिगत दुर्घटना नहीं है; वह उस सामाजिक व्यवस्था का दृश्य रूप है जिसमें श्रम दिखाई देता है, श्रमिक नहीं। कविता इस अदृश्यता का प्रतिरोध करती है। वह व्यक्ति को उसकी सामाजिक उपयोगिता से नहीं, उसकी मानवीय उपस्थिति से पहचानती है।

मिस्त्री, कस्बे और साधारण श्रमिकों के प्रसंग भी यही संकेत करते हैं कि आधुनिक विकास की कथा हमेशा महानगरों, योजनाओं और घोषणाओं के इर्द-गिर्द लिखी जाती है, जबकि वास्तविक जीवन उन छोटे स्थानों में घटित होता है जहाँ लोग अपने श्रम और असुरक्षा के साथ जीवित रहते हैं। कविता कस्बे को केवल भौगोलिक स्थान नहीं बनाती; वह उसे उस सामाजिक यथार्थ का प्रतीक बना देती है जो राष्ट्रीय विमर्श में लगातार उपेक्षित रहता है।

‘आत्महत्या के विरुद्ध’ सांस्कृतिक अध्ययन की दृष्टि से भी असाधारण रूप से समृद्ध दिखाई देती है। कवि संस्कृति को केवल साहित्य, संगीत या कला के रूप में नहीं देखती; वह रेडियो, समाचारपत्र, विज्ञापन, भाषा, सार्वजनिक घोषणाओं और संस्थागत व्यवहार को भी सांस्कृतिक संरचना का हिस्सा मानता है। आधुनिक समाज में जनचेतना केवल राजनीतिक भाषणों से निर्मित नहीं होती; वह प्रतिदिन प्रसारित होने वाली सूचनाओं, छवियों, प्रतीकों और भाषिक व्यवहारों से भी निर्मित होती है। रघुवीर सहाय इस पूरी प्रक्रिया को बड़ी सूक्ष्मता से पकड़ते हैं।

आकाशवाणी का प्रसंग केवल प्रसारण माध्यम की आलोचना नहीं है। वह इस बात का संकेत है कि आधुनिक संचार माध्यम समाज की सामूहिक चेतना का निर्माण करते हैं। वे केवल समाचार नहीं देते; वे यह भी तय करते हैं कि किन विषयों पर सोचा जाएगा, किन अनुभवों को महत्त्व मिलेगा और किन आवाज़ों को अनसुना कर दिया जाएगा। इस प्रकार संस्कृति धीरे-धीरे संचार की राजनीति से जुड़ जाती है।

समाचारपत्र का चित्रण भी इसी सांस्कृतिक प्रक्रिया का हिस्सा है। समाचार केवल तथ्य प्रस्तुत नहीं करता; वह सामाजिक स्मृति का निर्माण भी करता है। जब किसी साधारण मनुष्य का जीवन एक छोटी-सी सूचना में सिमट जाता है, तब संस्कृति भी उसी अनुपात में संवेदनहीन होती जाती है। कविता इस सांस्कृतिक संवेदनहीनता का प्रतिरोध करती है।

विज्ञापन संबंधी प्रसंग आधुनिक उपभोक्तावादी संस्कृति की गहरी आलोचना प्रस्तुत करता है। बच्चे के चेहरे को विज्ञापन की छवि से अलग करके देखने का आग्रह वस्तुतः बाज़ार द्वारा निर्मित कृत्रिम सौंदर्यशास्त्र के विरुद्ध है। उपभोक्तावादी संस्कृति मनुष्य को उसकी वास्तविक उपस्थिति से अधिक उसकी बाज़ारू छवि में बदल देती है। चेहरा अनुभव का नहीं, प्रदर्शन का माध्यम बन जाता है। कविता इस कृत्रिम सांस्कृतिक संरचना को अस्वीकार करती है। वह जीवित शरीर, वास्तविक स्पर्श और मानवीय संबंध को बाज़ार की निर्मित छवियों से अधिक विश्वसनीय मानती है।

कविता में बार-बार भाषा पर लौटना भी सांस्कृतिक अध्ययन की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण है। भाषा यहाँ केवल संप्रेषण का साधन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक शक्ति का माध्यम है। जो भाषा प्रतिष्ठित है, वही सामाजिक अधिकार प्राप्त करती है। जो भाषा साधारण लोगों के अनुभव से जुड़ी है, वह सार्वजनिक प्रतिष्ठा से वंचित रहती है। इस प्रकार भाषा स्वयं सामाजिक विभाजन का माध्यम बन जाती है।

यहीं से कविता उत्तर-औपनिवेशिक प्रश्नों की ओर बढ़ती है। राजनीतिक स्वतंत्रता प्राप्त हो जाने के बाद भी औपनिवेशिक सत्ता की मानसिक और सांस्कृतिक संरचनाएँ समाप्त नहीं हो जातीं। वे प्रशासन, शिक्षा, भाषा और सामाजिक प्रतिष्ठा के भीतर जीवित रहती हैं। कविता बार-बार इस मानसिक उपनिवेशवाद की ओर संकेत करती है।

‘अँगरेज़ी की अवध्य गाय’ जैसी अभिव्यक्ति केवल भाषा पर व्यंग्य नहीं है। यह उस मानसिक संरचना की आलोचना है जिसमें अंग्रेज़ी केवल एक भाषा नहीं रह जाती, बल्कि सामाजिक प्रतिष्ठा, प्रशासनिक अधिकार और सांस्कृतिक श्रेष्ठता का प्रतीक बन जाती है। कविता अंग्रेज़ी का विरोध नहीं करती; वह उस मानसिकता की आलोचना करती है जो भाषा को शक्ति और मनुष्य को उसकी भाषा के आधार पर श्रेणियों में बाँट देती है।

इसी प्रकार प्रशासनिक व्यवहार भी औपनिवेशिक संस्कृति की निरंतरता का संकेत देता है। जनता और राज्य के बीच संबंध साझेदारी का नहीं, आदेश और अधीनता का दिखाई देता है। लोकतांत्रिक संस्थाएँ मौजूद हैं, लेकिन उनके व्यवहार में औपनिवेशिक दूरी बनी रहती है। साधारण नागरिक अब भी व्यवस्था के सामने स्वयं को छोटा और असहाय अनुभव करता है। कविता इस मानसिक संरचना को पहचानती है।

कविता का एक और विचारणीय पहलू यह है कि वह औपनिवेशिक मानसिकता को केवल सत्ता के भीतर नहीं, समाज के भीतर भी खोजती है। भाषा, शिक्षा, सांस्कृतिक प्रतिष्ठा और बौद्धिक व्यवहार में श्रेष्ठता की जो भावना दिखाई देती है, वह उसी विरासत का हिस्सा है। परिणाम यह होता है कि साधारण नागरिक अपनी भाषा, अपने अनुभव और अपने ज्ञान पर स्वयं विश्वास खोने लगता है। सांस्कृतिक पराधीनता यहीं से शुरू होती है।

इन तीनों दृष्टियों को एक साथ रखें तो स्पष्ट होता है कि रघुवीर सहाय की कविता केवल राजनीतिक प्रतिरोध की कविता नहीं है। वह यह दिखाती है कि हाशिए पर पड़े हुए मनुष्य की आवाज़ क्यों नहीं सुनाई देती, जनचेतना का निर्माण किन सांस्कृतिक माध्यमों से होता है, और औपनिवेशिक मानसिकता किस प्रकार स्वतंत्र समाज के भीतर भी जीवित रहती है। सत्ता यहाँ केवल सरकार में नहीं है; वह भाषा में है, समाचार में है, विज्ञापन में है, सांस्कृतिक संस्थाओं में है और सामाजिक प्रतिष्ठा के मानकों में भी है।

इस प्रकार ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ आधुनिक भारतीय समाज के सांस्कृतिक और वैचारिक ढाँचे की गहरी आलोचना प्रस्तुत करती है। यह कविता इतिहास के हाशिए पर पड़े मनुष्यों को केंद्र में लाती है, जनसंचार माध्यमों द्वारा निर्मित कृत्रिम सामाजिक चेतना का निषेध करती हुई यह उजागर करती है कि राजनीतिक स्वतंत्रता तब तक अधूरी है, जब तक भाषा, संस्कृति और सार्वजनिक जीवन के भीतर छिपी हुई औपनिवेशिक संरचनाएँ सक्रिय बनी रहती हैं। रघुवीर सहाय की दृष्टि की शक्ति इसी में है कि वे इन तीनों स्तरों—हाशियाकरण, सांस्कृतिक निर्माण और औपनिवेशिक मानसिकता—को अलग-अलग नहीं देखते, बल्कि आधुनिक भारतीय लोकतंत्र के एक ही जटिल अनुभव के परस्पर जुड़े हुए आयामों के रूप में प्रस्तुत करते हैं। उनकी कविता अंततः इसी मानवीय आग्रह पर आकर टिकती है कि जब तक सबसे साधारण मनुष्य की आवाज़, उसकी भाषा और उसकी स्मृति सार्वजनिक जीवन में सम्मानपूर्वक उपस्थित नहीं होगी, तब तक लोकतंत्र भी अधूरा रहेगा और संस्कृति भी।

इस कविता के मीडिया-विमर्श को समझने के लिए स्टुअर्ट हॉल (Stuart Hall) का चिन्तन विशेष रूप से प्रासंगिक है। हॉल का मानना था कि मीडिया केवल घटनाओं को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत नहीं करता, बल्कि वह वास्तविकता का एक विशिष्ट संस्करण निर्मित करता है। समाचार का चयन, भाषा, प्रस्तुति और ज़ोर इस बात को तय करते हैं कि समाज किन घटनाओं को महत्त्वपूर्ण मानेगा और किन्हें नज़रअंदाज़ कर देगा। दूसरे शब्दों में, मीडिया केवल सूचना का वाहक नहीं, बल्कि अर्थ-निर्माण (Meaning-making) की एक सक्रिय सांस्कृतिक संस्था है।

‘आत्महत्या के विरुद्ध’ इसी प्रक्रिया को उजागर करती है। कविता में समाचारपत्र, आकाशवाणी, संपादकीय और सार्वजनिक घोषणाएँ लगातार मौजूद  हैं, लेकिन वे मनुष्य के वास्तविक जीवन को उसके पूरे मानवीय संदर्भ के साथ प्रस्तुत नहीं करतीं। वे सूचना देती हैं, पर अनुभव नहीं; घटना दर्ज करती हैं, पर उसके भीतर छिपी हुई मानवीय त्रासदी को अदृश्य कर देती हैं। कविता मीडिया की उस प्रवृत्ति की आलोचना करती है जो मनुष्य को उसकी जीवित उपस्थिति से अलग करके केवल एक समाचार में बदल देती है।

स्टुअर्ट हॉल के नज़रिए से देखें तो ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ मीडिया के प्रतिनिधित्व (Representation) की राजनीति पर सवाल उठाती है। कविता का केंद्रीय आग्रह यह है कि मीडिया केवल यह नहीं तय करता कि क्या दिखाया जाएगा, बल्कि यह भी तय करता है कि क्या छिपा रहेगा। इसी कारण कविता सूचना और संवेदना के बीच बढ़ती हुई दूरी को आधुनिक सार्वजनिक जीवन के सबसे गंभीर संकटों में से एक मानती है।

इस कविता का एक केंद्रीय सरोकार भाषा का नैतिक और राजनीतिक संकट है। कविता बार-बार यह दिखाती है कि सार्वजनिक जीवन में प्रचलित भाषा धीरे-धीरे अपने वास्तविक अर्थ खो चुकी है। ‘समय आ गया है जैसा वाक्य पूरी कविता में अनेक प्रसंगों में लौटता है, किंतु हर बार उसका इस्तेमाल  इस विडम्बना को उद्घाटित करता है कि राजनीतिक और संस्थागत भाषा में शब्द बचे रहते हैं, जबकि उनका नैतिक आशय समाप्त हो जाता है। घोषणाएँ, संपादकीय, भाषण और सरकारी बयान बदलाव का आश्वासन तो देते हैं, पर वे यथास्थिति को ही बनाए रखते हैं। इस प्रकार भाषा संवाद का माध्यम न रहकर एक औपचारिक कर्मकांड में बदल जाती है।

इसके विपरीत कविता ऐसी भाषा की खोज करती है जो मनुष्य के वास्तविक अनुभव से जुड़ी हो। यही वजह है कि कविता में राजनीतिक वक्तव्य, प्रशासनिक भाषा, समाचारपत्र की भाषा, अकादमिक भाषा, बच्चे की भाषा, साधारण नागरिक की भाषा और कवि के आत्मसंवाद—सभी एक साथ उपस्थित हैं। मिखाइल बख्तिन (Mikhail Bakhtin) की शब्दावली में कहें तो इन अनेक स्वरों के कारण कविता एक बहुध्वन्यात्मक संरचना (Polyphonic strucrure) निर्मित करती है, जहाँ कोई एक आवाज़ अंतिम सत्य का दावा नहीं करती। प्रत्येक स्वर अपने साथ एक विशिष्ट सामाजिक अनुभव और वैचारिक स्थिति लेकर आता है। इस नज़रिए से कविता आधुनिक भारतीय समाज के विविध भाषिक संसारों का जीवंत मानचित्र बन जाती है।

राजनीतिक भाषा का एक और संकट यह है कि वह वास्तविक जीवन को प्रतीकों और नारों में बदल देती है। सार्वजनिक शब्द बार-बार दोहराए जाने के कारण स्वाभाविक और निर्विवाद प्रतीत होने लगते हैं, जबकि उनके भीतर छिपे सत्ता-संबंध अदृश्य हो जाते हैं। इसी संदर्भ में यह कहा जा सकता है कि कविता उन राजनीतिक मिथकों को तोड़ती है जो लोकतंत्र, विकास, संस्कृति और जनहित जैसी अवधारणाओं को प्रश्नातीत बना देते हैं। रघुवीर सहाय इन शब्दों को उनके संस्थागत आवरण से मुक्त करके मनुष्य के वास्तविक अनुभव की कसौटी पर परखते हैं।

कुल मिलाकर ‘आत्महत्या के विरुद्ध’ का रचनाकार सिर्फ़ भाषा का इस्तेमाल करने के बजाय भाषा की सामाजिक विश्वसनीयता की परीक्षा भी लेता है। कविता यह दिखाती है कि जब सार्वजनिक भाषा अपने नैतिक अर्थ से रिक्त हो जाती है, तब कविता का दायित्व उन शब्दों को पुनः मनुष्य के जीवन, उसकी पीड़ा और उसकी स्मृति से जोड़ना होता है। इसलिए इस कविता में भाषा केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि वैचारिक संघर्ष और मानवीय प्रतिरोध का एक महत्त्वपूर्ण क्षेत्र बन जाती है। इत्यलम् ।

सन्दर्भ

बुनियादी पाठ

सहाय,रघुवीर. ‘आत्महत्या के विरुद्ध’, प्रतिनिधि कविताएँ. राजकमल प्रकाशन. दिल्ली.

https://www.hindwi.org/kavita/atmahatya-ke-wiruddh-raghuvir-sahay-kavita?sort=popularity-desc

अन्य पुस्तकें

Althusser, Louis. Lenin and Philosophy and Other Essays. Translated by Ben Brewster, Monthly Review Press, 1971. (Contains the essay “Ideology and Ideological State Apparatuses.”)

Anandavardhana. Dhvanyaloka. Translated by K. Krishnamoorthy, Karnatak University, 1974.

Abhinavagupta. Locana (commentary on the Dhvanyaloka). Bhandarkar Institute.Pune.

Bakhtin, Mikhail. Problems of Dostoevsky’s Poetics. Edited and translated by Caryl Emerson, University of Minnesota Press, 1984.

Bourdieu, Pierre. Distinction: A Social Critique of the Judgement of Taste. Translated by Richard Nice, Harvard University Press, 1984.

Bourdieu, Pierre. Language and Symbolic Power. Edited by John B. Thompson, translated by Gino Raymond and Matthew Adamson, Harvard University Press, 1991.

Camus, Albert. The Myth of Sisyphus and Other Essays. Translated by Justin O’Brien, Vintage Books, 1991.

Camus, Albert. The Rebel: An Essay on Man in Revolt. Translated by Anthony Bower, Vintage Books, 1991.

Foucault, Michel. Discipline and Punish: The Birth of the Prison. Translated by Alan Sheridan, Vintage Books, 1995.

Foucault, Michel. The Birth of the Clinic: An Archaeology of Medical Perception. Translated by A. M. Sheridan Smith, Vintage Books, 1994.

Foucault, Michel. The History of Sexuality, Volume 1: An Introduction. Translated by Robert Hurley, Vintage Books, 1990.

Gramsci, Antonio. Selections from the Prison Notebooks. Edited and translated by Quintin Hoare and Geoffrey Nowell Smith, International Publishers, 1971.

Habermas, Jürgen. The Structural Transformation of the Public Sphere: An Inquiry into a Category of Bourgeois Society. Translated by Thomas Burger with the assistance of Frederick Lawrence, MIT Press, 1989.

Halbwachs, Maurice. On Collective Memory. Edited and translated by Lewis A. Coser, University of Chicago Press, 1992.

Hall, Stuart. “Encoding/Decoding.” Culture, Media, Language, edited by Stuart Hall et al., Hutchinson, 1980, pp. 128–38.

Jaspers, Karl. Philosophy. Translated by E. B. Ashton, 3 vols., University of Chicago Press, 1969–71. (Especially Volume 2 on boundary situations.)

Jaspers, Karl. The Origin and Goal of History. Translated by Michael Bullock, Yale University Press, 1953. (Contains the concept of the Axial Age.)

Levinas, Emmanuel. Totality and Infinity: An Essay on Exteriority. Translated by Alphonso Lingis, Duquesne University Press, 1969.

Lukács, Georg. History and Class Consciousness: Studies in Marxist Dialectics. Translated by Rodney Livingstone, MIT Press, 1971.

Marx, Karl, and Friedrich Engels. The German Ideology. Edited by C. J. Arthur, International Publishers, 1970.

Ricoeur, Paul. Memory, History, Forgetting. Translated by Kathleen Blamey and David Pellauer, University of Chicago Press, 2004.

Sartre, Jean-Paul. Being and Nothingness: An Essay on Phenomenological Ontology. Translated by Hazel E. Barnes, Washington Square Press, 1992.

Sartre, Jean-Paul. Existentialism Is a Humanism. Translated by Carol Macomber, Yale University Press, 2007.

Spivak, Gayatri Chakravorty. “Can the Subaltern Speak?” Marxism and the Interpretation of Culture, edited by Cary Nelson and Lawrence Grossberg, University of Illinois Press, 1988, pp. 271–313.

Weber, Max. Economy and Society: An Outline of Interpretive Sociology. Edited by Guenther Roth and Claus Wittich, University of California Press, 1978.

Williams, Raymond. Marxism and Literature. Oxford University Press, 1977. (Contains the concept of “structure of feeling.”)

Williams, Raymond. The Long Revolution. Broadview Press, 2001.

*प्रोफ़ेसर एवं पूर्व-अध्यक्ष (सेवानिवृत्त), हिन्दी विभाग, हैदराबाद विश्वविद्यालय. संपर्क: raviranjan@uohyd.ac.in

 

रवि रंजन

जन्म :  1962, मुज़फ्फ़रपुर,बिहार

शिक्षा :   पी-एच.डी.

रूचि के क्षेत्र :  भक्तिकाव्य,  आधुनिक हिन्दी कविता,  आलोचना,  साहित्य का समाजशास्त्र,

प्रकाशित कृतियाँ :   ‘नवगीत का विकास और राजेंद्र प्रसाद सिंह’, ‘प्रगतिवादी कविता में वस्तु और रूप’,  ‘सृजन और समीक्षा:विविध आयाम’, ‘भक्तिकाव्य का समाजशास्त्र पदमावत’, ‘अनमिल आखर’ , ‘आलोचना का आत्मसंघर्ष’ (सं) वाणी प्रकाशन,दिल्ली (2011),  ‘साहित्य का समाजशास्त्र और सौंदर्यशास्त्र: व्यावहारिक परिदृश्य’ (2012),वाणी प्रकाशन, ‘वारसा डायरी’(2022), ‘लोकप्रिय हिन्दी कविता का समाजशास्त्र’(2026), वाणी प्रकाशन, दिल्ली

विभिन्न साहित्यिक पत्र-पत्रिकाओं में हिन्दी एवं अंग्रेज़ी में सौ से अधिक आलेख प्रकाशित.

राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में भागीदारी.

‘वारसा डायरी’ के लिए ‘जयपुर साहित्य सम्मान  (2023)

प्रतिनियुक्ति : 2005 से 2008 तक सेंटर फॉर इंडिया स्टडीज़, पेकिंग विश्वविद्यालय,बीजिंग एवं नवम्बर 2015 से सितम्बर 2018 तक वारसा विश्वविद्यालय,पोलैंड में भारतीय सांस्कृतिक सम्बन्ध परिषद् द्वारा स्थापित पीठ (चेयर ) पर विजिटिंग प्रोफ़ेसर

प्रोफ़ेसर एवं पूर्व-अध्यक्ष (सेवानिवृत्त), हिन्दी विभाग, मानविकी संकाय, हैदराबाद केन्द्रीय विश्वविद्यालय, हैदराबाद

ई.मेल. :  raviranjan@uohyd.ac.in मो.9000606742

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 


Discover more from रचना समय

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Categorized in: