20 नवम्बर
ज्ञानरंजन के जन्मदिन पर ख़ास
ज्ञानरंजन की बहुचर्चित कहानी ‘हास्यरस’ का पुनर्पाठ करते हुए प्रोफ़ेसर रवि रंजन ने इस आलेख में विवाह संस्था, पुरुष वर्चस्व और मध्यवर्गीय नैतिकता की सूक्ष्म पड़ताल की है। यह आलेख कहानी के हास्य से आगे जाकर उस गहरी विडम्बना को उजागर करता है, जहाँ एक आधुनिक और प्रगतिशील दिखने वाला पुरुष प्रेम-विवाह की कानूनी औपचारिकता पूरी होते ही अपनी तथाकथित आज़ादी के छिन जाने के भय से ग्रस्त हो जाता है।
आलेख कथावाचक की मनोवैज्ञानिक उलझनों को केवल व्यक्तिगत कमज़ोरी के रूप में नहीं देखता, बल्कि विश्वनाथ काशीनाथ राजवाडे, फ़्रेडरिक एंगेल्स और स्टेफ़नी कूंट्ज़ जैसे विचारकों की सैद्धान्तिक चिन्तन के आलोक में विवाह के ऐतिहासिक, आर्थिक और समाजशास्त्रीय आयामों से जोड़ता है। आधुनिक दौर के ‘लिव-इन रिलेशन’, सिचुएशनशिप के साथ ही ए.आइ. बॉय फ्रेंड और गर्ल फ्रेंड जैसे बदलते रिश्तों के सन्दर्भ में इस कहानी की प्रासंगिकता को तलाशना आलेख को समकालीन विमर्श से जोड़ता है।
उम्मीद है कि ‘रचना समय’ के पाठकों के लिए यह गम्भीर और विचारोत्तेजक विश्लेषण निश्चित रूप से साहित्य और समाज के अन्तःसम्बन्धों को समझने की एक नई दृष्टि प्रदान करेगा।
—हरि भटनागर
‘ हास्यरस ’: विवाह, पुरुष वर्चस्व और मध्यवर्गीय नैतिकता का समाजशास्त्र
रवि रंजन
ज्ञानरंजन की कहानी ‘हास्यरस’ पहली नज़र में एक ऐसे युवक की कहानी लगती है जो प्रेम विवाह करने के तुरन्त बाद अपने फ़ैसले पर पछताने लगता है। विवाह से पहले वह अपनी प्रेमिका के साथ रहने के सपने देखता रहा है। उसने विवाह की तैयारी की, मित्रों को गवाह बनाया और रजिस्ट्रार के सामने सारी औपचारिकताएँ पूरी कीं। लेकिन जैसे ही विवाह सम्पन्न होता है, उसके भीतर कुछ बदल जाता है। जिस स्त्री को पाने के लिए वह उत्सुक था, उसी का साथ अब उसे अपनी आज़ादी के लिए ख़तरा लगने लगता है। प्रेम का उत्साह अचानक पछतावे में बदल जाता है। वह अपनी पत्नी से दूर चलना चाहता है, उसके व्यवहार पर शक करता है और सोचने लगता है कि उसने जीवन की कितनी बड़ी भूल कर दी है। इस मनःस्थिति में हास्य ज़रूर है, लेकिन ज्ञानरंजन सिर्फ़ एक घबराए हुए नवविवाहित युवक का मज़ाक नहीं उड़ाते। वे उसके मन की ऐसी परतें खोलते हैं जिनमें पुरुष का अहंकार, स्त्री के प्रति अविश्वास, मध्यवर्गीय जीवन की असुरक्षा, आधुनिक होने का दिखावा और अपनी इच्छाओं को लेकर गहरी उलझन एक साथ मौजूद हैं। कहानी की दिलचस्पी इस बात में भी है कि कथावाचक जितना अधिक अपने को समझाने की कोशिश करता है, उतना ही अपने भीतर के विरोधों को उजागर करता जाता है। वह अपनी बातों से दूसरों को प्रभावित करना चाहता है, लेकिन पाठक के सामने उसकी कमज़ोरियाँ खुलती चली जाती हैं।
कहानी की शुरुआत ही एक असामान्य स्थिति से होती है। विवाह के बाद आम तौर पर खुशी, उत्साह और भविष्य की उम्मीदों की कल्पना की जाती है। ज्ञानरंजन इस उम्मीद को पहले ही क्षण उलट देते हैं। रजिस्ट्रार के कमरे से बाहर निकलते ही कथावाचक अपने को बदला हुआ और पराजित महसूस करता है। उसे लगता है कि प्रेम समाप्त हो चुका है और उसने ग़लत लड़की से विवाह कर लिया है। इस प्रतिक्रिया का कोई स्पष्ट बाहरी कारण नहीं है। शिखा ने ऐसा कुछ नहीं किया जिससे उसके पति को अचानक इस तरह पछताना पड़े। वह तो विवाह से खुश है और अपने पति के साथ चल रही है। फिर भी कथावाचक उसके चेहरे की खुशी को अपनी हार का प्रमाण मान लेता है। कहानी के आरम्भ में ही लेखक दो अलग-अलग अनुभवों को आमने-सामने रख देते हैं। एक ओर स्त्री है जो अपने प्रेम को विवाह के रूप में स्वीकार करके संतुष्ट दिखाई देती है। दूसरी ओर पुरुष है जो उसी घटना को अपने ख़िलाफ़ हुई किसी साज़िश की तरह देखने लगता है। इस विरोध के कारण पाठक को शुरू से ही समझ में आने लगता है कि कहानी का असली संकट विवाह की घटना में नहीं, बल्कि विवाह के प्रति कथावाचक के रवैये में मौजूद है।
कथावाचक की पहली प्रतिक्रिया में एक ख़ास तरह की पुरुष मानसिकता काम करती है। वह प्रेम को दो व्यक्तियों के बीच बराबरी का सम्बन्ध मानने के बजाय जीत और हार के खेल की तरह देखता है। विवाह के पहले तक उसे लगता था कि वह अपनी प्रेमिका को पाने की कोशिश कर रहा है। विवाह के बाद अचानक उसे महसूस होता है कि प्रेमिका ने उसे पा लिया है। यह उलटफेर उसे बर्दाश्त नहीं होता। शिखा का प्रसन्न चेहरा उसे विजय का गर्व दिखाई देता है। वह अपने को घाटे में पड़ा हुआ व्यक्ति मानता है और पत्नी को ऐसा प्रतिद्वन्द्वी समझता है जिसने उस पर अधिकार हासिल कर लिया है। यहाँ विवाह के प्रति उसका नज़रिया प्रेम से अधिक सम्पत्ति, सौदे और स्वामित्व की भाषा में सामने आता है। वह सोचता है कि अब पत्नी उसके पास ही रहेगी। पहले की तरह फ़िल्म देखकर या पिकनिक मनाकर तीन घंटे बाद चली नहीं जाएगी। जिस स्थायी साथ की इच्छा प्रेम के दौरान स्वाभाविक लगनी चाहिए थी, वही अब उसे डराने लगता है। इससे पता चलता है कि कथावाचक प्रेम के सुख को तो चाहता था, लेकिन उसके साथ आने वाली ज़िम्मेदारियों और बराबरी के सम्बन्ध के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं था।
इस प्रसंग में विवाह संस्था का एक गहरा विरोध सामने आता है। प्रेम के दौरान दो व्यक्तियों के पास मिलने और अलग होने की गुंजाइश रहती है। वे अपने सम्बन्ध को अपनी इच्छा के अनुसार समय दे सकते हैं। विवाह उस सम्बन्ध को रोज़मर्रा की ज़िन्दगी का हिस्सा बना देता है। अब साथ रहने का मतलब सिर्फ़ सुखद मुलाक़ातें नहीं, बल्कि समय, जगह, आदतों और ज़िम्मेदारियों को साझा करना भी है। कथावाचक इसी बदलाव से घबरा जाता है। उसे यह स्वीकार करने में कठिनाई होती है कि प्रेमिका अब उसके जीवन में किसी ख़ास अवसर पर आने वाली स्त्री नहीं, बल्कि उसकी स्थायी साथी है। लेकिन यहाँ एक सवाल उठता है। क्या स्थायी साथ अपने आप में व्यक्ति की आज़ादी समाप्त कर देता है? कहानी का उत्तर इतना सीधा नहीं है। ज्ञानरंजन दिखाते हैं कि कथावाचक अपनी आज़ादी को लेकर जितना चिन्तित है, उतना पत्नी की आज़ादी के बारे में नहीं सोचता। वह विवाह को अपने लिए बन्धन मानता है, लेकिन यह नहीं पूछता कि शिखा के जीवन में इस विवाह से क्या बदलाव आएँगे। उसकी चिन्ता का केन्द्र लगातार वही ख़ुद बना रहता है।
कथावाचक की मनोवैज्ञानिक बनावट को समझने के लिए उसके भीतर चलने वाली बातचीत पर ध्यान देना ज़रूरी है। वह सिर्फ़ घटनाओं का वर्णन नहीं करता। वह अपने विचारों पर टिप्पणी करता है, अपने को समझाता है, अपने निर्णयों को कोसता है और कभी-कभी अपने ही मन से झगड़ने लगता है। उसके भीतर जैसे कई आवाज़ें एक साथ बोलती रहती हैं। एक आवाज़ उसे सावधान करती है। दूसरी उसे बदला लेने के लिए उकसाती है। तीसरी उसे सभ्य और समझदार बने रहने की सलाह देती है। कभी वह अपने को बेचारा मानता है, कभी असाधारण बुद्धिमान। कभी उसे अपनी पत्नी से घृणा होने लगती है, तो कभी उसे छूने की इच्छा होती है। इन बदलती प्रतिक्रियाओं के बीच कोई स्थिर निर्णय नहीं बन पाता। इसीलिए उसकी चेतना लगातार असन्तुलित दिखाई देती है। लेकिन लेखक इस असन्तुलन को किसी चिकित्सकीय समस्या की तरह प्रस्तुत नहीं करते। वे इसे उस व्यक्ति की मानसिक स्थिति के रूप में सामने लाते हैं जो अपनी इच्छाओं, सामाजिक मान्यताओं और निजी असुरक्षाओं के बीच फँसा हुआ है।
कहानी में एक दिलचस्प बात यह है कि कथावाचक अपनी घबराहट को भी पूरी तरह स्वीकार नहीं करता। वह जानता है कि उसके चेहरे पर परेशानी दिखाई दे सकती है। इसलिए वह मुस्कराने का अभिनय करने लगता है। उसे डर है कि पत्नी या मित्र उसके मन की हालत समझ गए तो उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को चोट पहुँचेगी। वह भीतर से परेशान है, लेकिन बाहर से आत्मविश्वासी दिखाई देना चाहता है। इस तरह उसका व्यक्तित्व दो हिस्सों में बँट जाता है। एक हिस्सा वह है जिसे दूसरे लोग देख रहे हैं। दूसरा वह है जिसे पाठक उसके मन की बातचीत के माध्यम से जान रहा है। इन दोनों के बीच का अन्तर कहानी में हास्य पैदा करता है। लेकिन यह अन्तर सिर्फ़ व्यक्तिगत कमज़ोरी नहीं दिखाता। यह उस मध्यवर्गीय संस्कार की भी पहचान कराता है जिसमें व्यक्ति अपने वास्तविक अनुभव से अधिक इस बात की चिन्ता करता है कि दूसरे लोग उसके बारे में क्या सोचेंगे।
रजिस्ट्रार के सामने निष्ठा की शपथ पढ़ने का प्रसंग इस मानसिकता को और स्पष्ट करता है। कथावाचक को याद आता है कि उसने शपथ को एक अच्छे उद्घोषक की तरह प्रभावशाली ढंग से पढ़ने की कोशिश की थी। उस समय उसका ध्यान शपथ के नैतिक अर्थ पर कम और उपस्थित लोगों को प्रभावित करने पर अधिक था। विवाह की प्रतिज्ञा उसके लिए अपने भीतर झाँकने का अवसर नहीं बनती। वह उसे भी अपने प्रदर्शन का हिस्सा बना लेता है। बाद में जब विवाह की वास्तविकता सामने आती है, तो वही व्यक्ति अपने निर्णय से घबराने लगता है। यहाँ ज्ञानरंजन विवाह की कानूनी औपचारिकता और भावनात्मक तैयारी के बीच का फ़र्क सामने लाते हैं। कोई व्यक्ति सामाजिक और कानूनी प्रक्रिया को पूरी कुशलता से पूरा कर सकता है, लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि वह सम्बन्ध की ज़िम्मेदारी समझता भी है। कथावाचक की परेशानी इसी अन्तर को उजागर करती है।
कहानी में रजिस्ट्रार के कमरे से बाहर निकलने के बाद का लम्बा रास्ता भी अर्थपूर्ण है। बरामदा, सीढ़ियाँ, कचहरी का हाता और सड़क तक पहुँचने की दूरी उसके लिए असामान्य रूप से बड़ी हो जाती है। सामान्य परिस्थितियों में वह इस रास्ते पर शायद ध्यान भी नहीं देता। लेकिन अब हर क़दम उसे भविष्य की ओर बढ़ता हुआ महसूस होता है। वह चाहता है कि पत्नी से थोड़ी दूरी बनी रहे, लेकिन शिखा उसके पास आने की कोशिश करती है। दो व्यक्तियों के बीच की मामूली शारीरिक दूरी उसके मन में स्वाधीनता और बन्धन के सवाल में बदल जाती है। बाहरी जगह और भीतरी अनुभव के इस सम्बन्ध को लेखक बड़ी सहजता से रचते हैं। कथावाचक के लिए बरामदे की लम्बाई सिर्फ़ जगह की दूरी नहीं रह जाती। वह उस समय की लम्बाई का अनुभव भी कराती है जिसे अब उसे पत्नी के साथ बिताना होगा। इस तरह कहानी में स्थान और समय दोनों उसकी मानसिक घबराहट के अनुसार फैलने लगते हैं।
समय के प्रति कथावाचक का रवैया भी उसकी परेशानी का एक कारण है। प्रेम के दिनों में समय कम पड़ता था। मुलाक़ातें जल्दी समाप्त हो जाती थीं। बातचीत के लिए हमेशा कुछ न कुछ बचा रहता था। विवाह के बाद वही समय अचानक बोझ बन जाता है। अब वह सोचता है कि दोनों एक कमरे में बारह घंटे कैसे बिताएँगे। फ़िल्म देखने में कुछ घंटे बीत सकते हैं। दूसरे शहर की यात्रा से थोड़ा अधिक समय निकल सकता है। लेकिन उसके बाद क्या होगा? यह सवाल सिर्फ़ वैवाहिक जीवन की ऊब का सवाल नहीं है। इसके पीछे उस व्यक्ति की बेचैनी है जो अपने जीवन को किसी सार्थक काम से जोड़ नहीं पाया है। प्रेम के दौरान मुलाक़ातों का इंतज़ार उसकी ज़िन्दगी को एक क्रम देता था। विवाह के बाद इंतज़ार समाप्त हो जाता है और उसके सामने ख़ाली समय आ खड़ा होता है। अब उसे अपनी ज़िन्दगी की उस रिक्तता का सामना करना पड़ता है जिसे प्रेम की उत्तेजना ने कुछ समय के लिए ढक रखा था।
उसके एक विवाहित मित्र और उसकी पत्नी का प्रसंग इसी बात को खोलता है। कथावाचक बताता है कि उसके मित्र ने भी प्रेम विवाह किया था, लेकिन विवाह के बाद उसका जीवन सुखद और व्यवस्थित दिखाई देता है। मित्र और उसकी पत्नी भविष्य के बारे में योजनाएँ बनाते हैं। वे कुछ समय तक बच्चा नहीं चाहते, पैसे बचाना चाहते हैं और बाद में किसी गाँव में आदर्श स्कूल खोलने का सपना देखते हैं। कथावाचक इस दम्पति को देखकर प्रभावित होता है। उसे लगता है कि उनके हाथ में दुनिया की लगाम है। यहाँ लेखक सिर्फ़ एक सफल दाम्पत्य का उदाहरण नहीं देते। वे मध्यवर्गीय आदर्शवाद की उस भाषा को भी सामने लाते हैं जिसमें निजी जीवन को किसी बड़े सामाजिक उद्देश्य से जोड़कर देखने की इच्छा मौजूद रहती है। आदर्श स्कूल खोलने की योजना सचमुच पूरी होगी या नहीं, कहानी इस बारे में कुछ नहीं बताती। लेकिन कथावाचक के लिए उस योजना का होना ही आकर्षक है। उसके मित्र के पास भविष्य की एक कहानी है, जबकि वह अपने अगले चौबीस घंटे के बारे में भी आश्वस्त नहीं है।
इस तुलना में एक और विडम्बना छिपी है। कथावाचक अपने मित्र के जीवन को जितना व्यवस्थित और अर्थपूर्ण मानता है, उतना शायद वह वास्तव में है भी नहीं। वह दूसरों को बाहर से देखता है और उनके जीवन की एक आदर्श तस्वीर बना लेता है। अपने जीवन को वह भीतर से देखता है, जहाँ इच्छाओं, आशंकाओं और असन्तोष की भरमार है। इसीलिए तुलना हमेशा उसके ख़िलाफ़ जाती है। दूसरों के जीवन की कठिनाइयाँ उसे दिखाई नहीं देतीं। अपने जीवन की मामूली उलझनें भी उसे बड़ी दुर्घटना लगती हैं। यह मनोवैज्ञानिक प्रवृत्ति मध्यवर्गीय जीवन की उस बेचैनी से जुड़ती है जिसमें व्यक्ति अपनी उपलब्धियों को दूसरों की उपलब्धियों के सामने लगातार कमतर समझता रहता है।
कथावाचक के भीतर मौजूद पुरुष वर्चस्व की भावना उसकी पत्नी के प्रति प्रतिक्रियाओं में बार-बार सामने आती है। शिखा का उसके पास चलना, उसका हाथ पकड़ना, किसी दूसरे युवक को देखना या अपनी खुशी ज़ाहिर करना, ये सभी सामान्य व्यवहार हैं। लेकिन कथावाचक इनमें अपने अधिकार के लिए ख़तरा खोज लेता है। जब शिखा विवाह में गवाही देने आए एक आकर्षक युवक को देखती है, तो वह तुरन्त उसके चरित्र पर सन्देह करने लगता है। उसे लगता है कि पत्नी उस युवक से प्रभावित हो गई है और भविष्य में किसी दूसरे पुरुष की ओर आकर्षित हो सकती है। इस निष्कर्ष का कोई ठोस आधार नहीं है। कथावाचक अपनी कल्पना को ही प्रमाण मान लेता है। यहाँ उसकी ईर्ष्या से अधिक उसकी स्वामित्व भावना काम करती है। वह चाहता है कि पत्नी की दृष्टि, रुचि और आकर्षण का केन्द्र सिर्फ़ वही रहे।
इस प्रसंग को स्त्री के प्रति समाज में मौजूद दोहरे नैतिक मानदण्डों के साथ पढ़ना चाहिए। कथावाचक स्वयं दूसरी स्त्रियों के बारे में सोचता है। वह अपनी पत्नी की छोटी बहन नयना को उससे अधिक सुन्दर मानता है और पछताता है कि उसने नयना से विवाह क्यों नहीं किया। वह पुरानी प्रेमिकाओं को याद करता है। दूसरी स्त्रियों के प्रति आकर्षण की सम्भावनाएँ उसके मन में लगातार आती रहती हैं। लेकिन पत्नी का किसी युवक को देखना भी उसे उसके चरित्र पर सन्देह करने का पर्याप्त कारण लगता है। अपने लिए वह इच्छा की आज़ादी चाहता है, जबकि पत्नी से एकनिष्ठता का ऐसा प्रमाण माँगता है जिसमें उसकी सामान्य मानवीय प्रतिक्रियाओं के लिए भी जगह नहीं है। ज्ञानरंजन इस दोहरेपन को किसी अलग टिप्पणी के माध्यम से नहीं समझाते। वे कथावाचक के विचारों को इस तरह सामने रखते हैं कि पाठक स्वयं उनकी असंगति पहचान सके।
नयना का प्रसंग कथावाचक की मानसिकता को समझने के लिए ख़ास तौर पर उपयोगी है। विवाह के तुरन्त बाद उसे पत्नी की छोटी बहन अधिक आकर्षक लगने लगती है। वह उसके चेहरे, रंग और भोलेपन को याद करता है। उसे कुछ पुरानी बातें भी याद आती हैं जिनसे वह अनुमान लगाता है कि नयना शायद उसकी ओर आकर्षित थी। अब वह सोचता है कि उसने ग़लत स्त्री चुन ली। लेकिन यहाँ भी सवाल यही है कि क्या नयना सचमुच उसके लिए बेहतर जीवनसाथी होती? कहानी ऐसा कोई प्रमाण नहीं देती। कथावाचक की यह कल्पना उस मनःस्थिति से पैदा होती है जिसमें प्राप्त वस्तु का आकर्षण घट जाता है और अप्राप्त वस्तु अधिक सुन्दर दिखाई देने लगती है। विवाह के पहले शिखा उसकी इच्छा का केन्द्र थी। विवाह के बाद वही स्त्री परिचित और उपलब्ध हो गई है। अब उसकी कल्पना किसी दूसरी सम्भावना की ओर भागती है।
इस व्यवहार को सिर्फ़ चंचल स्वभाव का परिणाम मानना पर्याप्त नहीं होगा। इसके पीछे स्त्री को अपनी इच्छा के अनुसार चुनने और बदलने योग्य वस्तु समझने की प्रवृत्ति भी है। कथावाचक नयना को एक स्वतन्त्र व्यक्ति के रूप में नहीं देखता। वह यह नहीं सोचता कि नयना की अपनी इच्छाएँ, आकांक्षाएँ और जीवन के बारे में अपने निर्णय हो सकते हैं। वह उसे शिखा के विकल्प के रूप में देखता है। इस तरह दोनों बहनें उसकी कल्पना में तुलना की वस्तुएँ बन जाती हैं। एक को पाकर वह पछता रहा है और दूसरी को न पाने का अफ़सोस कर रहा है। यह रवैया पुरुष की उस मानसिकता को सामने लाता है जिसमें स्त्री का मूल्य उसकी अपनी पहचान से नहीं, बल्कि पुरुष की इच्छा को पूरा करने की सम्भावना से तय होता है।
कथावाचक की 1958 की डायरी का उल्लेख भी इसी मानसिकता से जुड़ता है। वह बताता है कि किसी पुरानी प्रेमिका से चोट खाने के बाद उसने स्त्रियों के बारे में कुछ निष्कर्ष लिखे थे। अब उसे अफ़सोस है कि विवाह के समय उसने उन निष्कर्षों को याद नहीं रखा। वह मानता है कि उन बातों पर अमल करने वाला पुरुष स्त्रियों का शिकार होने से बच सकता है। यहाँ प्रेम का अनुभव उसके लिए मनुष्य को समझने का अवसर नहीं बनता। वह उसे स्त्रियों के ख़िलाफ़ सामान्य नियम बनाने का आधार बना लेता है। किसी एक सम्बन्ध में मिली निराशा को वह पूरी स्त्री जाति के चरित्र से जोड़ देता है। इससे उसकी भावनात्मक अपरिपक्वता सामने आती है। वह अपने अनुभव की जटिलता को स्वीकार नहीं करना चाहता। उसके लिए अधिक आसान है कि वह स्त्रियों को एक ऐसी श्रेणी में रख दे जिससे पुरुष को हमेशा सावधान रहना चाहिए।
इस डायरी का एक दूसरा अर्थ भी है। कथावाचक अपने पुराने अनुभवों को जीवन का ज्ञान मानता है। लेकिन यह ज्ञान उसे अधिक उदार, समझदार या संवेदनशील नहीं बनाता। वह उससे अपने पूर्वाग्रहों की पुष्टि करता है। उसे लगता है कि किसी स्त्री से निराश होने के बाद स्त्रियों के प्रति अविश्वास ही बुद्धिमानी है। ज्ञानरंजन यहाँ अनुभव और समझदारी के बीच का फ़र्क सामने लाते हैं। जीवन में कुछ घट जाने से व्यक्ति अपने आप परिपक्व नहीं हो जाता। अनुभव को समझने के लिए अपने व्यवहार की जाँच भी करनी पड़ती है। कथावाचक इस जाँच से बचता है। वह बार-बार अपने को पीड़ित मानता है और अपनी परेशानी के लिए किसी स्त्री को ज़िम्मेदार ठहराता है।
फिर भी कथावाचक को सिर्फ़ स्त्री-विरोधी व्यक्ति मानकर कहानी की सारी जटिलता समाप्त नहीं की जा सकती। उसके भीतर प्रेम और आकर्षण की इच्छा भी मौजूद है। वह शिखा को देखता है तो कभी उसे छूने का मन करता है। पत्नी का उसके पास आना उसे हमेशा अप्रिय नहीं लगता। कई बार वह उसके व्यवहार से प्रभावित भी होता है। लेकिन जैसे ही उसके भीतर आत्मीयता का भाव पैदा होता है, वह अपने को सावधान करने लगता है। उसे डर है कि कहीं वह पत्नी के सामने कमज़ोर न पड़ जाए। इस तरह प्रेम उसके लिए सहज अनुभव नहीं रह जाता। वह उसे अपनी शक्ति और स्वाधीनता के लिए ख़तरा मानने लगता है। उसकी समस्या यह नहीं है कि वह पत्नी से बिल्कुल प्रेम नहीं करता। समस्या यह है कि वह प्रेम को बराबरी के सम्बन्ध के रूप में स्वीकार नहीं कर पाता।
कथावाचक का यह विरोध पुरुषत्व की सामाजिक धारणाओं से भी जुड़ा है। उसे लगता है कि पुरुष को आत्मविश्वासी, चतुर, प्रभावशाली और अपने जीवन का स्वामी होना चाहिए। वह अपनी पत्नी के सामने असुरक्षित दिखाई नहीं देना चाहता। मित्रों की उपस्थिति में उसे अपने कपड़ों और चेहरे की चिन्ता होने लगती है। उसे लगता है कि उसके मित्र उससे अधिक पति जैसे दिखाई दे रहे हैं। यह तुलना हास्यास्पद है, लेकिन इसके पीछे एक गम्भीर सवाल मौजूद है। पति होने का कोई निश्चित बाहरी रूप नहीं होता। फिर भी कथावाचक अपने को किसी कल्पित आदर्श के सामने रखकर जाँचता रहता है। उसे लगता है कि पति की हैसियत बनाए रखने के लिए एक ख़ास तरह का व्यक्तित्व चाहिए। जब वह अपने भीतर उस व्यक्तित्व का अभाव पाता है, तो उसकी असुरक्षा बढ़ जाती है।
कहानी में शिखा की छवि को समझते समय एक सावधानी ज़रूरी है। पाठक शिखा को सीधे नहीं जानता। वह लगभग पूरी तरह अपने पति की दृष्टि से हमारे सामने आती है। उसके चेहरे की खुशी, उसके कपड़े, उसकी चाल, उसकी मुस्कराहट और उसके व्यवहार के अर्थ कथावाचक तय करता है। लेकिन यह ज़रूरी नहीं कि उसके सभी निष्कर्ष सही हों। उदाहरण के लिए, शिखा का किसी युवक को देखना उसके चरित्र की कमज़ोरी का प्रमाण नहीं है। उसी तरह उसका पति के पास चलना किसी पर विजय हासिल करने की कोशिश नहीं है। ये अर्थ कथावाचक अपनी असुरक्षा के कारण पैदा करता है। इसलिए कहानी पढ़ते समय शिखा के वास्तविक व्यवहार और उसके पति द्वारा उस व्यवहार की व्याख्या के बीच फ़र्क करना चाहिए।
इस फ़र्क से शिखा का व्यक्तित्व धीरे-धीरे खुलता है। वह विवाह के बाद प्रसन्न है। वह पति के साथ सहज होकर चलती है। उसका हाथ पकड़ती है। उससे पूछती है कि वह क्या सोच रहा है। उसके भविष्य के बारे में बात करती है। जब पति चुप रहता है, तो उसकी तबीयत के बारे में चिन्तित होती है। रेस्तराँ में वह उसके लिए दवा निकालती है। इन छोटे-छोटे प्रसंगों में शिखा एक आत्मीय और व्यावहारिक स्त्री के रूप में सामने आती है। वह अपने पति की परेशानी को समझने की कोशिश करती है, भले ही उसे उसकी वास्तविक वजह मालूम नहीं है। कथावाचक के भीतर पत्नी के ख़िलाफ़ जितनी शिकायतें जमा हो रही हैं, शिखा का प्रत्यक्ष व्यवहार उतना ही सामान्य और आत्मीय दिखाई देता है। यही विरोध कहानी के व्यंग्य को गहरा बनाता है।
लेकिन शिखा को सिर्फ़ आदर्श पत्नी मान लेना भी उचित नहीं होगा। उसके व्यवहार में मध्यवर्गीय स्त्री की कुछ सामाजिक मान्यताएँ मौजूद हैं। जब कथावाचक सार्वजनिक जगह पर सीटी बजाता है, तो वह उसे टोकती है और आसपास के लोगों की ओर ध्यान दिलाती है। यह प्रतिक्रिया बताती है कि वह सार्वजनिक व्यवहार की मर्यादाओं को महत्त्व देती है। वह अपने पति की तरह हर समय इन मर्यादाओं का विश्लेषण नहीं करती, लेकिन उनसे पूरी तरह मुक्त भी नहीं है। इसी तरह पति के महान बनने की सम्भावना के बारे में उसकी बातचीत में पुरुष की उपलब्धि को लेकर एक परिचित सामाजिक विश्वास सुनाई देता है। वह चाहती है कि पति आगे बढ़े। इस इच्छा में आत्मीयता है, लेकिन साथ ही उस सामाजिक सोच की झलक भी है जिसमें स्त्री पुरुष की सफलता में सहयोग देने वाली भूमिका स्वीकार करती है।
शिखा के व्यक्तित्व की एक सीमा कहानी की कथन शैली से भी पैदा होती है। हमें उसके मन की स्वतन्त्र दुनिया में प्रवेश नहीं मिलता। वह क्या सोच रही है, विवाह से उसकी क्या उम्मीदें हैं और पति के असामान्य व्यवहार को वह किस तरह समझ रही है, इन सवालों के पूरे उत्तर कहानी नहीं देती। उसके कुछ संवाद और व्यवहार ज़रूर सामने आते हैं, लेकिन उसके अनुभव का बड़ा हिस्सा कथावाचक की चेतना के बाहर रह जाता है। यह स्थिति स्त्रीवादी पाठ के लिए महत्त्व रखती है। कहानी में पुरुष लगातार बोलता है, सोचता है और अर्थ तय करता है। स्त्री अपेक्षाकृत कम बोलती है। फिर भी उसकी सीमित उपस्थिति पुरुष की अनेक धारणाओं को चुनौती देती है। वह अपने पति की कल्पना के अनुसार व्यवहार नहीं करती। कई बार उसकी सहज प्रतिक्रिया कथावाचक की बनाई हुई पूरी मानसिक योजना को बिगाड़ देती है।
कथावाचक जब शिखा के कपड़ों के बारे में सोचता है, तब उसकी दृष्टि में स्त्री, उपभोक्ता संस्कृति और जातीय पूर्वाग्रह एक साथ आ जाते हैं। उसे याद आता है कि शिखा अपने कपड़े मफ़तलाल मिल्स की दुकान से ख़रीदती है। वह इस आदत को उसके परिवार और जाति से जोड़ देता है। उसके अनुसार यह संकीर्ण जातीयता का प्रमाण है। लेकिन कहानी में ऐसा कोई आधार नहीं मिलता जिससे हम शिखा के इस व्यवहार को निश्चित रूप से जातीय पक्षपात मान लें। सम्भव है कि वह उस दुकान के कपड़ों को पसन्द करती हो। सम्भव है कि उसके परिवार की पुरानी ख़रीदारी की आदत हो। कथावाचक इन सम्भावनाओं पर विचार नहीं करता। वह तुरन्त नैतिक निर्णय सुना देता है। यहाँ ज्ञानरंजन दिखाते हैं कि आधुनिकता का दावा करने वाला व्यक्ति भी दूसरों के व्यवहार को अपनी सुविधानुसार जाति और सामाजिक पहचान से जोड़ सकता है।
कथावाचक की राजनीतिक चेतना भी इसी विरोध से भरी हुई है। वह अपने को समाजवादी मान्यता के योग्य व्यक्ति के रूप में देखना चाहता है। उसे चिन्ता होती है कि पत्नी के प्रति उसकी प्रतिक्रियाएँ कहीं उसे प्रतिक्रियावादी न बना दें। यहाँ राजनीतिक विचार उसके लिए सिर्फ़ सामाजिक बदलाव का सवाल नहीं रह जाते। वे उसकी निजी पहचान और प्रतिष्ठा का हिस्सा भी हैं। वह चाहता है कि लोग उसे प्रगतिशील, आधुनिक और विचारशील समझें। लेकिन अपने निजी जीवन में वह पत्नी पर अधिकार जमाने, उससे बदला लेने और उसके व्यवहार को नियंत्रित करने की कल्पना करता है। इस विरोध के माध्यम से कहानी उस पुरुष की आलोचना करती है जो सार्वजनिक जीवन में बराबरी और स्वतन्त्रता की बात करता है, लेकिन निजी सम्बन्धों में उन्हीं मूल्यों को स्वीकार नहीं कर पाता।
कहानी में प्रेम विवाह को क्रान्तिकारी काम बताने वाला मित्र भी इसी सामाजिक माहौल का प्रतिनिधित्व करता है। वह विवाह सम्पन्न होने पर उत्साह से कहता है कि दोनों ने सामाजिक रूढ़ियाँ तोड़ने का साहस दिखाया है। उसकी बात में कुछ सच्चाई है। उस समय के सामाजिक माहौल में प्रेम विवाह पारिवारिक और सामाजिक मान्यताओं को चुनौती दे सकता था। लेकिन ज्ञानरंजन इस उपलब्धि को बिना किसी सवाल के स्वीकार नहीं करते। वे दिखाते हैं कि विवाह की पद्धति बदल जाने से स्त्री और पुरुष के सम्बन्ध अपने आप बराबरी पर आधारित नहीं हो जाते। रजिस्ट्रार के सामने विवाह करने वाला पुरुष भी पत्नी को अपनी सम्पत्ति समझ सकता है। वह उसके चरित्र पर सन्देह कर सकता है और अपने अधिकार को लेकर असुरक्षित हो सकता है। इस तरह कहानी सामाजिक सुधार की बाहरी उपलब्धि और व्यक्ति की भीतरी मानसिकता के बीच का अन्तर सामने लाती है।
मित्र की प्रशंसा सुनकर कथावाचक की प्रतिक्रिया भी ध्यान देने योग्य है। वह अपने को किसी क्रान्तिकारी उपलब्धि का नायक महसूस नहीं करता। उलटे वह मित्र की बातों से असहज हो जाता है। लेकिन उसकी असहजता का कारण यह नहीं है कि वह विवाह संस्था की सीमाओं को समझ गया है। वह तो अपने निजी संकट में उलझा हुआ है। मित्र के लिए यह विवाह सामाजिक बदलाव की घटना है। कथावाचक के लिए यह निजी पराजय है। इन दोनों दृष्टियों के बीच कहानी का व्यंग्य विकसित होता है। एक व्यक्ति उसी घटना को क्रान्ति कह रहा है जिसे दूसरा अपनी ज़िन्दगी की दुर्घटना मान रहा है। लेखक दोनों को पूरी तरह सही नहीं ठहराते। मित्र की भाषा में कुछ बनावटी आदर्शवाद है और कथावाचक की प्रतिक्रिया में अपने तक सीमित भय। दोनों के बीच आधुनिक मध्यवर्गीय चेतना की सीमाएँ दिखाई देती हैं।
मित्रों की उपस्थिति कहानी में सिर्फ़ सहायक पात्रों की तरह नहीं है। वे उस सामाजिक दुनिया का हिस्सा हैं जिसके सामने कथावाचक अपना व्यक्तित्व बनाए रखना चाहता है। विवाह के गवाह उसके निजी सम्बन्ध को सार्वजनिक मान्यता देते हैं। लेकिन उनके सामने ही वह अपने को सबसे अधिक असुरक्षित महसूस करता है। उसे लगता है कि मित्र उसकी पत्नी को देख रहे हैं, उसके बारे में राय बना रहे हैं और शायद उससे ईर्ष्या भी कर रहे हैं। वह उनकी प्रतिक्रियाओं के बारे में लगातार अनुमान लगाता है। कई बार वह उनके मन की बातें भी अपने ढंग से तय कर लेता है। इससे पता चलता है कि उसकी चेतना सिर्फ़ पत्नी के व्यवहार पर निगरानी नहीं रखती। वह अपने आसपास के सभी लोगों को अपनी प्रतिष्ठा के सम्भावित निर्णायक मानती है।
कथावाचक की सामाजिक प्रतिष्ठा की चिन्ता में मध्यवर्गीय जीवन का एक परिचित विरोध मौजूद है। वह परम्परागत सामाजिक मर्यादाओं से अलग जीवन जीना चाहता है। प्रेम विवाह इसी इच्छा का एक रूप है। लेकिन वह समाज की स्वीकृति और प्रशंसा से पूरी तरह मुक्त नहीं हो पाता। उसे अच्छा लगता है कि कचहरी में किसी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार नहीं किया। वह अपने कपड़ों और चेहरे के बारे में सोचता है। उसे यह भी चिन्ता है कि मित्र उसके विवाह को किस तरह देख रहे होंगे। इस तरह वह सामाजिक रूढ़ियों को चुनौती देने का दावा करता है, लेकिन सामाजिक प्रतिष्ठा की पुरानी कसौटियों से बँधा रहता है। उसकी आधुनिकता अधूरी है, क्योंकि वह बाहरी नियम बदलना चाहता है, लेकिन अपने भीतर बैठे सामाजिक भय को नहीं बदल पाता।
इस कहानी में मध्यवर्गीय नैतिकता सिर्फ़ स्त्री और पुरुष के सम्बन्ध तक सीमित नहीं है। वह उपभोग, रहन-सहन और सामाजिक हैसियत के सवालों में भी दिखाई देती है। कथावाचक विवाह के बाद टैक्सी लेने और अपनी हैसियत से अधिक महँगे चायघर में जाने की योजना बनाता है। इन छोटी इच्छाओं में एक ख़ास सामाजिक आकांक्षा छिपी है। वह अपने विवाह को एक सम्मानजनक और कुछ अलग अवसर की तरह प्रस्तुत करना चाहता है। टैक्सी और महँगा चायघर उसके लिए सिर्फ़ सुविधा या भोजन की जगह नहीं हैं। वे उसकी सामाजिक स्थिति को प्रदर्शित करने के साधन भी हैं। लेकिन इन योजनाओं के पीछे कोई गहरी खुशी नहीं है। वह उन्हें इसलिए भी चाहता है कि कुछ समय बीत जाए और मित्रों के साथ रहने की अवधि बढ़ सके। इस तरह उपभोग की वस्तुएँ उसके लिए सामाजिक प्रदर्शन और निजी बेचैनी से बचने के साधन बन जाती हैं।
कहानी का रेस्तराँ वाला प्रसंग इस दृष्टि से विशेष अर्थ रखता है। कथावाचक पहले भी शिखा के साथ वहाँ आता रहा है। तब रेस्तराँ में मिलने का एक अलग आकर्षण था। दोनों प्रेमी थे। उनके पास बातचीत के अनेक विषय होते थे। वे फ़िल्म देखते हुए, सड़क पर चलते हुए और टेलीफ़ोन पर बातें करते हुए समय बिताते थे। अब उसी जगह आने पर कथावाचक को कोई उत्साह नहीं होता। उसे लगता है कि प्रेम की सारी भाषा अचानक समाप्त हो गई है। वह बोलना चाहता है, लेकिन कोई वाक्य नहीं बना पाता। यह बदलाव सिर्फ़ भावनाओं का नहीं, भाषा का भी है। प्रेम के दौरान जिस सम्बन्ध ने उसे बोलने के लिए शब्द दिए थे, विवाह के बाद वही सम्बन्ध उसे चुप करा देता है।
यहाँ ज्ञानरंजन प्रेम की भाषा और दाम्पत्य की भाषा के बीच एक दिलचस्प अन्तर सामने लाते हैं। प्रेम की भाषा अक्सर इच्छा, प्रतीक्षा और कल्पना से बनती है। उसमें मिलने की खुशी और बिछड़ने का अफ़सोस दोनों मौजूद रहते हैं। दाम्पत्य में वही भाषा रोज़मर्रा की ज़रूरतों, आदतों और ज़िम्मेदारियों के बीच अपना नया रूप खोजती है। कथावाचक इस बदलाव के लिए तैयार नहीं है। वह चाहता है कि विवाह के बाद भी प्रेम की पुरानी उत्तेजना बनी रहे। लेकिन वह यह नहीं समझता कि स्थायी सम्बन्ध में आत्मीयता के दूसरे रूप भी विकसित हो सकते हैं। उसके लिए बातचीत का रुक जाना प्रेम के समाप्त होने का प्रमाण बन जाता है। जबकि सम्भव है कि यह सिर्फ़ सम्बन्ध के एक नये चरण की शुरुआत हो।
रेस्तराँ में शिखा का व्यवहार कथावाचक की इस धारणा को चुनौती देता है। वह पति की चुप्पी देखकर चिन्तित होती है। उसे लगता है कि शायद उसकी तबीयत ठीक नहीं है। वह कमरे पर चलने का सुझाव देती है। कथावाचक कमरे का नाम सुनते ही घबरा जाता है। वह सिरदर्द का बहाना करता है। शिखा तुरन्त अपने पर्स से दवा निकालती है और उसे लेने के लिए कहती है। यहाँ पति और पत्नी की मानसिक स्थितियों का अन्तर फिर सामने आता है। पत्नी उसके स्वास्थ्य की चिन्ता कर रही है, जबकि पति अपने मन में विवाह को लेकर तरह-तरह की आशंकाएँ पाल रहा है। वह शिखा की आत्मीयता को भी सहज रूप में स्वीकार नहीं कर पाता। फिर भी इस प्रसंग में उसके भीतर कुछ नरमी आती है। वह पत्नी की ओर आकर्षित होता है और उसकी देखभाल से प्रभावित भी दिखाई देता है।
दवा का प्रसंग कहानी के हास्य को एक अलग अर्थ देता है। कथावाचक अपनी पत्नी के व्यवहार को लेकर इतनी बड़ी मानसिक उथल-पुथल से गुज़र रहा है, लेकिन पत्नी उसकी परेशानी को सामान्य सिरदर्द समझती है। वह उसे दवा देकर ठीक करना चाहती है। यहाँ हास्य किसी चुटकुले से पैदा नहीं होता। वह दो व्यक्तियों के अनुभवों के बीच की दूरी से पैदा होता है। एक व्यक्ति अपने जीवन के संकट को लगभग दार्शनिक और ऐतिहासिक महत्त्व दे रहा है। दूसरा व्यक्ति उसके लिए दवा निकाल रहा है। यह विरोध कथावाचक की अतिरंजित प्रतिक्रियाओं को छोटा कर देता है। साथ ही यह भी दिखाता है कि साधारण देखभाल कभी-कभी उन बड़े विचारों से अधिक मानवीय हो सकती है जिनमें व्यक्ति अपने को उलझाए रखता है।
कथावाचक की चेतना में दार्शनिक और सांस्कृतिक सन्दर्भों का प्रवेश भी कहानी की व्यंग्यात्मक बनावट का हिस्सा है। विवाह के बाद उसे अचानक महात्मा बुद्ध की याद आती है। वह अपनी स्थिति को किसी तरह के वैराग्य से जोड़ने लगता है। लेकिन इस विचार में भी उसकी स्वार्थपरता छिपी रहती है। वह सोचता है कि वैराग्य का अनुभव कुछ देर बाद आता तो बेहतर होता। कम से कम एक पुत्र तो हो जाता। यहाँ बुद्ध का सन्दर्भ आध्यात्मिक जागरण के लिए नहीं, बल्कि कथावाचक की मनःस्थिति की हास्यास्पदता सामने लाने के लिए आता है। वह अपने मामूली वैवाहिक भय को किसी महान आध्यात्मिक संकट का रूप देने लगता है। लेकिन उसके विचारों में पुत्र की इच्छा और दाम्पत्य के सुख की कामना भी मौजूद रहती है। इस विरोध से उसके कथित वैराग्य की पोल खुल जाती है।
इस प्रसंग में सांस्कृतिक ज्ञान और जीवन के अनुभव के बीच की दूरी भी सामने आती है। कथावाचक बुद्ध, कालिदास और दूसरे सांस्कृतिक सन्दर्भों को जानता है। लेकिन इन सन्दर्भों का इस्तेमाल वह अपने जीवन को समझने के बजाय अपनी परेशानी को असाधारण रूप देने के लिए करता है। उसका ज्ञान कई बार आत्मालोचन का साधन बनने के बजाय आत्मप्रदर्शन का साधन बन जाता है। वह अपनी छोटी-सी समस्या को बड़े विचारों से जोड़कर देखता है, लेकिन उन विचारों की नैतिक माँगों को अपने व्यवहार में स्वीकार नहीं करता। ज्ञानरंजन इस तरह पढ़े-लिखे मध्यवर्ग की उस आदत पर व्यंग्य करते हैं जिसमें व्यक्ति अपने अनुभव को समझने से पहले उसे किसी बड़े सांस्कृतिक या दार्शनिक नाम से जोड़ देना चाहता है।
कथावाचक की भाषा में बार-बार आने वाले बड़े दावे और उनके तुरन्त बाद पैदा होने वाले विरोध कहानी को एक ख़ास गति देते हैं। वह किसी क्षण अपने जीवन के बारे में अन्तिम निष्कर्ष निकालता है। अगले ही क्षण कोई छोटी घटना उस निष्कर्ष को बदल देती है। वह पत्नी से बदला लेने की सोचता है, लेकिन उसे देखकर उसका मन बदल जाता है। वह अपने को साहसी व्यक्ति मानता है, फिर भविष्य से डरने लगता है। वह अपने को प्रगतिशील समझता है, लेकिन स्त्री के प्रति पुराने पूर्वाग्रहों में फँस जाता है। इस तरह उसके विचार किसी व्यवस्थित तर्क के अनुसार आगे नहीं बढ़ते। वे स्मृतियों, इच्छाओं, डर और आसपास की घटनाओं से प्रभावित होकर लगातार दिशा बदलते हैं।
यह शैली मनुष्य की चेतना के वास्तविक अनुभव के क़रीब है। सामान्य जीवन में भी हमारे विचार हमेशा एक क्रम में नहीं चलते। कोई दृश्य पुरानी स्मृति जगा देता है। कोई शब्द भविष्य की चिन्ता पैदा कर देता है। किसी व्यक्ति की मामूली प्रतिक्रिया से हमारे मन में अनेक अनुमान पैदा हो जाते हैं। ज्ञानरंजन इस असंगठित मानसिक प्रवाह को कहानी की बनावट में शामिल करते हैं। लेकिन यह प्रवाह पूरी तरह बिखरा हुआ नहीं है। उसके भीतर कुछ स्थायी चिन्ताएँ बार-बार लौटती हैं। पत्नी पर अधिकार, अपनी आज़ादी का भय, सामाजिक प्रतिष्ठा, दूसरे पुरुषों से तुलना और भविष्य की अनिश्चितता, ये सभी कथावाचक के विचारों को अलग-अलग दिशाओं में ले जाते हुए भी एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं।
कहानी की भाषा का एक गुण यह है कि वह कथावाचक की मानसिकता को सिर्फ़ बयान नहीं करती, बल्कि उसके भीतर चलने वाली उलझन को अपने रूप में भी सामने लाती है। छोटे वाक्य, अचानक उठने वाले सवाल, अधूरी प्रतिक्रियाएँ और अपने आप से की गई बातचीत उसके मन की बेचैनी को व्यक्त करते हैं। कहीं वह बहुत आत्मविश्वास से बोलता है। कहीं एकदम घबरा जाता है। कहीं अपने ऊपर व्यंग्य करता है और कहीं पत्नी के प्रति कठोर हो जाता है। भाषा में ये बदलाव बिना किसी औपचारिक घोषणा के आते हैं। पाठक को ऐसा लगता है कि वह किसी व्यक्ति के मन में उठते विचारों को सीधे सुन रहा है।
इस शैली में बोलचाल की भाषा का इस्तेमाल भी अर्थपूर्ण है। ज्ञानरंजन कथावाचक की परेशानी को भारी दार्शनिक शब्दों में नहीं समझाते। वे उसकी अपनी भाषा को सामने रखते हैं। वह कभी अपने मन की हालत को मामूली घरेलू मुहावरों से व्यक्त करता है, कभी सामाजिक और राजनीतिक शब्दावली का सहारा लेता है। कभी वह अपने को बहुत बड़ा विचारक मानने लगता है और कभी लगभग बचकानी हरकत करता है। भाषा के इन अलग-अलग स्तरों के मेल से हास्य पैदा होता है। साथ ही पाठक समझता है कि कथावाचक की चेतना में आधुनिक शिक्षा, लोकप्रिय संस्कृति, घरेलू संस्कार और सामाजिक पूर्वाग्रह एक साथ मौजूद हैं।
कहानी में अंग्रेज़ी से आए शब्दों, शहरी वस्तुओं और आधुनिक जीवन के संकेतों की उपस्थिति भी ध्यान देने योग्य है। रजिस्ट्रार, टैक्सी, रेस्तराँ, फ़िल्म, टेलीफ़ोन, ज्यूक बॉक्स, कपड़ों की दुकान और दवा की गोलियाँ उस शहरी मध्यवर्गीय दुनिया को सामने लाते हैं जिसमें कथावाचक रहता है। ये चीज़ें सिर्फ़ वातावरण बनाने के लिए नहीं आतीं। वे उसके जीवन की आकांक्षाओं और आदतों को भी व्यक्त करती हैं। वह आधुनिक सुविधाओं और आधुनिक सामाजिक व्यवहार से परिचित है। लेकिन मानसिक रूप से वह अनेक पुरानी मान्यताओं से मुक्त नहीं हुआ है। इस तरह कहानी का शहरी वातावरण और कथावाचक की रूढ़ मानसिकता एक-दूसरे के सामने खड़े दिखाई देते हैं।
ज्ञानरंजन की कथा-भाषा में व्यंग्य की धार इसलिए भी पैदा होती है कि लेखक कथावाचक की बातों पर बाहर से टिप्पणी नहीं करते। वे उसे अपने बारे में बोलने की पूरी छूट देते हैं। कथावाचक जितना अधिक बोलता है, उतना ही अपने को उजागर करता है। वह अपने को चतुर साबित करना चाहता है, लेकिन उसकी बातें उसकी असुरक्षा दिखाती हैं। वह पत्नी के चरित्र पर सन्देह करता है, लेकिन अपनी इच्छाओं के विरोध को नहीं पहचानता। वह सामाजिक प्रतिष्ठा बनाए रखना चाहता है, लेकिन अपने विचारों से हास्यास्पद बन जाता है। इस तरह कहानी में कथावाचक और लेखक की दृष्टि के बीच एक दूरी बनी रहती है। कथावाचक जो कहता है, लेखक उसे आवश्यक रूप से स्वीकार नहीं करता। पाठक को उसके कथन के पीछे छिपे अर्थ खोजने पड़ते हैं।
यह दूरी कहानी की आलोचनात्मक शक्ति का आधार है। यदि पाठक कथावाचक की हर बात को लेखक का विचार मान ले, तो कहानी स्त्री-विरोधी और विवाह विरोधी टिप्पणियों का संग्रह लग सकती है। लेकिन जब हम कथावाचक की बातों को उसके अपने चरित्र के प्रमाण के रूप में पढ़ते हैं, तो कहानी का अर्थ बदल जाता है। तब उसके स्त्री-विरोधी विचार लेखक की सहमति नहीं, बल्कि आलोचना के विषय बनते हैं। इसी तरह विवाह को पराजय मानने की उसकी भावना भी विवाह संस्था के बारे में लेखक का अन्तिम निष्कर्ष नहीं है। वह एक ऐसे पुरुष की प्रतिक्रिया है जो अपने भीतर के विरोधों को समझ नहीं पा रहा।
इस दृष्टि से कहानी की कथन शैली को अविश्वसनीय कथावाचक की शैली कहा जा सकता है। इसका मतलब यह नहीं कि वह हर घटना के बारे में झूठ बोलता है। वह कई घटनाओं का सही विवरण भी देता है। लेकिन वह उन घटनाओं के अर्थ अपनी इच्छाओं और आशंकाओं के अनुसार तय करता है। शिखा के व्यवहार की उसकी व्याख्या कई बार उसके वास्तविक व्यवहार से मेल नहीं खाती। वह दूसरों के मन में चल रही बातों का अनुमान लगाता है और उन अनुमानों को सच मान लेता है। इसलिए पाठक को उसकी बातों पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना चाहिए। कहानी का अर्थ उसके कथन और उसके व्यवहार के बीच मौजूद अन्तर से बनता है।
कथावाचक की आत्मालोचन की क्षमता भी सीमित है। वह कभी-कभी अपने व्यवहार को लेकर असहज होता है। उसे लगता है कि उसका दिमाग ग़लत दिशा में जा रहा है। वह अपने को संयमित करने की कोशिश करता है। लेकिन यह आत्मालोचन अक्सर थोड़ी देर में समाप्त हो जाता है। वह फिर किसी नयी आशंका या इच्छा में उलझ जाता है। इससे पता चलता है कि अपने भीतर के विरोधों को पहचान लेना और उनसे मुक्त हो जाना अलग बातें हैं। कथावाचक कई बार अपनी समस्या की झलक पा लेता है, लेकिन उसके पास उससे बाहर निकलने का कोई स्थिर रास्ता नहीं है।
कहानी में एक और दिलचस्प बात यह है कि कथावाचक बार-बार अपने को असाधारण व्यक्ति समझना चाहता है। वह सामान्य घरेलू जीवन से अलग कुछ करना चाहता है। उसे लगता है कि उसमें साहस और प्रतिभा की सम्भावनाएँ हैं। लेकिन विवाह के बाद उसे डर लगने लगता है कि वह साधारण गृहस्थ बनकर रह जाएगा। उसके लिए सामान्य जीवन किसी तरह की पराजय है। वह चाहता है कि उसके जीवन में कुछ ऐसा हो जो उसे दूसरों से अलग बनाए। लेकिन वह यह नहीं समझता कि अलग जीवन जीने की इच्छा अपने आप में कोई उपलब्धि नहीं है। उसके लिए काम, धैर्य और ज़िम्मेदारी भी चाहिए। कथावाचक के पास इच्छाएँ अधिक हैं और उन्हें पूरा करने की तैयारी कम।
कथावाचक की यह बेचैनी आधुनिक जीवन में व्यक्ति की पहचान के सवाल से भी जुड़ती है। विवाह के पहले वह अपने को प्रेमी के रूप में देखता था। प्रेमी होने में इच्छा, प्रतीक्षा और कुछ हद तक रहस्य मौजूद था। विवाह के बाद वह पति बन गया है। यह नयी पहचान उसे असहज करती है। वह नहीं जानता कि पति होने का अर्थ क्या है। वह कभी पत्नी पर अधिकार जताना चाहता है, कभी उससे दूर भागना चाहता है और कभी अपने को एक उदार साथी के रूप में देखना चाहता है। इन भूमिकाओं के बीच उसकी पहचान स्थिर नहीं हो पाती। वह अपनी पुरानी छवि खो चुका है, लेकिन नयी छवि को स्वीकार नहीं कर पा रहा। इसीलिए विवाह के बाद उसे लगता है कि वह कोई दूसरा व्यक्ति बन गया है।
इस बदलाव का एक पहलू यह भी है कि प्रेम के दौरान व्यक्ति अपने साथी की एक कल्पित छवि बनाता है। वह उस छवि में अपनी इच्छाएँ और उम्मीदें जोड़ता रहता है। विवाह के बाद साथी एक वास्तविक मनुष्य के रूप में सामने आता है। उसकी अपनी आदतें, इच्छाएँ और प्रतिक्रियाएँ होती हैं। कथावाचक इस वास्तविकता को स्वीकार करने के बजाय बार-बार अपनी कल्पना की ओर लौटता है। उसे लगता है कि प्रेमिका के रूप में शिखा अधिक आकर्षक थी। पत्नी के रूप में वही स्त्री उसे परेशान कर रही है। लेकिन वास्तव में शिखा के व्यवहार में कोई ऐसा बड़ा परिवर्तन नहीं आया है जो इस प्रतिक्रिया को सही ठहरा सके। परिवर्तन मुख्य रूप से कथावाचक की दृष्टि में आया है।
कहानी में पत्नी के शरीर के प्रति उसकी दृष्टि भी आलोचनात्मक विचार की माँग करती है। वह शिखा के कपड़ों, देह और आकर्षण को बार-बार देखता है। उसके भीतर शारीरिक निकटता की इच्छा मौजूद है। लेकिन इस इच्छा के साथ अधिकार और नियन्त्रण की भावना भी जुड़ जाती है। वह पत्नी के शरीर को कभी आकर्षण की वस्तु मानता है, कभी भविष्य के मातृत्व की सम्भावना से जोड़ता है। इस तरह स्त्री का शरीर उसके लिए प्रेम, इच्छा, अधिकार और परिवार की कल्पना का केन्द्र बन जाता है। शिखा की अपनी शारीरिक इच्छाओं और अनुभवों के बारे में वह बहुत कम सोचता है। यहाँ भी पुरुष की दृष्टि अधिक सक्रिय है और स्त्री का स्वतन्त्र अनुभव पीछे रह जाता है।
मातृत्व की सम्भावना पर कथावाचक का विचार विवाह संस्था की सामाजिक बनावट को समझने में मदद करता है। विवाह के बाद स्त्री के गर्भधारण की सम्भावना उसके लिए अचानक वास्तविक हो उठती है। वह पत्नी के शरीर को इस नयी स्थिति के साथ देखने लगता है। लेकिन वह इस सवाल पर गम्भीरता से विचार नहीं करता कि दोनों बच्चे के बारे में क्या चाहते हैं। उसके मित्र और मित्र की पत्नी ने इस विषय पर मिलकर योजना बनाई है। इसके विपरीत कथावाचक की चेतना में यह सवाल व्यक्तिगत आशंका और कल्पना के रूप में आता है। इस अन्तर से दो तरह की दाम्पत्य चेतनाएँ सामने आती हैं। एक में भविष्य के बारे में साझा निर्णय की सम्भावना है। दूसरी में पुरुष अपनी निजी प्रतिक्रियाओं से बाहर नहीं निकल पा रहा।
कहानी के अन्त की ओर कथावाचक की मानसिक स्थिति में कुछ बदलाव दिखाई देता है। वह सोचता है कि पत्नी से बदला लेने या उसका मज़ाक उड़ाने से कोई लाभ नहीं है। उसे लगता है कि दुनिया में बहुत कुछ अच्छा और दिलचस्प है। लोग काम कर रहे हैं, जीवन चल रहा है और साधारण गतिविधियों में भी अर्थ मौजूद है। कुछ समय के लिए उसका आत्मविश्वास लौटता है। वह अपने को संयमित करने और दुनिया के साथ नया सम्बन्ध बनाने की इच्छा व्यक्त करता है। यह बदलाव कहानी में राहत का एक क्षण पैदा करता है। लेकिन लेखक इसे स्थायी समाधान के रूप में प्रस्तुत नहीं करते। कथावाचक की आशंकाएँ पूरी तरह समाप्त नहीं होतीं। उसके भीतर पत्नी पर अधिकार की भावना और अपनी स्थिति को लेकर बेचैनी बनी रहती है।
कहानी के अन्तिम दृश्य में भी यही स्थिति दिखाई देती है। रेस्तराँ में कथावाचक कुछ देर के लिए पत्नी के साथ सहज होता है। वह उसकी देखभाल से प्रभावित है। मित्र आसपास बैठे हैं। ज्यूक बॉक्स की आवाज़, कॉफ़ी, सिगरेट, रूमाल और रेस्तराँ में आने वाले लोग मिलकर एक सामान्य शहरी दृश्य बनाते हैं। कोई बड़ी घटना नहीं घटती। कोई निर्णायक टकराव नहीं होता। कथावाचक अपनी समस्या का कोई अन्तिम समाधान भी नहीं खोजता। जीवन अपनी सामान्य गति से चलता रहता है। यह साधारणता कहानी के अर्थ को गहरा बनाती है। जिस व्यक्ति को कुछ देर पहले अपना पूरा भविष्य संकट में दिखाई दे रहा था, वह अब एक सामान्य सामाजिक दृश्य का हिस्सा है। उसकी मानसिक उथल-पुथल के बावजूद दुनिया में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं हुआ है।
लेकिन ‘हास्यरस’ शीर्षक को सिर्फ़ कथावाचक की मूर्खताओं पर हँसने का निमन्त्रण मानना कहानी के साथ न्याय नहीं होगा। इस शीर्षक में गहरी विडम्बना मौजूद है। सामान्यतः हास्यरस से हम मनोरंजन, हल्केपन और प्रसन्नता की उम्मीद करते हैं। ज्ञानरंजन की कहानी में हँसी के अवसर ज़रूर हैं, लेकिन उनके पीछे असुरक्षा, ईर्ष्या, भय और सामाजिक पूर्वाग्रह छिपे हैं। पाठक कथावाचक की प्रतिक्रियाओं पर हँसता है, लेकिन धीरे-धीरे उसे समझ में आता है कि ये प्रतिक्रियाएँ सिर्फ़ एक व्यक्ति की विचित्रताएँ नहीं हैं। इनके पीछे ऐसी सामाजिक मान्यताएँ मौजूद हैं जो स्त्री और पुरुष के सम्बन्ध को बराबरी के बजाय अधिकार और नियन्त्रण के आधार पर समझती हैं।
शीर्षक की विडम्बना इस बात में भी है कि कहानी का कथावाचक स्वयं बहुत कम प्रसन्न दिखाई देता है। उसके जीवन में विवाह जैसा अवसर आया है, लेकिन वह लगातार परेशान है। वह दूसरों के सामने मुस्कराता है, पर भीतर से असन्तुष्ट रहता है। उसकी हँसी कई बार अभिनय बन जाती है। वह पत्नी को प्रभावित करने के लिए मुस्कराता है। मित्रों के सामने सहज दिखाई देने की कोशिश करता है। लेकिन उसके भीतर भय बना रहता है। इस तरह कहानी में हँसी और खुशी अलग-अलग अनुभव बन जाते हैं। बाहर से हास्य पैदा करने वाला व्यक्ति भीतर से गहरी बेचैनी में है।
यहाँ हास्य की एक और परत दिखाई देती है। कथावाचक दूसरों का मज़ाक उड़ाने में सक्षम है। वह पत्नी के व्यवहार पर टिप्पणी करता है। मित्रों की आदतों और कमज़ोरियों को पहचानता है। उनके प्रेम सम्बन्धों और सामाजिक आकांक्षाओं पर व्यंग्य करता है। लेकिन उसे यह समझ नहीं आता कि उसका अपना व्यवहार भी उतना ही हास्यास्पद है। वह दूसरों को देखने की दृष्टि रखता है, लेकिन अपने को उसी दृष्टि से नहीं देख पाता। लेखक इसी कमी का लाभ उठाते हैं। वे कथावाचक को दूसरों पर टिप्पणी करने देते हैं और उसकी टिप्पणियों के माध्यम से उसी का चरित्र खोलते हैं।
कहानी के हास्य में अपना मज़ाक उड़ाने का नैतिक साहस भी मौजूद है। कथावाचक कभी-कभी अपने ऊपर हँसता है। वह अपनी मूर्खताओं और असफलताओं को पहचानता है। लेकिन उसका आत्मपरिहास हमेशा गहरे आत्मालोचन तक नहीं पहुँचता। कई बार वह अपनी कमज़ोरी को हास्यास्पद बनाकर उससे बच निकलना चाहता है। वह अपने को दोष देता है, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर पत्नी को दोषी मानने लगता है। इस तरह आत्मपरिहास उसके लिए अपनी मानसिक उलझन से थोड़ी राहत पाने का साधन भी बन जाता है। ज्ञानरंजन इस प्रवृत्ति को समझते हैं और उसे कहानी की भाषा में जगह देते हैं।
हास्य और सामाजिक आलोचना का यह सम्बन्ध कहानी को साधारण वैवाहिक व्यंग्य से अलग करता है। यदि लेखक सिर्फ़ विवाह के बाद पुरुष की आज़ादी समाप्त होने की शिकायत को हास्य का आधार बनाते, तो कहानी परम्परागत स्त्री-विरोधी चुटकुलों के क़रीब चली जाती। लेकिन यहाँ कथावाचक की शिकायतों की विश्वसनीयता लगातार कम होती जाती है। पाठक देखता है कि पत्नी के व्यवहार में उतनी समस्या नहीं है जितनी पति की व्याख्याओं में है। इस तरह हास्य का निशाना पत्नी नहीं, बल्कि वह पुरुष मानसिकता बनती है जो पत्नी को अपनी असफलताओं और असुरक्षाओं का कारण मानती है।
कहानी का एक मानवीय पहलू यह भी है कि लेखक कथावाचक को पूरी तरह घृणित व्यक्ति नहीं बनाते। उसकी कमज़ोरियाँ स्पष्ट हैं, लेकिन उसके भीतर आत्मीयता की सम्भावना भी बनी रहती है। वह कभी पत्नी के प्रति नरम पड़ता है। कभी अपने विचारों से परेशान होता है। कभी साधारण जीवन की सुन्दरता पहचानने लगता है। उसके भीतर परिवर्तन की सम्भावना पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। लेकिन यह सम्भावना अभी किसी स्थायी नैतिक समझ में नहीं बदली। इसीलिए पाठक उसके प्रति सिर्फ़ क्रोध या उपहास महसूस नहीं करता। वह उसकी कमज़ोरियों को पहचानते हुए उस सामाजिक और मानसिक स्थिति को भी समझ सकता है जिसने उसे ऐसा बनाया है।
फिर भी इस सहानुभूति की एक सीमा होनी चाहिए। कथावाचक की असुरक्षा उसके स्त्री-विरोधी व्यवहार को सही नहीं ठहराती। उसकी ईर्ष्या और भय को समझना एक बात है, पत्नी के प्रति उसके अधिकारवादी रवैये को स्वीकार करना दूसरी। कहानी की आलोचनात्मक शक्ति इसी बात में है कि वह पाठक को दोनों स्तरों पर सोचने के लिए प्रेरित करती है। हम कथावाचक की मानसिक परेशानी को समझ सकते हैं, लेकिन उसके निष्कर्षों से सहमत होना ज़रूरी नहीं। इसी तरह हम शिखा की आत्मीयता को पहचान सकते हैं, लेकिन उसे सिर्फ़ त्यागमयी पत्नी की परम्परागत छवि में सीमित नहीं करना चाहिए।
‘हास्यरस’ को विवाह संस्था के इतिहास और समाजशास्त्र की दृष्टि से पढ़ने पर कथावाचक की निजी उलझनों से आगे के सवाल सामने आते हैं। विवाह के नियम कैसे बने और समय के साथ उनमें क्या बदलाव आए? सन्तान, सम्पत्ति, परिवार और राज्य ने इन नियमों को कैसे प्रभावित किया? प्रेम के आधार पर जीवनसाथी चुनने की स्वतन्त्रता बढ़ने के बाद भी पुरानी मान्यताएँ क्यों बनी रहीं? इन सवालों पर विश्वनाथ काशीनाथ राजवाडे, फ़्रेडरिक एंगेल्स और स्टेफ़नी कूंट्ज़ की अलग-अलग दृष्टियाँ उपयोगी हैं। राजवाडे भारतीय विवाह प्रथाओं का इतिहास देखते हैं। एंगेल्स परिवार को सम्पत्ति और आर्थिक सम्बन्धों से जोड़ते हैं। कूंट्ज़ आधुनिक विवाह में प्रेम और भावनात्मक अपेक्षाओं के बढ़ते महत्त्व की चर्चा करती हैं। इन विचारों के सहारे कहानी के कानूनी, पारिवारिक और आर्थिक संकेतों को अधिक स्पष्ट ढंग से समझ सकते हैं।
विश्वनाथ काशीनाथ राजवाडे ने अपनी पुस्तक ‘भारतीय विवाह संस्थेचा इतिहास’ में प्राचीन भारतीय समाज की विवाह सम्बन्धी प्रथाओं और मान्यताओं का ऐतिहासिक अध्ययन किया। मूल मराठी कृति 1926 में प्रकाशित हुई थी। राजवाडे ने प्राचीन साहित्य, भाषायी प्रमाणों और सामाजिक व्यवहारों के आधार पर यह समझने की कोशिश की कि भारतीय समाज में विवाह के नियम किस तरह बने और समय के साथ उनमें क्या बदलाव आए। उनका आग्रह था कि जिन पारिवारिक और वैवाहिक नियमों को बाद के समाज ने सनातन मान लिया, उनका भी अपना इतिहास है। स्त्री और पुरुष के सम्बन्ध हमेशा एक जैसे नहीं रहे। समाज की आर्थिक व्यवस्था, सन्तान और वंश से जुड़ी धारणाओं तथा सामुदायिक ज़रूरतों ने उनके स्वरूप को प्रभावित किया। राजवाडे के कुछ ऐतिहासिक निष्कर्षों पर बाद के अध्येताओं ने सवाल उठाए हैं। इसलिए उनकी हर व्याख्या को निर्विवाद तथ्य मानना उचित नहीं होगा। लेकिन विवाह को अपरिवर्तनीय धार्मिक व्यवस्था के बजाय ऐतिहासिक संस्था के रूप में समझने का उनका प्रयास आज भी उपयोगी है।
राजवाडे की इस दृष्टि से ‘हास्यरस’ के आरम्भिक दृश्य को पढ़ें तो रजिस्ट्रार का कार्यालय एक नया अर्थ ग्रहण करता है। कहानी में विवाह किसी धार्मिक अनुष्ठान या पारिवारिक समारोह के माध्यम से सम्पन्न नहीं होता। दो व्यक्ति एक सरकारी अधिकारी के सामने उपस्थित होते हैं। तीन मित्र गवाही देते हैं और कानूनी कार्रवाई पूरी हो जाती है। कहानी की शुरुआत ही इस सूचना से होती है कि लगभग आधे घंटे में विवाह की औपचारिकता पूरी हो गई। इस छोटे-से विवरण में विवाह संस्था के लम्बे इतिहास का एक आधुनिक रूप सामने आता है। जिस सम्बन्ध को परम्परागत समाज धार्मिक संस्कार, परिवार की स्वीकृति और सामुदायिक नियमों से मान्यता देता रहा है, उसे यहाँ राज्य की कानूनी प्रक्रिया मान्यता देती है। लेकिन इससे विवाह का सामाजिक चरित्र समाप्त नहीं होता। परिवार और धर्म की प्रत्यक्ष भूमिका कम दिखाई देती है, पर उनकी जगह राज्य, कानून और गवाहों की व्यवस्था मौजूद है। दो व्यक्तियों का निजी निर्णय अब भी एक बाहरी संस्था की स्वीकृति प्राप्त करता है।
रजिस्ट्रार के कमरे में विवाह करने वाले दो व्यक्ति हैं, लेकिन उनके साथ तीन गवाह भी उपस्थित हैं। ये गवाह उस निर्णय की सार्वजनिक पुष्टि करते हैं। प्रेम के दिनों में कथावाचक और शिखा का सम्बन्ध मुख्य रूप से उनकी आपसी सहमति पर निर्भर था। विवाह के बाद वही सम्बन्ध एक दर्ज़ किया हुआ कानूनी तथ्य बन जाता है। अब उसके अस्तित्व का प्रमाण सिर्फ़ दोनों की स्मृति या उनकी भावनाओं में नहीं है। सरकारी अभिलेख भी उसे मान्यता देते हैं। राजवाडे के ऐतिहासिक अध्ययन की रोशनी में देखें तो यहाँ विवाह को सामाजिक मान्यता देने की व्यवस्था का बदला हुआ रूप दिखाई देता है। परम्परागत समुदाय की भूमिका को आधुनिक राज्य ने पूरी तरह समाप्त नहीं किया, बल्कि विवाह की वैधता तय करने की एक अलग व्यवस्था विकसित की है। ज्ञानरंजन इस परिवर्तन पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं करते। लेकिन कहानी का आरम्भ इसी प्रक्रिया से करके वे विवाह के संस्थागत स्वरूप की ओर ध्यान खींचते हैं।
इस कानूनी व्यवस्था का एक दिलचस्प विरोध कहानी में दिखाई देता है। विवाह की कार्रवाई आधे घंटे में पूरी हो जाती है, लेकिन उसके बाद कथावाचक को अपने जीवन में आए परिवर्तन का अर्थ समझने में कठिनाई होती है। यहाँ दो तरह के समय आमने-सामने हैं। एक सरकारी प्रक्रिया का समय है, जिसे नियमों के अनुसार पूरा किया जा सकता है। दूसरा सामाजिक सम्बन्ध का समय है, जिसमें व्यक्ति को अपनी पुरानी आदतों और नयी ज़िम्मेदारियों के बीच तालमेल बैठाना पड़ता है। कानून किसी सम्बन्ध को तत्काल मान्यता दे सकता है, लेकिन वह सम्बन्ध निभाने की समझ अपने आप पैदा नहीं कर सकता। संस्थाएँ अपने नियम बदल सकती हैं, लेकिन उनसे जुड़े सामाजिक संस्कार और व्यवहार उसी गति से नहीं बदलते। कहानी के आरम्भिक दृश्य में यह अन्तर बिना किसी प्रत्यक्ष व्याख्या के सामने आ जाता है।
राजवाडे की ऐतिहासिक दृष्टि से कहानी के एक छोटे-से सार्वजनिक दृश्य का अर्थ भी खुलता है। कचहरी के बाहर कथावाचक सड़क के किनारे लगी बेंचों को देखता है। उनमें कुछ बेंचों पर महिलाओं के लिए अलग होने की सूचना लिखी है। यह विवरण पहली नज़र में वातावरण का मामूली हिस्सा लगता है। लेकिन विवाह की कानूनी कार्रवाई के तुरन्त बाद सार्वजनिक स्थान में स्त्री और पुरुष के लिए अलग व्यवस्था का दिखाई देना ध्यान खींचता है। एक ओर आधुनिक राज्य स्त्री और पुरुष को विवाह के निर्णय में कानूनी पक्षकारों के रूप में स्वीकार करता है। दूसरी ओर सार्वजनिक स्थानों में उनके अलग-अलग सामाजिक अनुभवों के निशान दिखाई देते हैं। महिलाओं के लिए अलग बैठने की सुविधा सुरक्षा या सुविधा के उद्देश्य से भी हो सकती है। इसलिए उसे सीधे भेदभाव का प्रमाण मानना उचित नहीं होगा। फिर भी यह दृश्य याद दिलाता है कि आधुनिक समाज में स्त्री और पुरुष के सम्बन्धों का इतिहास सिर्फ़ विवाह के नियमों में नहीं, सार्वजनिक जीवन की व्यवस्थाओं में भी मौजूद रहता है।
राजवाडे के विचारों का एक उपयोग विवाह के धार्मिक संस्कार और नागरिक अनुबन्ध के अन्तर को समझने में भी किया जा सकता है। कथावाचक विवाह को कानूनी समझौते की तरह याद करता है। यह शब्द चयन ध्यान देने योग्य है। समझौता दो पक्षों के बीच किसी निर्धारित सम्बन्ध की स्वीकृति का संकेत देता है। लेकिन कहानी में इस समझौते की शर्तों पर कोई वास्तविक बातचीत नहीं होती। दोनों ने विवाह का निर्णय लिया है, पर विवाह के बाद वे अपना जीवन कैसे व्यवस्थित करेंगे, इसका कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिलता। कानूनी सहमति और साझा जीवन के व्यावहारिक नियम एक ही चीज़ नहीं हैं। विवाह की औपचारिक प्रक्रिया पूरी हो सकती है, जबकि उसके भीतर रहने वाले व्यक्तियों को अपनी ज़िम्मेदारियों और अपेक्षाओं के बारे में अभी बहुत कुछ तय करना बाकी हो। कहानी इस अन्तर को सामने लाती है।
फ़्रेडरिक एंगेल्स ने अपनी पुस्तक ‘परिवार, निजी सम्पत्ति और राज्य की उत्पत्ति’ (The Origin of the Family, Private Property and the State, 1884) में विवाह और परिवार के विकास को आर्थिक सम्बन्धों के इतिहास से जोड़ा। लुईस हेनरी मॉर्गन के मानवशास्त्रीय अध्ययन से प्रभावित एंगेल्स ने तर्क दिया कि निजी सम्पत्ति के विकास, उत्तराधिकार की व्यवस्था और पितृत्व की निश्चितता ने एकनिष्ठ विवाह के ऐतिहासिक स्वरूप को प्रभावित किया। उन्होंने यह भी बताया कि परम्परागत एकनिष्ठ विवाह ने स्त्री और पुरुष पर एक जैसे नैतिक नियम लागू नहीं किए। पुरुष को अधिक छूट मिली, जबकि स्त्री की यौन स्वतन्त्रता पर कड़े नियन्त्रण रहे। एंगेल्स की विकास सम्बन्धी कुछ मान्यताओं पर बाद के मानवशास्त्र ने सवाल उठाए हैं। इसलिए उनके ऐतिहासिक क्रम को सार्वभौमिक सत्य मानने के बजाय विवाह, सम्पत्ति और सत्ता के सम्बन्ध की एक प्रभावशाली व्याख्या के रूप में ग्रहण करना अधिक उचित होगा।
एंगेल्स के विचारों से ‘हास्यरस’ में सन्तान के सवाल का एक ऐसा अर्थ सामने आता है जो सिर्फ़ कथावाचक की निजी इच्छा से सम्बन्धित नहीं है। विवाह के तुरन्त बाद वह बुद्ध के वैराग्य की कल्पना करता है, लेकिन साथ ही सोचता है कि कुछ समय बाद वैराग्य आता तो कम से कम उसका एक पुत्र हो जाता। इस कल्पना में पुत्र का उल्लेख ध्यान देने योग्य है। वह सन्तान के सामान्य अर्थ में बात नहीं करता। उसकी कल्पना में पुत्र ही आता है। एंगेल्स के विचारों के सन्दर्भ में यह सवाल उठता है कि कथावाचक के मन में पुत्र की इच्छा क्या सिर्फ़ पितृत्व की इच्छा है, या उसके पीछे वंश को आगे बढ़ाने की परम्परागत धारणा भी काम कर रही है? कहानी इसका स्पष्ट उत्तर नहीं देती। फिर भी पुत्र की इच्छा को विवाह के तुरन्त बाद याद करना बताता है कि आधुनिक प्रेम विवाह करने वाला पुरुष भी सन्तान के बारे में सोचते समय पुराने पारिवारिक संस्कारों से पूरी तरह मुक्त नहीं हुआ है।
इस प्रसंग में एक और बात ध्यान देने योग्य है। कथावाचक पुत्र की सम्भावना को अपनी इच्छा के रूप में देखता है। शिखा इस विषय में क्या सोचती है, इसका उसे कोई ख़याल नहीं आता। यहाँ प्रश्न सन्तान पैदा करने के निर्णय की प्रकृति का है। विवाह संस्था ने ऐतिहासिक रूप से सन्तानोत्पत्ति को वैध पारिवारिक सम्बन्ध से जोड़ा है। लेकिन आधुनिक प्रेम विवाह में भी यह ज़रूरी नहीं कि दोनों व्यक्ति सन्तान के बारे में बराबरी से सोचें। कथावाचक की कल्पना में सन्तान का सवाल साझा निर्णय के रूप में नहीं उभरता। वह उसके अपने जीवन की उपलब्धि या सम्भावित कमी के रूप में सामने आता है। एंगेल्स की दृष्टि से इसे परिवार के उस ऐतिहासिक स्वरूप की बची हुई छाया मान सकते हैं जिसमें सन्तान, विशेषकर पुत्र, पुरुष के वंश और सामाजिक निरन्तरता से जुड़ता रहा है।
एंगेल्स के विचारों की रोशनी में कहानी में आर्थिक जीवन की एक ऐसी अनुपस्थिति भी दिखाई देती है जिसकी चर्चा ज़रूरी है। कथावाचक विवाह के बाद के जीवन की अनेक कल्पनाएँ करता है, लेकिन पति और पत्नी के आर्थिक सम्बन्धों के बारे में लगभग कुछ नहीं सोचता। शिखा की आय है या नहीं, वह काम करती है या नहीं, विवाह के बाद दोनों की आर्थिक ज़िम्मेदारियाँ किस तरह बँटेंगी, इन सवालों पर वह चुप है। यह चुप्पी विचारणीय है। कथावाचक भविष्य के बारे में बहुत सोचता है, लेकिन घरेलू अर्थव्यवस्था उसके विचारों में कोई स्पष्ट जगह नहीं पाती। इससे यह साबित नहीं होता कि शिखा आर्थिक रूप से निर्भर है। कहानी ऐसी कोई जानकारी नहीं देती। लेकिन यह अवश्य दिखाई देता है कि कथावाचक के लिए विवाह की कल्पना में आर्थिक साझेदारी अभी विचार का विषय नहीं बनी है।
यह अनुपस्थिति उस विवाहित मित्र के प्रसंग से और स्पष्ट होती है जो अपनी पत्नी के साथ पैसे जमा करने और आगे चलकर एक स्कूल खोलने की योजना बनाता है। एंगेल्स के सन्दर्भ में इस योजना का एक अलग अर्थ सामने आता है। मित्र और उसकी पत्नी आर्थिक संसाधनों को अपने साझा भविष्य के साथ जोड़ते हैं। वे परिवार की बचत को सिर्फ़ निजी उपभोग तक सीमित नहीं रखना चाहते। उसके माध्यम से सामाजिक काम करने की योजना बनाते हैं। लेकिन कहानी यह नहीं बताती कि दोनों की आय और श्रम का सम्बन्ध क्या है। इसलिए उनकी योजना को आर्थिक बराबरी का प्रमाण नहीं मान सकते। फिर भी यह प्रसंग विवाह के भीतर आर्थिक निर्णयों की सम्भावना सामने लाता है। इसके बरअक्स कथावाचक का विवाह अभी आर्थिक साझेदारी की किसी स्पष्ट समझ तक नहीं पहुँचा है।
एंगेल्स की आलोचना का एक उपयोग विवाह के बाद घरेलू श्रम के सवाल को समझने में भी किया जा सकता है। ‘हास्यरस’ में विवाह के बाद का पूरा घरेलू जीवन अभी शुरू नहीं हुआ है। इसलिए घर के कामकाज का कोई विस्तृत चित्र नहीं मिलता। लेकिन यही स्थिति एक आलोचनात्मक प्रश्न पैदा करती है। कथावाचक भविष्य के समय, अपनी रुचियों और व्यक्तिगत योजनाओं के बारे में सोचता है। वह यह नहीं सोचता कि साझा जीवन चलाने के लिए कौन-कौन से काम करने होंगे और उन्हें कौन करेगा। भोजन, सफ़ाई, घरेलू व्यवस्था और दैनिक ज़रूरतों का प्रश्न उसकी कल्पना से बाहर है। विवाह के इतिहास में इन कामों का बोझ अक्सर स्त्रियों पर रहा है। एंगेल्स ने परिवार के भीतर स्त्री के श्रम और आर्थिक निर्भरता को सत्ता के सम्बन्धों से जोड़ा था। इस सन्दर्भ में कथावाचक की चुप्पी अर्थपूर्ण हो जाती है। वह विवाह के बाद के समय को भरने की समस्या समझता है, लेकिन उस श्रम की कल्पना नहीं करता जो रोज़मर्रा का पारिवारिक जीवन सम्भव बनाता है।
यहाँ कहानी की एक सीमा भी सामने आती है। ज्ञानरंजन ने कथावाचक की चेतना को कहानी का केन्द्र बनाया है। इसलिए विवाह की आर्थिक बनावट, स्त्री का कामकाजी जीवन और घरेलू श्रम का बँटवारा कथा में विकसित नहीं होते। लेकिन इस सीमा को पहचानना कहानी की आलोचना करना भर नहीं है। इससे यह समझने में मदद मिलती है कि पुरुष की अपने तक सीमित चेतना किन सवालों को अपने अनुभव के बाहर रखती है। कथावाचक विवाह के बारे में जितना अधिक सोचता है, उतना ही कम उस सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था पर विचार करता है जिसके भीतर विवाह का वास्तविक जीवन चलेगा।
स्टेफ़नी कूंट्ज़ ने अपनी पुस्तक ‘मैरिज, अ हिस्ट्री: फ़्रॉम ओबीडिएन्स टु इंटिमेसी ऑर हाउ लव कॉन्कर्ड मैरिज’ (Marriage, a History: From Obedience to Intimacy, or How Love Conquered Marriage, 2005) में विवाह के इतिहास की एक अलग दिशा से पड़ताल की है। उनका तर्क है कि इतिहास के बड़े हिस्से में विवाह का प्रमुख उद्देश्य प्रेम की व्यक्तिगत इच्छा पूरी करना नहीं था। परिवारों के बीच सम्बन्ध बनाना, आर्थिक सहयोग, सामाजिक प्रतिष्ठा और राजनीतिक हित जैसे कारण विवाह के निर्णयों को प्रभावित करते थे। आधुनिक समाज में प्रेम के आधार पर विवाह करने का आदर्श धीरे-धीरे अधिक प्रभावशाली हुआ। कूंट्ज़ इस परिवर्तन के भीतर एक विरोध भी पहचानती हैं। प्रेम ने विवाह को अधिक व्यक्तिगत बनाया, लेकिन इसी के साथ विवाह से भावनात्मक सन्तुष्टि की अपेक्षाएँ भी बढ़ीं।
कूंट्ज़ के विचारों के मद्देनज़र ‘हास्यरस’ में प्रेम विवाह की एक ऐसी समस्या दिखाई देती है जो कथावाचक की व्यक्तिगत उलझन से आगे जाती है। कहानी में कथावाचक और शिखा ने विवाह का निर्णय प्रेम के आधार पर लिया है। इस अर्थ में वे आधुनिक विवाह की उस धारणा का प्रतिनिधित्व करते हैं जिसमें व्यक्ति अपने जीवनसाथी के चुनाव को निजी अधिकार मानता है। लेकिन विवाह के बाद उनके सामने एक नया सवाल खड़ा होता है। जब विवाह का आधार प्रेम है, तो क्या उस सम्बन्ध में प्रेम की अनुभूति लगातार एक जैसी बनी रहनी चाहिए? कथावाचक इस प्रश्न का कोई स्पष्ट उत्तर नहीं देता। लेकिन उसके व्यवहार से लगता है कि वह प्रेम और विवाह के बीच किसी निरन्तर भावनात्मक समानता की उम्मीद कर रहा था। जैसे ही उसके अनुभव में परिवर्तन आता है, वह विवाह के निर्णय पर ही सन्देह करने लगता है।
कूंट्ज़ की ऐतिहासिक व्याख्या इस स्थिति को समझने में मदद करती है। जब विवाह का आधार मुख्य रूप से परिवार की आर्थिक और सामाजिक ज़रूरतें थीं, तब उससे मिलने वाली भावनात्मक सन्तुष्टि विवाह की सफलता की एकमात्र कसौटी नहीं थी। आधुनिक प्रेम विवाह में व्यक्ति अपने साथी से प्रेम, आत्मीयता, समझदारी और निजी खुशी की अधिक उम्मीद कर सकता है। यह परिवर्तन मानवीय सम्बन्धों को अधिक स्वतन्त्र बनाने की सम्भावना रखता है। लेकिन इससे अपेक्षाओं का दबाव भी बढ़ सकता है। ‘हास्यरस’ में कथावाचक की बेचैनी को इसी बदली हुई अपेक्षा के सन्दर्भ में पढ़ा जा सकता है। वह अपने विवाह का मूल्यांकन उसके सम्पन्न होने के कुछ ही क्षणों बाद करने लगता है। मानो विवाह की सफलता का प्रमाण उसे तत्काल मिल जाना चाहिए।
इस दृष्टि से कहानी में कथावाचक की तत्काल परिणाम पाने की इच्छा का अर्थ और खुलता है। वह विवाह को जीवन की एक प्रक्रिया बनने देने के बजाय ऐसे काम की तरह देखता है जिसका परिणाम तुरन्त सामने आना चाहिए। प्रेम विवाह को वह अपनी इच्छा से चुनी हुई उपलब्धि मानता था। अब वह उसी चुनाव का हिसाब माँग रहा है। लेकिन किसी सम्बन्ध की सफलता को परीक्षा, नौकरी या व्यापार की तरह तत्काल नहीं मापा जा सकता। उसमें समय के साथ नयी परिस्थितियाँ आती हैं। दोनों व्यक्तियों की इच्छाएँ भी बदलती हैं। कथावाचक इस खुले भविष्य को स्वीकार करने के बजाय अपने निर्णय का अन्तिम परिणाम जान लेना चाहता है। उसकी यह अधीरता आधुनिक मध्यवर्गीय जीवन की उस प्रवृत्ति की याद दिलाती है जिसमें व्यक्ति अपने निजी सम्बन्धों को भी सफलता और असफलता की कसौटी पर परखने लगता है।
कूंट्ज़ के विचारों के सन्दर्भ में कहानी का एक दूसरा पहलू विवाह और व्यक्तिगत चुनाव के सम्बन्ध से जुड़ता है। प्रेम विवाह को आम तौर पर जीवनसाथी चुनने की स्वतन्त्रता से जोड़ा जाता है। लेकिन चुनाव की स्वतन्त्रता के साथ अपने निर्णय की ज़िम्मेदारी भी आती है। परम्परागत पारिवारिक विवाह में व्यक्ति कभी-कभी अपने असन्तोष का कारण परिवार के निर्णय को मान सकता है। यहाँ कथावाचक के पास यह सुविधा नहीं है। उसने स्वयं विवाह किया है। कहानी में किसी पारिवारिक दबाव का उल्लेख नहीं मिलता। इसलिए वह अपने निर्णय की ज़िम्मेदारी से बचने के लिए नये तर्क खोजता है। कभी उसे लगता है कि उसकी बुद्धि ने ऐन समय पर साथ नहीं दिया। कभी वह पुराने अनुभवों को भूल जाने के लिए अपने को कोसता है। कभी अपनी आत्मा को दोष देता है। इन प्रतिक्रियाओं में वह उस असुविधाजनक सच्चाई से बचने की कोशिश करता है कि विवाह का निर्णय उसका अपना था।
यहाँ प्रेम विवाह की स्वतन्त्रता एक अनपेक्षित समस्या पैदा करती है। चुनाव की आज़ादी व्यक्ति को अधिकार देती है, लेकिन उसके निर्णय को दूसरों पर थोपने की गुंजाइश कम कर देती है। कथावाचक इसी स्थिति से परेशान है। वह विवाह के निर्णय को किसी बाहरी शक्ति की भूल साबित करना चाहता है, जबकि कहानी के घटनाक्रम में ऐसा कोई प्रमाण नहीं है। कूंट्ज़ की ऐतिहासिक दृष्टि से यह आधुनिक विवाह की एक विडम्बना है। जिस संस्था में व्यक्तिगत चुनाव को अधिक महत्त्व मिला, उसी में व्यक्ति अपने चुनाव के परिणामों को लेकर अधिक असुरक्षित भी हो सकता है। हालाँकि इस असुरक्षा को आधुनिक विवाह का अनिवार्य परिणाम नहीं मानना चाहिए। कहानी इसे एक ख़ास व्यक्ति के अनुभव के रूप में सामने लाती है।
कूंट्ज़ के विचारों से विवाह और सामाजिक सम्बन्धों के बदलते स्वरूप का एक और प्रश्न उठता है। कहानी में कथावाचक और शिखा के परिवार लगभग अनुपस्थित हैं। विवाह के अवसर पर माता-पिता, भाई-बहन या दूसरे रिश्तेदार दिखाई नहीं देते। तीन मित्र गवाही देते हैं। यह अनुपस्थिति कहानी की सामाजिक बनावट का एक उल्लेखनीय पक्ष है। परम्परागत विवाह में परिवार सिर्फ़ समारोह का आयोजक नहीं होता। वह सम्बन्ध की स्वीकृति, आर्थिक सहयोग और भविष्य की ज़िम्मेदारियों में भी भूमिका निभाता है। यहाँ मित्रों ने उस सार्वजनिक भूमिका का एक हिस्सा सँभाला है। इससे विवाह के सामाजिक सम्बन्धों में बदलाव का संकेत मिलता है। लेकिन परिवार की अनुपस्थिति का कारण कहानी स्पष्ट नहीं करती। इसलिए यह मान लेना उचित नहीं होगा कि दोनों ने परिवार से विद्रोह करके विवाह किया है या परिवार ने उनके सम्बन्ध को अस्वीकार कर दिया है।
फिर भी मित्रों की उपस्थिति और परिवार की अनुपस्थिति को साथ रखकर देखें तो आधुनिक शहरी जीवन में सम्बन्धों की एक नयी व्यवस्था दिखाई देती है। व्यक्ति अपने जीवन के कुछ निर्णयों में परिवार के बजाय मित्रों पर भरोसा कर सकता है। मित्र सिर्फ़ मनोरंजन और बातचीत के साथी नहीं रहते। वे सामाजिक मान्यता देने और कठिन निर्णयों में सहयोग करने की भूमिका भी निभाते हैं। ‘हास्यरस’ में विवाह के गवाह बने मित्र इसी सम्भावना का संकेत देते हैं। लेकिन कहानी यह भी दिखाती है कि मित्रों की यह भूमिका सीमित है। वे कानूनी प्रक्रिया में सहयोग कर सकते हैं, पर विवाह के बाद बनने वाले सम्बन्ध की ज़िम्मेदारी अन्ततः पति और पत्नी को ही सँभालनी होगी। यहाँ आधुनिक विवाह की व्यक्तिगत स्वतन्त्रता और सामाजिक सहयोग के बीच एक नया सम्बन्ध बनता दिखाई देता है।
कूंट्ज़ की पुस्तक में प्रेम और विवाह के बदलते सम्बन्धों की चर्चा से शिखा के एक संवाद का अर्थ भी खुलता है। वह अपने पति से कहती है कि उसे अभी जीवन में बहुत ऊँचा उठना है और सिर्फ़ उसके बारे में सोचते रहने से वह महान नहीं बन सकेगा। इस संवाद को सिर्फ़ पति की सफलता की कामना मानकर छोड़ देना उचित नहीं होगा। इसमें विवाह के भीतर व्यक्तिगत आकांक्षाओं के लिए जगह बनाने का प्रश्न भी मौजूद है। शिखा अपने पति के जीवन को सिर्फ़ दाम्पत्य तक सीमित नहीं करना चाहती। वह उसके सामने विवाह के बाहर की दुनिया और भविष्य की उपलब्धियों की सम्भावना रखती है। यह दृष्टि उस धारणा से अलग है जिसमें विवाह के बाद पति और पत्नी का पूरा जीवन सिर्फ़ एक-दूसरे के इर्द-गिर्द घूमने की अपेक्षा की जाती है।
हालाँकि इस संवाद में एक सीमा भी है। शिखा पति के महान बनने की बात करती है, लेकिन अपनी उपलब्धियों या भविष्य की योजनाओं के बारे में कुछ नहीं कहती। इससे यह सवाल उठता है कि आधुनिक प्रेम विवाह में व्यक्तिगत विकास की कल्पना दोनों व्यक्तियों के लिए बराबर उपलब्ध है या नहीं। कहानी इसका उत्तर नहीं देती। लेकिन शिखा का संवाद इस प्रश्न की ओर ध्यान ज़रूर खींचता है। प्रेम विवाह में दो व्यक्तियों का साथ आना तभी बराबरी का सम्बन्ध बन सकता है जब दोनों को अपनी अलग आकांक्षाओं के लिए जगह मिले। सिर्फ़ पति की सफलता को साझा जीवन की उपलब्धि मान लेना पुराने पारिवारिक आदर्श का ही एक बदला हुआ रूप हो सकता है।
इन विचारों के मद्देनज़र कहानी की एक सीमा भी सामने आती है । ‘हास्यरस’ का घटनाक्रम विवाह के बाद के कुछ घंटों में सिमटा हुआ है। इसलिए आर्थिक कठिनाइयाँ, घरेलू श्रम, परिवारों के बीच सम्बन्ध और बच्चों के पालन-पोषण जैसे सवाल कथा में विस्तार नहीं पाते। लेकिन कुछ छोटे संकेत इनकी ओर ध्यान दिलाते हैं। आलोचना में उन संकेतों को पहचानना चाहिए, न कि कहानी पर ऐसे अर्थ थोपने चाहिए जिनका पाठ में कोई आधार नहीं है।
आज प्रेम और जीवन साथी के रूप में व्यस्क स्त्री-पुरुष के साथ रहने के रूप भी बदल रहे हैं। कुछ शहरी परिवेशों में विवाह के अलावा ‘लिव-इन सम्बन्ध’, सिचुएशनशिप सरीखे ऐसे रिश्ते दिखाई देते हैं जिनमें लोग एक-दूसरे को लेकर किसी प्रतिबद्धता या जिम्मेदारी से बचना चाहते हैं । इन बदलावों को सिर्फ़ नैतिक गिरावट या व्यक्तिगत स्वतन्त्रता कहना शायद ज़ल्दबाज़ी हो ।पर इन संबंधो में भी भरोसे, बराबरी, निजी इच्छा और साझा ज़िम्मेदारी के सवाल उठते हैं। डिजिटल संवाद और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के तहत एलोगरिदम पर आधारित ‘ए.आइ’ बॉय फ्रेंड ,गर्ल फ्रेंड और समलैंगिक मित्र इन सवालों में एक नया पहलू जोड़ते हैं, हालाँकि उनका अनुभव दो स्वतन्त्र मनुष्यों के सम्बन्ध जैसा नहीं हो सकता । ‘हास्यरस’ कहानी को आज पढ़ते हुए यह पूछना उपयोगी है कि क्या सम्बन्ध का नाम या उसका कानूनी रूप बदल देने से अधिकार जताने की आदत और दूसरे की स्वतन्त्रता से पैदा होने वाला डर समाप्त हो जाता है। कहानी इस सवाल का सीधा जवाब नहीं देती, लेकिन कथावाचक की बेचैनी हमें इस पर सोचने का मौक़ा देती है।
ज्ञानरंजन ने एक साधारण-सी घटना के सहारे मनुष्य की उस आदत को पकड़ा है जिसमें वह अपने भीतर की उलझनों को समझने के बजाय उनके लिए बाहर कारण खोजता है। कहानी पाठक को कोई तैयार समाधान नहीं देती। वह उससे अपनी धारणाओं और व्यवहार की जाँच करने को कहती है। इसी वजह से ‘हास्यरस’ अपने समय के मध्यवर्गीय जीवन का चित्र होने के साथ आज भी प्रासंगिक है। वह पूछती है कि विचारों और सामाजिक परिस्थितियों के बदलने के बाद हमारे निजी व्यवहार में कितना बदलाव आया है।
ज्ञानरंजन की ‘हास्यरस’ कहानी का वेबलिंक :
https://www.hindisamay.com/content/3111/1/%E0%A4%9C%E0%A5%8D%E0%A4%9E%E0%A4%BE%E0%A4%A8%E0%A4%B0%E0%A4%82%E0%A4%9C%E0%A4%A8-%E0%A4%95%E0%A4%B9%E0%A4%BE%E0%A4%A8%E0%A4%BF%E0%A4%AF%E0%A4%BE%E0%A4%81-%E0%A4%B9%E0%A4%BE%E0%A4%B8%E0%A5%8D%E0%A4%AF%E0%A4%B0%E0%A4%B8.cspx

रवि रंजन
जन्म : 1962, मुज़फ्फ़रपुर,बिहार
शिक्षा : पी-एच.डी.
रूचि के क्षेत्र : भक्तिकाव्य, आधुनिक हिन्दी कविता, आलोचना, साहित्य का समाजशास्त्र,
प्रकाशित कृतियाँ : ‘नवगीत का विकास और राजेंद्र प्रसाद सिंह’, ‘प्रगतिवादी कविता में वस्तु और रूप’, ‘सृजन और समीक्षा:विविध आयाम’, ‘भक्तिकाव्य का समाजशास्त्र पदमावत’, ‘अनमिल आखर’ , ‘आलोचना का आत्मसंघर्ष’ (सं) वाणी प्रकाशन,दिल्ली (2011), ‘साहित्य का समाजशास्त्र और सौंदर्यशास्त्र: व्यावहारिक परिदृश्य’ (2012),वाणी प्रकाशन, ‘वारसा डायरी’(2022), ‘लोकप्रिय हिन्दी कविता का समाजशास्त्र’(2026), वाणी प्रकाशन, दिल्ली
विभिन्न साहित्यिक पत्र-पत्रिकाओं में हिन्दी एवं अंग्रेज़ी में सौ से अधिक आलेख प्रकाशित.
राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में भागीदारी.
‘वारसा डायरी’ के लिए ‘जयपुर साहित्य सम्मान (2023)
प्रतिनियुक्ति : 2005 से 2008 तक सेंटर फॉर इंडिया स्टडीज़, पेकिंग विश्वविद्यालय,बीजिंग एवं नवम्बर 2015 से सितम्बर 2018 तक वारसा विश्वविद्यालय,पोलैंड में भारतीय सांस्कृतिक सम्बन्ध परिषद् द्वारा स्थापित पीठ (चेयर) पर विजिटिंग प्रोफ़ेसर
प्रोफ़ेसर एवं पूर्व-अध्यक्ष (सेवा निवृत्त), हिन्दी विभाग, मानविकी संकाय, हैदराबाद केन्द्रीय विश्वविद्यालय, हैदराबाद ई.मेल. : raviranjan@uohyd.ac.in मो.9000606742
Discover more from रचना समय
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
