समकालीन प्रवासी  लेखन में दिव्या माथुर एक महत्त्वपूर्ण नाम है। दिव्या माथुर के दस कथा संग्रह, आठ काव्य संग्रह और चार उपन्यास प्रकाशित हैं जो भारी प्रशंसित हैं।
आप एफ आर एस ए वातायन – यूरोप की संस्थापक , वातायनम् की प्रमुख सम्पादक हैं।
लंदन में रहते हुए आप सतत् लेखन से जुड़ी हैं और बहुत सारे सम्मानों से सम्मानित । आपकी रचनाएं पाठ्यक्रमों में हैं। आप लंदन स्थित नेहरू सेंटर से सम्बद्ध रहीं।
प्रस्तुत है ,आपकी कहानी – आत्महत्या से पहले।
– हरि भटनागर

आत्महत्या से पहले

दिव्या माथुर

गैस की दुर्गन्ध मुझे बराबर अहसास दिला रही है कि मुझे अब और देर नहीं करनी चाहिए. इस दुर्गन्ध की वजह से ही शायद मौत की भयानकता का भय माचिस की डिब्बी और तीली को पकड़े हुए मेरी उंगलियों में समा गया है. घर के सन्नाटे ने मेरे दिलो-दिमाग़ में एक अजीब सा ख़ालीपन भर दिया है, शायद यह भय हो. इस आख़िरी वक्त में मुझे मौत से यह घबराहट क्यों? सुबह मैंने अपने को पूरी तरह से तैय्यार कर चुकी थी तो अब क्यों अजीब सा लग रहा है? मैं, एक क्षीणकाया, ख़ुद को बहला रही हूं कि शायद ऐसा ही होता होगा प्रत्येक आत्महत्या करने वाले के मन में. सचमुच वे लोग कितने प्रतिबद्ध और सख़्त-जान रहे होंगे जो आत्महत्या करने में कामयाब हुए!

मैंने यूं ही इतनी गैस व्यर्थ कर डाली; जल्दी से उंगलियां गैस के चूल्हे की तरफ़ लपकीं. व्यंग्य-भरी मुस्कुराहट ने गैस की दुर्गन्ध को भी ढक लिया; अपने इस आख़िरी वक्त में भी मुझे गैस के ख़त्म हो जाने की चिंता है; यह कम्बख़्त गैस, जो महीने के अंतम दिनों के तनाव को चरम सीमा तक पहुंचा के ही दम लेती है; आग जो ठहरी. क्लेष का वक्त यूं बेवक्त आ टपकता है.

‘तुम्हें गैस यूज़ करना नहीं आता तो चूल्हा क्यों नहीं फूंकतीं?’

‘खुले पतीले में सब्ज़ी पका रही हो, तुम्हारे दिमाग़ में क्या गोबर भरा है?’

‘नीचे से सिलेंडर बंद कर दोगी तो क्या तुम्हारे हाथ टूट जाएंगे?’

‘फ़िज़ूलख़र्ची की भी कोई हद होती है.’

‘पैसे पेड़ पर नहीं लगते कि तुम सिलैंडर पर सिलैंडर मंगाती रहो.’

ऐसे ऐसे न जाने कितने व्यंग्य मैं इस कम्बख़्त गैस की वजह से सुनती आई हूं. यह मैं क्या सोच रही हूं?  क्यों सोच रहीं हूं? क्या मैं आत्महत्या के लिए तैय्यार नहीं हूं? मेरी ज़रूरत किसी को नहीं; बच्चों को भी नहीं. मांजी और ‘ये’ तो चाहते ही हैं कि मैं किसी तरह मर-खप जाऊं तो वे कोई अच्छा सा घर देख कर ‘इनका’ फिर से विवाह कर दें. मेरी खोज-ख़बर लेने की बात तो दूर, मेरे घरवालों ने तो इस होली पर पकवान तक नहीं भेजा.

‘अरे, होली-दीवाली पे तो याद कर ले कोई अपनी जाई को, पर नईं, उनोने तो इस कम्बखत को बिदा करके शुकर मनाया,’ एक हफ़्ते से मांजी का राग जारी था. पिछली होली पर जब भैय्या पकवान लेकर आया था तो क्या कम क्लेश मचाया था उन्होंने?

‘हमारी मां होली पे सौ गुजियां और सौ पपड़ियों के अलावा कांजी के बड़े और बीसियों तरह के नमकीन भेजा करती थीं. इनका भैय्या देखो मुंह उठाए चला आया, गिनी चुनी इक्कीस गुजिया और पपडियां उठाए. इसमें से भी बऊ ने चार-चार निकाल कर उसके आगे धर दीं कि ले भैय्या खा ले.’

ऐसी बातें याद आती हैं तो दिल करता है कि बस अभी जान दे दूं; माचिस पर मेरी पकड़ मज़बूत हो जाती है. सोचती हूं कि मांजी की ऐसी ही चार-पांच घटनाएं याद कर लूं ताकि मेरी इच्छा और बलवति हो जाए. चार बजे का घंटा सुनकर मैं कांप उठी.

मैं इतनी देर से क्या कर रही थी? बच्चे स्कूल से आते ही होंगे. कहीं मेरी जलती देह से लिपट गए तो? मुझे और देर नहीं करनी चाहिए. खाना तो खिला दूं, बेचारे थके-मांदे आएंगे. इसी ममता ने मुझे कहीं का नहीं छोड़ा, नहीं तो अब तक मैं कब की मर-खप गई होती.

दोपहर की यह छोटी सी जिंदगी केवल मेरी है, जब बच्चों को अपने आंचल में छिपाये मैं स्वयं से छुप्पा-छुप्पी खेलती हूं. मांजी की ज़हर उगलती आंखों से परे, ‘इनसे’ निडर. आज भी मां जी किसी कीर्तन में गईं हैं. पांच बजे तक आने को कह कर गई थीं. उनके आने से पहले मुझे दस काम निपटाने हैं और मेरे हाथ शिथिल से लटके हैं; कैसे करूंगी मैं वे सब? इससे पहले कि वह लौटें, अच्छा होगा कि मैं जल मरूं, फिर किसे देंगी वह गालियां?

मांजी की स्याह आंखों का रंग चाय में उतर ज़हर बनकर मुझपर बरसने लगेगा. कैसे जिद्दी होते जा रहे हैं? शाम होते ही वे मांजी और ‘इनसे’ मिलकर मेरी बेबसी का तमाशा देखते हैं पर इसमें उनका क्या कुसूर? घर के इस माहौल ने उन्हें यही सब सिखाया है; दादी और पिता के इशारे पर मेरी बेइज़्ज़ती करके वे बड़े ख़ुश होते हैं.

ओह! मुझसे और बर्दाश्त नहीं होता. मुझे जल्दी करनी चाहिए. गैस व्यर्थ जा रही है. बच्चे आते होंगे. मुझे जलता देख लिया तो वे जीवन भर जलेंगे; कभी यह दृश्य भुला पाएंगे? कहीं मैं बच्चों की जिंदगी में भी न ज़हर घोल दूं. क्या मैं जल्दबाज़ी तो नहीं कर रही? या बहुत देर कर दी मैंने?  माचिस की डिब्बी और तीली को हाथों में पकड़े मैं धम्म से देहली पर बैठ जाती हूं, मुझमें ज़रा सी भी तो ताक़त और हिम्मत नहीं बची है.

क्या यह अच्छा नहीं रहेगा कि मैं छुट्टियों में बच्चों को नानी के घर भेजकर आत्महत्या करूं? मैं उन्हें लेकर कहीं चली क्यों नहीं जाती पर कहां? तीन बच्चों को लेकर कहां ठोकरें खाऊंगी, कौन रखेगा मुझे? चाहे भर-पेट न मिले, दो वक्त का खाना तो मिलता ही है यहां. एक या डेढ़ रोटी नमक या अचार के साथ ठूंसकर मैं अपने मन को समझाती आई हूं कि औरत का जीवन ही उत्सर्ग है.

हर रोज़ मैं थोड़ा-थोड़ा मरती रही हूं पर अब तक जीवित हूं, आधी-अधूरी, पूरा मरने के लिए और कितना मरना बचा है?

मैं जानती हूं कि मौत का यह फ़ासला मैं सिर्फ़ अपनी कायरतावश बढ़ा रही हूं; मुझे जलने से सदैव भय लगता रहा है. मुर्दे तक को जलाने की बात मुझे सालती है किंतु लाश का कुछ तो करना ही पड़ेगा; घर में कब तक रखी जा सकती है? सड़ांध उठने लगेगी, कीड़े पड़ जाएंगे. लोगे कहते हैं कि मरने के बाद कुछ महसूस नहीं होता, पर उन्हें क्या मालूम? हो सकता है कि सब महसूस होता हो,  केवल लाशें रो चिल्ला न पाती हों. पिछली बार जब मैं बहुत बीमार पड़ी थी तो कहीं ऊपर से मैं अपने ही शरीर को बिस्तर पर पड़ा देखा करती थी. पर उस ‘मैं’ को कष्ट नहीं होता था. किंतु तब मैं बीमार थी, बीमारी में तो दिमाग़ यूं ही ठिकाने नहीं रहता.

‘सौ बात की एक बात, इनोने ससुराल को कबी घर समझा ई नईं,’ मांजी कहती रहती हैं.

‘कैसे समझें, दिमाग़ तो ये अपना पीहर में छोड़ कर आई थीं,’ ‘ये’ जोड़ देते हैं.

इस घर को घर कैसे समझूं? एक क्षण के लिए भी यहां मुझे किसी ने अपना नहीं समझा, दो शब्द सहानुभूति के नहीं कहे; मैं तमाम ज़िंदगी उन शब्दों से सहारे जी सकती थी. ये दोनों मेरा सिर पानी में ज़बर्दस्ती डुबाए रखते हैं; ज़रा सी सतह पर आने की मेरी कोशिश मांजी अपनी कुटिलता से निष्फल कर देती हैं और इस चेष्टा की सज़ा बेटे के ज़रिए मुझे जल्दी ही दिलवा देती हैं. ‘इनका’ सहारा तो ख़ैर कभी नहीं रहा; रात को थके शरीर से झुंझलाते हुए निबटना और भद्दे शब्द मुंह में लिए हुए मांजी के पास जाकर सो जाना, यही भर साथ है मेरा-इनका. पिछले जन्म का ही बैर होगा क्योंकि इस जन्म में तो मेरी कभी हिम्मत नहीं हुई कि मैं इन दोनों से कुछ कह भी सकूं. मुझे तो यह समझ नहीं आता कि एक औरत ही औरत की दुश्मन कैसे हो सकती है?

धरती फटती रहती है जब तब किंतु दिन रात के कटाक्ष सुनकर भी मैं ज़मीन में नहीं समा पाती. मेरी इस अपमानजनक हालत का ज़िम्मेदार कौन है? क्या मैं स्वयं? किंतु मैंने क्या नहीं किया इस घर के लिए? चुपचाप सितम सहकर भी कभी मुंह नहीं खोला, किसी पर अपना दुःख नहीं ज़ाहिर होने दिया? ससुराल की निंदा करना पाप है, यही सिखाया गया था मुझे, हर हालत में मैंने इस शिक्षा का पालन किया, फिर यह दारुण दुःख क्यूं?

काश कि आज इस घर में मेरा पहला दिन होता. मां-बाप मुझे यह शिक्षा देकर विदा करते कि ‘बेटी, कष्टों की परवाह न करना पर अपमान नहीं सहना.’ सिर उठाए ससुराल में कदम रखती तो सदा सिर उठाये ही जीती पर मेरा सिर तो झुका रहा, ससुराल में रखे पहले कदम से लेकर अब तक. अच्छा दहेज़ न लाने के कारण मुझे दिन रात अपमानित किया जाता रहा; शर्मसार मैं दबती चली गई. त्योहारों पर पीहर से भिजवाए गए सामान को लेकर दिए जाने वाले ताने, दहेज़ के तानों को और भी ज़हरीला किया करते थे; अच्छा ही है कोई नहीं आता अब पीहर से; मेरे और अधिक अपमान के भागी बनें? मैं ही पी लेती हूं उनके हिस्से का ज़हर भी. जब-जब आस-पड़ौस में कोई नई बहू आती है; मेरे लिए दहेज़ में सिर्फ व्यंग्य-बाण ही आते हैं.

न जाने कैसे औरतें तेल छिड़क कर आग लगा पाती हैं? क्या उनकी व्यथा मुझसे बढ़कर होगी? शायद मेरा दर्द इतना बढ़ा नहीं कि मैं बेहिचक तीली को माचिस पर घिस पाऊं. शायद उन औरतों में आत्महत्या की सहज प्रवृति रही हो. वे बहुएं ही अच्छी हैं जिनके पति और सास-ननद उन्हें जला मारते हैं, तिलतिल कर तो नहीं मारते; कुछ पलों की तकलीफ़, बस!

गली से गुज़रती बारात मेरे सब ख़याल सरका गई. मांजी कुछ ही दिनों में दुबारा बारात चढ़ाने की तैयारी में लगी होंगी. मुझे क्या ये लोग यूं आसानी से भुला देंगे? मेरे मरने का औचित्य क्या सिर्फ की घर की दोबारा रंगाई पुताई होने तक सीमित है? मैं यूं व्यर्थ नहीं हो सकती किंतु मरे हुए लोगों को कोई कब तक याद रख सकता है?

जानती हूं कि मैं आत्महत्या के फ़ासले जानते-बूझते बढ़ा रही हूं पर आत्महत्या से पहले हर पहलू पर विचार कर लेना क्या स्वाभाविक नहीं? शायद सभी गुज़रते हों इन क्षणों से? शायद ये वे लोग होते हों जो सोचते नहीं, कुछ कर गुज़रते हैं. और मौत भयानक ही हो, यह ज़रूरी तो नहीं. शायद चैन मिल जाता हो पर इसकी क्या गांरटी है? मौत के बाद चैन का आश्वासन हो तो न जाने कितने लोग आत्महत्या कर लें. औरों की बात मैं नहीं जानती किंतु एक मां बिना सोचे समझे आत्महत्या नहीं कर सकती; ज़रूर उसकी हत्या की जाती होगी.

मैं जल रही थी; खोपड़ी के अन्दर जैसे किसी ने एक जलती लकड़ी रख दी गई हो. कपड़ों के बाद आग त्वचा को झुलसाने लगी, ख़ून उबलने लगा, नसों में लावा बहने लगा, नीली लाल धमनियां चटकने लगीं, चीथड़ों से रेशे छिटक कर हड्डियों से आ चिपके और धुएं से भरी हड्डियां सायं सायं करती चीत्कार कर उठीं. मेरे फैले हुए हाथ झुलस के लटक गये. मुंह आंख, नाक कान सब धुएं और लपटों में लिपटकर एक होकर बह रहे हैं; तमाशाई खड़े हैं, सन्न. जब तक धुआं शेष है तब तक चलेगी यह सनसनी भरी ख़बर, फिर चारों दिशाओं में फैलकर हवा हो जाएगी. सुबह का अख़बार दोपहर को पुराना हो जाएगा. पुलिस के पास क्या केवल यह ही एक आत्महत्या का केस है? फ़ब्तियां कसते लोग जल्दी ही अपनी चिंताओं में घुल जाएंगे; जब तब उंगलियां उठेंगी बस घर के सदस्यों को देखकर. खाना कपड़ा मिले न मिले, बच्चों को सहानुभूति जीवन भर मिलती रहेगी.

इतनी बड़ी सजा दे दूं बच्चों को? इससे तो अच्छा हो कि किसी दुर्घटना में मरूं. ताकि हत्या-आत्महत्या से मां-बेटा दोनों बरी हो जाएं? किंतु क्यों मैं इन्हें इतनी आसानी से नए जीवन के लिए छोड़ दूं? मुझे ही कुछ करना है तो क्यों न कुछ मैं अपने लिए करूं? पर मुझमें इतनी हिम्मत होती तो…? मुझे कुछ तो प्रयत्न करना होगा; आत्महत्या के बाद यह मलाल तो नहीं रहेगा कि मैंने अपनी तरफ़ से कोई कमी छोड़ी थी.

क्यों नहीं बहुएं ही सास और पति को जला मारतीं? क्यों नहीं उनका मुकाबला करतीं? थाने में तो जा सकती हैं, बेशर्मी का इल्ज़ाम ज़रूर लगेगा पर भविष्य में ससुराल वाले बहुओं की हत्या करने से पहले दस बार सोचेंगे. किसी को तो शुरूआत करनी होगी, मैं ही क्यों न करूं? जीवन इससे बद्द्तर और क्या होगा?

शायद मुझ जैसी दब्बु और डरपोक लड़कियां ही जल मरती हों या जला दी जाती हों, उन्हें डोली और अर्थी की घुट्टी न पिलाई जाए तो शायद जलाये जाने से पहले वे सशरीर ससुराल छोड़ सकें. लेकिन अपनी लाड़ली बिटिया को ससुराल भेजकर उसके मां-बाप खोज-ख़बर भी नहीं लेते. क्या मेरे बाप भी चुप बैठ जाएंगे. नहीं, नहीं, मेरा भैय्या ज़रूर पुलिस में रिपोर्ट लिखवाएगा पर मां-बाबु उसे बहला लेंगे यह कहकर कि लाश की चीड़-फाड़ का क्या फ़ायदा? दीवारें घूम रही है; जानती हूं मेरा इरादा नेक नहीं.

अपने से ही वितृष्णा हो रही है मुझे; स्वयं को बहला भी नहीं पाती कि मुझे उस समय का इंतज़ार करना चाहिए जब मेरी व्यथा उस सीमा पर पहुंच जाए कि मैं बेहिचक इस तीली को माचिस पर रगड़ दूं या जब तक मुझमें आत्महत्या की प्रवृति न जाग उठे या तब तक कि जब ये लोग मुझे ज़िंदा न जला डालें. हां, मुझे इंतज़ार करना होगा.

मैंने माचिस आले में वापिस रख दी है. गैस को भी बंद कर दिया है. शायद घर में आज महाभारत छिड़ जाए और ये लोग मुझे जान से ही मार डालें पर देखती हूं कि बात और कहां तक बढ़ सकती है और मैं कितना और झेल सकती हूं.

गैस की दुर्गन्ध मांजी को सीधे चौके तक दौड़ा लाई है; उनकी आंखों का स्याहपन सहमा सहमा सा लग रहा है. डयोढ़ी में बच्चों का शोर सुनकर मैंने खिड़की खोल दी है ताकि उनके ऊपर पहुंचने से पहले दुर्गन्ध कुछ कम हो जाए. एक तटस्थ भाव मेरे चेहरे पर उग रहा है, जिसे किसी खाद की ज़रूरत नहीं है.

मांजी चुपचाप बैठक में जा बैठी हैं; मुझे लगा कि अब वह कभी मुझसे नज़रें नहीं मिला पायेंगी. क्लेश का कारण अब कुछ और ही होगा घर में; मैं नहीं.

mob: +447770775314


Discover more from रचना समय

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Categorized in: