दुनिया की हर महान रचना की तरह दिनकर की कालजयी कृति ‘उर्वशी’ समय और संवेदना के बदलते प्रश्नों के साथ बार-बार नए अर्थों में खुलती है। ‘रचना समय’ की इस प्रस्तुति में प्रोफ़ेसर रवि रंजन का विचारोत्तेजक आलेख— ‘देह की देहरी से चेतना के आकाश तक: दिनकर की ‘उर्वशी’ का पुनर्पाठ’ प्रस्तुत किया जा रहा है।

यह आलेख भारतीय काव्यशास्त्र और पाश्चात्य आलोचना-दृष्टियों को एक सार्थक संवाद में खड़ा करता है। लेखक ने ‘उर्वशी’ के तृतीय अंक के माध्यम से प्रेम और अधिकार के तनाव, स्त्री की स्वतंत्र सत्ता और देह से आत्मबोध की यात्रा का सूक्ष्म विश्लेषण किया है। साथ ही, शैलीविज्ञान और उत्तर-संरचनावाद की कसौटी पर दिनकर की काव्यभाषा तथा बिम्ब-विधान के नए आयाम भी उजागर किए हैं।

‘रचना समय’ सदैव ऐसे आलोचनात्मक लेखन का स्वागत करता है जो परम्परा से आधुनिक प्रश्न पूछने का साहस रखता हो। निश्चय ही यह आलेख पाठकों और शोधार्थियों के बीच एक नए वैचारिक विमर्श की शुरुआत करेगा।

 — हरि भटनागर

देह की देहरी से चेतना के आकाश तक: दिनकर की ‘उर्वशी’ का पुनर्पाठ

  रवि रंजन 

रामधारी सिंह दिनकर की ‘उर्वशी’ प्रेम, सौन्दर्य, देह और आत्मा के रिश्ते को समझने की एक गहरी कोशिश है। यहाँ प्रेम सिर्फ़ दो लोगों के बीच पैदा होने वाला आकर्षण नहीं रह जाता। वह मनुष्य के जीवन, उसकी इच्छाओं, उसकी स्वतंत्रता और उसके अस्तित्व से जुड़ा सवाल बन जाता है। गंधमादन पर्वत की प्राकृतिक पृष्ठभूमि में पुरुरवा और उर्वशी का संवाद इसी सवाल को कई दिशाओं से खोलता है। दिनकर प्रेम को न तो केवल शारीरिक सुख तक सीमित रखते हैं और न ही देह को त्यागकर आत्मा तक पहुँचने की सलाह देते हैं। वे देह और आत्मा के बीच ऐसा रिश्ता खोजते हैं जिसमें दोनों एक-दूसरे के विरोधी न बनें।

‘उर्वशी’ के तृतीय अंक की शुरुआत में ही ऋग्वेद से लिया गया कथन, ‘पुरुरवः! पुनरस्तं परेहि, दुरापना वात इवाहमस्मि’, प्रेम के भीतर मौजूद एक बुनियादी तनाव को सामने रखता है। उर्वशी पुरुरवा से कहती है कि वह लौट जाए, क्योंकि वह हवा की तरह उसकी पहुँच से बाहर है। यह कथन केवल प्रेमिका की चंचलता या नखरे का संकेत नहीं देता। इसमें उर्वशी के बहाने स्त्री की स्वतंत्र सत्ता की कामना भी अभिव्यक्त हुई है। पुरुरवा उसे चाह सकता है, उसके साथ रह सकता है, लेकिन इस चाहत के तहत वह उर्वशी पर सदा-सर्वदा के लिए अपना एकाधिकार नहीं जमा सकता। प्रेम में निकटता की इच्छा रहती है, मगर सच्चे प्रेम का अर्थ दूसरे व्यक्ति को पूरी तरह अपने वश में कर लेना नहीं है। इस तरह दिनकर आरम्भ में ही प्रेम और अधिकार के बीच एक फ़र्क पैदा करते हैं।

सौन्दर्यशास्त्र की दृष्टि से ‘उर्वशी’ को पढ़ते समय यह समझना ज़रूरी है कि दिनकर के यहाँ सौन्दर्य केवल देखने की वस्तु नहीं है। वह देखने वाले के भीतर भी कुछ बदलता है। उर्वशी का रूप पुरुरवा को आकर्षित करता है, लेकिन इस आकर्षण के साथ उसके भीतर कई सवाल भी पैदा होते हैं। वह अपने प्रेम को समझना चाहता है। वह जानना चाहता है कि किसी के रूप से उत्पन्न होने वाला आकर्षण किस तरह जीवन के गहरे अनुभव में बदल सकता है। इसीलिए यहाँ सौन्दर्य का रिश्ता सिर्फ़ आँखों से नहीं, मन और चेतना से भी है। रूप एक अनुभव की शुरुआत करता है, लेकिन उस अनुभव का अर्थ धीरे-धीरे खुलता है।

तृतीय अंक की शुरुआत में पुरुरवा बीते हुए समय को याद करता है। वह बताता है कि उर्वशी से मिलने के बाद समय जैसे अपनी सामान्य चाल भूल गया है। रातें बीतती रही हैं, चाँद घटता और बढ़ता रहा है, लेकिन प्रेम में डूबे व्यक्ति के लिए समय का अनुभव बदल गया है। पुरुरवा की दृष्टि उर्वशी के रूप पर ठहर जाती है। वह अपने अनुभव को शब्द देना चाहता है, पर शब्द उसके अनुभव को पूरी तरह पकड़ नहीं पाते। दिनकर यहाँ एक दिलचस्प बात सामने रखते हैं। मनुष्य जब किसी गहरे सौन्दर्य का अनुभव करता है, तो उसके पास उसे व्यक्त करने के लिए शब्द कम पड़ सकते हैं। वह अनुभव करता है, लेकिन अनुभव को भाषा में बाँधना आसान नहीं होता।

यहाँ सौन्दर्य और भाषा का रिश्ता भी ध्यान खींचता है। पुरुरवा के लिए उर्वशी का रूप कोई स्थिर तस्वीर नहीं है, जिसे वह देखकर उसका पूरा वर्णन कर दे। उसका सौन्दर्य पुरुरवा के भीतर लगातार नये भाव पैदा करता है। उसकी आँखें देखती हैं, मन उस दृश्य को अपने भीतर सँजोता है और कल्पना उसे नये अर्थ देती है। लेकिन जैसे ही वह उन अर्थों को शब्दों में व्यक्त करना चाहता है, अनुभव शब्दों की सीमा से बाहर निकल जाता है। इस तरह दिनकर यह संकेत देते हैं कि सौन्दर्य का अनुभव केवल वस्तु के रूप में मौजूद नहीं रहता। वह देखने वाले की चेतना में भी अपना रूप बनाता है। एक ही दृश्य किसी दूसरे व्यक्ति के लिए उतना ही गहरा अनुभव पैदा करे, यह ज़रूरी नहीं।

प्रकृति के चित्र इस अनुभव को और विस्तार देते हैं। गंधमादन पर्वत का वातावरण, रात, चाँदनी, पेड़-पौधे और चारों ओर फैली शान्ति प्रेम के अनुभव के साथ मिलकर एक अलग ही दुनिया रचते हैं। यहाँ प्रकृति केवल कथा की पृष्ठभूमि नहीं है। वह पुरुरवा और उर्वशी के मनोभावों को समझने में हमारी मदद करती है। जब पुरुरवा अपने भीतर उठते आनन्द और विस्मय को व्यक्त करने के लिए पेड़, गिलहरियों और कोयल का सहारा लेता है, तब प्रकृति उसके निजी अनुभव की भाषा बन जाती है। प्रेम उसे अपने अकेलेपन से बाहर निकालता है। उसे लगता है कि उसके भीतर जो घट रहा है, उसका कोई सम्बन्ध बाहर की दुनिया से भी है।

इस अंक में प्रकृति और प्रेम के बीच यह सम्बन्ध भारतीय काव्यशास्त्र की दृष्टि से भी देखा जा सकता है। भरतमुनि के रस सिद्धान्त में शृंगार रस का स्थायी भाव रति है। लेकिन शृंगार रस केवल शारीरिक आकर्षण से पैदा नहीं होता। उसके लिए भावों, परिस्थितियों, संकेतों और वातावरण का मेल ज़रूरी है। दिनकर इसी मेल को अपने ढंग से रचते हैं। पुरुरवा और उर्वशी का मिलन, उनके संवाद, चाँदनी रात और गंधमादन की प्राकृतिक छटा मिलकर प्रेम के अनुभव को गहरा करते हैं। पाठक केवल दो पात्रों को प्रेम करते हुए नहीं देखता, बल्कि उनके प्रेम से पैदा होने वाले भावों को अपने भीतर भी महसूस करता है। यहीं निजी प्रेम का अनुभव काव्यात्मक आनन्द में बदलता है।

हालाँकि दिनकर का शृंगार केवल कोमल भावों और सुन्दर दृश्यों तक सीमित नहीं रहता। उसमें इच्छा की बेचैनी भी है। प्रेम में मिलने का सुख है, लेकिन खो देने का डर भी है। निकट आने की चाह है, लेकिन दूसरे की स्वतंत्रता का सवाल भी है। उर्वशी और पुरुरवा का सम्बन्ध इन दोनों स्थितियों के बीच आगे बढ़ता है। पुरुरवा उर्वशी को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहता है। दूसरी ओर, उर्वशी की पहचान केवल पुरुरवा की प्रेमिका होने से नहीं बनती। उसका अपना अनुभव है, अपनी इच्छा है और अपना अस्तित्व है। इसीलिए उनका प्रेम जितना आकर्षक है, उतना ही विचार करने के लिए मजबूर भी करता है।

दिनकर के सौन्दर्यबोध में देह की अपनी जगह है। वे देह को ऐसी चीज़ नहीं मानते जिससे मनुष्य को मुक्ति पानी चाहिए। उनके यहाँ देह के माध्यम से ही प्रेम का अनुभव जन्म लेता है। आँखें रूप को देखती हैं, स्पर्श निकटता का अनुभव कराता है और दोनों के बीच की दूरी मिलने की इच्छा पैदा करती है। इन अनुभवों के बिना प्रेम की कल्पना अधूरी रह जाएगी। लेकिन दिनकर का सवाल यह भी है कि क्या प्रेम का अर्थ केवल इन अनुभवों तक सीमित है? क्या मनुष्य की इच्छा केवल देह के सुख से पूरी हो सकती है? तृतीय अंक में पुरुरवा और उर्वशी के संवाद इन्हीं सवालों को आगे बढ़ाते हैं।

इस सन्दर्भ में दिनकर की कामाध्यात्म की धारणा को समझना चाहिए। काम और अध्यात्म को अक्सर एक-दूसरे के विपरीत रख दिया जाता है। एक को देह और इच्छा से जोड़ते हैं, दूसरे को देह से दूरी और आत्मसंयम से। दिनकर इस बँटवारे पर सवाल उठाते हैं। उनके अनुसार प्रेम और काम का अनुभव मनुष्य को अपने भीतर झाँकने का अवसर भी देता है। इच्छा सिर्फ़ सुख पाने की चाह नहीं रहती। वह मनुष्य को अपने अस्तित्व, अपनी सीमाओं और दूसरे व्यक्ति के साथ अपने रिश्ते के बारे में सोचने के लिए प्रेरित कर सकती है। इस तरह देह से शुरू होने वाला अनुभव आत्मबोध की ओर बढ़ सकता है:

रक्त की उत्तम लहरों की परिधि के पार

कोई सत्य हो तो, चाहता हूँ, भेद उसका जान लूँ.

पंथ हो सौन्दर्य की आराधना का व्योम में यदि

शून्य की उस रेख को पहचान लूँ.

पर,जहां तक भी उडूँ, इस प्रश्न का उत्तर नहीं है

मृत्ति महदाकाश में ठहरे कहाँ पर? शून्य है सब

और नीचे भी नहीं संतोष, मिट्टी के ह्रदय से

दूर होता ही कभी अम्बर नहीं है।

लेकिन यहाँ एक बात पर ध्यान देना ज़रूरी है। देह से आत्मा तक पहुँचने का अर्थ देह को छोटा या तुच्छ मानना नहीं है। अगर प्रेमी अपने शारीरिक अनुभव को हीन समझने लगे, तो वह प्रेम के एक बुनियादी पक्ष को नकार देगा। दिनकर के यहाँ देह और आत्मा का सम्बन्ध अधिक पेचीदा है। देह प्रेम का आधार बनती है, लेकिन प्रेम का अर्थ देह तक सिमटता नहीं। मनुष्य दूसरे के रूप से आकर्षित हो सकता है, फिर उसके स्वभाव, उसकी स्वतंत्रता और उसके भीतर की दुनिया को जानना चाह सकता है। इस तरह प्रेम का अनुभव धीरे-धीरे फैलता है। वह केवल पाने की इच्छा नहीं रहता, बल्कि दूसरे व्यक्ति को समझने की कोशिश भी बन जाता है।

यहाँ पुरुरवा का चरित्र भी ध्यान देने योग्य है। वह केवल प्रेम में डूबा हुआ राजा नहीं है। उसके भीतर एक ऐसा मनुष्य भी है जो अपनी इच्छा की सीमाओं को पहचानना चाहता है। उर्वशी के प्रति उसका आकर्षण उसे सुख देता है, लेकिन वह यह भी समझता है कि प्रेम के नाम पर किसी दूसरे की स्वतंत्रता छीनना उचित नहीं होगा। उसके सामने उर्वशी को पाने के कई रास्ते हो सकते हैं, फिर भी वह हर रास्ते को सही नहीं मान सकता। इस प्रसंग में प्रेम के साथ नैतिकता का सवाल जुड़ जाता है। इच्छा होना और उस इच्छा को पूरा करने का अधिकार होना, दोनों एक बात नहीं हैं।

यही बात दिनकर की ‘उर्वशी’ के सौन्दर्यशास्त्र को केवल रूप और रस की चर्चा से आगे ले जाती है। सौन्दर्य मनुष्य को आकर्षित करता है, लेकिन उस आकर्षण के सामने मनुष्य किस तरह व्यवहार करता है, यह भी उतना ही ज़रूरी है। अगर कोई व्यक्ति दूसरे के सौन्दर्य को देखकर उसे अपनी सम्पत्ति समझने लगे, तो वह उस सौन्दर्य की स्वतंत्र सत्ता को नकार देगा। इसके उलट, यदि वह दूसरे की इच्छा और स्वतंत्रता का सम्मान करे, तो प्रेम में एक नैतिक अर्थ पैदा होता है। पुरुरवा की दुविधा इसी बात को सामने लाती है। वह उर्वशी को चाहता है, पर अपनी चाहत को सही ठहराने के लिए किसी भी सीमा को पार नहीं करना चाहता।

उर्वशी का चरित्र इस सवाल को एक भिन्न पहलू सामने लाता है। उर्वशी सिर्फ़ ऐसी सुन्दरी नहीं है जिसका वर्णन पुरुरवा करता रहे। वह ख़ुद बोलती है, अपने अनुभव को सामने रखती है और अपने सम्बन्धों के बारे में निर्णय भी करती है। उसका यह कथन कि वह वायु की तरह दुर्लभ है, उसके स्वभाव की स्वतंत्रता को दिखाता है। वह प्रेम करती है, लेकिन प्रेम के कारण अपनी अलग पहचान खो देना नहीं चाहती। इस दृष्टि से उर्वशी का चरित्र उस धारणा को चुनौती देता है जिसमें स्त्री के सौन्दर्य को पुरुष की दृष्टि से ही समझा जाता है। दिनकर उसे सौन्दर्य का विषय बनाने के साथ अपनी इच्छा और अनुभव रखने वाली स्त्री के रूप में भी सामने लाते हैं:

मैं कला चेतना का मधुमय प्रच्छन्न स्रोत

रेखाओं में अंकित कर अंगों के उभार

भंगिमा तरंगित वर्तुलता वीचियाँ लहर

तन की प्रकान्ति रंगों में लिए उतरती हूँ।

फिर भी उर्वशी के चरित्र को आधुनिक स्त्री स्वतंत्रता की पूरी तरह विकसित धारणा का उदाहरण मान लेना ठीक नहीं होगा। उसके चरित्र में स्वतंत्रता और प्रेम के बीच तनाव बना रहता है। वह अपनी इच्छा के अनुसार जीना चाहती है, लेकिन उसके जीवन की परिस्थितियाँ भी उसके चुनावों को प्रभावित करती हैं। इसी तरह पुरुरवा के प्रेम में उदारता दिखाई देती है, फिर भी उसकी दृष्टि कई जगह स्त्री के रूप और आकर्षण से बँधी रहती है। दिनकर की रचना की ख़ूबी यह है कि इन दोनों पात्रों के सम्बन्ध को एक सरल नैतिक निष्कर्ष में नहीं बाँधा जा सकता। पाठक को उनके प्रेम की सुन्दरता के साथ उसकी उलझनों को भी समझना पड़ता है।

तृतीय अंक का एक अन्य पहलू समय का अनुभव है। प्रेम में डूबे हुए पुरुरवा और उर्वशी के लिए समय सामान्य जीवन की तरह नहीं चलता। मिलन के क्षण जल्दी बीतते हैं, जबकि वियोग के क्षण लम्बे लगते हैं। यही अनुभव आज भी किसी प्रेम करने वाले व्यक्ति के लिए अपरिचित नहीं है। जब हम किसी के साथ सुखद समय बिताते हैं, तो कई घंटे भी कुछ मिनटों जैसे लगते हैं। लेकिन जब उसी व्यक्ति से दूरी हो जाती है, तो थोड़ी देर भी लम्बी लग सकती है। दिनकर इस मानवीय अनुभव को चाँद के घटने-बढ़ने और रात के बीतने जैसे प्राकृतिक बिम्बों के सहारे व्यक्त करते हैं। प्रकृति की गति और मनुष्य के भीतर चलने वाला समय यहाँ एक-दूसरे से जुड़ जाते हैं।

भाषा और शिल्प की दृष्टि से भी यह अंक ध्यान खींचता है। दिनकर उपमा, रूपक, ध्वनि और चित्रात्मकता का सहारा लेकर भावों को सामने लाते हैं। वे प्रेम के अनुभव को केवल विचारों के सहारे नहीं समझाते, बल्कि ऐसे दृश्य रचते हैं जिन्हें पाठक अपनी कल्पना में देख सकता है। चाँदनी, रात, पेड़ और पक्षियों के बिम्ब कविता को दृश्यात्मक बनाते हैं। दूसरी ओर, पात्रों के संवाद उसे नाटकीय गति देते हैं। पुरुरवा और उर्वशी अपने अनुभवों को व्यक्त करते हैं, एक-दूसरे के सामने सवाल रखते हैं और प्रेम के अर्थ पर विचार करते हैं। इस तरह कविता में दृश्य और विचार साथ-साथ चलते हैं।

दिनकर की भाषा में संस्कृत काव्य परम्परा की छाप भी मिलती है। उर्वशी और पुरुरवा की कथा का सम्बन्ध प्राचीन भारतीय आख्यानों से है, लेकिन दिनकर उसे केवल पुरानी कथा के रूप में नहीं दोहराते। वे उसके सहारे अपने समय के मनुष्य की भावनाओं और उलझनों को सामने लाते हैं। उनकी भाषा में जहाँ एक ओर शास्त्रीय गरिमा है, वहीं दूसरी ओर प्रेम के अनुभव की सहजता भी है। यही मेल रचना को एक साथ पुरानी परम्परा से जुड़ा हुआ और आधुनिक बनाता है।

यहाँ अभिनवगुप्त के रस विचारों को भी याद किया जा सकता है। उनके अनुसार काव्य में व्यक्त भाव पाठक के निजी अनुभव की सीमाओं से निकलकर एक व्यापक सौन्दर्यात्मक अनुभव का रूप ले सकते हैं। दिनकर के तृतीय अंक में पुरुरवा और उर्वशी का प्रेम उनकी निजी कथा है, लेकिन पाठक उसे केवल उनकी कहानी मानकर नहीं पढ़ता। वह उसमें अपने अनुभवों, इच्छाओं और रिश्तों की झलक भी देख सकता है। प्रेम में मिलने और बिछड़ने की बेचैनी, किसी के सौन्दर्य से अभिभूत हो जाना, अपने अनुभव को शब्द न दे पाना और दूसरे की स्वतंत्रता को स्वीकार करने की कठिनाई, ये सभी मानवीय अनुभव हैं। कविता इन्हें एक ऐसे रूप में सामने लाती है जहाँ पाठक उनसे भावनात्मक और वैचारिक, दोनों तरह से जुड़ सकता है।

‘उर्वशी’ की सीमा पर भी विचार किया जा सकता है। दिनकर प्रेम और देह के अनुभव को जिस ऊँचाई तक ले जाते हैं, वहाँ कभी-कभी स्त्री का रूप पुरुष की आत्मिक यात्रा का माध्यम बनता दिखाई देता है। पुरुरवा उर्वशी के सौन्दर्य से प्रभावित होकर अपने भीतर के सवालों तक पहुँचता है। लेकिन तब यह पूछना भी ज़रूरी हो जाता है कि उर्वशी की अपनी यात्रा क्या है? उसकी इच्छाओं और अनुभवों का मूल्य क्या केवल पुरुरवा को कुछ सिखाने में है? इस सवाल से रचना का अर्थ कम नहीं होता। उलटे, उसे और गहराई से पढ़ने का रास्ता खुलता है। उर्वशी को केवल प्रेरणा या सौन्दर्य की प्रतिमा मानने के बजाय एक स्वतंत्र व्यक्ति के रूप में पढ़ने पर उसके चरित्र के कई नये पक्ष सामने आते हैं।

इसी तरह तहाकथित ‘कामाध्यात्म’ की धारणा को भी एक खुले सवाल की तरह देखना चाहिए। क्या हर शारीरिक आकर्षण आत्मिक अनुभव में बदल सकता है? शायद नहीं। प्रेम का गहरा अनुभव तभी सम्भव है जब आकर्षण के साथ संवेदना, समझ और प्रेमास्पद के प्रति सम्मान का भाव भी हो। दिनकर की कविता को इस तरह पढ़ने पर कामाध्यात्म केवल देह से आत्मा तक पहुँचने का सिद्धान्त नहीं रह जाता। वह प्रेम को अधिक व्यापक ढंग से समझने की कोशिश बन जाता है। देह और आत्मा के बीच कोई ऐसी दीवार नहीं है जिसे पार करने के लिए देह को नकारना पड़े। लेकिन दोनों को एक मान लेना भी सही नहीं होगा। आदमी का अनुभव इन दोनों के मेल और तनाव से बनता है।

‘उर्वशी’ के तृतीय अंक के सौन्दर्यशास्त्र को और गहराई से समझने के लिए हम भारतीय काव्यशास्त्र के साथ पश्चिमी सौन्दर्य दर्शन और आधुनिक आलोचना सिद्धान्तों की मदद भी ले सकते हैं। इससे दिनकर की कविता में रूप, अनुभूति, इच्छा, कल्पना और भाषा के बीच बनने वाले रिश्तों को नये ढंग से समझने का अवसर मिलेगा। यहाँ सवाल केवल यह नहीं है कि कविता में सौन्दर्य किस तरह व्यक्त होता है, बल्कि यह भी है कि सौन्दर्य का अनुभव कैसे जन्म लेता है, उसे अर्थ कौन देता है और क्या किसी व्यक्ति या वस्तु के सौन्दर्य को पूरी तरह शब्दों में बाँधा जा सकता है।

‘ध्वन्यालोक’ में आनन्दवर्धन ने काव्य की अर्थवत्ता को केवल उसके सीधे अर्थ तक सीमित नहीं माना। उनके अनुसार, श्रेष्ठ काव्य में शब्दों के प्रत्यक्ष अर्थ से आगे भी कुछ ऐसा व्यक्त होता है जिसे पाठक संकेत के सहारे महसूस करता है। इसे ध्वनि कहते हैं। इस स्थापना की रोशनी में ‘उर्वशी’ के तृतीय अंक को पढ़ें, तो प्रकृति के चित्र और प्रेमियों के संवाद केवल किसी दृश्य या मनःस्थिति का वर्णन नहीं करते। वे ऐसे भावों की ओर संकेत करते हैं जिन्हें पात्र सीधे-सीधे कह नहीं पाते। चाँदनी, रात्रि और प्राकृतिक वातावरण प्रेम के अनुभव को एक ऐसा भावात्मक विस्तार देते हैं जो किसी एक कथन में समा नहीं सकता। कविता का सौन्दर्य इसी अतिरिक्त अर्थ में भी बसता है। पाठक दृश्य को देखता है, लेकिन उसके साथ जुड़ी अनकही अनुभूति को भी ग्रहण करता है।

आनन्दवर्धन की इस स्थापना को अभिनवगुप्त ने ‘अभिनवभारती’ और ‘ध्वन्यालोकलोचन’ में आगे बढ़ाया। अभिनवगुप्त के रस-विचार में काव्य का भाव पाठक के निजी जीवन की सीमाओं से निकलकर एक व्यापक आस्वाद का रूप ग्रहण करता है। इस प्रक्रिया में पाठक को पात्र के जीवन की हूबहू नकल अपने जीवन में नहीं करनी पड़ती। वह काव्य में व्यक्त भाव को अपने अनुभव की तरह ग्रहण कर सकता है, फिर भी उससे एक दूरी बनाए रखता है। ‘उर्वशी’ में प्रेम और आकर्षण का अनुभव इसी तरह निजी प्रसंग से आगे बढ़ता है। पाठक पुरुरवा की जगह नहीं लेता, न ही उसे उर्वशी के साथ उसके सम्बन्ध का हिस्सा बनना पड़ता है। फिर भी कविता में व्यक्त भाव उसे प्रेम की बेचैनी, सौन्दर्य के आकर्षण और इच्छा की जटिलता को समझने का अवसर देते हैं। इस तरह काव्य का आनन्द केवल पात्रों के सुख से सुखी होने या उनके दुःख से दुःखी होने में नहीं, बल्कि अनुभव को एक व्यापक भावभूमि पर ग्रहण करने में है।

इमैनुएल कांट (Immanuel Kant) अपनी पुस्तक ‘क्रिटीक ऑफ जजमेंट’ में सौन्दर्य के अनुभव को किसी वस्तु से मिलने वाले सीधे लाभ या उसे हासिल करने की इच्छा से अलग करके देखते हैं। उनके अनुसार, सौन्दर्य का आस्वाद उस समय भी सम्भव है जब हम सुन्दर वस्तु को अपना बनाने की इच्छा से उसे न देखें। इस विचार को पुरुरवा और उर्वशी के सम्बन्ध पर लागू करने से एक अहम सवाल उठता है। क्या पुरुरवा उर्वशी के सौन्दर्य का आनन्द उसके स्वतंत्र अस्तित्व को स्वीकार करते हुए ले सकता है, या उसका आकर्षण उसे उर्वशी को अपने पास बनाए रखने की इच्छा की ओर ले जाता है? कांट की कसौटी पर इन दोनों स्थितियों में फ़र्क़ है। पहली स्थिति में सौन्दर्य का अनुभव अपने आप में मूल्यवान है, जबकि दूसरी में वह किसी निजी इच्छा की पूर्ति से जुड़ जाता है।

हालाँकि कांट के सिद्धान्त को दिनकर की कविता पर पूरी तरह लागू नहीं किया जा सकता। कांट का सौन्दर्यशास्त्र मुख्य रूप से सौन्दर्य के आस्वाद और इच्छा से उसकी स्वतंत्रता पर विचार करता है, जबकि ‘उर्वशी’ में प्रेम और इच्छा को अलग करना सम्भव नहीं दिखता। पुरुरवा के लिए उर्वशी का सौन्दर्य केवल देखने का विषय नहीं है। उसके आकर्षण में मिलन की चाह भी शामिल है। यही अन्तर कविता और कांट के विचार के बीच एक रचनात्मक तनाव पैदा करता है। दिनकर का काव्य हमें यह सोचने के लिए प्रेरित करता है कि क्या सौन्दर्य का अनुभव इच्छा से पूरी तरह मुक्त हो सकता है, या प्रेम के प्रसंग में इच्छा और आस्वाद एक-दूसरे में घुलमिल जाते हैं।

‘आइ ऐंड माइंड’ पुस्तक में फ्रांसीसी दार्शनिक मॉरिस मर्लो-पोंती (Maurice Merleau-Ponty) लिखते हैं कि देखने की क्रिया को केवल आँखों से मिलने वाली सूचना की तरह नहीं समझा जा सकता। हमारा शरीर भी दुनिया को अनुभव करने और उसके अर्थ ग्रहण करने में हिस्सा लेता है। हम अपने शरीर से अलग खड़े होकर दुनिया को नहीं देखते, बल्कि उसी के भीतर रहते हुए उसे महसूस करते हैं।

इस विचार से ‘उर्वशी’ के सौन्दर्य को पढ़ने पर देह का अर्थ बदल जाता है। देह केवल ऐसा रूप नहीं रहती जिसे कोई बाहर से देख सके। वह अनुभव करने, महसूस करने और दूसरे के साथ सम्बन्ध बनाने का माध्यम भी है। पुरुरवा का अनुभव इसी व्यापक अर्थ में समझा जा सकता है। उर्वशी का सौन्दर्य उसके सामने मौजूद किसी दृश्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसके अपने अनुभव की दुनिया को भी नया रूप देता है। इस दृष्टि से कविता का सौन्दर्यशास्त्र शरीर और चेतना के बीच किसी कठोर विभाजन को स्वीकार नहीं करता।

प्रसंगवश एक दूसरा सवाल भी खड़ा होता है। अगर देखने वाला अपने शरीर, अनुभव और दृष्टिकोण के साथ सौन्दर्य को ग्रहण करता है, तो क्या सौन्दर्य की कोई एक ऐसी परिभाषा हो सकती है जो हर व्यक्ति पर समान रूप से लागू हो? उर्वशी को पुरुरवा जिस तरह देखता है, वह उसके अपने अनुभव से जुड़ा है। उर्वशी का अपने शरीर और अस्तित्व के प्रति अनुभव इससे अलग हो सकता है। इस अन्तर को पहचानना ज़रूरी है। इससे हम पुरुरवा की दृष्टि को कविता का अकेला सच मानने से बचते हैं। उर्वशी का सौन्दर्य केवल उसके बारे में कही गयी बातों में नहीं, बल्कि उसके अपने अनुभव और चुनावों में भी समझा जाना चाहिए।

पश्चिम में कला दर्शन पर गंभीर चिन्तन करने वाले दार्शनिकों ने कला के अनुभव को किसी निष्क्रिय वस्तु के सामने खड़े होकर उसे देखने की क्रिया नहीं माना है। उनके अनुसार, कला के साथ हमारा सामना एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें रचना और उसे ग्रहण करने वाला व्यक्ति, दोनों अर्थ के खुलने में हिस्सा लेते हैं। उनकी चर्चा में खेल का विचार खास जगह रखता है। खेल का अर्थ केवल मनोरंजन नहीं है। उसमें भाग लेने वाला व्यक्ति खेल के नियमों और उसकी गति के भीतर प्रवेश करता है। इसी तरह कला का अनुभव भी पाठक को अपनी गति में शामिल करता है।

इस आधार पर दिनकर की कविता को सिर्फ़ किसी सिद्धान्त का उदाहरण मानकर पढ़ना ठीक नहीं होगा। कविता अपने अर्थ को पाठक के सामने धीरे-धीरे खोलती है। पुरुरवा और उर्वशी के संवादों में प्रेम, इच्छा और स्वतंत्रता के सवाल जिस तरह सामने आते हैं, वे पाठक को अपने विचारों की जाँच करने के लिए भी प्रेरित करते हैं। कोई पाठक पुरुरवा की भावुकता से जुड़ सकता है, कोई उर्वशी की स्वतंत्रता को अधिक महत्त्व दे सकता है और कोई दोनों के बीच पैदा होने वाले तनाव पर ध्यान दे सकता है। इस तरह कविता का अर्थ केवल रचनाकार के कथन में बन्द नहीं रहता। वह पाठ और पाठक के बीच सम्बन्ध बनाते हुए आगे बढ़ता है।

हांस-गेओर्ग गैडामर (Hans-Georg Gadamer) ने विस्तार से बतलाया है कि कैसे किसी पुराने आख्यान का अर्थ हर दौर में एक जैसा नहीं रहता। ‘उर्वशी’ की कथा प्राचीन परम्परा से आती है, लेकिन आधुनिक पाठक उसमें स्त्री की स्वतंत्रता, प्रेम में बराबरी और व्यक्तिगत चुनाव जैसे सवाल भी खोज सकता है। ये सवाल कथा की पुरानी पृष्ठभूमि को मिटाते नहीं, बल्कि उसके भीतर छिपी सम्भावनाओं को सामने लाते हैं। इस तरह कविता का सौन्दर्य केवल उसके ऐतिहासिक सन्दर्भ में नहीं, बल्कि उस क्षमता में भी है जिसके सहारे वह अलग-अलग समय के पाठकों से संवाद कर सकती है।

ऐसे में उर्वशी के सौन्दर्य का स्त्रीवादी पुनर्पाठ भी किया जा सकता है। अनेक स्त्रीवादी विचारकों ने बल देकर कहा है कि समाज अक्सर स्त्री को पुरुष की नज़र से परिभाषित करता है। पुरुष को स्वतंत्र कर्ता और स्त्री को उसके सामने मौजूद दूसरी सत्ता के रूप में देखने की प्रवृत्ति स्त्री की अपनी पहचान को सीमित कर सकती है। बोउवार समेत दुनिया भर के स्त्रीवादी चिंतक इस बात पर ज़ोर देते हैं कि स्त्री का जीवन और उसका शरीर सिर्फ़ दूसरों की निगाह से तय नहीं होना चाहिए । उसके अपने अनुभव, चुनाव और दुनिया में सक्रिय रहने की क्षमता भी उसकी पहचान बनाते हैं।

इस स्थापना को ‘उर्वशी’ पर लागू करने से पुरुरवा के नज़रिए को परखने का मौक़ा मिलता है। जब कविता उर्वशी के सौन्दर्य को पुरुरवा के अनुभव के सहारे सामने लाती है, तब हमें यह भी पूछना चाहिए कि उर्वशी ख़ुद अपनी ज़िन्दगी को किस तरह समझती है। क्या उसकी इच्छा को उतनी ही जगह मिलती है जितनी पुरुरवा की इच्छा को? क्या वह केवल प्रेम के अनुभव में भाग लेती है, या अपने सम्बन्धों की शर्तें तय करने वाली व्यक्ति भी है? इन सवालों का उत्तर कविता के अलग-अलग प्रसंगों को ध्यान से पढ़कर ही दिया जा सकता है। फिर भी बोउवार की दृष्टि यह समझने में मदद करती है कि किसी स्त्री के सौन्दर्य की प्रशंसा अपने आप में उसकी स्वतंत्रता को स्वीकार करना नहीं है। प्रशंसा के साथ यह भी ज़रूरी है कि उसे अपनी इच्छा और निर्णय रखने वाली व्यक्ति के रूप में पहचाना जाए।

यहाँ बोउवार का विचार दिनकर की कविता के साथ एक आलोचनात्मक रिश्ता भी बनाता है। दिनकर उर्वशी को इच्छा और स्वतंत्र चेतना का वहन करनेवाली स्त्री के रूप में सामने लाते हैं, लेकिन कथा का बड़ा हिस्सा पुरुरवा के अनुभव और उसके आत्मबोध से भी जुड़ा रहता है। इसलिए उर्वशी की स्वतंत्रता को समझते समय यह देखना होगा कि कविता उसे कहाँ अपनी बात कहने और अपने फ़ैसले करने का मौक़ा देती है, और कहाँ उसका रूप पुरुष के अनुभव का आधार बन जाता है। इस तरह स्त्रीवादी आलोचना कविता की प्रशंसा या निन्दा तक सीमित नहीं रहती। वह रचना के भीतर मौजूद सम्भावनाओं और सीमाओं, दोनों की शिनाख्त करती है।

इन विचारों को साथ रखकर देखें, तो ‘उर्वशी’ का तृतीय अंक सौन्दर्य को किसी एक सिद्धान्त में बाँधने के बजाय उसके कई रूपों को सामने लाता है। आनन्दवर्धन हमें प्रत्यक्ष कथन से आगे अर्थ के संकेतों को समझने में मदद करते हैं। अभिनवगुप्त काव्य के भावात्मक आस्वाद की प्रक्रिया पर ध्यान दिलाते हैं। कांट सौन्दर्य के अनुभव और उसे पाने की इच्छा के बीच फ़र्क़ करने का आधार देते हैं। मर्लो-पोंती शरीर और चेतना के जुड़े हुए अनुभव को समझाते हैं। गैडामर रचना और पाठक के बीच अर्थ के बनते रहने की प्रक्रिया की ओर ध्यान दिलाते हैं, जबकि बोउवार समेत तमाम स्त्रीवादी विचारक स्त्री के सौन्दर्य को पुरुष की दृष्टि तक सीमित कर देने वाली प्रवृत्ति पर सवाल उठाती हैं।

इनमें से कोई भी विचारक दिनकर की कविता का पूरा अर्थ अपने आप नहीं समझा सकता। हर सिद्धान्त कविता के किसी ख़ास पहलू को सामने लाता है, लेकिन उसकी कुछ दूसरी परतें खुली रह जाती हैं। यही कारण है कि इन विचारों का इस्तेमाल कविता पर आरोपित निष्कर्ष देने के बजाय उसके अर्थ को और अधिक स्पष्ट करने के लिए किया जाना चाहिए। ‘उर्वशी’ का सौन्दर्यशास्त्र इसी संवाद में अधिक व्यापक रूप ग्रहण करता है। यहाँ सौन्दर्य का सवाल रूप से शुरू होकर अनुभूति, भाषा, इच्छा, स्वतंत्रता और कला के अर्थ तक पहुँचता है। कविता को इन अलग-अलग दृष्टियों से पढ़ने पर उसकी कलात्मकता के साथ-साथ उसके भीतर मौजूद वैचारिक तनाव भी अधिक साफ़ दिखाई देते हैं।

दिनकर की ‘उर्वशी’ के शिल्प-सौन्दर्य को आधुनिक शैलीविज्ञान, संरचनावाद और उत्तर-संरचनावाद की दृष्टि से पढ़ने पर कविता की भाषा, बिम्बों, प्रतीकों, ध्वनियों, वाक्य-विन्यास और अर्थ बनाने की प्रक्रिया के कई पहलू सामने आते हैं। इन सिद्धान्तों की मदद से हम केवल यह नहीं देखते कि कविता में कौन-से भाव व्यक्त हुए हैं, बल्कि यह भी समझते हैं कि दिनकर ने उन भावों को व्यक्त करने के लिए भाषा का चुनाव कैसे किया, शब्दों के बीच किस तरह के सम्बन्ध बनाए और उन सम्बन्धों से पाठक के अनुभव को किस दिशा में आगे बढ़ाया। यहाँ शिल्प का अर्थ केवल अलंकार, छन्द या भाषा की सजावट नहीं है। वह कविता की पूरी रचनात्मक बनावट है, जिसमें भाषा और अर्थ एक-दूसरे को आकार देते हैं।

आधुनिक शैलीविज्ञान, संरचनावाद और उत्तर-संरचनावाद के बीच अन्तर बनाए रखना भी ज़रूरी है। शैलीविज्ञान रचना में प्रयुक्त भाषिक साधनों और उनके प्रभावों का अध्ययन करता है। संरचनावाद यह समझने की कोशिश करता है कि शब्द, बिम्ब, प्रतीक और विरोध एक व्यवस्था में जुड़कर अर्थ कैसे पैदा करते हैं। उत्तर-संरचनावाद इस बात की जाँच करता है कि क्या उस व्यवस्था से निकलने वाले अर्थ को किसी एक अन्तिम निष्कर्ष में बाँधा जा सकता है। इन तीनों दृष्टियों को साथ रखकर पढ़ने से ‘उर्वशी’ की भाषा की विशिष्टता और उसके अर्थ की जटिलता, दोनों को समझने का अवसर मिलता है।

श्रेष्ठ कविता में भाषा सिर्फ़ सूचना देने का माध्यम नहीं होती। उसमें शब्दों का चुनाव वक्ता की मनःस्थिति और भावात्मक सम्बन्धों को भी व्यक्त करता है। इस स्थापना की रोशनी में ‘उर्वशी’ की भाषा को देखें, तो दिनकर के शब्द केवल किसी दृश्य या विचार का वर्णन नहीं करते। वे पात्रों के अनुभव को एक विशेष भावात्मक रूप भी देते हैं। संस्कृतनिष्ठ शब्दावली, प्रकृति से जुड़े बिम्ब और भावों की तीव्रता के अनुसार बदलती वाक्य-रचना मिलकर कविता की विशिष्ट भाषा बनाते हैं।

इसका अर्थ यह नहीं कि संस्कृतनिष्ठ शब्द अपने आप कविता को गम्भीर या कलात्मक बना देते हैं। उनका प्रभाव इस बात पर निर्भर करता है कि दिनकर उन्हें किस प्रसंग में रखते हैं और वे आसपास के शब्दों से किस तरह जुड़ते हैं। किसी शब्द का सांस्कृतिक अर्थ, उसकी ध्वनि और वाक्य में उसकी जगह, तीनों मिलकर उसके प्रभाव को तय करते हैं। इसीलिए शैलीविज्ञान में केवल शब्दों की सूची तैयार करना पर्याप्त नहीं होता। यह देखना भी ज़रूरी है कि उनका प्रयोग कविता में क्या काम करता है।

रोमन याकोब्सन (Roman Jakobson) के अनुसार कविता में भाषा अपने सन्देश के साथ-साथ अपने रूप और संगठन की ओर भी ध्यान खींचती है। शब्दों की ध्वनि, उनकी आवृत्ति, समानान्तरता और क्रम अर्थ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। इस दृष्टि से ‘उर्वशी’ के शिल्प को समझने के लिए यह देखना होगा कि दिनकर किन शब्दों को एक साथ रखते हैं, किन बिम्बों को बार-बार सामने लाते हैं और वाक्य की बनावट से भाव की गति को कैसे व्यक्त करते हैं।

इसका अच्छा उदाहरण यह काव्यांश है :

आरती की ज्योति को भुज में समेटे
मैं तुम्हारी ओर अपलक देखता एकांत मन से
रूप के उद्गम अगम का रूप गुनता हूँ
साँस में सौरभ तुम्हारे वर्ण में गायन भरा है
सींचता हूँ प्राण को इस गंध की भीनी लहर से
गौर अंगों की विभा की वीचियों से एक होकर
मैं तुम्हारे रंग का संगीत सुनता हूँ।

इस काव्यांश में दिनकर रूप, गन्ध, रंग, संगीत, श्वास और प्रकाश को एक ही संवेदनात्मक अनुभव में जोड़ते हैं। सामान्य अनुभव में आँख रूप और रंग को देखती है, नाक गन्ध ग्रहण करती है और कान संगीत सुनता है। कविता इन इन्द्रियगत सीमाओं को बदल देती है। रंग संगीत बन जाता है, गन्ध लहर का रूप लेती है और प्रकाश को भुजाओं में समेटने की कल्पना सामने आती है। भाषा इन अनुभवों को केवल दर्ज नहीं करती, बल्कि इनके बीच ऐसे सम्बन्ध बनाती है जो सामान्य वर्णन में सम्भव नहीं होते।

पहली पंक्ति में ‘आरती’, ‘ज्योति’ और ‘भुज’ के बीच बनने वाला सम्बन्ध विशेष ध्यान खींचता है। ‘आरती’ धार्मिक अनुष्ठान, श्रद्धा और पवित्रता की सांस्कृतिक स्मृति जगाता है। ‘ज्योति’ प्रकाश का बिम्ब बनाती है, जबकि ‘भुज’ शरीर की ठोस उपस्थिति का बोध कराता है। इन तीनों को एक साथ रखने से प्रकाश किसी दूर स्थित दृश्य तक सीमित नहीं रहता। वक्ता उसे अपनी भुजाओं में समेटना चाहता है। ‘समेटे’ क्रिया में अपने पास रखने, सँजोने और किसी अनुभव को खोने न देने की इच्छा का संकेत भी मिलता है। इस तरह शब्दों का चुनाव एक दृश्य के साथ भावात्मक सम्बन्ध भी बनाता है।

यहाँ एक शिल्पगत तनाव भी पैदा होता है। ज्योति का स्वभाव फैलना और प्रकाश देना है, जबकि उसे भुजाओं में समेटने की क्रिया उसे सीमित करने की कोशिश करती है। दिनकर इस विरोध को किसी व्याख्या के माध्यम से नहीं समझाते। वे दो शब्दों और एक क्रिया के मेल से उसे सामने लाते हैं। याकोब्सन की दृष्टि से भाषा का काव्यात्मक प्रकार्य इसी तरह काम करता है। शब्दों का संयोजन ऐसा अर्थ पैदा करता है जो किसी एक शब्द में पहले से मौजूद नहीं था।

दूसरी पंक्ति में ‘अपलक’ और ‘एकांत मन’ का प्रयोग देखने की क्रिया को एक विशेष मनःस्थिति से जोड़ता है। ‘अपलक’ दृष्टि की निरन्तरता का बोध कराता है। वक्ता की निगाह प्रिय के रूप पर टिकी हुई है। लेकिन ‘एकांत मन’ इस बाहरी दृश्य के भीतर एक आन्तरिक अनुभव भी रचता है। वक्ता सामने उपस्थित व्यक्ति को देखता है, फिर भी उसका अनुभव मन के एकान्त में घटता है। यहाँ दृष्टि बाहर की ओर जाती है, जबकि अनुभूति भीतर आकार लेती है।

कहना न होगा कि देखने वाला व्यक्ति अपने शरीर और संसार से अलग खड़ा कोई निष्पक्ष पर्यवेक्षक नहीं है। वह ख़ुद उसी दुनिया का हिस्सा है जिसे वह देखता है। उसकी दृष्टि शरीर, स्मृति और संवेदना के साथ जुड़ी रहती है। इस विचार की रोशनी में ‘अपलक देखता’ केवल आँखों की क्रिया नहीं है। वक्ता अपने पूरे अस्तित्व के साथ प्रिय के रूप को ग्रहण करता है। प्रिय का रूप उसके सामने उपस्थित है, लेकिन उसका अर्थ वक्ता की चेतना में भी बनता है।

तीसरी पंक्ति, ‘रूप के उद्गम अगम का रूप गुनता हूँ’, इस अनुभव को एक नयी दिशा देती है। वक्ता अब केवल रूप को देख नहीं रहा। वह उसके उद्गम को समझने की कोशिश करता है। ‘रूप’ दृश्य उपस्थिति का संकेत देता है, ‘उद्गम’ उसके स्रोत की ओर ले जाता है और ‘अगम’ उस स्रोत तक पहुँचने की कठिनाई सामने रखता है। इस तरह पंक्ति में देखने से जानने की ओर बढ़ने की प्रक्रिया दिखाई देती है। लेकिन यह खोज किसी निश्चित उत्तर तक पहुँचने का दावा नहीं करती।

‘गुनता हूँ’ क्रिया भी ध्यान देने योग्य है। यह केवल देखने या सोचने का अर्थ नहीं देती। इसमें किसी बात को मन में परखने, उसके अर्थ पर विचार करने और उसे धीरे-धीरे समझने का भाव है। इस क्रिया से वक्ता का अनुभव सक्रिय हो उठता है। वह प्रिय के रूप का निष्क्रिय दर्शक नहीं रहता। वह उसके भीतर अर्थ खोजता है। लेकिन ‘अगम’ शब्द उस खोज की सीमा भी बनाए रखता है। रूप का अनुभव सम्भव है, पर उसके स्रोत को पूरी तरह जान लेना आसान नहीं।

चौथी पंक्ति में दिनकर लिखते हैं, ‘साँस में सौरभ तुम्हारे वर्ण में गायन भरा है’। इस पंक्ति में दो अलग संवेदनात्मक सम्बन्ध साथ-साथ बनते हैं। साँस के साथ सौरभ जुड़ता है और वर्ण के साथ गायन। पहली अभिव्यक्ति गन्ध और जीवन की क्रिया को जोड़ती है, जबकि दूसरी दृश्य और श्रव्य अनुभव को एक-दूसरे के निकट लाती है। ‘वर्ण में गायन’ सामान्य भाषिक प्रयोग नहीं है। रंग को देखा जाता है, गाया या सुना नहीं जाता। लेकिन कविता इस अन्तर को हटाकर एक ऐसा अनुभव रचती है जिसमें रंग के भीतर संगीत की सम्भावना महसूस होती है।

शैलीविज्ञान में इस तरह के प्रयोग को संवेदनात्मक स्थानान्तरण या इन्द्रिय-संकरता (Synesthesia) कहा जाता है। इसमें एक इन्द्रिय से जुड़े अनुभव को दूसरी इन्द्रिय के शब्दों के सहारे व्यक्त किया जाता है। लेकिन केवल इस अलंकारिक पहचान से पंक्ति का पूरा अर्थ नहीं खुलता। यह भी देखना चाहिए कि इस प्रयोग से कविता के अनुभव में क्या बदलता है। जब वर्ण में गायन भर जाता है, तब प्रिय का रूप एक स्थिर दृश्य नहीं रहता। उसमें लय और गति का अनुभव भी जुड़ जाता है। संगीत समय में फैलता है, आगे बढ़ता है और सुनने वाले के भीतर भाव पैदा करता है। रंग को संगीत से जोड़ने पर दृश्य सौन्दर्य भी एक तरह की आन्तरिक गति हासिल कर लेता है।

‘साँस में सौरभ’ का प्रयोग भी इसी तरह काम करता है। साँस जीवन की गति और शरीर की उपस्थिति का संकेत देती है, जबकि सौरभ गन्ध के अनुभव को सामने लाता है। दोनों के मेल से प्रिय की उपस्थिति वक्ता के जीवित अनुभव के भीतर प्रवेश करती है। यह केवल किसी सुगन्ध को महसूस करने का वर्णन नहीं है। कविता गन्ध को साँस से जोड़कर उसे जीवन की निरन्तरता के निकट ले आती है। इस तरह दिनकर अमूर्त भाव को शरीर के अनुभव के सहारे व्यक्त करते हैं।

अगली पंक्ति, ‘सींचता हूँ प्राण को इस गंध की भीनी लहर से’, इस संवेदनात्मक सम्बन्ध को और आगे बढ़ाती है। ‘सींचता हूँ’ क्रिया सामान्यतः पौधों या धरती को पानी देने के लिए इस्तेमाल होती है। यहाँ वक्ता अपने प्राण को गन्ध से सींचता है। इस प्रयोग से गन्ध को पोषण देने वाली शक्ति का रूप मिलता है। ‘भीनी’ उसकी कोमलता और हल्केपन का बोध कराता है, जबकि ‘लहर’ गति और फैलाव का। इन शब्दों का मेल गन्ध को एक ऐसी उपस्थिति बना देता है जो धीरे-धीरे फैलती है और भीतर तक पहुँचती है।

यहाँ क्रिया का चुनाव ख़ास महत्त्व रखता है। यदि वक्ता कहता कि वह गन्ध महसूस करता है, तो कथन केवल अनुभव की सूचना देता। ‘सींचता हूँ’ कहने से वह अनुभव एक सक्रिय प्रक्रिया बन जाता है। वक्ता गन्ध को अपने भीतर ग्रहण करता है और उससे अपने प्राणों को पोषण देता है। इस तरह प्रिय का सौन्दर्य उसके लिए केवल देखने या सूँघने की वस्तु नहीं रहता। वह उसके आन्तरिक जीवन को प्रभावित करने वाला अनुभव बन जाता है।

पाश्चात्य सौन्दर्यशास्त्रियों की देह और अनुभूति सम्बन्धी स्थापना से इस पंक्ति को पढ़ें, तो सौन्दर्य शरीर से अलग कोई अमूर्त विचार नहीं रह जाता। साँस, गन्ध और प्राण के बीच सम्बन्ध स्थापित करके कविता अनुभव को शरीर की उपस्थिति से जोड़ती है। लेकिन देरिदा (Jacques Derrida) की दृष्टि से देखें, तो ‘भीनी लहर’ का बिम्ब अपने साथ क्षणभंगुरता की सम्भावना भी रखता है। गन्ध फैलती है और कुछ समय बाद विलीन हो सकती है। इसलिए वही अनुभव जो वक्ता को पोषण देता है, उसे स्थायी रूप से अपने पास रखने की गारंटी नहीं देता। यह अर्थ पंक्ति में सीधे घोषित नहीं है, लेकिन बिम्ब की प्रकृति उसे सम्भव बनाती है।

छठी पंक्ति, ‘गौर अंगों की विभा की वीचियों से एक होकर’, में ‘वीचि’ संस्कृत का शब्द है, जिसका अर्थ तरंग या लहर है। ‘विभा’ प्रकाश और चमक का बोध कराती है। दिनकर इन दोनों को जोड़कर प्रकाश को तरंगों के रूप में कल्पित करते हैं। इस तरह रूप की चमक एक स्थिर दृश्य नहीं रहती, बल्कि गति और फैलाव ग्रहण करती है। ‘एक होकर’ वक्ता को भी इस दृश्य के भीतर ले आता है। वह बाहर खड़े होकर केवल प्रिय के अंगों की शोभा नहीं देख रहा, बल्कि उनकी विभा की तरंगों के साथ एक होने का अनुभव करता है।

लेकिन इस एकत्व को पूरी तरह दूरी के समाप्त हो जाने के रूप में नहीं पढ़ना चाहिए। वक्ता ‘एक होकर’ कहता है, फिर भी प्रिय के अंगों की विभा और वक्ता का अनुभव व्याकरण में अलग-अलग बने रहते हैं। देरिदा की दृष्टि से यह एकत्व और भिन्नता के बीच तनाव का उदाहरण है। एक होने की अनुभूति तभी अर्थ ग्रहण करती है जब दो स्थितियों के बीच कोई अन्तर पहले से मौजूद हो। कविता इस अन्तर को समाप्त नहीं करती, बल्कि आत्मीयता के अनुभव के भीतर बनाए रखती है।

अन्तिम पंक्ति, ‘मैं तुम्हारे रंग का संगीत सुनता हूँ’, काव्यांश के संवेदनात्मक क्रम को एक साथ जोड़ देती है। ‘रंग’ दृश्य का संकेत है, जबकि ‘संगीत’ श्रव्य अनुभव से सम्बन्धित है। ‘सुनता हूँ’ क्रिया के कारण रंग एक ऐसी अनुभूति बन जाता है जो केवल आँखों तक सीमित नहीं रहती। इस पंक्ति में कविता पहले आये हुए बिम्बों को नये रूप में जोड़ती है। साँस और सौरभ, वर्ण और गायन, गन्ध और लहर, विभा और वीचियाँ, ये सभी सम्बन्ध अन्त में रंग और संगीत के मेल में एक साथ याद आते हैं।

समानान्तरता की अवधारणा से इस क्रम को समझा जा सकता है। काव्यांश में बार-बार एक इन्द्रिय से जुड़ा अनुभव दूसरी इन्द्रिय के शब्दों के साथ आता है। इन प्रयोगों में एक आन्तरिक समानता है। हर नया बिम्ब पिछले बिम्ब से सम्बन्ध बनाता है, लेकिन उसे हूबहू दोहराता नहीं। इस तरह समानान्तरता कविता में एकता पैदा करती है और बदलते हुए बिम्ब अर्थ को आगे बढ़ाते हैं।

उत्तर-संरचनावादी दृष्टि से यह भी पूछा जा सकता है कि ‘रंग का संगीत’ का अर्थ क्या केवल प्रिय के सौन्दर्य का आनन्द है। संगीत लय, स्मृति, भाव और गति का भी संकेत दे सकता है। रंग अपने साथ अलग-अलग सांस्कृतिक और निजी अर्थ ला सकता है। दोनों का मेल एक ऐसा अनुभव बनाता है जिसकी व्याख्या कई दिशाओं में सम्भव है। इसका अर्थ यह नहीं कि पंक्ति का कोई निश्चित अर्थ नहीं है। बल्कि यह कि उसका अर्थ एक ही वाक्य में पूरी तरह बन्द नहीं हो जाता।

इस काव्यांश में बिम्बों का क्रम भी ध्यान देने योग्य है। शुरुआत में ज्योति को भुजाओं में समेटने की क्रिया है। फिर दृष्टि प्रिय के रूप पर टिकती है और रूप के स्रोत को समझने की कोशिश करती है। इसके बाद साँस, सौरभ, वर्ण, गायन, गन्ध, लहर, विभा और संगीत के बिम्ब सामने आते हैं। इस क्रम में अनुभव धीरे-धीरे फैलता है। पहले वक्ता किसी दृश्य को अपने पास रखना चाहता है, फिर उसकी ओर एकाग्र होता है, उसके अर्थ को समझने की कोशिश करता है और अन्ततः कई इन्द्रियों के माध्यम से उसे ग्रहण करता है। इस तरह कविता का शिल्प केवल बिम्बों का संग्रह नहीं है। बिम्बों का क्रम भी अनुभव के विकास को आकार देता है।

‘उर्वशी’ में प्रेम की एक ऐसी समस्या सामने आती है जिसे सिर्फ़ स्त्री और पुरुष के आकर्षण, शारीरिक निकटता या आध्यात्मिक उत्कर्ष के परिचित विचारों से पूरी तरह नहीं समझा जा सकता। यहाँ दो व्यक्ति एक-दूसरे के निकट आते हैं, लेकिन उनकी चेतना हमेशा एक ही जगह नहीं रहती। शरीर जिस सम्बन्ध को जी रहा होता है, मन कभी उससे आगे निकल जाता है और कभी उससे पीछे छूट जाता है। प्रेमालाप के अन्तरंग क्षणों में भी आदमी अपने भीतर किसी दूसरी दुनिया की खोज करता रहता है। उर्वशी इसी विरोधाभास को पहचानती है। उसे पुरुरवा के प्रेम पर सन्देह नहीं है, लेकिन वह महसूस करती है कि उसके सामने उपस्थित पुरुष मानसिक रूप से कहीं और है। इस स्थिति में प्रेम केवल दो व्यक्तियों के बीच घटने वाली घटना नहीं रह जाता। वह मनुष्य के भीतर चल रहे संघर्ष को समझने का एक रास्ता बन जाता है। उर्वशी की शिकायत इसी अनुभव से निकलती है:

तन से मुझको कसे हुए उरपीड़क आलिंगन में
मन से किन्तु विषण्ण दूर तुम चले कहाँ जाते हो

इन पंक्तियों में ‘तन’ और ‘मन’ का विरोध केवल काव्यात्मक अलंकरण नहीं है। ‘कसे हुए’ और ‘उरपीड़क’ जैसे शब्द शारीरिक निकटता की तीव्रता का अनुभव कराते हैं, जबकि ‘विषण्ण’ और ‘दूर’ उसी क्षण उपस्थित मानसिक दूरी को सामने लाते हैं। ‘उरपीड़क’ में आलिंगन की ऐसी तीव्रता भी है जो सुख के साथ दबाव का अनुभव कराती है। शरीर की पकड़ जितनी सघन है, मन की दूरी उतनी ही परेशान करने वाली है। प्रश्न के अन्त में ‘कहाँ जाते हो’ विशेष ध्यान खींचता है। उर्वशी यह नहीं पूछती कि पुरुरवा उससे प्रेम क्यों नहीं करता। वह जानना चाहती है कि प्रेम करते हुए भी उसका मन कहाँ चला जाता है। उसके प्रश्न में शिकायत के साथ चिन्ता और अपने सम्बन्ध को समझने की इच्छा भी है। दिनकर यहाँ ऐसी मानवीय स्थिति को पकड़ते हैं जिसमें व्यक्ति किसी अनुभव में शामिल रहते हुए भी उससे पूरी तरह जुड़ नहीं पाता। यही स्थिति हमारे समय में उत्तर-आधुनिक मनुष्य के विभाजित व्यक्तित्व और उसकी भावनात्मक अस्थिरता के सन्दर्भ में भी विचार करने योग्य है।

इस प्रसंग की बारीक़ी समझने के लिए उसके ठीक पहले की बातचीत पर ध्यान देना ज़रूरी है। उर्वशी देवताओं और मनुष्यों की स्थिति में एक विचित्र उलटफेर देखती है। देवता सुगन्ध और सौन्दर्य की दुनिया में रहते हैं, लेकिन उनके अनुभव में मानवीय शरीर की ऊष्मा नहीं है। दूसरी ओर, मनुष्य शरीर के माध्यम से प्रेम करता है, फिर भी वह शरीर से आगे किसी अमूर्त सौन्दर्य की तलाश में निकल पड़ता है। उर्वशी को इस उलझन में मनुष्य का असन्तोष दिखाई देता है। जो उसके पास है, वह उसे पर्याप्त नहीं लगता। जो उसके सामने उपस्थित है, उसके पार वह किसी दूसरी सत्ता का अनुमान करता है। इस तरह पुरुरवा का द्वन्द्व केवल व्यक्तिगत स्वभाव की समस्या नहीं रह जाता। वह मनुष्य की उस प्रवृत्ति से जुड़ता है जिसके कारण उपलब्ध सुख भी किसी अनुपस्थित सुख की याद दिलाने लगता है।

इस मनोदशा को उत्तर-आधुनिकता के सन्दर्भ में पढ़ते समय एक बुनियादी अन्तर समझना चाहिए। मनुष्य के भीतर अनेक इच्छाओं और विरोधी प्रवृत्तियों का होना केवल उत्तर-आधुनिक समय की देन नहीं है। प्राचीन साहित्य, दर्शन और मिथकों में भी ऐसे द्वन्द्व मिलते हैं। जयशंकर प्रसाद की ‘कामायनी’ में यह समस्या एक अलग रूप में सामने आती है:

ज्ञान दूर कुछ क्रिया भिन्न है
इच्छा क्यों पूरी हो मन की
एक दूसरे से न मिल सके
यह विडम्बना है जीवन की।

इन पंक्तियों में ज्ञान, इच्छा और क्रिया के बीच सामंजस्य का अभाव मनुष्य के जीवन की विडम्बना बनकर सामने आता है। ‘उर्वशी’ में यही समस्या प्रेम के अनुभव से जुड़ती है। पुरुरवा की इच्छा, उसकी अनुभूति और उसका चिन्तन एक ही दिशा में नहीं चलते। उत्तर-आधुनिक परिस्थितियों में यह पुराना मानवीय द्वन्द्व कुछ नए रूप ग्रहण करता है। व्यक्ति की पहचान किसी एक स्थिर सामाजिक भूमिका से निर्धारित नहीं होती। वह परिवार, कामकाज, निजी सम्बन्धों और सार्वजनिक जीवन में अपनी अलग-अलग छवियों के साथ उपस्थित रहता है। आज के सत्यातीत या पोस्ट-ट्रुथ समय में डिजिटल संचार और सामाजिक माध्यमों ने वास्तविक अनुभव तथा उसके सार्वजनिक प्रदर्शन के बीच की दूरी को और बढ़ाया है। व्यक्ति जो जीता है, जो अपने बारे में सोचता है और जो दूसरों के सामने दिखाना चाहता है, उनमें फ़र्क़ हो सकता है। लेकिन ‘कामायनी’ के मनु और ‘उर्वशी’ के पुरुरवा को आज के मनुष्य का सीधा प्रतिनिधि मान लेना उचित नहीं होगा। वे अपनी मिथकीय पहचान, सांस्कृतिक सन्दर्भों और प्रसाद तथा दिनकर की अलग-अलग काव्यात्मक कल्पनाओं से बने पात्र हैं। उनकी मनोदशा हमारे समय की कुछ समस्याओं को समझने में सहायता करती है, पर उनके अनुभवों को आज की परिस्थितियों का हूबहू प्रतिबिम्ब नहीं कहा जा सकता।

मनोविश्लेषण के इतिहास में सिग्मंड फ़्रायड (Sigmund Freud) ने मनुष्य को ऐसी सत्ता के रूप में समझने की कोशिश की थी जो अपने मन की सभी गतिविधियों को पूरी तरह नहीं जानती। व्यक्ति जो कहता है, जो चाहता है और जो करता है, उनमें हमेशा एकरूपता नहीं रहती। उसके भीतर ऐसी इच्छाएँ भी सक्रिय हो सकती हैं जिन्हें वह स्पष्ट रूप से स्वीकार नहीं करता। फ़्रायड की इस समझ से पुरुरवा की स्थिति पर विचार करने का एक रास्ता मिलता है। पुरुरवा उर्वशी के प्रति आकर्षित है और उसके साथ रहना चाहता है। फिर भी उसके भीतर ऐसी आकांक्षा सक्रिय रहती है जो उपलब्ध निकटता से सन्तुष्ट नहीं होती। वह प्रेम का अनुभव करते हुए भी उसके अर्थ और उसकी अन्तिम सम्भावना के बारे में सोचने लगता है। उसका मन जिस क्षण को जी सकता था, उसी क्षण उससे कुछ दूर हटकर उस अनुभव की व्याख्या करने लगता है।

लेकिन इस आधार पर पुरुरवा को किसी मानसिक रोग का शिकार मानना ग़लत होगा। साहित्यिक पात्र के भीतर विरोधी इच्छाओं का होना अपने आप में बीमारी का प्रमाण नहीं है। दिनकर जिस स्थिति को रचते हैं, उसमें मानवीय चेतना की जटिलता अधिक दिखाई देती है। पुरुरवा का मन शरीर से इसलिए अलग नहीं होता कि वह प्रेम करने में असमर्थ है। सम्भव है, वह प्रेम को इतना व्यापक अर्थ देना चाहता है कि उसके सामने उपस्थित वास्तविक अनुभव छोटा पड़ने लगता है। यहाँ समस्या प्रेम के अभाव की नहीं, प्रेम से की जाने वाली अपेक्षाओं की है। व्यक्ति जिस अनुभव में सुख पा रहा है, उसी से वह ऐसी पूर्णता भी चाहता है जो शायद किसी एक अनुभव में मिल ही नहीं सकती।

लाकाँ (Jacques Lacan) ने फ़्रायड की इस समझ को आगे बढ़ाते हुए इच्छा और अभाव के रिश्ते पर विशेष ध्यान दिया। उनके अनुसार मनुष्य की इच्छा किसी वस्तु को प्राप्त कर लेने से हमेशा समाप्त नहीं होती। वह अक्सर उस चीज़ से आगे बढ़ जाती है जिसे व्यक्ति अपने सामने मौजूद समझता है। इस विचार को पुरुरवा की मनोदशा के साथ रखकर देखने पर एक दिलचस्प बात सामने आती है। पुरुरवा जिस उर्वशी को चाहता है, वह उसके सामने मौजूद है। फिर भी उसकी चेतना उर्वशी के वास्तविक अस्तित्व से आगे किसी ऐसे सौन्दर्य की कल्पना करती है जो समय, शरीर और परिवर्तन की सीमाओं से मुक्त हो। इस तरह उसके सामने दो उर्वशियाँ बनती दिखाई देती हैं। एक वह स्त्री जो उससे प्रेम करती है, बोलती है, प्रश्न पूछती है और उसके साथ अपना जीवन बाँटना चाहती है। दूसरी वह आदर्श छवि है जिसे पुरुरवा अपनी कल्पना में लगातार गढ़ता रहता है। वास्तविक उर्वशी और कल्पित उर्वशी के बीच की दूरी उसके असन्तोष का एक सम्भावित कारण बनती है।

इस प्रसंग का एक दूसरा पहलू भी है। उर्वशी स्वयं स्वर्गलोक छोड़कर पृथ्वी पर आती है। वह केवल प्रेम का विचार नहीं चाहती, बल्कि उसे जीना चाहती है। उसके लिए प्रेम में शरीर की उपस्थिति, समय की साझेदारी और दूसरे व्यक्ति की भावनात्मक भागीदारी का अपना महत्त्व है। पुरुरवा की दृष्टि में प्रेम कभी-कभी शरीर से ऊपर उठने का साधन बन जाता है। उर्वशी के लिए शरीर उस अनुभव का अभिन्न हिस्सा है। इस अन्तर को केवल पुरुष की आध्यात्मिकता और स्त्री की शारीरिकता के रूप में समझना ग़लत होगा। उर्वशी भी गहरी भावनात्मक और कल्पनाशील सत्ता है। वह सौन्दर्य और प्रेम के व्यापक अर्थों को समझती है। लेकिन वह इस बात पर ज़ोर देती है कि किसी ऊँचे अनुभव की तलाश में वर्तमान सम्बन्ध को अधूरा नहीं छोड़ना चाहिए।

यहीं दिनकर की काव्यात्मक दृष्टि एक दिलचस्प उलटफेर करती है। सामान्य सामाजिक धारणाओं में पुरुष को विवेक, आत्मनियन्त्रण और ऊँचे विचारों से जोड़ा जाता रहा है, जबकि स्त्री को शरीर और भावना के साथ बाँधकर देखा गया है। ‘उर्वशी’ के इस प्रसंग में पुरुष अपनी इच्छाओं और आदर्शों के बीच उलझा हुआ है, जबकि स्त्री उसके व्यवहार में मौजूद विरोधाभास को अधिक स्पष्टता से पहचानती है। वह प्रेम के भीतर पैदा होने वाली मानसिक अनुपस्थिति को समझती है और उस पर सवाल उठाती है। इस तरह उर्वशी केवल पुरुष की इच्छा का विषय नहीं रहती। वह उसके अनुभव की आलोचक भी बनती है। उसके प्रश्न में अपनी भावनात्मक ज़रूरतों की पहचान के साथ सम्बन्ध में बराबरी की अपेक्षा भी मौजूद है। उत्तर-आधुनिक आलोचना में एक स्थिर और सर्वज्ञ पुरुष-विषय की धारणा पर जो सवाल उठाए गए हैं, उनके सन्दर्भ में उर्वशी की यह भूमिका ध्यान देने योग्य है। यहाँ पुरुष अपनी चेतना का पूरा स्वामी नहीं दिखाई देता, जबकि स्त्री उसके भीतर के विरोधाभास को पहचानकर उसकी आत्मछवि पर सवाल उठाती है।

पुरुरवा के भीतर चल रहे संघर्ष को समझने के लिए डोनाल्ड विनिकॉट (Donald Winnicott) के विचार भी उपयोगी हो सकते हैं। विनिकॉट ने व्यक्ति के सहज अनुभव और दूसरों की अपेक्षाओं के अनुसार विकसित होने वाली आत्मछवि के बीच सम्बन्ध पर विचार किया था। उन्होंने बताया कि मनुष्य कभी-कभी ऐसी छवि के सहारे जीवन बिताने लगता है जो उसके भीतर की वास्तविक इच्छाओं और भावनाओं से पूरी तरह मेल नहीं खाती। पुरुरवा के भीतर राजा, वीर पुरुष, प्रेमी और आध्यात्मिक जिज्ञासु की अलग-अलग भूमिकाएँ सक्रिय हैं। इन भूमिकाओं की अपेक्षाएँ हमेशा एक-दूसरे से मेल नहीं खातीं। हालाँकि उसके चरित्र को विनिकॉट की चिकित्सकीय अवधारणाओं का सीधा उदाहरण नहीं माना जा सकता, फिर भी यह दृष्टि उसकी सामाजिक पहचान और निजी आकांक्षाओं के बीच मौजूद तनाव को समझने में सहायता करती है।

तीसरे अंक के आरम्भिक प्रसंग में पुरुरवा के सामने यह समस्या दूसरे रूप में आती है। वह उर्वशी को चाहता है, लेकिन उससे मिलने के लिए देवताओं के सामने याचना करना उसके क्षत्रिय स्वाभिमान के अनुकूल नहीं लगता। दूसरी ओर, वह बलपूर्वक उसे प्राप्त करने को भी उचित नहीं मानता। यहाँ उसका राजसी आत्मसम्मान, उसकी नैतिक समझ और उसकी प्रेमाकांक्षा एक-दूसरे के सामने खड़ी हो जाती हैं। प्रेम उसे अपनी ओर खींचता है, लेकिन सामाजिक पहचान और आत्मसम्मान उसे रोकते हैं। वह जिस स्त्री से मिलना चाहता है, उसके सामने पहुँचने से पहले ही अपने भीतर कई सवालों से घिर जाता है। यह स्थिति बताती है कि पुरुरवा का द्वन्द्व केवल शारीरिक इच्छा और आध्यात्मिक आकांक्षा तक सीमित नहीं है। उसकी सामाजिक पहचान भी उसके प्रेम के अनुभव को प्रभावित करती है।

केनेथ गर्गेन (Kenneth Gergen) के विचारों के सहारे इस समस्या का उत्तर-आधुनिक सन्दर्भ अधिक स्पष्ट होता है। गर्गेन ने आधुनिक संचार और सामाजिक सम्बन्धों के विस्तार के कारण व्यक्ति की पहचान पर पड़ने वाले प्रभावों का अध्ययन किया है। अपनी पुस्तक ‘द सैचुरेटेड सेल्फ़’ में वे बताते हैं कि अनेक सम्बन्धों, सूचनाओं और सामाजिक अपेक्षाओं से घिरा व्यक्ति अपनी पहचान को किसी एक स्थिर रूप में बनाए नहीं रख पाता। वह अलग-अलग परिस्थितियों में अपने अलग-अलग रूपों का अनुभव करता है। उसकी आत्मछवि लगातार बदलते सम्बन्धों के बीच आकार ग्रहण करती है। पुरुरवा के भीतर भी सामाजिक कर्तव्य, आत्मसम्मान और प्रेम की आकांक्षा एक-दूसरे से टकराती हैं। लेकिन गर्गेन जिस उत्तर-आधुनिक मनुष्य की चर्चा करते हैं, उसकी परिस्थितियाँ पुरुरवा से अलग हैं। पुरुरवा का संघर्ष भारतीय मिथकीय परम्परा, पुरुषार्थ की अवधारणा तथा प्रेम और तप के पुराने द्वन्द्व से भी जुड़ा है। इसलिए दोनों के बीच समानता का अर्थ ऐतिहासिक एकरूपता नहीं है। यह तुलना केवल इतना स्पष्ट करती है कि अलग-अलग सामाजिक परिस्थितियों में मनुष्य की पहचान अनेक अपेक्षाओं और इच्छाओं के बीच बनती है।

पुरुरवा की बेचैनी का सम्बन्ध उसकी कल्पना की सक्रियता से भी है। उर्वशी का सौन्दर्य उसके लिए केवल सामने दिखाई देने वाला रूप नहीं है। वह उसमें किसी ऐसी व्यापक सत्ता का अनुभव करना चाहता है जिसे दिनकर ‘शून्य की उस रेख’ जैसी अभिव्यक्ति के माध्यम से संकेतित करते हैं। उसकी कल्पना बार-बार रूप से अरूप की ओर बढ़ती है। इस यात्रा में एक गहरी काव्यात्मक सम्भावना है। प्रेम मनुष्य को अपनी सीमाओं से बाहर देखने की प्रेरणा देता है। वह दूसरे व्यक्ति के माध्यम से जीवन के उन पहलुओं का अनुभव करता है जिनसे वह पहले अपरिचित था। लेकिन यही कल्पना सम्बन्ध में कठिनाई भी पैदा कर सकती है। अगर प्रेमी दूसरे व्यक्ति के वास्तविक अस्तित्व से अधिक अपनी कल्पना में बनी उसकी छवि से प्रेम करने लगे तो दोनों के बीच दूरी बढ़ने लगती है।

इस स्थिति का एक सूक्ष्म पक्ष यह है कि पुरुरवा अपने अनुभव का सहभागी होने के साथ उसका दर्शक भी बन जाता है। वह प्रेम को जीते हुए उसके अर्थ पर विचार करता रहता है। इस कारण उसकी चेतना में दो गतिविधियाँ एक साथ चलती हैं। एक ओर वह उर्वशी के साथ अपने सम्बन्ध में डूबना चाहता है, दूसरी ओर उस अनुभव के पीछे छिपे किसी स्थायी सत्य को समझने की कोशिश करता है। दोनों गतिविधियाँ अपने आप में विरोधी नहीं हैं। प्रेम का अनुभव चिन्तन को जन्म दे सकता है और चिन्तन उसे गहरा भी बना सकता है। कठिनाई तब पैदा होती है जब विचार की प्रक्रिया अनुभव से इतनी अलग हो जाए कि व्यक्ति वर्तमान क्षण से अपना सम्बन्ध खोने लगे। पुरुरवा की मनोदशा में इसी सम्भावना का संकेत मिलता है।

समकालीन मनोविश्लेषक जेसिका बेंजामिन (Jessica Benjamin) ने मान्यता और पारस्परिकता के सम्बन्ध पर विचार करते हुए इस बात पर ज़ोर दिया है कि किसी निकट सम्बन्ध में दोनों व्यक्तियों को स्वतंत्र अनुभव रखने वाली सत्ताओं के रूप में स्वीकार करना ज़रूरी है। इस दृष्टि से उर्वशी की शिकायत का अर्थ और स्पष्ट होता है। वह केवल पुरुरवा का प्रेम नहीं चाहती। वह चाहती है कि पुरुरवा उसकी उपस्थिति को सचमुच महसूस करे, उसके शब्दों का अर्थ सुने और उसके अनुभव को समझे। किसी सम्बन्ध में दूसरे व्यक्ति को पहचानने और उसे अपनी इच्छाओं के अनुरूप देखने के बीच बड़ा फ़र्क़ है। पुरुरवा के सामने चुनौती यह है कि वह उर्वशी को अपनी कल्पना से अलग एक स्वतंत्र व्यक्ति के रूप में स्वीकार करे। उर्वशी का प्रश्न इसी चुनौती को सामने लाता है। वह सम्बन्ध की उस कमी की ओर ध्यान दिलाती है जिसे पुरुरवा अपनी आध्यात्मिक बेचैनी के कारण अनदेखा कर रहा है।

इस सन्दर्भ में यह पूछना भी ज़रूरी है कि क्या पुरुरवा की आध्यात्मिक आकांक्षा वास्तव में प्रेम को गहरा बनाती है या कभी-कभी उसे वास्तविक सम्बन्ध से दूर भी ले जाती है। दिनकर की कविता इस प्रश्न का कोई आसान उत्तर नहीं देती। पुरुरवा की खोज में एक सच्ची बेचैनी है। वह केवल शारीरिक सुख से सन्तुष्ट नहीं होना चाहता। लेकिन उसकी यह आकांक्षा उर्वशी के अनुभव से हमेशा मेल नहीं खाती। उसके लिए प्रेम आत्मविस्तार का साधन बन सकता है, जबकि उर्वशी उस प्रेम में अपनी पूरी उपस्थिति चाहती है। दोनों की इच्छाएँ एक-दूसरे का विरोध करने के लिए नहीं बनी हैं, फिर भी वे हमेशा एक दिशा में नहीं चलतीं। यही बात उनके सम्बन्ध को अधिक मानवीय बनाती है।

दिनकर इस द्वन्द्व को केवल विचारों के सहारे नहीं रचते। उनकी काव्यभाषा भी इसमें सक्रिय भूमिका निभाती है। पुरुरवा जब उर्वशी के सौन्दर्य का वर्णन करता है, तो उसकी भाषा दृश्य जगत से आगे बढ़कर प्रकाश, सुगन्ध, संगीत और किसी अनाम अनुभूति की ओर जाने लगती है। इन्द्रियों से प्राप्त अनुभव धीरे-धीरे कल्पना के संसार में बदलता है। इससे प्रेम का विस्तार होता है। उर्वशी की भाषा इसके बरअक्स अधिक सीधी और सम्बन्धपरक हो जाती है। वह पुरुरवा के अनुभव की ऊँचाई से प्रभावित होने के बजाय उसके व्यवहार में मौजूद अन्तर को सामने लाती है। एक की भाषा सौन्दर्य के रहस्य को समझने की कोशिश करती है, जबकि दूसरी की भाषा प्रेम में साझेदारी की माँग करती है। दोनों की अभिव्यक्तियों का यह अन्तर उनके मानसिक संसारों को समझने में सहायता करता है।

कविता में शरीर और मन के सम्बन्ध को समझने के लिए यह भी देखना चाहिए कि दिनकर शरीर को केवल बाधा नहीं मानते। शरीर प्रेम का माध्यम है। उसके बिना निकटता, स्पर्श और संवेदना का अनुभव सम्भव नहीं। लेकिन पुरुरवा इस अनुभव के भीतर किसी ऐसी सत्ता की तलाश करता है जो शरीर की सीमाओं से मुक्त हो। उसकी यह आकांक्षा भारतीय आध्यात्मिक परम्पराओं की याद दिलाती है, जहाँ दृश्य जगत के पीछे किसी व्यापक सत्य की खोज की जाती रही है। दिनकर इस परम्परा को प्रेम के अनुभव से जोड़ते हैं। फिर भी उर्वशी की उपस्थिति इस विचार को एकतरफ़ा नहीं होने देती। वह याद दिलाती है कि शरीर को पार करने की इच्छा कभी-कभी शरीर के माध्यम से जी रहे वास्तविक सम्बन्ध की उपेक्षा भी कर सकती है।

यही वह जगह है जहाँ कविता का मनोवैज्ञानिक और सांस्कृतिक अर्थ एक-दूसरे से जुड़ता है। पुरुरवा का द्वन्द्व ऐसी सांस्कृतिक सोच से भी सम्बन्ध रखता है जिसमें शरीर और आत्मा, भोग और त्याग, सांसारिक प्रेम और आध्यात्मिक उपलब्धि को अलग-अलग दर्जे दिए जाते रहे हैं। दिनकर इन विभाजनों को सरल नैतिक विरोधों के रूप में प्रस्तुत नहीं करते। उनके यहाँ प्रेम शरीर से आरम्भ होकर चेतना के दूसरे स्तरों तक पहुँच सकता है। लेकिन यह यात्रा किसी निश्चित क्रम में नहीं चलती। पुरुरवा कभी शारीरिक आकर्षण में डूबता है, कभी उसके भीतर किसी व्यापक अर्थ की तलाश करता है। इस आवाजाही में उसकी चेतना की बेचैनी दिखाई देती है। उर्वशी उसे उस मानवीय धरातल पर लौटाती है जहाँ प्रेम केवल विचार नहीं, दो व्यक्तियों के बीच जी जाने वाली अनुभूति भी है।

इस प्रसंग को पढ़ते हुए यह भी ध्यान रखना आवश्यक है कि उर्वशी ख़ुद विरोधाभासों से मुक्त नहीं है। वह स्वर्ग की अप्सरा है, लेकिन पृथ्वी पर मानवीय प्रेम का अनुभव करना चाहती है। उसकी पहचान में भी दो संसार मौजूद हैं। एक ओर उसकी दिव्य सत्ता है, दूसरी ओर मनुष्य की तरह प्रेम करने और प्रेम पाने की इच्छा। वह अमरता की दुनिया से आती है, लेकिन समय और शरीर से जुड़े अनुभवों में भाग लेना चाहती है। इस अर्थ में विभाजन केवल पुरुरवा के भीतर नहीं है। उर्वशी भी अपनी पुरानी पहचान और नई आकांक्षा के बीच रास्ता खोज रही है। अन्तर यह है कि वह मानवीय अनुभव में उतरना चाहती है, जबकि पुरुरवा मानवीय अनुभव से किसी दिव्य स्थिति की ओर बढ़ने का प्रयास करता है। एक के लिए शरीर में उतरना जीवन को अधिक गहराई से जानने का रास्ता है, दूसरे के लिए शरीर से आगे जाना। दोनों की यह उलटी दिशा उनके सम्बन्ध को एक ऐसा तनाव देती है जिसे केवल व्यक्तिगत स्वभाव के अन्तर से नहीं समझा जा सकता।

इस स्थिति में उर्वशी की शिकायत को भावनात्मक अनुपस्थिति के अनुभव से भी जोड़ा जा सकता है। किसी सम्बन्ध में शारीरिक निकटता अपने आप मानसिक साझेदारी की गारंटी नहीं देती। व्यक्ति सामने उपस्थित होते हुए भी अपनी चिन्ताओं, कल्पनाओं और अपेक्षाओं में उलझा रह सकता है। आज के उत्तर-आधुनिक जीवन में कामकाज का दबाव, सामाजिक प्रतिस्पर्धा और डिजिटल संचार ऐसी अनुपस्थिति के नए कारण बन सकते हैं। लगातार बदलते सम्बन्धों और सूचनाओं के बीच व्यक्ति का ध्यान कई दिशाओं में बँटा रहता है। वह निकटता चाहता है, लेकिन अपनी स्वतंत्रता भी बनाए रखना चाहता है। वह स्थिर सम्बन्ध की अपेक्षा करता है, पर नई सम्भावनाओं का आकर्षण भी उसे प्रभावित करता है। ऐसी परिस्थितियों में भावनात्मक उपस्थिति एक कठिन चुनौती बन सकती है। लेकिन दिनकर की कविता का आशय इन समकालीन परिस्थितियों का पूर्वानुमान करना नहीं है। वह उस बुनियादी मानवीय प्रश्न को सामने लाती है जो अलग-अलग समयों में नए रूप ग्रहण करता है। क्या किसी व्यक्ति के साथ रहना और उसके साथ मानसिक रूप से उपस्थित होना एक ही बात है? उर्वशी का प्रश्न बताता है कि दोनों के बीच फ़र्क़ हो सकता है और यह फ़र्क़ प्रेम के अनुभव को प्रभावित करता है।

इस पूरे प्रसंग में दिनकर की उपलब्धि यह है कि वे मनुष्य के भीतर के विभाजन को केवल दुर्बलता के रूप में नहीं देखते। पुरुरवा की बेचैनी में उसकी सीमाएँ हैं, लेकिन उसी में उसकी जिज्ञासा और कल्पनाशीलता भी है। वह उपलब्ध अनुभव से आगे बढ़ना चाहता है। यह इच्छा उसे असन्तुष्ट करती है, पर उसी से उसके भीतर नए प्रश्न भी जन्म लेते हैं। दूसरी ओर, उर्वशी की दृष्टि इस खोज की मानवीय क़ीमत सामने लाती है। वह पूछती है कि किसी ऊँचे सत्य की तलाश में क्या हम उस व्यक्ति को भूल सकते हैं जो हमारे सामने मौजूद है और हमारे साथ अपना जीवन बाँटना चाहता है। इस प्रश्न का उत्तर केवल आध्यात्मिक दर्शन से नहीं मिलेगा। इसके लिए प्रेम के भीतर दूसरे व्यक्ति की स्वतंत्रता, संवेदना और भावनात्मक ज़रूरतों को भी समझना होगा।

इस विश्लेषण को ‘उर्वशी’ के व्यापक शिल्प से जोड़कर देखा जा सकता है। दिनकर की रचना केवल प्रेम के कुछ सुन्दर चित्रों या भावपूर्ण संवादों तक सीमित नहीं है। यह एक काव्य-नाटक है, इसलिए इसमें काव्यभाषा और नाटकीय संरचना दोनों काम करते हैं। पात्रों के संवाद कथा को आगे बढ़ाते हैं, लेकिन वे अपने विचारों और भावों के अन्तर को भी सामने लाते हैं। किसी पात्र का कथन दूसरे पात्र की प्रतिक्रिया के बाद नया अर्थ ग्रहण कर सकता है। कभी संवाद में भाव प्रधान रहता है, कभी तर्क और कभी कोई दार्शनिक सवाल। इस बदलाव से रचना में नाटकीय गति पैदा होती है।

शैलीविज्ञान की दृष्टि से संवादों का अध्ययन करते समय केवल यह देखना पर्याप्त नहीं कि पात्र क्या कहता है। यह भी देखना चाहिए कि वह किस तरह कहता है। प्रश्नवाचक वाक्य, निषेध, विस्मय, सम्बोधन, उपमा और रूपक संवाद के प्रभाव को अलग-अलग ढंग से आकार देते हैं। किसी प्रसंग में छोटा और सीधा कथन भाव को तीखा बना सकता है, जबकि किसी दूसरे प्रसंग में लम्बा कथन विचार को विस्तार देता है। दिनकर के काव्य-नाटक में भाव और विचार के अनुसार भाषा की गति बदलती है। यह परिवर्तन शिल्प का हिस्सा है, क्योंकि पात्र की मनःस्थिति केवल कथ्य से नहीं, उसकी अभिव्यक्ति के ढंग से भी सामने आती है।

इस नाटकीय संरचना में स्मृति और वर्तमान अनुभव का सम्बन्ध भी महत्त्वपूर्ण है। पात्र जब किसी बीती हुई घटना को याद करता है, तो वह केवल अतीत की सूचना नहीं देता। वह वर्तमान में उस घटना का अर्थ भी तय करता है। स्मरण के कारण पात्र का वर्तमान अनुभव एक नया रूप ग्रहण कर सकता है। इस तरह समय रचना में केवल घटनाओं के क्रम के रूप में नहीं, बल्कि चेतना के भीतर होने वाली प्रक्रिया के रूप में भी काम करता है। जेनेट की कथा-विषयक अवधारणाओं से इस बात को समझने में मदद मिलती है, लेकिन काव्य-नाटक की अपनी विशिष्टता को ध्यान में रखना भी ज़रूरी है।

मिथकीय कथा में स्वर्ग और पृथ्वी का अन्तर केवल दो स्थानों का अन्तर नहीं रहता। यह दो जीवन-स्थितियों, दो प्रकार के अनुभवों और दो अलग दृष्टियों के बीच सम्बन्ध बना सकता है। इसी तरह इच्छा और मर्यादा का अन्तर केवल एक नैतिक विरोध नहीं है। इन दोनों के बीच का तनाव पात्रों के निर्णयों और उनके सम्बन्धों को प्रभावित करता है। संरचनावादी पठन इन विरोधों को कविता की अर्थ-व्यवस्था का हिस्सा मानता है। लेकिन इसका उद्देश्य किसी एक पद को हमेशा श्रेष्ठ या दूसरे को हमेशा निम्न घोषित करना नहीं है। उद्देश्य यह समझना है कि इन पदों के बीच सम्बन्ध बनाकर कविता अपने विचारों को किस तरह आगे बढ़ाती है।

क्लोद लेवी-स्ट्रॉस (Claude Lévi-Strauss) ने मिथकों को केवल पुरानी कहानियों के रूप में नहीं देखा। उन्होंने यह समझने की कोशिश की कि उनके भीतर विरोधों, रूपान्तरणों और सम्बन्धों की कौन-सी व्यवस्था काम करती है। इस दृष्टि से ‘उर्वशी’ का मिथकीय आधार केवल कथानक का स्रोत नहीं है। वह रचना की संरचना और उसके सांस्कृतिक अर्थ का भी हिस्सा है।

दिनकर प्राचीन कथा को आधुनिक काव्य-रचना में रखते हैं। इस प्रक्रिया में मिथक के पात्र और घटनाएँ नये प्रश्नों से जुड़ते हैं। पाठक एक ओर पुरानी कथा की स्मृति पहचानता है, दूसरी ओर उसके नये रूप को समझता है। इस मेल से रचना में दो समय एक साथ सक्रिय रहते हैं। मिथक अतीत से सम्बन्ध बनाए रखता है, लेकिन वर्तमान की संवेदना के साथ जुड़कर नये अर्थ भी ग्रहण करता है। यह रूपान्तरण केवल कथ्य में नहीं होता। भाषा, संवाद और बिम्बों की व्यवस्था में भी दिखाई देता है।

‘नानापुराणनिगमागमसम्मत’ कहे गये ‘रामचरितमानस’ को अगर प्रमाण मानें तो ज़ाहिर है कि बड़े से बड़े कवि द्वारा रचित कोई पाठ पूरी तरह अकेले नहीं बनता। उसके भीतर पहले से मौजूद पाठों, सांस्कृतिक धारणाओं और भाषिक परम्पराओं के संकेत सक्रिय रहते हैं। ‘उर्वशी’ में प्राचीन मिथक, कालिदास के ‘विक्रमोर्वशीयम्’ सरीखे संस्कृत काव्य, रवीन्द्रनाथ के ‘चित्रा’ संग्रह में शामिल ‘उर्वशी’ कविता की बिम्ब-परम्परा और आधुनिक हिन्दी की अभिव्यक्ति एक-दूसरे से मिलती हैं। दिनकर इन स्रोतों को केवल दोहराते नहीं, बल्कि नये प्रसंगों में रखकर उनकी अभिव्यक्ति और उनके अर्थ बदलते हैं।

‘आरती की ज्योति’ वाले काव्यांश में भी सांस्कृतिक संकेत का ऐसा रूपान्तरण दिखाई देता है। ‘आरती’ का शब्द धार्मिक अनुष्ठान की स्मृति जगाता है, लेकिन कविता उसे प्रेम के निजी अनुभव के साथ जोड़ देती है। इस मेल से आरती का संकेत केवल पूजा की क्रिया तक सीमित नहीं रहता। वह प्रिय के रूप के प्रति एकाग्रता और उसे अपने भीतर सँजोने की इच्छा के साथ जुड़ जाता है। इस तरह एक सांस्कृतिक संकेत नये काव्यात्मक प्रसंग में प्रवेश करके अलग अर्थ ग्रहण करता है। यह अन्तर्पाठीयता का एक उदाहरण है, क्योंकि कविता पुराने सांस्कृतिक अर्थ को मिटाए बिना उसे नये सम्बन्ध में रखती है।

इतना ही नहीं, ‘उर्वशी’ में मिथकीय संकेत, प्राकृतिक बिम्ब, भावात्मक कथन और दार्शनिक विचार एक साथ काम करते हैं। इनमें से कोई एक तत्त्व अकेले पूरी रचना का अर्थ तय नहीं करता। उसका प्रभाव इस बात पर निर्भर करता है कि वह दूसरे तत्त्वों के साथ किस तरह जुड़ता है।

रोलाँ बार्थ (Roland Barthes) के निबन्ध ‘द डेथ ऑफ़ द ऑथर’ में तर्क प्रस्तुत किया गया है कि किसी रचना का अर्थ केवल लेखक की घोषित मंशा से तय नहीं होता। भाषा और संस्कृति में पहले से मौजूद संकेत पाठक के लिए अर्थ की कई सम्भावनाएँ खोल सकते हैं। ‘उर्वशी’ को पढ़ते समय कोई पाठक किसी बिम्ब को परम्परागत काव्य-संकेत के रूप में ग्रहण कर सकता है, जबकि दूसरा पाठक उसी बिम्ब में आधुनिक अनुभव की कोई नयी सम्भावना देख सकता है। फिर भी हर व्याख्या को पाठ के शब्दों, संरचना और प्रसंग से प्रमाणित करना होगा। अर्थ की बहुलता का मतलब मनमानी व्याख्या की छूट नहीं है।

उत्तर-संरचनावादी आलोचना के मान्य स्तंभ देरिदा भाषा में अर्थ की स्थिरता और किसी एक अन्तिम आधार की धारणा पर सवाल उठाते हैं। उनकी ‘डिफ़रांस’ (Différance) की अवधारणा इस बात की ओर संकेत करती है कि अर्थ दूसरे संकेतों से अन्तर और सम्बन्ध बनाते हुए आगे बढ़ता है। किसी शब्द का अर्थ समझने के लिए हमें उसके आसपास के शब्दों और प्रसंगों को भी देखना पड़ता है। इस प्रक्रिया में अर्थ खुलता है, लेकिन उसे एक ही परिभाषा में पूरी तरह बन्द करना कठिन हो जाता है।

‘उर्वशी’ के शिल्प पर इस मंतव्य का विनियोग करते हुए यह देखना होगा कि कविता के बिम्ब किसी एक निश्चित अर्थ पर रुकते हैं या नये सम्बन्धों की सम्भावना भी पैदा करते हैं। ‘रूप के उद्गम अगम का रूप गुनता हूँ’ में वक्ता रूप के मूल को समझना चाहता है, लेकिन ‘अगम’ उस खोज की सीमा सामने रखता है। इसी तरह ‘मैं तुम्हारे रंग का संगीत सुनता हूँ’ में रंग और संगीत का सम्बन्ध किसी एक इन्द्रियगत अनुभव से नहीं समझाया जा सकता। पाठक को इन शब्दों के बीच बनने वाले नये सम्बन्ध को ग्रहण करना पड़ता है। कविता अर्थ को स्पष्ट करने के साथ ही उसके विस्तार की सम्भावना भी बनाए रखती है।

इस पूरे विश्लेषण में एक बात साफ़ होती है कि ‘उर्वशी’ का शिल्प-सौन्दर्य केवल उसके अलंकारों या संस्कृतनिष्ठ शब्दावली में नहीं है। उसकी विशिष्टता शब्दों के चुनाव, बिम्बों के क्रम, संवेदनाओं के मेल, संवादों की गति और अर्थगत विरोधों के संगठन में है। दिनकर अमूर्त भावों को मूर्त बिम्ब देते हैं, लेकिन बिम्बों को किसी एक अर्थ में बन्द नहीं करते। वे पात्रों के अनुभव को भाषा में आकार देते हैं, पर भाषा को केवल विचार पहुँचाने का साधन भी नहीं बनाते। शब्दों की ध्वनि, उनका क्रम और उनके बीच का सम्बन्ध स्वयं काव्यात्मक अनुभव रचता है।

यह काव्यांश ‘उर्वशी’ के शिल्प का एक ख़ास पहलू को सामने लाता है और पूरे काव्य-नाटक में संवाद, कथानक, मिथकीय संरचना, भावात्मक उतार-चढ़ाव और दार्शनिक विचार भी अपनी अलग भूमिका निभाते हैं। आधुनिक शैलीविज्ञान, संरचनावाद और उत्तर-संरचनावाद को साथ रखकर पढ़ने का लाभ यही है कि कविता के अलग-अलग स्तर एक-दूसरे से जुड़ते दिखाई देते हैं। इस दृष्टि से ‘उर्वशी’ का शिल्प एक ऐसी रचनात्मक व्यवस्था है जिसमें भाषा अनुभव को व्यक्त भी करती है और उसे नया रूप भी देती है। बिम्ब अर्थ को स्पष्ट करते हैं, लेकिन साथ ही नयी व्याख्याओं की गुंजाइश भी छोड़ते हैं। संवाद विचारों को सामने लाते हैं, लेकिन उनके बीच के तनाव को हमेशा समाप्त नहीं करते। मिथकीय संकेत परम्परा से सम्बन्ध बनाए रखते हैं, लेकिन नये प्रसंगों में प्रवेश करके नये अर्थ ग्रहण करते हैं। दिनकर की काव्यभाषा की कलात्मकता इसी प्रक्रिया में दिखाई देती है। यहाँ शिल्प कथ्य के ऊपर चढ़ी हुई सजावट नहीं, बल्कि वह माध्यम है जिसके भीतर कविता का अनुभव आकार लेता है और अपने अर्थों को लगातार खोलता रहता है।


सन्दर्भ

दिनकर,रामधारी सिंह. ‘उर्वशी’.भारतीय ज्ञानपीठ .1961

https://hindi-kavita.com/HindiUrvashiDinkar.php#Urvashi3

अन्य ग्रन्थ

Abhinavagupta. Abhinavabhāratī: Commentary on the Nāṭyaśāstra of Bharata. Edited by Manavalli Ramakrishna Kavi, Gaekwad’s Oriental Series, Oriental Institute, 1926–1934.

Abhinavagupta. Dhvanyālokalocana. The Dhvanyāloka of Ānandavardhana with the Locana of Abhinavagupta, translated by Daniel H. H. Ingalls, Jeffrey Moussaieff Masson, and M. V. Patwardhan, Harvard UP, 1990.

Anandavardhana. The Dhvanyāloka of Ānandavardhana with the Locana of Abhinavagupta. Translated by Daniel H. H. Ingalls, Jeffrey Moussaieff Masson, and M. V. Patwardhan, Harvard UP, 1990.

Aurobindo, Sri. Savitri: A Legend and a Symbol. Sri Aurobindo Ashram, 1997.

Barthes, Roland. “The Death of the Author.” Image-Music-Text, translated by Stephen Heath, Hill and Wang, 1977, pp. 142–48.

Beauvoir, Simone de. The Second Sex. Translated by Constance Borde and Sheila Malovany-Chevallier, Vintage Books, 2011.

Benjamin, Jessica. The Bonds of Love: Psychoanalysis, Feminism, and the Problem of Domination. Pantheon Books, 1988.

Bharata Muni. The Nāṭyaśāstra: A Treatise on Hindu Dramaturgy and Histrionics. Translated by Manomohan Ghosh, 2 vols., Asiatic Society, 1950–1967.

Derrida, Jacques. Of Grammatology. Translated by Gayatri Chakravorty Spivak, Johns Hopkins UP, 1976.

Derrida, Jacques. “Différance.” Margins of Philosophy, translated by Alan Bass, U of Chicago P, 1982, pp. 1–27.

Freud, Sigmund. Introductory Lectures on Psycho-Analysis. Translated and edited by James Strachey, W. W. Norton, 1966.

Freud, Sigmund. The Ego and the Id. Translated by Joan Riviere, Hogarth Press, 1927.

Gadamer, Hans-Georg. Truth and Method. 2nd revised ed., translated by Joel Weinsheimer and Donald G. Marshall, Continuum, 2004.

Genette, Gérard. Narrative Discourse: An Essay in Method. Translated by Jane E. Lewin, Cornell UP, 1980.

Gergen, Kenneth J. The Saturated Self: Dilemmas of Identity in Contemporary Life. Basic Books, 1991.

Jakobson, Roman. “Linguistics and Poetics.” Style in Language, edited by Thomas A. Sebeok, MIT Press, 1960, pp. 350–77.

Kant, Immanuel. Critique of the Power of Judgment. Translated by Paul Guyer and Eric Matthews, Cambridge UP, 2000.

Kristeva, Julia. Desire in Language: A Semiotic Approach to Literature and Art. Edited by Leon S. Roudiez, translated by Thomas Gora, Alice Jardine, and Leon S. Roudiez, Columbia UP, 1980.

Lacan, Jacques. Écrits: The First Complete Edition in English. Translated by Bruce Fink, W. W. Norton, 2006.

Cambridge University Press+1

Lacan, Jacques. The Seminar of Jacques Lacan, Book XI: The Four Fundamental Concepts of Psychoanalysis. Edited by Jacques-Alain Miller, translated by Alan Sheridan, W. W. Norton, 1981.

Lévi-Strauss, Claude. Structural Anthropology. Translated by Claire Jacobson and Brooke Grundfest Schoepf, Basic Books, 1963.

Merleau-Ponty, Maurice. “Eye and Mind.” The Primacy of Perception: And Other Essays on Phenomenological Psychology, the Philosophy of Art, History and Politics, edited by James M. Edie, translated by Carleton Dallery, Northwestern UP, 1964, pp. 159–90.

Mukařovský, Jan. “Aesthetic Function, Norm and Value as Social Facts.” Structure, Sign, and Function: Selected Essays, translated and edited by John Burbank and Peter Steiner, Yale UP, 1978.

Prasad, Jaishankar. Kamayani. Bharati Bhandar, 1936.

Saussure, Ferdinand de. Course in General Linguistics. Edited by Charles Bally and Albert Sechehaye, translated by Wade Baskin, Philosophical Library, 1959.

Shklovsky, Viktor. Theory of Prose. Translated by Benjamin Sher, Dalkey Archive Press, 1990.

Winnicott, D. W. The Maturational Processes and the Facilitating Environment: Studies in the Theory of Emotional Development. Hogarth Press and the Institute of Psycho-Analysis, 1965.

Winnicott, D. W. Playing and Reality. Tavistock Publications, 1971.

रवि रंजन  

जन्म :  1962, मुज़फ्फ़रपुर,बिहार

शिक्षा :   पी-एच.डी.

रूचि के क्षेत्र :  भक्तिकाव्य,  आधुनिक हिन्दी कविता,  आलोचना,  साहित्य का समाजशास्त्र,

प्रकाशित कृतियाँ :   ‘नवगीत का विकास और राजेंद्र प्रसाद सिंह’, ‘प्रगतिवादी कविता में वस्तु और रूप’,  ‘सृजन और समीक्षा:विविध आयाम’, ‘भक्तिकाव्य का समाजशास्त्र पदमावत’, ‘अनमिल आखर’ , ‘आलोचना का आत्मसंघर्ष’ (सं) वाणी प्रकाशन,दिल्ली (2011),  ‘साहित्य का समाजशास्त्र और सौंदर्यशास्त्र: व्यावहारिक परिदृश्य’ (2012),वाणी प्रकाशन, ‘वारसा डायरी’(2022), ‘लोकप्रिय हिन्दी कविता का समाजशास्त्र’(2026), वाणी प्रकाशन, दिल्ली

विभिन्न साहित्यिक पत्र-पत्रिकाओं में हिन्दी एवं अंग्रेज़ी में सौ से अधिक आलेख प्रकाशित.

राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में भागीदारी.

‘वारसा डायरी’ के लिए ‘जयपुर साहित्य सम्मान  (2023)

प्रतिनियुक्ति : 2005 से 2008 तक सेंटर फॉर इंडिया स्टडीज़, पेकिंग विश्वविद्यालय,बीजिंग एवं नवम्बर 2015 से सितम्बर 2018 तक वारसा विश्वविद्यालय,पोलैंड में भारतीय सांस्कृतिक सम्बन्ध परिषद् द्वारा स्थापित पीठ (चेयर) पर विजिटिंग प्रोफ़ेसर

प्रोफ़ेसर एवं पूर्व-अध्यक्ष (सेवा निवृत्त), हिन्दी विभाग, मानविकी संकाय, हैदराबाद केन्द्रीय विश्वविद्यालय, हैदराबाद  ई.मेल. :  raviranjan@uohyd.ac.in मो.9000606742

 

 

 

 

 

 


Discover more from रचना समय

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Categorized in: