आज आलोचना जब ठण्डी पड़ी है , कुछ ही आलोचक हैं जो धुन के स्तर पर पर सक्रिय हैं। प्रो. रवि रंजन इनमें प्रमुख हैं। अशोक वाजपेयी हों या केदारनाथ सिंह, कुमार विकल हों या वेणु गोपाल, राजेश जोशी हों या अरुणकमल, मंगलेश डबराल ,लीलाधर मण्डलोई – सबकी काव्य – चेतना को आपने नए अर्थ दिए। कहानी जो आपकी रुचि से कोसों दूर थी, उस पर भी आपने लौहो- क़लम चला दी। हमारे लिए यह सुखकर विषय है।
रवि रंजन साहब की ख़ासियत है कि वे रचना का ज्ञान – विज्ञान के बहुत सारे पाठों से भिड़ंत करते हैं। भिड़ंत से ही समझ में आता है कि रचना में कितनी कूवत है।
यहां भी रवि रंजन साहब की भिड़ंत देखने लायक है। इस बार श्रीप्रकाश शुक्ल की कविता उनके हत्थे चढ़ी है।
पाठकों से अनुरोध है , इस भिड़ंत को मिस न करें।
हरि भटनागर।

सांस्कृतिक स्मृति का नैतिक आलोक : श्रीप्रकाश शुक्ल की गुरु के नामकविता का पुनर्पाठ

  रवि रंजन

समकालीन हिंदी साहित्य परिदृश्य में श्रीप्रकाश शुक्ल एक ऐसे विशिष्ट कवि हैं, जो अपनी सजग काव्यात्मक दृष्टि और प्रखर आलोचनात्मक चेतना के कारण जाने जाते हैं । उनके लेखन की सबसे बड़ी खूबी यह है कि उसमें परंपरा की गहरी समझ के साथ-साथ समकालीन सामाजिक परिवेश के प्रति एक तीव्र संवेदनशीलता साफ दिखाई देती है। भारतीय काव्यशास्त्र के शास्त्रीय बोध और लोक-संस्कृति के जीवंत तत्वों के अनूठे समन्वय ने उनके सृजनात्मक संसार को बहुआयामी और वैचारिक रूप से बेहद समृद्ध किया है।

एक कवि के रूप में उन्होंने हिंदी जगत को ‘अपनी तरह के लोग’, ‘जहाँ सब शहर नहीं होता’, ‘बोली बात’, ‘रेत में आकृतियाँ’, ‘ओरहन और अन्य कविताएँ’, ‘कवि ने कहा’ एवं ‘क्षीरसागर में नींद’ जैसे उल्लेखनीय कविता संग्रह दिए हैं, जो मानवीय सरोकारों को गहराई से रेखांकित करते हैं। कविता के समानांतर आलोचना के क्षेत्र में भी उनका काम उतना ही ठोस है, जिसे उन्होंने ‘साठोत्तरी हिंदी कविता में लोक सौंदर्य’ और ‘नामवर की धरती’ जैसी गंभीर कृतियों के माध्यम से साबित किया है। इसके अलावा, साहित्यिक पत्रकारिता के स्तर को ऊँचा उठाते हुए उन्होंने ‘परिचय’ पत्रिका के संपादक के रूप में भी एक महत्त्वपूर्ण और महती भूमिका निभाई है।

भारतीय समाज की सांस्कृतिक संरचना केवल आधिकारिक इतिहास, अभिलेखों और संस्थागत ज्ञान-व्यवस्थाओं से निर्मित नहीं हुई है। इसके निर्माण में लोकस्मृतियों, संत परंपराओं, सामूहिक अनुभवों और पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरित नैतिक-सांस्कृतिक मूल्यों की भी निर्णायक भूमिका रही है। विशेष रूप से वे समुदाय, जिन्हें सामाजिक शक्ति-संरचनाओं ने लंबे समय तक हाशिये पर रखा, अपनी ऐतिहासिक उपस्थिति और आत्मसम्मान को प्रायः स्मृति, लोककथा, संतवाणी और सांस्कृतिक परंपराओं के माध्यम से ही सुरक्षित रख सके। इस अर्थ में स्मृति केवल अतीत का संग्रह नहीं है; वह सामाजिक अस्तित्व, सांस्कृतिक अस्मिता और प्रतिरोध की सक्रिय शक्ति भी है। वह उन अनुभवों को संरक्षित करती है जिन्हें प्रभुत्वशाली इतिहास-लेखन प्रायः पर्याप्त स्थान नहीं देता। इसी कारण स्मृति का प्रश्न समाजशास्त्रीय दृष्टि से केवल अतीत को याद करने का प्रश्न नहीं, बल्कि इस बात का प्रश्न भी है कि किसी समाज में कौन-सी आवाज़ें सुनी जाती हैं, कौन-सी चुप करा दी जाती हैं, और किन अनुभवों को सांस्कृतिक मान्यता प्राप्त होती है।

भारत में संत परंपरा, विशेषकर निर्गुण भक्ति धारा, ऐसी ही सांस्कृतिक स्मृतियों का एक महत्त्वपूर्ण स्रोत रही है। कबीर, रविदास, दादू, नानक और अन्य संत कवियों ने धर्म, जाति और सामाजिक पदानुक्रम से संचालित उस व्यवस्था के विरुद्ध अपनी आवाज़ उठाई जिसमें मनुष्य की गरिमा को जन्माधारित श्रेणियों में बाँट दिया गया था। इन संतों का महत्त्व केवल उनके आध्यात्मिक चिंतन में नहीं, बल्कि इस तथ्य में भी निहित है कि उन्होंने सामाजिक अनुभव को ज्ञान का आधार बनाया और मनुष्यता को धार्मिक तथा जातिगत वर्चस्व से ऊपर स्थापित करने का प्रयास किया। इस दृष्टि से संत परंपरा भारतीय समाज की वैकल्पिक नैतिक चेतना का निर्माण करती है। यह चेतना सामाजिक संबंधों को करुणा, समानता, श्रम-सम्मान और मानवीय गरिमा के आधार पर पुनर्परिभाषित करने की आकांक्षा से संचालित होती है।

संत रविदास इस परंपरा के ऐसे प्रतिनिधि व्यक्तित्व हैं जिनका जीवन और काव्य सामाजिक बहिष्कार के अनुभव तथा मानवीय समानता के स्वप्न, दोनों को एक साथ अभिव्यक्त करता है। उन्होंने जाति-आधारित हीनता को अस्वीकार करते हुए मनुष्य की प्रतिष्ठा को उसके कर्म, अनुभव और नैतिक आचरण से जोड़ा। उनका ‘बेगमपुर’ केवल धार्मिक मुक्ति का रूपक नहीं, बल्कि ऐसे समाज की कल्पना है जहाँ भय, अपमान, असमानता और वर्चस्व का स्थान न हो। यही कारण है कि रविदास की स्मृति आज भी विभिन्न सामाजिक समूहों के लिए प्रेरणा, आत्मसम्मान और प्रतिरोध का स्रोत बनी हुई है। वे इतिहास के किसी समाप्त अध्याय का हिस्सा नहीं हैं; वे निरंतर पुनर्पाठ और पुनर्स्मरण की प्रक्रिया के माध्यम से वर्तमान में सक्रिय बने रहते हैं।

समकालीन भारतीय समाज में, जहाँ एक ओर लोकतांत्रिक मूल्यों का विस्तार हुआ है और दूसरी ओर जाति, सामाजिक विषमता तथा सांस्कृतिक वर्चस्व के अनेक रूप अब भी मौजूद हैं, संत रविदास की स्मृति नए अर्थों में प्रासंगिक हो उठती है। ऐसे समय में साहित्य केवल सौन्दर्यात्मक अनुभव का माध्यम नहीं रह जाता, बल्कि वह सांस्कृतिक स्मृति और सामाजिक आलोचना के बीच संवाद स्थापित करने वाला क्षेत्र भी बन जाता है। कविता विशेष रूप से इस कार्य को इसलिए संभव बनाती है क्योंकि वह इतिहास को तथ्यों के रूप में नहीं, बल्कि मानवीय अनुभवों, भावनाओं और नैतिक प्रश्नों के रूप में पुनर्स्थापित करती है। वह अतीत को वर्तमान से जोड़ती है और स्मृति को जीवित सामाजिक ऊर्जा में रूपांतरित करती है।

श्रीप्रकाश शुक्ल की कविता ‘गुरु के नाम’ इसी परिप्रेक्ष्य में विचारणीय है। यह कविता संत रविदास का स्मरण करते हुए केवल श्रद्धा व्यक्त नहीं करती, बल्कि उनकी सांस्कृतिक और नैतिक विरासत को समकालीन सामाजिक यथार्थ के भीतर पुनर्स्थापित करती है। कविता में रविदास किसी पूजनीय मूर्ति या दूरस्थ ऐतिहासिक व्यक्तित्व की तरह उपस्थित नहीं हैं; वे करुणा, प्रतिरोध, श्रम-सम्मान, सामाजिक न्याय और सत्यनिष्ठ जीवन के प्रतीक के रूप में कवि की चेतना में सक्रिय हैं। उनकी स्मृति कवि के लिए नैतिक आलोक का स्रोत बनती है, जिसके सहारे वह अपने समय के अंधकार, अन्याय और विडंबनाओं को पहचानता है। इस प्रकार कविता स्मृति को निष्क्रिय स्मरण के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक हस्तक्षेप और सांस्कृतिक प्रतिरोध की शक्ति के रूप में रूपायित करती है।

‘गुरु के नाम’ का महत्त्व इस बात में भी निहित है कि इसके रचनाकार संत रविदास की परंपरा से सिर्फ़ भावनात्मक रूप से जुड़े हुए कवि नहीं हैं, बल्कि उन्होंने भक्ति आन्दोलन, निर्गुण संत परंपरा और रविदास की सामाजिक दृष्टि पर गंभीर वैचारिक कार्य भी किया है जो “भक्ति का लोकवृत्त और रविदास की कविताई’ शीर्षक से पुस्तकाकार प्रकाशित है। फलतः इस कविता में संवेदना और विचार, अनुभव और अध्ययन, श्रद्धा और आलोचनात्मक विवेक का एक सघन संयोजन दिखाई देता है। मुक्तिबोध के शब्दों में कहें तो यहाँ ‘संवेदनात्मक ज्ञान’ और ‘ज्ञानात्मक संवेदन’ का ऐसा रूप उपस्थित है जिसमें सांस्कृतिक स्मृति केवल भावुक स्मरण नहीं रह जाती, बल्कि सामाजिक आत्मचेतना का माध्यम बन जाती है।

इसी संदर्भ में ‘गुरु के नाम’ का पुनर्पाठ हमें यह समझने का अवसर देता है कि सांस्कृतिक स्मृतियाँ किस प्रकार नैतिक दृष्टि का निर्माण करती हैं, ऐतिहासिक रूप से उपेक्षित आवाज़ों को वर्तमान में पुनः प्रतिष्ठित करती हैं और सामाजिक न्याय की आकांक्षा को जीवित रखती हैं। कविता के भीतर संत रविदास की उपस्थिति अतीत की विरासत भर नहीं है; वह वर्तमान समाज के लिए एक नैतिक चुनौती और एक मानवीय संभावना दोनों है। यही कारण है कि इस कविता को सांस्कृतिक स्मृति के नैतिक आलोक में पढ़ना केवल साहित्यिक उपक्रम नहीं, बल्कि समाज, इतिहास, अस्मिता और प्रतिरोध के अंतर्संबंधों को समझने की एक सार्थक बौद्धिक प्रक्रिया भी है।

कविता का मूल पाठ नीचे दिया जा रहा है :

गुरु के नाम

(संत रविदास के लिए)

नाम की आरती से जीवन को दीपित करते हुए

चन्दन की शीतल व मुलायम भाषा में

जगत की उष्णता को शिथिल करते

तुम्हारी गुरु कृपा में एक छायामय जगह पाई है

 

कि जगत की जागृति के लिए

संकल्प की डगर पर दौड़ते हुए

पीड़ा बहुत भाई है

 

तुम्हारी वेदना के धागे में

धरती को सिलते हुए देखा है

और करुणा के कपड़े में लिपटी हुई तुम्हारी आभा में

जीवन विवेक को अँखुआते हुए पाया है

ओ महाकाश!

धर्म और जाति के पाखंड से थरथराती हुई धरा पर

तमाम झुठलाती हुई बहुलताओं के बीच

जिन कसकती हुई कराहों को सुन सका हूँ

उसमें पूरी ताकत से व्यवस्था से लड़ते हुए

कुछ कह सका हूँ

कि तुम्हारी ही तरह

सच के साथ जी सका हूँ!

तुम्हारे माथे पर उभरी लकीरों के बीच

उन गठरियों में उलझी हुई साँसों को सुन सका हूँ

जो धरती को नापने निकली थीं

और आकाश के सन्नाटे में कहीं खो गईं

तुम्हारे जूते के तल्ले से आज भी उठती है एक धूल

कि माथे से लगाते हुए इसे हवा में लहराता हूँ

और एक सम्मुख आकृति को देखकर मुदित हो जाता हूँ

कि डरे हुए ईश्वर के एकांतवास के बीच तुम हो कहीं

मेरे पास ही यहीं!

जगत में बहुत सन्नाटा है

देह है कि विषाणुओं से भरी हुई है

और तुम हो कि बेगमपुर शहर की उम्मीद लिये

सदा जीवित हो मेरे भीतर

भीतर के मेरे समस्त अन्धकार को प्रकाशित करते हुए !

श्रीप्रकाश शुक्ल : झुकना किसी को रोपना है’, पृ.185-186

‘गुरु के नाम’ संत रविदास को संबोधित कविता एक भावुक श्रद्धांजलि मात्र नहीं है, बल्कि उनके विचारों, संघर्षों और मानवीय दृष्टि के साथ कवि के आत्मिक संवाद का सशक्त सांस्कृतिक दस्तावेज़ भी है। यह कविता गुरु-भक्ति की पारंपरिक अवधारणा को एक व्यापक सामाजिक और मानवीय अर्थ देती है। यहाँ गुरु कोई अलौकिक सत्ता नहीं, बल्कि ऐसा ऐतिहासिक और वैचारिक व्यक्तित्व है जिसकी चेतना आज भी समाज को दिशा देने में सक्षम है। कविता में संत रविदास की उपस्थिति एक जीवित नैतिक शक्ति के रूप में है, जो कवि के भीतर और उसके समय के संकटों के बीच लगातार सक्रिय बनी हुई है।

कविता की आरंभिक पंक्तियाँ—“नाम की आरती से जीवन को दीपित करते हुए / चन्दन की शीतल व मुलायम भाषा में”—संत रविदास के व्यक्तित्व की उस आध्यात्मिक आभा को उद्घाटित करती हैं, जो किसी कर्मकांड से नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और आत्मिक प्रकाश से निर्मित होती है। ‘नाम की आरती’ यहाँ भक्ति का प्रतीक होने के साथ-साथ आत्मज्ञान का भी संकेत है। वहीं ‘चन्दन की शीतल व मुलायम भाषा’ रविदास की वाणी की करुणामय, सौम्य और लोकहितकारी प्रकृति को व्यक्त करती है। संसार की ‘उष्णता’ अर्थात् द्वेष, अन्याय और संघर्ष को उनकी भाषा शिथिल करती है। कवि को उनकी कृपा में ‘एक छायामय जगह’ मिलती है, जो जीवन की कठोरताओं के बीच आश्रय और संतुलन का बोध कराती है।

कवि संत रविदास को केवल आध्यात्मिक गुरु के रूप में नहीं देखता, बल्कि उन्हें सामाजिक जागरण के योद्धा के रूप में भी पहचानता है। “जगत की जागृति के लिए / संकल्प की डगर पर दौड़ते हुए / पीड़ा बहुत भाई है”—इन पंक्तियों में परिवर्तनकारी संघर्ष की कठिन प्रक्रिया और उससे जुड़ी यातनाओं का उल्लेख है। यहाँ ‘पीड़ा’ केवल व्यक्तिगत अनुभव नहीं, बल्कि सामाजिक अन्याय को बदलने की कोशिश में मिलने वाला ऐतिहासिक कष्ट है। संत रविदास का जीवन इसी पीड़ा और प्रतिरोध का पर्याय रहा है, जिसे कवि अपने समय के संदर्भ में पुनः अनुभव करता है।

कविता का एक अत्यंत प्रभावशाली बिंब है—“तुम्हारी वेदना के धागे में / धरती को सिलते हुए देखा है।” यह रूपक संत रविदास की मानवीय करुणा और समावेशी दृष्टि को अत्यंत सघन रूप में व्यक्त करता है। ‘धरती को सिलना’ विखंडित समाज को जोड़ने का कार्य है, और यह कार्य ‘वेदना के धागे’ से सम्पन्न होता है। अर्थात् दूसरों के दुख को अनुभव करने की क्षमता ही समाज को एकसूत्र में बाँध सकती है। इसी क्रम में ‘करुणा के कपड़े में लिपटी हुई तुम्हारी आभा’ का बिंब रविदास के व्यक्तित्व को करुणा, प्रेम और विवेक के सम्मिश्रण के रूप में प्रस्तुत करता है। उनकी उपस्थिति में कवि ‘जीवन विवेक’ को अंकुरित होते हुए पाता है। यहाँ विवेक किसी दार्शनिक ज्ञान का परिणाम नहीं, बल्कि करुणा से उपजा नैतिक बोध है।

कविता का मध्य भाग संत रविदास की वैचारिक प्रासंगिकता को वर्तमान सामाजिक यथार्थ से जोड़ता है। कवि उन्हें ‘महाकाश’ कहकर संबोधित करता है। यह संबोधन उनकी विराटता और कालातीतता का द्योतक है। “धर्म और जाति के पाखंड से थरथराती हुई धरा” वर्तमान समाज की उस विडंबना को रेखांकित करती है जहाँ धार्मिकता और जातीय श्रेष्ठता के नाम पर मनुष्यता संकटग्रस्त है। ‘झुठलाती हुई बहुलताएँ’ उस सामाजिक संरचना की ओर संकेत करती हैं जो विविधता का दावा तो करती है, पर व्यवहार में उसे नकारती रहती है। ऐसी स्थिति में कवि उन ‘कसकती हुई कराहों’ को सुनने की बात करता है जो शोषित और उपेक्षित वर्गों की आवाज़ हैं। संत रविदास की प्रेरणा से वह व्यवस्था से संघर्ष करने और सच के साथ जीने का साहस प्राप्त करता है। यह कविता को केवल स्मरण की रचना नहीं रहने देती, बल्कि उसे सामाजिक प्रतिरोध की कविता बना देती है।

“तुम्हारे माथे पर उभरी लकीरों के बीच / उन गठरियों में उलझी हुई साँसों को सुन सका हूँ”—इन पंक्तियों में श्रमशील जीवन की पीड़ा और इतिहास की अनकही त्रासदी व्यक्त हुई है। ‘गठरियों में उलझी हुई साँसें’ उन मेहनतकश मनुष्यों का प्रतीक हैं जिनका जीवन संघर्षों के बोझ तले दबा हुआ है। वे ‘धरती को नापने निकली थीं’, अर्थात् जीवन और श्रम की यात्रा पर थीं, किंतु ‘आकाश के सन्नाटे में कहीं खो गईं।’ यह बिंब उन असंख्य लोगों की विफल आकांक्षाओं और विस्मृत अस्तित्वों की ओर संकेत करता है जिन्हें इतिहास अक्सर दर्ज नहीं करता। संत रविदास की चेतना इन अनसुनी आवाज़ों को सुनने और समझने की क्षमता प्रदान करती है।

कविता के अंतिम हिस्से में संत रविदास की जातिगत पहचान और श्रम-संस्कृति को अत्यंत अर्थपूर्ण ढंग से रूपायित किया गया है। “तुम्हारे जूते के तल्ले से आज भी उठती है एक धूल”—यह पंक्ति विशेष रूप से उल्लेखनीय है। जूता बनाने वाले संत रविदास के श्रम को कवि श्रद्धा का विषय बनाता है। यह धूल साधारण धूल नहीं, बल्कि श्रम, संघर्ष और आत्मसम्मान की धूल है, जिसे कवि अपने माथे से लगाता है। यह क्रिया सामाजिक पदानुक्रम के विरुद्ध एक वैचारिक प्रतिरोध भी है। जिस श्रम को समाज ने कभी निम्न माना, कवि उसे पवित्रता और गौरव के स्तर पर प्रतिष्ठित करता है।

“डरे हुए ईश्वर के एकांतवास के बीच तुम हो कहीं”—यह पंक्ति कविता की वैचारिक तीक्ष्णता का उत्कृष्ट उदाहरण है। यहाँ ‘डरा हुआ ईश्वर’ उस धार्मिक व्यवस्था की आलोचना है जो मनुष्य से दूर, निष्क्रिय और आत्मरक्षा में संलग्न प्रतीत होती है। इसके विपरीत संत रविदास मनुष्यों के बीच उपस्थित हैं, संघर्षरत हैं और आशा का स्रोत हैं। इस प्रकार कविता ईश्वर की पारंपरिक अवधारणा की अपेक्षा मानवीय नैतिकता और सामाजिक न्याय को अधिक महत्त्व देती है।

अंतिम पंक्तियों में कविता समकालीन संदर्भ ग्रहण करती है—“देह है कि विषाणुओं से भरी हुई है।” यह केवल महामारी या शारीरिक रोग का संकेत नहीं, बल्कि सामाजिक, नैतिक और वैचारिक संक्रमणों का भी रूपक है। ऐसे अंधकारमय समय में संत रविदास का ‘बेगमपुर’ स्वप्न आशा और मुक्ति का प्रतीक बनकर उपस्थित होता है। बेगमपुर वह आदर्श समाज है जहाँ दुःख, भेदभाव और अन्याय का स्थान नहीं है। कवि अनुभव करता है कि संत रविदास उसके भीतर जीवित हैं और उसके समस्त अंधकार को प्रकाशित कर रहे हैं। इस प्रकार कविता का समापन बाहरी श्रद्धा पर नहीं, बल्कि भीतर सक्रिय नैतिक प्रकाश पर होता है।

समग्रतः ‘गुरु के नाम’ संत रविदास के व्यक्तित्व और विचारों की पुनर्व्याख्या करने वाली एक महत्त्वपूर्ण कविता है। इसमें भक्ति, करुणा, सामाजिक प्रतिरोध, श्रम की गरिमा, जाति-विरोधी चेतना और मानवीय समानता के स्वप्न का सुंदर समन्वय दिखाई देता है। कविता संत रविदास को इतिहास के किसी दूरस्थ संत के रूप में नहीं, बल्कि वर्तमान समय में सक्रिय और आवश्यक नैतिक उपस्थिति के रूप में स्थापित करती है। इसकी भाषा बिंबात्मक होते हुए भी आत्मीय है, और इसकी संवेदना व्यक्तिगत श्रद्धा से आगे बढ़कर व्यापक सामाजिक सरोकारों का रूप ग्रहण कर लेती है।

‘गुरु के नाम’ ऐसी कविता है जिस पर अनेक आलोचनात्मक दृष्टियों से गंभीर और बहुआयामी विचार-विमर्श संभव है। इसकी संरचना, संवेदना, वैचारिकता और प्रतीक-योजना इसे केवल श्रद्धांजलि-कविता नहीं रहने देती, बल्कि इसे सामाजिक, सांस्कृतिक, दार्शनिक और राजनीतिक विमर्शों का समृद्ध पाठ बना देती है।

‘गुरु के नाम’ का अम्बेडकरवादी पाठ हमें यह समझने का अवसर देता है कि यह कविता केवल संत रविदास के प्रति श्रद्धा व्यक्त नहीं करती, बल्कि भारतीय समाज की जातिगत संरचना के विरुद्ध एक गहन नैतिक और वैचारिक हस्तक्षेप भी करती है। कविता में उपस्थित संत रविदास का व्यक्तित्व भक्ति-परंपरा के संत से आगे बढ़कर सामाजिक न्याय, मानवीय गरिमा और समता के संघर्ष के प्रतीक के रूप में उभरता है। इसीलिए कविता को डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जाति-विरोधी चिंतनधारा के आलोक में पढ़ना अत्यंत सार्थक प्रतीत होता है।

डॉ. अम्बेडकर ने ‘जाति का विनाश’ में स्पष्ट किया था कि जाति केवल श्रम-विभाजन (division of labour) नहीं है, बल्कि श्रमिकों का विभाजन (division of labourers) है। यह ऐसी व्यवस्था है जो मनुष्यों को जन्म के आधार पर स्थायी खाँचों में बाँध देती है और उनकी सामाजिक गतिशीलता को असंभव बना देती है। अम्बेडकर ने वर्ण-व्यवस्था की तुलना एक ऐसी बहुमंजिली इमारत से की थी जिसमें अलग-अलग मंजिलों पर लोग रहते हैं, लेकिन उन मंजिलों को जोड़ने वाली कोई सीढ़ी नहीं है। कोई व्यक्ति चाहे जितना योग्य हो, वह अपनी मंजिल छोड़कर ऊपर नहीं जा सकता; और कोई व्यक्ति चाहे जितना अयोग्य हो, वह ऊपर से नीचे नहीं आता। यह स्थिर और जड़ सामाजिक संरचना ही जाति-व्यवस्था का सबसे क्रूर पक्ष है।

कविता में जब कवि “धर्म और जाति के पाखंड से थरथराती हुई धरा” की बात करता है, तब यह पंक्ति अम्बेडकर की उसी आलोचना की याद दिलाती है जिसके अनुसार जाति केवल सामाजिक संस्था नहीं, बल्कि धर्म द्वारा वैध ठहराई गई असमानता की संरचना है। अम्बेडकर के लिए जाति का प्रश्न केवल सामाजिक संबंधों का प्रश्न नहीं था; वह धार्मिक वैधता, सांस्कृतिक वर्चस्व और राजनीतिक शक्ति से भी जुड़ा हुआ था। कविता में ‘पाखंड’ शब्द इसी वैधता के संकट को उद्घाटित करता है। कवि यह संकेत करता है कि धर्म और जाति के नाम पर निर्मित व्यवस्था मनुष्यता को स्थिरता नहीं, बल्कि भय और कंपन से भर देती है।

अम्बेडकर की ‘ग्रेडेड इनइक्वलिटी’ अर्थात् ‘श्रेणीबद्ध असमानता’ की अवधारणा इस कविता को समझने में विशेष रूप से उपयोगी है। अम्बेडकर का तर्क था कि भारतीय समाज में असमानता केवल दो वर्गों—शोषक और शोषित—के बीच नहीं है, बल्कि अनेक स्तरों में विभाजित है। हर जाति अपने से नीचे वाली जाति को तुच्छ समझती है और अपने से ऊपर वाली जाति के सामने हीनता का अनुभव करती है। इस प्रकार पूरी व्यवस्था असमानता की परतों पर खड़ी होती है। कविता में बार-बार उपस्थित ‘कराहें’, ‘वेदना’, ‘गठरियों में उलझी हुई साँसें’ और ‘व्यवस्था से लड़ते हुए’ जैसे बिंब इसी व्यापक सामाजिक पीड़ा की ओर संकेत करते हैं। यहाँ दुःख किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उस ऐतिहासिक समुदाय का दुःख है जिसे श्रेणीबद्ध असमानता ने मनुष्यता के पूर्ण अधिकारों से वंचित रखा।

कविता का महत्त्वपूर्ण बिंदु है—“तुम्हारे जूते के तल्ले से आज भी उठती है एक धूल।” अम्बेडकरवादी दृष्टि से यह पंक्ति विशेष अर्थ ग्रहण करती है। भारतीय जाति-व्यवस्था में कुछ पेशों को ‘अशुद्ध’ और कुछ को ‘उच्च’ घोषित किया गया था। चर्मकारी का कार्य करने वाले समुदायों को सामाजिक अपमान और बहिष्कार का सामना करना पड़ा। संत रविदास इसी श्रम-संस्कृति से आते हैं। कविता में कवि उस ‘धूल’ को अपने माथे से लगाता है। यह केवल श्रद्धा का भाव नहीं है; यह जातिगत मूल्यों के उलटाव (inversion) का काव्यात्मक क्षण है। जिस श्रम को ब्राह्मणवादी व्यवस्था ने हीन बनाया, कवि उसे सम्मान और पवित्रता प्रदान करता है। यह अम्बेडकर के उस आग्रह से मेल खाता है जिसमें वे जन्माधारित श्रेष्ठता के स्थान पर मानव-गरिमा और श्रम की प्रतिष्ठा को स्थापित करना चाहते हैं।

कविता का एक और महत्त्वपूर्ण पक्ष यह है कि संत रविदास यहाँ केवल पीड़ा के साक्षी नहीं हैं, बल्कि प्रतिरोध की चेतना हैं। कवि कहता है कि “पूरी ताकत से व्यवस्था से लड़ते हुए / कुछ कह सका हूँ।” यह ‘व्यवस्था’ कोई अमूर्त सत्ता नहीं है; इसे अम्बेडकरवादी परिप्रेक्ष्य में जाति-आधारित सामाजिक संरचना के रूप में पढ़ा जा सकता है। अम्बेडकर ने बार-बार कहा था कि जाति का प्रश्न व्यक्तिगत नैतिकता से हल नहीं होगा, बल्कि सामाजिक संरचना के परिवर्तन से हल होगा। कविता में भी रविदास की स्मृति व्यक्ति को केवल सांत्वना नहीं देती, बल्कि अन्यायपूर्ण व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष का नैतिक साहस प्रदान करती है।

“तुम्हारी वेदना के धागे में / धरती को सिलते हुए देखा है”—यहाँ ‘धरती को सिलना’ अम्बेडकरवादी अर्थ में एक विखंडित समाज को पुनर्गठित करने की आकांक्षा के रूप में देखा जा सकता है। जाति-व्यवस्था समाज को असंख्य खंडों में बाँट देती है; वह बंधुत्व (fraternity) की संभावना को नष्ट करती है। अम्बेडकर के अनुसार स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व—ये तीनों मूल्य एक-दूसरे से अविभाज्य हैं। कविता में संत रविदास की करुणा और वेदना समाज को जोड़ने वाली शक्ति के रूप में उपस्थित है। यह वही बंधुत्व है जिसे अम्बेडकर लोकतांत्रिक जीवन का नैतिक आधार मानते थे।

कविता के अंतिम हिस्से में ‘बेगमपुर’ का उल्लेख अम्बेडकरवादी व्याख्या को और अधिक समृद्ध बनाता है। संत रविदास का ‘बेगमपुर’ एक ऐसे समाज का स्वप्न है जहाँ दुःख, कर, उत्पीड़न और सामाजिक भेदभाव नहीं है। यह स्वप्न अम्बेडकर की उस सामाजिक लोकतंत्र की अवधारणा से संवाद करता हुआ दिखाई देता है जिसमें मनुष्य को केवल कानूनी समानता ही नहीं, बल्कि वास्तविक सामाजिक सम्मान और अवसरों की समानता भी प्राप्त हो। ‘बेगमपुर’ को जाति-विहीन समाज की कल्पना के रूप में पढ़ा जा सकता है, ठीक वैसे ही जैसे अम्बेडकर ‘जाति का विनाश’ में जन्माधारित सामाजिक विभाजनों से मुक्त समाज की परिकल्पना करते हैं।

“डरे हुए ईश्वर के एकांतवास के बीच तुम हो कहीं”—इस पंक्ति का भी अम्बेडकरवादी अर्थ संभव है। अम्बेडकर ने धर्म को नैतिकता और मानव-मुक्ति से जोड़कर देखने का आग्रह किया था, न कि कर्मकांड और दैवी भय से। कविता में ईश्वर की अपेक्षा संत रविदास की उपस्थिति अधिक जीवंत और विश्वसनीय प्रतीत होती है। इससे यह संकेत मिलता है कि मनुष्य की मुक्ति किसी अलौकिक हस्तक्षेप से नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, नैतिक साहस और सामूहिक संघर्ष से संभव होगी।

इस प्रकार कविता का अम्बेडकरवादी पाठ स्पष्ट करता है कि यह रचना केवल संत-स्मरण नहीं है। यह जातिगत उत्पीड़न के इतिहास, श्रेणीबद्ध असमानता की संरचना, श्रम की अवमानना, सामाजिक बहिष्कार और उनके विरुद्ध चलने वाले प्रतिरोध की कविता है। संत रविदास यहाँ उस बहुमंजिली वर्ण-व्यवस्था के विरुद्ध खड़े दिखाई देते हैं जिसमें मंजिलों को जोड़ने वाली कोई सीढ़ी नहीं है। उनकी स्मृति और उनका ‘बेगमपुर’ उस बंद इमारत को ध्वस्त कर एक ऐसे समाज की कल्पना प्रस्तुत करते हैं जहाँ मनुष्य की पहचान जन्म से नहीं, उसकी मनुष्यता से निर्धारित होती है। यही वह बिंदु है जहाँ संत रविदास की समतामूलक दृष्टि और डॉ. अम्बेडकर की ‘जाति का विनाश’ की परियोजना एक-दूसरे के निकट आती दिखाई देती हैं और कविता को गहरे सामाजिक-दार्शनिक अर्थों से संपन्न कर देती हैं।

अम्बेडकरवादी पाठ से इतर ‘गुरु के नाम’ कविता के लोहियावादी पाठ का संधान करना विचारधारा के नज़रिए से दिलचस्प हो सकता है । लोहियावादी पाठ करते समय सबसे पहले यह समझना आवश्यक है कि यह कविता संत रविदास को केवल एक संत, भक्त या आध्यात्मिक गुरु के रूप में स्मरण नहीं करती, बल्कि उन्हें सामाजिक अन्याय के विरुद्ध खड़ी एक ऐतिहासिक चेतना के रूप में पुनर्स्थापित करती है। यही वह बिंदु है जहाँ कविता डॉ. राममनोहर लोहिया के चिंतन के साथ संवाद करती दिखाई देती है। लोहिया के लिए भारतीय समाज की सबसे बड़ी समस्या केवल आर्थिक विषमता नहीं थी; वे जाति को भारतीय सामाजिक संरचना की केंद्रीय विकृति मानते थे। उनका प्रसिद्ध कथन है—“भारत में जातियाँ ही वर्ग हैं।” इस कथन का आशय यह था कि भारतीय समाज में सामाजिक और आर्थिक असमानताएँ जातिगत संरचना के भीतर ही संगठित होती हैं। इस दृष्टि से देखें तो ‘गुरु के नाम’ जाति, श्रम और मनुष्यता के प्रश्नों को जिस तरह उठाती है, वह लोहियावादी विवेचना के लिए पर्याप्त आधार प्रदान करती है।

कविता का आरंभ संत रविदास की करुणामयी उपस्थिति से होता है। “चन्दन की शीतल व मुलायम भाषा में / जगत की उष्णता को शिथिल करते”—इन पंक्तियों में रविदास की वाणी को सामाजिक तनावों को कम करने वाली शक्ति के रूप में देखा गया है। लोहिया के यहाँ भी भाषा और संस्कृति केवल अभिव्यक्ति के माध्यम नहीं हैं; वे सामाजिक परिवर्तन के उपकरण हैं। वे बार-बार इस बात पर बल देते हैं कि भारतीय समाज का पुनर्गठन केवल राजनीतिक कार्यक्रमों से नहीं होगा, बल्कि सांस्कृतिक चेतना के परिवर्तन से भी होगा। रविदास की भाषा इसी सांस्कृतिक प्रतिरोध की भाषा है। वह धर्मशास्त्रीय अधिकार की भाषा नहीं, बल्कि अनुभव, करुणा और लोकजीवन की भाषा है।

“जगत की जागृति के लिए / संकल्प की डगर पर दौड़ते हुए / पीड़ा बहुत भाई है”—इन पंक्तियों को लोहियावादी संदर्भ में पढ़ें तो यह सामाजिक परिवर्तन की कीमत का बोध कराती हैं। लोहिया का मानना था कि अन्यायपूर्ण संरचनाओं के विरुद्ध संघर्ष बिना कष्ट सहे संभव नहीं है। वे ‘सप्तक्रांति’ की अपनी अवधारणा में जाति, लिंग, रंग, आर्थिक शोषण और साम्राज्यवादी वर्चस्व के विरुद्ध निरंतर संघर्ष की बात करते हैं। कविता में रविदास का जीवन इसी संघर्षशील परंपरा का प्रतीक बन जाता है। यहाँ संत का अर्थ संसार से पलायन करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि अन्याय के बीच खड़े होकर मनुष्य की गरिमा की रक्षा करने वाला व्यक्ति है।

कविता की एक केंद्रीय पंक्ति है—“तुम्हारी वेदना के धागे में / धरती को सिलते हुए देखा है।” लोहियावादी दृष्टि से यह रूपक विशेष अर्थ ग्रहण करता है। लोहिया भारतीय समाज को अनेक प्रकार के विभाजनों से ग्रस्त समाज मानते थे। जाति ने समाज को असंख्य खंडों में बाँट दिया है। ऐसे में ‘धरती को सिलना’ केवल करुणा का बिंब नहीं, बल्कि सामाजिक पुनर्संयोजन का रूपक है। रविदास की वेदना व्यक्तिगत नहीं है; वह सामूहिक अनुभव से निर्मित वेदना है। उसी वेदना से समाज के बिखरे हुए हिस्सों को जोड़ने का प्रयत्न किया जा रहा है। यह लोहिया की उस आकांक्षा के निकट है जिसमें वे सामाजिक संबंधों की पुनर्रचना और मनुष्यों के बीच वास्तविक बराबरी की स्थापना चाहते हैं।

कविता का सबसे महत्त्वपूर्ण वैचारिक बिंदु वह है जहाँ कवि लिखता है—“धर्म और जाति के पाखंड से थरथराती हुई धरा पर।” यह पंक्ति लोहिया के जाति-विमर्श की केंद्रीय चिंता को सामने लाती है। लोहिया ने अपनी पुस्तक जाति-प्रथा में लिखा था—“जाति अवसर को सीमित करती है और योग्यता को कुंठित करती है।” उनके लिए जाति केवल सामाजिक अन्याय नहीं थी; वह मानवीय प्रतिभा और लोकतंत्र दोनों की शत्रु थी। कविता में ‘पाखंड’ शब्द इसी तथ्य को उजागर करता है कि धर्म और जाति के नाम पर निर्मित व्यवस्था स्वयं को नैतिक बताती है, जबकि उसका वास्तविक आधार असमानता है। रविदास का व्यक्तित्व इस पाखंड के विरुद्ध खड़ा दिखाई देता है।

कविता में कवि उन “कसकती हुई कराहों” को सुनने की बात करता है जिन्हें व्यवस्था ने दबा दिया है। लोहिया की राजनीति का एक बड़ा लक्ष्य उन समूहों को आवाज़ देना था जिन्हें सत्ता-संरचनाओं ने हाशिये पर धकेल दिया था। पिछड़े वर्ग, दलित, स्त्रियाँ और गरीब किसान उनकी राजनीति के केंद्र में थे। इसीलिए जब कवि कहता है कि वह “पूरी ताकत से व्यवस्था से लड़ते हुए” कुछ कह सका है, तब यह कथन केवल नैतिक साहस का नहीं, बल्कि सामाजिक हस्तक्षेप का भी कथन बन जाता है। यहाँ रविदास की स्मृति व्यक्ति को निष्क्रिय भक्ति नहीं, बल्कि सक्रिय प्रतिरोध की प्रेरणा देती है।

“तुम्हारे माथे पर उभरी लकीरों के बीच / उन गठरियों में उलझी हुई साँसों को सुन सका हूँ”—इन पंक्तियों में श्रमशील जीवन की पीड़ा दर्ज है। लोहिया का समाजवाद श्रम की प्रतिष्ठा पर आधारित था। वे भारतीय समाज की उस मानसिकता के आलोचक थे जिसने कुछ प्रकार के श्रम को सम्मानजनक और कुछ को अपमानजनक बना दिया। कविता में ‘गठरियों में उलझी हुई साँसें’ केवल आर्थिक कठिनाई का बिंब नहीं हैं; वे उस ऐतिहासिक बोझ का संकेत हैं जिसे जाति और सामाजिक विषमता ने श्रमिक समुदायों पर लाद दिया है।

इसी संदर्भ में कविता की बहुचर्चित पंक्ति—“तुम्हारे जूते के तल्ले से आज भी उठती है एक धूल”—विशेष ध्यान आकर्षित करती है। लोहियावादी दृष्टि से यह पंक्ति भारतीय समाज के सांस्कृतिक श्रेणीक्रम के विरुद्ध एक हस्तक्षेप है। रविदास का संबंध उस श्रम से है जिसे पारंपरिक समाज ने निम्न माना। लेकिन कवि उसी धूल को माथे से लगाता है। यहाँ श्रम की प्रतिष्ठा का ऐसा काव्यात्मक क्षण उपस्थित होता है जो जातिगत श्रेष्ठता-बोध को चुनौती देता है। यह केवल सम्मान का भाव नहीं है; यह सामाजिक मूल्यों के पुनर्मूल्यांकन का संकेत है। जिस वस्तु या कार्य को कभी अपवित्र माना गया था, वही यहाँ श्रद्धा और नैतिक गरिमा का स्रोत बन जाता है।

कविता का एक और महत्त्वपूर्ण पक्ष उसका धर्म-बोध है। “डरे हुए ईश्वर के एकांतवास के बीच तुम हो कहीं”—यह पंक्ति धार्मिक सत्ता की आलोचना करती हुई प्रतीत होती है। लोहिया धर्म-विरोधी नहीं थे, लेकिन वे धर्म के संस्थागत और दमनकारी रूपों के आलोचक थे। वे ऐसे धर्म की खोज करते थे जो मनुष्य को स्वतंत्र और नैतिक बनाए। कविता में ईश्वर की अपेक्षा रविदास अधिक जीवित, अधिक सक्रिय और अधिक मानवीय दिखाई देते हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि मुक्ति का मार्ग अलौकिक हस्तक्षेप में नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और नैतिक साहस में निहित है।

कविता के अंतिम हिस्से में ‘बेगमपुर’ का उल्लेख लोहियावादी पाठ को और समृद्ध करता है। संत रविदास का बेगमपुर दुःख और भेदभाव से मुक्त समाज का स्वप्न है। लोहिया भी एक ऐसे समाज की कल्पना करते थे जहाँ सामाजिक और आर्थिक विषमताएँ न्यूनतम हों और मनुष्य सम्मानपूर्वक जीवन जी सके। यद्यपि दोनों की ऐतिहासिक परिस्थितियाँ अलग हैं, फिर भी दोनों के स्वप्न में समानता और मानवीय गरिमा का साझा तत्त्व मौजूद है। बेगमपुर को इस अर्थ में एक लोक-समाजवादी यूटोपिया की तरह भी पढ़ा जा सकता है, जहाँ सत्ता का नहीं, मनुष्यता का वर्चस्व हो।

पूरी कविता में संत रविदास की उपस्थिति किसी धार्मिक मूर्ति की तरह स्थिर नहीं है। वे संघर्ष, करुणा, श्रम, प्रतिरोध और सामाजिक पुनर्निर्माण की जीवित चेतना हैं। यही कारण है कि कविता लोहिया की उस धारणा के निकट पहुँचती है जिसके अनुसार भारत का लोकतांत्रिक भविष्य तभी संभव है जब जाति के विरुद्ध संघर्ष, सामाजिक बराबरी की आकांक्षा और लोकजीवन की नैतिक शक्ति एक साथ सक्रिय हों। रविदास इस कविता में उसी लोकनायक के रूप में उभरते हैं जो समाज के सबसे नीचे खड़े मनुष्य को इतिहास और गरिमा के केंद्र में स्थापित करता है। इस प्रकार ‘गुरु के नाम’ का लोहियावादी पाठ कविता को केवल भक्ति या स्मरण की रचना नहीं रहने देता, बल्कि उसे भारतीय समाज में समानता, सामाजिक न्याय और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की आकांक्षा से जुड़ा हुआ एक महत्त्वपूर्ण पाठ बना देता है।

गौरतलब है कि ‘गुरु के नाम’ कविता के अम्बेडकरवादी और लोहियावादी दोनों पाठ इस बात पर सहमत हैं कि विवेच्य कविता संत रविदास को जातिगत अन्याय, सामाजिक विषमता और मनुष्य-विरोधी संरचनाओं के विरुद्ध प्रतिरोध की ऐतिहासिक चेतना के रूप में प्रस्तुत करती है। दोनों दृष्टियाँ कविता में निहित श्रम की प्रतिष्ठा, जाति-विरोध, सामाजिक न्याय, मानवीय गरिमा तथा ‘बेगमपुर’ के समतामूलक स्वप्न को केंद्रीय मानती हैं। दोनों के लिए “धर्म और जाति के पाखंड से थरथराती हुई धरा” और “तुम्हारे जूते के तल्ले से आज भी उठती है एक धूल” जैसी पंक्तियाँ सामाजिक पदानुक्रम की आलोचना और श्रम-सम्मान की पुनर्प्रतिष्ठा का संकेत देती हैं।

किंतु दोनों पाठों के बीच एक महत्त्वपूर्ण अंतर भी है। अम्बेडकरवादी पाठ कविता को मुख्यतः जाति-व्यवस्था की संरचनात्मक आलोचना, ‘जाति का विनाश’, ‘श्रेणीबद्ध असमानता’ और ब्राह्मणवादी सामाजिक व्यवस्था के प्रतिरोध के संदर्भ में पढ़ता है; उसके लिए रविदास जाति-विहीन समाज की परियोजना के अग्रदूत हैं। इसके विपरीत लोहियावादी पाठ जाति-विरोध को सामाजिक बराबरी, लोकतांत्रिक समाजवाद, लोकधर्मिता, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वंचित समुदायों की व्यापक मुक्ति के कार्यक्रम के भीतर रखकर देखता है। दूसरे शब्दों में, अम्बेडकरवादी व्याख्या का केंद्र जाति की संरचना और उसके उन्मूलन का प्रश्न है, जबकि लोहियावादी व्याख्या जाति-विरोध को सामाजिक परिवर्तन की बहुआयामी प्रक्रिया का एक केंद्रीय, किंतु व्यापक सामाजिक-सांस्कृतिक संदर्भों से जुड़ा हुआ अंग मानती है।

मार्क्सवाद-लेनिनवाद-माओवाद की वैचारिक भूमि पर खड़े होकर यदि श्रीप्रकाश शुक्ल की कविता ‘गुरु के नाम’ का पाठ किया जाए तो यह कविता भारतीय समाज में श्रम, उत्पीड़न, सामाजिक विभाजन, प्रतिरोध और मुक्ति की ऐतिहासिक प्रक्रियाओं से संबद्ध एक महत्त्वपूर्ण सांस्कृतिक पाठ के रूप में सामने आती है। यद्यपि कविता की शब्दावली प्रत्यक्ष रूप से वर्ग-संघर्ष, उत्पादन-संबंधों या क्रांतिकारी राजनीति की शब्दावली नहीं है, फिर भी इसके भीतर उपस्थित अनेक बिंब और वैचारिक संकेत द्वंद्वात्मक भौतिकवाद तथा ऐतिहासिक भौतिकवाद की दृष्टि से अर्थवान हो उठते हैं।

ऐतिहासिक भौतिकवाद का मूल आग्रह यह है कि समाज का इतिहास विचारों का नहीं, बल्कि मनुष्यों के भौतिक जीवन, उत्पादन-संबंधों और उनसे उत्पन्न सामाजिक संरचनाओं का इतिहास है। इस दृष्टि से संत रविदास का महत्त्व केवल इसलिए नहीं है कि उन्होंने आध्यात्मिक संदेश दिया, बल्कि इसलिए भी है कि वे उस श्रमशील समुदाय से आते हैं जिसे भारतीय समाज में उत्पादन-प्रक्रिया का आवश्यक अंग होने के बावजूद सामाजिक रूप से अपमानित और बहिष्कृत रखा गया। कविता में “तुम्हारे जूते के तल्ले से आज भी उठती है एक धूल” जैसी पंक्ति इसी ऐतिहासिक यथार्थ को सांकेतिक रूप में सामने लाती है। जूता केवल एक वस्तु नहीं है; वह श्रम, उत्पादन और श्रमिक की सामाजिक स्थिति का संकेतक है। ऐतिहासिक भौतिकवादी दृष्टि से देखें तो कविता उस श्रम को दृश्य बनाती है जिसे प्रभुत्वशाली सामाजिक संरचनाओं ने अदृश्य बना दिया था।

मार्क्सवादी चिंतन के अनुसार किसी भी समाज की वैचारिक संरचनाएँ—धर्म, संस्कृति, नैतिकता और दर्शन—उसकी भौतिक-सामाजिक संरचना से पृथक नहीं होतीं। कविता में “धर्म और जाति के पाखंड से थरथराती हुई धरा” का उल्लेख इसी तथ्य की ओर संकेत करता है कि धर्म और जाति केवल विश्वास की प्रणालियाँ नहीं हैं; वे सामाजिक वर्चस्व को बनाए रखने वाली विचारधारात्मक संरचनाएँ भी हैं। ऐतिहासिक भौतिकवाद इस पंक्ति को इस रूप में पढ़ेगा कि धार्मिक और जातिगत वैधताएँ वास्तविक सामाजिक असमानताओं को स्वाभाविक और शाश्वत सिद्ध करने का काम करती रही हैं। कविता इन वैधताओं को प्रश्नांकित करती है और इस प्रकार प्रभुत्वशाली विचारधारा की आलोचना का कार्य करती है।

द्वंद्वात्मक भौतिकवाद का केंद्रीय सिद्धांत है कि विकास विरोधी शक्तियों के संघर्ष से होता है। हर सामाजिक संरचना अपने भीतर अंतर्विरोधों को धारण करती है और उन्हीं अंतर्विरोधों से परिवर्तन की संभावनाएँ जन्म लेती हैं। कविता का पूरा ताना-बाना इसी प्रकार के अंतर्विरोधों से निर्मित है। एक ओर धर्म और जाति का पाखंड है, दूसरी ओर करुणा और समता की चेतना; एक ओर व्यवस्था है, दूसरी ओर उससे संघर्ष; एक ओर सन्नाटा है, दूसरी ओर कराहों को सुनने की क्षमता; एक ओर अंधकार है, दूसरी ओर प्रकाश। कविता इन विरोधी तत्त्वों को स्थिर रूप में नहीं रखती, बल्कि उनके बीच सक्रिय तनाव को व्यक्त करती है। यही तनाव द्वंद्वात्मक प्रक्रिया का संकेत है।

“पूरी ताकत से व्यवस्था से लड़ते हुए / कुछ कह सका हूँ” जैसी पंक्तियाँ विशेष रूप से ध्यान देने योग्य हैं। यहाँ व्यवस्था और प्रतिरोध के बीच स्पष्ट द्वंद्व उपस्थित है। मार्क्सवादी-लेनिनवादी दृष्टि से सामाजिक परिवर्तन किसी नैतिक अपील का परिणाम नहीं होता; वह विरोधी सामाजिक शक्तियों के संघर्ष से उत्पन्न होता है। कविता में कवि स्वयं को उस संघर्षशील परंपरा से जोड़ता है जिसकी प्रेरणा उसे संत रविदास से मिलती है। इस प्रकार रविदास केवल आध्यात्मिक मार्गदर्शक नहीं रहते, बल्कि ऐतिहासिक प्रतिरोध की एक सांस्कृतिक शक्ति बन जाते हैं।

मार्क्सवाद-लेनिनवाद-माओवाद के परिप्रेक्ष्य में कविता के श्रम-संबंधी बिंब विशेष महत्त्व ग्रहण करते हैं। “गठरियों में उलझी हुई साँसें”, “धरती को नापने निकली थीं”, “वेदना के धागे में / धरती को सिलते हुए देखा है”—ये सभी बिंब श्रमशील मनुष्यों के जीवनानुभवों को केंद्र में लाते हैं। ऐतिहासिक भौतिकवाद के अनुसार समाज की वास्तविक गति उन लोगों के श्रम से संचालित होती है जो उत्पादन करते हैं, किंतु सत्ता और इतिहास-लेखन में अक्सर वही लोग हाशिये पर धकेल दिए जाते हैं। कविता उन हाशियाकृत जीवनों को दृश्य और श्रव्य बनाती है। यह श्रम की उपस्थिति को केवल आर्थिक तथ्य के रूप में नहीं, बल्कि मानवीय इतिहास की रचनात्मक शक्ति के रूप में प्रस्तुत करती है।

माओवादी दृष्टि से कविता को पढ़ते समय ‘जन’ और ‘जन-संवेदना’ का प्रश्न भी महत्त्वपूर्ण हो जाता है। माओ ने साहित्य और कला को जनता के जीवन से जुड़ा हुआ माना था। उनके अनुसार सृजन का स्रोत जनता का अनुभव है। ‘गुरु के नाम’ में संत रविदास का चित्रण किसी राजसत्ता, अभिजात संस्कृति या दार्शनिक अमूर्तन से नहीं, बल्कि श्रम, पीड़ा, करुणा और लोकजीवन के अनुभवों से निर्मित होता है। कविता की संवेदना ऊपर से आरोपित नहीं है; वह नीचे के जीवन-संसार से पैदा होती है। इस दृष्टि से कविता में एक प्रकार की जनपक्षधरता दिखाई देती है।

हालाँकि मार्क्सवादी आलोचना के लिए एक प्रश्न यह भी रहेगा कि कविता सामाजिक उत्पीड़न की व्याख्या मुख्यतः जाति और नैतिक करुणा के स्तर पर करती है, उत्पादन-संबंधों और वर्ग-संघर्ष के स्तर पर नहीं। इसलिए एक कठोर मार्क्सवादी आलोचक यह कह सकता है कि कविता शोषण की संरचना को पूरी तरह भौतिक-आर्थिक संदर्भों में उद्घाटित नहीं करती। फिर भी भारतीय समाज की विशिष्ट परिस्थितियों में, जहाँ जाति और श्रम का संबंध ऐतिहासिक रूप से गुँथा हुआ है, कविता की जाति-विरोधी चेतना को वर्गीय प्रश्नों से पूरी तरह अलग नहीं किया जा सकता। यहाँ जाति स्वयं श्रम-विभाजन और सामाजिक शक्ति-संबंधों से जुड़ी हुई संरचना के रूप में उपस्थित है।

कविता में ‘बेगमपुर’ का उल्लेख भी ऐतिहासिक भौतिकवादी दृष्टि से दिलचस्प है। इसे केवल आध्यात्मिक मुक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि एक वैकल्पिक सामाजिक व्यवस्था की कल्पना के रूप में पढ़ा जा सकता है। मार्क्सवादी परंपरा में वर्ग-विहीन समाज की जो अवधारणा है, उससे इसका प्रत्यक्ष साम्य स्थापित करना ऐतिहासिक रूप से उचित नहीं होगा, किंतु दोनों में एक साझा तत्त्व अवश्य दिखाई देता है—वर्तमान अन्यायपूर्ण व्यवस्था से परे एक अधिक न्यायपूर्ण सामाजिक भविष्य की आकांक्षा। इस अर्थ में ‘बेगमपुर’ को उत्पीड़न-मुक्त समाज की लोककल्पना के रूप में देखा जा सकता है।

“जगत में बहुत सन्नाटा है / देह है कि विषाणुओं से भरी हुई है”—इन पंक्तियों को भी द्वंद्वात्मक भौतिकवाद की दृष्टि से देखा जा सकता है। यहाँ संकट और आशा साथ-साथ मौजूद हैं। समाज रोगग्रस्त है, किंतु उसके भीतर परिवर्तन की संभावना भी जीवित है। संत रविदास का जीवित रहना किसी धार्मिक चमत्कार का संकेत नहीं, बल्कि प्रतिरोधी स्मृति और ऐतिहासिक चेतना के बने रहने का संकेत है। द्वंद्वात्मक दृष्टि में कोई भी व्यवस्था पूर्णतः स्थिर नहीं होती; उसके भीतर परिवर्तन के बीज मौजूद रहते हैं। कविता का अंत इसी संभावना पर होता है।

इस प्रकार यह कविता श्रमशील समुदायों की ऐतिहासिक उपस्थिति, सामाजिक उत्पीड़न की विचारधारात्मक संरचनाओं, व्यवस्था और प्रतिरोध के द्वंद्व, जन-संवेदना की शक्ति तथा एक अधिक न्यायपूर्ण समाज की आकांक्षा से संबद्ध रचना के रूप में सामने आती है। यद्यपि इसकी भाषा प्रत्यक्ष रूप से क्रांतिकारी राजनीतिक शब्दावली का उपयोग नहीं करती, फिर भी इसके भीतर श्रम, असमानता, प्रतिरोध और सामाजिक परिवर्तन के जो तत्त्व सक्रिय हैं, वे द्वंद्वात्मक और ऐतिहासिक भौतिकवादी विश्लेषण के लिए पर्याप्त आधार प्रदान करते हैं। कविता इस अर्थ में सांस्कृतिक क्षेत्र के भीतर संचालित उस वैचारिक संघर्ष का हिस्सा दिखाई देती है जो मनुष्य को उसके श्रम, उसकी गरिमा और उसके इतिहास से पुनः जोड़ने का प्रयास करता है।

‘गुरु के नाम’ का अध्ययन यदि भक्ति आन्दोलन, भक्तिकाव्य और विशेष रूप से निर्गुण भक्तिकाव्य के समाजशास्त्र की पृष्ठभूमि में किया जाए, तो यह कविता मध्यकालीन संत परंपरा की आधुनिक पुनर्व्याख्या के रूप में सामने आती है। यह कविता संत रविदास को इतिहास के एक पूज्य संत के रूप में नहीं, बल्कि एक जीवित सामाजिक-नैतिक चेतना के रूप में प्रस्तुत करती है। इसीलिए इसका संबंध भक्ति की उस धारा से जुड़ता है जिसने धर्म को कर्मकांड से, अध्यात्म को सामाजिक पदानुक्रम से और ईश्वर को संस्थागत प्रभुत्व से मुक्त करने का प्रयास किया था।

भक्ति आन्दोलन के समाजशास्त्र पर विचार करते हुए अनेक विद्वानों ने इस बात की ओर संकेत किया है कि यह आन्दोलन केवल धार्मिक जागरण नहीं था, बल्कि अपने समय की सामाजिक संरचनाओं के विरुद्ध एक व्यापक सांस्कृतिक प्रतिक्रिया भी था। आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी ने कबीर, नाथपंथ और संत परंपरा पर विचार करते हुए बार-बार इस तथ्य को रेखांकित किया कि संत-काव्य भारतीय समाज के भीतर संचालित गहरे सामाजिक अंतर्विरोधों की अभिव्यक्ति है। उनके अनुसार संत कवियों की भाषा, अनुभव और दृष्टि शास्त्रीय अभिजन संस्कृति से नहीं, बल्कि लोकजीवन से निर्मित होती है। इसी कारण संत परंपरा ने धार्मिक सत्ता और सामाजिक पदानुक्रम दोनों को चुनौती दी। ‘गुरु के नाम’ में संत रविदास की उपस्थिति भी इसी लोकधर्मी और प्रतिरोधी परंपरा की स्मृति को पुनर्जीवित करती है।

रामविलास शर्मा ने भक्ति आन्दोलन को भारतीय समाज में सामंतवादी संरचनाओं के विरुद्ध विकसित जनचेतना से जोड़कर देखा था। उनके अनुसार भक्ति आन्दोलन के भीतर लोकजीवन की आकांक्षाएँ, सामाजिक समानता की चाह और धार्मिक लोकतंत्रीकरण की प्रवृत्तियाँ सक्रिय थीं। यद्यपि यह आन्दोलन आधुनिक अर्थों में राजनीतिक क्रांति नहीं था, फिर भी उसने समाज के उपेक्षित वर्गों को वैचारिक और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का अवसर प्रदान किया। ‘गुरु के नाम’ इसी ऐतिहासिक विरासत को वर्तमान में पुनर्स्थापित करती है। कविता में रविदास की स्मृति सामाजिक न्याय की प्रेरक शक्ति के रूप में उपस्थित है, न कि केवल आध्यात्मिक साधना के प्रतीक के रूप में।

निर्गुण भक्तिकाव्य के समाजशास्त्र पर विचार करते समय नामवर सिंह की पुस्तक दूसरी परंपरा की खोज विशेष रूप से स्मरणीय है। नामवर सिंह ने संत परंपरा को भारतीय संस्कृति की उस वैकल्पिक धारा के रूप में देखा जो शास्त्र, वर्ण और धार्मिक वर्चस्व के समानांतर विकसित हुई। उनके अनुसार कबीर, रविदास और अन्य संत कवियों ने सामाजिक अनुभव को ज्ञान का आधार बनाया और धार्मिक अधिकार की पारंपरिक संरचनाओं को चुनौती दी। ‘गुरु के नाम’ में संत रविदास को जिस प्रकार करुणा, श्रम और सत्य की चेतना के रूप में चित्रित किया गया है, वह इसी ‘दूसरी परंपरा’ की आधुनिक अभिव्यक्ति प्रतीत होती है।

समाजशास्त्री गेल ऑम्वेट ने अपनी चर्चित पुस्तक ‘सीकिंग बेगमपुरा’ (Seeking Begumpura: The Social Vision of Anticaste Intellectuals.2008) में संत रविदास को दलित-बहुजन मुक्ति की परंपरा का एक केंद्रीय विचारक माना है। उन्होंने इस ग्रन्थ में संत रविदास, ज्योतिराव फुले, ई. वी. रामासामी पेरियार, डॉ. बी. आर. आंबेडकर, अय्योथीदास और अन्य जाति-विरोधी चिंतकों की वैचारिक परंपरा का विश्लेषण किया है। पुस्तक का केंद्रीय तर्क यह है कि भारतीय इतिहास में जाति-विरोधी चिंतकों ने समानता, न्याय और मानवीय गरिमा पर आधारित वैकल्पिक सामाजिक दृष्टियों का विकास किया, जिन्हें मुख्यधारा के इतिहास और बौद्धिक विमर्श में पर्याप्त महत्त्व नहीं दिया गया। पुस्तक के शीर्षक में प्रयुक्त बेगमपुरा संत रविदास की उस कल्पना से लिया गया है जिसमें एक ऐसे समाज का स्वप्न व्यक्त किया गया है जहाँ दुःख, भय, कर, उत्पीड़न और सामाजिक भेदभाव का अस्तित्व न हो।

ऑम्वेट के अनुसार रविदास का ‘बेगमपुर’ केवल आध्यात्मिक मुक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि एक ऐसे समाज की कल्पना है जहाँ जाति, उत्पीड़न और सामाजिक असमानता का स्थान न हो। यह एक वैकल्पिक सामाजिक दर्शन है। श्रीप्रकाश शुक्ल की कविता में जब कवि लिखता है—“तुम हो कि बेगमपुर शहर की उम्मीद लिये / सदा जीवित हो मेरे भीतर”—तो यह पंक्ति सीधे-सीधे रविदास के इसी सामाजिक स्वप्न को वर्तमान समय में पुनर्स्थापित करती है। यहाँ बेगमपुर कोई काल्पनिक स्वर्ग नहीं, बल्कि न्यायपूर्ण समाज की ऐतिहासिक आकांक्षा है।

निर्गुण भक्ति का एक केंद्रीय तत्त्व था धर्म के बाह्याचारों का निषेध। संत कवियों ने मूर्तिपूजा, जातिगत श्रेष्ठता, कर्मकांड और धार्मिक पाखंड की आलोचना की। वे ईश्वर को किसी संस्थागत धर्म के भीतर नहीं, बल्कि मनुष्य के अनुभव और नैतिक आचरण में खोजते थे। कविता की पंक्ति—“धर्म और जाति के पाखंड से थरथराती हुई धरा पर”—निर्गुण संतों की इसी आलोचनात्मक दृष्टि की पुनरावृत्ति है। यह उल्लेखनीय है कि कवि रविदास को किसी चमत्कारिक संत या अलौकिक महापुरुष के रूप में प्रस्तुत नहीं करता। उनकी शक्ति उनकी करुणा, संघर्षशीलता और मनुष्यता में निहित है। यही निर्गुण परंपरा का मूल तत्त्व है, जहाँ अध्यात्म का आधार सामाजिक अनुभव और नैतिक सत्य होता है।

कविता का आरंभ “नाम की आरती” और “चन्दन की शीतल व मुलायम भाषा” जैसे बिंबों से होता है। पहली दृष्टि में ये भक्ति-संबंधी प्रतीक प्रतीत होते हैं, किंतु कविता इन्हें पारंपरिक धार्मिक अर्थों में ग्रहण नहीं करती। ‘नाम’ यहाँ कर्मकांड का विषय नहीं, बल्कि आत्मिक और नैतिक प्रकाश का स्रोत है। निर्गुण संतों ने ‘नाम’ को ईश्वर के किसी मूर्त रूप की अपेक्षा अधिक महत्त्व दिया था। कबीर और रविदास दोनों के यहाँ ‘नाम’ सत्य और चेतना का प्रतीक है। दूसरे शब्दों में ‘धर्म भाषा’ और दीक्षागम्य भाषा’ की जटिलताओं से बचते हुए श्रीप्रकाश शुक्ल की कविता निर्गुणकाव्य- परंपरा को आधुनिक संदर्भ में पुनः अर्थवान बनाती है।

“तुम्हारी वेदना के धागे में / धरती को सिलते हुए देखा है”—यह बिंब संत परंपरा की करुणा-दृष्टि को गहरे रूप में व्यक्त करता है। निर्गुण संतों के यहाँ करुणा केवल भावनात्मक गुण नहीं थी; वह सामाजिक दृष्टि का आधार थी। रविदास का समतामूलक चिंतन इसी करुणा से निर्मित होता है। कविता में वेदना का धागा समाज को जोड़ने का माध्यम बनता है। यह दृष्टि भक्ति को निजी मोक्ष की साधना से निकालकर सामाजिक पुनर्निर्माण की प्रक्रिया में बदल देती है।

जाहिर है कि संत परंपरा ने श्रम की गरिमा को नई प्रतिष्ठा प्रदान की। पारंपरिक समाज में जिन समुदायों को सामाजिक रूप से निम्न माना जाता था, संत परंपरा के अनेक कवि उन्हीं समुदायों से आए। रविदास स्वयं चर्मकार समुदाय से थे। कविता में “तुम्हारे जूते के तल्ले से आज भी उठती है एक धूल / कि माथे से लगाते हुए इसे हवा में लहराता हूँ”—ये पंक्तियाँ श्रम के इसी सांस्कृतिक पुनर्मूल्यांकन का सशक्त उदाहरण हैं। कवि उस श्रम को सम्मान देता है जिसे वर्णाधारित समाज ने अपमानित किया था। इस प्रकार कविता निर्गुण भक्ति की श्रम-केंद्रित लोकधर्मी चेतना को पुनर्जीवित करती है।

कविता की एक उल्लेखनीय पंक्ति है—“डरे हुए ईश्वर के एकांतवास के बीच तुम हो कहीं।” यह पंक्ति निर्गुण परंपरा की आलोचनात्मक धार्मिक दृष्टि को समकालीन भाषा में व्यक्त करती है। यहाँ ईश्वर की अपेक्षा मनुष्य की नैतिक उपस्थिति अधिक महत्त्वपूर्ण हो जाती है। संत परंपरा ने भी ईश्वर को संस्थागत धर्म से मुक्त कर मनुष्य के अनुभव और व्यवहार में प्रतिष्ठित किया था। कविता इसी परंपरा को आगे बढ़ाती है। रविदास किसी अलौकिक सत्ता की तरह नहीं, बल्कि मनुष्यता के पक्ष में खड़ी एक नैतिक शक्ति के रूप में उपस्थित हैं।

कविता के अंतिम हिस्से में वर्तमान समय का संकट—“देह है कि विषाणुओं से भरी हुई है”—और उसके बरक्स ‘बेगमपुर’ की आशा—इन दोनों का द्वंद्व दिखाई देता है। यही वह बिंदु है जहाँ कविता मध्यकालीन संत चेतना को आधुनिक समय के संकटों से जोड़ती है। निर्गुण भक्ति का समाजशास्त्र केवल अतीत को समझने का साधन नहीं रह जाता, बल्कि वर्तमान को देखने की दृष्टि भी बन जाता है। कवि अनुभव करता है कि संत रविदास आज भी उसके भीतर जीवित हैं और अंधकार को प्रकाशित कर रहे हैं। यह प्रकाश धार्मिक चमत्कार का नहीं, बल्कि सामाजिक विवेक, करुणा और न्याय-बोध का प्रकाश है।

इस प्रकार ‘गुरु के नाम’ निर्गुण भक्तिकाव्य की आधुनिक पुनर्व्याख्या के रूप में पढ़ी जा सकती है। इसमें संत रविदास की स्मृति के माध्यम से भक्ति आन्दोलन की लोकधर्मी चेतना, जाति-विरोधी दृष्टि, श्रम-सम्मान, करुणा, सामाजिक समानता और वैकल्पिक समाज की कल्पना को नए ऐतिहासिक संदर्भों में पुनर्स्थापित किया गया है। कविता यह दिखाती है कि निर्गुण भक्ति केवल धार्मिक अनुभव की परंपरा नहीं थी; वह सामाजिक आलोचना, सांस्कृतिक प्रतिरोध और मानवीय मुक्ति की भी परंपरा थी। श्रीप्रकाश शुक्ल की कविता इसी परंपरा को अपने समय की भाषा और संवेदना में पुनर्जीवित करती है।

‘भक्ति का लोकवृत्त और रविदास की कविताई’ पुस्तक में श्रीप्रकाश शुक्ल ने लिखा है कि “रविदास भक्तिकाल के एक ऐसे कवि हैं जो सीधे तौर पर दलित हैं…वे हिन्दू वर्ण व्यवस्था के अंतर्गत आते हैं और हिन्दुओं के जातिगत वर्चस्व के सीधे शिकार रहे हैं । अस्पृश्यता के  दंश को जन्म से झेला था और जाति के आधार पर मनुष्यता को खंडित होते देखा था । दलित के हीनताबोध और ब्राह्मण के उच्चता बोध को बहुत करीब से देखा था और इससे मुक्ति के लिए नाम स्मरण और प्रेम भक्ति को बहुत महत्त्व दिया था। जाति के आधार पर जन्मगत श्रेष्ठता के खिलाफ आवाज़ भी उठाई थी…”। (पृष्ठ.257-258)

कहना न होगा कि ‘गुरु के नाम’ कविता के रचनाकार के पास इस कविता को रचने के लिए आवश्यक संवेदनात्मक गहराई के साथ-साथ पर्याप्त वैचारिक और अकादमिक तैयारी भी है। संत रविदास के जीवन, काव्य, सामाजिक अवदान और उनके ऐतिहासिक महत्त्व के प्रति कवि की समझ केवल भावनात्मक अनुराग का परिणाम नहीं है, बल्कि गंभीर अध्ययन और दीर्घ वैचारिक संलग्नता से निर्मित है। ख़ुद श्रीप्रकाश शुक्ल ने ‘भक्ति का लोकवृत्त और रविदास की कविताई’ पुस्तक में रविदास की जातिगत स्थिति, वर्णव्यवस्था के भीतर उनकी अवस्थिति, अस्पृश्यता के अनुभव, जाति-आधारित अमानवीकरण तथा उससे मुक्ति के उनके वैचारिक प्रयासों पर विस्तार से विचार किया है। इस दृष्टि से ‘गुरु के नाम’ को केवल एक श्रद्धांजलि-कविता के रूप में नहीं पढ़ा जा सकता। इसके पीछे संत रविदास की परंपरा, निर्गुण भक्ति, जाति-विमर्श और सामाजिक न्याय की अवधारणाओं का गंभीर बौद्धिक अनुशीलन सक्रिय है। मुक्तिबोध के शब्दों में कहें तो यहाँ ‘संवेदनात्मक ज्ञान’ और ‘ज्ञानात्मक संवेदन’ का दुर्लभ संयोग दिखाई देता है। अर्थात् ज्ञान संवेदना में रूपांतरित होकर कविता का हिस्सा बना है और संवेदना वैचारिक आत्मचेतना से आलोकित होकर अभिव्यक्त हुई है। यही कारण है कि कविता में संत रविदास की उपस्थिति न तो केवल भावुक स्मरण बनकर रह जाती है और न ही शुष्क वैचारिक प्रतिपादन में बदलती है; वह एक ऐसी जीवित सांस्कृतिक और नैतिक उपस्थिति के रूप में सामने आती है जिसमें अध्ययन, अनुभव, इतिहास-बोध और मानवीय करुणा एक-दूसरे में घुल-मिल जाते हैं।

‘गुरु के नाम’ कविता को सांस्कृतिक अध्ययन की दृष्टि से पढ़ने पर यह स्पष्ट होता है कि यह कविता केवल संत रविदास की स्तुति या स्मरण नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक स्मृति, ऐतिहासिक पुनर्पाठ और प्रतिरोधी पहचान के निर्माण की एक महत्त्वपूर्ण काव्यात्मक प्रक्रिया है। कविता का केंद्रीय कार्य संत रविदास को अतीत के एक पूज्य व्यक्तित्व के रूप में संरक्षित करना नहीं, बल्कि उन्हें वर्तमान सामाजिक यथार्थ के भीतर सक्रिय और जीवित उपस्थिति के रूप में पुनर्स्थापित करना है। इस प्रकार यह कविता इतिहास और वर्तमान के बीच एक सृजनात्मक संवाद रचती है तथा यह दिखाती है कि लोकस्मृतियाँ किस प्रकार समकालीन सामाजिक संघर्षों और सांस्कृतिक प्रतिरोध की ऊर्जा बनती हैं।

सांस्कृतिक अध्ययन के क्षेत्र में स्मृति को केवल अतीत के संग्रह के रूप में नहीं देखा जाता। स्मृति एक सक्रिय सांस्कृतिक प्रक्रिया है जिसके माध्यम से समुदाय अपने अतीत का चयन, पुनर्व्याख्या और पुनर्निर्माण करते हैं। जान अस्मान (Jan Assmann) ने ‘सांस्कृतिक स्मृति’ की अवधारणा विकसित करते हुए बताया था कि समाज अपने अतीत को केवल याद नहीं रखता, बल्कि उसे वर्तमान की आवश्यकताओं और आकांक्षाओं के अनुरूप लगातार पुनर्गठित करता रहता है। ‘गुरु के नाम’ इसी अर्थ में सांस्कृतिक स्मृति का काव्य है। कविता में संत रविदास किसी संग्रहालयीय वस्तु या ऐतिहासिक दस्तावेज़ की तरह उपस्थित नहीं हैं। वे कवि के वर्तमान अनुभव का हिस्सा हैं। वे उसकी नैतिक चेतना, उसके संघर्ष और उसके सामाजिक विवेक में जीवित हैं। इसलिए कविता में स्मरण का अर्थ अतीत की पुनरावृत्ति नहीं, बल्कि वर्तमान का पुनर्संयोजन है।

कविता की आरंभिक पंक्तियाँ ही इस सांस्कृतिक पुनर्स्थापन की प्रक्रिया को स्पष्ट कर देती हैं—“नाम की आरती से जीवन को दीपित करते हुए / चन्दन की शीतल व मुलायम भाषा में।” यहाँ संत रविदास का स्मरण किसी धार्मिक अनुष्ठान का अंग नहीं है। उनकी भाषा, उनका नाम और उनकी स्मृति जीवन को आलोकित करने वाली सांस्कृतिक शक्ति के रूप में उपस्थित हैं। सांस्कृतिक अध्ययन की दृष्टि से देखें तो यह उस प्रक्रिया का उदाहरण है जिसमें किसी ऐतिहासिक व्यक्तित्व को उसकी आधिकारिक धार्मिक छवि से मुक्त करके सांस्कृतिक और नैतिक संसाधन के रूप में पुनर्परिभाषित किया जाता है।

कविता में संत रविदास की उपस्थिति बार-बार वर्तमान समय की समस्याओं के संदर्भ में सामने आती है। “जगत की जागृति के लिए / संकल्प की डगर पर दौड़ते हुए / पीड़ा बहुत भाई है”—इन पंक्तियों में कवि रविदास को इतिहास के एक संत के रूप में नहीं, बल्कि वर्तमान सामाजिक परिवर्तन की प्रक्रिया के सहभागी के रूप में देखता है। यह सांस्कृतिक स्मृति का सक्रिय रूप है। स्मृति यहाँ अतीत को संरक्षित नहीं करती, बल्कि वर्तमान संघर्षों को अर्थ और दिशा प्रदान करती है।

सांस्कृतिक अध्ययन का एक केंद्रीय प्रश्न यह भी है कि किन व्यक्तियों और परंपराओं को इतिहास में केंद्रीय स्थान मिलता है और किन्हें हाशिये पर धकेल दिया जाता है। प्रभुत्वशाली इतिहास प्रायः राजाओं, साम्राज्यों और अभिजन वर्गों को केंद्र में रखता है, जबकि लोकजीवन, श्रमशील समुदायों और वंचित समूहों की स्मृतियाँ हाशिये पर चली जाती हैं। संत रविदास का ऐतिहासिक महत्त्व इसी संदर्भ में समझा जाना चाहिए। वे उस समुदाय से आते हैं जिसे पारंपरिक सामाजिक संरचना ने सम्मानजनक स्थान नहीं दिया। कविता में रविदास की पुनर्प्रतिष्ठा दरअसल एक वैकल्पिक सांस्कृतिक इतिहास की स्थापना है। कवि उस व्यक्तित्व को केंद्र में लाता है जिसे मुख्यधारा के इतिहास ने लंबे समय तक सीमांत पर रखा था।

“तुम्हारी वेदना के धागे में / धरती को सिलते हुए देखा है”—यह पंक्ति सांस्कृतिक स्मृति के सामूहिक चरित्र को उद्घाटित करती है। यहाँ रविदास की वेदना केवल व्यक्तिगत अनुभव नहीं है; वह एक पूरे ऐतिहासिक समुदाय की स्मृति का रूप धारण कर लेती है। ‘धरती को सिलना’ टूटे हुए सामाजिक संबंधों को जोड़ने का रूपक है। सांस्कृतिक अध्ययन के परिप्रेक्ष्य में यह उस प्रक्रिया की ओर संकेत करता है जिसमें उपेक्षित समुदाय अपनी स्मृतियों और अनुभवों के आधार पर वैकल्पिक सामाजिक एकता की कल्पना करते हैं।

कविता का सबसे उल्लेखनीय सांस्कृतिक क्षण वह है जहाँ कवि कहता है—“तुम्हारे जूते के तल्ले से आज भी उठती है एक धूल / कि माथे से लगाते हुए इसे हवा में लहराता हूँ।” सांस्कृतिक अध्ययन की भाषा में इसे प्रतीकों के पुनरर्थांकन (re-signification) की प्रक्रिया कहा जा सकता है। जूता और उससे जुड़ी धूल पारंपरिक सामाजिक संरचना में सम्मान के नहीं, बल्कि अवमानना के संकेतक रहे हैं। कविता इस अर्थ-संरचना को बदल देती है। वही धूल अब श्रद्धा, सम्मान और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बन जाती है। यहाँ केवल किसी संत का सम्मान नहीं हो रहा; यहाँ उस श्रम-संस्कृति और उस ऐतिहासिक समुदाय की गरिमा की पुनर्स्थापना हो रही है जिसे लंबे समय तक अपमानित किया गया था। इस प्रकार कविता सांस्कृतिक प्रतिरोध का कार्य करती है।

स्टुअर्ट हॉल ने सांस्कृतिक पहचान को कोई स्थिर और शाश्वत तत्त्व नहीं माना था। उनके अनुसार पहचान लगातार बनती और पुनर्निर्मित होती रहती है। ‘गुरु के नाम’ इसी अर्थ में सांस्कृतिक पहचान की पुनर्रचना की कविता है। कवि संत रविदास की स्मृति के माध्यम से अपनी नैतिक और सामाजिक पहचान का निर्माण करता है। वह कहता है कि रविदास की प्रेरणा से वह “सच के साथ जी” सका है। इसका अर्थ है कि सांस्कृतिक स्मृति केवल अतीत का ज्ञान नहीं देती; वह वर्तमान व्यक्तित्व और सामाजिक चेतना के निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाती है।

कविता में “धर्म और जाति के पाखंड से थरथराती हुई धरा” का उल्लेख सांस्कृतिक वर्चस्व की आलोचना के रूप में पढ़ा जा सकता है। सांस्कृतिक अध्ययन का एक महत्त्वपूर्ण सरोकार यह है कि सत्ता केवल राजनीतिक संस्थाओं के माध्यम से नहीं, बल्कि सांस्कृतिक प्रतीकों, धार्मिक विश्वासों और सामाजिक मान्यताओं के माध्यम से भी संचालित होती है। कविता इन प्रभुत्वशाली संरचनाओं को चुनौती देती है। संत रविदास की स्मृति यहाँ एक प्रतिपक्षी सांस्कृतिक शक्ति बन जाती है जो स्थापित वर्चस्व के विरुद्ध वैकल्पिक नैतिकता और सामाजिक दृष्टि प्रस्तुत करती है।

कविता में बार-बार कराहों, पीड़ा और संघर्ष का उल्लेख आता है। ये केवल भावनात्मक संकेत नहीं हैं। सांस्कृतिक अध्ययन की दृष्टि से ये उन अनुभवों का प्रतिनिधित्व करते हैं जिन्हें आधिकारिक इतिहास अक्सर दर्ज नहीं करता। कवि उन आवाज़ों को सुनने की बात करता है जो सामाजिक संरचनाओं के भीतर दबा दी गई हैं। इस प्रकार कविता स्मृति को इतिहास के विरुद्ध खड़ा नहीं करती, बल्कि इतिहास की उन चुप्पियों को भरने का प्रयास करती है जिन्हें प्रभुत्वशाली विमर्शों ने निर्मित किया है।

‘बेगमपुर’ का संदर्भ कविता के सांस्कृतिक अर्थों को और विस्तृत कर देता है। बेगमपुर केवल संत रविदास की कल्पना का नगर नहीं है; वह एक सामूहिक सांस्कृतिक स्वप्न है। सांस्कृतिक अध्ययन की दृष्टि से ऐसे स्वप्न किसी समाज की वैकल्पिक आकांक्षाओं को व्यक्त करते हैं। कवि जब कहता है कि “बेगमपुर शहर की उम्मीद लिये / सदा जीवित हो मेरे भीतर”, तब वह केवल एक धार्मिक आदर्श को नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक भविष्य-दृष्टि को स्वीकार कर रहा होता है। यह भविष्य-दृष्टि वर्तमान सामाजिक अन्याय के विरुद्ध प्रतिरोध की प्रेरणा बनती है।

कविता की अंतिम पंक्तियाँ—“भीतर के मेरे समस्त अन्धकार को प्रकाशित करते हुए”—सांस्कृतिक स्मृति की परिवर्तनकारी शक्ति को रेखांकित करती हैं। संत रविदास यहाँ किसी मूर्ति, ग्रंथ या पौराणिक कथा के रूप में नहीं, बल्कि एक जीवित सांस्कृतिक ऊर्जा के रूप में उपस्थित हैं। वे कवि के भीतर सक्रिय हैं और उसके समय के संकटों का सामना करने की शक्ति प्रदान करते हैं। यही कारण है कि कविता अतीत के स्मरण और वर्तमान के प्रतिरोध को एक-दूसरे से जोड़ देती है।

इस प्रकार ‘गुरु के नाम’ सांस्कृतिक अध्ययन की दृष्टि से स्मृति, इतिहास, पहचान और प्रतिरोध के अंतर्संबंधों को समझने के लिए एक समृद्ध पाठ है। यह कविता दिखाती है कि लोकस्मृति केवल अतीत को संरक्षित करने का माध्यम नहीं होती, बल्कि वह वर्तमान सामाजिक संघर्षों को दिशा देने वाली सृजनात्मक शक्ति भी हो सकती है। संत रविदास की उपस्थिति यहाँ ऐतिहासिक स्मरण से आगे बढ़कर सांस्कृतिक प्रतिरोध, सामूहिक आत्मसम्मान और वैकल्पिक भविष्य की कल्पना का आधार बन जाती है। यही वह बिंदु है जहाँ कविता सांस्कृतिक स्मृति को जीवित सामाजिक ऊर्जा में रूपांतरित कर देती है।

‘गुरु के नाम’ कविता का उत्तर-औपनिवेशिक (Postcolonial) पाठ करते समय सबसे पहले यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि उत्तर-औपनिवेशिकता का अर्थ केवल औपनिवेशिक शासन के बाद की स्थिति नहीं है। यह एक आलोचनात्मक बौद्धिक परियोजना है जो उन ज्ञान-व्यवस्थाओं, प्रतिनिधित्वों, सांस्कृतिक वर्चस्वों और सत्ता-संबंधों की पड़ताल करती है जिनके माध्यम से कुछ समुदायों, जातियों, नस्लों और संस्कृतियों को हाशिये पर रखा गया। एडवर्ड सईद ने अपनी प्रसिद्ध कृति ‘ओरिएण्टलिज्म’(1978) में दिखाया था कि पश्चिम ने ‘पूरब’ के बारे में जो ज्ञान निर्मित किया, वह निष्पक्ष ज्ञान नहीं था, बल्कि सत्ता से गहरे रूप में जुड़ा हुआ था। ज्ञान और सत्ता के इस संबंध ने कुछ समुदायों को बोलने का अधिकार दिया और कुछ को केवल प्रतिनिधित्व की वस्तु बनाकर छोड़ दिया। उत्तर-औपनिवेशिक चिंतन इसी असमान ज्ञान-संरचना की आलोचना करता है।

गायत्री चक्रवर्ती स्पिवाक ने अपने चर्चित निबंध ‘कैन सबाल्टर्न स्पीक’ (Can the Subaltern Speak?) में प्रश्न उठाया था कि क्या हाशिये पर स्थित समुदाय अपनी आवाज़ स्वयं व्यक्त कर सकते हैं, या उनकी आवाज़ हमेशा प्रभुत्वशाली विमर्शों द्वारा नियंत्रित और विकृत कर दी जाती है। स्पिवाक के यहाँ ‘सबाल्टर्न’ केवल आर्थिक रूप से वंचित व्यक्ति नहीं है, बल्कि वह समूह है जिसकी आवाज़ को सत्ता-संरचनाओं ने व्यवस्थित रूप से दबा दिया है। इसी प्रकार रणजीत गुहा और सबाल्टर्न स्टडीज़ समूह ने भारतीय इतिहास-लेखन की उस प्रवृत्ति की आलोचना की जिसमें इतिहास मुख्यतः शासकों, अभिजात वर्गों और प्रभुत्वशाली समूहों के दृष्टिकोण से लिखा गया था। उन्होंने इतिहास में किसानों, श्रमिकों, दलितों और अन्य वंचित समुदायों की उपस्थिति को पुनर्स्थापित करने का प्रयास किया।

इन वैचारिक पृष्ठभूमियों के आलोक में ‘गुरु के नाम’ का अध्ययन करने पर यह स्पष्ट होता है कि कविता संत रविदास की स्मृति के माध्यम से एक प्रकार की प्रतिपक्षी इतिहास-दृष्टि विकसित करती है। संत रविदास भारतीय सांस्कृतिक इतिहास के ऐसे व्यक्तित्व हैं जिनकी लोकप्रियता व्यापक रही है, लेकिन मुख्यधारा के ब्राह्मणवादी और अभिजन इतिहास-लेखन में उन्हें वह केंद्रीय स्थान लंबे समय तक नहीं मिला जिसके वे अधिकारी थे। कविता इस ऐतिहासिक उपेक्षा को चुनौती देती है। वह रविदास को किसी परिधीय संत के रूप में नहीं, बल्कि नैतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक प्रतिरोध की केंद्रीय शक्ति के रूप में प्रस्तुत करती है।

कविता का आरंभ ही रविदास को जीवित सांस्कृतिक उपस्थिति के रूप में स्थापित करता है—“नाम की आरती से जीवन को दीपित करते हुए / चन्दन की शीतल व मुलायम भाषा में।” यहाँ रविदास किसी बीते हुए युग की स्मृति नहीं हैं। वे वर्तमान जीवन को आलोकित करने वाली शक्ति हैं। उत्तर-औपनिवेशिक आलोचना का एक महत्त्वपूर्ण आग्रह यह है कि इतिहास को केवल अभिलेखों और आधिकारिक स्रोतों से नहीं, बल्कि स्मृतियों, लोकपरंपराओं और वैकल्पिक सांस्कृतिक स्रोतों से भी पढ़ा जाए। कविता इसी दिशा में कार्य करती है। वह संत रविदास को ग्रंथों के भीतर बंद नहीं रखती, बल्कि उन्हें वर्तमान सामाजिक अनुभव का हिस्सा बनाती है।

“धर्म और जाति के पाखंड से थरथराती हुई धरा पर”—यह पंक्ति उत्तर-औपनिवेशिक दृष्टि से विशेष महत्त्व रखती है। उत्तर-औपनिवेशिक आलोचना केवल औपनिवेशिक सत्ता की आलोचना तक सीमित नहीं रहती; वह उन स्वदेशी सत्ता-संरचनाओं की भी आलोचना करती है जो उत्पीड़न को बनाए रखती हैं। भारतीय संदर्भ में जाति ऐसी ही एक संरचना है। उत्तर-औपनिवेशिक चिंतक पार्थ चटर्जी और दीपेश चक्रवर्ती ने इस बात की ओर संकेत किया है कि यूरोपीय आधुनिकता के प्रतिमानों से परे भी समाजों की अपनी विशिष्ट ऐतिहासिक संरचनाएँ होती हैं। भारतीय समाज में जाति ऐसी ही एक संरचना है जिसे समझे बिना किसी भी मुक्ति-विमर्श को पूर्णतः नहीं समझा जा सकता। कविता धर्म और जाति के गठजोड़ को उजागर करती है और इस प्रकार प्रभुत्वशाली सामाजिक संरचनाओं की आलोचना करती है।

कविता की एक महत्त्वपूर्ण विशेषता यह है कि वह संत रविदास को इतिहास के नायक के रूप में पुनर्स्थापित करती है। उत्तर-औपनिवेशिक विमर्श में इसे ‘रिक्लेमिंग हिस्ट्री’ अर्थात् इतिहास की पुनर्प्राप्ति कहा जा सकता है। जिन व्यक्तित्वों और समुदायों को आधिकारिक इतिहास ने सीमांत पर रखा, उन्हें पुनः केंद्र में लाना उत्तर-औपनिवेशिक लेखन की एक प्रमुख रणनीति रही है। कविता में रविदास की उपस्थिति इसी प्रक्रिया का उदाहरण है। कवि उन्हें स्मरण नहीं करता, बल्कि उनके साथ संवाद करता है। वे उसके संघर्ष, उसकी चेतना और उसकी नैतिक दृष्टि का हिस्सा बन जाते हैं।

“तुम्हारी वेदना के धागे में / धरती को सिलते हुए देखा है”—यह पंक्ति भी उत्तर-औपनिवेशिक अर्थों में विचारणीय है। प्रभुत्वशाली इतिहास सामान्यतः विजेताओं की उपलब्धियों को दर्ज करता है; वह पीड़ा, श्रम और वंचना के इतिहास को कम महत्त्व देता है। कविता इस प्रवृत्ति का प्रतिरोध करती है। यहाँ इतिहास किसी साम्राज्य या सत्ता का इतिहास नहीं है; वह वेदना, श्रम और करुणा का इतिहास है। रविदास की वेदना समाज को जोड़ने वाली शक्ति बन जाती है। इस प्रकार कविता इतिहास की एक वैकल्पिक अवधारणा प्रस्तुत करती है जिसमें केंद्र में सत्ता नहीं, बल्कि मनुष्य का अनुभव है।

स्पिवाक के ‘सबाल्टर्न’ की अवधारणा के संदर्भ में कविता की बहुचर्चित पंक्ति—“तुम्हारे जूते के तल्ले से आज भी उठती है एक धूल”—विशेष ध्यान आकर्षित करती है। पारंपरिक सामाजिक संरचना में चर्मकार समुदाय को सामाजिक सम्मान से वंचित रखा गया। उनकी श्रम-संस्कृति को हीन माना गया। कविता उसी श्रम-संस्कृति को गरिमा और सम्मान प्रदान करती है। कवि उस धूल को अपने माथे से लगाता है। यह केवल श्रद्धा का संकेत नहीं है; यह सांस्कृतिक मूल्यों के पुनर्विन्यास का कार्य है। जिन प्रतीकों को सामाजिक रूप से निम्न माना गया था, वे यहाँ गौरव और प्रतिरोध के प्रतीक बन जाते हैं। उत्तर-औपनिवेशिक आलोचना में इसे प्रभुत्वशाली प्रतिनिधित्वों के प्रतिरोध की प्रक्रिया के रूप में देखा जा सकता है।

रणजीत गुहा ने इतिहास के ‘मौन क्षेत्रों’ (silences) की ओर ध्यान आकर्षित किया था—वे क्षेत्र जहाँ हाशिये के समुदायों की आवाज़ें अनुपस्थित कर दी गई थीं। कविता में “कसकती हुई कराहों” और “गठरियों में उलझी हुई साँसों” का उल्लेख उन्हीं मौन क्षेत्रों को श्रव्य बनाने का प्रयास है। कवि उन आवाज़ों को सुनता है जिन्हें सामाजिक व्यवस्था ने अनसुना कर दिया था। इस प्रकार कविता स्मृति और इतिहास के बीच एक ऐसा संबंध निर्मित करती है जिसमें उपेक्षित अनुभवों को अभिव्यक्ति मिलती है।

“डरे हुए ईश्वर के एकांतवास के बीच तुम हो कहीं”—इस पंक्ति को भी उत्तर-औपनिवेशिक दृष्टि से पढ़ा जा सकता है। यहाँ संस्थागत धार्मिक सत्ता की अपेक्षा मनुष्य की नैतिक उपस्थिति को अधिक महत्त्व दिया गया है। यह उस वैकल्पिक आध्यात्मिकता का संकेत है जो प्रभुत्वशाली धार्मिक संरचनाओं से अलग खड़ी होती है। संत रविदास की परंपरा स्वयं ऐसी ही प्रतिरोधी आध्यात्मिकता का प्रतिनिधित्व करती है जिसमें धार्मिक अनुभव सामाजिक समानता और मानवीय गरिमा से जुड़ जाता है।

कविता के अंतिम हिस्से में ‘बेगमपुर’ का उल्लेख उत्तर-औपनिवेशिक अर्थों में एक वैकल्पिक भविष्य-दृष्टि का निर्माण करता है। उत्तर-औपनिवेशिक चिंतन केवल अतीत की आलोचना नहीं करता; वह वैकल्पिक सामाजिक कल्पनाओं की भी खोज करता है। ‘बेगमपुर’ ऐसा ही एक प्रतिपक्षी स्वप्न है। यह उस समाज की कल्पना है जो जाति, उत्पीड़न और भय से मुक्त हो। कविता में यह स्वप्न वर्तमान संकटों के बीच आशा का स्रोत बनता है।

‘गुरु के नाम’ का उत्तर-औपनिवेशिक पाठ यह स्पष्ट करता है कि कविता केवल संत रविदास के स्मरण का पाठ नहीं है। यह इतिहास, स्मृति और सांस्कृतिक प्रतिनिधित्व के प्रश्नों से गहराई से जुड़ी हुई रचना है। यह उन आवाज़ों को केंद्र में लाती है जिन्हें प्रभुत्वशाली इतिहास-लेखन और सामाजिक संरचनाओं ने लंबे समय तक हाशिये पर रखा। संत रविदास की पुनर्प्रतिष्ठा यहाँ केवल एक संत की प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि एक वैकल्पिक ऐतिहासिक चेतना, एक प्रतिरोधी सांस्कृतिक स्मृति और एक अधिक न्यायपूर्ण सामाजिक भविष्य की पुनर्कल्पना है। यही कारण है कि कविता उत्तर-औपनिवेशिक आलोचना के लिए एक समृद्ध और बहुस्तरीय पाठ के रूप में सामने आती है।

अस्तित्ववादी परिप्रेक्ष्य में ‘गुरु के नाम’ कविता का विवेचन करने पर यह स्पष्ट होता है कि यह कविता केवल संत रविदास के सामाजिक और ऐतिहासिक महत्त्व की पुनर्स्मृति नहीं है, बल्कि मनुष्य के नैतिक अस्तित्व, उसके आत्म-चयन, सत्य के प्रति उसकी प्रतिबद्धता और जीवन के अर्थ की खोज से भी गहरे रूप में जुड़ी हुई है। यद्यपि कविता की वैचारिक भूमि सामाजिक न्याय, करुणा और प्रतिरोध से निर्मित है, फिर भी इसके भीतर ऐसे अनेक तत्त्व उपस्थित हैं जो अस्तित्ववादी चिंतन की केंद्रीय अवधारणाओं—प्रामाणिकता, नैतिक उत्तरदायित्व, चयन, आत्मनिर्माण और सत्य के साथ जीवन—को समझने की दृष्टि प्रदान करते हैं।

अस्तित्ववाद का मूल आग्रह यह है कि मनुष्य किसी पूर्वनिर्धारित सार या नियति का वाहक नहीं होता; वह अपने चुनावों, कर्मों और नैतिक निर्णयों के माध्यम से स्वयं को निर्मित करता है। ज्याँ-पॉल सार्त्र का प्रसिद्ध कथन है कि “अस्तित्व सार से पहले है” (Existence precedes essence)। इसका अर्थ है कि मनुष्य पहले अस्तित्व में आता है और बाद में अपने कर्मों से अपने जीवन का अर्थ निर्मित करता है। ‘गुरु के नाम’ में कवि संत रविदास को किसी धार्मिक आदर्श या दैवी सत्ता के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसे मनुष्य के रूप में देखता है जिसने अपने जीवन के माध्यम से सत्य, करुणा और प्रतिरोध का मार्ग चुना। यही कारण है कि कविता में रविदास की स्मृति किसी उपदेश की तरह नहीं आती; वह जीवन-पद्धति के रूप में आती है।

कविता की केंद्रीय पंक्तियों में से एक है—“कि तुम्हारी ही तरह / सच के साथ जी सका हूँ।” अस्तित्ववादी दृष्टि से यह पंक्ति विशेष महत्त्व रखती है। यहाँ ‘सच’ कोई अमूर्त दार्शनिक सिद्धांत नहीं है, न ही किसी धर्मग्रंथ में निहित शाश्वत सत्य है। यह जीवन-व्यवहार का सत्य है, जिसके साथ जीना पड़ता है और जिसकी कीमत चुकानी पड़ती है। सार्त्र और कामू दोनों के यहाँ सत्य का प्रश्न जीवन के अनुभव से जुड़ा हुआ है। मनुष्य को अपने चुनावों की जिम्मेदारी स्वयं उठानी होती है। कविता में कवि यह नहीं कहता कि उसने सत्य को जान लिया है; वह कहता है कि वह सत्य के साथ जी सका है। यह ‘जानने’ की अपेक्षा ‘जीने’ का प्रश्न है, और यही इसे अस्तित्ववादी अर्थ प्रदान करता है।

अस्तित्ववादी चिंतन में प्रामाणिकता (authenticity) का विशेष महत्त्व है। मार्टिन हाइडेगर के अनुसार अधिकांश लोग सामाजिक रूढ़ियों, सामूहिक मान्यताओं और बाहरी अपेक्षाओं के अनुरूप जीवन जीते हैं, जिससे उनका अस्तित्व अप्रामाणिक हो जाता है। प्रामाणिक जीवन वह है जिसमें व्यक्ति अपने निर्णय स्वयं करता है और उनकी जिम्मेदारी स्वीकार करता है। कविता में संत रविदास की उपस्थिति इसी प्रामाणिक जीवन का उदाहरण बनती है। वे धर्म और जाति के पाखंड से समझौता नहीं करते। वे अपने समय की अन्यायपूर्ण संरचनाओं के बीच सत्य और समानता के पक्ष में खड़े होते हैं। कवि भी उनके मार्ग का अनुसरण करते हुए अपनी नैतिक स्थिति का निर्माण करता है।

“पूरी ताकत से व्यवस्था से लड़ते हुए / कुछ कह सका हूँ”—इन पंक्तियों में अस्तित्ववादी नैतिकता का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष दिखाई देता है। अस्तित्ववाद व्यक्ति को निष्क्रिय दर्शक नहीं मानता। सार्त्र के अनुसार मनुष्य अपने कर्मों के लिए उत्तरदायी है और उसका हर चुनाव केवल उसका निजी चुनाव नहीं, बल्कि मनुष्यता के बारे में एक मूल्य-निर्णय भी होता है। कविता में कवि व्यवस्था से संघर्ष करता है और अपनी आवाज़ उठाता है। वह चुप्पी को स्वीकार नहीं करता। यह नैतिक सक्रियता अस्तित्ववादी उत्तरदायित्व की अभिव्यक्ति है।

कविता में बार-बार पीड़ा, वेदना और कराहों का उल्लेख आता है। अस्तित्ववादी दर्शन, विशेषकर अल्बेर कामू और कार्ल यास्पर्स के चिंतन में, पीड़ा मनुष्य के अस्तित्व का एक मूल अनुभव है। मनुष्य संसार की विडंबनाओं, अन्यायों और सीमाओं का सामना करता है, किंतु उसी सामना करने की प्रक्रिया में उसका व्यक्तित्व निर्मित होता है। “तुम्हारी वेदना के धागे में / धरती को सिलते हुए देखा है”—यहाँ वेदना कोई निष्क्रिय अनुभव नहीं है; वह सृजनात्मक शक्ति में रूपांतरित हो रही है। वेदना के माध्यम से समाज को जोड़ा जा रहा है। इस प्रकार पीड़ा आत्म-दया का नहीं, बल्कि नैतिक सक्रियता का स्रोत बन जाती है।

अस्तित्ववाद के आरंभिक प्रवर्तक सॉरेन कीर्केगार्द व्यक्ति की आंतरिकता और व्यक्तिगत प्रतिबद्धता पर बल देते हैं। उनके अनुसार सत्य वस्तुनिष्ठ तथ्यों में नहीं, बल्कि उस गहराई में निहित है जिसके साथ व्यक्ति किसी मूल्य के प्रति स्वयं को समर्पित करता है। कविता में संत रविदास के प्रति कवि का संबंध इसी प्रकार की आंतरिक प्रतिबद्धता का संबंध है।श्रीप्रकाश शुक्ल संत रविदास को केवल ऐतिहासिक व्यक्तित्व के रूप में नहीं देखते; वे उन्हें अपने भीतर अनुभव करते हैं। “तुम हो कहीं / मेरे पास ही यहीं”—यह उपस्थिति बाहरी नहीं, बल्कि अस्तित्वगत है।इस प्रकार रविदास कवि की चेतना का हिस्सा बन जाते हैं।

अस्तित्ववाद में अकेलेपन और संकट का अनुभव भी केंद्रीय है। कविता के अंतिम हिस्से में “जगत में बहुत सन्नाटा है” जैसी पंक्ति इसी अस्तित्वगत स्थिति को व्यक्त करती है। यह केवल सामाजिक सन्नाटा नहीं है; यह उस नैतिक और आध्यात्मिक रिक्तता का भी संकेत है जिसमें मनुष्य स्वयं को अकेला अनुभव करता है। कामू ने आधुनिक मनुष्य की स्थिति को ‘अब्सर्ड’ कहा था—एक ऐसी स्थिति जिसमें अर्थ की खोज और संसार की निस्पृहता के बीच तनाव बना रहता है। कविता में भी संसार संकटग्रस्त है—“देह है कि विषाणुओं से भरी हुई है।” लेकिन इस अंधकार के बीच कवि आशा का स्रोत खोजता है। वह संत रविदास की स्मृति में नैतिक प्रकाश पाता है। यह प्रकाश किसी धार्मिक चमत्कार से नहीं आता; यह मनुष्य की संघर्षशील चेतना से उत्पन्न होता है।

“डरे हुए ईश्वर के एकांतवास के बीच तुम हो कहीं”—यह पंक्ति अस्तित्ववादी अर्थों में विशेष रूप से विचारणीय है। अस्तित्ववादी चिंतन, विशेषकर सार्त्र और कामू के यहाँ, मनुष्य को अपनी नियति का उत्तरदायी माना गया है। यदि ईश्वर मौन है या अनुपस्थित है, तब भी मनुष्य को अपने नैतिक निर्णय स्वयं लेने होंगे। कविता में भी ईश्वर की अपेक्षा रविदास की उपस्थिति अधिक सार्थक और सक्रिय दिखाई देती है। इसका अर्थ यह नहीं कि कविता ईश्वर का निषेध कर रही है; बल्कि वह यह रेखांकित कर रही है कि मनुष्य के जीवन में नैतिक साहस और करुणा का वास्तविक स्रोत मानवीय अनुभव और संघर्ष है।

 

कविता में ‘बेगमपुर’ का उल्लेख भी अस्तित्ववादी दृष्टि से महत्त्वपूर्ण है। इसे केवल सामाजिक यूटोपिया के रूप में नहीं, बल्कि मनुष्य की आशा और अर्थ-निर्माण की क्षमता के रूप में भी पढ़ा जा सकता है। अस्तित्ववादी दर्शन निराशा का दर्शन नहीं है; वह संकटों के बीच अर्थ की खोज का दर्शन है। कवि वर्तमान के अंधकार के बावजूद ‘बेगमपुर’ की संभावना को अपने भीतर जीवित रखता है। यह संभावना ही उसे सक्रिय और प्रतिबद्ध बनाए रखती है।

कविता का समापन “भीतर के मेरे समस्त अन्धकार को प्रकाशित करते हुए” जैसी पंक्ति से होता है। अस्तित्ववादी दृष्टि से यह आत्मबोध और आत्मनिर्माण का क्षण है। संत रविदास यहाँ बाहरी गुरु नहीं रह जाते; वे कवि की आंतरिक नैतिक चेतना का हिस्सा बन जाते हैं। उनका प्रकाश किसी अलौकिक कृपा का परिणाम नहीं, बल्कि उस नैतिक विवेक का प्रतीक है जो मनुष्य को सत्य, करुणा और न्याय के पक्ष में खड़े होने की शक्ति देता है।

इस प्रकार ‘गुरु के नाम’ का अस्तित्ववादी पाठ यह स्पष्ट करता है कि कविता का केंद्र केवल सामाजिक प्रतिरोध नहीं है, बल्कि उस प्रतिरोध को संभव बनाने वाली मानवीय नैतिकता भी है। यह कविता मनुष्य को उसके चुनावों, उसकी जिम्मेदारियों और उसके सत्य के साथ संबंध के संदर्भ में देखती है। संत रविदास की स्मृति यहाँ किसी धार्मिक श्रद्धा की वस्तु नहीं, बल्कि प्रामाणिक जीवन जीने की प्रेरणा बन जाती है। कविता इस बात पर बल देती है कि मनुष्य का वास्तविक मूल्य उसके जन्म, पद या प्रतिष्ठा में नहीं, बल्कि इस बात में निहित है कि वह अन्याय के समय किस पक्ष में खड़ा होता है और अपने सत्य के साथ कितनी ईमानदारी से जी पाता है। यही इसकी अस्तित्ववादी सार्थकता है।

यूटोपियाई अध्ययन (Utopian Studies) की दृष्टि से इस कविता का विश्लेषण करने पर यह  केवल संत रविदास की स्मृति का आख्यान के बजाय वैकल्पिक सामाजिक भविष्य की कल्पना करने वाली रचना के रूप में सामने आती है। कविता में प्रयुक्त ‘बेगमपुर’ का संदर्भ इस दृष्टि से केंद्रीय महत्त्व रखता है। यद्यपि ‘बेगमपुर’ का उल्लेख कविता के अंतिम हिस्से में आता है, किंतु उसकी अर्थ-ऊर्जा पूरी कविता में व्याप्त है। यह केवल एक नगर का नाम नहीं, बल्कि न्याय, समानता, करुणा और भयमुक्त जीवन की सामूहिक आकांक्षा का प्रतीक है। इस प्रकार कविता को यूटोपियाई चेतना की एक आधुनिक अभिव्यक्ति के रूप में पढ़ा जा सकता है।

यूटोपिया की अवधारणा पर विचार करते हुए सबसे पहले थॉमस मोर की प्रसिद्ध कृति यूटोपिया (Utopia.1516) का स्मरण किया जाता है, जहाँ एक आदर्श समाज की कल्पना के माध्यम से अपने समय की सामाजिक विसंगतियों की आलोचना की गई थी। बाद के चिंतकों ने यह स्पष्ट किया कि यूटोपिया केवल काल्पनिक आदर्शलोक नहीं होता; वह वर्तमान समाज की सीमाओं और अन्यायों को समझने का एक आलोचनात्मक उपकरण भी होता है। अर्न्स्ट ब्लॉख (Ernst Bloch) ने अपनी प्रसिद्ध कृति ‘द प्रिंसिपल ऑफ़ होप’ (The Principle of Hope) में यूटोपियाई चेतना को मनुष्य की आशा और भविष्य-निर्माण की क्षमता से जोड़ा है।उनके अनुसार मनुष्य का इतिहास केवल वर्तमान का इतिहास नहीं है; वह उन संभावनाओं का भी इतिहास है जो अभी पूर्णतः साकार नहीं हुई हैं। ‘गुरु के नाम’ में ‘बेगमपुर’ इसी प्रकार की संभावना का नाम है। वह वर्तमान से असंतोष और भविष्य के प्रति आशा—दोनों का वाहक है।

फ्रेडरिक जेम्सन ने यूटोपिया को “सामाजिक कल्पना की राजनीतिक शक्ति” कहा है। उनके अनुसार यूटोपियाई कल्पनाएँ हमें यह सोचने में मदद करती हैं कि वर्तमान व्यवस्था के अतिरिक्त भी समाज को संगठित करने के अन्य तरीके संभव हैं। ‘गुरु के नाम’ में संत रविदास का ‘बेगमपुर’ ऐसी ही एक वैकल्पिक सामाजिक कल्पना का प्रतिनिधित्व करता है। कविता का पूरा वातावरण अन्याय, पीड़ा, जातिगत पाखंड, सामाजिक सन्नाटे और मानवीय संकट से निर्मित है। ऐसे परिदृश्य में ‘बेगमपुर’ केवल सांत्वना नहीं देता; वह वर्तमान व्यवस्था के विकल्प की संभावना को जीवित रखता है।

संत रविदास के मूल पदों में ‘बेगमपुरा’ एक ऐसे नगर के रूप में आता है जहाँ न कर है, न भय, न जातिगत अपमान, न सामाजिक दमन। गेल ऑम्वेट ने  यह प्रतिपादित किया है कि ‘बेगमपुरा’ को केवल आध्यात्मिक मुक्ति का रूपक मानना उसके सामाजिक आशयों को सीमित कर देना होगा। उनके अनुसार यह एक समतामूलक समाज की कल्पना है जिसमें जातिगत और सामाजिक वर्चस्व का अंत हो चुका है। श्रीप्रकाश शुक्ल की कविता इसी सामाजिक अर्थ को ग्रहण करती है। जब कवि लिखता है—“तुम हो कि बेगमपुर शहर की उम्मीद लिये / सदा जीवित हो मेरे भीतर”—तो यह स्पष्ट हो जाता है कि ‘बेगमपुर’ कोई पारलौकिक स्वर्ग नहीं, बल्कि ऐतिहासिक और सामाजिक आकांक्षा है।

यूटोपियाई अध्ययन का एक महत्त्वपूर्ण तत्त्व यह है कि आदर्श समाज की कल्पना हमेशा वर्तमान समाज की आलोचना के साथ जुड़ी होती है। यदि कविता में ‘बेगमपुर’ है, तो इसलिए कि वर्तमान संसार में दुःख, अन्याय और विषमता मौजूद हैं। कविता बार-बार इस संकटग्रस्त वर्तमान की ओर संकेत करती है—“धर्म और जाति के पाखंड से थरथराती हुई धरा”, “कसकती हुई कराहें”, “व्यवस्था से लड़ते हुए”, “जगत में बहुत सन्नाटा है”, “देह है कि विषाणुओं से भरी हुई है।” ये सभी संकेत उस यथार्थ को रेखांकित करते हैं जिसके बरक्स ‘बेगमपुर’ का स्वप्न अर्थवान बनता है। यूटोपिया यहाँ यथार्थ से पलायन नहीं है; वह यथार्थ की आलोचना का माध्यम है।

अर्न्स्ट ब्लॉख ने यूटोपियाई चेतना को ‘अभी नहीं’ (Not-Yet) की चेतना कहा था। उनके अनुसार मनुष्य हमेशा उस भविष्य की ओर उन्मुख रहता है जो अभी पूर्णतः साकार नहीं हुआ है। ‘गुरु के नाम’ में भी ‘बेगमपुर’ एक ऐसी ही ‘अभी नहीं’ की संभावना है। वह वर्तमान में उपस्थित नहीं है, लेकिन उसकी आशा जीवित है। यही आशा कवि को निराशा से बचाती है। संत रविदास की उपस्थिति इस संभावना को जीवित रखती है। वे अतीत के संत नहीं, बल्कि भविष्य के स्वप्न के वाहक बन जाते हैं।

कविता की आरंभिक पंक्तियों से लेकर अंतिम पंक्तियों तक करुणा और न्याय की जो चेतना प्रवाहित होती है, वह भी यूटोपियाई अर्थ ग्रहण करती है। “तुम्हारी वेदना के धागे में / धरती को सिलते हुए देखा है”—यह पंक्ति विशेष रूप से उल्लेखनीय है। यहाँ समाज को जोड़ने की आकांक्षा निहित है। यूटोपिया का उद्देश्य केवल एक आदर्श स्थान की कल्पना करना नहीं, बल्कि मनुष्यों के बीच ऐसे संबंधों की कल्पना करना है जो समानता और बंधुत्व पर आधारित हों। ‘धरती को सिलना’ इसी सामाजिक पुनर्निर्माण का रूपक है।

कविता में बार-बार श्रम और उपेक्षित मनुष्यों की उपस्थिति दिखाई देती है। “तुम्हारे जूते के तल्ले से आज भी उठती है एक धूल”—यह पंक्ति यूटोपियाई दृष्टि से भी महत्त्वपूर्ण है, क्योंकि न्यायपूर्ण समाज की कल्पना तभी संभव है जब श्रम को सम्मान मिले और सामाजिक पदानुक्रम समाप्त हो। बेगमपुर का स्वप्न इसी सम्मानजनक सामाजिक व्यवस्था की ओर संकेत करता है। यहाँ वह धूल किसी निम्नता का प्रतीक नहीं, बल्कि उस मानवीय श्रम की स्मृति है जिस पर समाज का निर्माण हुआ है।

यूटोपियाई अध्ययन में स्मृति और भविष्य के संबंध पर भी बल दिया जाता है। किसी आदर्श समाज की कल्पना शून्य से उत्पन्न नहीं होती; वह अतीत की स्मृतियों और ऐतिहासिक अनुभवों से पोषित होती है। ‘गुरु के नाम’ में संत रविदास की स्मृति और ‘बेगमपुर’ की आशा एक-दूसरे से गहरे रूप में जुड़ी हुई हैं। कवि अतीत की ओर इसलिए नहीं लौटता कि वह वर्तमान से भाग सके, बल्कि इसलिए कि उसे भविष्य के निर्माण के लिए नैतिक और वैचारिक संसाधन मिल सकें। इस प्रकार स्मृति भविष्य की ऊर्जा में बदल जाती है।

“डरे हुए ईश्वर के एकांतवास के बीच तुम हो कहीं”—यह पंक्ति भी यूटोपियाई अर्थों में विचारणीय है। यहाँ मुक्ति की आशा किसी दैवी हस्तक्षेप से नहीं जुड़ी है। आशा का स्रोत मनुष्य की ऐतिहासिक चेतना और सामाजिक संघर्ष है। संत रविदास की उपस्थिति इसी संघर्षशील आशा का प्रतीक बन जाती है। यूटोपिया यहाँ धार्मिक चमत्कार नहीं, बल्कि मानवीय संभावना का नाम है।

कविता का अंतिम दृश्य—“भीतर के मेरे समस्त अन्धकार को प्रकाशित करते हुए”—यूटोपियाई चेतना के आंतरिक पक्ष को उद्घाटित करता है। आदर्श समाज की कल्पना केवल बाहरी सामाजिक संरचनाओं का प्रश्न नहीं होती; वह मनुष्य के भीतर भी परिवर्तन की माँग करती है। कवि के भीतर जो प्रकाश उत्पन्न होता है, वह बेगमपुर की संभावना का ही एक रूप है। सामाजिक मुक्ति और आत्मिक जागृति यहाँ परस्पर संबद्ध दिखाई देते हैं।

‘गुरु के नाम’ का यूटोपियाई पाठ यह स्पष्ट करता है कि कविता में ‘बेगमपुर’ कोई सजावटी सांस्कृतिक संकेत नहीं है। वह पूरी कविता की वैचारिक धुरी है। उसके माध्यम से कविता वर्तमान समाज की विषमताओं की आलोचना करती है, श्रम और करुणा के मूल्यों को प्रतिष्ठित करती है, समानता और न्याय की आकांक्षा को स्वर देती है तथा एक ऐसे भविष्य की कल्पना करती है जिसमें मनुष्य भय, अपमान और अन्याय से मुक्त होकर जी सके। इस अर्थ में ‘बेगमपुर’ केवल संत रविदास का स्वप्न नहीं रह जाता; वह कविता का नैतिक क्षितिज और सामाजिक भविष्य-दर्शन बन जाता है।

इस कविता का शिल्प-सौन्दर्य उसकी अंतर्वस्तु में अन्तर्निहित वैचारिक गहनता और संवेदनात्मक ऊष्मा से अविभाज्य रूप में जुड़ा हुआ है। यह उन गिनी चुनी समकालीन  कविताओं में से है जिनमें शिल्प किसी बाहरी सज्जा या कलात्मक प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनता, बल्कि अर्थ-निर्माण की सक्रिय प्रक्रिया का अंग होता है। कविता का प्रभाव केवल उसके कथ्य से उत्पन्न नहीं होता; उसकी बिंब-योजना, रूपक-विधान, संबोधन-शैली, प्रतीकात्मकता, लयात्मक संरचना और भाषिक संयम मिलकर एक ऐसी काव्यात्मक दुनिया निर्मित करते हैं जिसमें संत रविदास की ऐतिहासिक, सामाजिक और नैतिक उपस्थिति सजीव हो उठती है।

कविता की सबसे उल्लेखनीय विशेषता उसकी बिंबात्मकता है। कवि अमूर्त विचारों को प्रत्यक्ष अनुभवों और मूर्त छवियों में रूपांतरित करता है। यही कारण है कि कविता उपदेशात्मक नहीं बनती, बल्कि संवेदना और कल्पना के स्तर पर पाठक को प्रभावित करती है। उदाहरण के लिए—“नाम की आरती से जीवन को दीपित करते हुए” में ‘नाम’, ‘आरती’ और ‘दीपित’ जैसे शब्द मिलकर एक ऐसा बिंब रचते हैं जिसमें आध्यात्मिकता, प्रकाश और आंतरिक जागरण का भाव एक साथ उपस्थित हो जाता है। यहाँ ‘नाम’ कोई धार्मिक जप नहीं, बल्कि जीवन को आलोकित करने वाली चेतना का प्रतीक बन जाता है।

“चन्दन की शीतल व मुलायम भाषा” कविता का एक और सुंदर बिंब है। भाषा को चन्दन की तरह शीतल और मुलायम कहना केवल अलंकारिक प्रयोग नहीं है। यह संत रविदास की वाणी के स्वभाव को मूर्त रूप देता है। भाषा यहाँ विचार का माध्यम भर नहीं रहती; वह स्पर्श, सुगंध और शीतलता का अनुभव कराने लगती है। इस प्रकार कविता दृश्यात्मकता के साथ-साथ स्पर्शात्मक और संवेदनात्मक गुण भी अर्जित करती है।

कविता में रूपक-विधान विशेष ध्यान आकर्षित करता है। “तुम्हारी वेदना के धागे में / धरती को सिलते हुए देखा है”—यह पूरा बिंब एक विस्तृत रूपक के रूप में काम करता है। यहाँ वेदना धागा बन जाती है और धरती एक फटे हुए वस्त्र की तरह प्रतीत होती है जिसे जोड़ा जाना है। इस रूपक की शक्ति इस बात में निहित है कि वह सामाजिक विखंडन, मानवीय करुणा और पुनर्निर्माण की प्रक्रिया को एक साथ व्यक्त कर देता है। कविता किसी वैचारिक वक्तव्य के माध्यम से नहीं, बल्कि इसी रूपक के माध्यम से यह बताती है कि संत रविदास की करुणा विभाजित समाज को जोड़ने वाली शक्ति है।

इसी प्रकार “करुणा के कपड़े में लिपटी हुई तुम्हारी आभा” का रूपक भी उल्लेखनीय है। आभा सामान्यतः प्रकाश का बोध कराती है, किंतु कवि उसे करुणा के कपड़े में लिपटा हुआ देखता है। यहाँ करुणा एक वस्त्र का रूप ग्रहण करती है और आभा को मानवीय ऊष्मा प्रदान करती है। इस प्रकार संत रविदास का व्यक्तित्व किसी अमूर्त आध्यात्मिक प्रभामंडल के रूप में नहीं, बल्कि करुणा और मानवीय संवेदना से निर्मित नैतिक उपस्थिति के रूप में उभरता है।

कविता के बिंबों की एक विशेषता यह भी है कि वे लोकजीवन और श्रम-संस्कृति से निर्मित हैं। वे किसी अभिजात या शास्त्रीय सौन्दर्य-बोध से नहीं आते। धागा, कपड़ा, जूता, धूल, गठरी, साँस—ये सभी सामान्य जीवन से लिए गए शब्द हैं। किंतु कवि इन्हीं के माध्यम से जटिल सामाजिक और दार्शनिक अर्थों का निर्माण करता है। यह संत परंपरा की लोकधर्मी विरासत से भी जुड़ता है और कविता को कृत्रिमता से बचाता है।

“तुम्हारे जूते के तल्ले से आज भी उठती है एक धूल”—यह कविता के सबसे प्रभावशाली बिंबों में से एक है। धूल सामान्यतः नगण्य और तुच्छ मानी जाती है, लेकिन यहाँ वही धूल श्रद्धा और सम्मान का केंद्र बन जाती है। इस बिंब की शक्ति उसकी बहुस्तरीयता में निहित है। एक स्तर पर यह संत रविदास के श्रम और जीवन-संघर्ष की स्मृति है; दूसरे स्तर पर यह श्रम की गरिमा का प्रतीक है; और तीसरे स्तर पर यह सामाजिक मूल्यों के पुनर्मूल्यांकन का संकेत है। इस प्रकार एक साधारण वस्तु कविता में गहन सांस्कृतिक और वैचारिक अर्थ ग्रहण कर लेती है।

कविता में प्रतीकात्मकता का भी सुंदर निर्वाह हुआ है। ‘धूल’, ‘धरती’, ‘महाकाश’, ‘आकाश’, ‘सन्नाटा’, ‘अन्धकार’ और ‘प्रकाश’ जैसे शब्द अपने प्रत्यक्ष अर्थों से आगे बढ़कर प्रतीकात्मक अर्थक्षेत्र निर्मित करते हैं। ‘महाकाश’ संत रविदास की विराट चेतना का प्रतीक बन जाता है। ‘अन्धकार’ केवल प्रकाश का अभाव नहीं, बल्कि सामाजिक, नैतिक और वैचारिक संकटों का संकेत है। इसी प्रकार ‘प्रकाश’ ज्ञान, विवेक और मुक्ति का प्रतीक बनकर उभरता है।

कविता की संबोधन-शैली भी उसके शिल्प का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष है। पूरी कविता ‘तुम’ के संबोधन पर आधारित है। यह ‘तुम’ संत रविदास को एक जीवित संवाद-संबंध में उपस्थित करता है। कवि उनके बारे में नहीं बोलता, बल्कि उनसे बात करता है। इस शैली के कारण कविता में आत्मीयता, निकटता और भावात्मक ऊष्मा उत्पन्न होती है। संबोधन-प्रधान संरचना कविता को एकालाप और संवाद के बीच की स्थिति में रखती है। पाठक को ऐसा अनुभव होता है कि वह किसी ऐतिहासिक व्यक्तित्व का वर्णन नहीं पढ़ रहा, बल्कि एक जीवंत आत्मिक संवाद का साक्षी है।

“ओ महाकाश!” जैसे संबोधन कविता की भावात्मक ऊँचाई को और अधिक विस्तृत करते हैं। यह संबोधन संत रविदास की चेतना को सीमित ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य से निकालकर एक व्यापक मानवीय और नैतिक क्षितिज पर स्थापित करता है। यहाँ संबोधन केवल सम्मान का संकेत नहीं है; वह काव्यात्मक विस्तार का उपकरण भी है।

कविता का एक उल्लेखनीय शिल्पगत गुण उसका लयात्मक प्रवाह है। यह कविता छंदबद्ध नहीं है, किंतु उसकी पंक्तियों में एक आंतरिक लय विद्यमान है। छोटे और बड़े वाक्यखंडों का संतुलन, विरामों का संयमित प्रयोग तथा संबोधन और स्मरण की आवर्ती संरचना कविता को स्वाभाविक संगीतात्मकता प्रदान करती है। यह लय भावुकता उत्पन्न नहीं करती, बल्कि विचार और संवेदना के प्रवाह को नियंत्रित करती है।

भाषा की दृष्टि से कविता ‘धर्म भाषा’ और ‘दीक्षागम्य भाषा’ से परहेज करती हुई ख़ास तरह के रचनात्मक संयम का परिचय देती है। इसमें न तो अलंकारों का अनावश्यक प्रदर्शन है और न ही वैचारिक घोषणाओं की कठोरता। भाषा सरल है, किंतु अर्थ-संरचना जटिल और बहुस्तरीय है। कवि बड़े सामाजिक और दार्शनिक प्रश्नों को साधारण शब्दों में व्यक्त करता है। यही उसकी काव्यात्मक शक्ति है। उदाहरण के लिए “डरे हुए ईश्वर के एकांतवास के बीच” जैसी पंक्ति में कोई जटिल शब्दावली नहीं है, लेकिन उसका अर्थक्षेत्र व्यापक है। यह पंक्ति धार्मिक सत्ता, आध्यात्मिक रिक्तता और मानवीय उपस्थिति जैसे अनेक प्रश्नों को एक साथ खोल देती है।

कविता में भाव और विचार का संतुलन भी उसके शिल्प-सौन्दर्य का एक केंद्रीय तत्त्व है। कई बार वैचारिक कविता नारेबाजी का शिकार हो जाती है और कई बार भावप्रधान कविता विचारहीन संवेदनशीलता तक सीमित रह जाती है। ‘गुरु के नाम’ इन दोनों अतियों से बचती है। इसमें करुणा है, श्रद्धा है, आत्मीयता है, किंतु साथ ही सामाजिक आलोचना, नैतिक प्रश्नाकुलता और वैचारिक सजगता भी है। यही संतुलन कविता को प्रभावी बनाता है।

समग्रतः ‘गुरु के नाम’ का शिल्प-सौन्दर्य उसकी बिंबात्मक सघनता, रूपक-विधान की अर्थवत्ता, लोकजीवन से ग्रहण की गई प्रतीक-योजना, आत्मीय संबोधन-शैली, लयात्मक प्रवाह और भाव-विचार के संतुलन में निहित है। कविता का प्रत्येक प्रमुख बिंब अपने भीतर एक विस्तृत अर्थ-संसार समेटे हुए है। ‘वेदना के धागे’, ‘करुणा के कपड़े’, ‘जूते के तल्ले से उठती धूल’ और ‘डरे हुए ईश्वर का एकांतवास’ जैसे बिंब केवल कलात्मक सजावट नहीं हैं; वे कविता की वैचारिक संरचना के आधार-स्तंभ हैं। इन्हीं के माध्यम से कविता संत रविदास की स्मृति को सामाजिक न्याय, करुणा, श्रम-सम्मान और मानवीय मुक्ति की व्यापक चिंताओं से जोड़ती है तथा अपने शिल्प को अर्थ और संवेदना की गहरी एकता में रूपांतरित कर देती है।

प्रसंगवश निराला की ‘संत कवि रविदासजी के प्रति’ और श्रीप्रकाश शुक्ल की ‘गुरु के नाम’ कविताओं पर तुलनात्मक नज़रिए से विचार करना ज़रूरी है :

सन्त कवि रविदासजी के प्रति

ज्ञान के आकर मुनीश्वर थे परम
धर्म के ध्वज, हुए उनमें अन्यतम,
पूज्य अग्रज भक्त कवियों के, प्रखर
कल्पना की किरण नीरज पर सुघर
पड़ी ज्यों अँगड़ाइयाँ लेकर खड़ी
हो गई कविता कि आई शुभ घड़ी
जाति की, देखा सभी ने मीचकर
दृग, तुम्हें श्रद्धा-सलिल से सींचकर।
रानियाँ अवरोध की घेरी हुई
वाणियाँ ज्यों बनीं जब चेरी हुईं।
छुआ पारस भी नहीं तुमने, रहे
कर्म के अभ्यास में, अविरत बहे
ज्ञान-गङ्गा में, समुज्ज्वल चर्मकार,
चरण छूकर कर रहा मैं नमस्कार।

निराला

गौरतलब है कि दोनों कविताओं के रचना-काल में लगभग आधी शताब्दी का अंतराल है। इस वजह से संत कवि रविदास को केंद्र में रखकर लिखी जाने के बावजूद उनकी काव्य-दृष्टि, सांस्कृतिक संवेदना, ऐतिहासिक चेतना और रचनात्मक अभिप्राय में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। दोनों कविताएँ संत रविदास के प्रति गहन श्रद्धा की अभिव्यक्ति हैं, परन्तु निराला जहाँ मुख्यतः संत रविदास के ऐतिहासिक व्यक्तित्व, उनके ज्ञान, कर्म और जाति-व्यवस्था के विरुद्ध उनके नैतिक उत्कर्ष को प्रतिष्ठित करते हैं, वहीं श्रीप्रकाश शुक्ल संत रविदास को एक जीवित नैतिक उपस्थिति, सांस्कृतिक स्मृति, प्रतिरोध की ऊर्जा और समकालीन मनुष्य के भीतर सक्रिय विवेक के रूप में देखते हैं। इस प्रकार निराला की कविता स्मरण और सम्मान की कविता है, जबकि श्रीप्रकाश शुक्ल की  कविता संवाद, आत्मालाप और आध्यात्मिक-राजनीतिक सहयात्रा के साथ ही प्रतिरोध की कविता बन जाती है।

निराला की कविता ऐसे समय में लिखी गई जब भारतीय समाज राष्ट्रीय जागरण, सामाजिक सुधार और जातिगत विषमता के विरुद्ध वैचारिक संघर्षों से गुजर रहा था। इसलिए उनकी दृष्टि में रविदास केवल भक्त कवि नहीं, बल्कि भारतीय समाज के नैतिक पुनर्जागरण के महान प्रतिनिधि हैं। कविता का आरम्भ ही उन्हें “ज्ञान के आकर”, “धर्म के ध्वज” और “भक्त कवियों के पूज्य अग्रज” कहकर होता है। यहाँ रविदास का व्यक्तित्व भारतीय आध्यात्मिक परंपरा के शीर्ष पर प्रतिष्ठित होता है। निराला की भाषा संस्कृतनिष्ठ है, जिसमें महाकाव्यात्मक गरिमा और प्रशस्ति का स्वर विद्यमान है। वे रविदास को सामाजिक अपमान से उठकर ज्ञान और कर्म की शक्ति से विश्वमानव बनने वाले संत के रूप में चित्रित करते हैं। “ज्ञान-गङ्गा में, समुज्ज्वल चर्मकार” जैसी पंक्ति में जातिगत पहचान को मिटाया नहीं गया है; बल्कि उसे ज्ञान के आलोक में रूपांतरित कर दिया गया है। यह भारतीय आधुनिकता का वह नैतिक आग्रह है जो जाति को स्वीकार करते हुए भी उसे मनुष्य की अंतिम पहचान नहीं मानता।

इसके विपरीत श्रीप्रकाश शुक्ल की कविता में रविदास किसी ऐतिहासिक स्मारक की तरह उपस्थित नहीं हैं। वे कवि के भीतर साँस लेते हैं, उसके संघर्षों को दिशा देते हैं और उसके नैतिक निर्णयों में सक्रिय रहते हैं। कविता का आरम्भ ही “नाम की आरती से जीवन को दीपित करते हुए” जैसी पंक्ति से होता है, जहाँ भक्ति कोई धार्मिक कर्मकाण्ड नहीं, बल्कि जीवन को आलोकित करने वाली चेतना है। यह आरती मंदिर की नहीं, जीवन की आरती है। चन्दन की शीतल भाषा और जगत की उष्णता के बीच जो विरोध रचा गया है, वह संत रविदास की वाणी की नैतिक प्रकृति को उद्घाटित करता है। उनकी भाषा हिंसा का उत्तर हिंसा से नहीं, बल्कि करुणा और शीतलता से देती है। यहाँ भाषा स्वयं एक नैतिक कर्म है।

निराला की कविता का केंद्रीय बिम्ब “चर्मकार” है, जबकि श्रीप्रकाश शुक्ल की कविता का केंद्रीय बिम्ब “गुरु” है। यह अंतर केवल संबोधन का नहीं, बल्कि दृष्टि का भी है। निराला उस सामाजिक व्यवस्था की आलोचना करते हैं जिसने एक चर्मकार को उपेक्षित बनाया, किन्तु उसके ज्ञान के आगे अंततः झुकना पड़ा। दूसरी ओर श्रीप्रकाश शुक्ल जातिगत संदर्भ को पार कर गुरु-शिष्य संबंध की ऐसी परंपरा रचते हैं जिसमें जाति अप्रासंगिक हो जाती है और नैतिक अनुभव ही संबंध का आधार बनता है। इसीलिए वे कहते हैं कि “तुम्हारी गुरु कृपा में एक छायामय जगह पाई है।” यह छाया सुरक्षा की नहीं, बल्कि नैतिक आश्रय की छाया है।

निराला के यहाँ रविदास के कर्म और ज्ञान का गौरव प्रमुख है। “छुआ पारस भी नहीं तुमने” कहकर वे इस तथ्य को रेखांकित करते हैं कि रविदास ने किसी चमत्कार, सिद्धि या अलौकिक शक्ति का सहारा नहीं लिया। उनका वास्तविक पारस उनका श्रम था। यह श्रम भारतीय भक्ति परंपरा में श्रम की गरिमा का उद्घोष है। निराला श्रम और ज्ञान को एक-दूसरे का विरोधी नहीं, बल्कि पूरक मानते हैं। चर्मकार का हाथ और मनीषी का मस्तिष्क एक ही मनुष्य में एकाकार हो जाते हैं।

श्रीप्रकाश शुक्ल इसी श्रम की परंपरा को और अधिक गहन सांस्कृतिक अर्थ देते हैं। वे लिखते हैं—”तुम्हारी वेदना के धागे में धरती को सिलते हुए देखा है।” यह आधुनिक हिन्दी कविता की अत्यंत महत्त्वपूर्ण रूपक-रचना है। यहाँ रविदास केवल जूते नहीं सिल रहे; वे पूरी पृथ्वी को सिल रहे हैं। वे मनुष्यता की फटी हुई देह को जोड़ रहे हैं। उनके धागे चमड़े के नहीं, वेदना के हैं। इस एक रूपक में श्रम, करुणा, इतिहास और सामाजिक पुनर्निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया समाहित हो जाती है। निराला के यहाँ श्रम गौरव का प्रतीक है; श्रीप्रकाश शुक्ल के यहाँ वही श्रम सभ्यता की मरम्मत का कार्य बन जाता है।

दोनों कविताओं में जाति-विरोध की चेतना विद्यमान है, किन्तु उसकी अभिव्यक्ति का ढंग अलग है। निराला जाति की संकीर्णता पर व्यंग्य करते हुए लिखते हैं कि लोगों ने आँखें मींचकर भी अंततः श्रद्धा से रविदास को सींचा। यह उस ऐतिहासिक विडम्बना की ओर संकेत है जिसमें समाज किसी संत को स्वीकार तो करता है, किन्तु उसके जीवनकाल में उसे सम्मान नहीं देता। दूसरी ओर श्रीप्रकाश शुक्ल जाति-विरोध को वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक संदर्भों में विस्तृत करते हैं। “धर्म और जाति के पाखंड से थरथराती हुई धरा” केवल मध्यकालीन समाज का चित्र नहीं है; यह हमारे समय की भी तस्वीर है। यहाँ रविदास का संघर्ष समाप्त नहीं हुआ है; वह आज भी जारी है। इसीलिए कवि कहता है कि उन्हीं की तरह “सच के साथ जी सका हूँ।”

निराला के यहाँ श्रद्धा का स्वर अधिक है, जबकि श्रीप्रकाश शुक्ल के यहाँ आत्मसात् का स्वर अधिक है। निराला चरण स्पर्श करते हैं—”चरण छूकर कर रहा मैं नमस्कार।” यह भारतीय गुरु-परंपरा की विनम्रता है। परन्तु श्रीप्रकाश शुक्ल के यहाँ दूरी समाप्त हो जाती है। वे कहते हैं—”तुम हो कहीं / मेरे पास ही यहीं।” यह निकटता केवल भावात्मक नहीं है; यह अस्तित्वगत है। संत बाहर नहीं, भीतर निवास करते हैं। उनकी उपस्थिति मनुष्य के विवेक में है।

यदि दोनों कविताओं की काव्यभाषा की तुलना की जाए तो निराला की भाषा में संस्कृतनिष्ठ वैदुष्य, लय और प्रशस्ति का विन्यास मिलता है। उनकी कविता छंदबद्ध अनुशासन और अलंकारिक विन्यास से निर्मित होती है। इसके विपरीत श्रीप्रकाश शुक्ल मुक्तछंद का सहारा लेते हैं। उनकी भाषा में बोलचाल की सहजता है, किन्तु उसके भीतर गहरे प्रतीक सक्रिय हैं। “वेदना के धागे”, “करुणा के कपड़े”, “जूते के तल्ले से उठती धूल”, “डरा हुआ ईश्वर”, “बेगमपुर शहर” और “भीतर का अन्धकार” जैसे बिम्ब उनकी कविता को समकालीन काव्यभाषा का विशिष्ट स्वर प्रदान करते हैं।

विशेष रूप से “तुम्हारे जूते के तल्ले से आज भी उठती है एक धूल” जैसी पंक्ति पर ध्यान देना आवश्यक है। निराला ने चरणों को प्रणाम किया था; श्रीप्रकाश शुक्ल जूते की धूल को माथे से लगाते हैं। यहाँ जूता अपमान का नहीं, श्रम का प्रतीक है। वह धूल किसी सड़क की नहीं, संघर्ष की धूल है। उसे माथे से लगाना श्रम-संस्कृति, समता और मानवीय गरिमा को अपने जीवन का मूल्य बना लेना है। इस प्रकार कविता सामाजिक प्रतीकों का पुनर्मूल्यांकन करती है। जिसे वर्णव्यवस्था ने नीचा माना, वही यहाँ पवित्रतम बन जाता है।

श्रीप्रकाश शुक्ल की कविता में “डरे हुए ईश्वर” का बिम्ब ख़ास तौर से उल्लेखनीय है। यह आधुनिक समय की धार्मिक विडम्बना पर गहरी टिप्पणी है। ऐसा ईश्वर जो सत्ता, हिंसा और पाखंड के बीच एकांतवास में चला गया है, उसके बरक्स रविदास जीवित नैतिक शक्ति के रूप में उपस्थित हैं। इस प्रकार कविता धर्म और अध्यात्म के बीच एक महत्त्वपूर्ण भेद स्थापित करती है। संस्थागत धर्म भयभीत हो सकता है, किन्तु संत की करुणा नहीं। निराला की कविता में धर्म का आदर्श रूप उपस्थित है; श्रीप्रकाश शुक्ल की कविता में धर्म की समकालीन विफलता का आलोचनात्मक बोध भी जुड़ जाता है।

दोनों कविताओं में करुणा एक केंद्रीय मूल्य है। निराला की करुणा सामाजिक सम्मान की पुनर्स्थापना में व्यक्त होती है। श्रीप्रकाश शुक्ल की करुणा सक्रिय प्रतिरोध का रूप ग्रहण करती है। वे करुणा को निष्क्रिय दया नहीं बनने देते। उनकी कविता में करुणा व्यवस्था से लड़ने की नैतिक शक्ति है। यही कारण है कि वे कराहों को सुनते हैं, व्यवस्था से लड़ते हैं और सच के साथ जीने का साहस अर्जित करते हैं। इस अर्थ में उनकी कविता संत रविदास की परंपरा का केवल स्मरण नहीं करती, बल्कि उसे वर्तमान सामाजिक संघर्षों में पुनर्सक्रिय करती है।

कविता के अंतिम हिस्से में “बेगमपुर शहर” का उल्लेख संत रविदास की प्रसिद्ध कल्पना को समकालीन यूटोपिया में रूपांतरित कर देता है। निराला ने रविदास के ऐतिहासिक व्यक्तित्व का महिमामंडन किया; श्रीप्रकाश शुक्ल उनके स्वप्न को वर्तमान की नैतिक परियोजना बना देते हैं। “बेगमपुर” यहाँ केवल आध्यात्मिक मुक्ति का नगर नहीं, बल्कि जाति, भय, महामारी, असमानता और अन्याय से मुक्त मानवीय समाज की आकांक्षा है। विशेष रूप से “देह है कि विषाणुओं से भरी हुई है” जैसी पंक्ति कविता को हमारे समय की वैश्विक मानवीय त्रासदी से जोड़ देती है। इससे स्पष्ट होता है कि रविदास का संदेश किसी एक युग तक सीमित नहीं है; वह हर उस समय में प्रासंगिक है जब मनुष्य भय और विभाजन से घिरा हो।

इस प्रकार निराला और श्रीप्रकाश शुक्ल की कविताएँ संत रविदास की परंपरा के दो अलग-अलग ऐतिहासिक क्षणों का प्रतिनिधित्व करती हैं। निराला ने भारतीय आधुनिकता को संत रविदास के माध्यम से सामाजिक समानता, श्रम की गरिमा और ज्ञान की सार्वभौमिकता का नैतिक आधार प्रदान किया। श्रीप्रकाश शुक्ल उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रविदास को स्मृति से वर्तमान में, श्रद्धा से संघर्ष में, इतिहास से जीवित नैतिक चेतना में और भक्ति से सामाजिक प्रतिरोध में रूपांतरित कर देते हैं। इसलिए जहाँ निराला की कविता संत रविदास के व्यक्तित्व का सांस्कृतिक अभिषेक है, वहीं श्रीप्रकाश शुक्ल की कविता उनके विचार, करुणा, श्रम, समता और बेगमपुर के स्वप्न को समकालीन मनुष्य की आत्मा में पुनर्स्थापित करने वाली सृजनात्मक साधना है। दोनों कविताएँ मिलकर यह प्रमाणित करती हैं कि संत रविदास भारतीय काव्य-परंपरा में केवल एक भक्त कवि नहीं, बल्कि मनुष्य की गरिमा, श्रम की प्रतिष्ठा, करुणा की राजनीति और न्यायपूर्ण भविष्य की अखंड नैतिक संभावना के सबसे दीप्त प्रतीकों में से एक हैं। इत्यलम्

सन्दर्भ

बुनियादी पाठ

शुक्ल,श्रीप्रकाश. ‘गुरु के नाम’. (कविता) ‘झुकना किसी को रोपना है’(चयन और भूमिका: विन्ध्याचल यादव).पृ.185-186.राधाकृष्ण प्रकाशन, दिल्ली

अन्य ग्रन्थ

शुक्ल,श्रीप्रकाश. भक्ति का लोकवृत्त और रविदास की कविताई.2025. सेतु प्रकाशन.दिल्ली

शर्मा,रामविलास.परम्परा का मूल्यांकन. राजकमल प्रकाशन दिल्ली.

सिंह,नामवर.दूसरी परम्परा की खोज. राजकमल प्रकाशन.दिल्ली

अंग्रेज़ी ग्रन्थ

Ambedkar, B. R. Annihilation of Caste: The Annotated Critical Edition. Edited by S. Anand, Navayana, 2014.

Assmann, Jan. Cultural Memory and Early Civilization: Writing, Remembrance, and Political Imagination. Cambridge UP, 2011.

Bloch, Ernst. The Principle of Hope. Translated by Neville Plaice et al., MIT P, 1986. 3 vols.

Camus, Albert. The Myth of Sisyphus and Other Essays. Translated by Justin O’Brien, Vintage, 1991.

Chakrabarty, Dipesh. Provincializing Europe: Postcolonial Thought and Historical Difference. Princeton UP, 2000.

Chatterjee, Partha. The Nation and Its Fragments: Colonial and Postcolonial Histories. Princeton UP, 1993.

Guha, Ranajit. Elementary Aspects of Peasant Insurgency in Colonial India. Oxford UP, 1983.

Heidegger, Martin. Being and Time. Translated by John Macquarrie and Edward Robinson, Harper, 1962.

Jaspers, Karl. Philosophy. Translated by E. B. Ashton, U of Chicago P, 1969-1971. 3 vols.

Kierkegaard, Søren. Fear and Trembling. Edited and translated by Howard V. Hong and Edna H. Hong, Princeton UP, 1983.

Lohia, Rammanohar. Works on caste, including discussions in Jati Pratha and concepts like Saptkranti.

Marx, Karl, and Friedrich Engels. The Communist Manifesto. Edited by Samuel H. Beer, Crofts, 1955. (Representative of Marxist-Leninist-Maoist framework referenced.)

More, Thomas. Utopia. Translated by Robert M. Adams, Norton, 1992.

Omvedt, Gail. Seeking Begumpura: The Social Vision of Anticaste Intellectuals. Navayana, 2008.

Said, Edward W. Orientalism. Pantheon, 1978.

Sartre, Jean-Paul. Existentialism Is a Humanism. Translated by Carol Macomber, Yale UP, 2007.

Spivak, Gayatri Chakravorty. “Can the Subaltern Speak?” Marxism and the Interpretation of Culture, edited by Cary Nelson and Lawrence Grossberg, U of Illinois P, 1988, pp. 271-313.


रवि रंजन

जन्म :  1962, मुज़फ्फ़रपुर,बिहार

शिक्षा :   पी-एच.डी.

रूचि के क्षेत्र :  भक्तिकाव्य,  आधुनिक हिन्दी कविता,  आलोचना,  साहित्य का समाजशास्त्र,

प्रकाशित कृतियाँ :   ‘नवगीत का विकास और राजेंद्र प्रसाद सिंह’, ‘प्रगतिवादी कविता में वस्तु और रूप’,  ‘सृजन और समीक्षा:विविध आयाम’, ‘भक्तिकाव्य का समाजशास्त्र पदमावत’, ‘अनमिल आखर’ , ‘आलोचना का आत्मसंघर्ष’ (सं) वाणी प्रकाशन,दिल्ली (2011),  ‘साहित्य का समाजशास्त्र और सौंदर्यशास्त्र: व्यावहारिक परिदृश्य’ (2012),वाणी प्रकाशन, ‘वारसा डायरी’(2022), ‘लोकप्रिय हिन्दी कविता का समाजशास्त्र’(2026), वाणी प्रकाशन, दिल्ली

विभिन्न साहित्यिक पत्र-पत्रिकाओं में हिन्दी एवं अंग्रेज़ी में सौ से अधिक आलेख प्रकाशित.

राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में भागीदारी.

‘वारसा डायरी’ के लिए ‘जयपुर साहित्य सम्मान  (2023)

प्रतिनियुक्ति : 2005 से 2008 तक सेंटर फॉर इंडिया स्टडीज़, पेकिंग विश्वविद्यालय,बीजिंग एवं नवम्बर 2015 से सितम्बर 2018 तक वारसा विश्वविद्यालय,पोलैंड में भारतीय सांस्कृतिक सम्बन्ध परिषद् द्वारा स्थापित पीठ (चेयर) पर विजिटिंग प्रोफ़ेसर

प्रोफ़ेसर एवं पूर्व-अध्यक्ष (सेवा निवृत्त), हिन्दी विभाग, मानविकी संकाय, हैदराबाद केन्द्रीय विश्वविद्यालय, हैदराबाद  ई.मेल. :  raviranjan@uohyd.ac.in मो.9000606742

 

 

 

 

 

 

 

 


Discover more from रचना समय

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Categorized in: