मुक्तिबोध की लंबी कविता ‘अँधेरे में’ आधुनिक हिन्दी कविता में व्यक्ति के आत्मसंघर्ष और  सामाजिक यथार्थ के बीच गहरे संबंधों को सामने लाती है। प्रोफ़ेसर रवि रंजन ने अपने में इस संबंध की पड़ताल करते हुए कविता के आत्मालोचनात्मक स्वर, सत्ता और बौद्धिक वर्ग के गठजोड़ तथा व्यक्तिगत चेतना से सामूहिक संघर्ष की ओर बढ़ने की प्रक्रिया का गहन विश्लेषण किया है।

सत्ता के भयावह ‘प्रोसेशन’, साहित्यिक और बौद्धिक वर्ग की चुप्पी, जनता की सामूहिक चेतना तथा गांधी और शिशु के प्रतीकों के विश्लेषण से यह आलेख कविता के व्यापक सामाजिक अर्थों को सामने लाता है। साथ ही फैंटेसी, स्वप्न-विधान, बिंबों और भाषा की लय पर विचार करते हुए इसमें स्पष्ट कहा गया है कि मुक्तिबोध की कविता का शिल्प उसके वैचारिक संघर्ष से अलग नहीं है। यह अध्ययन साहित्यिक आलोचना और समाजशास्त्रीय दृष्टि को एक साथ रखकर ‘अँधेरे में’ की नयी व्याख्यात्मक सम्भावनाएँ सामने लाता है।

उम्मीद है कि इससे ‘अँधेरे में’ कविता के अध्येताओं के साथ ही इसके अध्ययन-अध्यापन से जुड़े विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं युवा अध्यापकों को कुछ न कुछ मदद ज़रूर मिलेगी.

 —हरि भटनागर

‘अँधेरे में’: आधुनिक मिुष्य, सत्ता और आत्मालोचि का समाजशास्त्र
रवि रंजन

गजानन माधव मुक्तिबोध (1917-1964) की ‘अँधेरे में’ आधुनिक हिन्दी कविता की ऐसी कालजयी रचना है जिसमें मनुष्य की भीतरी बेचैनी अपने समय के सामाजिक और राजनीतिक संकट से गहराई से जुड़ती है। इस कविता की ख़ासियत यह है कि मुक्तिबोध सत्ता, शोषण और सामाजिक विडम्बनाओं को सिर्फ़ बाहरी दुनिया की समस्याओं के रूप में नहीं देखते। वे यह भी दिखाते हैं कि ये समस्याएँ मनुष्य की चेतना, नैतिकता और आत्मबोध को किस तरह प्रभावित करती हैं। ‘अँधेरे में’ का अँधेरा सिर्फ़ भय या निराशा का संकेत नहीं है। वह ऐसी जटिल सामाजिक स्थिति को सामने लाता है जिसमें व्यक्ति सच्चाई को पहचानता तो है, लेकिन उसे अपने जीवन और व्यवहार में उतारने के लिए संघर्ष करता रहता है। कविता का ‘मैं’ इन्हीं अन्तर्विरोधों से जूझता आधुनिक मध्यवर्गीय बुद्धिजीवी है। वह अन्याय, शोषण और सत्ता के चरित्र को समझता है, लेकिन अपने जीवन में मौजूद सुविधाओं, अनहोनी की आशंका, भय, समझौतों और निष्क्रियता से भी जूझता है। उसके लिए आत्मालोचन कोई निजी मानसिक कसरत नहीं, बल्कि सामाजिक ज़िम्मेदारी तक पहुँचने का रास्ता है। ज्ञान और कर्म, आदर्श और व्यवहार तथा संवेदना और सुविधा के बीच की दूरी ही उसके आत्मसंघर्ष को जन्म देती है। इसीलिए कविता का ‘मैं’ दूसरों पर फ़ैसला सुनाने से पहले ख़ुद को कठघरे में खड़ा करता है और अपने आपसे सवाल पूछता है।

कार्ल मार्क्स और मिशेल फ़ूको के विचार इस कविता के अलग-अलग, लेकिन एक-दूसरे से जुड़े पहलुओं को समझने में मदद करते हैं। मार्क्स की वर्ग और शोषण सम्बन्धी अवधारणाओं के सहारे ‘अँधेरे में’ के मध्यवर्गीय बुद्धिजीवी की सामाजिक स्थिति और उसके वर्गीय अन्तर्विरोधों को समझा जा सकता है। दूसरी ओर, फ़ूको के सत्ता सम्बन्धी विचार बताते हैं कि सत्ता सिर्फ़ राज्य या किसी शासक संस्था तक सीमित नहीं रहती। वह सामाजिक सम्बन्धों, ज्ञान, अनुशासन, भय और आत्मनियन्त्रण के ज़रिये व्यक्ति की चेतना को भी प्रभावित करती है। कविता का ‘प्रोसेशन’ सत्ता के इसी व्यापक रूप का भयावह दृश्य प्रस्तुत करता है। इसमें राजनीतिक सत्ता के साथ समाज के प्रतिष्ठित और बौद्धिक चेहरे भी दिखाई देते हैं।

यहीं कविता का निजी संकट एक व्यापक सामाजिक सवाल बन जाता है। कविता के ‘मैं’ को सिर्फ़ बाहरी दमन का डर नहीं सताता। वह अपने भीतर के समझौतों और अपनी अधूरी नैतिकता से भी परेशान है। इसीलिए कविता में अपराधबोध, आत्मालोचन और प्रतिरोध एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। मुक्तिबोध के लिए प्रतिरोध का अर्थ केवल सत्ता के विरुद्ध आवाज़ उठाना नहीं है। इसके लिए व्यक्ति को अपने भीतर के उस डर और सुविधाभोगी मानसिकता से भी लड़ना होगा जो उसे सत्ता के सामने निष्क्रिय बना देती है। ‘अभिव्यक्ति के सारे ख़तरे’ उठाने की आकांक्षा इसी नैतिक ज़िम्मेदारी से पैदा होती है।

कविता का सामाजिक संसार भी इसी कारण जटिल है। पत्रकार, आलोचक, साहित्यकार और दूसरे प्रतिष्ठित लोग जब सत्ता के जुलूस में दिखाई देते हैं, तो सवाल केवल राजनीतिक सत्ता का नहीं रह जाता। वह बौद्धिक और सांस्कृतिक जीवन की भूमिका से भी जुड़ जाता है। ग्राम्शी की ‘हेजेमनी’ या सांस्कृतिक वर्चस्व की अवधारणा इस स्थिति को समझने में मदद करती है। ग्राम्शी के अनुसार कोई शासक वर्ग केवल बल के सहारे अपना प्रभुत्व कायम नहीं रख सकता। इसके लिए उसे समाज की सांस्कृतिक और वैचारिक स्वीकृति भी चाहिए। मुक्तिबोध अपने आत्मसंघर्ष के दौरान सत्ता को मिलने वाली इसी स्वीकृति की प्रक्रिया को पहचानते हैं।

लेकिन यह कविता केवल मध्यवर्गीय बुद्धिजीवी की विफलता की कहानी नहीं है। इसके उत्तरार्ध में जनता की सामूहिक उपस्थिति, लोगों की मुट्ठियों से फूटती रोशनी, गाँधी की स्मृति और शिशु का बिम्ब कविता को एक नयी दिशा देते हैं। अकेला ‘मैं’ धीरे-धीरे समझने लगता है कि उसकी मुक्ति केवल अपने व्यक्तित्व को पूर्ण बनाने में नहीं, बल्कि व्यापक सामाजिक जीवन से जुड़ने में है। जनता यहाँ इतिहास की निष्क्रिय पृष्ठभूमि नहीं है। वह समाज को बदलने की सम्भावित शक्ति के रूप में सामने आती है। गाँधी अतीत की नैतिक विरासत को वर्तमान के सामने रखते हैं, जबकि शिशु आने वाले समय की उस सम्भावना का संकेत देता है जिसे वर्तमान पीढ़ी को आकार देना है।

कविता की फैंटेसी और स्वप्न-विधान भी इसी सामाजिक और नैतिक जटिलता को व्यक्त करते हैं। सुरंगें, खोहें, रहस्यमय चेहरा, बदलते दृश्य, प्रोसेशन और मशालें केवल विचित्र कल्पनाएँ नहीं हैं। इनके ज़रिये मुक्तिबोध उस सच्चाई को सामने लाते हैं जिसे सीधे बयान करने पर उसकी पूरी भयावहता और पेचीदगी को समझना कठिन हो सकता है। कविता में स्वप्न और यथार्थ, स्मृति और वर्तमान तथा निजी अनुभव और इतिहास लगातार एक-दूसरे में घुलते रहते हैं। इसीलिए कविता का समय भी सीधी रेखा में आगे नहीं बढ़ता। अतीत की स्मृतियाँ वर्तमान को परखने का आधार बनती हैं और भविष्य की आशंकाएँ वर्तमान के प्रति मनुष्य की ज़िम्मेदारी को और बढ़ा देती हैं।

कविता का शिल्प भी इन अनुभवों के अनुरूप विकसित होता है। दृश्य लगातार बदलते हैं। आत्मसंवाद और बाहरी दुनिया के दृश्य एक-दूसरे में घुलते हैं। प्रतीकों के अर्थ स्थिर नहीं रहते और कविता बार-बार अपने ही सवालों की ओर लौटती है। उसका तनाव किसी एक घटना से पैदा नहीं होता। वह धीरे-धीरे बढ़ती हुई बेचैनी से बनता है। इसीलिए ‘अँधेरे में’ के शिल्प को उसके कथ्य से अलग करके नहीं समझा जा सकता। कविता आधुनिक मनुष्य की जिस बिखरी हुई, भयग्रस्त और अन्तर्विरोधों से भरी चेतना को व्यक्त करती है, उसका शिल्प भी उसी के अनुरूप बदलता रहता है और कई स्तरों पर अर्थ पैदा करता है।

नामवर सिंह ने ‘अँधेरे में’ को अस्मिता की खोज और ‘परम अभिव्यक्ति’ की तलाश के रूप में पढ़ते हुए उसके आत्मसंघर्ष को व्यापक सामाजिक और ऐतिहासिक परिस्थितियों से जोड़ा था। प्रस्तुत अध्ययन इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए कुछ और सवालों पर विचार करता है। वह अस्मिता किन सामाजिक परिस्थितियों में बिखरती है? अभिव्यक्ति के सामने सत्ता की कौन-सी संरचनाएँ बाधा बनकर खड़ी होती हैं? मध्यवर्गीय बुद्धिजीवी स्वयं उन संरचनाओं में किस तरह शामिल रहता है और उनके विरुद्ध आत्मालोचन की चेतना भी कैसे विकसित करता है? इस नज़रिये से ‘अँधेरे में’ केवल परम अभिव्यक्ति की खोज नहीं है। वह उन सामाजिक, नैतिक और राजनीतिक परिस्थितियों की पड़ताल भी करती है जिनमें ऐसी अभिव्यक्ति सम्भव हो सकती है।

कविता में रहस्यमय ढंग से मौजूद व्यक्ति आगे चलकर कवि के अपने अधूरे व्यक्तित्व की सम्भावित पूर्णता के रूप में सामने आता है। तिलस्मी खोह में दिखाई देने वाला वह चेहरा बाहर का कोई साधारण व्यक्ति नहीं है। वह कवि के भीतर दबे हुए विवेक, प्रतिभा, ज्ञान और नैतिक आकांक्षा का रूप है। वह ‘अब तक न पाई गई’ अभिव्यक्ति का संकेत देता है। दूसरे शब्दों में, वह कवि के व्यक्तित्व का ऐसा रूप है जो उसके भीतर सम्भावना के तौर पर मौजूद तो है, लेकिन जीवन में अभी पूरी तरह सामने नहीं आया है। यहाँ मुक्तिबोध मनुष्य के व्यक्तित्व को कोई स्थिर या आत्मसन्तुष्ट रूप नहीं देते। कविता का ‘मैं’ अपने ही उस सम्भावित रूप से डरता है जो उससे अधिक ईमानदार, सक्रिय और जवाबदेह है। इसीलिए उसे प्रिय लगने वाला चेहरा भय भी पैदा करता है। उसके सवाल ख़तरनाक हैं, क्योंकि वे कवि को अपने जीवन और अपनी निष्क्रियता का हिसाब देने के लिए मजबूर करते हैं।

यहीं से ‘अँधेरे में’ का आत्मसंघर्ष केवल मनोवैज्ञानिक नहीं रह जाता। व्यक्ति का भीतरी संसार उसके सामाजिक जीवन से जुड़ जाता है। वह रहस्यमय व्यक्ति कवि के उस व्यक्तित्व का प्रतीक है जिसे वह अभी तक पूरी तरह विकसित नहीं कर पाया है। साथ ही वह उसकी नैतिक ज़िम्मेदारी और सामाजिक प्रतिबद्धता को भी सामने लाता है। वह कवि को ऊँचाइयों की ओर बढ़ने, कठिन रास्ते पर चलने और अपने भीतर की सुविधाजनक निष्क्रियता छोड़ने के लिए प्रेरित करता है। लेकिन कवि उससे कतराता है। वह ऊँचाइयों से डरता है और अपने खड्डे के अँधेरे में पड़े रहना अधिक आसान समझता है। अपनी इस कमज़ोरी को स्वीकार करना कविता की ईमानदारी को सामने लाता है। कवि अपने आदर्शों और व्यवहार के बीच की दूरी नहीं छिपाता। वह ख़ुद को नायक बनाकर प्रस्तुत करने के बजाय अपनी कमज़ोरियों को स्वीकार करता है।

आत्मालोचन की इस प्रक्रिया में ‘पागल’ का चरित्र एक ख़ास भूमिका निभाता है। समाज जिसे ‘सिरफिरा’ समझता है, वही संकट की घड़ी में जागते हुए विवेक और आत्मबोध की आवाज़ बनकर सामने आता है। बरगद के नीचे रहने वाला यह व्यक्ति वंचितों, ग़रीबों और बेघर लोगों के बीच रहता है। उसकी सामाजिक स्थिति और समाज की नज़र में उसके ‘असामान्य’ होने के बीच एक विडम्बनापूर्ण सम्बन्ध है। समाज जिसे हाशिये पर डाल देता है, वही उसके नैतिक पतन को अधिक साफ़ ढंग से देख पाता है।

उसका आत्मसंवाद कविता में एक कठोर नैतिक अदालत की तरह सामने आता है। ‘अब तक क्या किया?’ और ‘जीवन क्या जिया?’ जैसे सवाल किसी बाहरी आलोचक के नहीं हैं। ये सवाल कवि के अपने भीतर से उठते हैं। आदर्श और सिद्धान्त अगर सामाजिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित नहीं करते, तो व्यक्ति उन्हें अपने बचाव का साधन भी बना सकता है। इसीलिए कविता अपने बौद्धिक नायक को उसकी सुविधाजनक आत्मछवि से बाहर निकालती है। करुणा के दृश्यों से मुँह मोड़ना, अपने ही विचारों में डूबे रहना, बहुत कुछ लेना और बहुत कम देना जैसी बातें केवल व्यक्तिगत कमज़ोरियों की ओर संकेत नहीं करतीं। इनके ज़रिये मुक्तिबोध उस बौद्धिक मध्यवर्ग की भी आलोचना करते हैं जो सामाजिक अन्याय को समझता तो है, लेकिन उससे टकराने का जोखिम नहीं उठाता। कविता का आत्मालोचन यहाँ इतना तीखा हो जाता है कि व्यक्ति और देश के बीच का सम्बन्ध भी सवालों के घेरे में आ जाता है।

यहीं कविता का राजनीतिक अर्थ भी खुलता है। आधी रात का गजर, सेना के घेरे में आई सड़कें, किसी के पीछा करने का डर और ‘मार्शल लॉ’ की आशंका केवल किसी व्यक्ति के दुःस्वप्न के दृश्य नहीं हैं। मुक्तिबोध इन दृश्यों को जनक्रान्ति के दमन की राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़ते हैं। बाहरी सत्ता का दमन और व्यक्ति के भीतर का भय साथ-साथ चलते हैं। जिस तरह कवि का मन चारों ओर से घिरा हुआ है, उसी तरह पूरा शहर भी घिरा हुआ दिखाई देता है। इसीलिए कविता में बाहरी और भीतरी संसार के बीच कोई स्पष्ट सीमा नहीं रह जाती। राजनीतिक संकट मनोवैज्ञानिक संकट का रूप ले लेता है और मनुष्य की मानसिक बेचैनी राजनीतिक यथार्थ को समझने का माध्यम बनती है।

‘प्रोसेशन’ का दृश्य इसी राजनीतिक व्यवस्था का भयावह रूपक है। रात के सुनसान शहर में धीरे-धीरे आगे बढ़ता जुलूस शुरू में रहस्यमय लगता है। लेकिन उसके साथ चलने वाले चेहरे धीरे-धीरे पहचाने जाने लगते हैं। पत्रकार, आलोचक, विचारक, कवि, मंत्री, उद्योगपति, सैनिक और सत्ता से जुड़े दूसरे लोग एक ही जुलूस में दिखाई देते हैं। यह दृश्य केवल सत्ता के दमनकारी तन्त्र को सामने नहीं लाता। वह यह भी बताता है कि सत्ता केवल बन्दूकों और सैनिकों के सहारे नहीं चलती। उसके साथ ऐसे बौद्धिक और सांस्कृतिक लोग भी खड़े हो सकते हैं जो अपने लेखन, प्रतिष्ठा या संस्थागत हैसियत के ज़रिये उस व्यवस्था को वैधता देते हैं। इसीलिए जुलूस का भय केवल सैनिक दमन का भय नहीं है। उसमें समाज के अलग-अलग प्रभावशाली लोगों की मिलीभगत का डर भी शामिल है। जब कवि इन चेहरों को पहचानता है, तो उसे अहसास होता है कि जिन लोगों को वह अपने सामाजिक संसार का सम्मानित हिस्सा समझता था, वे भी सत्ता से समझौते करते हैं और अपने स्वार्थों के लिए उसके साथ खड़े हो सकते हैं।

यह जुलूस ‘मृत-दल’ है। इस नाम का भी अपना अर्थ है। जुलूस में शामिल लोग जीवित हैं, लेकिन नैतिक और मानवीय दृष्टि से मृत दिखाई देते हैं। दिन में वे अपनी सामान्य सामाजिक भूमिकाएँ निभाते हैं, जबकि रात के अँधेरे में उनके छिपे हुए चेहरे सामने आते हैं। कविता बताती है कि यह षड्यन्त्र किसी एक दफ़्तर या संस्था तक सीमित नहीं है। इसकी जड़ें सामाजिक जीवन के अनेक हिस्सों में फैली हुई हैं। इसीलिए यहाँ अँधेरा केवल शासन की गोपनीयता का संकेत नहीं है। वह समाज के भीतर छिपी मिलीभगत को भी सामने लाता है।

मुक्तिबोध की बौद्धिक वर्ग सम्बन्धी आलोचना यहाँ और तीखी हो जाती है। कविता के अगले हिस्सों में वे साहित्यकारों, चिन्तकों और कवियों की चुप्पी को राजनीतिक हिंसा के सामने उनकी विफलता से जोड़ते हैं। ‘साहित्यिक चुप’ और ‘कविजन निर्वाक्’ जैसी अभिव्यक्तियाँ उस स्थिति की आलोचना करती हैं जिसमें साहित्य अपने समय के सामाजिक संकट को पहचानने के बजाय उसे अफ़वाह, किवदन्ती या कोई बाहरी घटना मानकर किनारा कर लेता है। यहाँ मुक्तिबोध कला की सामाजिक ज़िम्मेदारी का सवाल उठाते हैं। उनके लिए कविता केवल सौन्दर्यबोध या निजी संवेदना की अभिव्यक्ति नहीं है। उसकी सार्थकता इस बात से भी जुड़ी है कि वह जीवन के वास्तविक संघर्षों से कैसा रिश्ता बनाती है।

इसी सन्दर्भ में कविता में गाँधी के प्रकट होने को भी समझना चाहिए। उनका चेहरा किसी ऐतिहासिक स्मारक की तरह सामने नहीं आता। वे चिन्तित और रक्तरंजित दिखाई देते हैं, मानो अपने समय की परिस्थितियों ने उन्हें भीतर तक परेशान कर दिया हो। यहाँ मुक्तिबोध गाँधी की छवि को एक नया राजनीतिक अर्थ देते हैं। उनके कथन का आशय यह है कि जनता के भीतर मौजूद गुणों और शक्ति के सहारे ही भविष्य का निर्माण सम्भव है। मुक्ति किसी एक मसीहा, नेता या महान व्यक्ति के चमत्कार से नहीं आएगी। इसके लिए जनता को स्वयं सक्रिय भूमिका निभानी होगी। इस प्रसंग में कविता व्यक्ति की पूजा से हटकर सामूहिक शक्ति की ओर बढ़ती है।

गाँधी कवि को एक शिशु सौंपते हैं। यह शिशु सामूहिक भविष्य का जटिल प्रतीक है। वह अभी छोटा और असहाय है। उसका भविष्य भी अनिश्चित है, लेकिन उसके भीतर दबा हुआ क्षोभ और क्रोध मौजूद है। कवि उसे चुप कराने की कोशिश करता है, पर वह और ज़ोर से चीखने लगता है। यह दृश्य बताता है कि भविष्य को पुराने तरीक़ों से नियन्त्रित नहीं किया जा सकता। जिस आवाज़ को दबाने की कोशिश होती है, वह आगे चलकर और मुखर हो सकती है। शिशु के प्रति कवि का लगाव इसलिए अर्थपूर्ण है कि वह उस भविष्य की ज़िम्मेदारी अपने ऊपर लेने लगता है जिसे अभी पूरी तरह समझ पाना भी उसके लिए सम्भव नहीं है।

इसके साथ ही कविता में व्यक्तिगत और सामाजिक मुक्ति का अन्तर भी स्पष्ट होने लगता है। कवि केवल अपने भीतर पूर्णता हासिल करके सन्तुष्ट नहीं हो सकता। उसकी प्रतिभा, अनुभव और विवेक तब तक अधूरे रहेंगे, जब तक वह उन्हें लोकहित के काम में नहीं लाता। भूमिगत गुहा में रखी हुई ‘मणि’ इसी निष्क्रिय ज्ञान और प्रतिभा का रूपक हैं। कवि समझता है कि ये मणि वास्तव में उसके अनुभव, वेदना और विवेक से निकले निष्कर्ष हैं, जिन्हें उसने अपने भीतर छिपाकर रखा था। बाद में वह ख़ुद स्वीकार करता है कि उसने उन्हें लोकहित और जनोपयोग से दूर रखा। यहाँ मुक्तिबोध रचनात्मक प्रतिभा की उस विडम्बना को सामने लाते हैं जिसमें व्यक्ति के पास ज्ञान और संवेदना तो होती है, लेकिन वह उन्हें सामाजिक कर्म में नहीं बदल पाता।

इसीलिए कविता में ‘अभिव्यक्ति के सारे ख़तरे’ उठाने की घोषणा केवल साहित्यिक अभिव्यक्ति की स्वतन्त्रता तक सीमित नहीं है। इसका अर्थ अपने समय की असुविधाजनक सच्चाइयों से टकराना भी है। इसके लिए व्यक्ति को अपनी सुविधाओं पर सवाल उठाने होंगे और उन संस्थागत ‘मठों’ तथा ‘गढ़ों’ को चुनौती देनी होगी जो विचारों को जड़ बना देते हैं। यहाँ अभिव्यक्ति के साथ नैतिक जोखिम भी जुड़ा हुआ है। वह तभी सार्थक होगी जब व्यक्ति जीवन के वास्तविक अन्तर्विरोधों का सामना करने का साहस दिखाएगा।

इस सन्दर्भ में ‘मठ और गढ़’ केवल धार्मिक या राजनीतिक संस्थाओं के प्रतीक नहीं हैं। वे जमे हुए विचारों, प्रतिष्ठा, बौद्धिक सुविधा और पुरानी सत्ता-संरचनाओं का भी संकेत देते हैं। कवि जब इन्हें तोड़ने की बात करता है, तो उसका आशय अपने भीतर और बाहर, दोनों जगह मौजूद ऐसी संरचनाओं को चुनौती देना है। यहीं आत्मालोचन सामाजिक आलोचना का रूप लेने लगता है।

कविता में अगला बड़ा मोड़ तब आता है जब कवि अपने अकेलेपन से निकलकर लोगों की पाँतों में पहुँचता है। वह देखता है कि लोगों की मुट्ठियों से रोशनी फूट रही है। उनके पास भी वही ‘विक्षोभ’ और ‘विवेक’ मौजूद हैं जिन्हें वह अब तक अकेले अपने भीतर सँजोए बैठा था। यह दृश्य कविता की पूरी यात्रा को एक नया अर्थ देता है। व्यक्ति की चेतना तब तक अधूरी रहती है जब तक वह समाज की सामूहिक चेतना से नहीं जुड़ती। कवि के निजी विचार जब लोगों के सामूहिक अनुभवों से जुड़ते हैं, तभी उनमें सामाजिक कर्म की शक्ति पैदा होती है।

इसलिए ‘अँधेरे में’ की जनता कोई ऐसी भीड़ नहीं है जिसकी अपनी कोई पहचान न हो। कविता के अन्तिम हिस्से में वह सक्रिय और संगठित मनुष्यों के रूप में सामने आती है। ये लोग अपना भविष्य बनाने की प्रक्रिया में शामिल हैं। कवि को यह भी महसूस होता है कि जिन विचारों को वह अपनी निजी खोज समझता था, उनका सम्बन्ध वास्तव में लोगों की सामूहिक पीड़ा और अनुभवों से है। उसे जो पर्चा मिलता है, उसमें उसके अपने गुप्त विचार और दबी हुई संवेदनाएँ चमकती दिखाई देती हैं। यहाँ पहली बार उसकी निजी चेतना का सामाजिक आधार पूरी तरह स्पष्ट होता है।

इसी क्रम में कविता पूँजी और व्यक्ति के सम्बन्ध पर भी सवाल उठाती है। वर्तमान समाज में पूँजी से जुड़ा हुआ हृदय बदल नहीं सकता। मुक्तिबोध का यह कथन कोई अर्थशास्त्रीय सूत्र नहीं है। इसके पीछे एक नैतिक और सामाजिक सवाल मौजूद है। यदि व्यक्ति की संवेदना ऐसी सामाजिक व्यवस्था से जुड़ी हुई है जिसका आधार स्वार्थ और असमानता है, तो केवल निजी आदर्शवाद उसके जीवन को नहीं बदल सकता। मुक्ति के लिए उसे अपने सामाजिक सम्बन्धों और अपनी वर्गीय स्थिति की भी जाँच करनी होगी। इस तरह कविता व्यक्ति के आत्मसंघर्ष को व्यापक सामाजिक संघर्ष से जोड़ती है।

कविता का अँधेरा इसलिए भी जटिल है कि उसमें प्रकाश पूरी तरह ग़ायब नहीं है। लाल मशाल, बिजली की चमक, रक्तिम अग्नि, मणियों की रोशनी, सूरजमुखी के फूल, चाँदनी और तारों के संकेत बार-बार अँधेरे को चीरते हैं। लेकिन प्रकाश के ये स्रोत स्थायी नहीं हैं। वे थोड़ी देर के लिए दिखाई देते हैं और संघर्ष के बीच से पैदा होते हैं। इसीलिए कविता में आशा कोई आसान या पहले से तैयार समाधान नहीं बनती। प्रकाश अँधेरे के बाहर से नहीं आता। वह उसी अँधेरे के भीतर पैदा होता है।

कविता की भाषा और संरचना भी इस संघर्ष को सामने लाती हैं। लम्बे वाक्य, अचानक टूटती पंक्तियाँ, विस्मयादिबोधक चिह्न, प्रश्न, दोहराव तथा स्वप्न और जागृति का लगातार घुलना-मिलना कविता को एक बेचैन गति देते हैं। वह किसी सीधी और व्यवस्थित कहानी की तरह आगे नहीं बढ़ती। उसके दृश्य अचानक बदलते हैं। चेहरे अपना रूप बदलते हैं, समय का क्रम टूटता है और स्वप्न के भीतर वास्तविक राजनीतिक परिस्थितियों के संकेत दिखाई देने लगते हैं। यह बिखराव अपने आप में अर्थपूर्ण है। कवि जिस सामाजिक सच्चाई का सामना कर रहा है, वह भी उसके सामने किसी सरल और स्पष्ट तस्वीर की तरह नहीं खुलती।

‘अँधेरे में’ का स्वप्न-विधान इसी कारण वास्तविकता से पलायन का साधन नहीं है। स्वप्न यहाँ वास्तविकता से बचने का रास्ता नहीं दिखाता। वह उस सच्चाई को अधिक गहराई से देखने में मदद करता है जिसे जागती आँखें अक्सर सामान्य मानकर अनदेखा कर देती हैं। दिन में दिखाई देने वाले सामान्य चेहरों के पीछे छिपे सत्ता के सम्बन्ध, बौद्धिक समझौते और सामाजिक हिंसा रात के जुलूस में अपने विकृत रूप में सामने आते हैं। इस तरह स्वप्न सामाजिक यथार्थ के उन छिपे हुए पहलुओं को सामने लाता है जिन्हें सामान्य परिस्थितियों में पहचानना कठिन होता है।

कविता में बार-बार लौटती ‘भागता मैं दम छोड़, / घूम गया कई मोड़’ जैसी पंक्तियाँ भी केवल डर का संकेत नहीं देतीं। कवि भाग रहा है, लेकिन धीरे-धीरे उसका भागना खोज की प्रक्रिया में बदल जाता है। वह गलियों, खोहों, बरगद, चौराहों, घरों और अँधेरी सुरंगों से गुज़रता है। इस यात्रा में वह अपने भीतर भी उतरता है और अपने समाज को भी पहचानता है। भागने की यह प्रक्रिया अन्ततः उसे ठहरकर देखने की ओर ले जाती है। उसकी यात्रा का उद्देश्य कोई सुरक्षित जगह तलाशना नहीं है। वह उस सच्चाई तक पहुँचना चाहता है जिससे अब तक बचता रहा था।

इसीलिए कविता के अन्त की ओर कवि का अकेलापन भी एक नया अर्थ ग्रहण करता है। वह लोगों की पाँतों के बीच पहुँचता है, लेकिन अपनी बौद्धिक निष्क्रियता का बोध उसे अब भी परेशान करता है। यह आत्मबोध कविता को सामूहिकता के किसी भावुक उत्सव में नहीं बदलने देता। कवि जानता है कि केवल लोगों के बीच खड़े हो जाना पर्याप्त नहीं है। उसे अपने विचारों और कर्म के बीच की दूरी भी मिटानी होगी। इसी कारण कविता में ‘सहचर’ की तलाश बार-बार सामने आती है। सामाजिक परिवर्तन किसी अकेले व्यक्ति के आत्मसंघर्ष से पूरा नहीं हो सकता। इसके लिए ऐसे साथियों की ज़रूरत है जो संवेदना को कर्म और विचार को सामाजिक ज़िम्मेदारी में बदल सकें।

मिशेल फ़ूको के सत्ता सम्बन्धी विचार कविता को एक और नज़रिये से समझने में मदद करते हैं। फ़ूको सत्ता को किसी एक शासक, संस्था या राज्य के अधिकार में रहने वाली शक्ति नहीं मानते। उनके अनुसार सत्ता अनेक सामाजिक सम्बन्धों में काम करती है। वह लोगों के व्यवहार, इच्छाओं, ज्ञान, भाषा और आत्मबोध को प्रभावित करती है। सत्ता केवल किसी काम को रोकती या उस पर पाबन्दी नहीं लगाती। वह यह भी तय करने में भूमिका निभाती है कि समाज किस बात को सामान्य मानेगा, किसे ज्ञान का दर्जा देगा और कौन-सा व्यवहार स्वीकार करेगा। इस दृष्टि से ‘अँधेरे में’ का सत्ता सम्बन्धी चित्रण केवल राजनीतिक दमन तक सीमित नहीं है। कविता यह भी दिखाती है कि सत्ता सामाजिक और बौद्धिक जीवन के भीतर किस तरह काम करती है।

फ़ूको के विचारों का एक और पहलू यहाँ उपयोगी है। वह सत्ता और प्रतिरोध के सम्बन्ध से जुड़ा है। जहाँ सत्ता के सम्बन्ध मौजूद हैं, वहीं प्रतिरोध की सम्भावनाएँ भी पैदा होती हैं। ‘अँधेरे में’ का ‘मैं’ धीरे-धीरे अपने भीतर मौजूद प्रतिरोध के विवेक को इसी अर्थ में पहचानता है। उसका रहस्यमय दूसरा व्यक्तित्व, उसकी बेचैनी, उसके सवाल, जनता की पाँत और लोगों की मुट्ठियों से फूटती रोशनी इसी चेतना के अलग-अलग रूप हैं। यह चेतना सत्ता के प्रभाव को पहचानती है और उससे बाहर निकलने का रास्ता भी खोजती है।

मार्क्सवादी दृष्टि से इस स्थिति को वर्गचेतना के सवाल से जोड़कर देखा जा सकता है। कविता में पूँजी, श्रम, शोषण, सत्ता और जनता के बीच के सम्बन्ध सीधे तौर पर भी सामने आते हैं और रूपकों के ज़रिये भी। लेकिन मुक्तिबोध के यहाँ वर्गसंघर्ष केवल बाहरी आर्थिक व्यवस्था का संघर्ष नहीं है। वह व्यक्ति की चेतना को भी प्रभावित करता है। मध्यवर्गीय बुद्धिजीवी के लिए यह अन्तर्विरोध कुछ अधिक जटिल है। एक ओर वह शोषित जनता की पीड़ा को समझता है, दूसरी ओर उसी सामाजिक व्यवस्था से उसे शिक्षा, प्रतिष्ठा, सुविधा और सुरक्षा भी मिलती है।

इसलिए कवि का आत्मसंघर्ष उसके वर्गीय अन्तर्विरोधों का मानसिक रूप भी बन जाता है। उसका विवेक उसे जनता की ओर खींचता है, जबकि उसकी सामाजिक स्थिति और निजी सुविधाएँ उसे पीछे रोकती हैं। वह शोषण के विरुद्ध सोच सकता है, लेकिन अपने जीवन में उस सोच की क़ीमत चुकाने से डरता है। यहाँ वर्गचेतना केवल सामाजिक वर्गों की बाहरी पहचान तक सीमित नहीं रहती। वह व्यक्ति की आत्मपहचान का सवाल भी बन जाती है। उसे समझना पड़ता है कि वह किस सामाजिक व्यवस्था का हिस्सा है और उसके अपने हित किन लोगों के हितों से जुड़े हुए हैं।

इसी कारण कविता में ‘पूँजी से जुड़ा हुआ हृदय’ बदलने की कठिनाई का संकेत मिलता है। यह कथन किसी व्यक्ति की सम्पत्ति के आधार पर उसके बारे में दिया गया सामान्य नैतिक फ़ैसला नहीं है। इसके भीतर यह सवाल मौजूद है कि क्या व्यक्ति अपनी संवेदना को उन सामाजिक सम्बन्धों से अलग कर सकता है जिनसे उसकी सुविधाएँ जुड़ी हुई हैं। केवल सहानुभूति पर्याप्त नहीं है। व्यक्ति को अपनी सामाजिक स्थिति की आलोचनात्मक पहचान भी करनी होगी। यहाँ आत्मालोचन वर्गचेतना का रूप लेने लगता है।

‘अँधेरे में’ की लय को समझने के लिए उसकी भाषा पर ध्यान देना ज़रूरी है। कविता की गति केवल उसके कथ्य से पैदा नहीं होती। उसकी भाषा भी उस बेचैनी को व्यक्त करती है जिससे कवि लगातार जूझ रहा है। कहीं लम्बे और प्रवाहपूर्ण वाक्य हैं, तो कहीं अचानक टूटती हुई पंक्तियाँ, प्रश्न, विस्मय और छोटे-छोटे वाक्यांश। कहीं भाषा स्वप्न की तरह बहती है, कहीं अचानक ठिठक जाती है और कहीं दौड़ने लगती है। आत्मालोचन के क्षणों में उसकी गति धीमी पड़ जाती है। शब्दों, वाक्यों, विरामों और ध्वनियों के मेल से कविता की यह लय बनती है।

लेकिन कविता की लय केवल भाषा की गति तक सीमित नहीं है। उसके विचारों की भी अपनी लय है। कविता का विचार किसी एक जगह ठहरता नहीं। वह बार-बार अपने निष्कर्षों पर सवाल उठाता है, उन्हें परखता है और एक प्रश्न से दूसरे प्रश्न की ओर बढ़ता है। शुरुआत में बाहरी अँधेरा दिखाई देता है। फिर उसका सम्बन्ध व्यक्ति के भीतर के अँधेरे से खुलता है। आत्मालोचन धीरे-धीरे सामाजिक व्यवस्था की आलोचना तक पहुँचता है। वहाँ से सत्ता और वर्गीय सम्बन्धों के सवाल सामने आते हैं और अन्ततः जनता तथा सामूहिक चेतना की ओर रास्ता खुलता है। इस तरह कविता के विचार भी अपनी एक गति से आगे बढ़ते हैं।

कई जगह भाषा और विचार की लय एक-दूसरे का साथ देती हैं। जब कवि भयभीत होता है, कोई उसका पीछा करता है या वह भाग रहा होता है, तब वाक्य और दृश्य भी तेज़ी से बदलते हैं। जब वह आत्मालोचन में डूबता है, तो भाषा की गति धीमी पड़ती है और उसका ध्यान अपने भीतर की ओर जाता है। प्रोसेशन के सामने आने पर दृश्य विस्तार पाते हैं और भय बढ़ने लगता है। जनता तथा सामूहिक विवेक की ओर बढ़ते समय कविता की भाषा में एक अलग तरह की गति दिखाई देती है। इस तरह कविता की लय उसके विचारों को सुनने और देखने का अनुभव भी कराती है।

विचारों की यह गति सीधी रेखा में आगे नहीं बढ़ती। मुक्तिबोध बार-बार अपने ही सवालों की ओर लौटते हैं, उनसे टकराते हैं और फिर आगे बढ़ते हैं। आत्मालोचन में भी यही बेचैनी दिखाई देती है। कवि एक बार अपने अपराधबोध को स्वीकार करके उससे मुक्त नहीं हो जाता। वह बार-बार अपने जीवन और व्यवहार की जाँच करता है। इसी लौटने और फिर आगे बढ़ने से कविता में वैचारिक बेचैनी पैदा होती है। यह बेचैनी आधुनिक मनुष्य की उस चेतना से जुड़ी है जो किसी एक निश्चित उत्तर से सन्तुष्ट नहीं हो पाती।

कविता में बार-बार आने वाले प्रश्न भी विचारों की इस लय को आगे बढ़ाते हैं। ये प्रश्न केवल जानकारी हासिल करने के लिए नहीं हैं। वे कवि को अपने जीवन और व्यवहार के बारे में सोचने के लिए मजबूर करते हैं। एक प्रश्न दूसरे प्रश्न को जन्म देता है। रहस्यमय चेहरा भी कवि से सवाल करता है। कवि उनसे बचना चाहता है, लेकिन अन्ततः उन्हीं सवालों की ओर लौट आता है। प्रश्नों और आत्मालोचन के बीच लगातार चलने वाला यह सिलसिला कविता की वैचारिक लय का हिस्सा है।

मुक्तिबोध की ‘अँधेरे में’ में सत्ता केवल दमनकारी राज्य या हथियारबन्द ताक़त के रूप में सामने नहीं आती। वह समाज की चेतना के भीतर भी अपनी जगह बनाती है। सत्ता के इस रूप को ग्राम्शी की ‘हेजेमनी’ या सांस्कृतिक वर्चस्व की अवधारणा के सहारे समझा जा सकता है। ग्राम्शी के अनुसार कोई शासक वर्ग केवल बल प्रयोग से अपना प्रभुत्व कायम नहीं रख सकता। वह अपने मूल्यों, विचारों और नज़रिये को समाज में इस तरह स्थापित करता है कि लोग उन्हें सामान्य, स्वाभाविक और स्वीकार करने योग्य मानने लगते हैं। ‘अँधेरे में’ का ‘प्रोसेशन’ इसी प्रक्रिया का भयावह काव्यात्मक रूपक बन जाता है।

ग्राम्शी के विचारों में बुद्धिजीवी वर्ग की भूमिका पर भी ख़ास ध्यान मिलता है। बुद्धिजीवी केवल विचार पैदा नहीं करते। वे समाज की धारणाओं को आकार देने और उन्हें मान्यता दिलाने में भी भूमिका निभाते हैं। मुक्तिबोध की बेचैनी इसी बात से पैदा होती है कि विचार और सत्ता के बीच हमेशा विरोध का रिश्ता नहीं होता। विचार सत्ता की आलोचना कर सकते हैं, लेकिन वही विचार उसके पक्ष में सामाजिक सहमति बनाने का साधन भी बन सकते हैं। इसलिए कविता में साहित्यकारों और आलोचकों का सत्ता के जुलूस में शामिल होना केवल व्यक्तिगत अवसरवाद का मामला नहीं है। यह बुद्धिजीवी वर्ग की सामाजिक भूमिका पर भी सवाल उठाता है।

मुक्तिबोध का आत्मालोचन भी यहीं ग्राम्शी के विचारों से जुड़ता है। कवि ख़ुद बुद्धिजीवी वर्ग का हिस्सा है। इसलिए वह बाहर खड़े होकर केवल दूसरों पर आरोप नहीं लगाता। जुलूस में शामिल लोगों के चेहरे पहचानते समय उसे अपनी बौद्धिक भूमिका के बारे में भी सोचना पड़ता है। क्या वह सचमुच उस सत्ता-व्यवस्था से अलग है जिसकी आलोचना करता है? क्या अन्याय को समझ लेना ही पर्याप्त है? क्या उसके विरुद्ध खड़े होने के लिए अपनी सुविधा और प्रतिष्ठा को भी जोखिम में डालना होगा? इस तरह सांस्कृतिक वर्चस्व की आलोचना कवि को अपने जीवन की आलोचना तक ले जाती है।

लेकिन कविता केवल सत्ता के वर्चस्व का चित्र प्रस्तुत नहीं करती। उसमें इस वर्चस्व से बाहर निकलने की सम्भावना भी मौजूद है। जब कवि लोगों की पाँतों में पहुँचता है और उनके भीतर विवेक तथा विक्षोभ की शक्ति देखता है, तब उसे सत्ता के प्रभुत्व के सामने एक दूसरी सामूहिक चेतना दिखाई देती है। यह चेतना किसी अकेले बुद्धिजीवी की देन नहीं है। वह जनता के जीवनानुभवों और संघर्षों से पैदा होती है। यहाँ कविता सांस्कृतिक वर्चस्व के मुकाबले एक ऐसी सामाजिक चेतना की सम्भावना सामने रखती है जो सत्ता के मूल्यों और धारणाओं को चुनौती दे सकती है।

“सब चुप, साहित्यिक चुप और कविजन निर्वाक्

चिंतक, शिल्पकार, नर्तक चुप हैं
उनके ख़्याल से यह सब गप है
मात्र किवंदंती।

रक्तपायी वर्ग से नाभिनाल-बद्ध ये सब लोग
नपुंसक भोग-शिरा-जालों में उलझे।
प्रश्न की उथली-सी पहचान
राह से अनजान
वाक् रुदंती।

चढ़ गया उर पर कहीं कोई निर्दयी,
कहीं आग लग गई, कहीं गोली चल गई”।

इस काव्यांश की शुरुआत में ‘सब चुप’ कहकर मुक्तिबोध एक ऐसे वातावरण को सामने लाते हैं जिसमें चुप्पी पूरे समाज की स्थिति बन गई है। इसके बाद ‘साहित्यिक चुप’ और ‘कविजन निर्वाक्’ कहकर वे अपनी आलोचना को अधिक स्पष्ट करते हैं। सामान्य मनुष्य की चुप्पी और रचनाकार की चुप्पी एक जैसी नहीं होती। साहित्यकार से उम्मीद की जाती है कि वह अपने समय की बेचैनी को आवाज़ देगा, सत्ता और अन्याय पर सवाल उठाएगा और उन अनुभवों को सामने लाएगा जिन्हें सार्वजनिक जीवन में अक्सर दबा दिया जाता है। ऐसे में कवियों का चुप रह जाना एक नैतिक विडम्बना पैदा करता है। जिन लोगों के पास अपने समय की सच्चाइयों को व्यक्त करने की भाषा और सामर्थ्य है, वही बोलने से पीछे हट रहे हैं। उनकी चुप्पी केवल व्यक्तिगत संकोच नहीं रह जाती। वह ऐसी सामाजिक और बौद्धिक स्थिति का हिस्सा बन जाती है जिसमें सच्चाई को पहचानना तो सम्भव है, लेकिन उसके पक्ष में खड़ा होना कठिन होता जाता है।

इसके बाद ‘चिंतक, शिल्पकार, नर्तक’ का उल्लेख करके कवि अपनी आलोचना का दायरा बढ़ाता है। वह केवल साहित्यकारों को कठघरे में नहीं खड़ा करता, बल्कि पूरे बौद्धिक और कलात्मक संसार से सवाल पूछता है। अगर चिन्तन, कला और साहित्य अपने समय के सामाजिक संकट से कट जाएँ, तो उनकी रचनात्मकता का क्या अर्थ रह जाएगा? यह सवाल इन पंक्तियों के भीतर मौजूद है। यहाँ मुक्तिबोध कला का विरोध नहीं करते। वे उसकी सामाजिक ज़िम्मेदारी पर ज़ोर देते हैं। कलाकार की चुप्पी इसलिए अधिक परेशान करती है कि उसके पास समाज को देखने और उसे नये ढंग से सामने लाने की क्षमता होती है।

‘उनके ख़्याल से यह सब गप है / मात्र किंवदंती’ में इस चुप्पी का एक और रूप सामने आता है। यहाँ सामाजिक सच्चाई को ही अविश्वसनीय या बढ़ा-चढ़ाकर कही गई बात मानकर उससे दूरी बनाने की कोशिश दिखाई देती है। समस्या केवल यह नहीं है कि ये लोग बोलते नहीं। वे वास्तविक परिस्थितियों की गम्भीरता को स्वीकार करने से भी बचते हैं। ‘गप’ और ‘किंवदंती’ जैसे बोलचाल के शब्द इस प्रसंग को ख़ास धार देते हैं। मुक्तिबोध किसी कठिन वैचारिक भाषा में यह नहीं कहते कि बुद्धिजीवी वर्ग सामाजिक यथार्थ को नकार रहा है। वे उसकी मानसिकता को एक छोटे-से वाक्य में पकड़ लेते हैं। इन लोगों के लिए समाज में घट रही घटनाएँ महज़ कहानी या अफ़वाह हैं।

‘रक्तपायी वर्ग से नाभिनाल-बद्ध’ जैसी अभिव्यक्ति इस सामाजिक आलोचना को और तीखा बनाती है। ‘नाभिनाल’ शरीर के भीतर बने उस जैविक सम्बन्ध की याद दिलाती है जो माँ और गर्भस्थ शिशु को जोड़ता है। किसी वर्ग से ‘नाभिनाल-बद्ध’ होने का अर्थ है कि उससे सम्बन्ध केवल बाहरी या संयोगवश नहीं बना है। उसके पीछे गहरे हित जुड़े हुए हैं। कवि के अनुसार साहित्यिक और बौद्धिक वर्ग का एक हिस्सा शोषक वर्ग से इतना गहराई से जुड़ा हुआ है कि उसके लिए शोषण के विरुद्ध खुलकर बोलना अपने ही सामाजिक आधार पर चोट करने जैसा होगा। यहाँ साहित्यिक चुप्पी केवल डर से नहीं, बल्कि वर्गीय हितों से भी जुड़ जाती है।

इसीलिए ‘रक्तपायी वर्ग’ का प्रयोग केवल किसी वर्ग की नैतिक निन्दा नहीं है। इसके पीछे आर्थिक और सामाजिक सम्बन्धों की आलोचना मौजूद है। जिस वर्ग की समृद्धि दूसरों के श्रम के शोषण पर टिकी है, उसके साथ बौद्धिक वर्ग की निकटता उसके विवेक को प्रभावित करती है। इस सन्दर्भ में कविता को मार्क्सवादी वर्गदृष्टि के सहारे समझा जा सकता है। विचार और संस्कृति समाज की आर्थिक और भौतिक परिस्थितियों से पूरी तरह अलग नहीं रहते। जिन सामाजिक सम्बन्धों से किसी वर्ग को सुविधा, प्रतिष्ठा और सुरक्षा मिलती है, वे उसके सोचने के तरीक़े और उसकी चुप्पी, दोनों को प्रभावित कर सकते हैं।

‘नपुंसक / भोग-शिरा-जालों में उलझे’ में आलोचना और कठोर हो जाती है। यहाँ ‘नपुंसक’ शब्द का आशय जैविक स्थिति से नहीं, बल्कि नैतिक और सामाजिक निष्क्रियता से है। ‘भोग-शिरा-जाल’ एक जटिल रूपक है। ‘शिरा’ शरीर के भीतर रक्त के प्रवाह से जुड़ी है, जबकि ‘जाल’ फँस जाने का बोध कराता है। दोनों को जोड़कर कवि ऐसी व्यवस्था की तस्वीर बनाता है जिसमें सुख, उपभोग, प्रतिष्ठा और सामाजिक सुरक्षा व्यक्ति को इस तरह जकड़ लेते हैं कि वह प्रतिरोध करने की क्षमता खो देता है। यहाँ चुप्पी केवल भय से नहीं, बल्कि सुविधाओं के मोह से भी पैदा होती है।

इसके बाद कविता बाहरी सामाजिक आलोचना से ज्ञान और विवेक के सवाल की ओर लौटती है। ‘प्रश्न की उथली-सी पहचान / राह से अनजान’ में बौद्धिकता की सीमा सामने आती है। किसी प्रश्न को पहचान लेना ही पर्याप्त नहीं है। समस्या का नाम जानना और उसके सामाजिक कारणों तक पहुँचना दो अलग बातें हैं। कवि के अनुसार ये लोग प्रश्न की सतह तक तो पहुँचते हैं, लेकिन उससे आगे का रास्ता नहीं जानते। वे संकट के लक्षण देख सकते हैं, पर उसके कारणों को समझने और उससे निकलने का रास्ता खोजने की कोशिश नहीं करते।

‘वाक् रुदंती’ में कवि भाषा को मानवीय संवेदना से जोड़ता है। वाणी रो रही है, लेकिन बोल नहीं पा रही। इसमें एक गहरी विडम्बना है। जिन लोगों के पास भाषा है, उनकी भाषा ही निष्क्रिय हो गई है। यहाँ ‘वाक्’ केवल बोलने की शक्ति नहीं है। वह सार्वजनिक विवेक और अभिव्यक्ति का प्रतीक बन जाती है। उसका रोना बताता है कि चुप्पी का अर्थ हमेशा शान्ति नहीं होता। उसके भीतर दबा हुआ आक्रोश और असहमति भी मौजूद हो सकते हैं, लेकिन उन्हें आवाज़ नहीं मिल रही है।

अन्तिम पंक्तियाँ इस पूरे अंश को और तीखा बना देती हैं। कहीं किसी निर्दयी का छा जाना, कहीं आग लगना और कहीं गोली चलना। पहले हिस्से में बौद्धिक चुप्पी का चित्र था। अब उसके सामने वास्तविक जीवन की हिंसा खड़ी हो जाती है। कवि जिस संकट को लेकर साहित्यिक और बौद्धिक वर्ग की निष्क्रियता पर सवाल उठा रहा था, वह कोई काल्पनिक समस्या नहीं है। समाज में हिंसा हो रही है। सत्ता के दमन और सामाजिक असुरक्षा की घटनाएँ सामने हैं, लेकिन साहित्यिक और बौद्धिक संसार उन्हें ‘गप’ या ‘किंवदंती’ मानकर किनारा कर रहा है।

शिल्प की दृष्टि से भी इस काव्यांश की रचना उसके अर्थ को गहरा करती है। शुरुआत में ‘चुप’ शब्द का दोहराव एक ठहरा हुआ और दबाव से भरा वातावरण बनाता है। इसके बाद शब्दों और बिम्बों की तीव्रता धीरे-धीरे बढ़ती है। चुप्पी से बात वर्गीय सम्बन्धों तक पहुँचती है। वहाँ से सुविधाभोगी मानसिकता, प्रश्न की सतही पहचान और अन्ततः आग तथा गोली तक जाती है। इस तरह विचार भी एक क्रम से आगे बढ़ता है। पहले कवि चुप्पी को सामने लाता है, फिर उसके सामाजिक कारणों की पड़ताल करता है और अन्त में उस चुप्पी के सामने वास्तविक हिंसा को रख देता है। भाषा और विचार की यह मिली-जुली गति पूरे अंश में तनाव बनाए रखती है।

फिर भी इस काव्यांश को केवल साहित्यकारों की निन्दा मानना उचित नहीं होगा। मुक्तिबोध की आलोचना की ख़ासियत यह है कि वे दूसरों को कठघरे में खड़ा करते समय ख़ुद को उससे बाहर नहीं रखते। ‘अँधेरे में’ का पूरा आत्मसंघर्ष इसी आत्मालोचन से जुड़ा है। कवि जानता है कि जिस बौद्धिक वर्ग की सुविधा और निष्क्रियता पर वह सवाल उठा रहा है, उसकी अपनी चेतना भी उसी सामाजिक संसार में बनी है। इसलिए दूसरों की चुप्पी पर सवाल उठाना तब तक अधूरा रहेगा जब तक वह अपने भीतर की चुप्पी का सामना नहीं करेगा।

इस अर्थ में यह काव्यांश अभिव्यक्ति को नैतिक कर्म से जोड़ता है। केवल बोलना पर्याप्त नहीं है। सवाल यह भी है कि बोलने वाला किसके पक्ष में खड़ा है और अपने कथन की क्या क़ीमत चुकाने को तैयार है। ‘प्रश्न की उथली-सी पहचान’ से आगे बढ़कर सही राह की तलाश करना और फिर उस पर चलने का साहस दिखाना ही वह प्रक्रिया है जिसकी ओर पूरी कविता संकेत करती है। यहाँ साहित्य की सार्थकता केवल उसकी प्रतिष्ठा, बौद्धिक चमक या कलात्मक कौशल से तय नहीं होती। यह भी देखना होगा कि वह अपने समय की दबी हुई सच्चाइयों और लोगों की पीड़ा से कैसा रिश्ता बनाता है।

इस काव्यांश के ठीक बाद मुक्तिबोध लिखते हैं:

भव्याकार भवनों के विवरों में छिप गए
समाचारपत्रों के पतियों के मुख स्थूल।
गढ़े जाते संवाद,
गढ़ी जाती समीक्षा,
गढ़ी जाती टिप्पणी जन-मन-उर-शूर।
बौद्धिक वर्ग है क्रीतदास,
किराए के विचारों का उद्भास।
बड़े-बड़े चेहरों पर स्याहियाँ पुत गईं।
नपुंसक श्रद्धा
सड़क के नीचे की गटर में छिप गई,
कहीं आग लग गई, कहीं गोली चल गई।

धुएँ के ज़हरीले मेघों के नीचे ही हर बार
द्रुत निज-विश्लेष-गतियाँ,
एक स्प्लिट सेकेंड में शत साक्षात्कार।
टूटते हैं धोखों से भरे हुए सपने।
रक्त में बहती हैं शान की किरनें

विश्व की मूर्ति में आत्मा ही ढल गई,
कहीं आग लग गई, कहीं गोली चल गई।

‘अँधेरे में’ का यह अंश कविता के सामाजिक और वैचारिक संसार को और स्पष्ट करता है। यहाँ सत्ता केवल प्रत्यक्ष राजनीतिक दमन के रूप में सामने नहीं आती। वह समाचार, समीक्षा, टिप्पणी और बौद्धिक विचार-विमर्श को प्रभावित करने वाली शक्ति के रूप में भी मौजूद है। पिछले काव्यांश में मुक्तिबोध ने साहित्यिक और बौद्धिक चुप्पी की आलोचना की थी। यहाँ वे उसका एक अधिक ठोस रूप सामने लाते हैं। अब सवाल केवल यह नहीं है कि बुद्धिजीवी बोल क्यों नहीं रहे हैं। सवाल यह भी है कि जो कुछ वे बोल रहे हैं, वह कितना स्वतन्त्र है और उससे किन लोगों के स्वार्थ पूरे हो रहे हैं।

शुरुआत में भव्य भवनों के भीतर समाचारपत्रों के स्थूल मुखों के छिप जाने का बिम्ब सार्वजनिक जीवन की एक तीखी विडम्बना सामने लाता है। समाचारपत्रों का काम समाज के सामने घटनाओं को लाना, सवाल उठाना और सत्ता से जवाब माँगना है। लेकिन यहाँ उनके ‘मुख’ ही छिपे हुए हैं। ‘भव्याकार भवन’ केवल किसी बड़ी इमारत का दृश्य नहीं है। वह उन संस्थागत और आर्थिक परिस्थितियों का संकेत भी देता है जिनके भीतर सार्वजनिक सूचनाएँ और राय तैयार होती हैं। समाचारपत्रों का ‘मुख’ छिप जाना बताता है कि जनसंचार का माध्यम जनता के सामने मौजूद रहते हुए भी वास्तविकता से मुँह मोड़ सकता है।

‘मुख स्थूल’ का प्रयोग भी ध्यान देने योग्य है। ‘स्थूल’ यहाँ केवल आकार नहीं बताता। उससे संवेदनहीनता और जड़ता का भाव भी जुड़ता है। समाचारपत्र का चेहरा जितना बड़ा और प्रभावशाली है, सामाजिक सच्चाई को समझने में वह उतना ही असमर्थ दिखाई देता है। वह सूचनाओं को इस तरह तोड़-मरोड़कर पेश करता है कि सच ही सन्देह के घेरे में आ जाता है। इस तरह मुक्तिबोध सार्वजनिक संचार की उस विडम्बना को सामने लाते हैं जिसमें माध्यम का विस्तार तो बढ़ता है, लेकिन उसकी नैतिक संवेदनशीलता कम होती जाती है।

इसके बाद ‘गढ़े जाते संवाद’, ‘गढ़ी जाती समीक्षा’ और ‘गढ़ी जाती टिप्पणी’ जैसी पंक्तियाँ इस विडम्बना को और स्पष्ट करती हैं। यहाँ ‘गढ़ना’ शब्द का अर्थ केवल लिखना या तैयार करना नहीं है। इसमें बनावटी ढंग से कुछ तैयार करने का भाव भी शामिल है। संवाद वास्तविक घटनाओं से स्वाभाविक रूप से पैदा नहीं हो रहे। कोई उन्हें अपने उद्देश्य के अनुसार बना रहा है। समीक्षा स्वतन्त्र आलोचनात्मक विवेक से नहीं निकल रही और टिप्पणी भी किसी घटना पर स्वतन्त्र प्रतिक्रिया के बजाय पहले से तय राय का रूप ले रही है। इस तरह भाषा और जनमत का सम्बन्ध सत्ता तथा निहित स्वार्थों के अधीन होने लगता है।

‘जन-मन-उर-शूर’ जैसा प्रयोग इस बनावटी जनमत की विडम्बना को और गहरा करता है। जनता के मन और हृदय का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाली भाषा वास्तव में जनता से कितनी दूर है? यही सवाल यहाँ उठता है। मुक्तिबोध की चिन्ता यह है कि जब जनता की आवाज़ भी कोई बाहरी शक्ति अपने हिसाब से गढ़ने लगे, तब लोगों के वास्तविक अनुभव और उनके सार्वजनिक चित्रण के बीच गहरी दूरी पैदा हो जाती है। जनता मौजूद है। उसकी पीड़ा भी मौजूद है। लेकिन उसके बारे में बोलने वाली भाषा उसके अपने अनुभवों से नहीं निकल रही है।

यहीं ‘बौद्धिक वर्ग है क्रीतदास’ जैसी कठोर अभिव्यक्ति सामने आती है। ‘क्रीतदास’ का अर्थ है खरीदा हुआ दास। इस शब्द के ज़रिये मुक्तिबोध बौद्धिक स्वतन्त्रता के सवाल को आर्थिक और वर्गीय सम्बन्धों से जोड़ते हैं। कोई बुद्धिजीवी केवल इसलिए स्वतन्त्र नहीं हो जाता कि वह सोचता या लिखता है। अगर उसकी सामाजिक स्थिति, सुविधा, प्रतिष्ठा या आर्थिक निर्भरता उसके विचारों को किसी ख़ास शक्ति के अधीन कर देती है, तो उसकी बौद्धिक स्वतन्त्रता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

‘किराए के विचारों का उद्भास’ इस आलोचना को और तीखा बनाता है। ‘किराए के विचार’ ऐसी अभिव्यक्ति है जो विचारों की मौलिकता और स्वतन्त्रता, दोनों पर सवाल उठाती है। विचार अपने नहीं हैं, लेकिन उन्हें अपने विचारों की तरह प्रस्तुत किया जा रहा है। ‘उद्भास’ में चमक या प्रकाश का भाव है। यहाँ विडम्बना यह है कि बाहर से चमकदार दिखाई देने वाले विचारों के पीछे स्वतन्त्र चिन्तन का अपना प्रकाश नहीं है। वे या तो उधार लिए हुए हैं या किसी के हितों के अनुसार तैयार किए गए हैं।

इसीलिए ‘गढ़े जाते संवाद’ और ‘गढ़ी जाती समीक्षा’ को केवल पत्रकारिता की आलोचना मानना पर्याप्त नहीं होगा। मुक्तिबोध यहाँ विचारों को तैयार करने और समाज में फैलाने वाली पूरी व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं। कौन तय करता है कि किसी घटना को किस तरह बताया जाएगा? किसकी प्रशंसा होगी और किसकी आलोचना? कौन-सा सवाल सार्वजनिक चर्चा का विषय बनेगा और किसे दबा दिया जाएगा? कविता इन सवालों के सीधे जवाब नहीं देती। लेकिन ‘गढ़ने’ की क्रिया के ज़रिये वह संकेत करती है कि सार्वजनिक विचार अपने आप नहीं बनते। उनके पीछे सत्ता और स्वार्थों के सम्बन्ध भी काम कर सकते हैं।

‘बड़े-बड़े चेहरों पर स्याहियाँ पुत गईं’ में चेहरा फिर एक बार अर्थपूर्ण हो उठता है। लेकिन यहाँ चेहरा किसी व्यक्ति की शारीरिक पहचान से अधिक उसकी सार्वजनिक प्रतिष्ठा का प्रतीक है। जिन लोगों के चेहरे समाज में सम्मान और प्रभाव के प्रतीक हैं, उन पर स्याही पुत जाना उनकी नैतिक छवि के धूमिल होने का संकेत देता है। यह बिम्ब पहले आए ‘मुख’ से भी जुड़ता है। समाचारपत्रों के मुख छिपे हुए थे। अब प्रतिष्ठित चेहरों पर स्याही पुत गई है। सार्वजनिक जीवन की भाषा और उसका प्रतिनिधित्व करने वाले लोग, दोनों अपनी विश्वसनीयता खो रहे हैं।

इसके बाद ‘नपुंसक श्रद्धा’ का बिम्ब इस संकट को एक और दिशा देता है। श्रद्धा सामान्य रूप से किसी मूल्य, आदर्श या व्यक्ति के प्रति विश्वास का भाव है। लेकिन जब कवि उसे ‘नपुंसक’ कहता है, तो उसका आशय ऐसी श्रद्धा से है जिसमें सवाल उठाने और प्रतिरोध करने की क्षमता नहीं बची है। किसी आदर्श की पूजा करना और उसके मूल्यों को अपने जीवन में उतारना अलग बातें हैं। मुक्तिबोध यहाँ ऐसी श्रद्धा पर सवाल उठाते हैं जो भावुक सम्मान तो व्यक्त करती है, लेकिन अन्याय के सामने कोई नैतिक जोखिम नहीं उठाती।

‘सड़क के नीचे की गटर में छिप गई’ कहकर कवि इस श्रद्धा को जानबूझकर एक गन्दे और अदृश्य स्थान पर पहुँचा देता है। इससे कविता का व्यंग्य और तीखा हो जाता है। सार्वजनिक जीवन में जिस श्रद्धा को आदर्श और सम्मान का दर्जा मिलता है, वह वास्तविक संकट के समय कहीं छिप जाती है। यानी मूल्य का नाम तो बचा रहता है, लेकिन जब उसकी परीक्षा का समय आता है, तो उसके अनुरूप आचरण करने वाला कोई दिखाई नहीं देता। यह बिम्ब आदर्श और व्यवहार के बीच की दूरी को बहुत ठोस रूप में सामने लाता है।

इसके बाद फिर वही पंक्ति लौटती है, ‘कहीं आग लग गई, कहीं गोली चल गई।’ यह दोहराव केवल लय पैदा करने के लिए नहीं है। पिछले काव्यांश में भी इसी तरह की हिंसा का उल्लेख था। यहाँ उसके दोबारा आने से स्पष्ट होता है कि बाहर की वास्तविक परिस्थितियाँ नहीं बदल रही हैं, जबकि बौद्धिक और सांस्कृतिक संस्थाएँ अपनी-अपनी व्याख्याएँ तैयार करने में लगी हैं। समाज में वास्तविक संकट जारी है। दूसरी ओर, उसके बारे में गढ़ी गई भाषा अपनी अलग दुनिया बना रही है। इन दोनों के बीच की दूरी कविता के व्यंग्य को और गहरा करती है।

‘धुएँ के ज़हरीले मेघों के नीचे’ का बिम्ब वातावरण को और भयावह बना देता है। आग और गोली अब अलग-अलग घटनाएँ नहीं रह जातीं। उनका धुआँ पूरे सामाजिक आकाश को ढँक लेता है। ‘ज़हरीले मेघ’ एक तीखा विरोध पैदा करते हैं। सामान्य रूप से मेघ जीवन देने वाली वर्षा की उम्मीद जगाते हैं, लेकिन यहाँ वे ज़हर लेकर आए हैं। इस तरह मुक्तिबोध प्रकृति से लिए गए बिम्ब को भी सामाजिक हिंसा से जोड़ देते हैं। पूरा वातावरण ऐसा हो गया है जिसमें साँस लेना और साफ़ देख पाना, दोनों कठिन हैं।

इसी धुएँ के नीचे ‘द्रुत निज-विश्लेष-गतियाँ’ का आना भी अर्थपूर्ण है। वास्तविक संकट की गति और बौद्धिक आत्मविश्लेषण की गति एक-दूसरे के सामने आ जाती हैं। यहाँ ‘निज-विश्लेष’ को केवल आत्मचिन्तन मानकर नहीं समझा जा सकता। सवाल यह है कि कहीं आत्मविश्लेषण सामाजिक कर्म का विकल्प तो नहीं बन रहा है। जब बाहर हिंसा हो रही हो, तब अपने भीतर के विचारों का तेज़ी से विश्लेषण करना तभी उपयोगी होगा जब वह किसी नैतिक निर्णय और कर्म की ओर ले जाए। अन्यथा वह अपने ही विचारों में उलझे रहने वाली बौद्धिक गतिविधि बन सकता है।

‘एक स्प्लिट सेकेंड में शत साक्षात्कार’ आधुनिक बौद्धिक और संचार संस्कृति पर एक तीखा व्यंग्य है। ‘स्प्लिट सेकेंड’ और ‘शत साक्षात्कार’ जैसे प्रयोग आधुनिक मीडिया की तेज़ी और सूचनाओं की भरमार को सामने लाते हैं। इतनी तेज़ी से साक्षात्कार, प्रतिक्रियाएँ और विचार सामने आ रहे हैं, लेकिन क्या इससे वास्तविकता की समझ भी बढ़ रही है? कविता इसी सवाल की ओर ध्यान दिलाती है। सूचना की गति और विवेक की गति एक जैसी नहीं होती। बहुत कुछ कहा जा सकता है, बहुत सारे साक्षात्कार हो सकते हैं, लेकिन वास्तविक संकट के कारणों और उसके मानवीय अर्थ को समझना फिर भी बाक़ी रह सकता है।

‘टूटते हैं धोखों से भरे हुए सपने’ में कविता कुछ देर के लिए बाहरी सामाजिक आलोचना से हटकर व्यापक मानवीय अनुभव की ओर आती है। यहाँ सपने केवल किसी व्यक्ति की निजी कल्पनाएँ नहीं हैं। वे उन सामाजिक और राजनीतिक उम्मीदों के प्रतीक हैं जिनके सहारे मनुष्य भविष्य की कल्पना करता है। लेकिन जब वास्तविकता बार-बार हिंसा, गोली और दमन के रूप में सामने आती है, तो वे सपने टूटने लगते हैं। ‘धोखों से भरे हुए’ कहकर कवि यह भी संकेत करता है कि इन सपनों में शुरू से ही किसी भ्रम, छल या आत्मछल का अंश मौजूद था।

इसके बाद ‘रक्त में बहती हैं शान की किरनें’ एक जटिल और कई अर्थों वाला बिम्ब सामने लाता है। रक्त सामान्य रूप से हिंसा, पीड़ा और मृत्यु की याद दिलाता है, लेकिन यहाँ उसके भीतर ‘शान की किरनें’ बह रही हैं। इस तरह रक्त केवल विनाश का प्रतीक नहीं रह जाता। उसमें मनुष्य की गरिमा और प्रतिरोध की चमक भी दिखाई देती है। इस बिम्ब में पीड़ा और गौरव, हिंसा और आत्मसम्मान तथा मृत्यु और मानवीय सम्भावना एक साथ मौजूद हैं।

‘विश्व की मूर्ति में आत्मा ही ढल गई’ इस अंश को एक व्यापक दार्शनिक अर्थ देता है। ‘मूर्ति’ किसी ठोस और निर्मित रूप का संकेत है, जबकि ‘आत्मा’ उसमें जीवन और अर्थ भरने वाली शक्ति है। अगर आत्मा ही उस मूर्ति में ढल गई है, तो मनुष्य और उसके बनाए हुए संसार के बीच का सम्बन्ध बदल जाता है। दुनिया केवल बाहर मौजूद कोई वस्तु नहीं रह जाती। उसमें मनुष्य का जीवन, संघर्ष और चेतना भी शामिल हो जाते हैं। इसीलिए रक्त का बिम्ब यहाँ व्यक्तिगत पीड़ा से आगे बढ़कर मानव इतिहास के निर्माण में चुकाई गई क़ीमत का संकेत देता है।

इसके बाद ‘कहीं आग लग गई, कहीं गोली चल गई’ की पुनरावृत्ति इस पूरे दार्शनिक विचार को फिर वास्तविक सामाजिक परिस्थितियों के सामने ला खड़ा करती है। कविता किसी अमूर्त मानवीय आदर्श में शरण नहीं लेती। उसके सामने फिर वही हिंसक दुनिया मौजूद है। इस दोहराव से स्पष्ट होता है कि विचार, समीक्षा, आत्मविश्लेषण और सपनों की तमाम गतिविधियों के बावजूद बाहर की वास्तविकता लगातार अपना कठोर दबाव बनाए हुए है।

इस पूरे काव्यांश में एक दिलचस्प विरोध दिखाई देता है। एक ओर ‘गढ़े जाते संवाद’, ‘गढ़ी जाती समीक्षा’ और ‘गढ़ी जाती टिप्पणी’ जैसी बनावटी भाषा है। दूसरी ओर आग, गोली, धुआँ और रक्त जैसे ठोस अनुभव हैं। एक ओर विचारों को तैयार करने की गतिविधि चल रही है, दूसरी ओर वास्तविक जीवन में हिंसा हो रही है। एक ओर ‘किराए के विचार’ हैं, दूसरी ओर रक्त में बहती हुई ‘शान की किरनें’। इस विरोध के ज़रिये मुक्तिबोध बताते हैं कि जब वास्तविक जीवन और उसके बौद्धिक चित्रण के बीच दूरी बहुत बढ़ जाती है, तब विचार खोखले हो सकते हैं और जीवन की वास्तविक पीड़ा अनसुनी रह सकती है।

मुक्तिबोध की कविता में अवाम की दुर्दशा के लिए केवल प्रत्यक्ष शोषक वर्ग या राजनीतिक सत्ता ज़िम्मेदार नहीं है। वह बुद्धिजीवी तबका भी सवालों के घेरे में आता है जो अन्याय को देखता और समझता है, लेकिन अपनी सुविधा, प्रतिष्ठा, वर्गीय हितों और सुरक्षित जीवन के कारण उसके विरुद्ध खुलकर खड़ा नहीं होता। इसीलिए मुक्तिबोध के यहाँ बुद्धिजीवी की चुप्पी केवल निष्क्रियता नहीं है। वह एक तरह की सामाजिक मिलीभगत भी बन जाती है। ‘अँधेरे में’ में पत्रकारों, आलोचकों, साहित्यकारों और चिन्तकों की उपस्थिति इसी संकट को सामने लाती है। वे जनजीवन की पीड़ा से परिचित होते हुए भी सत्ता और प्रभुत्वशाली वर्ग के बनाए हुए विचारों और धारणाओं का हिस्सा बन जाते हैं।

मुक्तिबोध के आत्मालोचन का एक पहलू यह भी है कि वे ख़ुद को इस कठघरे से बाहर नहीं रखते। कविता का ‘मैं’ जानता है कि केवल शोषण को पहचान लेना पर्याप्त नहीं है। अगर बुद्धिजीवी अपने विचारों को जनजीवन, प्रतिरोध और सामाजिक ज़िम्मेदारी से नहीं जोड़ता, तो उसकी संवेदना भी आत्मसन्तोष का साधन बन सकती है। इस तरह मुक्तिबोध अवाम की बदहाली के पीछे ऐसी सामाजिक व्यवस्था को देखते हैं जिसमें सत्ता का दमन, वर्गीय वर्चस्व और बुद्धिजीवी की निष्क्रियता एक-दूसरे को सहारा देते हैं। उनके लिए बौद्धिकता की सार्थकता इसी में है कि वह जनता के दुःख को केवल अपनी रचना या विचार का विषय न बनाए, बल्कि अपनी सुविधाओं और सुरक्षित आत्मछवि पर भी सवाल उठाए। इस सन्दर्भ में ‘अँधेरे में’ की ये पंक्तियाँ देखी जा सकती हैं:

ओ मेरे आदर्शवादी मन,
ओ मेरे सिद्धांतवादी मन,
अब तक क्या किया?
जीवन क्या जिया!!

उदरंभरि बन अनात्म बन गए,
भूतों की शादी में क़नात-से तन गए,
किसी व्यभिचारी के बन गए बिस्तर,

दुःखों के दाग़ों को तमग़ों-सा पहना,
अपने ही ख़्यालों में दिन-रात रहना,
असंग बुद्धि व अकेले में सहना,
ज़िंदगी निष्क्रिय बन गई तलघर,

अब तक क्या किया,
जीवन क्या जिया!!
बताओ तो किस-किसके लिए तुम दौड़ गए,
करुणा के दृश्यों से हाय! मुँह मोड़ गए,
बन गए पत्थर,
बहुत-बहुत ज़्यादा लिया,
दिया बहुत-बहुत कम,
मर गया देश, अरे, जीवित रह गए तुम!!
लो-हित-पिता को घर से निकाल दिया,
जन-मन-करुणा-सी माँ को हंकाल दिया,
स्वार्थों के टेरियार कुत्तों को पाल लिया,
भावना के कर्तव्य-त्याग दिए,
हृदय के मंतव्य—मार डाले!
बुद्धि का भाल ही फोड़ दिया,
तर्कों के हाथ उखाड़ दिए,
जम गए, जाम हुए, फँस गए,
अपने ही कीचड़ में धँस गए!!
विवेक बघार डाला स्वार्थों के तेल में
आदर्श खा गए!

इस काव्यांश में आत्मालोचन केवल निजी नैतिकता का मामला नहीं रह जाता। वह बुद्धिजीवी की सामाजिक भूमिका पर एक बुनियादी सवाल बन जाता है। ‘ओ मेरे आदर्शवादी मन, / ओ मेरे सिद्धांतवादी मन’ से शुरू होने वाला आत्मसंवाद कवि के अपने ही दावों की जाँच करता है। वह ख़ुद से पूछता है कि अगर आदर्श और सिद्धान्त जीवन के व्यवहार में नहीं उतरते, तो उनका हासिल क्या है। इसीलिए ‘अब तक क्या किया? / जीवन क्या जिया!!’ केवल पछतावे की आवाज़ नहीं है। यह बुद्धिजीवी की सामाजिक जवाबदेही का सवाल भी है। कवि अपने ज्ञान, संवेदना और विचारों को उनके वास्तविक सामाजिक असर की कसौटी पर परख रहा है।

‘उदरंभरि बन अनात्म बन गए’ में आत्मालोचन का पहला निशाना निजी सुविधा है। जब पेट पालने की चिन्ता ही जीवन का मुख्य उद्देश्य बन जाती है, तो मनुष्य अपने व्यापक सामाजिक अस्तित्व से कट सकता है। मुक्तिबोध के यहाँ यह स्थिति ख़ास तौर पर बुद्धिजीवी के लिए चिन्ताजनक है। उससे उम्मीद की जाती है कि वह अपने समय की विडम्बनाओं को पहचाने और उनके विरुद्ध आवाज़ उठाए। लेकिन कवि स्वीकार करता है कि वह ख़ुद भी ऐसी सुविधाभोगी मानसिकता और अपने तक सीमित रहने की प्रवृत्ति का शिकार हुआ है। ‘भूतों की शादी में क़नात-से तन गए’ और ‘किसी व्यभिचारी के बन गए बिस्तर’ जैसे बिम्ब इसी आत्मस्वीकृति को व्यंग्य और फैंटेसी के सहारे तीखा बनाते हैं। कवि मानो कह रहा है कि उसने मृत और खोखली सामाजिक संरचनाओं को चुनौती देने के बजाय उनके लिए पर्दा और सहारा बनने का काम किया।

यहीं ग्राम्शी की ‘ऑर्गेनिक इंटेलेक्चुअल’ यानी समाज और अपने वर्ग के जीवन से जुड़े बुद्धिजीवी की अवधारणा इस आत्मालोचन को समझने में मदद करती है। ग्राम्शी के अनुसार बुद्धिजीवी समाज से बाहर खड़ा कोई निष्पक्ष व्यक्ति नहीं होता। हर सामाजिक वर्ग अपने अनुभवों, हितों और संघर्षों को समझने तथा उन्हें वैचारिक रूप देने वाले बुद्धिजीवियों को जन्म देता है। ऐसे बुद्धिजीवी का काम केवल विचार पैदा करना नहीं, बल्कि किसी सामाजिक वर्ग के अनुभवों, आकांक्षाओं और संघर्षों को समझकर उन्हें व्यापक सामाजिक चेतना से जोड़ना भी है। इस कसौटी पर ‘अँधेरे में’ का आत्मालोचक ‘मैं’ ख़ुद को असफल पाता है। उसके पास विचार हैं, संवेदना है और आदर्श भी हैं, लेकिन वह अभी उस सामाजिक जीवन से पूरी तरह नहीं जुड़ पाया है जहाँ इन विचारों की असली परीक्षा होनी है।

इस सन्दर्भ में ‘अपने ही ख़यालों में दिन-रात रहना’ और ‘असंग बुद्धि व अकेले में सहना’ जैसी पंक्तियाँ अर्थपूर्ण हैं। बुद्धि सक्रिय दिखाई देती है, लेकिन सामाजिक जीवन से उसका रिश्ता कमज़ोर है। वह सोचती है, विश्लेषण करती है और दुःखी भी होती है, लेकिन उस दुःख को सामूहिक अनुभव और सामाजिक कर्म से नहीं जोड़ पाती। ग्राम्शी के विचारों के आधार पर देखें तो यह ऐसे बुद्धिजीवी की समस्या है जो समाज में रहते हुए भी जनता के जीवन और अनुभवों से कट गया है। मुक्तिबोध का आत्मालोचन इसी दूरी को पहचानने की कोशिश करता है।

एडवर्ड सईद का बुद्धिजीवी सम्बन्धी चिन्तन इस सवाल को एक दूसरे स्तर पर ले जाता है। सईद के अनुसार बुद्धिजीवी का काम केवल अपने विषय का विशेषज्ञ होना नहीं है। उसे सार्वजनिक जीवन में अपनी स्वतन्त्र और आलोचनात्मक आवाज़ भी बनाए रखनी चाहिए। सत्ता, संस्थाओं और प्रतिष्ठा से मिलने वाली सुविधाओं के बीच असहमति की जगह बचाए रखना उसकी ज़िम्मेदारी है। अपने समय के अन्याय और झूठे दावों के सामने बोलने का जोखिम भी उसे उठाना चाहिए। इस नज़रिये से देखें तो ‘अँधेरे में’ का आत्मालोचन सईद की उस धारणा के निकट पहुँचता है जिसके अनुसार बुद्धिजीवी की विश्वसनीयता इस बात पर निर्भर करती है कि वह सत्ता से कितनी दूरी रखता है, अपने विवेक को कितना स्वतन्त्र बनाए रखता है और असुविधाजनक सच बोलने के लिए कितना तैयार है।

इसीलिए ‘दुःखों के दाग़ों को तमग़ों-सा पहना’ इस अंश की एक गहरी आत्मस्वीकृति है। कवि केवल यह नहीं कहता कि वह दूसरों के दुःख से दुःखी रहा। वह यह भी स्वीकार करता है कि उसने उन दुःखों को अपनी नैतिक प्रतिष्ठा का प्रमाण बना लिया। यानी दूसरों की पीड़ा के प्रति उसकी संवेदना ही आत्मसन्तोष का साधन बन गई। सईद के विचारों की रोशनी में इसे इस तरह समझा जा सकता है कि बुद्धिजीवी की आलोचनात्मक आवाज़ तभी सार्थक है जब वह सत्ता और अपनी सुविधाओं, दोनों पर सवाल उठाए। यदि सामाजिक पीड़ा केवल लेखकीय संवेदनशीलता का ‘तमगा’ बनकर रह जाए और उससे जीवन की दिशा न बदले, तो बुद्धिजीवी की भूमिका पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

‘बहुत-बहुत ज़्यादा लिया, / दिया बहुत-बहुत कम’ में कवि इसी नैतिक हिसाब को और स्पष्ट करता है। बुद्धिजीवी समाज से भाषा, शिक्षा, अनुभव, प्रतिष्ठा और सुविधाएँ हासिल करता है। लेकिन वह समाज को बदले में क्या देता है? इस सवाल को ग्राम्शी और सईद, दोनों के विचारों के सहारे समझा जा सकता है। ग्राम्शी के अनुसार बुद्धिजीवी सामाजिक जीवन और वर्गीय संघर्ष से जुड़कर अपनी भूमिका निभाता है। सईद के अनुसार उसे सार्वजनिक विवेक की स्वतन्त्र आवाज़ बनकर सत्ता और उसके प्रभुत्व पर सवाल उठाने चाहिए। मुक्तिबोध का ‘मैं’ इन दोनों कसौटियों पर ख़ुद को अधूरा पाता है।

‘मर गया देश, अरे, जीवित रह गए तुम!!’ में यह आत्मालोचन निजी अपराधबोध से आगे बढ़कर इतिहास और समाज के प्रति जवाबदेही का रूप ले लेता है। कवि के लिए केवल अपना सुरक्षित जीवन बचा लेना पर्याप्त नहीं है, जबकि उसके आसपास का सामाजिक जीवन संकट में हो। ‘जीवित रह जाना’ यहाँ किसी उपलब्धि का नहीं, बल्कि नैतिक विफलता के अहसास का कारण बनता है। इसी जगह बुद्धिजीवी की निजी सुरक्षा और सार्वजनिक ज़िम्मेदारी आमने-सामने आ जाती हैं। सईद जिस स्वतन्त्र और सत्ता से असहमति रखने वाले बुद्धिजीवी की कल्पना करते हैं, उसके सामने भी यही चुनौती है कि वह सुविधा और स्वीकृति के बदले अपने आलोचनात्मक विवेक की स्वतन्त्रता को चुने।

इसके बाद ‘लो-हित-पिता’ और ‘जन-मन-करुणा-सी माँ’ को घर से निकालने का बिम्ब आत्मालोचन को लगभग एक घरेलू दृश्य में बदल देता है। लोकहित और जनता के प्रति करुणा व्यक्ति के भीतर मौजूद नैतिक अभिभावकों की तरह हैं। कवि स्वीकार करता है कि उसने इन्हें अपने ही भीतर से बाहर निकाल दिया और उनकी जगह ‘स्वार्थों के टेरियार कुत्तों’ को पाल लिया। यह बिम्ब बताता है कि स्वार्थ कोई ऐसा बाहरी शत्रु नहीं है जिसे किसी दूसरे ने व्यक्ति के भीतर बैठा दिया हो। व्यक्ति स्वयं उसे पालता-पोसता है। इसलिए बुद्धिजीवी की नैतिक विफलता को केवल सत्ता के दबाव से नहीं समझा जा सकता। उसमें उसकी अपनी सुविधाओं और हितों की भी भूमिका है।

‘भावना के कर्तव्य-त्याग दिए’ और ‘हृदय के मंतव्य—मार डाले’ में संवेदना और ज़िम्मेदारी का सम्बन्ध सामने आता है। भावना अगर कर्तव्य से न जुड़े तो वह केवल भावुकता बनकर रह जाती है। किसी पीड़ित मनुष्य के लिए दुःख महसूस करना और उसके पक्ष में खड़ा होना अलग-अलग बातें हैं। मुक्तिबोध का आत्मालोचन इस अन्तर को बड़ी कठोरता से सामने लाता है। बुद्धिजीवी की सामाजिक ज़िम्मेदारी केवल सहानुभूति व्यक्त करना नहीं है। उसे अपनी स्थिति और व्यवहार को भी उस सहानुभूति के अनुरूप बदलना होगा।

‘बुद्धि का भाल ही फोड़ दिया, / तर्कों के हाथ उखाड़ दिए’ में यह विडम्बना और गहरी हो जाती है। बुद्धिजीवी के पास बुद्धि और तर्क ही वे साधन हैं जिनसे वह सत्ता, समाज और अपने जीवन की आलोचना कर सकता है। लेकिन कवि स्वीकार करता है कि उसने उन्हीं साधनों को निष्क्रिय कर दिया। यहाँ बौद्धिक विफलता का कारण केवल अज्ञान नहीं है। उसका सम्बन्ध स्वार्थ और सुविधा से भी है। जब तर्क अपने हितों को सही ठहराने लगें और विवेक समझौते का साधन बन जाए, तब बौद्धिकता अपनी आलोचनात्मक शक्ति खो देती है।

‘जम गए, जाम हुए, फँस गए, / अपने ही कीचड़ में धँस गए!!’ इस पूरी प्रक्रिया के सामाजिक और मनोवैज्ञानिक परिणाम को सामने लाता है। व्यक्ति किसी बाहरी दीवार से नहीं, बल्कि अपने ही बनाए हुए दलदल से घिरा हुआ है। यहाँ ‘कीचड़’ स्वार्थ, भय, सुविधा, प्रतिष्ठा और आत्मछल का मिला-जुला रूपक है। मुक्तिबोध का आत्मालोचन इसलिए इतना कठोर है कि वे अपनी विफलता का सारा दोष व्यवस्था पर डालकर ख़ुद को निर्दोष नहीं ठहराते। व्यवस्था का दबाव वास्तविक है, लेकिन व्यक्ति की अपनी ज़िम्मेदारी भी कम नहीं है।

अन्तिम बिम्ब ‘विवेक बघार डाला स्वार्थों के तेल में / आदर्श खा गए!’ पूरे आत्मालोचन को एक तीखे व्यंग्य में बदल देता है। ‘विवेक’ को ‘बघार’ देना और ‘आदर्श’ को ‘खा जाना’ जैसे प्रयोग रोज़मर्रा की घरेलू भाषा और नैतिक विचारों के बीच एक अप्रत्याशित सम्बन्ध बनाते हैं। इससे पता चलता है कि बड़े-बड़े आदर्श भी निजी स्वार्थों की रसोई में इस्तेमाल होकर अपना अर्थ खो सकते हैं। यहाँ मुक्तिबोध अपने आदर्शवाद को भी नहीं बख़्शते। यही बात उनके आत्मालोचन को विश्वसनीय बनाती है।

इसलिए ‘अँधेरे में’ का ईमानदार बुद्धिजीवी वह नहीं है जो ख़ुद को निर्दोष, क्रान्तिकारी या नैतिक रूप से दूसरों से श्रेष्ठ साबित कर दे। ईमानदार वह है जो अपनी विफलता को पहचानने से पीछे न हटे। मुक्तिबोध के यहाँ आत्मालोचन ख़ुद को हीन समझना नहीं, बल्कि अपने प्रति जवाबदेह होना है। ग्राम्शी के सामाजिक जीवन से जुड़े बुद्धिजीवी और सईद के स्वतन्त्र तथा सत्ता से असहमत बुद्धिजीवी की अवधारणाएँ यहाँ मुक्तिबोध के ‘मैं’ के सामने कुछ कठिन नैतिक सवाल रखती हैं। क्या मेरे विचार सचमुच मेरे जीवन का हिस्सा हैं? क्या मेरी संवेदना सामाजिक ज़िम्मेदारी में बदलती है? क्या मैं अपनी सुविधाओं के विरुद्ध जाकर उस सच के साथ खड़ा हो सकता हूँ जिसे पहचानने का दावा करता हूँ?

‘अँधेरे में’ के स्वप्न-विधान पर ध्यान देने से स्पष्ट होता है कि इसे केवल राजनीतिक रूपकों की कविता मानकर नहीं पढ़ा जा सकता। कविता में सुरंगें, खोहें, अँधेरी गलियाँ, पीछा करती हुई छायाएँ, रहस्यमय चेहरा, मृत-दल, रक्त, मशाल और लगातार बदलते दृश्य एक ऐसा मानसिक संसार बनाते हैं जहाँ बाहरी यथार्थ और भीतर का अवचेतन एक-दूसरे में घुल जाते हैं। फ्रायड के मनोविश्लेषण की दृष्टि से देखें तो स्वप्न दबे हुए भय, इच्छाओं, अपराधबोध और उन अनुभवों को प्रतीकात्मक रूप में सामने लाता है जिन्हें व्यक्ति स्वीकार नहीं कर पाता। ‘अँधेरे में’ का स्वप्न भी इसी अर्थ में कवि के भीतर दबे हुए नैतिक और सामाजिक तनावों को दृश्य रूप देता है। लेकिन यहाँ अवचेतन केवल निजी नहीं है। उसमें अपने समय की राजनीतिक और सामाजिक बेचैनी भी जमा है।

कविता में बार-बार आने वाली सुरंग और खोह अपने भीतर उतरने की प्रक्रिया के रूपक हैं। कवि जितना बाहर की दुनिया से भागता है, उतना ही अपने भीतर पहुँचता जाता है। लेकिन यह भीतरी संसार कोई शान्त और सुरक्षित जगह नहीं है। वहाँ भय, असुरक्षा, अपराधबोध और अधूरी इच्छाएँ मौजूद हैं। अँधेरे में भटकने का अर्थ इसलिए अपने ही मन के उन हिस्सों से सामना करना है जिनसे जागती हुई चेतना अक्सर बचती रहती है। इसीलिए कविता का अँधेरा केवल प्रकाश का अभाव नहीं है। वह अपने भीतर उतरकर ख़ुद को पहचानने की एक कठिन जगह भी है।

फ्रायड की दृष्टि से कविता में मौजूद रहस्यमय चेहरा विशेष ध्यान खींचता है। वह कवि के सामने किसी बाहरी व्यक्ति की तरह आता है, लेकिन उसका सम्बन्ध कवि के अपने ही दबे हुए व्यक्तित्व से है। वह उस इच्छा और नैतिक आकांक्षा का प्रतिनिधित्व कर सकता है जिसे कवि अपने दैनिक जीवन में पूरी तरह नहीं जी पाया। इसीलिए वह चेहरा उसे आकर्षित भी करता है और डराता भी है। मनुष्य अपने भीतर मौजूद उस रूप से क्यों डरता है जो उसकी सम्भावित पूर्णता का संकेत देता है? इसका उत्तर कविता के आत्मसंघर्ष में मिलता है। वह चेहरा वर्तमान ‘मैं’ की सीमाओं और समझौतों को सामने ला देता है। इसीलिए कवि उससे बचना चाहता है।

कविता में पीछा किए जाने की अनुभूति भी इसी मनोवैज्ञानिक स्थिति से जुड़ती है। कवि भागता है, गलियों और अँधेरे रास्तों से गुज़रता है, लेकिन वह जिस चीज़ से भाग रहा है, वह केवल बाहर की कोई शक्ति नहीं है। उसका अपना भय और अपराधबोध भी उसका पीछा कर रहे हैं। यहाँ बाहरी और भीतरी पीछा एक-दूसरे में मिल जाते हैं। राजनीतिक आतंक जितना वास्तविक है, उतना ही वास्तविक वह मानसिक दबाव भी है जो व्यक्ति को लगातार अपने निर्णयों और निष्क्रियता की याद दिलाता रहता है।

‘प्रोसेशन’ का दृश्य इस अवचेतन संसार को और गहरा बनाता है। रात, सुनसान सड़क, बदलते हुए चेहरे और मृत-दल जैसी छवियाँ एक दुःस्वप्न का रूप ले लेती हैं। जागते हुए जीवन में जिन सामाजिक चेहरों की अलग-अलग पहचान होती है, वे स्वप्न में एक ही भयावह जुलूस का हिस्सा बन जाते हैं। इस तरह अवचेतन उन सम्बन्धों को एक साथ सामने रख देता है जिन्हें सामान्य सामाजिक चेतना अलग-अलग मानती है। सत्ता, प्रतिष्ठा, बौद्धिकता और भय एक ही दृश्य में इकट्ठे हो जाते हैं।

युंग की दृष्टि से देखें तो इन दृश्यों में ‘छाया’ का रूपक भी दिखाई देता है। युंग के अनुसार ‘छाया’ व्यक्तित्व के उस हिस्से का प्रतिनिधित्व करती है जिसे व्यक्ति अपने बारे में स्वीकार नहीं करना चाहता। ‘अँधेरे में’ के कई चेहरे, छायाएँ और रहस्यमय आकृतियाँ इसी अर्थ में पढ़ी जा सकती हैं। कवि केवल समाज की छाया नहीं देख रहा है। वह अपनी छाया भी देख रहा है। प्रोसेशन में दिखाई देने वाले समझौतापरस्त बुद्धिजीवियों से उसका भय इसलिए भी जुड़ा है कि उसे अपने भीतर भी उसी सुविधा और निष्क्रियता की सम्भावना दिखाई देती है।

रक्त और मशाल के बिम्बों को भी इसी सन्दर्भ में समझा जा सकता है। रक्त हिंसा, पीड़ा और अपराधबोध का संकेत देता है, लेकिन उसके साथ मशाल और प्रकाश के बिम्ब भी जुड़े हैं। इसका अर्थ यह नहीं है कि रक्त केवल मुक्ति का प्रतीक बन जाता है। उसका अर्थ अधिक जटिल है। वह उस क़ीमत की याद दिलाता है जो सामाजिक और नैतिक संघर्ष के साथ जुड़ी हुई है। अवचेतन में दबा भय यहाँ सामूहिक हिंसा और ऐतिहासिक स्मृति के साथ मिल जाता है।

स्वप्न में वस्तुओं और दृश्यों का लगातार रूप बदलना भी मनोविश्लेषण की दृष्टि से अर्थपूर्ण है। एक दृश्य दूसरे में बदल जाता है। कोई चेहरा किसी दूसरी आकृति में दिखाई देने लगता है और वास्तविकता तथा कल्पना की सीमाएँ धुँधली पड़ जाती हैं। फ्रायड के अनुसार स्वप्न में दबे हुए अनुभव अक्सर सीधे सामने आने के बजाय रूप बदलकर प्रकट होते हैं। मुक्तिबोध इस प्रक्रिया का इस्तेमाल केवल मनोवैज्ञानिक स्तर पर नहीं करते। इसके ज़रिये वे उस सामाजिक यथार्थ को भी सामने लाते हैं जो ख़ुद इतना उलझा हुआ है कि उसे किसी सीधी कहानी में व्यक्त करना कठिन है।

यहीं कविता का स्वप्न-विधान सामाजिक अर्थ ग्रहण करता है। कवि का अवचेतन केवल उसकी निजी स्मृतियों से नहीं बना है। उसमें उसके समय की राजनीति, हिंसा, वर्ग-विभाजन, बौद्धिक समझौते और जनता की पीड़ा भी जमा है। इसलिए उसका दुःस्वप्न एक व्यक्ति का निजी दुःस्वप्न होते हुए भी सामूहिक अनुभव की ओर खुलता है। बाहरी समाज उसके भीतर प्रवेश कर चुका है और भीतर की बेचैनी फिर बाहरी समाज को देखने का माध्यम बनती है।

मनोविश्लेषण की दृष्टि से कविता का एक बड़ा तनाव यह भी है कि ‘मैं’ अपने भीतर से भागकर अपने भीतर ही लौटता है। एक सुरंग से निकलने के लिए वह दूसरी सुरंग में जाता है। पीछा करने वाली छाया से बचने के लिए वह किसी दूसरे अँधेरे में प्रवेश करता है। यह बार-बार लौटने वाली गति बताती है कि आत्मसंघर्ष से निकलने का कोई आसान रास्ता नहीं है। व्यक्ति को अपने भय, अपराधबोध और दबे हुए नैतिक आग्रहों से गुज़रकर ही अपने बारे में कुछ समझ हासिल हो सकती है।

लेकिन कविता अपने भीतर उतरने की इस प्रक्रिया को केवल निजी मन तक सीमित नहीं रखती। आगे चलकर कवि जनता, सामूहिक विवेक और सामाजिक परिवर्तन की ओर बढ़ता है। इससे पता चलता है कि अवचेतन की यात्रा अन्ततः सामाजिक चेतना की यात्रा से जुड़ जाती है। कवि अपने भीतर जिस भय और अपराधबोध को पहचानता है, उसका सम्बन्ध उसके समय की वास्तविक सामाजिक परिस्थितियों से भी है। इसलिए आत्मज्ञान का उद्देश्य अपने भीतर ही बन्द हो जाना नहीं, बल्कि अपने समय और समाज से एक नया रिश्ता बनाना है।

कवि जिस रहस्यमय चेहरे से बार-बार टकराता है, उसे इस सन्दर्भ में उसके अपने नैतिक विवेक के रूप में भी पढ़ा जा सकता है। वह चेहरा ‘मैं’ को उसकी अधूरी सम्भावनाओं का अहसास कराता है। कवि जानता है कि उसे क्या करना चाहिए, लेकिन यह भी समझता है कि वह अब तक उस रास्ते पर पूरी तरह नहीं चल पाया है। इसीलिए वह चेहरा केवल भय पैदा नहीं करता, बल्कि उसे चुनौती भी देता है। वह किसी बाहरी दुश्मन की तरह कवि को नहीं डराता। वह उसके अपने जीवन के उन सवालों को सामने लाता है जिनसे बचना कठिन है। इस तरह भय ख़ुद को पहचानने की प्रक्रिया का हिस्सा बन जाता है। कवि को अपने ही उस सम्भावित व्यक्तित्व का सामना करना पड़ता है जो उसके वर्तमान जीवन और व्यवहार से अधिक ईमानदार तथा सामाजिक रूप से जवाबदेह है।

‘प्रोसेशन’ का दृश्य इस निजी भय को सामाजिक और राजनीतिक अर्थ देता है। उसमें सत्ता के साथ पत्रकार, आलोचक, साहित्यकार और दूसरे प्रतिष्ठित चेहरे भी दिखाई देते हैं। इससे कवि के सामने यह सवाल और तीखा हो जाता है कि दमनकारी व्यवस्था को केवल शासक वर्ग ही चलाता है या समाज के प्रभावशाली लोग भी अपने समझौतों, चुप्पी और सुविधाओं के ज़रिये उसे बनाए रखने में भूमिका निभाते हैं। इस दृश्य का भय इसलिए केवल पुलिस, सेना या राजनीतिक सत्ता का भय नहीं है। वह अपने ही बौद्धिक संसार के भीतर सत्ता की मौजूदगी पहचान लेने का भय भी है। जिन लोगों से स्वतन्त्र चिन्तन और आलोचनात्मक विवेक की उम्मीद की जाती है, उनका सत्ता के साथ खड़ा दिखाई देना कवि के लिए गहरी बेचैनी पैदा करता है।

भय की इस मनोवैज्ञानिक और सामाजिक प्रक्रिया को समझने के लिए यह देखना ज़रूरी है कि भय व्यक्ति को केवल चुप नहीं कराता। वह उसके सोचने और व्यवहार करने के तरीक़े को भी प्रभावित करता है। व्यक्ति ख़ुद अपने ऊपर निगरानी रखने लगता है, अपनी सीमाएँ तय करता है और उन बातों से बचने लगता है जो उसकी सुरक्षित स्थिति को अस्थिर कर सकती हैं। इस तरह बाहरी सत्ता का दबाव धीरे-धीरे अपने विचारों और अभिव्यक्ति पर ख़ुद ही पाबन्दी लगाने की प्रवृत्ति में बदल सकता है। ‘अँधेरे में’ का कवि इसी भीतरी दबाव को पहचानता है। उसे महसूस होता है कि सत्ता का प्रभाव केवल बाहरी नियन्त्रण तक सीमित नहीं है। वह व्यक्ति के भीतर भय और समझौते के रूप में भी जगह बना लेता है। तब मनुष्य को चुप कराने के लिए हर बार किसी बाहरी आदेश की ज़रूरत नहीं पड़ती। वह अपनी सुरक्षा के लिए ख़ुद ही कुछ सवालों से बचने लगता है।

लेकिन मुक्तिबोध भय को मनुष्य की अन्तिम स्थिति नहीं मानते। अपराधबोध अगर व्यक्ति को केवल आत्मदया में उलझाकर रख दे, तो उसका कोई सामाजिक अर्थ नहीं रह जाता। कविता में अपराधबोध धीरे-धीरे आत्मालोचन का रूप लेता है और आत्मालोचन प्रतिरोध की ज़रूरत का अहसास कराता है। कवि जितना अपने समझौतों को पहचानता है, उतनी ही उन्हें तोड़ने की इच्छा उसके भीतर पैदा होती है। इसीलिए प्रतिरोध का सम्बन्ध केवल बाहरी सत्ता से टकराने से नहीं है। उसके लिए व्यक्ति को अपने भीतर मौजूद डर, सुविधा और आत्मछल का भी सामना करना होगा। यह प्रक्रिया कठिन है, क्योंकि इसमें व्यक्ति को अपनी उस छवि पर भी सवाल उठाने पड़ते हैं जिसे वह अब तक सही मानता रहा है।

यहीं ‘अभिव्यक्ति के सारे ख़तरे’ उठाने की आकांक्षा का अर्थ स्पष्ट होता है। लेखक के लिए ख़तरा केवल राजनीतिक दमन का नहीं है। अपनी सुरक्षित सामाजिक पहचान, प्रतिष्ठा और सुविधाएँ खोने का जोखिम भी उसके सामने मौजूद है। भय उसे चुप रहने के लिए प्रेरित करता है, जबकि अपराधबोध अपनी चुप्पी का हिसाब माँगता है। इस अन्तर्विरोध से निकलने का रास्ता केवल साहस का प्रदर्शन करना नहीं है। इसके लिए व्यक्ति को अपने विचारों और जीवन के बीच की दूरी कम करनी होगी। तभी अभिव्यक्ति नैतिक कर्म का रूप ले सकती है। मुक्तिबोध के यहाँ अभिव्यक्ति की स्वतन्त्रता का सवाल इसीलिए व्यक्ति की सामाजिक ज़िम्मेदारी से जुड़ जाता है।

कविता में जनता की ओर बढ़ना इसी भीतरी संघर्ष का अगला चरण है। जब कवि अकेले ‘मैं’ की सीमाओं से निकलकर लोगों की पाँतों तक पहुँचता है, तो उसके भय को एक नया सामाजिक अर्थ मिलता है। वहाँ उसे पता चलता है कि डर केवल उसका निजी अनुभव नहीं है और प्रतिरोध भी किसी अकेले व्यक्ति की निजी वीरता पर निर्भर नहीं करता। जनता के बीच मौजूद सामूहिक विवेक उसके आत्मसंघर्ष को सामाजिक दिशा देता है। इस तरह अकेलेपन से सामूहिकता की ओर बढ़ना भय पर विजय की कोई सरल कहानी नहीं है। यह उस प्रक्रिया का संकेत है जिसमें व्यक्ति अपने निजी अनुभवों को व्यापक सामाजिक जीवन से जोड़कर समझने लगता है।

इस नज़रिये से ‘अँधेरे में’ में प्रतिरोध के तीन जुड़े हुए स्तर दिखाई देते हैं। पहले स्तर पर व्यक्ति अपने भीतर उस भय को पहचानता है जो उसे निष्क्रिय बनाए रखता है। दूसरे स्तर पर वह उस अपराधबोध का सामना करता है जो उसके ज्ञान और कर्म के बीच की दूरी से पैदा होता है। तीसरे स्तर पर वह इस दूरी को कम करने के लिए सामूहिक जीवन और सामाजिक संघर्ष से जुड़ने की कोशिश करता है। इस तरह कवि की निजी बेचैनी धीरे-धीरे राजनीतिक अर्थ ग्रहण करती है। उसके आत्मालोचन की सार्थकता भी इसी में है कि वह केवल अपने भीतर की कमज़ोरियों को पहचानकर नहीं रुकता, बल्कि उनसे बाहर निकलने का रास्ता खोजता है।

‘अँधेरे में’ का अँधेरा केवल भय, निराशा या राजनीतिक दमन का प्रतीक नहीं है। वह ऐसी सामाजिक और सांस्कृतिक स्थिति का रूपक भी है जिसमें चीज़ें सामने होते हुए भी अपने वास्तविक रूप में दिखाई नहीं देतीं। सत्ता, प्रतिष्ठा, विचार और नैतिकता के बीच ऐसे सम्बन्ध बन गए हैं कि सच्चाई को पहचानना और उसे स्वीकार करना दो अलग बातें हो जाती हैं। दिन के उजाले में सामान्य और सम्मानित दिखाई देने वाले चेहरे रात के ‘प्रोसेशन’ में अपना दूसरा रूप दिखाते हैं। इस तरह अँधेरा केवल देखने में होने वाली कठिनाई का संकेत नहीं रह जाता। वह हमारी दृष्टि और समझ के संकट को भी सामने लाता है। समस्या यह नहीं है कि कुछ दिखाई ही नहीं दे रहा। समस्या यह है कि जो दिखाई दे रहा है, उसका असली अर्थ पहचानना कठिन हो गया है।

यहीं अँधेरा ज्ञान और भ्रम के बीच की सीमा को धुँधला करता है। कवि के सामने समाज की अनेक सच्चाइयाँ मौजूद हैं, लेकिन उन्हें किसी एक स्पष्ट और स्थिर रूप में समझ पाना आसान नहीं है। वह अपने अनुभवों, स्मृतियों और विचारों के सहारे रास्ता खोजता है। इसीलिए कविता में अँधेरे के बीच बार-बार प्रकाश की झलक मिलती है। कहीं मशाल है, कहीं बिजली की चमक, कहीं रक्तिम आभा और कहीं मणियों का प्रकाश। लेकिन इनमें से कोई भी पूरे दृश्य को हमेशा के लिए रोशन नहीं कर देता। प्रकाश थोड़ी देर के लिए दिखाई देता है और अँधेरा फिर फैल जाता है। इससे कविता में ज्ञान की प्रक्रिया भी जटिल हो जाती है। सच्चाई एक ही क्षण में पूरी तरह सामने नहीं आती। उसके अलग-अलग हिस्से दिखाई देते हैं और हर नयी रोशनी पहले से देखी हुई चीज़ों का अर्थ भी बदल देती है।

इस सन्दर्भ में ‘अँधेरे में’ को आधुनिक मनुष्य की पहचान के संकट की कविता भी कहा जा सकता है। कवि दूसरों के चेहरों को पहचानने की कोशिश करता है, लेकिन इस प्रक्रिया में उसे अपनी पहचान पर भी नये सिरे से विचार करना पड़ता है। रहस्यमय चेहरा, प्रोसेशन के परिचित लोग, पागल, गाँधी, शिशु और जनता, ये सभी उसके सामने ऐसे सवाल रखते हैं जिनसे उसके व्यक्तित्व और सामाजिक भूमिका की सीमाएँ खुलने लगती हैं। दूसरे को पहचानना यहाँ ख़ुद को पहचानने से अलग नहीं है। इसीलिए कविता का अँधेरा केवल बाहरी दुनिया को अस्पष्ट नहीं बनाता। वह ‘मैं’ की उस आत्मछवि को भी अस्थिर करता है जिसे कवि अब तक अपने बारे में सही मानता आया था।

कविता की तिलस्मी संरचना इसी अँधेरे को व्यक्त करने का एक तरीक़ा है। कविता किसी सीधी कहानी की तरह एक घटना से दूसरी घटना तक नहीं पहुँचती। स्वप्न, स्मृति, कल्पना, आत्मसंवाद और राजनीतिक यथार्थ लगातार एक-दूसरे में घुलते रहते हैं। एक दृश्य अचानक दूसरे दृश्य में बदल जाता है। कोई चेहरा निजी स्मृति से निकलकर सामाजिक प्रतीक बन जाता है। कोई राजनीतिक घटना दुःस्वप्न का रूप ले लेती है और कोई निजी अपराधबोध व्यापक सामाजिक सवाल बन जाता है। इसीलिए कविता का तिलस्म केवल रहस्य पैदा करने के लिए नहीं है। वह ऐसे यथार्थ को व्यक्त करने का माध्यम है जिसे किसी सीधी और क्रमबद्ध कहानी में समेटना कठिन है।

इसलिए ‘अँधेरे में’ का तिलस्मी संसार वास्तविकता से दूर नहीं जाता, बल्कि उसके छिपे हुए सम्बन्धों को सामने लाता है। उदाहरण के लिए, ‘प्रोसेशन’ का दृश्य किसी घटना की यथार्थवादी समाचार-रिपोर्ट नहीं है। लेकिन उसमें सत्ता, बुद्धिजीवी वर्ग, सामाजिक प्रतिष्ठा और राजनीतिक दमन के बीच जो सम्बन्ध खुलते हैं, वे सामाजिक यथार्थ को समझने में मदद करते हैं। इसी तरह खोह और सुरंगें केवल वास्तविक भौगोलिक स्थान नहीं हैं। वे चेतना की ऐसी जगहें भी हैं जहाँ दबे हुए अनुभव, भय और विचार नये रूपों में सामने आते हैं। इस तरह कविता की कल्पना सामाजिक जीवन से दूर जाने के बजाय उसकी भीतरी संरचना को अधिक स्पष्ट करती है।

यहाँ स्मृति की भूमिका भी ध्यान देने योग्य है। स्मृति कविता में अतीत को जस का तस वापस नहीं लाती। वह वर्तमान के संकट के बीच अतीत को नये अर्थ देती है। गाँधी का चेहरा इसका उदाहरण है। वे केवल इतिहास के एक परिचित व्यक्ति के रूप में सामने नहीं आते। वर्तमान की हिंसा और नैतिक संकट के बीच उनकी उपस्थिति का अर्थ बदल जाता है। इसी तरह मृत मित्रों और परिचित चेहरों की स्मृतियाँ भी कवि के वर्तमान आत्मालोचन का हिस्सा बनती हैं। अतीत यहाँ कोई बन्द अध्याय नहीं है। वह वर्तमान को समझने और उसकी जाँच करने में सक्रिय भूमिका निभाता है।

कल्पना भी इसी तरह यथार्थ से अलग कोई स्वतन्त्र दुनिया नहीं बनाती। मुक्तिबोध की कल्पना वास्तविकता की भीतरी बनावट को अधिक तीखे ढंग से देखने में मदद करती है। स्वप्न में असम्भव घटनाएँ घट सकती हैं, चेहरे बदल सकते हैं और स्थान तिलस्मी रूप ले सकते हैं। लेकिन इन असम्भव दृश्यों के भीतर सामाजिक सच्चाइयाँ सामने आती हैं। इस अर्थ में कविता की फैंटेसी यथार्थ को ढकती नहीं, बल्कि उसके भीतर मौजूद बेचैनी को दृश्य रूप देती है। जो सम्बन्ध सामान्य जीवन में छिपे रहते हैं, वे स्वप्न के भीतर एक-दूसरे से जुड़कर दिखाई देने लगते हैं।

यहीं प्रकाश और अँधेरे का सम्बन्ध भी नया अर्थ ग्रहण करता है। प्रकाश केवल आशा और अँधेरा केवल निराशा का संकेत नहीं है। कई बार प्रकाश अचानक दिखाई देता है, चौंकाता है और फिर ग़ायब हो जाता है। अँधेरा बना रहता है, लेकिन उसी के भीतर खोज भी चलती रहती है। इसीलिए कविता अपने अनुभवों को अच्छाई और बुराई या आशा और निराशा जैसे सीधे विरोधों में नहीं बाँटती। उसके संसार में ये स्थितियाँ लगातार एक-दूसरे को प्रभावित करती हैं। अँधेरे के भीतर प्रकाश की सम्भावना है और प्रकाश की क्षणिक उपस्थिति अँधेरे को पूरी तरह समाप्त नहीं करती। यह जटिल सम्बन्ध कविता के सामाजिक और नैतिक अनुभव को अधिक विश्वसनीय बनाता है।

‘अँधेरे में’ का ‘प्रोसेशन’ केवल भय पैदा करने वाला स्वप्न-दृश्य नहीं है। वह आधुनिक सत्ता के सामाजिक चरित्र को समझने का एक प्रभावशाली रूपक भी है। रात के अँधेरे में निकलता हुआ यह जुलूस सार्वजनिक जीवन की ऐसी दुनिया सामने लाता है जहाँ सत्ता केवल सरकारी संस्थाओं के भीतर नहीं रहती। वह प्रदर्शन, प्रतिष्ठा, अनुशासन और सामूहिक उपस्थिति के ज़रिये भी अपनी शक्ति का अहसास कराती है। जुलूस में कौन शामिल है, उसके साथ कौन-सी शक्तियाँ चल रही हैं और कवि उन चेहरों को किस तरह पहचानता है, इन सवालों से पता चलता है कि सत्ता और समाज का रिश्ता सीधा नहीं है। उसके भीतर कई स्तरों पर सम्बन्ध और समझौते काम करते हैं।

‘प्रोसेशन’ का पहला प्रभाव उसकी सामूहिक उपस्थिति से पैदा होता है। अकेला व्यक्ति भयभीत हो सकता है, लेकिन जुलूस में शामिल लोग एक संगठित शक्ति का अहसास कराते हैं। यहाँ भीड़ केवल लोगों का समूह नहीं रह जाती। वह अनुशासित राजनीतिक प्रदर्शन का रूप ले लेती है। उसकी गति, उसका संगठित रूप और उसके भीतर मौजूद अलग-अलग सामाजिक चेहरे मिलकर सत्ता की शक्ति को सामने लाते हैं। इसीलिए कवि का अकेला ‘मैं’ और उसके सामने से गुज़रता विशाल ‘प्रोसेशन’ दो विपरीत स्थितियाँ बनाते हैं। एक ओर अकेला, सन्देहग्रस्त और भयभीत व्यक्ति है। दूसरी ओर संगठित, प्रभावशाली और अपने बल का प्रदर्शन करती हुई सामूहिक शक्ति है।

लेकिन इस जुलूस की असली भयावहता उसकी संख्या में नहीं, बल्कि उसकी सामाजिक बनावट में है। उसमें केवल सैनिक, हथियारबन्द लोग या सीधे राजनीतिक सत्ता से जुड़े व्यक्ति नहीं हैं। पत्रकार, आलोचक, साहित्यकार, कलाकार और सार्वजनिक जीवन के प्रतिष्ठित चेहरे भी उसमें दिखाई देते हैं। इससे सत्ता की तस्वीर बदल जाती है। अब वह केवल पुलिस, सेना या शासनतन्त्र की शक्ति नहीं रह जाती। उसके साथ वे लोग भी खड़े दिखाई देते हैं जिनसे स्वतन्त्र विचार, आलोचनात्मक विवेक और सामाजिक प्रतिरोध की उम्मीद की जाती है। इसीलिए प्रोसेशन सत्ता और समाज के बीच मौजूद उस जटिल सम्बन्ध को सामने लाता है जिसमें प्रभुत्व बनाए रखने के लिए केवल शासक ही सक्रिय नहीं रहते। समाज के प्रभावशाली वर्ग भी इसमें भूमिका निभा सकते हैं।

यहीं तमाशे और सत्ता का सम्बन्ध खुलता है। सत्ता को केवल शासन करने के लिए ही नहीं, अपनी शक्ति दिखाने के लिए भी सार्वजनिक दृश्य चाहिए। जुलूस इसी प्रदर्शन का माध्यम है। वह बताता है कि सत्ता मौजूद है, संगठित है और उसका प्रभाव समाज के अनेक हिस्सों तक फैला हुआ है। लेकिन रात, अँधेरा और जुलूस का रहस्यमय वातावरण इस प्रदर्शन को सामान्य सार्वजनिक समारोह नहीं रहने देते। वह भय और आतंक का दृश्य बन जाता है। यहाँ सत्ता का प्रदर्शन अपनी वैधता साबित करने से अधिक अपनी शक्ति का अहसास कराने के लिए होता है। उसका उद्देश्य केवल यह दिखाना नहीं है कि उसके पास शासन करने का अधिकार है, बल्कि यह भी जताना है कि उसके सामने खड़े होने की क़ीमत चुकानी पड़ सकती है।

फिर भी यह दृश्य केवल ऊपर से नीचे तक फैली हुई सत्ता का नहीं है। जुलूस में शामिल चेहरे बताते हैं कि सार्वजनिक जीवन के प्रतिष्ठित लोग भी किसी व्यवस्था से किस तरह जुड़ सकते हैं। दिन के उजाले में जो लोग अलग-अलग पहचान और भूमिकाओं में दिखाई देते हैं, वे रात के जुलूस में एक ही राजनीतिक शक्ति के साथ खड़े नज़र आते हैं। इसी बदलाव से कविता में चेहरे और मुखौटे का सवाल पैदा होता है।

मुक्तिबोध के यहाँ चेहरा केवल किसी व्यक्ति की शारीरिक पहचान नहीं है। वह उसकी सामाजिक भूमिका का भी प्रतिनिधित्व करता है। पत्रकार के चेहरे से निष्पक्ष पत्रकारिता, आलोचक के चेहरे से आलोचनात्मक विवेक और साहित्यकार के चेहरे से स्वतन्त्र रचनात्मकता की उम्मीद जुड़ी होती है। लेकिन जब यही चेहरे सत्ता के जुलूस में दिखाई देते हैं, तो उनकी सार्वजनिक पहचान और वास्तविक आचरण के बीच का अन्तर खुलने लगता है। कविता इसी अन्तर को सामने लाती है। इसका अर्थ यह नहीं कि जुलूस में शामिल सभी लोगों की निजी नीयत एक जैसी है। मुक्तिबोध उनके सार्वजनिक चरित्र और सत्ता के साथ उनके सम्बन्धों से पैदा हुई विडम्बना को दिखाते हैं।

इस अर्थ में ‘मुखौटा’ केवल किसी व्यक्ति का असली चरित्र छिपाने वाली चीज़ नहीं है। वह सामाजिक प्रतिष्ठा का भी रूपक है। समाज किसी व्यक्ति को जिस पहचान से देखता है, ज़रूरी नहीं कि उसका आचरण हमेशा उस पहचान के अनुरूप हो। ‘अँधेरे में’ रात के प्रोसेशन के ज़रिये इसी अन्तर को सामने लाती है। यहाँ अँधेरा चेहरों को छिपाने के बजाय उनके दूसरे रूप को उजागर करता है। दिन के उजाले में जो सामाजिक भूमिकाएँ सामान्य और स्वाभाविक लगती हैं, रात का स्वप्न उन्हीं पर सवाल उठाता है।

कवि का इन चेहरों को पहचानना भी अर्थपूर्ण है। वह अनजान लोगों का कोई भयावह जुलूस नहीं देख रहा। उसमें उसे परिचित चेहरे दिखाई देते हैं। इससे उसका भय और बढ़ जाता है, क्योंकि सत्ता अब कोई अनजान शक्ति नहीं रह जाती। उसका चेहरा कवि के अपने सामाजिक संसार से निकलकर सामने आता है। जिन लोगों को वह अपने बौद्धिक और सांस्कृतिक परिवेश का हिस्सा समझता रहा है, उन्हें इस अँधेरे जुलूस में देखकर अपने ही सामाजिक संसार पर उसका भरोसा डगमगाने लगता है।

यहाँ ‘प्रोसेशन’ सार्वजनिक जीवन में सत्ता के प्रदर्शन के साथ सामाजिक अनुशासन का भी रूप लेता है। जुलूस में व्यक्ति की स्वतन्त्र पहचान पीछे छूट जाती है और उसकी सामूहिक गति सबको अपने साथ बहा ले जाती है। अलग-अलग लोग एक ही दिशा में चलते हैं। यह दृश्य उस सामाजिक दबाव की ओर संकेत करता है जिसके कारण व्यक्ति अपनी स्वतन्त्र नैतिक स्थिति छोड़कर किसी प्रभावशाली समूह का हिस्सा बन सकता है। यहाँ भीड़ की शक्ति केवल उसकी संख्या में नहीं, बल्कि उसके एक ही ढंग से चलने और व्यवहार करने में भी है।

लेकिन मुक्तिबोध हर तरह की भीड़ या सामूहिकता को नकारात्मक नहीं मानते। कविता के आगे के हिस्सों में जनता की सामूहिक उपस्थिति एक अलग अर्थ ग्रहण करती है। इस अन्तर को समझना ज़रूरी है। सत्ता का प्रोसेशन ऐसी सामूहिकता है जिसमें व्यक्ति की चेतना किसी प्रभुत्वशाली शक्ति के अधीन हो जाती है। इसके विपरीत, जनता की पाँतों में दिखाई देने वाली सामूहिकता साझा विवेक और प्रतिरोध की सम्भावना से जुड़ी है। इस तरह कविता में दो तरह की सामूहिकताएँ सामने आती हैं। एक सत्ता को मज़बूत करती है, जबकि दूसरी उसे चुनौती दे सकती है।

यही अन्तर ‘भीड़’ और ‘जन’ के बीच भी दिखाई देता है। भीड़ केवल संख्या हो सकती है, लेकिन जन-सामूहिकता में साझा अनुभव और चेतना भी शामिल होते हैं। प्रोसेशन की भीड़ सत्ता के अनुशासन का हिस्सा बनती है, जबकि कविता के उत्तरार्ध में लोगों की मुट्ठियों से फूटती रोशनी ऐसी सामूहिक चेतना का संकेत देती है जो उनके अपने जीवनानुभवों से पैदा हुई है। मुक्तिबोध इस तरह सामूहिकता को किसी एक अर्थ में नहीं बाँधते। वे यह सवाल उठाते हैं कि लोग किसके पक्ष में संगठित हैं और उनकी सामूहिक चेतना किस दिशा में काम कर रही है।

मुक्तिबोध की चिन्ता इसलिए केवल राजनीतिक सत्ता तक सीमित नहीं है। वे इस बात से भी परेशान हैं कि साहित्य और संस्कृति से जुड़े लोग सत्ता के इस तमाशे का हिस्सा कैसे बन जाते हैं। यदि किसी साहित्यकार की सार्वजनिक प्रतिष्ठा उसे सामाजिक अन्याय के विरुद्ध खड़े होने के बजाय सत्ता का साथ देने में मदद करती है, तो उसकी प्रतिष्ठा स्वयं एक मुखौटा बन जाती है। कविता अँधेरे के सहारे इसी मुखौटे को उतारती है।

लेकिन कवि यहाँ भी ख़ुद को इस आलोचना से बाहर नहीं रखता। यही ‘अँधेरे में’ की नैतिक ईमानदारी है। दूसरों के चेहरों को पहचानते हुए उसे अपने चेहरे का भी सामना करना पड़ता है। प्रोसेशन में दूसरे बुद्धिजीवियों की मौजूदगी उसे अपने बौद्धिक जीवन की जाँच करने के लिए मजबूर करती है। क्या वह भी अपनी सुविधा और भय के कारण उसी व्यवस्था का हिस्सा बना हुआ है जिसकी आलोचना करता है? इस सवाल के कारण प्रोसेशन का समाजशास्त्र आत्मालोचन से जुड़ जाता है।

‘अँधेरे में’ के ‘सहचर’ को केवल निजी मित्रता या भावनात्मक सहारे के अर्थ में समझना कविता के व्यापक सामाजिक आशय को सीमित कर देगा। यहाँ सहचर वह है जो व्यक्ति को उसके अकेलेपन से बाहर निकालकर जीवन, अनुभव और संघर्ष की साझा दुनिया में ले जाता है। मुक्तिबोध का ‘मैं’ अकेले अपनी मुक्ति हासिल नहीं कर सकता, क्योंकि उसकी समस्या भी केवल उसकी अपनी नहीं है। उसका आत्मसंघर्ष जिस सामाजिक यथार्थ से पैदा हुआ है, उससे बाहर निकलने का रास्ता भी सामाजिक सम्बन्धों और सामूहिक कर्म में ही खोजा जा सकता है।

‘सहचर’ की यह अवधारणा मुक्तिबोध की दूसरी कविता ‘मेरे सहचर मित्र’ से और स्पष्ट होती है। वहाँ मित्र केवल आत्मीय साथी नहीं है। वह अनुभव, संघर्ष और ज्ञान का ऐसा स्रोत है जिसने कवि के व्यक्तित्व को आकार दिया है। कवि कहता है कि सहचर ने उसे अपने कन्धों पर उठाकर “नभ को छूने” योग्य बनाया और “अपने से दुगुना बड़ा” किया। यहाँ ‘बड़ा होना’ व्यक्तिगत अहंकार की वृद्धि नहीं है। इसका अर्थ है दूसरे के अनुभव और संघर्ष को अपने जीवन में शामिल करके अपनी चेतना का विस्तार करना।

‘मेरे सहचर मित्र’ में सहचर का व्यक्तित्व सामाजिक अनुभवों से बना है। कवि उसे उन “ग़रीब गलियों” से जोड़ता है जहाँ उसने अनेक पीढ़ियों के जन-कष्ट देखे हैं। इसीलिए मित्र केवल निजी आत्मीयता का पात्र नहीं रह जाता। वह जीवन के कठिन अनुभवों को अपने भीतर सँजोए हुए है। उसके पास पुस्तकों से मिले ज्ञान के साथ जीवन से हासिल किया हुआ ज्ञान भी है। वह कवि को उस दुनिया से जोड़ता है जहाँ मनुष्य की वास्तविक पीड़ा, संघर्ष और इतिहास मौजूद हैं। इस अर्थ में सहचर का अनुभव व्यक्ति को अपने सीमित ज्ञान से बाहर निकलने में मदद करता है।

‘मेरे सहचर मित्र’ में यह सम्बन्ध एक और स्तर पर खुलता है। सहचर के जीवनानुभव कवि के भीतर बेचैनी और विचार पैदा करते हैं। कवि अपने भीतर “मधुमक्खी का … छत्ता” बनने की बात करता है और बताता है कि उसने सहचर से सीखा कि इस बेचैनी को कैसे पाला जाता है। यह रूपक अर्थपूर्ण है। मधुमक्खी का छत्ता केवल मधुरता का प्रतीक नहीं है। उसमें डंक भी होता है। यानी सच्ची संवेदना केवल करुणा पैदा नहीं करती। वह बेचैनी, प्रतिरोध और सवाल करने की क्षमता भी विकसित करती है। सहचर कवि को निष्क्रिय सहानुभूति के बजाय सक्रिय संवेदनशीलता देता है।

यही बात ‘अँधेरे में’ के सामूहिकता-बोध को समझने में मदद करती है। जब कवि लोगों की पाँतों के बीच पहुँचता है, तो उसे अपने भीतर मौजूद विक्षोभ का सामाजिक विस्तार दिखाई देता है। उसकी निजी बेचैनी अब केवल उसकी अपनी नहीं रहती। वह सामूहिक अनुभव से जुड़ती है और इस जुड़ाव से उसका अर्थ बदल जाता है। अकेला ‘मैं’ अब तक अपने संकट का समाधान अपने भीतर खोज रहा था। लोगों के बीच पहुँचकर उसे पता चलता है कि उसके संकट की जड़ें व्यापक सामाजिक जीवन में मौजूद हैं।

‘मेरे सहचर मित्र’ में सहचर को “गहरा साथी-सैनिक” कहने का प्रसंग भी इसी अर्थ को मज़बूत करता है। यहाँ ‘सैनिक’ का अर्थ किसी सैन्य भूमिका से नहीं, बल्कि साझा संघर्ष में भाग लेने वाले साथी से है। वह व्यक्ति जो ख़ुद पीड़ा से गुज़रा है और दूसरे पीड़ित साथी के अनुभव को भी पहचानता है, ऐसी सामूहिक चेतना का हिस्सा बनता है जिसमें दुःख केवल निजी अनुभव नहीं रह जाता। वह साझा संघर्ष की पहचान बन जाता है। यही ‘सहचर’ का सामाजिक अर्थ है।

‘अँधेरे में’ के लिए यह बात ख़ास तौर पर महत्त्वपूर्ण है। सामूहिकता का अर्थ व्यक्ति की स्वतन्त्र पहचान का मिट जाना नहीं है। लोगों के बीच पहुँचकर कवि अपनी ज़िम्मेदारी से मुक्त नहीं होता। इसके विपरीत, उसकी ज़िम्मेदारी और बढ़ जाती है। सहचर उसे अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद करता है ताकि वह साझा संघर्ष में सक्रिय भूमिका निभा सके। इसीलिए सामूहिक मुक्ति का अर्थ किसी भीड़ में खो जाना नहीं, बल्कि अपनी स्वतन्त्र चेतना को व्यापक सामाजिक चेतना से जोड़ना है।

‘मेरे सहचर मित्र’ में “मानव व्यक्तित्व-कदंब” का बिम्ब भी इसी सामूहिकता को समझने में मदद करता है। अनेक मनुष्य अपने-अपने अनुभव और व्यक्तित्व के साथ मानो उस वृक्ष की शाखाओं पर अपनी संवेदनाएँ अंकित करते हैं। यहाँ व्यक्ति अलग-अलग भी हैं और एक बड़े मानवीय अनुभव से जुड़े हुए भी। मुक्तिबोध की सामूहिकता का यही रूप है। वह अलग-अलग व्यक्तित्वों को मिटाकर एक जैसी भीड़ नहीं बनाती, बल्कि उनके अनुभवों को साझा मानवीय और ऐतिहासिक चेतना से जोड़ती है।

इसलिए ‘अँधेरे में’ का सहचर अन्ततः एक नैतिक और सामाजिक अवधारणा बन जाता है। वह ऐसा व्यक्ति या समुदाय है जो हमें अपने बारे में अधिक कठोरता से सोचने, अपने अनुभवों की सीमाओं से बाहर जाने और अपने ज्ञान को जीवन की वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने के लिए प्रेरित करता है। उसके बिना आत्मालोचन आत्मग्लानि बन सकता है और विचार आत्मसन्तोष का साधन। सहचर इन दोनों को कर्म और साझा अनुभव से जोड़ता है।

इन्हीं सवालों के बीच कविता के उत्तरार्ध में जनता की उपस्थिति एक नया मोड़ लाती है। शुरुआत में ‘मैं’ अपने भीतर के अँधेरे, अपराधबोध और बौद्धिक असमंजस से जूझता है। लेकिन धीरे-धीरे उसे अहसास होता है कि वह अकेले अपनी मुक्ति हासिल नहीं कर सकता। लोगों की पाँत, उनकी मुट्ठियों से फूटती रोशनी और उनके भीतर मौजूद विवेक के बिम्ब इसी बदलाव को व्यक्त करते हैं। यहाँ जनता कोई निष्क्रिय भीड़ नहीं है। वह इतिहास को बदलने की सम्भावना रखने वाली सक्रिय शक्ति के रूप में सामने आती है। कवि जिस ज्ञान और नैतिक चेतना को अब तक अपना निजी अनुभव समझता रहा था, उसका व्यापक सामाजिक आधार उसे जनता के बीच दिखाई देता है।

यहाँ कविता महान व्यक्ति और जनता के बीच के पारम्परिक सम्बन्ध को भी बदलती है। गाँधी जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्व की उपस्थिति के बावजूद भविष्य के निर्माण की ज़िम्मेदारी किसी अकेले महापुरुष को नहीं सौंपी जाती। गाँधी कवि को शिशु सौंपते हैं। यानी वे स्वयं भविष्य के निर्माता बनकर सामने नहीं आते, बल्कि उसकी ज़िम्मेदारी अगली पीढ़ी और व्यापक समाज को सौंपते हैं। इससे संकेत मिलता है कि इतिहास किसी एक महान व्यक्ति की इच्छा से नहीं बनता। महान व्यक्तित्व नैतिक दिशा और प्रेरणा दे सकते हैं, लेकिन सामाजिक परिवर्तन का वास्तविक आधार जनता की सक्रिय चेतना और सामूहिक कर्म में होता है।

इसीलिए लोगों की मुट्ठियों में दिखाई देने वाली रोशनी का बिम्ब अर्थपूर्ण है। रोशनी किसी बाहरी कृपा से नहीं आती। वह जनता के भीतर से फूटती है। इसका अर्थ है कि ज्ञान, विवेक और प्रतिरोध की शक्ति केवल शिक्षित या प्रतिष्ठित बुद्धिजीवी वर्ग की सम्पत्ति नहीं है। जिन लोगों को सत्ता और अभिजात संस्कृति अक्सर इतिहास के हाशिये पर रखती हैं, उनके जीवनानुभवों में भी सामाजिक यथार्थ को समझने और उसे बदलने की क्षमता मौजूद है। इसलिए कवि का जनता के बीच पहुँचना केवल उसके अकेलेपन का अन्त नहीं है। इससे उसके ज्ञान और अनुभव का भी विस्तार होता है।

गाँधी के रक्तरंजित और चिन्तित रूप को भी जनता के इसी इतिहास के सन्दर्भ में समझना चाहिए। वे कविता में किसी पवित्र और निर्विवाद स्मारक की तरह उपस्थित नहीं हैं। उनके चेहरे पर वर्तमान की हिंसा और नैतिक विफलता की छाया है। इस रूप में गाँधी की उपस्थिति अतीत और वर्तमान के बीच एक बेचैन संवाद पैदा करती है। उनकी नैतिक विरासत एक ओर अहिंसा, सत्य और जनसरोकार से जुड़ी है, जबकि वर्तमान राजनीतिक यथार्थ में हिंसा, दमन और सत्ता के विकृत रूप दिखाई देते हैं। कविता इस विरोध का कोई आसान समाधान नहीं देती।

यहीं शिशु का रूपक कविता के भविष्य-बोध को एक नया अर्थ देता है। गाँधी द्वारा कवि को सौंपा गया शिशु भविष्य का कोई तैयार और निश्चित रूप नहीं है। वह अभी असहाय है, लेकिन उसके भीतर बेचैनी और दबा हुआ प्रतिरोध मौजूद है। उसका रोना केवल शिशु की स्वाभाविक प्रतिक्रिया नहीं रह जाता। वह आने वाले समय की ऐसी आवाज़ बन जाता है जो वर्तमान व्यवस्था से सन्तुष्ट नहीं है। कवि उसे चुप कराने की कोशिश करता है, लेकिन उसका रोना बन्द नहीं होता। इससे संकेत मिलता है कि भविष्य को पुराने अनुशासन और पुराने तरीक़ों से नियन्त्रित नहीं किया जा सकता।

शिशु का यह रूपक पीढ़ियों के बीच के सम्बन्ध को भी जटिल बनाता है। वर्तमान पीढ़ी भविष्य को अपनी सुविधानुसार नहीं गढ़ सकती। वह आने वाली पीढ़ी को विरासत में मिली दुनिया सौंपती है, जिसमें उपलब्धियों के साथ उसके अपराध, हिंसा और अधूरे सपने भी शामिल होते हैं। गाँधी से कवि तक और कवि से शिशु तक ज़िम्मेदारी सौंपने की यह प्रक्रिया इतिहास की इसी निरन्तरता को व्यक्त करती है। इसलिए शिशु केवल आने वाली पीढ़ी का प्रतीक नहीं है। वह ऐसा भविष्य भी है जो वर्तमान समाज से उसके कर्मों का हिसाब माँगता है।

जनता, गाँधी और शिशु के बिम्ब इस तरह कविता में इतिहास की तीन परतों को जोड़ते हैं। गाँधी अतीत की नैतिक विरासत का संकेत देते हैं, जनता वर्तमान की सक्रिय सामाजिक शक्ति है और शिशु भविष्य की खुली हुई सम्भावना। इन तीनों के बीच कवि स्वयं एक ऐसी स्थिति में है जहाँ उसे अतीत से मिली विरासत को समझना है, वर्तमान के संकट का सामना करना है और भविष्य की ज़िम्मेदारी भी उठानी है। इस तरह उसका आत्मसंघर्ष अन्ततः ऐतिहासिक ज़िम्मेदारी का सवाल बन जाता है।

इस नज़रिये से ‘अँधेरे में’ इतिहास को केवल महान व्यक्तियों की उपलब्धियों का क्रम नहीं मानती। वह उसे सामूहिक अनुभव और संघर्ष की प्रक्रिया के रूप में देखने की ओर बढ़ती है। गाँधी की नैतिक स्मृति, जनता की सक्रिय चेतना और शिशु के रूप में मौजूद भविष्य मिलकर बताते हैं कि इतिहास अतीत का कोई बन्द अध्याय नहीं है। वर्तमान के विचार और कर्म उसे लगातार नया रूप देते रहते हैं। मुक्तिबोध का कवि इस इतिहास का अकेला निर्माता नहीं है। वह स्वयं उस सामूहिक प्रक्रिया में अपनी जगह तलाश रहा है।

मुक्तिबोध की ‘अँधेरे में’ में ‘अभिव्यक्ति’ केवल साहित्यिक अभिव्यक्ति नहीं है। वह कवि की नैतिक और सामाजिक स्थिति की परीक्षा भी है। मुक्तिबोध लिखते हैं:

अब अभिव्यक्ति के सारे ख़तरे
उठाने ही होंगे।
तोड़ने होंगे ही मठ और गढ़ सब।
पहुँचना होगा दुर्गम पहाड़ों के उस पार
तब कहीं देखने मिलेंगी बाँहें
जिसमें कि प्रतिपल काँपता रहता
अरुण कमल एक
ले जाने उसको धँसना ही होगा
झील के हिम-शीत सुनील जल में
चाँद उग आया है
गलियों की आकाशी लंबी-सी चीर में
तिरछी है किरनों की मार
उस नीम पर
जिसके कि नीचे
मिट्टी के गोल चबूतरे पर, नीली
चाँदनी में कोई दिया सुनहला
जलता है मानो कि स्वप्न ही साक्षात्
अदृश्य साकार।

‘अँधेरे में’ की पूरी काव्य-यात्रा में कवि जिस अँधेरे, भय, आत्मसन्देह और नैतिक बेचैनी से गुज़रता है, वह इस काव्यांश में एक निर्णायक मोड़ पर पहुँचती है। अब तक कवि अपने भीतर झाँक रहा था। वह अपने समझौतों और कमज़ोरियों को पहचान रहा था। यहाँ पहली बार उसके सामने एक स्पष्ट संकल्प उभरता है: “अब अभिव्यक्ति के सारे ख़तरे / उठाने ही होंगे।” इन पंक्तियों में ‘उठाने ही होंगे’ का ‘ही’ महत्त्वपूर्ण है। यह केवल इच्छा या आकांक्षा का बयान नहीं है। इसमें नैतिक ज़रूरत और अनिवार्यता का भाव है। कवि अब यह नहीं कह रहा कि वह अभिव्यक्ति के ख़तरे उठाना चाहता है। वह कह रहा है कि अब ऐसा करना ही होगा। यानी सच्चाई को पहचान लेने के बाद उससे बचकर निकल जाना सम्भव नहीं है। अभिव्यक्ति अब साहस और ज़िम्मेदारी का सवाल बन जाती है।

यहाँ ‘अभिव्यक्ति’ का अर्थ भी केवल कविता लिखना नहीं है। इससे पहले कवि आत्मालोचन के दौरान समझ चुका है कि उसके विचारों और जीवन के बीच दूरी पैदा हो गई है। वह आदर्शों की बात करता है, लेकिन अपने जीवन में उनके अनुरूप जोखिम उठाने से बचता रहा है। इसलिए अब अभिव्यक्ति का अर्थ है उस सच्चाई को पूरी ईमानदारी के साथ सामने लाना जिसे उसने अपने भीतर पहचाना है। इसीलिए उसके साथ ‘ख़तरे’ जुड़े हैं। सच बोलना तभी सार्थक है जब उसे बोलने वाला उसके परिणामों का सामना करने के लिए भी तैयार हो।

अगली पंक्ति इस नैतिक संकल्प को स्थापत्य से जुड़े एक प्रभावशाली बिम्ब में बदल देती है: “तोड़ने ही होंगे मठ और गढ़ सब।” ‘मठ’ और ‘गढ़’ यहाँ केवल इमारतें नहीं हैं। ये उन जमे हुए ढाँचों के प्रतीक हैं जो विचार और सत्ता को अपने घेरे में सुरक्षित रखते हैं। ‘मठ’ स्थापित विचारों, रूढ़ मान्यताओं, बौद्धिक जड़ता और ज्ञान पर बने प्रभुत्व का संकेत देता है, जबकि ‘गढ़’ सत्ता, अधिकार और उन संस्थागत संरचनाओं का रूपक है जो किसी चुनौती को आसानी से स्वीकार नहीं करतीं। दोनों को साथ रखकर मुक्तिबोध विचार और सत्ता के उस गठजोड़ की ओर संकेत करते हैं जिसमें स्थापित व्यवस्था अपने बचाव के लिए विचारों और संस्थाओं, दोनों का इस्तेमाल करती है।

यहाँ ‘तोड़ने’ की क्रिया भी महत्त्वपूर्ण है। कवि इन मठों और गढ़ों के साथ समझौता करने या बाहर खड़े होकर केवल उनकी आलोचना करने की बात नहीं करता। वह उन्हें तोड़ने की ज़रूरत महसूस करता है। यानी उसके लिए वास्तविक बौद्धिक आज़ादी तभी सम्भव है जब वे दीवारें टूटें जो विचार को सीमित करती हैं।

इसके बाद कविता का स्वर अचानक एक कठिन यात्रा की ओर मुड़ता है: “पहुँचना होगा दुर्गम पहाड़ों के उस पार।” ‘दुर्गम’ शब्द इस यात्रा की कठिनाई को स्पष्ट कर देता है। कवि जानता है कि जिस जगह तक उसे पहुँचना है, वहाँ जाने का रास्ता आसान नहीं है। ‘पहाड़’ यहाँ बाहरी बाधाओं के साथ मानसिक, सामाजिक और नैतिक बाधाओं के भी प्रतीक हैं। आत्मालोचन से शुरू हुआ रास्ता अब संघर्ष की ओर बढ़ रहा है।

इन पंक्तियों की बनावट भी ध्यान देने योग्य है। पहले ‘उठाने ही होंगे’, फिर ‘तोड़ने ही होंगे’ और उसके बाद ‘पहुँचना होगा’। ‘होगा’ और ‘ही होगा’ की लगातार पुनरावृत्ति पूरे अंश में एक दृढ़ लय पैदा करती है। पहले कवि सवाल कर रहा था कि अब तक क्या किया। अब वह यह तय कर रहा है कि आगे क्या करना होगा। इस तरह कविता का स्वर प्रश्न से संकल्प की ओर बढ़ता है।

लेकिन इस यात्रा के बाद भी कवि किसी निश्चित उपलब्धि का दावा नहीं करता। वह कहता है: “तब कहीं देखने मिलेंगी बाँहें / जिसमें कि प्रतिपल काँपता रहता / अरुण कमल एक।” यहाँ ‘तब कहीं’ और ‘प्रतिपल’, दोनों अर्थपूर्ण हैं। कवि को अभी यह निश्चित नहीं है कि उसे वह मंज़िल मिल ही जाएगी। कठिन यात्रा के बाद शायद उसे वे बाँहें दिखाई देंगी। यानी उम्मीद है, लेकिन उसके साथ अनिश्चितता भी बनी हुई है।

‘बाँहें’ का बिम्ब इस पूरे अंश में अचानक भावनाओं की एक अलग दुनिया खोल देता है। अभी तक कविता में ख़तरा, मठ, गढ़ और दुर्गम पहाड़ थे। अब ‘बाँहें’ सामने आती हैं। बाँहें अपने भीतर अपनापन, सहारा, मनुष्यता और किसी दूसरे से जुड़ने का भाव रखती हैं। कवि जिस मंज़िल की ओर जा रहा है, वह केवल राजनीतिक या बौद्धिक विजय नहीं है। वह मनुष्य तक पहुँचने की मंज़िल भी है।

इन बाँहों में ‘अरुण कमल’ काँप रहा है। ‘अरुण कमल’ इस अंश का एक सुन्दर और कई अर्थों वाला बिम्ब है। कमल के साथ सामान्यतः सौन्दर्य, पवित्रता, कोमलता और नये जीवन की कल्पना जुड़ती है। लेकिन यहाँ कमल ‘अरुण’ है। अरुण रंग में लालिमा है। उसमें जीवन, ऊर्जा, उषा और रक्त की छाया दिखाई देती है। इसलिए यह कोई शान्त, स्थिर और निष्क्रिय सौन्दर्य नहीं है। इसमें जीवन और संवेदना की हलचल मौजूद है।

और यह कमल ‘काँपता’ है। यही क्रिया इस बिम्ब को और गहरा बनाती है। कमल केवल रखा हुआ नहीं है। वह हर पल काँप रहा है। यानी जिस आदर्श या मानवीय सम्भावना तक कवि पहुँचना चाहता है, वह बहुत नाज़ुक है। वह कोई सुरक्षित और स्थिर चीज़ नहीं है। उसके चारों ओर ख़तरे हैं। उसे बचाए रखना भी लगातार चलने वाला काम है।

इसके बाद कवि पानी में उतरता है: “ले जाने उसको धँसना ही होगा / झील के हिम-शीत सुनील जल में।” यहाँ ‘धँसना’ महत्त्वपूर्ण क्रिया है। कवि को उस कमल को साथ ले जाने के लिए केवल पानी में उतरना नहीं, बल्कि उसमें धँसना होगा। यह एक गहरे और जोखिम भरे अनुभव का संकेत है। यानी आदर्श को हासिल करने या बचाकर रखने के लिए सतह पर खड़े रहना पर्याप्त नहीं है। कवि को उस गहराई में उतरना होगा जहाँ ठंड, अँधेरा और असुविधा मौजूद हैं।

‘हिम-शीत सुनील जल’ में तीनों शब्द मिलकर एक सघन दृश्य बनाते हैं। ‘हिम-शीत’ से पानी की ठंडक का अहसास होता है, जबकि ‘सुनील’ उसकी गहरी नीली आभा को सामने लाता है। दृश्य सुन्दर है, लेकिन उसमें कठोरता भी है। यहाँ फिर मुक्तिबोध की कविता की एक विशेषता सामने आती है। सौन्दर्य और कठिनाई एक-दूसरे से अलग नहीं हैं। कवि जिस चीज़ की ओर बढ़ रहा है, वह सुन्दर है, लेकिन वहाँ पहुँचने का रास्ता कष्टदायक है।

‘धँसना’ शब्द कविता की पहले की अँधेरी यात्रा से भी जुड़ता है। कवि पहले अँधेरी गलियों, सुरंगों और खोहों से गुज़र रहा था। अब वह पानी की गहराई में उतर रहा है। बाहर का रास्ता हो या भीतर की चेतना, हर जगह उसे सतह छोड़कर गहराई में जाना पड़ रहा है। इस अर्थ में पानी आत्मालोचन और नैतिक संघर्ष की एक और अवस्था बन जाता है।

इसके बाद अचानक दृश्य बदलता है: “चाँद उग आया है।” यह बहुत छोटा वाक्य है, लेकिन पूरे अंश की गति बदल देता है। ख़तरे, गढ़, पहाड़ और बर्फ़ीले पानी के बाद चाँद का उगना एक तरह से रोशनी का प्रवेश है। लेकिन मुक्तिबोध के यहाँ यह रोशनी अचानक पूरे अँधेरे को समाप्त नहीं कर देती। चाँद अँधेरे के बीच उगता है।

आगे की पंक्तियाँ इस दृश्य को और सुन्दर बनाती हैं: “गलियों की आकाशी लंबी-सी चीर में / तिरछी है किरनों की मार।” यहाँ ‘चीर’ शब्द ध्यान खींचता है। गलियाँ मानो आकाश को चीरती हुई एक लम्बी दरार या कटाव बनाती हैं। सामान्यतः हम आकाश को विशाल और खुला देखते हैं, लेकिन यहाँ वह गलियों के बीच एक सँकरी-सी जगह में दिखाई देता है। यानी विशाल आकाश भी शहरी और सामाजिक जीवन की सीमित जगह के बीच से दिखाई देता है।

‘तिरछी है किरनों की मार’ में ‘मार’ शब्द प्रकाश को सक्रिय बना देता है। किरणें केवल गिर नहीं रही हैं। वे ‘मार’ रही हैं। प्रकाश यहाँ निष्क्रिय नहीं है। वह अँधेरे पर एक तरह का दबाव डालता है। लेकिन यह प्रकाश भी सीधा और हर जगह फैला हुआ नहीं है। वह ‘तिरछा’ है। इससे संकेत मिलता है कि सत्य या ज्ञान की रोशनी हमें अक्सर सीधे और पूरी तरह नहीं मिलती। वह किसी कोण से, किसी छोटे-से रास्ते से अचानक दिखाई देती है।

इसके बाद दृश्य और अधिक घरेलू तथा परिचित हो जाता है: “उस नीम पर / जिसके कि नीचे / मिट्टी के गोल चबूतरे पर।” चाँद, आकाश और किरणों के व्यापक दृश्य से कविता अचानक एक नीम के पेड़ और मिट्टी के चबूतरे पर आ जाती है। यह बदलाव अर्थपूर्ण है। मुक्तिबोध की कविता में सौन्दर्य किसी दूर की काल्पनिक या केवल रोमानी दुनिया में नहीं है। वह रोज़मर्रा की भारतीय ज़िन्दगी के बीच भी मौजूद है। नीम का पेड़ और मिट्टी का चबूतरा किसी सामान्य मोहल्ले या गाँव की याद दिलाते हैं।

यहाँ कविता का विस्तार भी ध्यान देने योग्य है। एक ओर आकाश और चाँद हैं, दूसरी ओर मिट्टी का चबूतरा। यानी ऊपर की विशालता और नीचे की ठोस धरती एक ही दृश्य में आ जाती हैं। मुक्तिबोध किसी अमूर्त आदर्श को नहीं रचते। वे उसे जीवन की ठोस ज़मीन से जोड़ते हैं।

फिर आता है पूरे अंश का एक सूक्ष्म और सुन्दर दृश्य: “नीली / चाँदनी में कोई दिया सुनहला / जलता है मानो कि स्वप्न ही साक्षात् / अदृश्य साकार।”

‘नीली चाँदनी’ और ‘सुनहला दिया’ का रंग-संयोजन प्रभावशाली है। नीली चाँदनी ठंडी, दूर और व्यापक है। उसके सामने सुनहला दिया छोटा, गर्म और मानवीय है। दोनों रोशनियाँ एक ही दृश्य में मौजूद हैं। इसीलिए दिया चाँदनी का विरोध नहीं करता। वह उसके भीतर अपनी छोटी-सी रोशनी पैदा करता है।

यह छोटा-सा दिया कविता की पूरी अर्थ-यात्रा को अपने भीतर समेट लेता है। इतने बड़े अँधेरे के बीच एक बहुत छोटी रोशनी जल रही है। वह अँधेरे को पूरी तरह समाप्त नहीं करती, लेकिन उसे अर्थहीन भी नहीं रहने देती। इसी तरह मनुष्य की चेतना, करुणा, आदर्श और प्रतिरोध भी दुनिया के सारे अँधेरे को एक साथ समाप्त नहीं कर सकते। लेकिन वे उसके भीतर रोशनी की सम्भावना पैदा करते हैं।

अन्तिम पंक्तियाँ इस दृश्य को दार्शनिक अर्थ देती हैं: “जलता है मानो कि स्वप्न ही साक्षात् / अदृश्य साकार।” यहाँ ‘स्वप्न’ और ‘साक्षात्’ के बीच एक सुन्दर तनाव है। स्वप्न सामान्यतः ऐसी चीज़ है जो वास्तविक रूप में सामने नहीं होती, जबकि ‘साक्षात्’ का अर्थ है सामने मौजूद होना। लेकिन कवि कहता है कि मानो कोई स्वप्न ही साक्षात् हो गया हो। यानी जो चीज़ अब तक केवल कल्पना, आकांक्षा या सम्भावना थी, वह दृश्य रूप में सामने आ गई है।

इसके बाद ‘अदृश्य साकार’ इस विरोधाभास को और गहरा करता है। जो दिखाई नहीं देता, वह आकार ग्रहण कर रहा है। यही इस कविता की काव्य-प्रक्रिया भी है। मुक्तिबोध बार-बार उन चीज़ों को दृश्य रूप देते हैं जिन्हें सामान्यतः देखा नहीं जा सकता। भय, अपराधबोध, सत्ता, बौद्धिक समझौते, करुणा, आदर्श, सामाजिक संकट और मुक्ति की सम्भावना इसी तरह कविता में दृश्य रूप ग्रहण करते हैं। इस अर्थ में ‘अदृश्य साकार’ केवल इस छोटे-से दृश्य का वर्णन नहीं है। यह मुक्तिबोध की पूरी काव्य-दृष्टि की पहचान भी है।

इसलिए यहाँ प्रकाश आशावाद का कोई आसान या रोमानी प्रतीक नहीं है। वह संघर्ष से हासिल हुई सम्भावना है। कवि पहले ख़तरे उठाने की बात करता है, मठ और गढ़ तोड़ने की बात करता है, दुर्गम पहाड़ों को पार करने की बात करता है और बर्फ़ीले पानी में धँसने की बात करता है। उसके बाद उसे चाँद, कमल और दिया दिखाई देते हैं। इस क्रम से स्पष्ट है कि सौन्दर्य और रोशनी उसके लिए संघर्ष से अलग कोई दुनिया नहीं हैं।

पूरे अंश में एक और गति दिखाई देती है। कविता कठोरता से कोमलता की ओर बढ़ती है। शुरुआत में ‘ख़तरे’, ‘मठ’, ‘गढ़’ और ‘दुर्गम पहाड़’ हैं। ये सभी कठोर और बाधक चीज़ें हैं। इसके बाद ‘बाँहें’, ‘अरुण कमल’, ‘जल’, ‘चाँदनी’, ‘नीम’ और ‘दिया’ आते हैं। भाषा धीरे-धीरे कठोर संरचनाओं से निकलकर जीवन और संवेदना से जुड़े बिम्बों की ओर बढ़ती है।

यह बदलाव कवि की भीतरी यात्रा को भी व्यक्त करता है। पहले वह अपने अपराधबोध और आत्मालोचन से जूझ रहा था। अब वह किसी ऐसी चीज़ की तलाश में है जिसे वह केवल अपने लिए नहीं, बल्कि दूसरों के लिए भी बचाकर रखना चाहता है। इसलिए ‘अरुण कमल’ को केवल निजी आदर्श का प्रतीक मानना पर्याप्त नहीं होगा। वह मनुष्य की सामूहिक संवेदना और बेहतर जीवन की सम्भावना का भी संकेत है।

इस यात्रा में ‘बाँहें’ विशेष रूप से अर्थपूर्ण हैं। कवि को अपनी मंज़िल किसी अमूर्त विचार में नहीं, बल्कि मानवीय सम्बन्ध में दिखाई देती है। जिन बाँहों में कमल काँप रहा है, वे अपनेपन और सामूहिकता का बिम्ब हैं। इसीलिए कविता का राजनीतिक और नैतिक संघर्ष अन्ततः मनुष्य तक पहुँचने की कोशिश बन जाता है।

कवि का ‘मैं’ यहाँ भी अकेला नहीं रहना चाहता। वह ख़तरे उठाने को तैयार है, लेकिन उसके संघर्ष का उद्देश्य अपनी निजी महिमा स्थापित करना नहीं है। वह उस सम्भावना को बचाकर रखना चाहता है जिससे एक बेहतर सामूहिक भविष्य बन सकता है। इसीलिए उसकी यात्रा व्यक्तिगत होते हुए भी व्यापक सामाजिक अर्थ ग्रहण करती है।

इस अंश की संरचना भी उसके अर्थ को गहराई देती है। शुरुआत में छोटे, दृढ़ और संकल्प से भरे वाक्य हैं: ‘उठाने ही होंगे’, ‘तोड़ने ही होंगे’, ‘पहुँचना होगा’। बीच में यात्रा का विस्तार है, जिसमें पहाड़, बाँहें और झील आते हैं। अन्त में गति धीमी हो जाती है और कविता चाँदनी, नीम, चबूतरे और दिए के शान्त दृश्य पर ठहरती है। इस तरह कविता की गति भी उसके भावों के साथ बदलती है। संकल्प से संघर्ष, संघर्ष से सम्भावना और फिर एक शान्त, लगभग रहस्यमय अनुभूति तक।

‘स्वप्न ही साक्षात्’ और ‘अदृश्य साकार’ के बीच कविता अपनी रचनात्मक शक्ति को समेट लेती है। स्वप्न अब केवल मन में मौजूद नहीं है। वह दृश्य में बदल गया है। अदृश्य अब केवल कल्पना नहीं रहा। उसने आकार ग्रहण कर लिया है। यही कविता की शक्ति है। वह ऐसी अनुभूतियों और सच्चाइयों को दृश्य रूप दे देती है जिन्हें सामान्य भाषा सीधे व्यक्त नहीं कर पाती।

इसलिए इस अंश का मूल आशय केवल ‘आशा’ नहीं है। यह संघर्ष से पैदा हुई आशा है। ऐसी आशा जो ख़तरे उठाने, स्थापित ढाँचों को चुनौती देने और अपने भीतर की सीमाओं को पार करने के बाद सामने आती है। इसी कारण इसका प्रकाश भावुक या रोमानी नहीं लगता। उसके पीछे पूरी कविता का अँधेरा, आत्मालोचन और संघर्ष मौजूद है।

यहाँ कविता और ज़िन्दगी का रिश्ता भी स्पष्ट होता है। कवि के लिए अभिव्यक्ति कोई सुरक्षित रचनात्मक क्षेत्र नहीं है। उसे अपनी अभिव्यक्ति के लिए ख़तरे उठाने होंगे, क्योंकि अगर कविता अपने समय की सच्चाइयों को सामने लाती है, तो उसे उन संरचनाओं से भी टकराना पड़ेगा जो इन सच्चाइयों को छिपाती हैं। ‘मठ और गढ़’ इसलिए केवल बाहरी सत्ता के प्रतीक नहीं हैं। वे उन सभी मानसिक और सामाजिक दीवारों के भी प्रतीक हैं जो मनुष्य को सच देखने और बोलने से रोकती हैं।

इस काव्यांश में प्रकाश का गहरा सम्बन्ध चेतना से है। चाँद और दिया इसलिए महत्त्वपूर्ण हैं कि वे देखने की सम्भावना पैदा करते हैं। कवि अँधेरे से पूरी तरह बाहर नहीं निकला है, लेकिन अब वह अँधेरे के भीतर मौजूद चीज़ों को देख पा रहा है। उसका सपना अब केवल सपना नहीं रहा। वह किसी छोटे-से दृश्य, किसी काँपते हुए कमल या किसी सुनहले दिए के रूप में सामने आ गया है।

इसीलिए यह अंश राजनीतिक प्रतिबद्धता और काव्यात्मक सौन्दर्य के बीच कोई चुनाव नहीं करता। शुरुआत में यह प्रतिरोध की घोषणा है, बीच में कठिन नैतिक और बौद्धिक यात्रा है और अन्त में मानवीय सम्भावना का शान्त दृश्य है। मुक्तिबोध राजनीतिक कविता और गीतात्मक कविता को अलग-अलग खानों में नहीं रखते। उनके यहाँ सौन्दर्य उसी संघर्ष से पैदा होता है जिसमें नैतिक और सामाजिक चेतना आकार लेती है।

इसीलिए कविता में अभिव्यक्ति का प्रश्न आत्मालोचन से अलग नहीं है। जो लेखक दूसरों की विफलताओं, सत्ता की क्रूरता और सामाजिक अन्याय पर लिखता है, उसे अपने जीवन की निष्क्रियता और समझौतों की भी जाँच करनी होगी। मुक्तिबोध के यहाँ रचनाकार कोई नैतिक रूप से निर्दोष व्यक्ति नहीं है जो बाहर खड़े होकर समाज पर फ़ैसला सुनाता है। वह स्वयं उसी समाज, उसी मध्यवर्ग और उन्हीं परिस्थितियों का हिस्सा है जिनकी आलोचना कर रहा है। इसीलिए ‘अभिव्यक्ति’ पहले अपने आप से सामना करने और फिर सामाजिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाने की माँग करती है।

‘अँधेरे में’ में ‘मठ और गढ़’ का रूपक ज्ञान और सत्ता के सम्बन्ध पर भी सवाल उठाता है। मठ में ज्ञान और परम्परा को सुरक्षित रखने का दावा होता है, जबकि गढ़ सत्ता और सुरक्षा का प्रतीक है। लेकिन जब ज्ञान पर किसी समूह का अधिकार स्थापित हो जाता है और सत्ता उसे चुनौती देने वाले विचारों को रोकने लगती है, तब दोनों के बीच ऐसा सम्बन्ध बन सकता है जो स्वतन्त्र चिन्तन को सीमित करता है। मुक्तिबोध जब मठों और गढ़ों को तोड़ने की बात करते हैं, तो वे इसी सम्बन्ध पर चोट करते हैं। उनकी चिन्ता केवल राजनीतिक सत्ता के विरोध तक सीमित नहीं है। वे उस बौद्धिक व्यवस्था को भी चुनौती देते हैं जिसमें विचार धीरे-धीरे अपनी आलोचनात्मक शक्ति खो देते हैं।

साहित्यिक प्रतिष्ठा भी कभी-कभी ऐसी व्यवस्था का हिस्सा बन सकती है। लेखक को जब अपनी प्रतिष्ठा, पुरस्कार, संस्थागत स्वीकृति या सामाजिक सम्मान बचाए रखने की चिन्ता होने लगती है, तो वह उन सवालों से बच सकता है जिनसे उसकी सुरक्षित स्थिति पर असर पड़े। यहाँ किसी लेखक की प्रतिष्ठा अपने आप में समस्या नहीं है। समस्या तब पैदा होती है जब प्रतिष्ठा उसके स्वतन्त्र विवेक पर हावी होने लगती है। इसीलिए ‘मठ और गढ़’ बाहर मौजूद संस्थाओं के साथ व्यक्ति के भीतर बने उन सुरक्षित घेरों के भी प्रतीक हैं जिनमें वह अपने विचारों और अपनी सामाजिक छवि को बचाकर रखना चाहता है।

यहीं ‘अभिव्यक्ति के ख़तरे’ और ‘मठ-गढ़’ का सम्बन्ध स्पष्ट होता है। यदि लेखक सचमुच स्वतन्त्र होकर बोलना चाहता है, तो उसे उन परिस्थितियों का सामना करना होगा जो उसकी अभिव्यक्ति को स्वीकार्य और सुविधाजनक बनाए रखने के बदले उसकी आलोचनात्मक धार कम करती हैं। सत्ता से संघर्ष केवल बाहर नहीं होता। लेखक को अपने भीतर मौजूद आत्ममोह, प्रतिष्ठा की चाह और सुविधाओं के आकर्षण से भी जूझना पड़ता है।

रात का ‘प्रोसेशन’ इस समस्या को एक दूसरे रूप में सामने लाता है। उसमें पत्रकार, आलोचक, साहित्यकार और दूसरे प्रतिष्ठित चेहरे सत्ता के भयावह जुलूस का हिस्सा दिखाई देते हैं। इससे पता चलता है कि सत्ता के सामने चुप रहना ही समस्या नहीं है। उससे बड़ी समस्या तब पैदा होती है जब बौद्धिक और सांस्कृतिक जीवन से जुड़े लोग सत्ता के पक्ष में सामाजिक स्वीकृति तैयार करने लगते हैं। लेखक यदि अपनी प्रतिष्ठा और सुविधाओं के कारण सत्ता के प्रदर्शन का हिस्सा बन जाता है, तो उसकी अभिव्यक्ति भी उस व्यवस्था को वैध ठहराने का साधन बन सकती है। मुक्तिबोध इसी जगह रचनाकार की नैतिक ज़िम्मेदारी पर सवाल उठाते हैं।

इसलिए कविता में अभिव्यक्ति का ख़तरा केवल बोलने का ख़तरा नहीं है। वह अपना पक्ष चुनने का जोखिम भी है। लेखक को तय करना पड़ता है कि उसकी संवेदना किन लोगों के साथ है, उसका ज्ञान किसके काम आता है और उसकी भाषा किन सामाजिक शक्तियों को सहारा देती है। इस स्तर पर अभिव्यक्ति एक नैतिक चुनाव बन जाती है। चुप रहना भी एक चुनाव है और बोलना भी। अपनी सुविधाओं के साथ खड़े रहना भी एक सामाजिक स्थिति है और उनके विरुद्ध जाना भी।

‘मठ और गढ़’ को व्यक्ति के भीतर मौजूद मानसिक संरचनाओं के रूप में पढ़ने से कविता का आत्मसंघर्ष और गहरा हो जाता है। मनुष्य अपने भीतर भी ऐसे किले बना सकता है जिनमें वह अपने बारे में एक सुविधाजनक छवि सुरक्षित रखता है। वह स्वयं को संवेदनशील, प्रगतिशील, न्यायप्रिय या प्रतिबद्ध मानकर सन्तुष्ट हो सकता है, जबकि उसका वास्तविक जीवन इन दावों की पुष्टि न करता हो। मुक्तिबोध का आत्मालोचन इसी आत्मछवि पर सवाल उठाता है। उनके लिए विचार की स्वतन्त्रता हासिल करने की शुरुआत अपने ही सुरक्षित विश्वासों की जाँच से होती है।

इस प्रक्रिया में मठ और गढ़ एक-दूसरे को सहारा देते हैं। मठ विचार को जड़ बना सकता है और गढ़ उसे सुरक्षित रख सकता है। एक ओर रूढ़ विचार है, दूसरी ओर उस विचार से मिलने वाली सामाजिक प्रतिष्ठा और सुरक्षा। दोनों मिलकर आलोचनात्मक चेतना को सीमित कर सकते हैं। इन्हें तोड़ने का अर्थ इसलिए केवल किसी संस्था का विरोध करना नहीं है। इसके लिए उस मानसिक और सामाजिक व्यवस्था को भी चुनौती देनी होगी जो व्यक्ति को सवाल पूछने से रोकती है।

मुक्तिबोध की दृष्टि में रचनाकार की ज़िम्मेदारी यहीं से शुरू होती है। साहित्य को केवल सुन्दर भाषा या निजी अनुभव का संसार बनाकर छोड़ देना पर्याप्त नहीं है। रचनाकार को अपने समय की पीड़ा, अन्याय और सत्ता के सम्बन्धों से टकराना होगा। लेकिन उसका यह संघर्ष तभी विश्वसनीय होगा जब वह अपने भीतर की सुविधा और डर को भी पहचान सके। इसीलिए ‘अभिव्यक्ति के सारे ख़तरे’ उठाने की घोषणा में बाहरी और भीतरी, दोनों तरह के जोखिम शामिल हैं।

इसका अर्थ यह भी है कि साहित्यिक स्वतन्त्रता को केवल राजनीतिक स्वतन्त्रता के रूप में नहीं समझा जा सकता। यदि लेखक सरकारी सेंसरशिप से मुक्त है, लेकिन साहित्यिक प्रतिष्ठान, बाज़ार, पुरस्कार, सामाजिक स्वीकृति या अपने ही बौद्धिक अहं के दबाव में चुप है, तो उसकी स्वतन्त्रता अधूरी है। ‘अँधेरे में’ का मठ-गढ़ रूपक साहित्यिक और वैचारिक स्वतन्त्रता का सवाल इसी व्यापक अर्थ में उठाता है।

इस तरह ‘अँधेरे में’ में अभिव्यक्ति के ख़तरे उठाने की आकांक्षा और मठों तथा गढ़ों को तोड़ने की इच्छा एक ही वैचारिक संघर्ष के दो पहलू हैं। पहली आकांक्षा लेखक को जोखिम उठाने के लिए तैयार करती है, जबकि दूसरी उसे उन बाहरी और भीतरी संरचनाओं की पहचान कराती है जो उसके विचारों को बाँधती हैं। मुक्तिबोध के लिए रचनात्मक स्वतन्त्रता तभी सार्थक हो सकती है जब लेखक अपनी सुविधा और प्रतिष्ठा की सुरक्षित ज़मीन से बाहर निकले, अपनी चेतना की जाँच करे और समाज के दबे हुए अनुभवों से अपने लेखन का रिश्ता बनाए। इस अर्थ में ‘अँधेरे में’ लेखक से केवल बोलने का साहस नहीं माँगती। वह उससे अपने कहे हुए के अनुरूप जीने की नैतिक हिम्मत भी माँगती है।

‘अँधेरे में’ का समय-बोध किसी सीधी रेखा में आगे नहीं बढ़ता। कविता में वर्तमान किसी एक क्षण की तरह स्थिर नहीं रहता। उसमें अतीत की स्मृतियाँ, वर्तमान का सामाजिक और राजनीतिक संकट तथा भविष्य की आशंकाएँ और सम्भावनाएँ लगातार एक-दूसरे से जुड़ती रहती हैं। इसीलिए कविता का समय केवल घड़ी या कैलेंडर का समय नहीं है। वह अनुभव, स्मृति और इतिहास से बनता है। वर्तमान को समझने के लिए कवि बार-बार अतीत की ओर लौटता है और वर्तमान के संकट के बीच अतीत को नये सिरे से देखता है।

कविता का शुरुआती अँधेरा वर्तमान की इसी बेचैनी को सामने लाता है, लेकिन उसके भीतर अतीत भी लगातार सक्रिय रहता है। रहस्यमय चेहरा, पुराने परिचितों की स्मृतियाँ, मृत साथियों की उपस्थिति और गाँधी का प्रसंग वर्तमान को एक व्यापक ऐतिहासिक सन्दर्भ से जोड़ते हैं। ये अनुभव केवल याद बनकर वापस नहीं आते। वे वर्तमान की नैतिक स्थिति पर सवाल उठाते हैं। इस अर्थ में स्मृति यहाँ अतीत को सुरक्षित रखने का माध्यम भर नहीं है। वह वर्तमान का हिसाब लेने का साधन भी बन जाती है।

गाँधी की उपस्थिति कविता के इस समय-बोध को गहराई देती है। वे इतिहास के किसी बन्द अध्याय की तरह सामने नहीं आते। उनका चिन्तित और रक्तरंजित रूप वर्तमान की हिंसा तथा नैतिक संकट के बीच दिखाई देता है। इससे अतीत और वर्तमान के बीच एक बेचैन संवाद शुरू होता है। गाँधी की नैतिक विरासत वर्तमान से सवाल करती हुई लौटती है। कविता मानो यह पूछती है कि स्वतन्त्रता और नैतिक राजनीति की जिन आकांक्षाओं के साथ आधुनिक भारत का निर्माण हुआ, वर्तमान समाज उन आकांक्षाओं के सम्बन्ध में कहाँ खड़ा है।

इस नज़रिये से कविता अतीत को केवल गौरव की वस्तु नहीं बनाती। वह उसे वर्तमान की जाँच का आधार बनाती है। गाँधी का रक्तरंजित चेहरा इसलिए बेचैन करता है कि वह वर्तमान को अतीत के नैतिक वादों के सामने खड़ा कर देता है। इतिहास यहाँ पीछे छूट चुकी चीज़ नहीं रह जाता। वह वर्तमान के भीतर सक्रिय नैतिक दबाव बन जाता है।

इसी तरह निजी स्मृति भी कविता में केवल आत्मकथात्मक सामग्री नहीं है। कवि के पुराने अनुभव, मित्रों की याद और अपने अतीत से जुड़े प्रसंग वर्तमान के आत्मालोचन को गहरा करते हैं। स्मृति उसे यह समझने में मदद करती है कि वह आज जिस स्थिति में खड़ा है, वहाँ अचानक नहीं पहुँचा। उसके वर्तमान में पुराने निर्णय, अधूरे संकल्प, सम्बन्ध और अनुभव भी शामिल हैं। इस तरह व्यक्तिगत समय और ऐतिहासिक समय एक-दूसरे से जुड़ जाते हैं।

कविता में भविष्य भी वर्तमान से अलग कोई दूर की दुनिया नहीं है। शिशु का बिम्ब ऐसे भविष्य का संकेत देता है जिसने अभी पूरी तरह आकार नहीं लिया है, लेकिन जो वर्तमान की दुनिया को चुपचाप स्वीकार करने के लिए भी तैयार नहीं है। उसका रोना आने वाले समय की बेचैनी को व्यक्त करता है। भविष्य यहाँ निश्चित मुक्ति का आश्वासन नहीं देता। वह एक ज़िम्मेदारी के रूप में सामने आता है। वर्तमान पीढ़ी को तय करना है कि वह आने वाली पीढ़ी को कैसी दुनिया सौंपेगी।

यही कारण है कि ‘अँधेरे में’ को केवल अपने समय की राजनीतिक कविता कह देने से उसका इतिहास-बोध पूरी तरह सामने नहीं आता। वह वर्तमान को अतीत की स्मृतियों और भविष्य की सम्भावनाओं के बीच रखकर देखती है। वर्तमान की राजनीतिक स्थिति को समझने के लिए उसके पीछे छूटे हुए सपनों, नैतिक आकांक्षाओं और ऐतिहासिक विफलताओं को भी देखना होगा। इसी तरह भविष्य तभी अर्थपूर्ण होगा जब वर्तमान अपने अतीत से मिली ज़िम्मेदारियों को स्वीकार करेगा।

कविता का समय-बोध इस अर्थ में आत्मालोचन से भी जुड़ा है। कवि केवल यह नहीं पूछता कि समाज कहाँ पहुँच गया है। वह यह भी पूछता है कि वह स्वयं इस ऐतिहासिक यात्रा में कहाँ खड़ा है। उसका निजी अपराधबोध और सामाजिक इतिहास एक-दूसरे में मिल जाते हैं। अतीत की स्मृति उसे अपने वर्तमान कर्मों की जाँच करने के लिए प्रेरित करती है और भविष्य की चिन्ता उसे वर्तमान में अपनी ज़िम्मेदारी निभाने की ओर ले जाती है।

इसलिए ‘अँधेरे में’ में समय केवल घटनाओं के घटने का क्रम नहीं है। वह स्मृति, नैतिक विवेक और सामाजिक चेतना के बीच बनने वाला सम्बन्ध है। अतीत वर्तमान में लौटकर उससे सवाल करता है, वर्तमान अपने भीतर भविष्य की सम्भावनाएँ सँजोए रहता है और भविष्य की अनिश्चितता वर्तमान से निर्णय की माँग करती है। इस तरह कविता में अतीत कोई बीती हुई स्मृति नहीं रह जाता और भविष्य कोई दूर की कल्पना नहीं। दोनों वर्तमान के भीतर सक्रिय होकर उसे लगातार परखते हैं। यही समय-बोध ‘अँधेरे में’ को ऐसी कविता बनाता है जिसमें वर्तमान अपने पीछे छूटे इतिहास का सामना करते हुए आने वाले समय के प्रति अपनी जवाबदेही महसूस करता है।

‘अँधेरे में’ की काव्यभाषा उसकी जटिल अनुभूतियों को व्यक्त करने के लिए कई स्तरों पर काम करती है। इसमें बोलचाल की सहजता, राजनीतिक शब्दावली, दार्शनिक विचार, आत्मसंवाद, फैंटेसी और स्वप्न-दृश्य लगातार एक-दूसरे से जुड़ते हैं। भाषा की यही बनावट आधुनिक जीवन की टूटन, बेचैनी और अन्तर्विरोधों को एक साथ सामने लाती है। कविता की भाषा किसी एक रूप में स्थिर नहीं रहती। वह अनुभवों के साथ बदलती है और अलग-अलग दिशाओं में अर्थ पैदा करती है।

बोलचाल की भाषा कविता को जीवन की ज़मीन से जोड़े रखती है। मुक्तिबोध जब आत्मसंवाद करते हैं या किसी घटना का वर्णन करते हैं, तो उनकी भाषा हमेशा अकादमिक या कठिन नहीं होती। बातचीत जैसे वाक्य, सीधे सवाल, अचानक उभरता विस्मय और सामान्य जीवन से आए शब्द कविता को अनुभव की निकटता देते हैं। पाठक को लगता है कि वह किसी दूर बैठे दार्शनिक का व्यवस्थित भाषण नहीं सुन रहा, बल्कि एक बेचैन मनुष्य के साथ चल रहा है जो अपने समय और अपने जीवन के बारे में लगातार सवाल कर रहा है।

इसी बोलचाल के बीच राजनीतिक शब्दावली का प्रवेश कविता को एक दूसरा स्तर देता है। सत्ता, पूँजी, शोषण, वर्ग, जनता, जुलूस, सैनिक शक्ति और शासन से जुड़े शब्द कविता को उसके ऐतिहासिक और राजनीतिक सन्दर्भ से जोड़ते हैं। लेकिन ये शब्द किसी राजनीतिक पर्चे की तरह अलग से सामने नहीं आते। वे स्वप्न, आत्मालोचन और दृश्यों के भीतर घुल जाते हैं। इस तरह राजनीति कविता के बाहर मौजूद कोई सूचना नहीं रह जाती। वह कवि की चेतना और भाषा के भीतर सक्रिय अनुभव बन जाती है।

दार्शनिक विचार भी इसी तरह जीवन के ठोस अनुभवों से जुड़े रहते हैं। आत्मा, विवेक, ज्ञान, नैतिकता, सत्य, व्यक्तित्व और आत्मसंघर्ष जैसे प्रश्न कविता में बार-बार आते हैं, लेकिन वे सूखे दार्शनिक सूत्रों में नहीं बदलते। मुक्तिबोध किसी अमूर्त विचार को केवल समझाने के बजाय उसे दृश्य, स्मृति, भय या आत्मसंवाद का रूप दे देते हैं। इसीलिए कविता में विचार और बिम्ब अलग-अलग नहीं चलते। विचार कई बार बिम्ब बन जाता है और बिम्ब अपने भीतर किसी जटिल विचार को सँजो लेता है।

फैंटेसी इस भाषा को एक अलग पहचान देती है। सुरंगें, खोहें, अँधेरे रास्ते, रहस्यमय चेहरा, बदलते दृश्य, प्रोसेशन, मशालें और विचित्र आकृतियाँ वास्तविक दुनिया का सीधा वर्णन नहीं हैं। फिर भी उनका सम्बन्ध यथार्थ से बना रहता है। फैंटेसी के सहारे मुक्तिबोध उन अनुभवों को व्यक्त करते हैं जिन्हें सामान्य यथार्थवादी भाषा में पकड़ना कठिन है। सामाजिक भय, राजनीतिक दमन, बौद्धिक अपराधबोध और भविष्य की आशंकाएँ जब सीधे बयान से पूरी तरह व्यक्त नहीं हो पातीं, तो वे तिलस्मी दृश्यों का रूप ले लेती हैं।

इस तरह फैंटेसी यहाँ यथार्थ से बचने का रास्ता नहीं है। वह यथार्थ के भीतर छिपे सम्बन्धों को पहचानने का माध्यम है। उदाहरण के लिए, ‘प्रोसेशन’ को किसी वास्तविक जुलूस की रिपोर्ट की तरह पढ़ने से उसका अर्थ सीमित हो जाएगा। उसका अस्वाभाविक और दुःस्वप्न जैसा रूप ही बताता है कि कवि अपने समय की सत्ता और बौद्धिक समझौतों को किस तीव्रता से महसूस करता है। फैंटेसी वास्तविकता को धुँधला नहीं करती। वह उसके उन पहलुओं को सामने लाती है जो सामान्य परिस्थितियों में छिपे रहते हैं।

मुक्तिबोध की भाषा की एक विशेषता यह भी है कि वे अमूर्त और ठोस, निजी और सार्वजनिक तथा ऊँचे और साधारण माने जाने वाले शब्द-संसारों के बीच कोई कठोर दीवार नहीं खड़ी करते। एक ओर दार्शनिक प्रश्न हैं, तो दूसरी ओर गलियाँ, सड़कें, भीड़, पागल, चेहरे और रोज़मर्रा के अनुभव। यही मेल कविता को सामाजिक जीवन से जोड़े रखता है। विचार जीवन से कटकर हवा में नहीं तैरते और लोकजीवन की संवेदना केवल भावुक चित्रण बनकर नहीं रह जाती। दोनों एक-दूसरे को अर्थ देते हैं।

भाषा के इस मेल का सम्बन्ध कविता के ‘मैं’ की चेतना से भी है। उसका मन किसी एक तरह की भाषा में नहीं सोचता। उसमें दार्शनिक सवाल भी हैं, राजनीतिक बेचैनी भी, निजी स्मृतियाँ भी और रोज़मर्रा के अनुभव भी। इसलिए उसकी भाषा में कई तरह के शब्दों और अभिव्यक्तियों का आना स्वाभाविक है। यह भाषिक विविधता उसके व्यक्तित्व के बिखराव और उसके समय की जटिलता, दोनों को सामने लाती है।

कविता की वाक्य-संरचना भी इसी बेचैनी के अनुरूप बदलती रहती है। कई जगह वाक्य लम्बे होते जाते हैं और फिर अचानक रुक जाते हैं। कहीं लगातार प्रश्न उठते हैं, कहीं कोई दृश्य फैलता चला जाता है और कहीं एक छोटा-सा वाक्य पूरे अनुभव को झकझोर देता है। इससे भाषा में ऐसी गति पैदा होती है जो पारम्परिक काव्य-संगीत से अलग है। यह गति विचारों के दबाव से पैदा होती है। कवि जिस अनुभव को पकड़ने की कोशिश करता है, उसकी जटिलता के साथ भाषा भी मुड़ती, फैलती और टूटती रहती है।

इस सन्दर्भ में कविता की भाषा और उसकी फैंटेसी के बीच गहरा सम्बन्ध है। जब यथार्थ सीधा नहीं है, तो भाषा भी सीधी रेखा में नहीं चलती। दृश्य बदलते हैं, वाक्य दिशा बदलते हैं और अर्थ एक बिम्ब से दूसरे बिम्ब तक पहुँचता है। लेकिन इस बदलती हुई संरचना के भीतर विचारों का एक क्रम भी काम करता रहता है। भाषा का बाहरी असन्तुलन कवि के भीतर चल रहे संघर्ष को व्यक्त करता है।

यही कारण है कि ‘अँधेरे में’ की भाषा को केवल कठिन या जटिल कह देना उसके शिल्प के साथ न्याय नहीं होगा। उसकी जटिलता उन अनुभवों से पैदा होती है जिन्हें कवि व्यक्त करना चाहता है। वह एक साथ व्यक्ति और समाज, नैतिकता और राजनीति, निजी भय और सामूहिक संकट, स्मृति और वर्तमान तथा यथार्थ और स्वप्न को सामने लाना चाहता है। ऐसे अनुभवों को व्यक्त करने के लिए पूरी तरह सीधी और व्यवस्थित भाषा पर्याप्त नहीं हो सकती थी।

इस भाषिक संरचना में बोलचाल की भाषा कविता को मनुष्य के निकट लाती है। राजनीतिक शब्दावली उसे इतिहास और सत्ता के सवालों से जोड़ती है। दार्शनिक विचार उसके अर्थ का विस्तार करते हैं और फैंटेसी यथार्थ के भीतर छिपे अनुभवों को दृश्य रूप देती है। इन सबके मेल से ‘अँधेरे में’ की अपनी भाषिक दुनिया बनती है। मुक्तिबोध बोलचाल को राजनीतिक विचार से, फैंटेसी को यथार्थ से और दर्शन को जीवन से अलग नहीं करते।

इसलिए ‘अँधेरे में’ की काव्यभाषा को आधुनिक हिन्दी कविता में यथार्थ को समझने और व्यक्त करने की ऐसी कोशिश के रूप में देखा जा सकता है जिसमें भाषा स्वयं आधुनिक जीवन के बिखरे हुए अनुभवों का रूप ग्रहण कर लेती है। यहाँ भाषा केवल घटनाओं और विचारों को व्यक्त करने का साधन नहीं है। वह उन अन्तर्विरोधों को भी अपने भीतर सँजोती है जिनसे कविता का ‘मैं’ गुज़र रहा है। बोलचाल की आवाज़ से लेकर राजनीतिक शब्दों और फैंटेसी के तिलस्मी दृश्यों तक, भाषा के अलग-अलग रूप मिलकर उस अँधेरे को आकार देते हैं जिसमें व्यक्ति अपने समय, सत्ता और अपनी चेतना का सामना करता है।

‘अँधेरे में’ का अन्त किसी ऐसे समाधान पर नहीं पहुँचता जहाँ कवि अपने आत्मसंघर्ष, सामाजिक संकट और राजनीतिक अँधेरे से पूरी तरह मुक्त हो जाए। कविता का आख़िरी हिस्सा भी एक खुली हुई स्थिति छोड़ता है। यह खुलापन उसकी कमज़ोरी नहीं, बल्कि उसके मुक्ति-बोध की एक विशेषता है। मुक्तिबोध के यहाँ मुक्ति कोई ऐसी मंज़िल नहीं है जिसे एक बार हासिल कर लेने के बाद संघर्ष समाप्त हो जाए। वह अपने समय, समाज और स्वयं अपने भीतर लगातार चलने वाली आलोचनात्मक प्रक्रिया है।

यहीं कविता के अन्त का अधूरापन अर्थपूर्ण हो उठता है। यदि मुक्तिबोध ‘मैं’ को अन्ततः किसी निश्चित मुक्ति की अवस्था में पहुँचा देते, तो कविता का पूरा आत्मसंघर्ष एक सरल निष्कर्ष में सिमट जाता। इसके बजाय वे ऐसी चेतना तक पहुँचते हैं जो अब अपने संकट को पहचानती है और उससे बचने के बजाय उसका सामना करने को तैयार है। मुक्ति का अर्थ इसलिए संकट से पूरी तरह बाहर निकल जाना नहीं, बल्कि उसे पहचानते हुए उसके विरुद्ध अपनी चेतना और कर्म को लगातार सक्रिय रखना है।

इस प्रक्रिया में व्यक्तिगत और सामाजिक मुक्ति अलग-अलग नहीं हैं। कवि अपने भीतर के भय और सुविधा से मुक्त हुए बिना सामाजिक अन्याय के ख़िलाफ़ सार्थक रूप से खड़ा नहीं हो सकता। दूसरी ओर, केवल आत्मशुद्धि से भी उसकी समस्या हल नहीं होती, क्योंकि उसके भीतर का संकट सामाजिक यथार्थ से पैदा हुआ है। इसलिए कविता का रास्ता भीतर से बाहर और बाहर से फिर भीतर की ओर चलता रहता है। आत्मालोचन सामाजिक ज़िम्मेदारी को जन्म देता है और सामाजिक ज़िम्मेदारी व्यक्ति को अपने ही आचरण की जाँच करने के लिए मजबूर करती है।

‘अभिव्यक्ति के सारे ख़तरे’ उठाने की आकांक्षा इसी अधूरी मुक्ति का हिस्सा है। लेखक के लिए मुक्ति का अर्थ किसी सुरक्षित नैतिक ऊँचाई पर पहुँच जाना नहीं है। सच बोलने के बाद भी नये ख़तरे मौजूद रहेंगे, सत्ता के नये रूप सामने आएँगे और अपने भीतर के समझौते फिर सवाल बनकर खड़े होंगे। इसलिए अभिव्यक्ति लगातार निभाई जाने वाली नैतिक ज़िम्मेदारी है। उसका महत्त्व इस बात में है कि वह व्यक्ति को अपने समय के सामने जवाबदेह बनाए रखती है।

इसी तरह ‘मठ और गढ़’ तोड़ने की इच्छा भी किसी अन्तिम विजय की घोषणा नहीं है। स्थापित विचार, संस्थागत प्रभुत्व और मानसिक जड़ता एक बार टूट जाने के बाद हमेशा के लिए समाप्त नहीं हो जाते। वे नये रूपों में फिर खड़े हो सकते हैं। इसलिए विचार की मुक्ति भी लगातार आलोचनात्मक सजगता की माँग करती है। मुक्तिबोध का कवि किसी नये ‘मठ’ का निर्माण करने के बजाय मठ बनने की प्रक्रिया के प्रति सतर्क रहना चाहता है।

कविता के अन्त में जनता और भविष्य की ओर खुलती हुई दृष्टि भी इसी अधूरेपन को सामने लाती है। लोगों की सामूहिक चेतना और शिशु का बिम्ब परिवर्तन की सम्भावना जगाते हैं, लेकिन वे किसी निश्चित भविष्य की गारंटी नहीं देते। आने वाला समय खुला है और उसका स्वरूप वर्तमान के संघर्षों से तय होगा। इसीलिए कविता की आशा निष्क्रिय आशावाद नहीं है। वह ऐसी उम्मीद है जिसे कर्म, जोखिम और सामाजिक भागीदारी के सहारे लगातार वास्तविक रूप देना होगा।

इस अर्थ में ‘अँधेरे में’ का अन्त मुक्ति के बजाय मुक्ति की ज़िम्मेदारी पर ज़ोर देता है। कवि को कोई अन्तिम उत्तर नहीं मिलता। उसे ऐसी चेतना मिलती है जो अब सवालों से भागना नहीं चाहती। उसके लिए अपने समय को समझना, अपनी सुविधा पर सन्देह करना, सत्ता के छिपे हुए रूपों को पहचानना, जनता के अनुभव से जुड़ना और अभिव्यक्ति के जोखिम उठाना, ये सब एक ही प्रक्रिया के हिस्से हैं।

कविता का अन्त इसलिए किसी बन्द दरवाज़े की तरह नहीं, बल्कि खुले रास्ते की तरह सामने आता है। कविता समाप्त होती है, लेकिन उसका सवाल समाप्त नहीं होता। ‘मैं’ को अब भी अपने भीतर के अँधेरे से जूझना है और उस सामाजिक अँधेरे से भी जिसमें उसका जीवन बँधा हुआ है। इसीलिए कविता का अन्तिम अर्थ किसी हासिल की हुई मुक्ति में नहीं, बल्कि उस लगातार जागते हुए विवेक में है जो व्यक्ति को आत्मसन्तोष में ठहरने नहीं देता और उसे अपने समय के प्रति जवाबदेह बनाए रखता है।

मुक्तिबोध सामान्यतः एक मार्क्सवादी कवि-आलोचक के रूप में जाने जाते हैं। इसके बावजूद उनकी ‘अँधेरे में’ कविता की अस्तित्ववादी व्याख्या की सम्भावना से इनकार नहीं किया जा सकता। यहाँ यह सावधानी ज़रूरी है कि कविता का अस्तित्ववादी पाठ उसे सामाजिक और राजनीतिक सन्दर्भों से काटकर किसी अमूर्त दार्शनिक अनुभव में न बदल दे। इसका उद्देश्य यह समझना है कि ऐसी दुनिया में, जहाँ मनुष्य को कोई निश्चित नैतिक आधार, सुरक्षित पहचान या पहले से तैयार अर्थ उपलब्ध नहीं है, वह अपने होने का अर्थ किस तरह तलाशता है। मुक्तिबोध के यहाँ ‘अँधेरा’ इसी अर्थ में एक अस्तित्वगत स्थिति भी है। उसमें रास्ते हैं, लेकिन साफ़ नहीं। चेहरे हैं, लेकिन उनकी पहचान स्थिर नहीं है। आवाज़ें हैं, लेकिन उनके स्रोत का भरोसा नहीं है। सबसे बढ़कर, ‘मैं’ स्वयं अपने बारे में पूरी तरह आश्वस्त नहीं है। वह अपने ही अनुभव के भीतर एक ऐसे मनुष्य की तरह चलता है जिसे अपने होने की शर्तों को बार-बार नये सिरे से समझना पड़ता है।

कविता का ‘मैं’ इसीलिए किसी स्थिर व्यक्तित्व का प्रतिनिधि नहीं है। उसकी चेतना लगातार बदलती रहती है। उसे अपने बारे में जो मालूम है, अगले ही क्षण वही ज्ञान अधूरा पड़ जाता है। अपने ही भीतर किसी दूसरे चेहरे की मौजूदगी, उसका पीछा, उससे आकर्षण और उससे भय, ये सब आत्म की स्थिर धारणा को तोड़ते हैं। अस्तित्ववादी दृष्टि से इसका अर्थ यह है कि मनुष्य अपने भीतर भी पूरी तरह पारदर्शी नहीं होता। वह स्वयं अपने लिए भी एक सवाल बना रहता है। जिसे वह अपना ‘मैं’ समझता है, उसके भीतर ऐसी इच्छाएँ, क्षमताएँ और सम्भावनाएँ मौजूद हो सकती हैं जिनसे उसका रोज़मर्रा का जीवन मेल नहीं खाता। इसलिए आत्म की पहचान यहाँ किसी अन्तिम उत्तर तक पहुँचने का नाम नहीं, बल्कि अपने ही भीतर मौजूद अपरिचित हिस्सों से लगातार सामना करने का नाम है।

इस सन्दर्भ में कविता का ‘दूसरा’ व्यक्ति विशेष रूप से दिलचस्प है। उसे केवल आदर्श व्यक्तित्व या नैतिक विवेक का प्रतीक मान लेने से उसका अस्तित्वगत तनाव कुछ कम हो जाता है। वह ‘मैं’ के सामने खड़ा ऐसा दूसरा है जिसके सामने ‘मैं’ अपनी सीमाओं को पहचानता है। वह यह अहसास पैदा करता है कि जो जीवन अभी जिया जा रहा है, उसके अलावा जीवन की कोई दूसरी सम्भावना भी हो सकती थी। यहीं अस्तित्ववादी सवाल जन्म लेता है। मनुष्य जो है, क्या वह केवल परिस्थितियों का परिणाम है या वह अपने चुनावों के ज़रिये अपने होने का कोई दूसरा रूप भी बना सकता है? इस सवाल का उत्तर कविता किसी सिद्धान्त की तरह नहीं देती। वह उसे बेचैनी के रूप में जीती है।

यहीं सार्त्र का अस्तित्ववाद एक उपयोगी सन्दर्भ बन सकता है। सार्त्र के लिए मनुष्य पहले से तय किसी सार या अन्तिम पहचान में बन्द नहीं है। वह अपने चुनावों और कर्मों के माध्यम से स्वयं को बनाता है। ‘अँधेरे में’ का ‘मैं’ भी अपने जीवन का कोई निश्चित अर्थ पहले से प्राप्त नहीं करता। उसे अपने ही निर्णयों, चूकों और डर के बीच यह तय करना है कि वह किस तरह का मनुष्य होना चाहता है। लेकिन मुक्तिबोध इस सवाल को केवल निजी स्वतन्त्रता तक सीमित नहीं रखते। उनका मनुष्य परिस्थितियों से घिरा हुआ है। फिर भी उन परिस्थितियों के भीतर उसके चुनाव और उसकी ज़िम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती। इसी तनाव से कविता का अस्तित्वगत दबाव पैदा होता है।

कविता में बार-बार बदलते दृश्य और अनिश्चित रास्ते भी इसी अस्तित्वगत असुरक्षा को मूर्त रूप देते हैं। ‘अँधेरे में’ चलना यहाँ केवल किसी जगह से दूसरी जगह पहुँचना नहीं है। यह ऐसी स्थिति में आगे बढ़ना है जहाँ अगले मोड़ पर क्या मिलेगा, इसका भरोसा नहीं है। सुरंग, खोह, गलियाँ, चौराहे और रहस्यमय दृश्य मनुष्य के उस अनुभव को व्यक्त करते हैं जिसमें जीवन कोई पहले से बना हुआ नक़्शा नहीं देता। व्यक्ति को चलते हुए अपना रास्ता बनाना पड़ता है। इसीलिए कविता की यात्रा में मंज़िल से अधिक महत्त्व रास्ते की अनिश्चितता का है।

यह अनिश्चितता कविता में भय का एक अलग अर्थ भी खोलती है। भय केवल बाहरी ख़तरे की प्रतिक्रिया नहीं है। वह असुरक्षा के उस गहरे अहसास से भी पैदा होता है जिसमें मनुष्य यह निश्चित नहीं कर पाता कि वह स्वयं कौन है, किस दिशा में जा रहा है और जिस दुनिया में जी रहा है, उसका वास्तविक चेहरा क्या है। इसीलिए ‘अँधेरे में’ का भय किसी एक घटना से पैदा नहीं होता। वह लगातार बनी रहने वाली बेचैनी है। कभी वह पीछा किए जाने की अनुभूति बनती है, कभी रहस्यमय चेहरे का डर, कभी अचानक बदलते दृश्य और कभी अपने ही भीतर से उठते सवाल। इस भय में अस्तित्व की अस्थिरता का बोध शामिल है।

कविता में अकेलापन भी इसी धरातल पर समझने की माँग करता है। यहाँ अकेलापन केवल सामाजिक अलगाव नहीं है। मनुष्य भीड़ के बीच भी अपने होने की ज़िम्मेदारी अकेले उठाता है। कोई दूसरा उसके लिए यह तय नहीं कर सकता कि उसे किस सत्य को स्वीकार करना है, किस रास्ते पर चलना है या अपने जीवन को क्या अर्थ देना है। इसी वजह से कविता का ‘मैं’ बार-बार दूसरों की तलाश करता हुआ भी अपने अनुभव की अन्तिम जवाबदेही से बच नहीं सकता। सहचर की तलाश सामूहिकता का सवाल ज़रूर बनती है, लेकिन उससे पहले वह अस्तित्वगत अकेलेपन की स्वीकृति है। मनुष्य को अपने होने के सवाल से स्वयं गुज़रना पड़ता है।

इस अकेलेपन का एक और रूप कविता के संवाद-विधान में दिखाई देता है। ‘मैं’ लगातार किसी से बात करता है। कभी स्वयं से, कभी किसी अदृश्य दूसरे से और कभी किसी मृत या अनुपस्थित व्यक्ति से। ये संवाद केवल कथा को आगे बढ़ाने के साधन नहीं हैं। वे बताते हैं कि व्यक्ति अपने भीतर अकेला होते हुए भी संवाद के ज़रिये अपने अस्तित्व को समझने की कोशिश करता है। यहाँ आत्मसंवाद अपने भीतर बन्द हो जाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि अपने ही बँटे हुए व्यक्तित्व के विभिन्न हिस्सों के बीच बातचीत है। ‘मैं’ अपने लिए सवाल भी है और सवाल करने वाला भी।

मृत्यु-बोध इस अस्तित्ववादी पाठ को और गहरा करता है। कविता का वातावरण शुरू से ही जीवन और मृत्यु के बीच एक बेचैन स्थिति बनाए रखता है। मृत-दल, रक्त, हिंसा, स्मृतियों में मौजूद मृत चेहरे और नष्ट होती मानवीय संवेदना बार-बार यह अहसास कराते हैं कि मनुष्य का अस्तित्व नश्वर और असुरक्षित है। लेकिन मुक्तिबोध मृत्यु को केवल जीवन के अन्त के रूप में नहीं देखते। एक दूसरा ख़तरा भी है। ऐसा जीवन जिसमें मनुष्य अपनी संवेदना और विवेक खो दे और केवल सामाजिक भूमिका निभाता रहे। इस अर्थ में कविता का वास्तविक भय केवल मृत्यु का नहीं, बल्कि जीवित रहते हुए अपने मनुष्यत्व से दूर हो जाने का भी है।

यहीं अस्तित्ववादी ‘प्रामाणिकता’ का सवाल सामने आता है। मनुष्य तब अपने प्रति ईमानदार कैसे रह सकता है जब उसकी सामाजिक भूमिका, उसकी सुविधा और उसके वास्तविक विश्वास एक-दूसरे से अलग हो जाएँ? ‘अँधेरे में’ इस सवाल का कोई आसान उत्तर नहीं देती। वह यह भी नहीं मानती कि अपने भीतर किसी शुद्ध और निष्कलंक व्यक्तित्व को खोज लेना पर्याप्त है। प्रामाणिकता यहाँ अपने बारे में असुविधाजनक सच स्वीकार करने से शुरू होती है। व्यक्ति को मानना पड़ता है कि वह हमेशा वैसा नहीं है जैसा वह स्वयं को समझता आया है। अपने ही बारे में इस भ्रम के टूटने में पीड़ा है, लेकिन इसी से वास्तविक आत्मबोध की सम्भावना पैदा होती है।

कविता का ‘अँधेरा’ इसलिए केवल अज्ञान नहीं है। वह ऐसी स्थिति है जिसमें मनुष्य को कोई अन्तिम आश्वासन नहीं मिलता। वह न अपने बारे में पूरी तरह निश्चित है, न अपने समय के बारे में और न भविष्य के बारे में। लेकिन इस अनिश्चितता के बावजूद उसे जीना और चुनाव करना है। अस्तित्ववादी दृष्टि से यही स्थिति मनुष्य को ज़िम्मेदार बनाती है। यदि दुनिया पहले से किसी निश्चित अर्थ के अनुसार व्यवस्थित नहीं है, तो मनुष्य को अपने चुनावों के ज़रिये उसके भीतर अर्थ पैदा करना पड़ता है। मुक्तिबोध के यहाँ यह अर्थ निजी सुख या आत्मसन्तोष में नहीं, बल्कि जीवन को अधिक सच्चाई से जीने की कोशिश में मिलता है।

यहाँ ‘अँधेरे में’ का भविष्य-बोध भी एक अलग अर्थ ग्रहण करता है। भविष्य कोई निश्चित आश्वासन नहीं है। वह खुला हुआ है और इसलिए अनिश्चित भी है। शिशु का बिम्ब इस अनिश्चित भविष्य को मूर्त रूप देता है। उसका व्यक्तित्व अभी पूरी तरह विकसित नहीं हुआ है। उसके भीतर सम्भावना है, बेचैनी है और अपने लिए जगह बनाने की आकांक्षा है। अस्तित्ववादी दृष्टि से भविष्य का यही खुलापन निर्णायक है। मनुष्य का वर्तमान उसके भविष्य को पूरी तरह तय नहीं करता, लेकिन वर्तमान में किए गए चुनाव भविष्य की सम्भावनाओं को प्रभावित करते हैं। इसीलिए भविष्य की ज़िम्मेदारी वर्तमान से अलग नहीं की जा सकती।

कविता में स्मृति भी केवल बीते हुए समय की वापसी नहीं है। अस्तित्ववादी धरातल पर स्मृति व्यक्ति के अपने होने की निरन्तरता का सवाल उठाती है। मनुष्य अपने वर्तमान को अतीत से अलग करके नहीं समझ सकता। उसके पुराने निर्णय, पछतावे, अनुभव और खोए हुए अवसर उसके वर्तमान ‘मैं’ में मौजूद रहते हैं। लेकिन स्मृति कोई स्थिर संग्रह नहीं है। वर्तमान की चेतना हर बार अतीत को नये अर्थ में देखती है। ‘अँधेरे में’ इसी कारण अतीत को फिर से देखने की बेचैनी पैदा करती है। जो बीत गया है, वह समाप्त होकर भी वर्तमान के भीतर सक्रिय रहता है।

इस नज़रिये से कविता में ‘अपराधबोध’ को भी कुछ अलग ढंग से समझा जा सकता है। वह केवल सामाजिक या राजनीतिक दोष का अहसास नहीं, बल्कि अपने ही जीवन के प्रति असन्तोष का अनुभव है। व्यक्ति को लगता है कि उसने अपने होने की सम्भावनाओं को पूरी तरह नहीं जिया। वह जो बनना चाहता था और जो बन पाया, उनके बीच दूरी है। अस्तित्ववादी अर्थ में यह दूरी इसलिए पीड़ादायक है कि मनुष्य अपने जीवन को किसी बाहरी वस्तु की तरह नहीं देख सकता। उसने जो किया और जो नहीं किया, दोनों की ज़िम्मेदारी उसे उठानी पड़ती है। अतीत को बदला नहीं जा सकता, लेकिन उसके प्रति वर्तमान का रवैया बदला जा सकता है। यही सम्भावना आत्मालोचन को केवल पछतावे से अलग करती है।

इस अर्थ में ‘अँधेरे में’ की अस्तित्ववादी बेचैनी निराशावादी नहीं है। कविता यह नहीं कहती कि जीवन निरर्थक है और मनुष्य किसी अर्थ तक पहुँच ही नहीं सकता। इसके विपरीत, वह दिखाती है कि अर्थ कोई तैयार वस्तु नहीं है। वह खोज और चुनाव से बनता है। अँधेरे में चलना इसलिए निरर्थक भटकना नहीं है। जब व्यक्ति को रास्ते की निश्चितता नहीं मिलती, तभी उसे अपने कदमों की ज़िम्मेदारी अधिक गहराई से महसूस होती है। कविता का बेचैन ‘मैं’ इसी ज़िम्मेदारी की ओर बढ़ता है।

इस पाठ के आधार पर मुक्तिबोध को केवल ‘अस्तित्ववादी कवि’ घोषित करना उचित नहीं होगा। उनकी कविता की ज़मीन ऐतिहासिक, सामाजिक और राजनीतिक है। लेकिन इसी ज़मीन पर वे आधुनिक मनुष्य की उस गहरी समस्या को पहचानते हैं जिसमें व्यक्ति अपने होने, अपने चुनाव और अपने जीवन के अर्थ से जूझता है। इसीलिए ‘अँधेरे में’ का अस्तित्ववादी आयाम सामाजिक यथार्थ का विकल्प नहीं, बल्कि उसका भीतरी स्तर है। बाहर की दुनिया जितनी उलझी हुई है, व्यक्ति का भीतर भी उतना ही अनिश्चित है। दोनों के बीच चलने वाला मनुष्य किसी तैयार उत्तर के सहारे नहीं, बल्कि अपनी बेचैनी और खोज के सहारे आगे बढ़ता है।

इससे आधुनिक मनुष्य के अस्तित्व का सवाल भी जुड़ता है। कविता ऐसे व्यक्ति की कहानी कहती है जो अपने लिए कोई आसान पहचान स्वीकार नहीं करता। वह अपने ही भीतर अपरिचित है, अपने समय में असुरक्षित है, अपने अतीत से बँधा है और भविष्य के बारे में आश्वस्त नहीं है। फिर भी वह जीवन में अर्थ की तलाश छोड़ता नहीं। उसका अँधेरा इसलिए केवल ऐसी जगह नहीं है जहाँ रोशनी नहीं है। वह ऐसी स्थिति भी है जहाँ मनुष्य को अपनी आँखों, अपने विवेक और अपने चुनावों के सहारे आगे बढ़ना पड़ता है। कविता की बेचैनी इसी अनिश्चित यात्रा से पैदा होती है। उसकी जीवंतता इस बात में है कि वह मनुष्य को किसी अन्तिम उत्तर में बाँधने के बजाय उसके सवालों को खुला छोड़ती है।

संरचनावादी दृष्टि से ‘अँधेरे में’ की रचना-विधि को उसके भीतर मौजूद विरोधी युग्मों और उनके आपसी सम्बन्धों के आधार पर समझा जा सकता है। अँधेरा और प्रकाश, भीतर और बाहर, ‘मैं’ और दूसरा, स्वप्न और यथार्थ, मौन और अभिव्यक्ति, अकेलापन और सामूहिकता, ये सभी एक-दूसरे के सन्दर्भ में अर्थ ग्रहण करते हैं। लेकिन मुक्तिबोध इन विरोधों को स्थिर नहीं रहने देते। इनके अर्थ लगातार बदलते हैं और कई बार एक-दूसरे में घुल जाते हैं। उत्तर-संरचनावादी दृष्टि से, विशेष रूप से देरिदा के विखंडन के आधार पर देखें, तो कविता की यह अर्थ-व्यवस्था और जटिल दिखाई देती है। ‘अँधेरा’ केवल प्रकाश का विलोम नहीं रह जाता। उसी के भीतर प्रकाश की सम्भावना भी मौजूद रहती है। ‘मैं’ और ‘दूसरा’ के बीच की सीमा भी स्थिर नहीं है। इसी तरह स्वप्न और यथार्थ लगातार एक-दूसरे में प्रवेश करते हैं। देरिदा की ‘डिफ़रांस’ की अवधारणा के सन्दर्भ में कविता का अर्थ किसी एक अन्तिम बिन्दु पर ठहरने के बजाय संकेतों, बिम्बों और उनके आपसी सम्बन्धों के बीच आगे बढ़ता रहता है। एक अर्थ दूसरे अर्थ की ओर ले जाता है और हर निष्कर्ष के भीतर कोई नया सवाल सामने आ जाता है। इस नज़रिये से कविता का अँधेरा केवल एक प्रतीक नहीं है। वह अर्थ की खोज की ऐसी स्थिति है जिसमें ‘मैं’ अपने आसपास की दुनिया और अपने अस्तित्व को बार-बार नये सिरे से समझने की कोशिश करता है। इसी कारण रहस्यमय चेहरा, प्रोसेशन, प्रकाश, अँधेरा, गाँधी, जनता और भविष्य जैसे बिम्ब किसी एक अर्थ तक सीमित नहीं रहते। कविता के अलग-अलग प्रसंगों में उनके नये सम्बन्ध और नये अर्थ सामने आते हैं।

‘अँधेरे में’ के शिल्प को उसकी भाषा से अलग करके देखें, तो रचना-प्रक्रिया के कई ऐसे पहलू सामने आते हैं जो कविता के जटिल अनुभव को आकार देते हैं। मुक्तिबोध पारम्परिक अर्थ में कथानक, चरित्र और घटनाक्रम पर आधारित कविता नहीं लिखते। वे स्वप्न, स्मृति, आत्मसंवाद, दृश्य, विचार और प्रतीक को इस तरह जोड़ते हैं कि कविता एक साथ मानसिक यात्रा, सामाजिक आख्यान और आत्मपरीक्षण का रूप ग्रहण कर लेती है। उसका शिल्प लगातार गतिशील रहता है और पाठक को किसी निश्चित अर्थ तक सीधे नहीं पहुँचाता।

कविता की संरचना की एक विशेषता स्वप्न और यथार्थ का लगातार एक-दूसरे में मिलना है। घटनाएँ किसी सपने की तरह अचानक सामने आती हैं और फिर उसी सहजता से यथार्थ, स्मृति या आत्मसंवाद में बदल जाती हैं। इस कारण कविता को किसी एक स्तर पर रखकर पढ़ना सम्भव नहीं है। जो दृश्य पहली नज़र में अतियथार्थवादी लगता है, उसके भीतर सामाजिक और राजनीतिक यथार्थ की कोई परत मौजूद रहती है। मुक्तिबोध इस तिलस्मी ढाँचे के ज़रिये बाहरी यथार्थ के उन अनुभवों को पकड़ते हैं जिन्हें किसी सीधी कहानी या यथार्थवादी विवरण में व्यक्त करना मुश्किल होता।

इससे जुड़ी दूसरी विशेषता है दृश्य-निर्माण की सिनेमाई तकनीक। कविता में दृश्य लगातार बदलते हैं और पाठक लगभग कैमरे की तरह एक दृश्य से दूसरे दृश्य की ओर बढ़ता है। अँधेरी गलियाँ, सुनसान रास्ते, खोहें, सुरंगें, मकान, जुलूस, चेहरे, मशालें और भीड़, ये सब स्थिर चित्र नहीं हैं। इनमें गति है और ये एक-दूसरे के बीच आते हुए आगे बढ़ते हैं। इस दृश्यात्मकता के कारण कविता कई जगह पढ़ने से अधिक देखने का अनुभव देती है। लेकिन इन दृश्यों का क्रम किसी फ़िल्म की तरह केवल बाहरी घटनाओं पर निर्भर नहीं करता। हर दृश्य कवि की चेतना में हो रहे बदलाव से भी जुड़ा है।

कविता के शिल्प का एक और आधार आत्मसंवाद है। ‘मैं’ लगातार स्वयं से, अपने दूसरे रूप से और कभी-कभी अदृश्य या सामने मौजूद पात्रों से बातचीत करता है। इससे कविता में एकालाप और संवाद की सीमाएँ टूटती हैं। कवि अपने अनुभव का केवल वर्णन नहीं करता, बल्कि उसी समय उसका अर्थ भी खोजता है। इसीलिए सवाल, सन्देह, आत्मभर्त्सना और अचानक पैदा होने वाली नयी समझ कविता की संरचना में स्वाभाविक रूप से आती है। आत्मसंवाद कविता को केवल आत्मकथात्मक होने से बचाता है और उसे आत्मविश्लेषण का रूप देता है।

रहस्यमय दूसरे व्यक्तित्व का शिल्पगत इस्तेमाल भी ध्यान देने योग्य है। वह चेहरा कविता में किसी स्थिर चरित्र की तरह नहीं आता। उसका अर्थ धीरे-धीरे बदलता है। वह कभी भय पैदा करता है, कभी आकर्षित करता है और कभी कवि के अपने ही अधूरे व्यक्तित्व की तरह सामने आता है। इस तरह एक पात्र मनोवैज्ञानिक, नैतिक और सामाजिक, तीनों स्तरों पर काम करता है। मुक्तिबोध किसी विचार को सीधे सिद्धान्त की तरह कहने के बजाय उसे एक जीवित आकृति में बदल देते हैं।

कविता के प्रतीक भी कई अर्थों में खुलते हैं। अँधेरा, प्रकाश, सुरंग, खोह, चेहरा, प्रोसेशन, मशाल, रक्त और शिशु जैसे बिम्ब किसी एक अर्थ में स्थिर नहीं रहते। कविता के प्रसंग के साथ उनका अर्थ बदलता और फैलता है। अँधेरा भय का भी संकेत है, सामाजिक अस्पष्टता का भी और आत्मान्वेषण का भी। प्रकाश आशा का संकेत हो सकता है, लेकिन वह ज्ञान की क्षणिक झलक भी है। इसीलिए कविता के प्रतीकों का अर्थ किसी शब्दकोश की तरह निश्चित नहीं किया जा सकता।

फैंटेसी और प्रतीकों का मेल भी कविता को एक अलग शिल्प देता है। मुक्तिबोध के यहाँ फैंटेसी केवल विचित्र या अविश्वसनीय दृश्य पैदा करने का साधन नहीं है। वह सामाजिक यथार्थ के भीतर मौजूद सम्बन्धों को दृश्य रूप देती है। सत्ता का भय, बौद्धिक वर्ग की मिलीभगत, आत्मग्लानि और भविष्य की आशंका जब फैंटेसी के दृश्य बनते हैं, तो उनका प्रभाव केवल वैचारिक नहीं रहता। पाठक उन्हें अनुभव भी करता है।

कविता की संरचना में विखंडन और पुनरावृत्ति साथ-साथ चलते हैं। दृश्य टूटते हैं, समय बदलता है, स्मृतियाँ वर्तमान में प्रवेश करती हैं और कोई विचार नये प्रसंग में फिर लौट आता है। लेकिन यह विखंडन पूरी तरह बिखरा हुआ नहीं है। कुछ बिम्ब और सवाल बार-बार लौटकर कविता के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ते हैं। इससे कविता के भीतर एक संरचनात्मक एकता बनती है। पाठक को अर्थ किसी एक प्रसंग से नहीं मिलता। उसे अनेक बार लौटने वाले संकेतों को आपस में जोड़ना पड़ता है।

समय का टूटता हुआ क्रम भी इसी संरचना का हिस्सा है। वर्तमान, स्मृति और स्वप्न के बीच कोई स्पष्ट सीमा नहीं रहती। अतीत अचानक वर्तमान में आ जाता है और भविष्य की आशंका वर्तमान अनुभव को बदल देती है। इससे कविता में कालक्रम की जगह चेतना का क्रम अधिक महत्त्वपूर्ण हो जाता है। घटनाएँ जिस क्रम में हुई थीं, कविता उन्हें उसी क्रम में नहीं रखती। वे जिस क्रम में कवि की चेतना में उभरती हैं, उसी क्रम में सामने आती हैं। इस कारण कविता का समय मनोवैज्ञानिक और ऐतिहासिक, दोनों बन जाता है।

कविता में चरित्र-निर्माण की पारम्परिक पद्धति भी टूटती है। यहाँ ऐसे पात्र नहीं हैं जिनकी पूरी जीवन-कथा सामने रखी जाए। रहस्यमय चेहरा, पागल, गाँधी, शिशु, प्रोसेशन के लोग और जनता, ये सभी किसी व्यापक अनुभव या विचार को मूर्त रूप देते हैं। फिर भी वे केवल प्रतीक बनकर नहीं रह जाते। उनकी दृश्य उपस्थिति और व्यवहार उन्हें काव्यात्मक जीवन देते हैं। मुक्तिबोध इस तरह चरित्र और प्रतीक के बीच की दूरी कम कर देते हैं।

इसी तरह कविता में स्थान स्वयं शिल्प का सक्रिय तत्त्व बन जाता है। गलियाँ, खोहें, सुरंगें, सड़कें और अँधेरे मकान केवल घटनाओं की पृष्ठभूमि नहीं हैं। वे कवि की मानसिक स्थिति और सामाजिक यथार्थ, दोनों को व्यक्त करते हैं। बाहर का भौगोलिक अँधेरा भीतर के मानसिक अँधेरे से जुड़ जाता है। इस तरह स्थान मनःस्थिति का विस्तार भी बनता है और सामाजिक संरचना का संकेत भी देता है।

कविता में तनाव भी धीरे-धीरे बढ़ता है। शुरुआत से ही बेचैनी मौजूद है, लेकिन उसका अर्थ क्रमशः खुलता है। रहस्यमय चेहरा, पीछा किए जाने का अनुभव, अँधेरे रास्ते, प्रोसेशन, आत्मालोचन, जनता और भविष्य, ये सभी तनाव को एक के बाद एक गहरा करते हैं। कविता किसी एक विस्फोटक क्षण पर निर्भर नहीं करती। उसका तनाव परत-दर-परत बनता है। इसीलिए पाठक को भी कविता के साथ एक मानसिक यात्रा करनी पड़ती है।

कविता का खुला और अधूरा शिल्प भी उसके आशय से जुड़ा है। मुक्तिबोध किसी अन्तिम समाधान की घोषणा नहीं करते। ‘मैं’ अपने संघर्ष से बाहर निकलकर किसी निश्चित मंज़िल पर नहीं पहुँचता। उसके सामने रास्ता खुलता है, लेकिन वह संघर्ष, आत्मालोचन और सामूहिक ज़िम्मेदारी से होकर जाता है। इसीलिए कविता की संरचना भी बन्द नहीं होती। उसका अर्थ पाठ समाप्त होने के बाद भी आगे बढ़ता रहता है।

इस तरह ‘अँधेरे में’ का शिल्प किसी एक तकनीक पर आधारित नहीं है। स्वप्न और यथार्थ का मेल, दृश्यात्मकता, आत्मसंवाद, रहस्यमय चरित्र, अनेक अर्थों में खुलने वाले प्रतीक, फैंटेसी, टूटता हुआ समय-क्रम, पुनरावृत्ति, सर्पिल गति, स्थान की सक्रिय भूमिका, विरोधी बिम्ब और खुला अन्त, ये सब मिलकर कविता की ऐसी संरचना बनाते हैं जिसमें रूप और विचार अलग-अलग नहीं चलते। कविता आधुनिक जीवन के जिस बिखरे हुए, बेचैन और अन्तर्विरोधों से भरे अनुभव को व्यक्त करती है, उसका रूप भी उसी तरह गतिशील और अस्थिर है। यही कारण है कि ‘अँधेरे में’ का शिल्प उसके कथ्य का बाहरी आवरण नहीं है। वह उसके अनुभव और विचार को आकार देने वाली सक्रिय शक्ति है।

तुलनात्मक दृष्टि से विचार करें तो अमेरिकी कवि डेविड इग्नटाओ (David Ignatow, 1914–1997) की कविता ‘ट्रेड द डार्क’ (Tread the Dark) का उल्लेख यहाँ प्रासंगिक है। इग्नटाओ ‘पोएट्री सोसाइटी ऑफ़ अमेरिका’ के अध्यक्ष (1980–1984) रहे और उन्हें अनेक पुरस्कार तथा सम्मान मिले। उनकी कविता और मुक्तिबोध की ‘अँधेरे में’ को साथ पढ़ने का आधार यह है कि दोनों कवि अँधेरे को केवल बाहरी दृश्य के रूप में नहीं देखते। उनके यहाँ अँधेरा आधुनिक मनुष्य की भीतरी स्थिति से भी जुड़ा है। हालाँकि दोनों कविताओं में इस अनुभव की प्रकृति और उसका विस्तार अलग-अलग है।

इग्नटाओ की कविता में अँधेरा निजी अकेलेपन, प्रतीक्षा और संवादहीनता का अनुभव बनकर सामने आता है। कविता का वक्ता फ़ोन के पास बैठा किसी सन्देश की प्रतीक्षा कर रहा है। उसे उम्मीद है कि कोई आवाज़ आएगी और बताएगी कि सब कुछ ठीक हो गया है। वह अपने मन के अनुसार जीवन जी सकेगा। लेकिन यह उम्मीद पूरी नहीं होती। रात बीतती रहती है और वह फ़ोन के बजने की प्रतीक्षा करता रहता है। सरबजीत गरचा के हिन्दी अनुवाद में व्यक्त यह स्थिति आधुनिक मनुष्य के उस अकेलेपन को सामने लाती है जिसमें दूसरे से सम्पर्क की सम्भावना तो बनी रहती है, लेकिन वास्तविक संवाद नहीं हो पाता:

अँधेरे में

मैं अपने फ़ोन के पास बैठा हूँ

एक संदेश का इंतिज़ार करता हुआ

आवाज़ आएगी और मुझसे कहेगी कि

सब कुछ बिल्कुल ठीक हो गया है

जीयो जैसे तुमने हमेशा जीना चाहा है

और मैं इंतिज़ार करता रहता हूँ

सिर्फ़ रात ही है जो मुझे

लिटा देती है

फ़ोन तब भी

बग़ल में होता है और मैं

इंतिज़ार करता हूँ

अँधेरे में उसके बजने का

—डेविड इग्नटाओ (अनुवाद: सरबजीत गरचा,हिन्दवी)

यहाँ फ़ोन सिर्फ़ सम्पर्क का साधन नहीं है। उसकी मौन उपस्थिति व्यक्ति और दूसरे मनुष्य के बीच बनी दूरी को और गहरा करती है। जिससे संवाद की उम्मीद जुड़ी है, वही लगातार प्रतीक्षा और अनिश्चितता का कारण बन जाती है। इस तरह अँधेरा व्यक्ति की बाहरी परिस्थिति के साथ उसकी भीतरी रिक्तता को भी व्यक्त करता है। कविता का वक्ता किसी बड़े सामाजिक या राजनीतिक संघर्ष में सक्रिय दिखाई नहीं देता। उसकी बेचैनी मुख्यतः उस आश्वासन की प्रतीक्षा से पैदा होती है जो उसे अपने जीवन को नये सिरे से जीने का भरोसा दे सके।

इसके विपरीत, मुक्तिबोध के यहाँ अँधेरा निजी मनःस्थिति से आगे बढ़कर सामाजिक, ऐतिहासिक और नैतिक यथार्थ का रूप ले लेता है। ‘अँधेरे में’ का ‘मैं’ भी अकेला है। वह भय, अपराधबोध और अनिश्चितता से जूझता है। लेकिन उसकी बेचैनी केवल किसी दूसरे व्यक्ति से सम्पर्क न हो पाने की नहीं है। वह अपने विचारों और कर्मों के बीच की दूरी को पहचानता है। उसे अपनी निष्क्रियता, सुविधाओं और बौद्धिक समझौतों का अहसास होता है। इसीलिए उसका अकेलापन धीरे-धीरे आत्मालोचन का रूप लेता है।

मुक्तिबोध की कविता में ‘पागल’ का चरित्र भी इस प्रक्रिया को गहरा करता है। सामाजिक रूप से हाशिये पर मौजूद यह व्यक्ति कवि के लिए आत्मजागरण और आत्मपरीक्षण का माध्यम बन जाता है। जिस मनुष्य को सामान्य सामाजिक दृष्टि उपेक्षा से देख सकती है, उसकी उपस्थिति कविता में नैतिक चेतना का सवाल उठाती है। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि मुक्तिबोध ज्ञान और विवेक को केवल प्रतिष्ठित बुद्धिजीवी वर्ग तक सीमित नहीं मानते। सामाजिक जीवन के उपेक्षित अनुभव भी मनुष्य को अपने समय की सच्चाइयों से परिचित करा सकते हैं।

दोनों कविताओं में अँधेरा और प्रकाश केवल एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। अँधेरा मनुष्य की चेतना की परीक्षा भी लेता है। इग्नटाओ के यहाँ प्रकाश की सम्भावना मुख्यतः किसी आवाज़, सन्देश या मानवीय उपस्थिति की प्रतीक्षा से जुड़ी है। कविता का तनाव इसलिए व्यक्ति की अकेली चेतना के भीतर बना रहता है। इसके विपरीत, मुक्तिबोध के यहाँ अँधेरे के भीतर से आत्मज्ञान और सामूहिक प्रतिरोध की सम्भावना पैदा होती है। उनका कवि केवल किसी आश्वासन की प्रतीक्षा नहीं करता। वह अपने भीतर और बाहर मौजूद उन परिस्थितियों को समझने की कोशिश करता है जिनके कारण उसका जीवन संकट में पड़ा है।

‘अँधेरे में’ के जुलूस, जनता की मुट्ठियों में दिखाई देने वाली रोशनी, गाँधी और शिशु जैसे बिम्ब निजी आत्मालोचन को व्यापक सामाजिक अनुभव से जोड़ते हैं। इसीलिए मुक्तिबोध का अँधेरा कोई अन्तिम स्थिति नहीं है। वह ऐसी ऐतिहासिक और मानसिक परिस्थिति है जिसमें मनुष्य को अपनी भूमिका पहचाननी पड़ती है। अँधेरे से बाहर निकलने की सम्भावना किसी बाहरी आश्वासन पर निर्भर नहीं करती। उसका सम्बन्ध आत्मालोचन, सामाजिक ज़िम्मेदारी और सामूहिक संघर्ष से है।

इस तुलना का उद्देश्य अँधेरे की कोई एक सार्वभौमिक परिभाषा तय करना नहीं है। इससे यह समझने में मदद मिलती है कि एक ही प्रतीक अलग-अलग ऐतिहासिक परिस्थितियों और काव्यात्मक अनुभवों में किस तरह अलग अर्थ ग्रहण करता है। इग्नटाओ के यहाँ अँधेरा मानवीय सम्पर्क की अनुपस्थिति को सामने लाता है। मुक्तिबोध के यहाँ वही अँधेरा मनुष्य को अपने भीतर और समाज में मौजूद अन्तर्विरोधों का सामना करने के लिए विवश करता है। एक कविता में प्रतीक्षा प्रमुख है, दूसरी में खोज और आत्मालोचन। यही अन्तर दोनों कविताओं की अपनी-अपनी पहचान बनाता है।

सन्दर्भ

 बुनियादी पाठ

मुक्तिबोध, गजानन माधव. ‘अँधेरे में’. चाँद का मुँह टेढ़ा है. भारतीय ज्ञानपीठ, दिल्ली.

https://www.hindwi.org/kavita/andhere-mein-gajanan-madhav-muktibodh-kavita

अन्य पुस्तकें

Arendt, Hannah. The Human Condition. 2nd ed., University of Chicago Press, 1998.

Arendt, Hannah. On Revolution. Penguin Books, 1990.

Arendt, Hannah. On Violence. Harcourt, Brace & World, 1970.

Benjamin, Walter. Illuminations. Edited by Hannah Arendt, translated by Harry Zohn, Schocken Books, 1968.

Benjamin, Walter. Reflections: Essays, Aphorisms, Autobiographical Writings. Edited by Peter Demetz, translated by Edmund Jephcott, Schocken Books, 1978.

Bourdieu, Pierre. Language and Symbolic Power. Edited and translated by John B. Thompson, Harvard University Press, 1991.

Bourdieu, Pierre. The Rules of Art: Genesis and Structure of the Literary Field. Translated by Susan Emanuel, Stanford University Press, 1996.

Foucault, Michel. Discipline and Punish: The Birth of the Prison. Translated by Alan Sheridan, Vintage Books, 1977.

Foucault, Michel. The Archaeology of Knowledge. Translated by A. M. Sheridan Smith, Pantheon Books, 1972.

Foucault, Michel. The History of Sexuality. Vol. 1, An Introduction, translated by Robert Hurley, Vintage Books, 1978.

Foucault, Michel. Power/Knowledge: Selected Interviews and Other Writings, 1972–1977. Edited by Colin Gordon, Pantheon Books, 1980.

Foucault, Michel. “The Subject and Power.” Beyond Structuralism and Hermeneutics, edited by Hubert L. Dreyfus and Paul Rabinow, 2nd ed., University of Chicago Press, 1983, pp. 208–26.

Gramsci, Antonio. Selections from the Prison Notebooks. Edited and translated by Quintin Hoare and Geoffrey Nowell Smith, International Publishers, 1971.

Gramsci, Antonio. Selections from Political Writings, 1910–1920. Edited by Quintin Hoare, translated by John Mathews, International Publishers, 1977.

Gramsci, Antonio. The Modern Prince and Other Writings. Translated by Louis Marks, International Publishers, 1957.

Ignatow, David. Tread the Dark: New Poems. Little, Brown, 1978.

https://www.hindwi.org/kavita/andhere-mein-david-ignatow-kavita

 

Marx, Karl. Capital: A Critique of Political Economy. Vol. 1, translated by Ben Fowkes, Penguin Books, 1976.

Marx, Karl. A Contribution to the Critique of Political Economy. Translated by S. W. Ryazanskaya, edited by Maurice Dobb, Progress Publishers, 1977.

Marx, Karl. Economic and Philosophic Manuscripts of 1844. Translated by Martin Milligan, Progress Publishers, 1959.

Marx, Karl. The German Ideology. With Friedrich Engels, edited and with an introduction by C. J. Arthur, International Publishers, 1970.

Marx, Karl, and Friedrich Engels. The Communist Manifesto. Penguin Books, 2002.

Rawls, John. A Theory of Justice. Revised ed., Harvard University Press, 1999.

Said, Edward W. Representations of the Intellectual: The 1993 Reith Lectures. Vintage Books, 1994.Sartre, Jean-Paul. Being and Nothingness: An Essay on Phenomenological Ontology. Translated by Hazel E. Barnes, Washington Square Press, 1992.

Sartre, Jean-Paul. Existentialism Is a Humanism. Translated by Carol Macomber, Yale University Press, 2007.

Sartre, Jean-Paul. What Is Literature? Translated by Bernard Frechtman, Philosophical Library, 1949.

Sen, Amartya. The Idea of Justice. Harvard University Press, 2009.

सिंह, नामवर. कविता के नये प्रतिमान. राजकमल प्रकाशन, दिल्ली.

Williams, Raymond. Culture and Society, 1780–1950. Columbia University Press, 1983.

Williams, Raymond. Marxism and Literature. Oxford University Press, 1977.

*प्रोफ़ेसर एवं अध्यक्ष (सेवानिवृत्त), हिन्दी विभाग, हैदराबाद विश्वविद्यालय। सम्पर्क: raviranjan@uohyd.ac.in

                                                                                     

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 


Discover more from रचना समय

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Categorized in: