-हरि भटनागर
आभासी दोस्ती के दौर में ‘दोस्त’: अरुण कमल की कविता का एक अंतर्पाठीय विमर्श
अरुण कमल समकालीन हिंदी साहित्य के एक शिखर व्यक्तित्व हैं, जिनकी एक बड़े कवि और सूक्ष्मदृष्टि वाले आलोचक के रूप में विशिष्ट पहचान प्राप्त है। अपने सुदीर्घ रचना-संसार में उन्होंने ‘अपनी केवल धार’, ‘सबूत’, ‘नये इलाके में’, ‘मैं वो शंख महाशंख’, ‘योगफल’ और ‘पुतली में संसार’, ‘रंगसाज की रसोई’ जैसे महत्त्वपूर्ण कविता-संग्रहों से हिंदी साहित्य को समृद्ध किया है। उनकी रचनात्मक प्रतिभा की शुरुआती धमक उनकी चर्चित कविता ‘उर्वर प्रदेश’ के लिए मिले प्रतिष्ठित ‘भारत भूषण अग्रवाल पुरस्कार’ से ही सुनाई देने लगी थी और कालान्तर में उन्हें अनेकानेक पुरस्कार प्राप्त हुए जिनमें 1996 में ‘साहित्य अकादेमी पुरस्कार’ भी शामिल है।
कविता के अतिरिक्त, अरुण कमल ने ‘कविता और समय’ और ‘गोलमेज’ जैसी गद्य-कृतियों के माध्यम से वैचारिक विमर्श के क्षेत्र में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है। साथ ही विदेशी कविताओं के उनके उत्कृष्ट अनुवाद भी बेहद सराहे गए हैं। शैक्षिक जगत में उन्होंने पटना विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के प्रोफेसर एवं अध्यक्ष के रूप में दशकों तक अपनी विद्वत्तापूर्ण सेवाएँ दीं। इसके अलावा, उन्होंने प्रख्यात विद्वान नामवर सिंह के साथ हिंदी की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘आलोचना’ के संपादन भी किया है।उनका जीवन और लेखन शास्त्रीय संवेदना और आधुनिक युग की जटिलताओं के बीच एक जीवंत सेतु की तरह है, जो भारतीय साहित्य में उन्हें एक अनिवार्य और सशक्त आवाज़ बनाता है।
जाहिर है कि समकालीन जीवन-परिदृश्य में मानवीय संबंधों का स्वरूप निरंतर जटिल और अनिश्चित होता जा रहा है। आर्थिक प्रतिस्पर्धा, सामाजिक विखंडन और बढ़ती आत्मकेन्द्रितता ने जिस “मित्रहीन समय” को जन्म दिया है, उसमें ‘दोस्त’ जैसी कविता एक वैकल्पिक भाव-संरचना की खोज प्रतीत होती है। अरुण कमल की यह रचना केवल व्यक्तिगत मित्रता का भावात्मक चित्रण नहीं करती, बल्कि वह मित्रता को जीवन के अर्थ-निर्माण, नैतिक आत्म-परख और सामाजिक संवेदना की व्यापक संरचना में स्थापित करती है। इसी संदर्भ में यह कविता केवल एक पाठ नहीं रह जाती, बल्कि विभिन्न साहित्यिक और सांस्कृतिक परंपराओं के साथ सतत संवाद करती हुई एक बहुस्तरीय अर्थ-क्षेत्र का निर्माण करती है।
प्रस्तुत आलेख में ‘दोस्त’ कविता का अंतर्पाठीय विश्लेषण किया गया है, ताकि यह समझा जा सके कि यह रचना साहित्य-परंपरा के विविध पाठों के साथ किस प्रकार संवाद करती है। इस क्रम में यह रेखांकित किया गया है कि महाभारत, नीतिशतक, रामचरितमानस, सुदामा चरित और शमशेर बहादुर सिंह की ‘अमन का राग’ के संदर्भ ‘दोस्त’ कविता के टेक्स्ट की संरचना में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से उपस्थित हैं। ये संदर्भ मित्रता की अवधारणा को भिन्न ऐतिहासिक और वैचारिक धरातलों पर पुनर्गठित करते हैं। इस प्रकार, ‘दोस्त’ कविता का अर्थ किसी स्थिर केंद्र तक सीमित न रहकर एक ऐसे बहुआयामी पाठीय संसार में विस्तृत होता है, जहाँ अनेक युगों की आवाज़ें और स्मृतियाँ एक साथ गूँजती हैं।
जेरार जेनेट की ‘परा-पाठकीयता’ (Transtextuality) और जूलिया क्रिस्तेवा की ‘अंतर्पाठीयता’ (Intertextuality) संबंधी अवधारणाओं के आलोक में यह आलेख पड़ताल करता है कि ‘दोस्त’ कविता अन्य सांस्कृतिक पाठों के साथ सक्रिय संवाद के माध्यम से अपने अर्थ-तंत्र का निर्माण किस प्रकार करती है। साथ ही, यह विश्लेषण इस तथ्य को भी उजागर करता है कि आधुनिक समय के नैतिक और भावनात्मक संकटों के बीच यह कविता मित्रता को एक पुनर्परिभाषित मानवीय मूल्य के रूप में कैसे स्थापित करती है। अंततः, यह आलेख ‘दोस्त’ कविता को एक ऐसे खुले और गतिशील पाठ के रूप में देखता है, जो परंपरा और आधुनिकता के बीच निरंतर संवादरत है।
‘दोस्त’ कविता का मूल पाठ नीचे दिया जा रहा है :
दोस्त
खाते वक्त न रोटियां गिनी जाती हैं
न जीते वक्त उम्र
जैसे मैं यह आकाश देख रहा हूँ तब से
जैसे मैं यह पहाड़ देख रहा हूँ तब से
जैसे यह नदी और इमली का पेड़
वैसे ही तुम मेरे जीवन का मोड़
मेरी सुरक्षित जमा राशि मेरे जल का बांध
जनता हूँ कोई है मेरा वीर कहीं
जो बचा लेगा मुझे आखिरी वक्त
चाहे जितना भी पाप करूँ
जो उतार लेगा मुझे फूल सा फांसी के फंदे से
उसकी आस्तीन में पोछता चेहरे की गर्द
कोई है जिसके मुँह पर झूठ न बोलूं
कोई है जिसके आगे गलत सुनते डरूं
जिसकी नज़र से गिरने का मतलब चौबीसवीं मंजिल से गिरना
वो क्या है जो आदमी को खींच ले जाता है आदमी के पास
क्या है वो रिश्ता खून से परे
वो शहद का ओस का रिश्ता
वो काटों भरी बबूल की देह से छूटी गोंद का रिश्ता
वो बंट रही रस्सी के सूतों धागों का रिश्ता
दो छोटे बच्चे जूते चमकाने वाले
बैठे हैं सुबह से ग्राहक के वास्ते
कि शाम होते होते आता है एक के पास एक ग्राहक
और दूसरा उसे अपनी डिबिया से देता है क्रीम
और फिर दोनों ढाबे में खाते हैं लिट्टी एक साथ
क्या है इस छोटी सी बात में जो आज मुझे व्याकुल कर रहा है
अभी -अभी सुना मैंने चन्द्रमा पर जल है
और दोस्तों की सुराही में जल
मेरे कुएं का पानी खारा और दोस्त के घर का मीठा जल
‘दोस्त जिनसे जिंदगी में मानी पैदा होते हैं।’
-अरुण कमल
‘दोस्त’ कविता मानवीय अनुभव, नैतिकता और संबंधों की गहराई को सादगी किंतु तीव्र संवेदनात्मक शक्ति के साथ अभिव्यक्त करती है। कविता की प्रारंभिक पंक्तियाँ—“खाते वक्त न रोटियां गिनी जाती हैं / न जीते वक्त उम्र”—जीवन के उस सहज प्रवाह की ओर संकेत करती हैं, जहाँ गणना और नाप-तौल का कोई अर्थ नहीं रह जाता। यह एक ऐसी अवस्था है जहाँ केवल जीवित होने का बोध और अनुभव की सघनता ही प्रधान है। इसी भावभूमि पर कवि आकाश, पहाड़, नदी और इमली के पेड़ जैसे प्राकृतिक बिंबों के माध्यम से एक स्थायित्व रचता है और उन्हीं के समानांतर ‘तुम’ को स्थापित करता है। यहाँ ‘तुम’ मात्र एक व्यक्ति नहीं, बल्कि वह आत्मीय संबंध है जो जीवन को सार्थकता और दिशा देता है—“मेरे जीवन का मोड़”।
कवि इस रचना में दोस्त को सुरक्षा, आश्रय और नैतिक सहारा के रूप में देखता है—“मेरी सुरक्षित जमा राशि मेरे जल का बांध” ”। यह रूपक बताता है कि मित्र केवल भावनात्मक नहीं बल्कि अस्तित्वगत स्थिरता का स्रोत है। आगे “कोई है मेरा वीर कहीं / जो बचा लेगा मुझे आखिरी वक्त”—इन पंक्तियों में मित्र एक उद्धारक के रूप में उभरता है, जो व्यक्ति के नैतिक पतन या जीवन के संकटपूर्ण क्षणों में भी साथ खड़ा रहता है। उल्लेखनीय है कि यहाँ ‘वीर’ शब्द में श्लेष है ।
हिन्दी के बहादुर, योद्धा या निडर आदि के साथ ही पंजाबी में ‘वीर’ का मतलब भाई भी होता है । कविता में इन दोनों अर्थों में इस शब्द का प्रयोग किया गया है ।
“चाहे जितना भी पाप करूँ” जैसी पंक्ति इस संबंध की जटिलता को उजागर करती है—यह निःशर्त है, लेकिन अंधा नहीं। यह भरोसा है, पर उसके भीतर नैतिक डर भी छिपा है—“कोई है जिसके मुँह पर झूठ न बोलूं / कोई है जिसके आगे गलत सुनते डरूं”। यहाँ मित्र एक नैतिक कसौटी बन जाता है, जिसके सामने व्यक्ति स्वयं को परखता है।
“जिसकी नज़र से गिरने का मतलब चौबीसवीं मंजिल से गिरना”—यह अतिशयोक्ति मित्र की दृष्टि के महत्त्व को चरम तक ले जाती है। सामाजिक या भौतिक पतन से अधिक भयावह है उस व्यक्ति की नज़रों में गिरना, जिसे हम सबसे अधिक मानते हैं। यह संबंध आत्मसम्मान और पहचान से गहरे जुड़ा है।
कवि फिर प्रश्न करता है—“वो क्या है जो आदमी को खींच ले जाता है आदमी के पास”—यहाँ कविता एक दार्शनिक मोड़ लेती है। यह संबंध रक्त-संबंधों से परे है—“क्या है वो रिश्ता खून से परे”—और इसे समझाने के लिए कवि कई सूक्ष्म और जैविक रूपकों का सहारा लेता है: “शहद का ओस का रिश्ता”, “बबूल की देह से छूटी गोंद”, “बंट रही रस्सी के सूतों धागे”। ये सभी बिंब ऐसे संबंधों की ओर इशारा करते हैं जो स्वाभाविक, नाजुक, लेकिन जोड़ने वाले हैं—जो अलग-अलग इकाइयों को एक साथ बाँधते हैं, भले ही वे अलग-अलग स्रोतों से आए हों।
जूते चमकाने वाले दो बच्चों का प्रसंग कविता का सबसे मार्मिक और ठोस उदाहरण है। यहाँ मित्रता किसी बड़े आदर्श या भावुकता में नहीं, बल्कि रोज़मर्रा की साझेदारी में दिखाई देती है—एक के पास ग्राहक आता है, दूसरा अपनी क्रीम साझा करता है, और फिर दोनों साथ खाना खाते हैं। यह दृश्य दिखाता है कि सच्ची दोस्ती का सार संसाधनों की समानता में नहीं, बल्कि बाँटने की इच्छा में है। यही छोटी-सी घटना कवि को “व्याकुल” करती है, क्योंकि इसमें जीवन के गहरे अर्थ छिपे हैं।
अंतिम पंक्तियों में “चन्द्रमा पर जल” और “दोस्तों की सुराही में जल” का समानांतर स्थापित करके
कवि यह बताता है कि चाहे विज्ञान कितनी भी दूर क्यों न पहुँच जाए, असली तृप्ति और अर्थ उन संबंधों में है जो हमारे निकट हैं। “मेरे कुएँ का पानी खारा और दोस्त के घर का मीठा जल”—यह तुलना केवल भौतिक स्वाद की नहीं, बल्कि अनुभव और अपनत्व की है। मित्र का घर, उसका जल—सब कुछ अधिक मधुर प्रतीत होता है क्योंकि उसमें संबंध की ऊष्मा है।
इस पूरे काव्यांश में भाषा अत्यंत सरल है, लेकिन रूपक और बिंब बहुस्तरीय हैं। कविता मित्रता को भावनात्मक सहारा, नैतिक दर्पण और अस्तित्वगत अर्थ—तीनों के रूप में स्थापित करती है। यह संबंध व्यक्ति को न केवल बचाता है, बल्कि उसे परिभाषित भी करता है। इसी अर्थ में कहा गया है—“दोस्त जिनसे जिंदगी में मानी पैदा होते हैं”—मित्रता जीवन को केवल सहनीय नहीं, बल्कि सार्थक बनाती है।
‘दोस्त’ कविता को उसकी अंतर्वस्तु, बिंब-विधान और लहजे को साथ रखकर पढ़ें, तो यह स्पष्ट होता है कि यहाँ दोस्ती केवल एक भावनात्मक सहारा नहीं, बल्कि जीवन के अर्थ-निर्माण की केंद्रीय शक्ति है। कविता का लहजा आत्मीय और संवादधर्मी है, जो किसी दार्शनिक उपदेश की तरह नहीं, बल्कि अनुभव से निकली हुई सच्चाई की तरह सामने आता है। “कोई है जिसके मुँह पर झूठ न बोलूं” जैसी पंक्ति दोस्त को एक ऐसे नैतिक साक्षी के रूप में स्थापित करती है, जिसके सामने व्यक्ति अपनी असलियत छिपा नहीं सकता। यह रिश्ता व्यक्ति को भीतर से संयमित करता है—वह किसी बाहरी दबाव से नहीं, बल्कि अपने ही आत्मीय संबंध की गरिमा के कारण सही-गलत का विवेक बनाए रखता है। इसी तरह “जिसकी नज़र से गिरने का मतलब…” में जो तीव्रता है, वह यह दिखाती है कि मित्र की दृष्टि में गिरना सामाजिक या भौतिक असफलता से कहीं अधिक भयावह है; यहाँ दोस्त हमारे आत्मसम्मान का दर्पण बन जाता है।
कविता में बिंब-विधान इस भाव को और गहराई देता है। कवि अमूर्त रिश्तों को ठोस, स्पर्शगम्य रूपकों में ढालता है—कहीं वे शहद और ओस की तरह कोमल हैं, तो कहीं बबूल की गोंद की तरह जोड़ने वाले। ये बिंब बताते हैं कि दोस्ती में मिठास भी है और चिपकने वाली दृढ़ता भी, जो जीवन के बिखराव को रोकती है। इसी संदर्भ में कविता का सामाजिक पक्ष भी उभरता है, जहाँ साधारण जीवन-स्थितियों—जैसे जूते चमकाने वाले बच्चों की साझेदारी—में दोस्ती की असली शक्ति दिखाई देती है। लहजा यहाँ करुण या भावुक होने के बजाय संयत और विचारोत्तेजक है, जो पाठक को यह सोचने पर मजबूर करता है कि आखिर वह कौन-सी अदृश्य डोर है जो मनुष्य को मनुष्य से बाँधती है। इस तरह, ‘दोस्त’ कविता केवल एक संबंध का गुणगान नहीं करती, बल्कि उसे नैतिकता, आत्मबोध और मानवीय सह-अस्तित्व के केंद्र में स्थापित करती है।
‘दोस्त’ कविता को अस्तित्वगत परिप्रेक्ष्य में देखें तो यह मनुष्य के ‘होने’ की उस अनुभूति को सामने लाती है जो गणना, उपलब्धि और समय-मान से परे है। “खाते वक्त न रोटियां गिनी जाती हैं / न जीते वक्त उम्र” जैसी पंक्तियाँ जीवन को मापने की प्रवृत्ति का प्रतिरोध करती हैं और इस बात पर बल देती हैं कि वास्तविक जीवन अनुभव की गहराई में घटित होता है, न कि उसकी मात्रा में। इस संदर्भ में ‘दोस्त’ का होना एक बुनियादी अस्तित्वगत सहारा बनकर उभरता है—वह जो व्यक्ति को उसकी नितांत अकेली और अनिश्चित दुनिया में अर्थ प्रदान करता है। दोस्त यहाँ केवल साथ देने वाला नहीं, बल्कि वह ‘दूसरा’ है जिसके कारण ‘मैं’ अपनी पहचान और अपने होने का बोध हासिल करता है। उसके सामने झूठ न बोल पाने की स्थिति या उसकी नज़र से गिरने का भय दरअसल उस आंतरिक नैतिक चेतना का संकेत है जो मनुष्य को अपने अस्तित्व के प्रति सजग बनाती है।
कविता इस तरह दोस्ती को एक ऐसी जीवित शक्ति के रूप में स्थापित करती है जो व्यक्ति को निरर्थकता और विखंडन से बचाती है। जीवन की आकस्मिकताओं, अपराध-बोध और असुरक्षाओं के बीच यही रिश्ता एक ऐसी स्थिरता देता है, जहाँ मनुष्य अपने होने को सार्थक महसूस करता है। यही कारण है कि कवि के लिए दोस्ती “जिंदगी में मानी पैदा” करने वाली चीज़ बन जाती है—वह ‘मानी’ जो बाहर से आरोपित नहीं, बल्कि साझा अनुभव, विश्वास और नैतिक निकटता से निर्मित होता है। इस दृष्टि से कविता अस्तित्व की उस गुत्थी को छूती है, जहाँ मनुष्य अपने अकेलेपन से जूझते हुए भी किसी दूसरे के साथ जुड़कर अपने जीवन को अर्थवान बना लेता है।
विदित है कि अस्तित्ववाद में मनुष्य को मूलतः अकेला, स्वतंत्र और अपने चुनावों के लिए उत्तरदायी माना गया है; अर्थ उसे बाहर से नहीं मिलता, वह खुद रचता है। अरुण कमल की पंक्तियाँ—जहाँ जीवन को गिनती और माप से परे रखकर ‘जीने की अनुभूति’ पर ज़ोर है—उसी बिंदु को छूती हैं कि जीवन का अर्थ कोई तयशुदा वस्तु नहीं, बल्कि जीते हुए बनता है। लेकिन कविता यहाँ एक महत्त्वपूर्ण मोड़ लेती है: यह अर्थ-निर्माण को पूरी तरह एकाकी नहीं रहने देती, बल्कि ‘दोस्त’ के रूप में एक ऐसे ‘दूसरे’ को सामने लाती है, जिसके साथ संबंध में ‘मैं’ अपने अस्तित्व को पहचानता और गढ़ता है।
अस्तित्ववादी विचार में ‘दूसरे’ की उपस्थिति अक्सर तनावपूर्ण भी मानी गई है ।
सार्त्र के अनुसार, जब दूसरे हमें देखते हैं, तो वे हमें एक ‘वस्तु’ (Object) के रूप में आंकते हैं। नतीजतन हम अपनी स्वतंत्रता खो देते हैं और खुद को उनकी नजरों से देखने लगते हैं।हम कौन हैं, इसकी समझ काफी हद तक इस पर निर्भर करती है कि दूसरे हमें कैसे देखते हैं। यह निर्भरता ही “नरक” है। दूसरे लोग हमारे कार्यों का मूल्यांकन करते हैं और हमें एक लेबल (जैसे: कायर, अपराधी, सुंदर) में बांध देते हैं, जिससे हम कभी पूरी तरह मुक्त नहीं हो पाते। इसीलिए उनके “नो एग्जिट”(1944) नाटक के अंत में ‘दूसरे की नज़र’ को नरक कहा गया है –‘हेल इज अदर पीपल’। बावजूद इसके, इसी ‘नज़र’ के भीतर आत्मबोध की तीखी संभावना भी छिपी रहती है। ‘दोस्त’ कविता की पंक्ति—“जिसकी नज़र से गिरने का मतलब…”—इसी द्वंद्व को मानवीय ऊष्मा के साथ रूपायित करती है। यहाँ ‘दूसरे’ की नज़र दमनकारी नहीं, बल्कि नैतिक जागरूकता का स्रोत है,क्योंकि वह हमें अपने प्रति जवाबदेह बनाती है। इसी तरह “कोई है जिसके मुँह पर झूठ न बोलूं” अस्तित्ववादी ‘प्रामाणिकता’ (authenticity) की ओर इशारा करता है—अपने चुनावों और सच के प्रति ईमानदार रहने की कोशिश। फ़र्क यह है कि यह प्रामाणिकता अकेले में नहीं, एक आत्मीय संबंध के भीतर आकार लेती है।
इस तरह ‘दोस्त’ कविता अस्तित्ववाद के उस संभावित कठोर एकांत को मानवीय संबंधों से संतुलित करती है। यह बताती है कि मनुष्य भले ही अपने अर्थ का निर्माता हो, पर वह अर्थ अक्सर किसी गहरे, भरोसेमंद संबंध में ही साकार होता है। “जिंदगी में मानी पैदा” करने वाली दोस्ती दरअसल वही प्रक्रिया है, जहाँ स्वतंत्र व्यक्ति अपने अनुभव, नैतिकता और जुड़ाव के माध्यम से जीवन को अर्थवान बनाता है। इस दृष्टि से कविता को पढ़ने पर स्पष्ट होता है कि इस कविता में सिर्फ़ दोस्ती की महिमा के बखान के बजाय मनुष्य के अस्तित्व, उसकी स्वतंत्रता और उसके संबंधों के बीच के जटिल लेकिन जीवंत संतुलन की भी खोज है।
‘दोस्त’ कविता को सामाजिक यथार्थ की दृष्टि से पढ़ें तो यह स्पष्ट होता है कि अरुण कमल ने जीवन के हाशिये पर मौजूद मनुष्यों के अनुभव को किसी करुण-प्रदर्शन के रूप में नहीं, बल्कि मानवीय गरिमा के साथ चित्रित किया है। जूते चमकाने वाले दो बच्चों का प्रसंग यहाँ केन्द्रीय महत्त्व रखता है, क्योंकि यह वर्ग-विभाजन की कठोर सच्चाई के बीच भी बची हुई मानवीय ऊष्मा को उजागर करता है। ये बच्चे अभाव, श्रम और असुरक्षा से घिरे हुए हैं, फिर भी उनके बीच प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि साझेदारी का भाव है—एक के पास ग्राहक आता है तो दूसरा अपनी क्रीम साझा करता है, और फिर दोनों मिलकर खाना खाते हैं। यह दृश्य किसी आदर्शवादी कल्पना का परिणाम नहीं, बल्कि यथार्थ के भीतर मौजूद उस संवेदना का प्रमाण है, जो मनुष्य को मनुष्य से जोड़ती है। कवि इस छोटे-से प्रसंग के माध्यम से यह दिखाता है कि सामाजिक विषमता के बावजूद आपसी सहयोग और आत्मीयता की संभावनाएँ समाप्त नहीं होतीं।
कविता की ताकत इस बात में है कि वह इन अनुभवों को बिना किसी उपदेशात्मकता के सामने लाती है। यहाँ कोई नारा नहीं, कोई प्रत्यक्ष सामाजिक टिप्पणी नहीं, बल्कि एक साधारण-सी घटना है जो पाठक को भीतर तक विचलित कर देती है। कवि के शब्दों में —“क्या है इस छोटी सी बात में जो आज मुझे व्याकुल कर रहा है।” यह व्याकुलता ही कविता का नैतिक केंद्र है, जो हमें अपने समाज की संरचना पर पुनर्विचार करने के लिए प्रेरित करती है। इसी संदर्भ में दोस्ती का भाव केवल निजी संबंध नहीं रह जाता, बल्कि एक व्यापक सामाजिक मूल्य का रूप ले लेता है, जो बराबरी, साझेदारी और सह-अस्तित्व की भावना को पुष्ट करता है। इस तरह ‘दोस्त’ कविता एक ऐसे समाज की कल्पना को जन्म देती है, जहाँ मनुष्य की पहचान उसके वर्ग या हैसियत से नहीं, बल्कि उसके भीतर मौजूद मानवीय संवेदना से तय होती है; और यही उसे हमारे समय में विशेष रूप से प्रासंगिक बनाता है।
इस कविता में बिंब और रूपक केवल सजावटी तत्त्व नहीं हैं, बल्कि वे संबंधों की जटिल और सूक्ष्म प्रकृति को समझने का प्रमुख माध्यम बनते हैं। “शहद का ओस का रिश्ता” जैसे बिंब में कोमलता, क्षणभंगुरता और मिठास एक साथ उपस्थित हैं—ओस की तरह नाज़ुक, जो कभी भी विलीन हो सकती है, और शहद की तरह गाढ़ी, जो टिकाऊ और मधुर है। इसी तरह “बबूल की गोंद” का रूपक एक अलग स्तर पर काम करता है: बबूल का पेड़ काँटों से भरा, कठोर और असुविधाजनक है, लेकिन उसी से निकलने वाली गोंद जोड़ने का काम करती है। यह विरोधाभास बताता है कि कठिन और खुरदरे जीवन-संदर्भों में भी संबंधों को प्रगाढ़ बनाने वाली शक्ति जन्म लेती है। “रस्सी के सूत” का बिंब इस विचार को और विस्तार देता है—अलग-अलग, कमजोर धागे मिलकर एक मजबूत रस्सी बनाते हैं; ठीक वैसे ही, व्यक्ति-व्यक्ति के छोटे-छोटे जुड़ाव मिलकर एक सशक्त संबंध रचते हैं। इन सभी बिंबों की विशेषता यह है कि वे जैविक और स्पर्शगम्य हैं, यानी उन्हें महसूस किया जा सकता है; वे किसी अमूर्त दर्शन की बजाय रोज़मर्रा के अनुभव से निकले हुए हैं।
इन रूपकों के जरिए कविता अमूर्त भाव—जैसे अपनत्व, विश्वास और नैतिक निकटता—को ठोस और अनुभवगम्य बना देती है, जिससे पाठक उन्हें सिर्फ़ समझता ही नहीं, बल्कि महसूस भी करता है। यही कारण है कि कविता का प्रभाव बौद्धिक से अधिक संवेदनात्मक स्तर पर पड़ता है। बिंबों की यह संरचना यह भी संकेत करती है कि दोस्ती कोई स्थिर या एकांगी चीज़ नहीं है; उसमें नाजुकी भी है, टिकाऊपन भी, और जोड़ने की अदृश्य क्षमता भी। इस तरह, ‘दोस्त’ कविता का बिंब-विधान संबंधों की आंतरिक संरचना को उजागर करते हुए यह दिखाता है कि मनुष्य के बीच का यह जुड़ाव किसी तर्क से अधिक एक अनुभूत सच्चाई है, जो छोटे-छोटे, साधारण लेकिन गहरे अनुभवों में व्यक्त होती है।
‘दोस्त’ की काव्यभाषा को यदि पश्चिम में ‘पोएटिक डिक्शन (poetic diction)’ पर हुए चिंतन के संदर्भ में पढ़ें, तो इसकी विशिष्टता और अधिक स्पष्ट हो जाती है। अठारहवीं शताब्दी के अंत में वर्ड्सवर्थ ने जिस कृत्रिम, अलंकृत और अभिजात ‘पोएटिक डिक्शन (poetic diction)’ का विरोध किया था, ‘दोस्त’ कविता की भाषा उसी विरोध की आधुनिक प्रतिध्वनि जैसी लगती है। सन 1800 के ‘लिरिकल बैलेड्स’ के दूसरे संस्करण में जोड़ी गई ‘भूमिका’ में (जिसे 1802 में और संशोधित किया गया था) वर्ड्सवर्थ का आग्रह था कि कविता की भाषा “रीयल लैंग्वेज ऑफ मेन (real language of men)” के निकट होनी चाहिए, क्योंकि वही जीवन के सच्चे अनुभवों को वहन कर सकती है। उनका मानना था कि कविता को कृत्रिम और जटिल शब्दावली के बजाय उस भाषा में लिखा जाना चाहिए जो आम आदमी (विशेषकर ग्रामीण और सामान्य लोग) अपने दैनिक जीवन में बातचीत के लिए उपयोग करते हैं। उनका मानना था कि जब भाषा सरल होती है, तो मानवीय भावनाएँ अधिक स्पष्ट और प्रभावशाली ढंग से व्यक्त होती हैं। यद्यपि उन्होंने ‘रीयल लैंग्वेज ऑफ मेन’ की बात की, लेकिन उन्होंने एक महत्त्वपूर्ण शर्त भी जोड़ी कि कवि को इस भाषा का चयन (Selection) करना चाहिए। उसे भाषा से अपशब्दों, व्याकरण की अशुद्धियों और अरुचिकर तत्त्वोंको हटा देना चाहिए और इसे परिष्कृत (refine) करके कविता के योग्य बनाना चाहिए, ताकि वह पढ़ने में आनंददायक लगे।
कहना न होगा कि अरुण कमल की कविता में यह बात गहराई से साकार होती है—यहाँ भाषा किसी ऊँचे काव्य-शिल्प की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि जीवन के बीच से निकली हुई सहज अभिव्यक्ति है। “कोई है जिसके मुँह पर झूठ न बोलूं” या “वो क्या है…” जैसी पंक्तियाँ इसी कारण प्रभावशाली हैं कि वे बिना किसी अलंकरण के मनुष्य के भीतर के नैतिक कंपन और संबंधों की सच्चाई को सीधे स्पर्श करती हैं। इस तरह ‘दोस्त’ कविता उस परंपरा का विस्तार करती है जो काव्यभाषा को कृत्रिमता से मुक्त कर उसे अनुभव की प्रामाणिकता से जोड़ती है।
इसके साथ ही, अगर टी. एस. एलियट की ‘वस्तुगत सहसंबंध या ‘ऑब्जेक्टिव कोरिलेटिव (objective correlative)’ की अवधारणा को भी ध्यान में रखें, तो कविता के बिंब और भाषा का संबंध और गहरा दिखाई देता है। एलियट के अनुसार किसी भाव को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने के लिए ठोस वस्तुओं, स्थितियों या घटनाओं का ऐसा संयोजन ज़रूरी है जो उस भाव का समकक्ष बन सके। ‘दोस्त’ कविता में जूते चमकाने वाले बच्चों का प्रसंग, या “शहद का ओस का रिश्ता”, “बबूल की गोंद” जैसे बिंब, अमूर्त भावों—जैसे दोस्ती, अपनत्व और नैतिक निकटता—को मूर्त अनुभव में बदल देते हैं। यहाँ भाषा केवल विचार व्यक्त नहीं करती, बल्कि एक संवेदी संरचना गढ़ती है, जिसके माध्यम से पाठक उन भावों को ‘महसूस’ कर सकता है। इस दृष्टि से कविता की सरल भाषा दरअसल एक जटिल काव्य-रणनीति का हिस्सा है, जो बिना आडंबर के गहरे भावात्मक प्रभाव उत्पन्न करती है।
बख्तिन की “डायलॉजिज़्म (dialogism)” और “इंटरनली पर्सुएसिव डिस्कोर्स (internally persuasive discourse)” की अवधारणाएँ इस काव्यभाषा के लहजे को और व्यापक अर्थ देती हैं। ‘दोस्त’ में प्रश्नवाचक शैली—“वो क्या है…”—कविता को एक खुली संवाद-प्रक्रिया में बदल देती है, जहाँ कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं थोपा जाता। यह भाषा प्रभुत्वशाली विमर्श या ‘ऑथॉरिटेटिव डिस्कोर्स (authoritative discourse)’ की तरह निर्देशात्मक नहीं है, बल्कि पाठक को अपने अनुभवों के आधार पर अर्थ-निर्माण के लिए आमंत्रित करती है। इस तरह ‘दोस्त’ की काव्यभाषा एक साथ वर्ड्सवर्थ की स्वाभाविकता, एलियट की बिंबात्मक सघनता और बाख्तिन की संवादधर्मिता को समेटते हुए एक ऐसी अभिव्यक्ति रचती है, जो सरल दिखते हुए भी अत्यंत गहरी और बहुस्तरीय है। यह कविता इस बात का सशक्त उदाहरण बन जाती है कि सच्ची काव्यभाषा वह नहीं जो अलग और ऊँची दिखाई दे, बल्कि वह है जो जीवन के सबसे साधारण अनुभवों में छिपे असाधारण अर्थों को उजागर कर सके।
अरुण कमल रचित इस पाठ का एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण आयाम उसका नैतिक और भावनात्मक द्वंद्व है, जो मित्रता को किसी सरल, एकरेखीय भाव में सीमित नहीं रहने देता। “चाहे जितना भी पाप करूँ” जैसी पंक्ति पहली दृष्टि में एक निःशर्त स्वीकृति का संकेत देती है—मानो मित्र वह है जो हर स्थिति में साथ देगा, चाहे व्यक्ति नैतिक रूप से कितनी ही चूक क्यों न कर बैठे। यहाँ मित्र एक आश्रय, एक अंतिम शरण-स्थल की तरह उभरता है, जहाँ मनुष्य अपने अपराध-बोध, भय और असुरक्षा के साथ पहुँच सकता है। यह भावनात्मक गहराई मित्रता को अत्यंत मानवीय बनाती है, क्योंकि यह मनुष्य की कमजोरियों को नकारती नहीं, बल्कि उन्हें स्वीकारते हुए भी संबंध को बनाए रखती है। इस स्तर पर दोस्ती एक करुण, सहानुभूतिपूर्ण और जीवन-रक्षक शक्ति के रूप में सामने आती है।
लेकिन कविता यहीं रुकती नहीं; इसी के साथ “कोई है जिसके मुँह पर झूठ न बोलूं” और “जिसकी नज़र से गिरने का मतलब…” जैसी पंक्तियाँ इस निःशर्तता को एक नैतिक कसौटी से जोड़ देती हैं। मित्र का होना केवल सहारा नहीं, बल्कि एक ऐसी उपस्थिति है जिसके सामने व्यक्ति अपने आचरण के प्रति सजग हो जाता है। वह जानता है कि इस संबंध में झूठ या गलत आचरण केवल दूसरे को नहीं, स्वयं को भी आहत करेगा। इस तरह एक सूक्ष्म तनाव पैदा होता है—एक ओर यह विश्वास कि मित्र हर हाल में साथ देगा, दूसरी ओर यह डर कि उसी के सामने गिरना सबसे बड़ी पराजय होगी। यही द्वंद्व इस संबंध को विश्वसनीय बनाता है, क्योंकि यह अंध-समर्थन नहीं, बल्कि सजग और उत्तरदायी निकटता पर आधारित है।
इस नैतिक-भावनात्मक द्वंद्व के कारण ‘दोस्त’ कविता दोस्ती को एक जीवित, गतिशील और ख़ुद को परखने की प्रक्रिया में बदल देती है। यहाँ मित्र केवल बाहरी सहारा नहीं, बल्कि एक आंतरिक आवाज़ की तरह काम करता है, जो व्यक्ति को अपने कर्मों के प्रति जवाबदेह बनाती है। यही कारण है कि यह संबंध व्यक्ति को केवल बचाता ही नहीं, बल्कि उसे बेहतर बनने की दिशा में प्रेरित भी करता है। इस तरह कविता यह स्थापित करती है कि सच्ची दोस्ती वही है जिसमें अपनत्व और अनुशासन, करुणा और आलोचना, स्वीकृति और असहमति—सभी एक साथ मौजूद हों; और यही संतुलन उसे जीवन के अर्थ-निर्माण में इतना केंद्रीय और अनिवार्य बना देता है।
‘दोस्त’ कविता को संरचनावाद के निकष पर पढ़ें तो सबसे पहले यह स्पष्ट होता है कि उसका अर्थ किसी एक कथन या भाव में नहीं, बल्कि उसके भीतर काम कर रही संरचनाओं—विरोधों, पुनरावृत्तियों और संकेत-तंत्र—से निर्मित होता है। शुरुआती पंक्तियों में “गिनती/न गिनती”, “माप/अनुभव” जैसे अंतर्निहित द्वंद्व जीवन को मात्रात्मक बनाम अनुभूतिपरक दो ध्रुवों में विभाजित करते हैं, और कविता स्पष्ट रूप से दूसरे पक्ष को प्रमुखता देती है। इसी तरह “पाप/उद्धार”, “झूठ/सच”, “गिरना/बचना” जैसे युग्म मित्रता के नैतिक ढाँचे को निर्मित करते हैं। यहाँ ‘दोस्त’ एक संकेतक (सिग्निफ़ायर) के रूप में उभरता है, जिसका अर्थ स्थिर नहीं बल्कि इन संबंधों के संजाल में तय होता है—वह एक साथ रक्षक, साक्षी, दर्पण और नैतिक मानदंड है। जूते चमकाने वाले बच्चों का प्रसंग इस संरचना को ठोस सामाजिक धरातल देता है, जहाँ “अभाव/साझेदारी” का द्वंद्व एक नई अर्थ-संरचना रचता है: कमी के भीतर भी संबंधों की प्रचुरता संभव है। इस प्रकार कविता का अर्थ उसके कथ्य से कम, उसके बिंबों और संबंधों के संगठन से अधिक पैदा होता है।
कविता के मूल पाठ पर संरचनावादी परिप्रेक्ष्य में विचार करने पर सॉस्यूर (Ferdinand de Saussure) की संकेत-प्रणाली विशेष रूप से प्रासंगिक प्रतीत होती है। सॉस्यूर के अनुसार भाषा ‘संकेतक’ (signifier) और ‘संकेतित’ (signified) के संबंध से अर्थ रचती है, और यह संबंध स्वाभाविक नहीं बल्कि सांकेतिक होता है। इस कविता में ‘दोस्त’ एक ऐसा ही संकेतक है, जिसका अर्थ किसी एक स्थिर बिंदु पर नहीं ठहरता, बल्कि पूरे पाठ में फैले संबंधों और बिंबों के तंत्र से निर्मित होता है। “कोई है जिसके मुँह पर झूठ न बोलूं”, “चाहे जितना भी पाप करूँ”, “जिसकी नज़र से गिरने का मतलब…”—ये सभी कथन ‘दोस्त’ के अर्थ को अलग-अलग दिशाओं में खोलते हैं। क्लोद लेवी-स्ट्रॉस (Claude Lévi-Strauss) के द्वंद्वात्मक संरचना विषयक मंतव्य के अनुसार भी यहाँ “सच/झूठ”, “पाप/उद्धार”, “अभाव/साझेदारी” जैसे द्विपक्षीय विरोध अर्थ-निर्माण के आधार बनते हैं। जूते चमकाने वाले बच्चों का प्रसंग इस संरचना को सामाजिक यथार्थ से जोड़ता है, जहाँ अभाव के भीतर भी सहयोग का भाव उभरता है, और इस तरह एक वैकल्पिक मानवीय संरचना की संभावना निर्मित होती है। रोमान याकोब्सन (Roman Jakobson) के ‘काव्यात्मक कार्य’ (poetic function) की दृष्टि से देखें तो कविता की भाषा अपने ही संगठन, पुनरावृत्ति और समानांतरता के माध्यम से अर्थ को सघन बनाती है—प्रश्नों की आवृत्ति और बिंबों की शृंखला इसी काव्यात्मकता को रचती है।
दिलचस्प है कि उत्तर-संरचनावादी दृष्टि इस स्थिरता को चुनौती देती है। देरिदा (Jacques Derrida) का ‘डिफरांस’ (différance) यहाँ विशेष रूप से लागू होता है, जहाँ अर्थ लगातार स्थगित (deferred) और भिन्न (differed) होता रहता है। ‘दोस्त’ का अर्थ कभी पूरी तरह पकड़ में नहीं आता—वह एक साथ निःशर्त सहारा भी है और कठोर नैतिक कसौटी भी; वह उद्धारक भी है और वही उपस्थिति भी है जिसके सामने गिरना असह्य है। इस तरह संकेतक और संकेतित का संबंध स्थिर न रहकर लगातार खिसकता रहता है। “वो क्या है…” जैसे प्रश्न इस प्रक्रिया को और तीव्र करते हैं, क्योंकि वे किसी अंतिम निष्कर्ष तक नहीं पहुँचते, बल्कि अर्थ को खुला और अनिश्चित बनाए रखते हैं। रोलां बार्थ (Roland Barthes) के ‘लेखक की मृत्यु’ (death of the author) के सिद्धांत के अनुसार भी इस कविता का अर्थ सिर्फ़ कवि की मंशा या इरादे तक सीमित नहीं रहता; पाठक अपने अनुभवों और संदर्भों के आधार पर इसे नए अर्थ देता है। इस तरह ‘दोस्त’ कविता एक ‘रीडरली’ (readerly) पाठ से आगे बढ़कर ‘राइटरली’ (writerly) पाठ बन जाती है, जहाँ पाठक भी अर्थ-निर्माण में सक्रिय सहभागी होता है।
उल्लेखनीय है कि रोलां बार्थ द्वारा प्रतिपादित ‘रीडरली’ (Lisible) और ‘राइटरली’ (Scriptible) पाठ की अवधारणा साहित्य में पाठक की भूमिका और अर्थ-निर्माण की प्रक्रिया को समझने का एक आधारभूत ढांचा प्रदान करती है। ‘रीडरली’ पाठ वह पारंपरिक रचना है जहाँ अर्थ पहले से ही स्थिर और पारदर्शी होता है, जिसके परिणामस्वरूप पाठक केवल एक निष्क्रिय ‘उपभोक्ता’ की भूमिका निभाता है और लेखक द्वारा परोसे गए संदेश को ज्यों का त्यों ग्रहण कर लेता है। इसके विपरीत, ‘राइटरली’ पाठ एक जटिल और बहुआयामी संरचना है जो पाठक को ‘सह-लेखक’ के स्तर पर प्रतिष्ठित करती है; यहाँ अर्थ स्पष्ट होने के बजाय संकेतों और रिक्त स्थानों में बिखरा होता है, जिन्हें पाठक अपनी कल्पना, चेतना और अनुभवों के माध्यम से सक्रिय रूप से जोड़ता है। इन दोनों के बीच का सूक्ष्म अंतर यह है कि जहाँ ‘रीडरली’ पाठ पाठक को बनी-बनाई वैचारिक दुनिया में आराम से विचरण करने की सुविधा देता है, वहीं ‘राइटरली’ पाठ पाठक की बौद्धिक सक्रियता की मांग करता है और उसे अर्थ की विविधता खोजने के लिए उकसाता है, जिससे एक ही रचना हर पाठक के लिए एक नया और मौलिक अनुभव बन जाती है।
बार्थ की शब्दावली में कहें,तो अरुण कमल की ‘दोस्त’ कविता एक ‘राइटरली’ (writerly) पाठ है, क्योंकि इस कविता में अर्थ किसी एक बिंदु पर स्थिर नहीं है; यह लगातार बदलता और पुननिर्मित होता रहता है। लेखक ने बिम्बों और प्रतीकों को इस तरह बुना है कि पाठक उन्हें अपने अनुभवों के आधार पर अलग-अलग अर्थ दे सकता है। कविता में जो कहा गया है, उससे ज्यादा महत्त्वपूर्ण वह जो अनकहा या ‘मौन’ रह गया है। यह मौन पाठक के लिए एक ऐसा स्थान (space) छोड़ता है जहाँ वह अपनी व्याख्याएँ भर सकता है। संक्षेप में, यह कविता पाठक को एक “व्याख्यात्मक यात्रा” पर ले जाती है, जहाँ हर अर्थ के भीतर एक नया प्रश्न छिपा होता है, और यही इसे एक उत्कृष्ट ‘राइटरली’ पाठ बनाता है। यह पाठक को केवल एक निष्क्रिय ‘आस्वादक’ नहीं रहने देती, बल्कि उसे अर्थ-निर्माण की प्रक्रिया में एक सक्रिय ‘सह-लेखक’ बना देती है।
दूसरे शब्दों में, उत्तर-संरचनावादी दृष्टि से इस कविता की प्रदत्त संरचना अपनी स्थिरता खोने लगती है और इसका अर्थ बहुल, अस्थिर और निरंतर टलता हुआ दिखाई देता है। ऐसे में ‘दोस्त’ का अर्थ किसी एक परिभाषा में बाँधा नहीं जा सकता । उसका ‘संकेतक’ (signifier) लगातार सरकता है, उसका संकेतित (signified) स्थिर नहीं रहता। । कविता में प्रयुक्त बिंब —“शहद का ओस का रिश्ता”, “बबूल की गोंद”, “रस्सी के सूत”—भी किसी एक निश्चित अर्थ की ओर संकेत नहीं करते; वे एक साथ कोमलता और दृढ़ता, कोमलता और बंधन, अलगाव और एकता—इन सभी संभावनाओं को खोलते हैं। यहाँ अर्थ किसी एक दिशा में बंद नहीं होता, बल्कि बहुविकल्पी और तरल बना रहता है।
ऐसे में ‘दोस्त’ कविता को एक ऐसी पाठ-रचना के रूप में देखा जा सकता है जो अपने ही दावों को लगातार विस्तृत और विखंडित करती चलती है। संरचनावाद जहाँ इसके भीतर छिपे अर्थ-तंत्र और संबंधों की व्यवस्था को सामने लाता है, वहीं उत्तर-संरचनावाद यह दिखाता है कि वही तंत्र अर्थ को अंतिम रूप से स्थिर नहीं कर पाता। नतीजतन, कविता एक खुली संरचना बन जाती है—जहाँ ‘दोस्त’ कोई निश्चित सत्ता नहीं, बल्कि अर्थ-निर्माण की एक गतिशील प्रक्रिया है, जो हर पठन में नए सिरे से गठित होती है।
दूसरे शब्दों में, संरचनावाद जहाँ कविता के भीतर अर्थ के संगठन और उसके नियमों को उजागर करता है, वहीं उत्तर-संरचनावाद उन नियमों की अस्थिरता और अर्थ की अनंत संभावनाओं को सामने लाता है। ‘दोस्त’ कविता इन दोनों दृष्टियों के बीच एक जीवित पाठ की तरह उपस्थित होती है—जहाँ अर्थ न तो पूरी तरह तय है, न पूरी तरह विखंडित, बल्कि निरंतर बनता-बिगड़ता, खुलता और फैलता रहता है।
‘दोस्त’ कविता को अंतर्पाठीयता (intertextuality) के संदर्भ में देखें तो यह स्पष्ट होता है कि यह रचना किसी एक स्वतंत्र भाव या अनुभव की इकाई नहीं, बल्कि भारतीय और आधुनिक काव्य-परंपरा के भीतर गुँथी हुई एक जीवित संवाद-प्रक्रिया है। जूलिया क्रिस्तेवा (Julia Kristeva) के अनुसार कोई भी पाठ अपने आप में पूर्ण और स्वायत्त नहीं होता; वह हमेशा अन्य पाठों के “संवादात्मक जाल” में स्थित होता है, जहाँ अर्थ पहले से मौजूद उद्धरणों, संकेतों और सांस्कृतिक स्मृतियों के साथ अंतःक्रिया में निर्मित होता है।बख्तिन की शब्दावली में कहें ,तो ‘दोस्त’ कविता इसी अर्थ में एक बहु-स्वरीय पाठ (पोलिफोनिक टेक्स्ट) है, जहाँ मित्रता का भाव केवल कवि का निजी अनुभव नहीं रह जाता, बल्कि संस्कृत महाकाव्यों से लेकर आधुनिक हिंदी कविता तक फैली एक लंबी वैचारिक परंपरा के साथ संवाद करता प्रतीत होता है।
अपनी एक अन्य कविता में अरुण कमल कहते हैं:
अभागा है वह
जिसका कहीं कोई इंतज़ार नहीं करता
उससे भी अभागा है वह
जो इंतज़ार करते दोस्त को छोड़
आगे बढ़ जाता है
इन पंक्तियों से गुज़रते हुए याद आते हैं भर्तृहरि, जिन्होंने मित्रहीन व्यक्ति को अभागा कहा है ।अपने प्रसिद्ध ग्रंथ ‘नीतिशतकम्’ में शार्दूलविक्रीड़ित छन्द में रचित एक श्लोक में उन्होंने मित्रता के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए सच्चे मित्र के गुण बताते हुए संकेत दिया है कि ऐसा मित्र पाना सौभाग्य है। इसके अभाव में जीवन रिक्त है:
पापान्निवारयति योजयते हिताय,
गुह्यं निगूहति गुणान् प्रकटीकरोति ।
आपद्गतं च न जहाति ददाति काले,
सन्मित्रलक्षणमिदं प्रवदन्ति सन्तः ॥
(वह मित्र को पाप (गलत रास्ते) से रोकता है।उसे हितकारी (अच्छे) कार्यों में लगाता है।उसकी गुप्त बातों (कमियों) को छिपाता है।उसके गुणों को प्रकट करता है (दूसरों के सामने प्रशंसा करता है)।विपत्ति के समय साथ नहीं छोड़ता और आवश्यकता पड़ने पर सहायता देता है।)
भर्तृहरि के अनुसार, संसार में धन, पद और ऐश्वर्य तो मिल सकते हैं, लेकिन एक ‘सन्मित्र’ का मिलना अत्यंत कठिन है। नीतिशतक के अन्य प्रसंगों में वे कहते हैं कि जिसके पास सत्संगति और सच्चे मित्र नहीं हैं, उसका विवेक नष्ट हो जाता है और विवेकहीन व्यक्ति का पतन सौ प्रकार से होता है—यही उसके ‘अभागा’ होने का प्रमाण है।
वे यह भी स्पष्ट करते हैं कि जो व्यक्ति स्वार्थ के लिए मित्रता करता है, वह मित्र नहीं बल्कि केवल समय काटने का साथी है। वास्तविक “अभागा” वह है जिसे जीवन की धूप में ‘मित्र’ रूपी छाया प्राप्त नहीं होती। ‘सज्जनों की मित्रता’ की तुलना दिन की छाया से करता है।भर्तृहरि ने बताया है कि दुष्ट और श्रेष्ठ मित्र की मित्रता की “छाया” में क्या अंतर है:
आरम्भगुर्वी क्षयिणी क्रमेण, लघ्वी पुरा वृद्धिमती च पश्चात् ।
दिनस्य पूर्वार्धपरार्धभिन्ना, छायेव मैत्री खलसज्जनानाम् ॥
उनका मानना है कि जिस प्रकार सूर्य की छाया बदलती है, वैसे ही मित्रता भी होती है: खल (दुष्ट) की मित्रता दोपहर से पहले (पूर्वार्ध) की छाया जैसी होती है—शुरुआत में बहुत लंबी (गहरी) दिखती है, लेकिन धीरे-धीरे घटती जाती है और अंत में समाप्त हो जाती है।सज्जन (श्रेष्ठ मित्र) की मित्रता दोपहर के बाद (परार्ध) की छाया जैसी होती है—शुरुआत में छोटी होती है, लेकिन धीरे-धीरे बढ़ती जाती है और अंत तक साथ रहती है।)
महाभारतकार महर्षि व्यास ने लिखा है कि जो धर्म के अनुसार आचरण करते हुए संकट में पड़े मित्र की रक्षा करता है, वही सच्चा मित्र है और यही सच्ची मित्रता का लक्षण है:
आपद्गतं च यो मित्रं रक्षति धर्मसंहितः।
स मित्रं सर्वकालेषु स भवेत् सख्यलक्षणः॥
यह छंद आदर्श मैत्री की परिभाषा प्रस्तुत करता है, जहाँ ‘धर्म’ उसका नियामक तत्त्व है। ‘रामचरितमानस’ में तुलसीदास की अनेक चौपाइयों में यह भाव और अधिक भावनात्मक और नैतिक गहराई प्राप्त करता है—“जे न मित्र दुःख होहिं दुखारी…” से शुरू होनेवाली चौपाई में मित्र के दुख के प्रति संवेदनशील होना ही मैत्री संबंधों की श्रेष्ठता का मापदंड बताया गया है। नरोत्तम दास के ‘सुदामा चरित’ की “हाय! महादुख पायो सखा, तुम आए इतै न कितै दिन खोए”॥– सरीखी पंक्तियों में यह संबंध सामाजिक असमानता के बावजूद भावनात्मक समानता और आत्मीयता का रूप ले लेता है, जहाँ कृष्ण-सुदामा की मित्रता करुणा और स्मृति के स्तर पर अमर हो जाती है। ये सभी पाठ मिलकर मित्रता को एक नैतिक, भावनात्मक और सामाजिक आदर्श के रूप में स्थापित करते हैं, जो ‘दोस्त’ कविता के भीतर अप्रत्यक्ष रूप से सक्रिय रहते हैं।
इसी परंपरा के भीतर आधुनिक कविता—विशेषतः शमशेर बहादुर सिंह की पंक्ति “दोस्त जिनसे जिंदगी में मानी पैदा होते हैं”—एक निर्णायक मोड़ लाती है। यहाँ मित्रता किसी धार्मिक आदेश या नीतिगत सामाजिक आदर्श के बजाय अस्तित्वगत अर्थ-निर्माण की प्रक्रिया बन जाती है। ‘दोस्त’ कविता में अरुण कमल जब इस पंक्ति को उद्धृत करते हैं, तो वह केवल एक संदर्भ नहीं जोड़ते, बल्कि यह दिखाते हैं कि आधुनिक संवेदना किस तरह परंपरा के भीतर से अर्थ ग्रहण करती है और उसे पुनःसंगठित करती है। क्रिस्तेवा की शब्दावली में यह प्रक्रिया ‘इंटरटेक्स्टुअल मूवमेंट’ (intertextual movement) है, जहाँ हर नया पाठ पुराने पाठों को नष्ट नहीं करता, बल्कि उन्हें पुनः उच्चारित और नया अर्थ देता है।
अरुण कमल की ‘दोस्त’ कविता के साथ अगर किसी समकालीन विश्व-कवि की रचना की गंभीरता के साथ तुलना करनी हो, तो फ़्रांसीसी कवि इव बॉनफुआ (Yves Bonnefoy) की ‘द ट्रू प्लेस’ कविता ख़ास तौर पर प्रासंगिक प्रतीत होती है।
कवि-आलोचक अशोक वाजपेयी ने बॉनफुआ की कविताओं के संग्रह (‘साठ कविताएँ’) की भूमिका में फ्रांसीसी आलोचनात्मक परंपरा का सार प्रस्तुत करते हुए लिखा है कि बॉनफुआ की समूची काव्य-चेतना में ‘उपस्थिति’ (presence) की खोज केंद्रीय है—ऐसी उपस्थिति जो भाषा, प्रतीक और कल्पना के छलावरण को पार कर मनुष्य को मनुष्य के सामने वास्तविक रूप में उपस्थित करती है। बॉनफुआ पर सबसे प्रामाणिक आलोचनात्मक लेखन के लिए विख्यात अमेरिकी आलोचक जॉन टी. नॉटन ने अपनी पुस्तक “द पोएटिक्स ऑफ़ इव बॉनफुआ (The Poetics of Yves Bonnefoy) में लिखते हैं: “बॉनफुआ के लिए ‘उपस्थिति’ वह क्षण है जहाँ शब्द और अवधारणाएँ (Concepts) समाप्त हो जाती हैं और हम वास्तविकता के साथ सीधे संपर्क में होते हैं।” इसी प्रकार फ्रांसीसी आलोचक जीन-पियरे रिचर्ड ने बॉनफुआ की कविता को उपस्थिति की गहराई (On the Depth of Presence) के संदर्भ में देखा है। उनका तर्क है कि बॉनफुआ की कविता ‘छवियों’ (images) को नष्ट करती है ताकि ‘वस्तु’ (the thing itself) प्रकट हो सके। फ्रांसीसी आलोचना में इसे ‘तत्काल’ या ‘प्रत्यक्ष’ कहा गया है।
जाहिर है कि उनकी कविता “द ट्रू प्लेस” (The True Place) में यह आग्रह स्पष्ट रूप से उभरता है—
“सच्ची जगह वह है
जहाँ तुम दूसरे के सामने उपस्थित हो,
बिना किसी आवरण के,
जहाँ शब्द नहीं,
बल्कि मौन तुम्हें जोड़ता है।”
(“The true place is
where you are present before the other,
without any veil,
where it is not words
but silence that binds you.”)
यहाँ ‘सच्ची जगह’ कोई भौगोलिक जगह नहीं, बल्कि संबंध का वह क्षण है जहाँ व्यक्ति अपनी कृत्रिमताओं से मुक्त होकर दूसरे के सामने खड़ा होता है। बॉनफुआ के लिए भाषा कई बार वास्तविकता को ढँक देती है; इसलिए वह ‘मौन’ को अधिक विश्वसनीय मानते हैं, क्योंकि वही मनुष्य की सच्ची उपस्थिति को संभव बनाता है। यह दृष्टि आधुनिक जीवन की उस विडंबना के विरुद्ध खड़ी है, जहाँ शब्दों और संप्रेषण की अधिकता के बावजूद वास्तविक संवाद क्षीण होता जा रहा है।
अरुण कमल की ‘दोस्त’ कविता में भी मित्रता का अर्थ इसी प्रकार की निर्व्याज उपस्थिति से जुड़ा हुआ है, हालाँकि उसका रूप अधिक सामाजिक और अनुभवजन्य है। “कोई है जिसके मुंह पर झूठ न बोलूं” जैसी पंक्तियाँ बताती हैं कि मित्र का होना व्यक्ति के भीतर एक नैतिक पारदर्शिता की माँग करता है। यहाँ ‘उपस्थिति’ केवल शारीरिक निकटता नहीं, बल्कि एक ऐसी आंतरिक उपस्थिति है जो व्यक्ति को अपने आचरण के प्रति सजग और उत्तरदायी बनाती है। “जिसकी नज़र से गिरने का मतलब चौबीसवीं मंज़िल से गिरना”—यह अतिशयोक्तिपूर्ण बिंब इस नैतिक तीव्रता को व्यक्त करता है, जहाँ मित्र का मूल्यांकन किसी बाहरी दंड से अधिक गहरा प्रभाव डालता है।
दोनों कविताओं में एक महत्त्वपूर्ण समानता यह है कि वे संबंध को किसी औपचारिक या सामाजिक अनुबंध की तरह नहीं, बल्कि अस्तित्वगत अनुभव के रूप में देखती हैं। बॉनफुआ के यहाँ यह अनुभव अधिक अमूर्त और दार्शनिक है—वे उपस्थिति (presence) को लगभग एक आध्यात्मिक सत्य की तरह ग्रहण करते हैं। इसके विपरीत, अरुण कमल इस अनुभव को ठोस सामाजिक यथार्थ में स्थापित करते हैं। जूते चमकाने वाले बच्चों का प्रसंग इस बात का सशक्त उदाहरण है कि मित्रता केवल भाव नहीं, बल्कि व्यवहार में प्रकट होने वाली साझेदारी है—जहाँ एक बच्चा दूसरे को अपनी डिबिया से क्रीम देता है और दोनों साथ बैठकर भोजन करते हैं। यहाँ ‘मौन’ की जगह साझा क्रिया (shared action) ले लेती है, जो उतनी ही प्रभावशाली है जितनी बॉनफुआ का ‘मौन’।
फिर भी, दोनों कवियों के बीच एक सूक्ष्म अंतर बना रहता है। बॉनफुआ की चिंता मुख्यतः इस बात को लेकर है कि भाषा और प्रतीकात्मकता मनुष्य को वास्तविकता से दूर कर देती है; इसलिए वह एक ऐसे क्षण की तलाश में हैं जहाँ ‘होना’ (being) भाषा से अधिक महत्त्वपूर्ण हो। अरुण कमल के यहाँ भाषा कोई बाधा नहीं बनती, बल्कि वही माध्यम है जिसके जरिए अनुभव अपनी तीव्रता प्राप्त करता है। उनकी कविता में बोलचाल की सादगी के भीतर जो नैतिक गहराई है, वह यह दिखाती है कि सही भाषा स्वयं भी ‘उपस्थिति’ (presence) का वाहक बन सकती है।
इन दोनों दृष्टियों को साथ रखकर देखें तो यह स्पष्ट होता है कि समकालीन विश्व-कविता में मानवीय संबंधों की प्रामाणिकता को बचाये रखने की एक साझा चिंता मौजूद है। एक ओर बॉनफुआ भाषा और प्रतीकों के पार जाकर‘सच्चे स्थान’ की खोज करते हैं, वहीं दूसरी ओर अरुण कमल सामाजिक यथार्थ के भीतर ही उस ‘सच्चे संबंध’ को पहचानते हैं। दोनों ही सतही, आडंबरपूर्ण और आभासी संबंधों के विरुद्ध खड़े हैं और एक ऐसी आत्मीयता का प्रस्ताव करते हैं, जो जोखिम, ईमानदारी और आत्म-उद्घाटन पर आधारित है।
इस तुलनात्मक परिप्रेक्ष्य में ‘दोस्त’ कविता केवल भारतीय सामाजिक संदर्भ तक सीमित नहीं रहती, बल्कि वह एक व्यापक वैश्विक संवेदना से जुड़ जाती है। यह कविता हमें यह समझने की दिशा में ले जाती है कि सच्ची मित्रता किसी सांस्कृतिक सीमा में बंधी हुई नहीं, बल्कि एक सार्वभौमिक मानवीय आकांक्षा है—ऐसी आकांक्षा, जो हर समय और हर समाज में मनुष्य को उसके सबसे वास्तविक, सबसे ईमानदार रूप में स्थापित करने की कोशिश करती है।
वस्तुत: ‘दोस्त’ कविता एक बहुस्तरीय अंतर्पाठीय संरचना है, जहाँ व्यास एवं भर्तृहरि की नैतिकता, तुलसीदास की भावनात्मक तीव्रता, नरोत्तम दास की करुण आत्मीयता और शमशेर की आधुनिक अस्तित्ववादी संवेदना और इव बॉनफुआ का अस्तित्वगत अनुभव एक साथ सक्रिय हैं। रोलां बार्थ (Roland Barthes) के ‘लेखक की मृत्यु’ (death of the author) के सिद्धांत के अनुसार, यहाँ कवि का एकल अर्थ निर्णायक नहीं रहता; अर्थ साहित्य-परम्परा में मौजूद ऐसे सभी पूर्व-पाठों और पाठक की सक्रिय सहभागिता से निर्मित होता है। मिखाइल बाख्तिन (Mikhail Bakhtin) की संवादधर्मिता (dialogism) की दृष्टि से भी यह कविता एक ऐसा क्षेत्र बन जाती है जहाँ विभिन्न ऐतिहासिक और वैचारिक आवाज़ें (Polyphonies) एक साथ उपस्थित होकर अर्थ को निरंतर गतिशील बनाए रखती हैं।
याद रहे कि कविता में बहुध्वन्यात्मकता (Polyphony) का अर्थ एक ऐसी रचना से है जहाँ कवि की अपनी आवाज़ के बजाय कई अलग-अलग और स्वतंत्र स्वर सुनाई देते हैं। इसमें कविता किसी एक व्यक्ति का ‘एकालाप’ (monologue) न रहकर विभिन्न दृष्टिकोणों, सामाजिक बोलियों और ऐतिहासिक संदर्भों का एक संगम बन जाती है। जब एक ही कविता में अलग-अलग विचारधाराएँ या पात्र एक-दूसरे से टकराते हैं, तो वह पाठकों को वास्तविकता के विविध आयामों से जोड़ती है। इस प्रकार, कविता का अर्थ किसी एक संदेश में नहीं, बल्कि इन विभिन्न आवाजों के बीच होने वाले आपसी संवाद और खिंचाव में छिपा होता है।
अरुण कमल की ‘दोस्त’ में भी बहुध्वान्यात्मकता (Polyphony) है जिसकी वजह से यह सिर्फ़ दोस्ती पर रचित कविता के बजाय भारतीय और आधुनिक काव्य-परंपरा के बीच एक जीवंत संवाद बन जाती है, जहाँ हर नया पाठ पहले से मौजूद अर्थों को पुनः पढ़ता, पुनः रचता और पुनः अनुभव करता है।
ऐसे में ‘दोस्त’ केवल मित्रता की कविता नहीं रह जाती, बल्कि भारतीय और आधुनिक काव्य-परंपरा के बीच एक जीवित संवाद बन जाती है, जहाँ हर नया पाठ पहले से मौजूद अर्थों को पुनः पढ़ता, पुनः रचता और पुनः अनुभव करता है।
इस कविता को यदि जेरार जेनेट (Gérard Genette) की ‘ट्रांस्टेक्स्चुअलिटी (transtextuality)’ की अवधारणा के आलोक में पढ़ें, तो यह स्पष्ट होता है कि यह रचना अपने अर्थ को किसी एक सीमित पाठीय दायरे में नहीं, बल्कि अनेक पूर्ववर्ती और समकालीन पाठों के जटिल संबंध-जाल में प्राप्त करती है। जाहिर है कि कविता में मित्रता की जो धारणा निर्मित होती है, वह केवल कवि के निजी अनुभव से नहीं आती, बल्कि संस्कृत महाकाव्यों की नैतिक परंपरा, भक्तिकाव्य की भावनात्मक तीव्रता, और आधुनिक हिंदी कविता की अस्तित्ववादी संवेदना के साथ सतत संवाद में बनती है। यह संवाद कहीं प्रत्यक्ष उद्धरण के रूप में सामने आता है, जैसे शमशेर बहादुर सिंह की पंक्ति—“दोस्त जिनसे जिंदगी में मानी पैदा होते हैं”—का सम्मिलन, जो कविता में स्पष्ट रूप से उद्धृत होकर एक नए अर्थ-परिप्रेक्ष्य का निर्माण करता है। वहीं अन्य स्तरों पर यह संबंध संकेतात्मक है, जहाँ ‘आपद्गत मित्र की रक्षा’ या ‘मित्र के दुःख में सहभागी होना’ जैसे पारंपरिक काव्य-आदर्श प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित न होकर भी कविता की नैतिक संरचना में गूँजते रहते हैं।
इस प्रकार यह कविता एक ऐसे पाठ के रूप में उभरती है जो न तो अपने स्रोतों को मिटाती है और न ही उनसे स्वतंत्र होने का दावा करती है, बल्कि उन्हें पुनःसंगठित कर एक नई अर्थ-रचना प्रस्तुत करती है। जेनेट के अनुसार अंतर्पाठीयता (intertextuality) इसी व्यापक ट्रांस्टेक्स्चुअल ढाँचे का एक स्तर है, जहाँ एक पाठ दूसरे पाठ की उपस्थिति को अपने भीतर समाहित कर लेता है—और ‘दोस्त’ कविता में यह प्रक्रिया निरंतर सक्रिय दिखाई देती है। परिणामस्वरूप, यह कविता एक स्थिर अर्थ वाली रचना न रहकर एक ऐसा ‘खुला पाठ’ बन जाती है, जिसमें परंपरा और आधुनिकता, स्मृति और अनुभव, तथा पूर्व-पाठ और वर्तमान पाठ एक साथ अर्थ-निर्माण की सतत प्रक्रिया में भाग लेते हैं।
अरुण कमल की कविता ‘दोस्त’ की सार्थकता को आज के ‘आभासी मित्रता’ के दौर में समाजशास्त्रीय और मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से गहराई से परखना ज़रूरी है। आज जिसे हम ‘आभासी मित्रता’ (वर्चुअल फ्रेंडशिप) कहते हैं, वह असल में मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और इंटरनेट के जरिए बना एक ऐसा संपर्क है जिसमें आमने-सामने की मौजूदगी का अभाव होता है। लोग चैट, लाइक, फोटो और वीडियो के जरिए एक-दूसरे से जुड़े तो रहते हैं, लेकिन उनके पास साझा करने के लिए न तो कोई ठोस अनुभव होता है और न ही वे एक-दूसरे के लिए कोई समय देते हैं । पहली नज़र में ये रिश्ते बड़े लुभावने और आसान लगते हैं,क्योंकि यहाँ आप खुद को सजा-संवार कर पेश कर सकते हैं, असहज स्थितियों से बच सकते हैं और जब चाहें अपनी मर्जी से रिश्ता तोड़ सकते हैं। लेकिन यही आसानी धीरे-धीरे एक जाल बन जाती है। बिना जवाबदेही, समय और भावनात्मक निवेश के, इन रिश्तों में वह गहराई और भरोसा पैदा नहीं हो पाता जो किसी भी स्थाई संबंध की बुनियाद होती है। सच तो यह है कि हर ‘कनेक्शन’ दोस्ती नहीं होता और हर संवाद आत्मीयता पैदा नहीं करता।
याद रहे कि आभासी मित्रता का यह बढ़ता चलन केवल तकनीकी प्रगति का परिणाम नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज में आ रहे बुनियादी बदलावों का आईना भी है। संयुक्त परिवार, पड़ोस का मेल-जोल और पुराने सामाजिक बंधन अब कमजोर पड़ रहे हैं, जिससे व्यक्ति खुद को अकेला और असुरक्षित महसूस करने लगा है। ऐसे में डिजिटल प्लेटफॉर्म एक ‘सुरक्षित’ विकल्प की तरह दिखते हैं, जहाँ हम अपनी पहचान को मनचाहा आकार दे सकते हैं और विवादों से बच सकते हैं। ‘नेटवर्क सोसाइटी’ पर विचार करने वाले समाजशास्त्री मैनुअल कैस्टेल्स के अनुसार, आज का जीवन गहराई के बजाय केवल ‘दिखने’ और जुड़ाव को अधिक महत्त्व देता है। मनोवैज्ञानिक तौर पर यह प्रवृत्ति ‘त्वरित संतुष्टि’ की संस्कृति से जुड़ी है, जहाँ लाइक और कमेंट्स से मिलने वाला क्षणिक सुख हमारे धैर्य को खत्म कर रहा है और हम असल जिंदगी के उन रिश्तों के लिए वक्त नहीं निकाल पाते जो थोड़े कठिन और धीमे होते हैं। “टूगेदर अलोन” (Together Alone) पुस्तक के लेखक शेरी टर्कल ने ठीक ही कहा है कि तकनीक ने हमें “साथ होते हुए भी अकेला” कर दिया है, जबकि ज़िगमुंट बॉमन आधुनिक रिश्तों को ‘तरल प्रेम’ की संज्ञा देते हैं—ऐसे रिश्ते जो बेहद नाजुक हैं और जिनमें स्थायित्व की भारी कमी है।
आज हमारे सोशल मीडिया पर अनगिनत ऐसे ‘दोस्त’ होते हैं जिन्हें हम व्यक्तिगत रूप से जानते तक नहीं। यह देखना विडंबनापूर्ण है कि जब ये तथाकथित दोस्त असल जिंदगी में मिलते हैं, तो अक्सर एक-दूसरे को पहचानने या बात करने तक से कतराते हैं, जब तक कि कोई निजी स्वार्थ न जुड़ा हो। कभी-कभी तो वे एक-दूसरे को शक की निगाह से देखते हैं। इस लिहाज से, सोशल मीडिया की यह ‘दोस्ती’ महज एक भ्रम या मिथ्या चेतना है, जिसका यथार्थ से कोई लेना-देना नहीं। इस विचित्र स्थिति पर निराला की ये पंक्तियाँ सटीक बैठती हैं:
भर गया है ज़हर से संसार जैसे हार खाकर
देखते हैं लोग लोगों को सही परिचय न पाकर
इसी तरह फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ का वह मशहूर शेर भी याद आता है जिसमें वे कहते हैं कि
इतनी औपचारिकताओं और भेंट-मुलाकातों के बावजूद हम अजनबी ही रहे, न जाने और कितनी मुलाकातों के बाद हम वाकई एक-दूसरे को जान पाएंगे:
हम तो ठहरे अजनबी कितनी मदारातों के बाद
कब बनेंगे आशना कितनी मुलाक़ातों के बाद
आभासी संवाद (virtual interaction) का एक विशेष रूप से चिंताजनक पक्ष यह है कि यह भावनात्मक आत्मीयता को सतही, और यहाँ तक कि यांत्रिक और कामुक आदान-प्रदान तक सीमित कर देता है। यह स्थिति विशेष रूप से उन उपयोगकर्ताओं में अधिक देखी जा रही है जो ‘एआई (AI) आधारित मित्रता’ के जाल में उलझे हैं, जहाँ उनका संबंध किसी जीवित मनुष्य से नहीं, बल्कि एक एल्गोरिदम (प्रणाली) से होता है। सामान्य डिजिटल संचार में भी, जब बातचीत केवल स्क्रीन और शब्दों तक सिमट जाती है, तो उसमें मानवीय उपस्थिति की वह सघनता नहीं रह पाती जो स्पर्श के बोध, संकोच की कोमलता और आपसी उत्तरदायित्व की गहराई से निर्मित होती है।
इन विचित्र स्थितियों में रिश्तों के यांत्रिक होने और वास्तविक अनुभूतियों के बजाय कृत्रिम कल्पनाओं से संचालित होने का गंभीर खतरा बना रहता है। समय के साथ, इस तरह के बनावटी उत्तेजकों (artificial stimulation) पर निर्भरता वास्तविक जीवन की जटिलताओं के प्रति एक गहरा असंतोष पैदा कर सकती है। इसका दुष्परिणाम एक प्रकार की ‘भावनात्मक नपुंसकता’ के रूप में सामने आता है—यह कोई जैविक विफलता नहीं, बल्कि गहरे, संतुलित और सम्मानजनक संबंध विकसित करने की एक क्षीण होती मनोवैज्ञानिक क्षमता है। नतीजतन, व्यक्तियों के बीच स्वस्थ और पारस्परिक संवेदनशीलता पर टिके रिश्तों की बुनियाद कमजोर हो जाती है, और उनका स्थान एक ऐसा ‘तरल प्रेम’ (liquid love) ले लेता है जिसका इस डिजिटल शून्य से बाहर अस्तित्व बचा पाना अत्यंत कठिन है।
इस पृष्ठभूमि में अरुण कमल की कविता ‘दोस्त’ की अहमियत और बढ़ जाती है। यह कविता दोस्ती को उसकी खोई हुई गरिमा और गंभीरता वापस लौटाती है। यहाँ दोस्त कोई ‘सुविधाजनक संपर्क’ नहीं है, बल्कि एक नैतिक उपस्थिति है—एक ऐसा इंसान जिसके सामने आप झूठ नहीं बोल सकते और जो संकट के समय आपके साथ केवल वर्चुअली नहीं, बल्कि हकीकत में खड़ा होता है। जूते पॉलिश करने वाले उन दो बच्चों का उदाहरण, जो अपनी घोर गरीबी के बावजूद अपनी रोटी और संसाधन साझा करते हैं, यह संदेश देता है कि सच्ची मित्रता साझा संघर्ष और आपसी देखभाल की बुनियाद पर टिकी होती है। अंततः, यह कविता हमारे समय की सबसे बड़ी चुनौती की ओर इशारा करती है जिसके तहत हम खुद से सवाल कर सकते हैं कि हम वाकई किसी से जुड़े हैं, या बस तकनीकी रूप से जुड़े होने का ढोंग कर रहे हैं।
‘दोस्त’ कविता को समग्रता में देखने पर यह तथ्य उभरकर सामने आता है कि मित्रता यहाँ किसी स्थिर परिभाषा या भावनात्मक आदर्श तक सीमित रहने के बजाय मनुष्य के नैतिक आत्म-संस्कार की निरंतर प्रक्रिया के रूप में उपस्थित होती है। कविता यह दिखाती है कि संबंधों का सबसे गहरा रूप वही है जो व्यक्ति को अपने ही व्यवहार, चयन और संवेदना के प्रति अधिक सजग बनाता है। इस सजगता में ही वह मानवीय संभावना छिपी है, जो व्यक्ति को सामाजिक विखंडन और आत्मिक अकेलेपन के बीच भी एक अर्थपूर्ण अस्तित्व प्रदान करती है। इस दृष्टि से ‘दोस्त’ एक ऐसी काव्यात्मक संरचना बन जाती है जो पाठक को केवल भावनात्मक रूप से नहीं, बल्कि चिंतन के स्तर पर भी सक्रिय करती है और उसे अपने समय तथा संबंधों के पुनर्विचार के लिए प्रेरित करती है। इत्यलम् ।
सन्दर्भ:
- अरुण कमल. ‘दोस्त’ (कविता).’नये इलाक़े में’.वाणी प्रकाशन.दिल्ली
- तुलसीदास. रामचरितमानस,गीता प्रेस, गोरखपुर
- निराला,सूर्यकांत त्रिपाठी. राग विराग.(संपादक:रामविलास शर्मा) राजकमल प्रकाशन,दिल्ली
- नरोत्तमदास.सुदामाचरित संपादन रामानन्द शर्मा.पुलकित प्रकाशन, 2019
- फैज़ अहमद फैज़. प्रतिनिधि कविताएँ. राजकमल प्रकाशन.दिल्ली
- भर्तृहरि.नीतिशतकम,अनवाद,डी.डी.कोसंबी .मोतीलाल बनारसीदास, 2000 (पुनर्प्रकाशन ).
- व्यास.महाभारत. भंडारकर ओरिएण्टल रिसर्च इंस्टीच्यूट, पुणे
- सिंह,शमशेर बहादुर. “अमन का राग’, प्रतिनिधि कविताएँ, राजकमल पेपरबैक्स. दिल्ली
- Western Theoretical and Critical Works :
- Bauman, Zygmunt. ‘Liquid Love: On the Frailty of Human Bonds’. Polity Press, 2003.
- Bakhtin, Mikhail. ‘The Dialogic Imagination: Four Essays’. Edited by Michael Holquist, translated by Caryl Emerson and Michael Holquist, University of Texas Press, 1981.
- Barthes, Roland. “The Death of the Author.” ‘Image–Music–Tex’, translated by Stephen Heath, Hill and Wang, 1977, pp. 142–48.
- Castells, Manuel. ‘The Rise of the Network Society’. 2nd ed., Wiley-Blackwell, 2010.
- Coleridge, Samuel Taylor, and William Wordsworth. ‘Lyrical Ballads’. Edited by R. L. Brett and A. R. Jones, 2nd ed., Routledge, 1991.
- Derrida, Jacques. “Différance.” ‘Margins of Philosophy’, translated by Alan Bass, University of Chicago Press, 1982, pp. 1–27.
- Eliot, T. S. “Hamlet and His Problems.” ‘The Sacred Wood: Essays on Poetry and Criticism’, Methuen, 1920.
- Genette, Gérard. ‘Palimpsests: Literature in the Second Degree’. Translated by Channa Newman and Claude Doubinsky, University of Nebraska Press, 1997.
- Kristeva, Julia. “Word, Dialogue and Novel.” ‘Desire in Language: A Semiotic Approach to Literature and Art’, edited by Leon S. Roudiez, translated by Thomas Gora et al., Columbia University Press, 1980, pp. 64–91.
- Lévi-Strauss, Claude. ‘Structural Anthropology’. Translated by Claire Jacobson and Brooke Grundfest Schoepf, Basic Books, 1963.
- Saussure, Ferdinand de. ‘Course in General Linguistics’. Edited by Charles Bally and Albert Sechehaye, translated by Wade Baskin, McGraw-Hill, 1966.
- Sartre, Jean-Paul. ‘No Exit and Three Other Plays’. Vintage Books, 1989.
- Shamsher Bahadur Singh. ‘Chukā Bhī Hū̃ Maĩ Nahī̃’. Pahala Saṃskaraṇa, 2019. (“Aman kā Rāg.”)
- Turkle, Sherry. ‘Alone Together: Why We Expect More from Technology and Less from Each Other’. Basic Books, 2011.
- Wordsworth, William. “Preface to Lyrical Ballads.” ‘Lyrical Ballads’, edited by R. L. Brett and A. R. Jones, 2nd ed., Routledge, 1991.

रवि रंजन
जन्म : 1962, मुज़फ्फ़रपुर,बिहार
शिक्षा : पी-एच.डी.
रूचि के क्षेत्र : भक्तिकाव्य, आधुनिक हिन्दी कविता, आलोचना, साहित्य का समाजशास्त्र,
प्रकाशित कृतियाँ : ‘नवगीत का विकास और राजेंद्र प्रसाद सिंह’, ‘प्रगतिवादी कविता में वस्तु और रूप’, ‘सृजन और समीक्षा:विविध आयाम’, ‘भक्तिकाव्य का समाजशास्त्र पदमावत’, ‘अनमिल आखर’ , ‘आलोचना का आत्मसंघर्ष’ (सं) वाणी प्रकाशन,दिल्ली (2011), ‘साहित्य का समाजशास्त्र और सौंदर्यशास्त्र: व्यावहारिक परिदृश्य’ (2012),वाणी प्रकाशन, ‘वारसा डायरी’(2022), ‘लोकप्रिय हिन्दी कविता का समाजशास्त्र’(2026), वाणी प्रकाशन, दिल्ली
विभिन्न साहित्यिक पत्र-पत्रिकाओं में हिन्दी एवं अंग्रेज़ी में सौ से अधिक आलेख प्रकाशित.
राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में भागीदारी.
‘वारसा डायरी’ के लिए ‘जयपुर साहित्य सम्मान (2023)
प्रतिनियुक्ति : 2005 से 2008 तक सेंटर फॉर इंडिया स्टडीज़, पेकिंग विश्वविद्यालय,बीजिंग एवं नवम्बर 2015 से सितम्बर 2018 तक वारसा विश्वविद्यालय,पोलैंड में भारतीय सांस्कृतिक सम्बन्ध परिषद् द्वारा स्थापित पीठ (चेयर ) पर विजिटिंग प्रोफ़ेसर
प्रोफ़ेसर एवं पूर्व-अध्यक्ष (सेवा निवृत्त), हिन्दी विभाग, मानविकी संकाय, हैदराबाद केन्द्रीय विश्वविद्यालय, हैदराबाद
ई.मेल. : raviranjan@uohyd.ac.in मो.9000606742
Discover more from रचना समय
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
